samacharsecretary.com

आईपीएल 2026,राजस्थान और हैदराबाद के बीच कड़ा मुकाबला आज

जयपुर राजस्थान रॉयल्स की टीम इंडियन प्रीमियर लीग मुकाबले में शनिवार को जयपुर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। उसकी कोशिश अपने घरेलू मैदान पर दबदबा कायम रखने के साथ-साथ दोनों टीमों के बीच हुए पिछले मुकाबले का हिसाब बराबर करने की भी होगी। यह मुकाबला आईपीएल के इस चरण में बेहद अहम माना जा रहा है, जहां दोनों टीमें जरूरी अंक हासिल करने की कोशिश में होंगी। सनराइजर्स ने प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन की शानदार गेंदबाजी के बूते दोनों टीमों के बीच 13 अप्रैल को खेले गए पहले चरण के मुकाबले को 57 रन से जीता था। रॉयल्स ने हालांकि उस हार से उबरते हुए लखनऊ सुपर जॉइंट्स के खिलाफ 40 रन की जीत से अच्छी वापसी की है। टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। सनराइजर्स हैदराबाद इस सत्र में उतार-चढ़ाव से गुजरते हुए चौथे स्थान पर है, लेकिन उनकी आक्रामक बल्लेबाजी किसी भी टीम के लिए खतरा बनी हुई है। रॉयल्स को दोनों टीमों के बीच खेले गए पिछले मुकाबले में हर विभाग (पावरप्ले, मध्य ओवर और आखिरी ओवर) में संघर्ष करना पड़ा था, और टीम इस बार माकूल जवाब देने के इरादे से उतरेगी। सनराइजर्स की बल्लेबाजी सबसे बड़ी मजबूती सनराइजर्स की बल्लेबाजी की ताकत उनके शीर्ष क्रम में है, जहां ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन पहले ही कई मौकों पर आक्रामक प्रदर्शन कर चुके हैं। हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शतक लगाने वाले अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड भी तेज शुरुआत देने की कोशिश करेंगे। हिंगे और साकिब दोनों ने रॉयल्स के खिलाफ अपने आईपीएल पदार्पण में चार-चार विकेट लिए, लेकिन सनराइजर्स की गेंदबाजी अपेक्षाकृत अनुभवहीन है। टीम कप्तान पैट कमिंस की अनुपस्थिति में संघर्ष कर रही है, हालांकि हाल के मैचों में कुछ सुधार देखने को मिला है। राजस्थान को वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी से उम्मीदें रॉयल्स की टीम मध्यक्रम की बल्लेबाजी को छोड़कर लगभग हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन कर रही है। टीम के नाम सात मैचों में पांच जीत हैं। उनकी बल्लेबाजी की रीढ़ युवा खिलाड़ियों पर टिकी है। यशस्वी जायसवाल ने 245 रन बनाकर स्थिरता और आक्रामकता दोनों दिखाई है। पंद्रह वर्षीय सनसनी वैभव सूर्यवंशी 254 रनों के साथ टीम के शीर्ष स्कोरर हैं और उनका स्ट्राइक रेट 220 से ऊपर है। विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने भी उपयोगी योगदान दिया है, हालांकि कप्तान रियान पराग और अनुभवी शिमरोन हेटमायर का बल्ले से प्रदर्शन अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर ने 11 विकेट लेकर टीम की अगुवाई की है और वे इस मैच में भी अहम भूमिका निभा सकते हैं। वहीं अनुभवी हरफनमौला रविंद्र जडेजा ने पिछले मैच में नाबाद 43 रन और एक महत्वपूर्ण विकेट लेकर टीम को जीत दिलाई थी और वे इस मुकाबले में भी आत्मविश्वास के साथ उतरेंगे। टीमें: सनराइजर्स हैदराबाद: इशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, अमित कुमार, सलिल अरोड़ा, ब्रायडन कार्स, हर्ष दुबे, क्रेन्स फुलेट्रा, ट्रैविस हेड, प्रफुल्ल हिंगे, हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन, ईशान मलिंगा, कामिंदु मेंडिस, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षल पटेल, डेविड पायने, साकिब हुसैन, शिवम मावी, शिवांग कुमार, रविचंद्रन स्मरण, ओंकार तरमाले, जयदेव उनादकट, अनिकेत वर्मा, जीशान अंसारी। राजस्थान रॉयल्स: रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रवि सिंह, अमन पेराला, शिम्रोन हेटमायर, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जयसवाल, रविंद्र जड़ेजा, सैम कुरेन, एडम मिल्ने, बृजेश शर्मा, जोफ्रा आर्चर, कुलदीप सेन, क्वेना मफाका, नंद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई, संदीप शर्मा। समय: मैच शाम 07:30 बजे शुरू होगा।

