samacharsecretary.com

कलेक्टर का दौरा: निमधा आदिवासी छात्रावास में व्यवस्थाओं का लिया जायज़ा

गौरेला पेंड्रा मरवाही, कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने शनिवार को समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के शुभारंभ करने के दौरान आदिवासी बालक छात्रावास निमधा का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, भोजन, नाश्ता, अध्ययन-अध्यापन और ठंडक के मौसम को देखते हुए गर्म कपड़ों की व्यवस्था आदि की जानकारी ली। उन्होंने छात्रावास अधीक्षक जो मूल रूप से शिक्षक हैं, को अधीक्षकीय कार्य के अलावा अपने समबद्ध स्कूल में प्रतिदिन दो क्लास लेने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने छात्रावासी बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, खानपान एवं साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने कहा। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे भी उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ के विकास की खुलकर तारीफ: प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री साय की भूमिका बताई अहम

रायपुर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, हमारे जनजातीय समाज के विष्णु देव साय राज्य का कायाकल्प कर रहे हैं. यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की तारीफ करते हुए कही. गुजरात के नर्मदा में भगवान बिरसामुंडा की जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘आज देश की राष्ट्रपति एक आदिवासी महिला हैं. इसी तरह BJP-NDA ने हमेशा आदिवासी समाज के होनहार साथियों को शीर्ष पदों पर पहुंचाने का प्रयास किया है. आज छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, हमारे जनजातीय समाज के विष्णु देव साय राज्य का कायाकल्प कर रहे हैं.’ गुजरात के आदिवासी जिलों को दी सौगात इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के आदिवासी क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए 14 आदिवासी जिलों के लिए 250 बसों को हरी झंडी दिखाई. इस दौरान उन्होंने कहा, ‘मां नर्मदा की यह पावन धरती आज एक और ऐतिहासिक आयोजन की साक्षी बन रही है. अभी 31 अक्टूबर को हमने यहां सरदार पटेल की 150वीं जयंती मनाई थी.’ उन्होंने कहा कि हमारी एकता और विविधता को सेलिब्रेट करने के लिए भारत पर्व शुरू हुआ और आज भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के इस भव्य आयोजन के साथ हम भारत पर्व की पूर्णता के साक्षी बन रहे हैं. मैं इस पावन अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा को प्रणाम करता हूं.

भावांतर योजना में सोयाबीन का मॉडल रेट 4234 रुपए, सीएम डॉ. यादव ने दी बड़ी जानकारी

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भावांतर योजना 2025 के अंतर्गत सोयाबीन विक्रेता किसानों के लिए आज 16 नवंबर को रेकॉर्डेड 4234 रुपए प्रति क्विंटल का मॉडल रेट जारी हुआ है। यह मॉडल रेट उन किसानों के लिए है जिन्होंने अपनी सोयाबीन की उपज मंडी प्रांगणों में विक्रय की है। इस मॉडल रेट के आधार पर ही भावांतर की राशि की गणना की जाएगी। सोयाबीन के मॉडल रेट में लगातार वृद्धि जारी है। पहला मॉडल रेट 7 नवंबर को 4020 रुपए प्रति क्विंटल जारी किया गया था। इसी तरह 8 नवंबर को 4033 रुपए, 9 और 10 नवंबर को 4036 रुपए, 11 नवंबर को 4056 रुपए, 12 नवंबर को 4077 रुपए, 13 नवंबर को 4130 रुपए, 14 नवंबर को 4184 रुपए तथा 15 नवंबर को 4225 रुपए प्रति क्विंटल का मॉडल रेट जारी हुआ था।  

