samacharsecretary.com

सड़कों की बदहाली पर अनोखा प्रदर्शन : व्यापारियों ने गड्ढों में नहाकर किया विरोध

कोरबा सड़क पर जगह-जगह गड्‌ढों से शहरवासी परेशान हैं. कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में सड़क की समस्या को लेकर व्यापारियों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया. व्यापारियों ने सड़क पर गड्‌ढों वाले स्थान पर बाल्टी मंगाकर गड्‌ढों में भरे पानी से नहाकर विरोध जताया. व्यापारियों का कहना है कि कुसमुंडा मार्ग में विशालकाय गड्ढे और जलभराव की समस्या से लोग बीते एक दशक से जूझ रहे हैं. यहां फोरलेन निर्माण का कार्य हुआ था, लेकिन इमली छापर में ओवरब्रिज की समस्या के कारण लोगों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. विकास नगर कुसमुंडा फोरलाइन में लगभग 100 मीटर तक जलभराव होता है और सड़क पर जगह-जगह गड्ढों के कारण राहगीरों और शरहवासियों का चलना मुश्किल हो गया है. सड़क खराब होने से व्यवसाय चौपट व्यापारिक संघ के अध्यक्ष अशोक राठौर ने बताया कि बीते लगभग 2 साल से यही स्थिति है, जिससे व्यापारियों का व्यवसाय चौपट हो चुका है. कॉलोनीवासियों की आवाजाही मुश्किल हो गई है. इस प्रदर्शन के माध्यम से व्यापारियों ने शासन-प्रशासन का ध्यान खराब सड़क की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया है.

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. अरुण जेटली को दी श्रद्धांजलि

भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पद्म विभूषण से सम्मानित पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राजनीति में सादगी एवं शुचिता से उच्च आदर्श स्थापित करने वाले अरुण जेटली का 'विकसित भारत' के निर्माण में योगदान चिरस्मरणीय रहेगा। देश के नवनिर्माण में उनके आदर्श हमें और बेहतर करने के लिए सदैव प्रेरित करते रहेंगे।  

खेल सम्मान 2025: छत्तीसगढ़ के 77 खिलाड़ी पाएंगे अलंकरण

रायपुर  छत्तीसगढ़ में खेल अलंकरण समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. खेल विभाग ने इस वर्ष सम्मानित किए जाने वाले खिलाड़ियों की अनंतिम सूची जारी कर दी है. इस सूची में 77 खिलाड़ियों के नाम शामिल किए गए हैं जिन्हें विभिन्न खेल पुरस्कारों से नवाजा जाएगा. बता दें, खिलाड़ियों का यह सम्मान समारोह 3 सितंबर को आयोजित होगा. इससे पहले खेल अलंकरण समारोह की तारीख 29 अगस्त को तय हुई थी, लेकिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विदेश प्रवास के चलते कार्यक्रम की तारीख आगे बढ़ा दी गई है. खेल संचालक तनुजा सलाम ने खिलाड़ियों की सूची जारी करते हुए बताया कि इस बार खिलाड़ियों को शहीद राजीव पांडे पुरस्कार, शहीद कौशल पांडे पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान, मुख्यमंत्री ट्रॉफी और ओलंपिक खेल सम्मान जैसे प्रतिष्ठित अलंकरणों से सम्मानित किया जाएगा.