आईपीएल 2026: पंजाब किंग्स के सामने दिल्ली कैपिटल्स की बड़ी चुनौती

नई दिल्ली दिल्ली कैपिटल्स को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अपने अभियान को फिर से पटरी पर लाने की तलाश है। इसके लिए शनिवार को उसे दिल्ली में होने वाले मुकाबले में तालिका में शीर्ष पर चल रही पंजाब किंग्स के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद से 47 रन से हार का सामना करने वाली दिल्ली के लिए वापसी की राह काफी चुनौतीपूर्ण होगी। इसके लिए उसके ज्यादातर खिलाड़ियों को एक साथ अच्छा प्रदर्शन करना होगा। छह मैचों में तीन जीत और तीन हार के साथ दिल्ली फिलहाल अंकतालिका के छठे स्थान पर है, जबकि पंजाब किंग्स छह मुकाबलों में 11 अंकों के साथ शीर्ष पर काबिज है। उनका एकमात्र अंक तब गया था जब कोलकाता में मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। दिल्ली की सबसे बड़ी समस्या उसकी बल्लेबाजी में अस्थिरता रही है। केएल राहुल, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स और समीर रिजवी ने कुछ पारियों में योगदान दिया है, लेकिन पूरी टीम एक साथ प्रदर्शन करने में नाकाम रही है। सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में असफल रहे हैं, जिससे मध्यक्रम पर दबाव बढ़ गया है। कप्तान अक्षर पटेल से भी उम्मीद की जा रही है कि वह बल्ले और रणनीति दोनों में अधिक जिम्मेदारी निभाएं। पिछले मैच में उनके कुछ निर्णयों पर भी सवाल उठे हैं, खासकर गेंदबाजी बदलावों को लेकर। विस्फोटक अभिषेक शर्मा के खिलाफ उन्होंने कामचलाऊ गेंदबाज नितीश राणा को लगातार इस्तेमाल किया, जो असरदार साबित नहीं हुआ। दिल्ली का क्षेत्ररक्षण भी चिंता का विषय रहा है। टीम ने कुछ मैचों में स्टंपिंग के मौके गंवाए, रन-आउट में गलतियां कीं और आसान कैच छोड़े, जिसका उसे काफी नुकसान हुआ है। बल्लेबाजों की तुलना में गेंदबाजी इकाई अपेक्षाकृत बेहतर रही है, लेकिन शानदार लय में चल रहे पंजाब के बल्लेबाजों पर दबाव बनाने के लिए उसमें अधिक आक्रामकता की जरूरत है। पंजाब किंग्स की टीम इस समय पूरी लय में नजर आ रही है। उन्होंने हाल ही में लखनऊ सुपर जॉइंट्स के खिलाफ इस सत्र का सबसे बड़ा स्कोर, सात विकेट पर 254 रन, बनाया। सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने 211 रन बनाकर शानदार फॉर्म दिखाया है और तेज शुरुआत दी है। कप्तान श्रेयस अय्यर भी 208 रन के साथ बेहतरीन लय में हैं। इसके अलावा प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली ने भी क्रमशः 211 और 223 रन बनाकर टीम की बल्लेबाजी को गहराई और आक्रामकता दी है। प्रियांश अपने घरेलू मैदान में एक और दमदार पारी खेलना चाहेंगे। गेंदबाजी में भी पंजाब संतुलित नजर आई है, जहां अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, मार्को यानसन, विजयकुमार वैशाक और जेवियर बार्टलेट ने लगातार योगदान दिया है। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए पंजाब किंग्स इस मुकाबले में स्पष्ट रूप से प्रबल दावेदार हैं, जबकि दिल्ली कैपिटल्स को अपनी उम्मीदें बनाए रखने के लिए कोई भी गलती करने से बचना होगा। टीमें: दिल्ली कैपिटल्स: अक्षर पटेल (कप्तान), केएल राहुल, करुण नायर, डेविड मिलर, पथुम निसांका, साहिल पारख, पृथ्वी साव, अभिषेक पोरेल, ट्रिस्टन स्टब्स, समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, विपराज निगम, अजय मंडल, त्रिपुराना विजय, माधव तिवारी, औकिब नबी डार, नीतीश राणा, टी. नटराजन, मुकेश कुमार, दुष्मंथा चमीरा, लुंगिसानी एनगिडी, काइल जैमीसन, कुलदीप यादव। पंजाब किंग्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, पायला अविनाश, हरनूर सिंह, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), विष्णु विनोद (विकेटकीपर), नेहल वढेरा, अजमतुल्लाह उमरजई, कूपर कोनोली, मार्को यानसन, मुशीर खान, मिचेल ओवेन, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, युजवेंद्र चहल, प्रवीण दुबे, बेन ड्वारशुइस, लॉकी फर्ग्यूसन, हरप्रीत बराड़, विशाल निशाद, विजयकुमार वैशाख, यश ठाकुर। समय: मैच दोपहर 03:30 बजे शुरू होगा।