कवर्धा में धान उपार्जन की शुरुआत: पहले दिन 306.8 क्विंटल की खरीदी

सुचारू धान खरीदी के लिए शासन ने लगाया एस्मा, तीन समिति प्रबंधक बर्खास्त 108 समितियों में अधिकारियों को प्रभार कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देश पर सभी धान खरीदी केंद्र में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित कवर्धा, कबीरधाम ज़िले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए धान उपार्जन कार्य का शुभारंभ आज विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। उपार्जन के पहले दिन जिले में 306.8 क्विंटल धान की खरीदी संपन्न हुई। जिले के सभी धान खरीदी केन्द्रों में नाप-तौल की व्यवस्था, कांटा–बांट, पर्याप्त बारदाना, ड्रेनेज सिस्टम सहित आवश्यक सुविधाएँ सुनिश्चित की गई हैं, जिससे किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के कर्मचारियों की हड़ताल के कारण उपार्जन कार्य प्रभावित न हो, यह देखते हुए कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा द्वारा विशेष पहल की गई है। उन्होंने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत अन्य विभागों के अधिकारियों को समिति प्रबंधक का प्रभार सौंपा, ताकि धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू, पारदर्शी और समयबद्ध रूप से चलती रहे। इस व्यवस्था से किसानों को किसी भी प्रकार की बाधा के बिना अपनी उपज बेचने में सुविधा मिल रही है और जिले में धान उपार्जन कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।        कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने बताया कि कबीरधाम जिले की सभी 108 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों एवं उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी कार्य के संचालन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को प्रभार सौंपा गया है। इनमें ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, पटवारी, उप अभियंता, सहायक कार्यक्रम समन्वयक, करारोपण अधिकारी, बीपीएम, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, विकास विस्तार अधिकारी, मत्स्य निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जिले के किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं। प्रत्येक उपार्जन केन्द्र में अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। तीन समिति प्रबंधक बर्खास्त प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादा ज़िन्दा, सल्फी और सहसपुर लोहारा द्वारा 14 नवंबर 2025 को जारी आदेश में तीन सहकारी समिति प्रबंधक जिंदा श्री घनश्याम चन्द्रवंशी, सहसपुर लोहारा श्री गंगादास मानिकपुरी और चिल्फी श्री मनोज चन्द्राकर को अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने पर सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है।जारी आदेश के अनुसार संबंधित कर्मचारी को पूर्व में कार्यालयीन पत्र के माध्यम से तत्काल कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था, परंतु निर्धारित तिथि तक वह उपस्थित नहीं हुआ। इसके पश्चात अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत उसे कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था। कर्मचारी द्वारा न तो कार्यालय में उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण दिया गया और न ही कारण बताओ नोटिस का जवाब प्रस्तुत किया गया। इससे समिति के धान उपार्जन कार्य, ऋण वितरण, खाद एवं बीज वितरण जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियाँ प्रभावित हुईं और किसानों को असुविधाओं का सामना करना पड़ा। इस गंभीर कदाचार को ध्यान में रखते हुए बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए कि सेवा नियमों की कंडिका 16 के तहत लोकहित में व्यापक कार्य में बाधा डालने के कारण सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त किया गया शासन ने लगाया एस्मा, अनुपस्थिति पर सख्त कार्रवाई तय छत्तीसगढ़ सरकार ने धान खरीदी कार्य को किसी भी परिस्थिति में बाधित न होने देने के लिए बड़ा और कड़ा कदम उठाया है। धान खरीदी केंद्रों में कार्यरत सहकारी समितियों के कर्मचारियों की हड़ताल को देखते हुए सरकार ने एस्मा लागू कर दिया है। धान उपार्जन जैसे महत्वपूर्ण दायित्व को रोकना या प्रभावित करना किसानों के हितों पर सीधा असर डालता है। इसलिए इस हड़ताल को अवैध मानते हुए सभी कर्मचारियों को तत्काल कार्य पर लौटने के निर्देश जारी किए गए हैं। स्पष्ट किया है कि यदि हड़ताल पर गए कर्मचारी सोमवार तक अपनी ड्यूटी पर वापस नहीं लौटते, तो उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर मुख्यमंत्री साय ने दी शुभकामनाएँ

रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस 16 नवंबर के अवसर पर मीडिया जगत से जुड़े सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता हमारे लोकतंत्र की विशेषता और आधारशिला है। निष्पक्ष प्रेस और निर्भीक पत्रकारिता स्वस्थ लोकतंत्र के लिए आवश्यक है। मीडिया नागरिकों को उनके अधिकार और दायित्व के प्रति सचेत कर देशहित व लोकहित के प्रति जागरूक करता  है। मुख्यमंत्री  साय ने कहा कि भारतीय प्रेस दिवस भारत जैसे जीवंत लोकतंत्र में स्वतंत्र और निष्पक्ष प्रेस के महत्व और योगदान को याद करने का दिन है।   मुख्यमंत्री साय ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर आशा व्यक्त करते हुए कहा कि मीडिया अपनी प्रखरता, संवेदनशीलता और सत्यनिष्ठा के साथ लोकतंत्र के पथ को और अधिक प्रकाशमान करता रहेगा।