आईएसएस से लौटे शुभांशु का लखनऊ में होगा भव्य स्वागत और सम्मान

Axiom-4 मिशन पूरा कर हाल ही में भारत लौटे हैं शुभांशु शुक्ला विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा किया जा रहा है सम्मान समारोह का आयोजन अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचने वाले देश के पहले अंतरिक्ष यात्री हैं शुभांशु लखनऊ, लखनऊ के बेटे ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को नागरिक अभिनंदन करेंगे। शुभांशु शुक्ला हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से सफल मिशन पूरा कर लौटे हैं। मिशन पूरा कर वह हाल ही में भारत आए हैं और अब पहली बार वह सोमवार को लखनऊ आ रहे हैं। इसी क्रम में योगी सरकार ने देश के नायक को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। इस मौके पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे। इस पूरे कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा किया जा रहा है। मिशन पूरा कर वापस लौटे हैं शुभांशु लखनऊ में जन्मे शुभांशु भारतीय वायुसेना के अनुभवी पायलट हैं। वे एक्सिओम-4 मिशन में शामिल होकर पहले भारतीय बने जिन्होंने अंतरिक्ष स्टेशन पर कदम रखा। मिशन के दौरान उन्होंने 60 से ज्यादा वैज्ञानिक प्रयोग किए और दुनिया भर के छात्रों से जुड़े। भारत लौटने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को अंतरिक्ष से लाया हुआ तिरंगा और मिशन पैच भेंट किया था, जो पूरे देश के लिए भावुक क्षण था। अब इसी क्रम में सोमवार को शुभांशु लखनऊ पहुंच रहे हैं और योगी सरकार ने इस अवसर पर उनके सम्मान का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। साहस, समर्पण और विज्ञान के प्रति संकल्प का गौरवपूर्ण प्रतीक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुभांशु शुक्ला को उत्तर प्रदेश और पूरे भारत का गौरव बताया है। मिशन पूरा कर वापस धरती पर लौटने पर उन्होंने कहा था कि अंतरिक्ष में भारत का परचम लहराना हर देशवासी के लिए गर्व का विषय है। आपकी उपलब्धि साहस, समर्पण और विज्ञान के प्रति संकल्प का गौरवपूर्ण प्रतीक है। आज हर भारतीय, विशेषकर उत्तर प्रदेश वासी गौरवान्वित है। सीएम ने यह भी कहा कि शुभांशु की सफलता यह साबित करती है कि अब उत्तर प्रदेश का युवा हर क्षेत्र में, चाहे वह विज्ञान हो या तकनीक, दुनिया के मंच पर अपनी छाप छोड़ रहा है। ऐसे में शुभांशु का स्वागत कार्यक्रम आने वाली पीढ़ियों को बड़े सपने देखने और उन्हें सच करने की प्रेरणा देगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा- बच्चे देश की अमूल्य धरोहर हैं