हालैंड के गोल से सिटी की जीत, आर्सेनल को पीछे छोड़ा

 लंदन  स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड के गोल की मदद से मैनचेस्टर सिटी ने बर्नले को 1-0 से हराकर इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) फुटबॉल टूर्नामेंट में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। इस तरह सिटी ने लीग में आर्सेनल के 200 दिनों से पहले स्थान पर चल रहे दबदबे को समाप्त कर दिया। वहीं यह हार बर्नले के लिए एक करारा झटका रही, क्योंकि इससे वह दूसरे डिवीजन में खिसक गया। हालैंड ने खेल के पांचवें मिनट में ही जेरेमी डोकु के पास पर लीग का अपना 24वां गोल दागा। इस जीत से सिटी खिताब का प्रबल दावेदार बन गया है। अब सिटी और आर्सेनल के 33 मैच में समान 70 अंक हो गए हैं और उनका गोल अंतर भी (37) बराबर है। हालांकि, सिटी ने आर्सेनल के 63 गोल की तुलना में 66 गोल किए हैं, जिससे वह पहले स्थान पर पहुंच गया है। बुधवार को खेले गए लीग के एक अन्य मैच में लीड्स ने स्टापेज टाइम के सातवें मिनट में गोल करके बोर्नमाउथ के साथ 2-2 से ड्रॉ खेला। यह वीडियो भी देखें बार्सिलोना की जीत में गोल कर चोटिल हुए यमाल युवा फुटबॉलर लामिने यमाल स्पेनिश लीग फुटबॉल टूर्नामेंट के मैच में बार्सिलोना के लिए विजयी गोल करने के बाद चोटिल हो गए। बार्सिलोना ने इस मैच में यमाल के एकमात्र गोल से सेल्टा विगो 1-0 से हराया। यमाल के चोटिल होने से उनकी विश्व कप में खेलने को लेकर आशंका बन गई है। बार्सिलोना ने इस जीत से लीग में दूसरे स्थान पर चल रहे रीयल मैड्रिड पर नौ अंक की मजबूत बढ़त बना ली। यमाल ने 40वें मिनट में पेनल्टी पर गोल किया। जैसे ही उनके साथी खिलाड़ी जश्न मनाने के लिए पहुंचे, वह जमीन पर गिर पड़े और फिर अपने बाएं पैर के पिछले हिस्से को पकड़ते हुए दिखाई दिए। वह मुकाबले में आगे नहीं खेल पाए। बार्सिलोना बना चैंपियन बार्सिलोना ने एस्पेनयोल को 4-1 से हराकर लगातार सातवीं बार महिला स्पेनिश लीग फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब जीता। इस जीत से बार्सिलोना दूसरे स्थान पर मौजूद रीयल मैड्रिड से 16 अंक आगे हो गया है। यह खिताब जीतने के लिए पर्याप्त हैं। बार्सिलोना का यह 11वां लीग खिताब है। बार्सिलोना ने इस साल के टूर्नामेंट में अपने 26 मैचों में से 25 मैच जीते हैं। पिछले साल नवंबर में उसे रीयल सोसिदाद के हाथों 1-0 से हार का सामना करना पड़ा था, जो उसकी एकमात्र हार थी। बार्सिलोना की महिला टीम ने लीग में अब तक 116 गोल किए हैं और सात गोल खाए हैं। इस तरह से उसका गोल अंतर 109 है। रीयल मैड्रिड का गोल अंतर 38 है।

