samacharsecretary.com

डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया नमन : सामाजिक न्याय, समानता और समरस समाज के निर्माण का लिया संकल्प

रायपुर  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भारतरत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक रोहित साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। मुख्यमंत्री साय ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए कहा कि  उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा एवं उनके उत्थान के लिए समर्पित किया।  मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहब का जीवन हमें यह प्रेरणा देता है कि हम समाज में समरसता, न्याय और समानता के मूल्यों को सशक्त करें और अंतिम व्यक्ति तक विकास के लाभ सुनिश्चित करें।उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे डॉ. अम्बेडकर के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा एक न्यायपूर्ण, समरस और सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

एमजेएफ लॉयन महेश मालवीय डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के पद पर निर्वाचित हुए

उज्जैन उज्जैन में Lions Clubs International डिस्ट्रिक्ट 3233 G-2, पृथ्वी की भव्य डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस अवसर पर नेतृत्व परिवर्तन के तहत MJF लॉयन प्रवीण वशिष्ठ (उज्जैन) के स्थान पर MJF लॉयन महेश मालवीय (भोपाल) के वर्ष 2026–27 के डिस्ट्रिक्ट ३२३३ जी-२ के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के पद पर निर्वाचित हुए । डिस्ट्रिक्ट 3233 G-2, जिसमें 166 क्लब और लगभग 3,000 समर्पित सदस्य शामिल हैं, सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इस गरिमामय अवसर पर एमजेएफ लॉयन महेश मालवीय एवं उनकी धर्मपत्नी लॉयन गायत्री मालवीय सेवा कर सेवा, समर्पण और नेतृत्व की नई ऊर्जा का संकल्प लिया। वे शीघ्र ही अंतरराष्ट्रीय मंच पर आयोजित Lions International Convention में Hong Kong में सहभागिता कर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे एवं हांगकांग में शपथ ग्रहण करेंगे । भोपाल के प्रतिष्ठित समाजसेवी लायन महेश मालवीय पिछले 30 वर्षों से लॉयंस क्लब से जुड़े हुए हैं और इस दौरान उन्होंने Lions Clubs International के माध्यम से विभिन्न सेवा परियोजनाओं में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना से जिले को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। इस गौरवपूर्ण क्षण पर उनके होम क्लब, लॉयंस क्लब ऑफ भोपाल ग्लोरियस, के सदस्यों—लायन डॉ. मनोज वर्मा, लायन दीपक गुप्ता, लायन प्रकाश पाटिल, लायन सुमित अग्रवाल, लायन डा. गगन कांत त्रिपाठी, एडवोकेट लायन सुरेश मालवीय, लायन हरिश चतुर्वेदी, लायन शुभ्राजी, लायन अजय अग्रवाल, लायन संजीव मिश्रा, लायन ऋतू अग्रवाल, लायन रचना गिरी, लायन आशीष जैन, लायन कमलेश विश्वकर्मा, एवं लायन रोहित सिसोदिया—ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।    