बागवानी संवर्धन और फ्लॉवर डेकोरेशन को बढ़ावा दे रही हमारी सरकार उज्जैन में समाज की धर्मशाला निर्माण के लिए देंगे सहायता राशि भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बच्चे देश की अमूल्य धरोहर हैं। इनमें निहित असीमित प्रतिभाओं को निखारना और आगे बढ़ाना हम सबका दायित्व है। बच्चों और युवाओं की प्रतिभाएं ही देश को विकास पथ पर आगे ले जाती है। उन्होंने कहा कि बच्चे खूब पढ़े-लिखें और अपना भविष्य संवारें, सरकार हर घड़ी उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रायमरी कक्षा से लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को हमारी सरकार छात्रवृत्ति दे रही है। सबके रोजगार की व्यवस्था भी हम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम 1 लाख पदों पर भर्ती करने जा रहे हैं। अगले पांच साल में 2.50 लाख शासकीय पदों पर भर्ती करेंगे। पुलिस की भर्तियां भी जारी हैं। इस साल 7500 पदों पर भर्तियां निकाली हैं। पुलिस की भर्ती के लिए अलग से पुलिस भर्ती बोर्ड भी बनाया जा रहे हैं। अगले तीन साल में हर साल 7500 पदों पर भर्ती कर हम पुलिस विभाग के सभी रिक्त पदों की पूर्ति कर लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को भोपाल स्थित हिन्दी भवन में फूल माली समाज के 16वें राज्यस्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समारोह में विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और प्रावीण्य सूची में स्थान पाने वाले फूल माली समाज के प्रतिभाशाली एवं मेधावी विद्यार्थियों को मंच से प्रशस्ति-पत्र और सम्मान निधि देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि फूल-माली समाज के व्यवसाय को बढ़ाने के लिए हमारी सरकार पुष्प कलाकारी (फ्लॉवर डेकोरेशन) को बढ़ावा दे रही है। अभी हाल ही में जन्माष्टमी में सरकार ने सभी श्री कृष्ण मंदिरों में पुष्प सज्जा के लिए आकर्षक पुरस्कार भी घोषित किए। उन्होंने कहा कि पुष्प और संस्कार दोनों एक दूसरे से जुड़े हुए हैं। जिस तरह फूल सभी को प्रिय हैं, उसी प्रकार फूल-माली समाज भी सबका प्रिय है। खेती-किसानी और बागवानी का चोली-दामन का साथ है। किसान खेत में परिश्रम करता है और फूल माली समाज बागों में। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बागवानी संवर्धन के लिए भी राज्य सरकार अनेक कदम उठा रही है।  मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि फूल माली समाज ने अपने परिश्रम, लगन और कर्मठता से एक अलग पहचान बनाई है। समाज के बच्चों और युवाओं ने अपनी प्रतिभा से न केवल प्रदेश, बल्कि देश-विदेश में भी नाम रोशन किया है। ऐसे होनहारों का सम्मान करना वास्तव में हम सबके लिए गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने बच्चों और युवाओं को कड़ी मेहनत, लगन और ईमानदारी से अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि वे बड़ा करने का सपना देखें। सपने पूरा करने के लिए मध्यप्रदेश सरकार हमेशा उनके साथ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार समाज के बच्चों की पढ़ाई-लिखाई, स्वरोजगार, व्यवसाय के साथ पुष्प श्रृंगार कला को और अधिक संवर्धन पर ध्यान दे रही है। राज्य सरकार सबका साथ-सबका विकास के साथ-साथ सबका विश्वास-सबका प्रयास के मूल मंत्र पर काम कर रही है। विकास की धारा से किसी भी समाज को वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का फूलमाली समाज के प्रतिनिधियों द्वारा पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समाज के मांग-पत्र पर उज्जैन में समाज के लिए धर्मशाला निर्माण के लिए सहायता राशि दिए जाने और समाज की राष्ट्रीय विभूतियों को भारत रत्न दिए जाने के लिए समर्थन की मांग की गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन में समाज की धर्मशाला के निर्माण के लिए हर संभव सहायता देने की बात कही। स्वागत उद्बोधन में फूल माली समाज के प्रादेशिक पदाधिकारी श्री हरिनारायण माली ने बताया कि समाज का यह 16वां प्रतिभा सम्मान समारोह है। समाज की गतिविधियों के विस्तार के लिए सरकार का साथ चाहिए। समारोह में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, विधायक श्री भगवान दास सबनानी, नगर निगम अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी, समाजसेवी श्री रविन्द्र यति, श्री जी.पी. माली, श्री हरिनारायण माली, श्री भगवान भाई माली, श्रीमती शांति, श्री गीता प्रसाद,श्री नरेन्द्र राहुल सहित समाज के अन्य पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में समाजजन एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।  

खेती में आधुनिक तकनीक: ड्रोन से हो रहा नैनो यूरिया का छिड़काव

रायपुर, प्रदेश में किसान खेती-किसानी में नई तकनीकों को अपना रहे हैं। महासमुंद जिले के ग्राम जोगनीपाली में शनिवार को किसानों के बीच ड्रोन तकनीक के माध्यम से नैनो यूरिया का छिड़काव कर प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर अधिकारीयों ने किसानों को पारंपरिक यूरिया के विकल्प के रूप में नैनो यूरिया के लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। किसानों को नैनो यूरिया के प्रयोग से लागत में कमी, मिट्टी की उर्वरता में वृद्धि और पर्यावरणीय लाभों के बारे में अवगत कराया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के वरिष्ठ किसान श्री अमृत पटेल, भोगलाल चौधरी, नेहरू चौधरी, चुम्बन लाल, बाबूलाल चौधरी, फागु लाल, शिवप्रसाद, वासुदेव साहू, गणेश साहू सहित लगभग 30 किसान उपस्थित रहे।