सचिन की 664 रनों की साझेदारी, 100 शतक की कहानी

नई  दिल्ली क्रिकेट के महानायक सचिन तेंदुलकर ने अपने जन्मदिन पर एक बार फिर साबित कर दिया कि उनका जादू वक्त के साथ कम नहीं हुआ है. शुक्रवार (24 अप्रैल) को मुंबई स्थित उनके घर के बाहर फैन्स का हुजूम उमड़ पड़ा. इस खास मौके पर सचिन ने पत्नी अंजलि तेंदुलकर के साथ बाहर आकर प्रशंसकों का अभिवादन किया और एक ‘नन्हे फैन’ के साथ हल्के-फुल्के अंदाज में समय बिताया…एक ऐसा पल जिसने हर किसी का दिल जीत लिया. सचिन तेंदुलकर 53 साल के हो गए. उन्होंने महज 16 साल 205 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा. 24 साल लंबे करियर में उन्होंने ऐसे-ऐसे कीर्तिमान गढ़े कि उन्हें ‘क्रिकेट का भगवान’ कहा जाने लगा.      सचिन की प्रतिभा को पहली बार दुनिया ने गंभीरता से तब देखा, जब उन्होंने अपने दोस्त विनोद कांबली के साथ 1988 में हैरिस शील्ड टूर्नामेंट में 664 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी की. मुंबई के आजाद मैदान पर खेले गए इस मैच में सचिन 326 और कांबली 349 रन बनाकर नाबाद रहे. उस समय यह किसी भी स्तर पर क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी थी. एक अंपायर की वजह से दुनिया तक पहुंची कहानी दिलचस्प बात यह है कि यह रिकॉर्ड दुनिया के सामने आसानी से नहीं आया. क्रिकेट की प्रतिष्ठित पत्रिका ‘विजडन’ ने इसे प्रकाशित नहीं किया था. लेकिन अंपायर मार्कस कुटो की मेहनत से यह ऐतिहासिक साझेदारी एक महीने बाद दुनिया के सामने आ सकी. स्कोरकार्ड की गड़बड़ी को सुधारते हुए उन्होंने आंकड़ों को व्यवस्थित किया, हालांकि सचिन आज भी मजाक में अपने ‘तीन रन’ कम होने की बात याद दिलाते रहते हैं. दरअसल, मार्कस कुटो के मुताबिक उस मैच के लिए 10 स्कोरर थे और स्कोरकार्ड में भी गड़बड़ी आ गई थी. ऐसे में स्कोर का मिलान करने के लिए माकर्स काउटो ने सचिन तेंदुलकर के 326 रनों के स्कोर में से तीन रन हटा दिए. सचिन अब भी मार्कस कुटो को वह बात याद दिलाना नहीं भूलते. सचिन का मानना है कि तीन रन अतिरिक्त (extras) में से कम करने चाहिए थे. आंकड़े जो आज भी बेजोड़ हैं सचिन तेंदुलकर का अंतरराष्ट्रीय करियर आंकड़ों के लिहाज से भी अतुलनीय है- टेस्ट: 200 मैच, 15921 रन, 51 शतक वनडे: 463 मैच, 18426 रन, 49 शतक अंतरराष्ट्रीय शतक: 100 (दुनिया में अकेले) विकेट: 201 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ वानखेड़े टेस्ट के साथ उन्होंने अपने सुनहरे करियर को अलविदा कहा, लेकिन उनकी विरासत आज भी हर क्रिकेटर के लिए प्रेरणा है. 53 की उम्र में भी सचिन का करिश्मा बरकरार है. जन्मदिन पर घर के बाहर उमड़ी भीड़ और एक छोटे फैन के साथ उनकी सहज मुस्कान इस बात का सबूत है कि सचिन सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि एक भावना हैं, जो हर पीढ़ी के दिल में बसती है.

घर पर वापसी के इरादे से उतरेगी बेंगलुरु, गुजरात देगा चुनौती

बेंगलुरु  रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच 24 अप्रैल को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 34वां मैच खेला जाएगा। यह मुकाबला एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शुक्रवार को आयोजित होगा। मौजूदा चैंपियन आरसीबी ने अपने शुरुआती दो मुकाबलों में सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ जीत दर्ज की। इसके बाद उसे राजस्थान रॉयल्स के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी। अगले दो मुकाबले मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के विरुद्ध जीतने के बाद इस टीम को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। घर पर वापसी करना चाहेगी RCB इस सीजन में अपने घर पर पहली हार का सामना करने के बावजूद आरसीबी आईपीएल 2026 की बेहतरीन टीमों में से एक रही है। यह टीम एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में अपने आखिरी घरेलू मैच में जोरदार वापसी करने का लक्ष्य रखेगी। इस मैच के बाद, उन्हें अपने लीग-चरण के बाकी दो घरेलू मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेलने हैं। कैसा है GT का हाल दूसरी ओर, पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ लगातार दो मुकाबले गंवाने के बाद जीटी ने दिल्ली कैपिटल्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले जीते। इसके बाद उसे मुंबई इंडियंस के विरुद्ध 99 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के साथ उनकी लगातार तीन जीत का सिलसिला टूट गया। यह टीम जल्द से जल्द वापसी करने के लिए बेताब होगी। हालांकि, आईपीएल के सबसे चुनौतीपूर्ण मैदानों में से एक पर जीत हासिल करना उनके लिए एक बड़ी परीक्षा होगी। कैस रहा हेड टू हेड रिकॉर्ड रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच अब तक का आमने-सामने का रिकॉर्ड बराबरी का रहा है। अब तक खेले गए 6 मुकाबलों में, दोनों टीमों ने तीन-तीन मैच जीते हैं। उनकी पहली भिड़ंत 30 अप्रैल 2022 को हुई थी, जिसे गुजरात टाइटंस ने जीता था। 2 अप्रैल 2025 को हुए सबसे हालिया मुकाबले में भी उन्हीं की जीत हुई थी। दोनों टीमों का आईपीएल स्क्वाड गुजरात टाइटंस की टीम: शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र, ग्लेन फिलिप्स, राशिद खान, मानव सुथार, निशांत सिंधु, वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कगिसो रबाडा, रविश्रीनिवासन साई किशोर, जयंत यादव, ईशांत शर्मा, अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, टॉम बैंटन, ल्यूक वुड, साई सुदर्शन, राहुल तेवतिया, अरशद खान, अनुज रावत, कुलवंत खेजरोलिया, गुरनूर बरार और शाहरुख खान। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम: फिलिप साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, रसिख सलाम डार, वेंकटेश अय्यर, जॉर्डन कॉक्स, कनिष्क चौहान, मंगेश यादव, जैकब डफी, स्वप्निल सिंह, नुवान तुषारा, जैकब बेथेल, विकी ओस्तवाल, विहान मल्होत्रा, अभिनंदन सिंह और सात्विक देसवाल। ऋषिकेश कुमार सिंह