UP BJP में बड़े बदलाव के संकेत: योगी से तावड़े की मुलाकात के बाद हलचल तेज

लखनऊ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े ने सोमवार को सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। माना जा रहा है कि तावड़े ने सीएम से प्रदेश भाजपा की नई टीम, निगम-आयोग में खाली पदों पर नियुक्ति के साथ मंत्रिमंडल विस्तार में शामिल होने वाले संभावित चेहरों को लेकर चर्चा की है। इसके लिए वह वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा से भी मिले थे। तावड़े ने सबसे बातचीत करने के बाद अपनी रिपोर्ट लेकर दिल्ली चले गए हैं। अब वह इसे केंद्रीय नेतृत्व को सौपेंगे। मंत्रियों के कामकाज को लेकर फीडबैक सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने संगठन और सरकार के अलग-अलग चेहरों के साथ अलग-अलग बैठकर अपनी रिपोर्ट तैयार की है। कई मंत्रियों के कामकाज से संगठन खुश नहीं है। माना जा रहा है कि जिनका काम खराब है, उन्हें संगठन में भेजा जा सकता है। कुछ को केंद्रीय संगठन और कुछ को प्रदेश संगठन में मौका मिल सकता है। वहीं, संगठन में जिन्हें एमएलसी या विधायक बनाया जा चुका है, उन्हें संगठन के काम से मुक्त किया जा सकता है। भाजपा प्रदेश संगठन की योजना है कि सालों से काम कर रहे चेहरों की बजाए नए चेहरों को मौका दिया जाए। सूत्रों के मुताबिक 2027 की चुनावी तैयारी के लिए जातीय समीकरण के लिहाज से भी कुछ बदलाव किए जा सकते हैं। युवा चेहरों को मिलेगा मौका सूत्रों के मुताबिक, अब तक जितना भी फीडबैक आया है, उसके हिसाब से आयोग और निगमों में पुराने कार्यकर्ताओं को मौका दिया जाएगा। संगठन के कुछ पुराने कार्यकर्ताओं को भी निगम और आयोग में भेजा जा सकता है। वहीं, संगठन और सरकार में अब नए चेहरों को मौका दिया जाएगा। इनमें दलित और ओबीसी चेहरों को आगे किया जा सकता है। यह सारी रिपोर्ट और जमीनी फीडबैठक राष्ट्रीय महामंत्री ने तैयार किया है। जल्दी ही इसे लेकर दिल्‍ली में बैठक भी होगी। इसके बाद बदलाव किए जा सकते हैं।

रोजगार मेले में 27 हजार युवाओं का पंजीकरण, बड़ी संख्या में युवाओं को मिला रोजगार

रोजगार मेले में 27 हजार युवाओं का पंजीकरण, बड़ी संख्या में मिला रोजगार 200 से अधिक कंपनियों ने की भागीदारी, युवाओं को उद्योगों से सीधे जुड़ने का मिला अवसर मुजफ्फरनगर  मुजफ्फरनगर के नुमाइश ग्राउंड में  आयोजित भव्य रोजगार मेला एवं विकास कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के समग्र विकास, युवाओं के सशक्तीकरण और किसानों के कल्याण को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा तैयार “कौशल दर्शन” पुस्तक का विमोचन किया गया, जिसमें प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं की सफलता की कहानियों का संकलन है। साथ ही मिशन द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित वीडियो का प्रदर्शन भी किया गया, जिसने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया। 200 से अधिक कंपनियों की भागीदारी रोजगार मेले में 200 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जिससे युवाओं को सीधे उद्योगों से जुड़ने का अवसर मिला। इस मेले में 27,000 से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से बड़ी संख्या में युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि यह मेला युवाओं के लिए एक सशक्त प्लेटफॉर्म साबित हो रहा है, जहां उन्हें उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार मिल रहा है। उन्होंने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि जो युवा इस बार चयनित नहीं हो सके हैं, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सरकार समय-समय पर ऐसे अवसर उपलब्ध कराती रहेगी। बड़ी संख्या में युवाओं की रही मौजूदगी मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। रोजगार मेलों के जरिए न केवल नौकरी के अवसर बढ़ रहे हैं, बल्कि स्वरोजगार को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में निवेश, उद्योग और तकनीकी विकास को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए और अधिक रोजगार सृजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति रही, जिससे यह आयोजन उत्साह और ऊर्जा से भरपूर नजर आया।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर गौतम बुद्ध नगर में औद्योगिक असामंजस्य के समाधान हेतु गठित की गई उच्च स्तरीय समिति