टैंकर विस्फोट का भयावह मंजर सामने आया, CCTV फुटेज देख दहल उठे लोग

होशियारपुर/जालंधर  जालंधर-होशियारपुर मार्ग पर स्थित गांव मंडियाला में हुए एल.पी.जी. टैंकर ब्लास्ट मामले में मरने वालों की संख्या बढ़ गई है। इस हादसे का CCTV वीडियो सामने आया है, जिससे पता चलता है कि इस हादसे ने सब कुछ तहस-नहस कर दिया। आपको बता दें कि हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 5 और लोगों की मौत हो गई। पहले मृतकों की संख्या तीन बताई जा रही थी, और अब 4 और लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में अब तक कुल 7 लोगों की मौत हो चुकी है। 7 लोगों की मौत की पुष्टि डॉ. मनवीर ने की है। मृतकों और घायलों की पहचान मृतकों में सुखजीत सिंह, बलवंत राय, धरमिंदर वर्मा, विजय, मंजीत सिंह, उनकी पत्नी जसविंदर कौर और आराधना वर्मा शामिल हैं। घायलों में बलवंत सिंह, हरबंस लाल, अमरजीत कौर, सुखजीत कौर, ज्योति, सुमन, गुरुमुख सिंह, हरप्रीत कौर, कुसुमा, भगवान दास, लाली वर्मा, सीता, अजय, संजय, राघव, पूजा, अभि आदि शामिल हैं।   हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने रविवार को भी हाईवे पर धरना दिया, जिससे यातायात जाम हो गया। आपको बता दें कि सी.सी.टी.वी. फुटेज में हादसे का समय साफ दिखाई दे रहा है। हादसा शुक्रवार रात 10 बजे हुआ। वीडियो में दिख रहा है कि सब्जियों से भरा एक पिकअप ट्रक एक गैस टैंकर से टकरा जाता है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तुरंत गैस लीक होने लगी। कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका गैस से भर गया, जिसके बाद अचानक आग लग गई और ब्लास्ट हुआ। कुछ ही देर में पूरा गांव आग की लपटों में घिर गया।

3 मुख्यमंत्रियों से ज्यादा दौलतमंद हैं CM सैनी, रिपोर्ट में सामने आई चौंकाने वाली बातें

चंडीगढ़ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंजाब के मख्यमंत्री भगवंत मान, उत्तर प्रदेश के मख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ,जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अबदुल्ला और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अमीर हैं। वहीं हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हरियाणा के सीएम सैनी और पंजाब के सीएम मान दोनों से अधिक अमीर हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) और नेशनल इलेक्शन वॉच की तरफ से देश के सभी 27 राज्यों और 3 केंद्रशासित प्रदेशों के 30 मुख्यमंत्रियों की संपत्तियां, योग्यता, व्यवसाय सहित आपराधिक मामलों का विवरण जारी किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक सबसे कम संपत्तियों में पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पहले नंबर पर हैं। उनके पास 15.38 लाख रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। दूसरे नंबर पर 55.24 लाख रुपये अधिक संपत्ति वाले जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन 1.18 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर है।  दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की संपत्ति सीएम नायब सैनी के बराबर पांच करोड़ रुपये है। रेखा गुप्ता का पैतृक गांव हरियाणा के जुलाना स्थित अपने पैतृक गांव नंदगढ़ है। सीएम रेखा गुप्ता प्रोफेशनल एडवोकेट हैं और उन्होंने ग्रेजुएट की डिग्री हासिल की है। इसी तरह यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की संपत्ति एक करोड़ है, वह ग्रेजुएट हैं। सीएम योगी के आय का साधन एक जनप्रतिनिधि (पूर्व सांसद और विधायक) के रूप में वेतन और भत्ते हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं  रिपोर्ट के मुताबिक मुख्यमंत्री नायब सैनी के खिलाफ एक भी आपराधिक मुकदमा नहीं दर्ज है। पंजाब के सीएम मान के खिलाफ चंडीगढ़ में एक मामला और सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ हिमाचल में चार मामले दर्ज हैं। मुख्यमंत्री सैनी के पास पांच करोड़ रुपये की संपत्ति है। सीएम सैनी ग्रेजुएट प्रोफेशनल हैं और उनका स्टोन क्रशर का काम है। इसी तरह पंजाब के सीएम मान के पास एक करोड़ रुपये की संपत्ति है और वह 12वीं पास हैं। सीएम मान का व्यवसाय नेता (राजनीति) है। हिमाचल के पोस्ट ग्रेजुएट सीएम सुक्खू के पास 7 करोड़ की संपत्ति हैैं। सुक्खू ने अपने व्यवसाय में पेंशनभोगी, निजी ठेकेदार, स्व-नियोजित और पार्टी नेता दर्शाया है।   रिपोर्ट से अनुसार पहले नंबर पर आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू हैं। उनके पास 931 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू 332 करोड़ रुपये से अधिक संपत्ति के साथ दूसरे व कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया 51 करोड़ से अधिक संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं।  

नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में रोल मॉडल बनकर उभरा मध्यप्रदेश

मुरैना में होगा 600 मेगावॉट ऊर्जा का भंडारण भोपाल मध्यप्रदेश नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में रोल मॉडल बनकर उभर रहा है। प्रदेश में स्थापित की गई अनेक अभूतपूर्व परियोजनाओं से सौर ऊर्जा की आपूर्ति न केवल प्रदेश में, बल्कि दिल्ली मेट्रो एवं भारतीय रेल को भी की जा रही है। ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी पर विश्व की सबसे बढ़ी फ्लोटिंग सौर परियोजना स्थापित की है। मुरैना में भी एक अभिनव सौर परियोजना स्थापित की जा रही है, जिसमें ऊर्जा भण्डारण कर सुबह और शाम के व्यस्ततम समय (पीक ऑवर्स) में भी प्रदेश को हरित ऊर्जा प्रदाय की जाएगी। इस परियोजना की ऊर्जा भंडारण क्षमता 600 मेगावॉट होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2030 तक 500 गीगावॉट की नवकरणीय ऊर्जा क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा है। उनके संकल्प की पूर्ति के लिये मध्यप्रदेश प्रतिबद्ध है और लक्ष्य प्राप्ति के लिये नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में निरंतर नवाचार भी कर रहा है। मुरैना में स्थापित होने जा रही अनूठी परियोजना के लिए निवादा प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इस परियोजना में सलाहकार आईएफसी की सेवाएं ली गई हैं। साथ ही डेवलपर और निवेशकों के सुझाव भी सम्मिलित किये गए हैं। मुरैना सोलर पार्क में प्राप्त विद्युत् दर भविष्य की सौर ऊर्जा भण्डारण आधारित परियोजनाओं के लिए मानक होगी। परियोजना से प्रदेश में लगभग 4 हजार करोड़ रूपये का निवेश अपेक्षित है। इससे चंबल क्षेत्र का विकास होगा, साथ ही स्थानीय युवाओं के लिये रोज़गार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। मुरैना में विश्व-स्तरीय सौर ऊर्जा भण्डारण परियोजना की स्थापना गर्व का विषय है। इस परियोजना से प्रदेश नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में एक और कीर्तिमान स्थापित करेगा। मुरैना परियोजना से सौर ऊर्जा केवल दिन में ही नहीं बल्कि सूर्यास्त के बाद भी प्रदाय की जाएगी। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला का कहना है कि मुरैना परियोजना राज्य सरकार की सकारात्मक सोच एवं प्रतिबद्धता का प्रमाण है। इस परियोजना और ऐसी अन्य आगामी परियोजनाओं से मध्यप्रदेश, देश ही नहीं बल्कि विश्व के लिए अक्षय ऊर्जा का एक रोल मॉडल होगा। प्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा के अधिक उपयोग एवं ऊर्जा सुरक्षा के लिए ऊर्जा भण्डारण आवश्यक है। प्रदेश में दिन के समय हरित एवं सस्ती सौर ऊर्जा उपलब्ध है, परन्तु शाम के पीक ऑवर्स में विद्युत् आपूर्ति कोयला आधारित और महंगी है। मुरैना सोलर पार्क और ऊर्जा भण्डारण, प्रदेश की पीक ऊर्जा आवश्यकताओं को सौर ऊर्जा से पूरा करने की दिशा में पहला कदम है। यह सोलर प्लस बैटरी आधारित परियोजना है, जिसके अंतर्गत शाम 6 से रात 10 बजे तथा सुबह 6 से 9 बजे तक मध्यप्रदेश पॉवर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड (एमपीपीएमसीएल) की 440 मेगावॉट तक की पीक आवश्यकताएँ पूरी की जाएँगी। मुरैना का 600 मेगावॉट का सोलर पार्क शाम के पीक ऑवर्स में आपूर्ति के लिए दिन में बैटरी को चार्ज करेगा एवं रात के समय एमपीपीएमसीएल द्वारा सुबह के पीक ऑवर्स की आपूर्ति के लिए बैटरी चार्ज की जाएगी। मध्यप्रदेश विद्युत उत्पादन में अग्रणी है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2025 में नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में लगभग पौने 6 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले। इन निवेशों से 1 लाख 85 हजार नए रोज़गार सृजित होंगे। प्रदेश सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक 50 प्रतिशत ऊर्जा, अक्षय स्रोतों से प्राप्त करना है। प्रदेश में 24 हजार 600 से अधिक मेगावॉट बिजली बनाने की वर्तमान में क्षमता मौजूद है। इसे चालू वर्ष 2 हजार मेगावॉट से अधिक बढ़ाने का लक्ष्य है। ओंकारेश्वर में देश की सबसे बड़ी-फ्लोटिंग सौर परियोजना के पहले चरण में 278 मेगावॉट बिजली बनने लगी है। आगर और नीमच में भी बड़े सौर प्लांट शुरू हुए हैं। मुरैना में 800 मेगावॉट की सोलर परियोजना विकसित की जा रही है, जिसमें 600 मेगावॉट की ऊर्जा भंडारण क्षमता भी होगी।