वानखेड़े में संजू सैमसन का तूफानी शतक, MI vs CSK मैच में बनाए 10 चौके, 6 छक्के

 मुंबई आईपीएल 2026 के 33वें मुकाबले में गुरुवार को चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंड‍ियंस को मसलकर रख द‍िया. इस मुकाबले के सबसे बड़े हीरो संजू सैमसन रहे. सैमसन ने अपनी 54 गेंदों में नाबाद 101 रन की शानदार पारी से महफ‍िल लूट ली, जिसमें 10 चौके और 6 छक्के शामिल रहे. उनका स्ट्राइक रेट 187.04 का रहा. यह इस सीजन में उनका दूसरा शतक रहा।  संजू सैमसन के शतक और चेन्नई के गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर CSK ने मुंबई इंडियंस को 103 रन से करारी शिकस्त दी. अकील हुसैन ने 4 विकेट झटके. वहीं नूर अहमद ने दो विकेट लिए. वहीं चेन्नई की यह जीत रनों के ल‍िहाज से उनकी सबसे बड़ी जीत रही।  इससे पहले संजू सैमसन ने आईपीएल में अपना पांचवां शतक जड़ा, वहीं इस सीजन का उनका यह दूसरा शतक रहा. इसके साथ ही IPL में MI के खिलाफ CSK के किसी बल्लेबाज का यह पहला शतक रहा. जो एक यून‍िक र‍िकॉर्ड रहा।  संजू की पारी की बदौलत ही चेन्नई ने 20 ओवर में 207/6 का मजबूत स्कोर खड़ा किया. जवाब में मुंबई की टीम 104/10 (19 ओवर्स ) में स‍िमट गई. वानखेड़े में खेले जा रहे इस मुकाबले में टॉस जीतकर मुंबई ने पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन यह फैसला शुरुआत में भारी पड़ता द‍िखा।  ऋतुराज गायकवाड़ ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज दिखाया और 14 गेंदों में 22 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई. हालांकि वह बड़ी पारी में इसे नहीं बदल सके. मध्य ओवरों में रनगति थोड़ी धीमी हुई. कार्त‍िक शमा ने 19 गेंदों में 18 रन बनाए, जिससे दूसरे स्ट्रैटेजिक टाइमआउट के बाद टीम की रफ्तार पर असर पड़ा।  हालांकि जैमी ओवर्टन ने 7 गेंदों में 15 रन बनाकर अंत में टीम को थोड़ा तेज किया. मुंबई की ओर से जसप्रीत बुमराह और अल्लाह गजनफर एक बार फिर सबसे किफायती गेंदबाज रहे. उन्होंने अपने यॉर्कर और स्लोअर गेंदों से डेथ ओवरों में रन बनाना मुश्किल कर दिया।  रिकॉर्ड्सबुक  में सैमसन की एंट्री इस शतक के साथ संजू सैमसन अब टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीयों की सूची में 8 शतकों के साथ शामिल हो गए हैं, जहां व‍िराट कोहली (9) और  रोहित शर्मा (8) जैसे नाम मौजूद हैं. वहीं IPL में भी सैमसन के नाम अब 5 शतक हो गए हैं।  CSK के MI के खिलाफ सबसे बड़े स्कोर (IPL) 218/4 (2021, दिल्ली) 208/5 (2008, चेन्नई) 207/6 (2026, वानखेड़े)*  206/4 (2024, वानखेड़े) CSK के लिए सबसे ज्यादा शतक (IPL) 2 : शेन वॉटसन 2 : मुरली विजय 2 : ऋतुराज गायकवाड़ 2 : संजू सैमसन    सैमसन इस सीजन में CSK के लिए 2 शतक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बने (वॉटसन के बाद, 2018) संजू सैमसन की पारी का ब्रेकडाउन     तेज गेंदबाजों के खिलाफ: 40 गेंद में 83 रन (स्ट्राइक रेट 207.5)     10 चौके, 5 छक्के     स्पिन के खिलाफ: 14 गेंद में 18 रन (स्ट्राइक रेट 128.6)     1 छक्का     यानी सैमसन ने पेसर्स को ज्यादा टारगेट किया T20 में भारतीयों के सबसे ज्यादा शतक 9 : विराट कोहली 9 : अभिषेक शर्मा 8 : रोहित शर्मा 8 : संजू सैमसन   IPL में सबसे ज्यादा शतक 8 : विराट कोहली 7 : जोस बटलर 6 : क्रिस गेल 5 : केएल राहुल 5 : संजू सैमसन 