मुख्यमंत्री के निर्देश पर गौतम बुद्ध नगर में औद्योगिक असामंजस्य के समाधान हेतु गठित की गई  उच्च स्तरीय समिति गौतम बुद्ध नगरमें औद्योगिक असामंजस्य के समाधान हेतु गठित उच्च स्तरीय समिति ने बहुचरण में श्रमिकों एवं संबंधित पक्षों के साथ की जा रही है बैठक समिति द्वारा श्रमिकों एवं संबंधित पक्षों की समस्याओं का गहनता से किया जाएगा अनुश्रवण गौतमबुद्धनगर      मुख्यमंत्री  के निर्देश पर  जनपद गौतम बुद्ध नगर में उत्पन्न औद्योगिक असामंजस्य की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए औद्योगिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रमिकों के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है।  मा0 मुख्यमंत्री जी के निर्देश के क्रम में समिति के अध्यक्ष औद्योगिक विकास आयुक्त उत्तर प्रदेश की अध्यक्षता में ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सभागार में श्रमिक प्रतिनिधियों व संबंधित पक्षों के साथ के महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई है, जिसमें समिति के सदस्य अपर मुख्य सचिव सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग उत्तर प्रदेश, प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन विभाग, सदस्य सचिव श्रम आयुक्त उत्तर प्रदेश कानपुर सहित मंडलायुक्त मेरठ मंडल मेरठ, जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर व प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी गण उपस्थित हैं ।       बैठक में समिति द्वारा जनपद की विभिन्न कंपनियों में कार्यरत श्रमिकों की समस्याओं को विस्तार से सुना जा रहा है। श्रमिकों ने वेतन वृद्धि, साप्ताहिक अवकाश, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान, श्रमिक हितों की सुरक्षा तथा सम्मानजनक कार्य वातावरण जैसी प्रमुख मांगें समिति के समक्ष रखीं।              समिति ने सकारात्मक और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए श्रमिकों को विश्वास दिलाया कि उनके हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और सभी कंपनियों में श्रम कानूनों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।          साथ में समिति ने सभी श्रमिकों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण ढंग से अपने-अपने कार्यस्थलों पर लौटकर कार्य करें और किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाहों पर ध्यान न दें। केवल आधिकारिक रूप से जारी सूचनाओं पर ही विश्वास करें, ताकि औद्योगिक वातावरण में सौहार्द, विश्वास और स्थिरता बनी रहे।      सौजन्य सूचना विभाग, गौतमबुद्धनगर।

‘शांति, सत्य और विज्ञान’ थीम पर DRDO शो: युवाओं को मिलेगी आधुनिक रक्षा तकनीक की झलक

 मोतिहारी बिहार के मोतिहारी स्थित महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) 15 से 18 अप्रैल तक एक विशाल प्रदर्शनी आयोजित कर रहा है. इस आयोजन का उद्घाटन रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष और सांसद राधा मोहन सिंह करेंगे. इस प्रदर्शनी का मुख्य मकसद युवाओं को प्रेरित करना और देश की सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत करने वाली तकनीकों से रूबरू कराना है. प्रोग्राम की थीम 'शांति, सत्य और विज्ञान का संगम- सुरक्षित और आत्मनिर्भर भारत की ओर' रखी गई है. इसमें ब्रह्मोस, पृथ्वी, आकाश, प्रलय और अग्नि जैसी मिसाइलों के मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे. इसके साथ ही, मुख्य युद्धक टैंक अर्जुन, पिनाका रॉकेट सिस्टम और कई एडवांस राडार सिस्टमों को जनता के सामने पेश किया जाएगा. यह आयोजन भारत के 'आत्मनिर्भर भारत' विजन की दिशा में उठाए गए मजबूत कदमों को उजागर करेगा. अत्याधुनिक मिसाइल और आर्टिलरी सिस्टम प्रदर्शनी में डीआरडीओ द्वारा विकसित एडवांस रक्षा प्रणालियों की एक विस्तृत चेन दिखाई देगी. इनमें आकाश-एनजी (न्यू जेनरेशन) लॉन्चर, एंटी-सैटेलाइट (ए-सैट) मिसाइल और नाग एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल प्रमुख हैं. इसके अलावा, एडवांस टोएड आर्टिलरी गन सिस्टम (ATAGS) और मैन पोर्टेबल एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल (MPATGM) जैसे हथियारों के मॉडल भी आकर्षण का केंद्र होंगे. मैदान पर सेना की ताकत बढ़ाने वाले मेन बैटल टैंक अर्जुन (एमके-I और II) और इंडियन लाइट टैंक (ILT) के मॉडल्स भी यहां प्रदर्शित किए जाएंगे. तकनीक के क्षेत्र में एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल (AEW&C) सिस्टम, उत्तम एईएसए रडार और ड्रोन डिटेक्शन रडार की क्षमताओं को भी दिखाया जाएगा. यह युवाओं को रक्षा क्षेत्र में हो रहे बदलावों की बारीकियां समझने का मौका देगा. प्रदर्शनी में कावेरी इंजन का रैपिड प्रोटोटाइप मॉडल, ऑटोमैटिक केमिकल एजेंट डिटेक्शन (ACADA) और होलोग्राफिक साइट जैसी तकनीकों को शामिल किया गया है. इसके अलावा ब्लास्ट प्रोटेक्शन सूट, बैलिस्टिक हेलमेट और नौसैनिक स्टील जैसी सामग्रियों का प्रदर्शन भी किया जाएगा.