गुप्त ठिकाने पर चल रहा था जुआ, पुलिस ने दबिश देकर 11 बड़ी हस्तियों को पकड़ा

दुर्ग बावन परियों के साथ शहर के धन्ना सेठों के खेलने की खबर पर वैशाली नगर और भिलाई नगर पुलिस टीम की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई की. मौके से 11 लोगों को छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर 10 नग मोबाइल के साथ नगद 2,18,000 रुपए जब्त किया गया. जानकारी के अनुसार, पुलिस को 23 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि रामनगर जलाराम केटर्स के पीछे कुछ लोग पैसे लगाकर ताश पत्ती खेल रहे हैं. इस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में तत्काल थाना वैशालीनगर और भिलाई नगर की टीम के साथ नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर ने छापामार कार्रवाई की. पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन चाक-चौबंद पुलिस ने घेराबंदी कर सभी जुआरियों को पकड़ लिया. पकड़े गए बावन परियों के शौकिनों में खुर्सीपार निवासी गोपाल कुमार अग्रवाल, स्मृति नगर निवासी प्रदीप लाया, वैशाली नगर निवासी एके जैन, दुर्ग निवासी बुधराम निर्मलकर, जामुल निवासी मनोज सिंह, वैशाली नगर निवासी पवन कुमार, स्मृति नगर निवासी अनूप कुमार धौटे, मोहन नगर निवासी शंक गेडवानी, वैशाली नगर निवासी विनोद अग्रवाल, जामुल निवासी रोहन अग्रवाल और वैशाली नगर निवासी राजेश शामिल हैं. बताया गया कि आरोपीगणों के कब्जे से 10 मोबाइल, 52 पत्ती ताश और नगदी 218000 रुपए को समक्ष गवाहों के जब्त किया गया. आरोपीगणों के विरूद्ध थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमां- 284/2025, धारा छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया जाकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है.