संजू के शतक और अकील के चौके से CSK ने हासिल की शानदार जीत

मुंबई  मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को एकतरफा अंदाज में 103 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की. घरेलू मैदान पर खेल रही मुंबई की टीम पूरी तरह दबाव में नजर आई और मैच के किसी भी मोड़ पर वापसी नहीं कर सकी।  इस जीत की नींव चेन्नई के कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने रखी, जिन्होंने शानदार शतक जड़ते हुए टीम को 200 रन के पार पहुंचाया. उनकी पारी ने मैच का रुख पूरी तरह चेन्नई की ओर मोड़ दिया।  लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही. पावरप्ले में ही दोनों ओपनर पवेलियन लौट गए और टीम 6 ओवर में 29 रन पर 3 विकेट गंवा बैठी. इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभालने की कोशिश की और एक छोटी साझेदारी भी की. हालांकि, जैसे ही यह साझेदारी टूटी, मुंबई की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई।  नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी टीम लड़खड़ा गई. आखिरकार मुंबई इंडियंस की पूरी पारी बुरी तरह ढह गई और टीम को 103 रन से करारी हार झेलनी पड़ी. गेंदबाजी में चेन्नई के लिए अकील हुसैन सबसे बड़े हीरो साबित हुए, जिन्होंने चार विकेट लेकर मुंबई की कमर तोड़ दी. वहीं नूर अहमद ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए अहम विकेट झटके और विपक्षी टीम को दबाव में बनाए रखा. इस जीत के साथ चेन्नई सुपर किंग्स ने न सिर्फ दो अहम अंक हासिल किए, बल्कि टूर्नामेंट में अपनी स्थिति भी मजबूत कर ली।  IPL में CSK की सबसे बड़ी जीत का अंतर (रनों के हिसाब से) 103 vs MI, वानखेड़े, 2026* 97 vs KXIP, चेन्नई, 2015 93 vs DD, अबू धाबी, 2014 92 vs RCB, ग्वालियर, 2009 91 vs DC, डीवाई पाटिल, 2022 IPL में MI की सबसे बड़ी हार का अंतर (रनों के हिसाब से) 103 vs CSK, वानखेड़े, 2026* 87 vs RR, जयपुर, 2013 85 vs विजाग, 2016 76 vs KXIP, मोहाली, 2011 66 vs KXIP, मोहाली, 2008     – यह MI की वानखेड़े में रनों के हिसाब से भी सबसे बड़ी हार है, इससे पहले 2015 में RCB के खिलाफ 39 रनों से हार मिली थी.      – 104 ऑल-आउट IPL में CSK के खिलाफ MI का सबसे कम टोटल, 2021 में दुबई में 136/8 से बेहतर.      – CSK ने 2023 से IPL में MI के खिलाफ पिछले छह मुकाबलों में से पांच जीते हैं.  IPL में MI के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत 19 – CSK (40 मैच)* 18 – PBKS (35 मैच) 17 – DC (38 मैच) 16 – RCB (35 मैच) 15 – RR (31 मैच) मुंबई की पारी की हाइलाइट्स  रनचेज में मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही, उसके 3 व‍िकेट महज 11 रन पर ही ग‍िर गए.  इसके बाद सूर्यकुमार यादव और त‍िलक वर्मा ने संभलकर खेलना शुरू किया. लेकिन त‍िलक वर्मा (37) 84 के स्कोर पर आउट हुए, जो मुंबई की टीम का चौथा व‍िकेट रहा. इसके बाद हार्द‍िक पंड्या और शेरफेन रदरफोर्ड बैक टू बैक नूर अहमद की गेंद पर आउट हो गए; जिससे मुंबई का स्कोर 85/6 हो गया.  इसके बाद अकील ने एक तरफ से डटे अकील हुसैन को भी 36 के स्कोर पर आउट कर चौथा व‍िकेट लिया. सूर्या के आउट होते ही मुंबई का स्कोर  87/7 हो गया. इसके बाद मुंबई की पूरी टीम ढह गई।  चेन्नई की पारी की हाइलाइट्स  इस मुकाबले में चेन्नई की पारी की सबसे बड़े हाइलाइट संजू सैमसन रहे, ज‍िन्होंने मैच में जमकर चेन्नई के गेंदबाजों की धुनाई की. उन्होंने आईपीएल कर‍ियर का पांचवां और मौजूदा आईपीएल का दूसरा शतक जड़ा. संजू का शतक पारी की आख‍िरी गेंद पर आया. संजू ने 101 रन नाबाद बनाए और महज 54 गेंदों में अपना शतक बनाया. उनकी पारी में 10 चौके और 6 छक्के शाम‍िल रहे. सैमसन अंत तक क्रीज पर टिके रहे और टीम को संभालकर बड़ा स्कोर खड़ा करने में मदद की, क्योंकि दूसरी तरफ लगातार विकेट गिर रहे थे. उनकी इस पारी की बदौलत चेन्नई ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 207 रन बनाए।  मुंबई की तरफ से अश्व‍िनी कुमार एएम गजनफर ने 2-2 विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह ने किफायती गेंदबाज़ी करते हुए 1 विकेट लिया और 31 रन दिए। 

IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी ने 8 रन में मैक्सवेल का महान रिकॉर्ड तोड़ा, दिग्गजों को पीछे छोड़ा

लखनऊ  आईपीएल 2026 का 32वां मुकाबला बुधवार को राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपरजॉयंट्स के बीच खेला गया. इस मुकाबले में सभी की नजर वैभव सूर्यवंशी पर थी. लेकिन वैभव इस मुकाबले में बड़ी पारी नहीं खेल सके और केवल 8 रन ही बना सके. लेकिन इन 8 रनों की छोटी पारी के बावजूद वैभव ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. अब सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास में सबसे तेज 500 रन (गेंदों के हिसाब से) बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं. ये मुकाम हासिल करने वाले वो सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गए हैं. यानी वैभव ने दोहरा उपलब्धि हासिल कर ली है।  वैभव ने तोड़ा दिग्गजों का रिकॉर्ड वैभव ने मैच के दौरान दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर चौका लगाकर यह उपलब्धि हासिल की. सिर्फ 222 गेंदों में 500 रन पूरे कर उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ग्लेन मैक्सवेल को पीछे छोड़ा. जिन्होंने आईपीएल में 500 रन बनाने के लिए 260 गेंदों का सामना किया था. वहीं, प्रियांश आर्य को ऐसा करने के लिए 278 तो वीरेंद्र सहवाग को 280 गेंदें खेलनी पड़ी थीं।  सबसे युवा खिलाड़ी भी वैभव आईपीएल में सबसे तेज 500 रन बनाने वाले वैभव सबसे युवा खिलाड़ी भी हैं. उन्होंने ये मुकाम 15 साल और 26 दिन की उम्र में हासिल किया है. जबकि पृथ्वी शॉ ने 500 आईपीएल रन 19 साल 164 दिन की उम्र में किया था. वहीं, संजू सैमसन ने 19 साल 195 दिनों में ये उपलब्धि हासिल की थी। 