Haryana Election Update: NOTA का असर खत्म, हारकर भी जीत सकता है रनर-अप उम्मीदवार

चंडीगढ़. स्थानीय निकायों के चुनाव में अगर नोटा (उपरोक्त में से कोई नहीं) सर्वाधिक वोट लेता है तो भी जीत नहीं पाएगा। ऐसी स्थिति में दूसरे स्थान पर रहने वाले प्रत्याशी को विजेता घोषित कर दिया जाएगा। नवंबर 2018 में जारी व्यवस्था को राज्य निर्वाचन आयुक्त देवेंद्र सिंह कल्याण ने निरस्त कर दिया है। निकाय चुनाव में पिछली बार की तरह ईवीएम (इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन) पर सबसे अंत में नोटा का बटन रहेगा। लेकिन नोटा के पास इस बार चुनाव रद कराने की क्षमता नहीं होगी। राज्य चुनाव आयुक्त देवेन्द्र सिंह कल्याण ने विगत 7 अप्रैल को नया आदेश जारी कर 2018 में तत्कालीन राज्य निर्वाचन आयुक्त डॉ. दलीप सिंह द्वारा जारी पिछले आदेश को निरस्त कर दिया है। तब व्यवस्था की गई थी कि चुनावों में नोटा को कल्पित चुनावी प्रत्याशी माना जाएगा और उसके पक्ष में पड़े सभी वोट को रिकार्ड पर लिया जाएगा। अगर नोटा के पक्ष में डाले गए वोट अन्य प्रत्याशियों से अधिक हैं तो किसी भी प्रत्याशी को उस वार्ड से निर्वाचित घोषित नहीं किया जाएगा। आयोग द्वारा उस चुनावी क्षेत्र में वह चुनाव रद कर दोबारा चुनाव करवाया जाएगा जिसमें पिछला चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को शामिल होने नहीं दिया जाएगा। यानी कि केवल नए प्रत्याशी ही चुनाव लड़ सकते थे। हालांकि दूसरी बार के चुनाव में भी नोटा को सर्वाधिक वोट मिलने की स्थिति में दूसरे नंबर के प्रत्याशी को विजयी घोषित करने की व्यवस्था की गई थी। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के एडवोकेट हेमंत कुमार ने बताया कि नए आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अब अगर किसी स्थानीय चुनाव में नोटा को सर्वाधिक वोट मिलते हैं, तो भी चुनाव रद नहीं होगा। नोटा के बाद दूसरे नंबर पर सर्वाधिक वोट लेने वाले उम्मीदवार को निर्वाचित घोषित कर दिया जाएगा। नोटा को डाले गए वोटों को चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों द्वारा जमानत राशि बचाने के लिए जरूरी न्यूनतम 12.5 प्रतिशत वोटों की गणना में भी शामिल नहीं किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के तीन जजों की बेंच द्वारा सितंबर 2013 में दिए गए एक निर्णय पीयूसीएल बनाम भारत सरकार में चुनावों में नोटा के विकल्प का प्रविधान डालने बारे भारतीय चुनाव आयोग को निर्देश तो दिया था, परंतु उसमें ऐसा कुछ नही था जैसा कि हरियाणा निर्वाचन आयोग ने नवंबर 2018 से व्यवस्था लागू कर रखी थी।

बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव: नीतीश कुमार आज दे सकते हैं इस्तीफा

पटना  बिहार की राजनीति में मंगलवार का दिन बेहद अहम माना जा रहा है. बीते 20 साल से मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार आज अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं. वे अब राज्यसभा सांसद बन चुके हैं. इससे पहले उन्होंने अपनी अंतिम कैबिनेट बैठक बुलाई, जिसमें सरकार को भंग करने की सिफारिश की गई. दोपहर 3:15 बजे इस्तीफा देंगे सीएम जानकारी के मुताबिक, नीतीश कुमार दोपहर 3:15 बजे राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं. इसके साथ ही मौजूदा सरकार का कार्यकाल औपचारिक रूप से समाप्त हो जाएगा. कैबिनेट बैठक के बाद मंत्रियों की भावुक प्रतिक्रिया बैठक खत्म होने के बाद कई मंत्रियों ने इसे भावुक क्षण बताया. सभी ने नीतीश कुमार के लंबे कार्यकाल और उनके नेतृत्व की सराहना की. लखेंद्र पासवान बोले- बिहार को मजबूत बनाने का काम हुआ मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के लोगों का भरोसा जीता है और राज्य को सशक्त बनाने की दिशा में काम किया है. उन्होंने कहा कि आगे भी नई सरकार में उनकी भूमिका मार्गदर्शक के रूप में रहेगी. लेसी सिंह ने बताया भावुक और गौरव का पल मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि यह पल भावुक होने के साथ-साथ गौरव का भी है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जैसे नेता के साथ लंबे समय तक काम करना उनके लिए सम्मान की बात रही. रामकृपाल यादव हुए भावुक बैठक के बाद मंत्री रामकृपाल यादव भावुक नजर आए. उन्होंने कहा कि यह पूरे बिहार के लिए भावुक क्षण है. उन्होंने नीतीश कुमार के 20 साल के कार्यकाल को राज्य के विकास में महत्वपूर्ण बताया. बीजेपी विधायक बोले- बिहार के इतिहास में दर्ज होगा नाम बीजेपी विधायक विनोद नारायण झा ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के विकास में अहम भूमिका निभाई है. उन्होंने कहा कि उनका नाम बिहार के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा और वे आगे भी मार्गदर्शक की भूमिका में रहेंगे.