किसान हों सतर्क! हरियाणा में तेज़ मौसम बदलाव की चेतावनी, IMD ने दी अहम सलाह

हरियाणा  हरियाणा का मौसम ठंडा हो गया है। सुबह और शाम के समय ठंडी हवाएं चल रही हैं, जबकि रात का तापमान लगातार ही नीचे जा रहा है। एक सप्ताह पहले तक केवल करनाल, हिसार, महेंद्रगढ़ और नारनौल जैसे कुछ शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे था, लेकिन अब दर्जनभर शहरों में रातें और अधिक ठंडी होने लगी हैं।  आसमान में छाएंगे बादल  मौसम विभाग के मुताबिक 18 नवंबर तक प्रदेश में आसमान साफ़ और हवाएं सूखी रहेंगी, जिससे रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि 19 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ का हल्का असर देखने को मिलेगा, जिससे आसमान में बादल छाने की संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों के लिए जारी की चेतावनी  मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि गेहूं की बुवाई में अब देरी न करें और इसे जल्द पूरा कर लें। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि सरसों की फसल में इस मौसम में बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए किसान कृषि विशेषज्ञों की सलाह लेकर समय पर दवाइयों का छिड़काव करें।

सफलता की नई पहचान- पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय अभनपुर

रायपुर, रायपुर जिले में  अभनपुर  के  पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय छत्तीसगढ़ शासन की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था का उज्ज्वल उदाहरण बनकर उभर रहा है। विद्यालय द्वारा शैक्षणिक, सह-पाठ्यक्रम तथा अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए नई उपलब्धियाँ हासिल की हैं। शासन द्वारा संचालित सरस्वती सायकल योजना, मध्यान्ह भोजन, महतारी दुलार योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को मिल रहा है, जिससे उनके शैक्षणिक भविष्य को मजबूती मिली है।  आधुनिक अधोसंरचना और शैक्षणिक सुविधाएँ        विद्यालय में लगभग 5000 पुस्तकों से युक्त समृद्ध पुस्तकालय, पूर्ण सुसज्जित विज्ञान प्रयोगशाला तथा 25 कंप्यूटरों से सुसज्जित आधुनिक कंप्यूटर लैब उपलब्ध है। ये सुविधाएँ विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के साथ सीखने और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करती हैं। विद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं हरियाली पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिसके अंतर्गत कई पौधों का रोपण कर उनकी नियमित देखभाल की जाती है।  विशेषज्ञ एवं प्रशिक्षित शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका       विद्यालय में विषय विशेषज्ञ एवं प्रशिक्षित शिक्षक कार्यरत हैं, जो नियमित रूप से विभिन्न प्रशिक्षण, वेबिनार और कार्यशालाओं के माध्यम से अपनी शिक्षण पद्धतियों को और अधिक उन्नत करते रहते हैं। शिक्षकों की मेहनत, ईमानदारी और समर्पण से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा है। प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन        विद्यालय के विद्यार्थियों ने राज्य, जिला एवं संभाग स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में विद्यालय ने संभाग स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्केटिंग प्रतियोगिता 2025 में छात्र गगन देवांगन ने राज्य स्तरीय सफलता अर्जित कर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होकर विद्यालय को नई पहचान दिलाई। वहीं, NMMSE 2025 परीक्षा में रोशन वर्मा और हर्षा साहू ने प्रवीण्य सूची में स्थान प्राप्त किया। हाई स्कूल परीक्षा 2025 में छात्रा सुनीधि नेताम ने 93.3 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अनुसूचित जनजाति वर्ग मेरिट सूची में स्थान बनाकर विद्यालय को गौरवान्वित किया।  अधोसंरचना विकास में लगातार प्रगति        विद्यालय में विधायक मद से सांस्कृतिक मंच, चबूतरा निर्माण, वाटर कूलर स्थापना, पेयजल पाइप लाईन विस्तार, मध्यान्ह भोजन कक्ष का जीर्णाेद्धार तथा नए पुस्तकालय कक्ष का निर्माण निरंतर प्रगति पर है। बाउंड्रीवाल विस्तार का कार्य भी प्रस्तावित है।  सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से मिलता है समग्र अनुभव        विद्यालय में योग, संगीत, मॉडल निर्माण, पैरेंट्स-टीचर मीटिंग, परामर्श सत्र और परियोजना आधारित शिक्षण जैसी गतिविधियाँ नियमित रूप से संचालित की जाती हैं। विद्यार्थियों को ज्ञानवर्धन के लिए शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया। ग्रीष्मकाल में आयोजित समर कैंप में गीत, संगीत, पेंटिंग, ड्राइंग तथा पाक कला जैसे कई रचनात्मक क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया गया।  प्रगति की सतत यात्रा       पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, अभनपुर अपनी उत्कृष्टता, समर्पित शिक्षक, आधुनिक संसाधनों और सफल छात्रों के दम पर तेजी से शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। विद्यालय की यह उपलब्धियाँ इसे जिले ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य में एक आदर्श शिक्षण संस्थान के रूप में स्थापित कर रही है।