लखनऊ का 160 रन का लक्ष्य असंभव, राजस्थान ने 40 रनों से की शानदार जीत

लखनऊ लखनऊ सुपर जॉयंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच आईपीएल 2026 का 32वां मुकाबला बुधवार को खेला गया. जिसमें राजस्थान ने 40 रनों से जीत हासिल की और अंक तालिका में दूसरे पायदान पर कब्जा जमा लिया. ये मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में हुआ. जहां टॉस जीतकर लखनऊ ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. राजस्थान की टीम ने जडेजा के नाबाद 43 रनों के दम पर 159 रन बनाए थे. इसके जवाब में लखनऊ की टीम 119 के स्कोर पर सिमट गई।  फ्लॉप रही दिग्गजों से सजी लखनऊ की टीम 160 के जवाब में उतरी लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही. पहले ही ओवर में आयुष बदोनी रन आउट हो गए. इसके बाद ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए आए और बिना खाता खोले ही आउट हो गए. इसके बाद एडन मारक्रम भी खाता नहीं खोल सके. यानी लखनऊ के टॉप ऑर्डर के 3 बैटर खाता भी नहीं खोल सके. इसके बाद मिचेल मार्श ने फिफ्टी लगाई. लेकिन उनका विकेट गिरते ही लखनऊ बैकफुट पर आ गई. लखनऊ की पूरी टीम 119 पर ढेर हो गई. इस हार से लखनऊ अंक तालिका में 9वें स्थान पर आ गई है।  ऐसे रही राजस्थान की बैटिंग पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान के लिए पारी का आगाज वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने किया. दोनों ने ताबड़तोड़ अंदाज में बैटिंग शुरू की. तीसरे ओवर में शमी ने यशस्वी का विकेट झटका. ऋषभ पंत ने विकेट के पीछे हैरतअंगेज कैच लपका. यशस्वी ने 22 रन बनाए. इसी ओवर में शमी ने जुरेल का भी विकेट झटका. जुरेल खाता भी नहीं खोल सके. चौथे ओवर में मोहसिन ने राजस्थान को उस वक्त बड़ा झटका दिया जब उन्होंने वैभव सूर्यवंशी का विकेट लिया. वैभव ने इस मैच में केवल 8 रन बनाए. लेकिन इसके बाद रियान पराग ने पारी को संभाला और 7 ओवर के बाद टीम का स्कोर 50 के पार पहुंचाया।  लेकिन 9वें ओवर में प्रिंस यादव ने राजस्थान को चौथा झटका दिया जब रियान पराग 20 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद जडेजा ने 43 रनों की नाबाद पारी खेली और फरेरा ने भी पारी को संभालने की कोशिश जरूर की. जिसके दम पर राजस्थान की टीम 159 रन बना सकी. लखनऊ की ओर से शमी ने 4 ओवर में दो विकेट झटके. वगीं, प्रिंस यादव, मोहसिन खान को भी 2-2 विकेट मिले। 

T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तानी क्रिकेटर का ड्रग सेवन, PCB ने बैठाई जांच समिति

नई दिल्ली पाकिस्तान क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज (Mohammad Nawaz) मुश्किलों में घिर गए हैं. ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान उनका ड्रग टेस्ट पॉजिटिव आया है, जिसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (Pakistan Cricket Board) ने मामले की जांच शुरू कर दी है।  रिपोर्ट के मुताबिक-यह सैंपल टूर्नामेंट के दौरान नियमित जांच प्रक्रिया में लिया गया था. पाकिस्तान ने अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में खेले थे. 32 वर्षीय नवाज का प्रदर्शन भी टूर्नामेंट में खास नहीं रहा था. उन्होंने 5 पारियों में सिर्फ 15 रन बनाए और 7 विकेट लिए. पाकिस्तान की टीम टीम सुपर-8 स्टेज से बाहर हो गई थी।  इस विवाद का असर उनके करियर पर तुरंत पड़ा है. इंग्लैंड काउंटी क्लब सरे काउंटी क्रिकेट क्लब (Surrey County Cricket Club) के साथ उनका करार रद्द हो गया है।  नवाज को पहले ही T20 ब्लास्ट में खेलने के लिए एनओसी मिल चुका था और इस हफ्ते उनकी साइनिंग का ऐलान होना था. लेकिन अब वह 26 मई से 18 जुलाई तक होने वाली इस लीग में हिस्सा नहीं ले पाएंगे. क्लब ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।  PSL में न‍िराशाजनक रहा है नवाज का प्रदर्शन मैदान पर भी नवाज का संघर्ष जारी है. वह इस समय मुल्तान सुल्तांस की ओर से पाकिस्तान सुपर लीग 2026 खेल रहे हैं, जहां उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है. 8 मैच की चार पारियों में उन्होंने सिर्फ 36 रन बनाए हैं, जबकि गेंदबाजी में 6 विकेट जरूर लिए हैं, लेकिन उनका एवरेज 32.66 और इकोनॉमी 10.88 रहा है।  मोहम्मद नवाज का इंटरनेशनल क्रिकेट कर‍ियर      6 टेस्ट,  144 रन, 16 विकेट      44 वनडे, 538 रन, 49 विकेट      98 टी20, 911 रन, 101 विकेट  अब सबकी नजर PCB की जांच पर है, जो तय करेगी कि इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होगी. अगर आरोप साबित होते हैं, तो नवाज को सख्त सजा का सामना करना पड़ सकता है, जिससे उनके इंटरनेशनल करियर पर गंभीर असर पड़ सकता है।