महाकाल के दरबार में मिलिन्द सोमन और नीतीश राणा, बाबा से की दिल की बात

उज्जैन   मंगलवार तड़के एक्टर मिलिंद सोमन व क्रिकेटर नीतीश राणा महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन पहुंचे. मिलिंद सोमन व नीतीश राणा दोनों ही अपनी पत्नी के साथ भस्म आरती में शामिल हुए. मिलिंद सोमन के साथ उनकी पत्नी अंकिता कोंवर व क्रिकेटर नीतीश राणा के साथ उनकी पत्नी सांची मारवाह ने महाकाल का आशीर्वाद लिया।  भस्म आरती में भावुक नजर आए मिलिंद सोमन फिल्म अभिनेता मिलिंद सोमन भस्म आरती के दौरन काफी भावुक नजर आए और लगातार महाकाल का जाप करते हुए दिखे. तड़के 2 बजे से भस्त आरती की तैयारियां शुरू हो गई थी, जिसके साथ ही मिलिंद सोमन व नीतीश राणा भी नंदी हॉल पहुंच गए।  यहां दोनों को पुजारियों ने गर्भग्रह स्थित सभी देवी देवताओं का पूजन कर जलाभिषेक कराया. इसके बाद भगवान का दूध, दही,घी, शक्कर व फलों के रस से अभिषेक करवाया गया और फिर भगवान को भस्म रमाकर भस्म आरती की शुरुआत हुई।  'बाबा का बुलावा आ ही गया' मिलिंद व नीतीश लगभग 2 घंटों तक नंदी हाल में बैठे रहे. आरती पूर्ण होने के बाद उन्होंने बाबा महाकाल के दरबार में माथा टेककर दर्शन किए. इसके बाद राघव पुजारी के माध्यम से भगवान को जल अर्पित किया. दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए अभिनेता मिलिन्द सोमन ने कहा, '' खुशी की बात है कि यहां आने का मौका मिला, यहां आकर मन को बहुत शांति मिली है. हम लंबे समय से सोच रहे थे कि महाकाल के दर पर आना है, बहुत सालों से ऐसी आशा थी कि हम आएंगे लेकिन कहते हैं कि जब तक बुलावा नहीं आता है, तब तक नही आ सकते हैं. अब बुलावा आ गया है. इनके (पत्नी) के कारण हम आए हैं, ये मेरी धर्म पत्नी हैं, इन्होंने कहा था कि हम जाएंगे. यहा आकर बहुत-बहुत अच्छा लगा, सबका बहुत-बहुत धन्यवाद. जय महाकाल'' क्रिकेटर नीतीश राणा ने किया जल अभिषेक इस दौरा क्रिकेटर नीतिश राणा ने भी पत्नी संग विधि विधान से महाकाल का पूजन किया और पुजारियों के माध्यम से महादेव का जल अभिषेक किया. नीतीश काफी देर तक नंदी हॉल में बैठकर मंत्रजाप करते भी नजर आए. महाकाल मंदिर में हर दिन लाखों की तादाद में आम जनता के साथ-साथ सिलेब्रिटीज, क्रिकेटर, राजनेता समेत देश-दुनिया की तमाम हस्तियां दर्शन के लिए पहुंचती हैं। 

भोपाल में 11 तोला सोने की लूट की साजिश, डॉक्टर की महिला मित्र ने प्लान किया था, दो गिरफ्तार