CM भगवंत मान पहुंचे अजनाला: बाढ़ प्रभावितों को दिए राहत चेक, सहायता जारी रखने का आश्वासन

चंडीगढ़  पंजाब की भगवंत मान सरकार ने अमृतसर जिले के अजनाला के भाला पिंड का दौरा किया था. यहां उन्होंने हाल ही में आई बाढ़ से कई परिवार प्रभावित से मुलाकात भी की थी. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस मौके पर बाढ़ पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता के रूप में राहत चेक वितरित किए. मान के साथ प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे. इस योजना का नाम ‘मिशन चढ़दीकला’ है जिसके तहत राहत राशि वितरित की गई थी. हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी भगवंत मान की सरकार सीएम भगवंत मान ने इस दौरान पंजाब के लोगों से कहा कि मान सरकार हर उस व्यक्ति के साथ खड़ी है जिसने प्राकृतिक आपदा के कारण नुकसान झेला है. भगवंत मान ने भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रभावित परिवार को सहायता से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा. सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत और पुनर्वास (rehabilitation) के सभी कार्यों को जल्दी से जल्दी पूरा किया जाए ताकि प्रभावित लोग एक बार फिर अपने सामान्य जीवन की ओर लौट सकें.   फसलों को हुआ था नुकसान मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मान सरकार ने पहले भी आपदाओं के समय लोगों के हित में ठोस कदम उठाए हैं और आगे भी जनता की भलाई के लिए किसी भी तरह की कमी नहीं छोड़ी जाएगी. उन्होंने कहा कि नुकसान का सही आकलन कर हर जरूरतमंद को पारदर्शी तरीके से वित्तीय मदद दी जाएगी. बता दें कि बरसात के दौरान रावी नदी में जलस्तर बढ़ने से अजनाला, रमदास और आसपास के गांवों में बाढ़ आ गई थी, जिससे कई किसानों की फसलें, घर और पशुधन को भारी नुकसान हुआ था. क्षतिग्रस्त हुई सड़कों-मार्गों का पुनर्निर्माण किया जाएगा भाला पिंड के लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उनके आने से उन्हें एक नई उम्मीद मिली है. सीएम ने गांव के हालात का जायजा लिया और राहत कार्यों की समीक्षा भी की थी. उन्होंने बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों, घरों और फसलों की मरम्मत के लिए भी प्रशासन को विशेष दिशा-निर्देश दिए है. सीएम भगवंत मान ने कहा कि ‘सरकार जनता की सरकार है और संकट के समय लोगों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा. हम हर परिवार तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.’ पंजाब सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए पंजाब के लोगों ने कहा कि भगवंत मान सरकार ने यह दिखाया है कि संवेदनशील नेतृत्व किस तरह जनता की परेशानियों में उनके साथ खड़ा रहता है. इस राहत अभियान से न सिर्फ प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहारा मिलेगा बल्कि पूरे प्रदेश में सरकार की जनसेवा के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है.  

धान खरीदी विवाद गर्माया: डिप्टी CM साव ने कांग्रेस की समिति को लेकर साधा निशाना

रायपुर राज्य में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो चुकी है और इसके साथ ही राजनीतिक बयानबाज़ी भी तेज हो गई है। धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रखने और किसानों की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस ने एक राज्यस्तरीय निगरानी समिति गठित की है। इस फैसले को उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने आड़े हाथों लेते हुए कांग्रेस पर किसानों को बोनस न देने, भुगतान में देरी करने और वादे पूरा न करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने बिहार चुनाव में कांग्रेस की हार का ज़िक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को ‘पनौती’ तक कह दिया। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस की निगरानी समिति बनाए जाने को लेकर कहा कि “कांग्रेस क्या निगरानी करेगी? वही कांग्रेस जिसने किसानों से बोनस का वादा किया था और कभी पूरा नहीं किया। किसानों को धान का पैसा चार-चार किस्तों में दिया गया। इनके वादों की विश्वसनीयता ही खत्म हो चुकी है।” साव ने बताया कि धान खरीदी के पहले दिन ही 20 हजार क्विंटल धान खरीदा गया है और सभी खरीद केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। बिहार चुनाव में कांग्रेस नेताओं की भूमिका पर भी सियासत अरुण साव यहीं नहीं रुके। उन्होंने बिहार चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी कटाक्ष करते हुए उन्हें ‘पनौती’ कहा। साव ने आरोप लगाया कि “जहां-जहां भूपेश बघेल प्रचार करने जाते हैं, वहां कांग्रेस की हार तय हो जाती है। बिहार में भी यही हुआ।” अरुण साव ने यह भी कहा कि “बिहार में जाकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नकारा नेताओं ने प्रचार किया था। जिन पर अपने राज्य में भरोसा नहीं, उन पर बिहार वाले कैसे भरोसा करेंगे? कांग्रेस के साथ सहयोगी दल भी डूब जाते हैं।” उन्होंने हाल ही में बेगूसराय में मछुआरा समुदाय से मुलाकात के दौरान राहुल गांधी के तालाब में कूदने वाले वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि “राहुल गांधी जहां डुबकी लगा दें, वहां से कांग्रेस का डूबना तय है।” साव ने यह भी दावा किया कि बिहार संगठन की मदद छत्तीसगढ़ BJP के नेताओं ने की, न कि कांग्रेस नेताओं ने जैसा कांग्रेस दावा कर रही है।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री से करेंगे मुलाकात, निवेश संगोष्ठी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में होंगे शामिल