भोपाल  राजधानी भोपाल के श्यामला हिल्स क्षेत्र स्थित किलोल पार्क के पास 10 अप्रैल की सुबह टीबी रोग विशेषज्ञ वरिष्ठ डॉक्टर के साथ हुई सनसनीखेज लूट का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में लूट की साजिश किसी पेशेवर गैंग ने नहीं, बल्कि फरियादी डॉक्टर की करीबी महिला मित्र आलिया खान ने ही रची थी। पुलिस ने मास्टरमाइंड महिला और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।  श्यामला हिल्स पुलिस के अनुसार, फरियादी डॉक्टर मनोज वर्मा रोज सुबह साइकिलिंग के लिए निकलते थे और हाथ में करीब 11 तोले का सोने का कड़ा पहनते थे। इसी बात ने आरोपी महिला आलिया खान को लालच में डाल दिया। डॉक्टर की परिचित होने के कारण वह उनकी दिनचर्या, रूट और आदतों से भली-भांति वाकिफ थी। उसने इसी जानकारी का फायदा उठाकर अपने साथियों के साथ लूट की साजिश रची। करीबी महिला मित्र निकली साजिश की मास्टरमाइंड पुलिस की जांच में एक चौंकाने वाला सच सामने आया कि इस अपराध के पीछे मुख्य साजिशकर्ता आलिया खान थी, जो डॉक्टर की जान-पहचान की महिला मित्र थी. आलिया को डॉक्टर के काफी करीब माना जाता था और उसे डॉक्टर के पास मौजूद कीमती सामानों के साथ-साथ उनकी रोजमर्रा की गतिविधियों की भी पूरी जानकारी थी. पैसे के लालच में आकर आलिया ने कई साथियों के साथ मिलकर लूट की एक साजिश रची. उसने लुटेरों को डॉक्टर की सटीक जगह और उनके कार्यक्रम की जानकारी दी, जिसके आधार पर अपराधियों ने इस अपराध को अंजाम दिया।  दो आरोपी गिरफ्तार दो की तलाश जारी तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने इस मामले की मुख्य मास्टरमाइंड आलिया खान और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर लूटे गए सोने के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. हालांकि इस घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है. यह मामला उन अपराधों का एक गंभीर उदाहरण बनकर सामने आया है, जो सामाजिक विश्वास और रिश्तों की बुनियाद के भीतर ही पनपते हैं।  जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले डॉक्टर की रेकी की और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी। घटना वाले दिन बदमाश सुनसान इलाके में पहले से घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही डॉक्टर पॉलीटेक्निक रोड से किलोल पार्क के पास पहुंचे, आरोपियों ने उन्हें टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद उनके ऊपर मिर्च पाउडर फेंका गया, जिससे वे असहाय हो गए और बदमाश सोने का कड़ा लूटकर फरार हो गए। वारदात का तरीका जैसे ही डॉक्टर वहां पहुंचे, अरशान खान ने उनका पीछा करते हुए साइकिल को टक्कर मारी, जिससे वे गिर पड़े। इसके बाद उसके दो साथियों ने डॉक्टर की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और सोने का कड़ा लूटकर फरार हो गए। तीनों आरोपी बाइक पर मौके से भाग निकले। CCTV से खुला राज घटना के बाद पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले, जिससे संदिग्धों की पहचान हुई। जांच आगे बढ़ने पर शक की सुई सीधे आलिया खान पर जा टिकी। हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ करने पर उसने साजिश कबूल कर ली और अपने साथी अरशान का नाम उजागर किया। एनजीओ चलाती है आरोपित 27 वर्षीय आलिया खान तलैया इलाके की निवासी है और खुद को समाज सेविका बताते हुए एक NGO चलाती है। बताया जा रहा है कि उसकी मुलाकात डॉक्टर से मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई थी। इसके बाद उसने योजनाबद्ध तरीके से उनकी निजी जानकारी जुटाई। पुलिस रिकॉर्ड में आलिया के खिलाफ पहले से चोरी का एक मामला भी दर्ज है। वहीं, 22 वर्षीय अरशान खान, टीला जमालपुरा का रहने वाला है और उसका भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। उसी ने वारदात के दौरान डॉक्टर का पीछा कर उन्हें गिराया और साथियों के साथ लूट को अंजाम दिया। पुलिस का यह कहना जोन-3 के प्रभारी डीसीपी मयूर खंडेलवाल के अनुसार, इस हाई-प्रोफाइल लूट कांड में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे संदिग्धों की पहचान हुई। जांच के दौरान शक आलिया खान पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने साजिश कबूल कर ली और अपने साथी अरशान खान का नाम भी बताया। पुलिस ने आलिया खान (27), निवासी तलैया, और अरशान खान (22), निवासी टीला जमालपुरा, को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया है कि आलिया खुद को समाजसेविका बताकर एक एनजीओ संचालित करती है और कुछ महीने पहले सुबह की सैर के दौरान उसकी डॉक्टर से पहचान हुई थी। उसने धीरे-धीरे उनकी निजी जानकारी जुटाई और वारदात को अंजाम दिलाया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आलिया के खिलाफ पहले से चोरी का एक मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। डीसीपी मयूर खंडेलवाल ने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पूरा खुलासा कर दिया जाएगा।