भोपाल   आसियान देशों के उच्च स्तरीय राजनयिकों का प्रतिनिधिमंडल 18 से 20 नवंबर तक तीन दिवसीय भोपाल प्रवास के दौरान कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस भ्रमण का उद्देश्य मध्यप्रदेश और आसियान देशों के बीच आर्थिक, औद्योगिक, निवेश और सांस्कृतिक सहयोग को सुदृढ़ बनाना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव से भेंट में औद्योगिक सहयोग पर चर्चा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से प्रतिनिधिमंडल 18 नवंबर को भेंट करेंगा। बैठक राज्य सरकार के निवेश-अनुकूल वातावरण, औद्योगिक नीति और आसियान देशों के साथ साझेदारी को लेकर केंद्रित रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक परिदृश्य, आईटी, मैन्युफैक्चरिंग, एग्री-प्रोसेसिंग, पर्यटन और नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करेंगे। प्रतिनिधिमंडल प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित रात्रिभोज में शामिल होगा। जिसमें दोनों पक्षों के बीच आपसी सहयोग और आर्थिक संबंधों को सुदृढ़ करने पर चर्चा भी होगी। राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट और निवेश संगोष्ठी में सहभागिता राज्यपाल श्री मांगूभाई पटेल से प्रतिनिधिमंडल 19 नवंबर को शिष्टाचार भेंट करेगा। इसके बाद होटल कोर्टयार्ड मैरियट में ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट सेमिनार में शिरकत करेंगे। सेमिनार में राज्य के उद्योगपति, चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि और प्रमुख निवेशक शामिल होंगे। इसमें मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास, इन्फ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक नेटवर्क और निवेश-अनुकूल नीतियों की प्रस्तुति दी जाएगी। मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धि से होंगे रूबरू प्रतिनिधिमंडल अपने भ्रमण के दूसरे दिन 19 नवंबर को साँची और भीमबेटका जैसे यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल विश्व प्रसिद्ध स्थलों का भ्रमण करेगा। इससे उन्हें मध्यप्रदेश की प्राचीन सांस्कृतिक परंपरा, बौद्ध कला और ऐतिहासिक धरोहरों से परिचित होने का अवसर मिलेगा। भ्रमण के तीसरे दिन 20 नवंबर को प्रतिनिधिमंडल भोपाल स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय और जनजातीय संग्रहालय का भी अवलोकन करेगा। राज्य सरकार का यह प्रयास प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ के अनुरूप है, जिसके माध्यम से भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया के बीच आर्थिक, निवेश और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत किया जा रहा है। मध्यप्रदेश, अपनी रणनीतिक भौगोलिक स्थिति, मजबूत औद्योगिक आधार, निवेश-अनुकूल नीतियों और तेजी से विकसित होते बुनियादी ढांचे से आसियान देशों के लिए आकर्षक निवेश गंतव्य बनकर उभर रहा है। यह दौरा मध्यप्रदेश और आसियान देशों के बीच दीर्घकालीन सहयोग की दिशा में ठोस कदम साबित होगा और दोनों पक्षों के बीच औद्योगिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक साझेदारी को नई गति देगा। उल्लेखनीय है कि आसियान (एसोसिएशन ऑफ साउथ ईस्ट एशियन नेशन्स) दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का एक क्षेत्रीय संगठन है। इसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच आर्थिक सहयोग, व्यापार, सुरक्षा, सांस्कृतिक संबंध और क्षेत्रीय स्थिरता को मजबूत करना है। आसियान में 10 देश सदस्य हैं, जिनमें इंडोनेशिया, मलेशिया, सिंगापुर, थाईलैंड, फिलीपींस, वियतनाम, म्यांमार, कम्बोडिया,लाओस और ब्रुनेई शामिल हैं।