samacharsecretary.com

पप्पू यादव ने किया खुलासा: कांग्रेस अगले चुनाव में क्या खेल सकती है?

पटना विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के नेता मुकेश सहनी को उप-मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा के बाद से सीएम कैंडिडेट बनाए गए राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस आलोचना से घिरे हैं। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM तो खुलकर कह रही है कि 2 फीसदी वाले नेता को डिप्टी सीएम और 18 परसेंट वोट वाले मुसलमान सिर्फ दरी बिछाएंगे। कई मुस्लिम बुद्धिजीवियों ने भी इस मसले को उठाया है कि जब अति पिछड़ी जाति से सहनी के नाम की घोषणा हुई तो साथ में मुसलमान डिप्टी सीएम की भी घोषणा हो सकती थी। माना ये जा रहा है कि महागठबंधन ने वोट का ध्रुवीकरण रोकने के लिए इसे फिलहाल के लिए टाला है। कांग्रेस का खुलकर समर्थन कर रहे पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने शुक्रवार को ट्वीट में कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी तो राहुल गांधी दलित और मुस्लिम उप-मुख्यमंत्री बनाएंगे। पप्पू यादव का नाम हाल में कांग्रेस के टिकट बंटवारे को लेकर विवाद में भी आया था, जब एक नेता और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम की बातचीत में उनका जिक्र इस तरह से हो रहा था कि वो भी टिकट कटवा और दिलवा रहे हैं। पप्पू यादव ने बिहार में कांग्रेस के जमाने में सीएम बनाए गए दलित और मुस्लिम नेताओं की भी याद दिलाई है।   पप्पू यादव ने ट्वीट किया है- “बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी तो हमारे नेता राहुल गांधी दलित और मुस्लिम समुदाय से एक-एक उपमुख्यमंत्री अवश्य बनाएंगे! वह सभी समाज को समुचित प्रतिनिधि देने के पक्षधर रहे हैं। उनके पिता राजीव गांधी तारिक अनवर को सीएम बनाना चाहते थे तो इंदिरा गांधी ने भोला पासवान शास्त्री और अब्दुल गफूर को मुख्यमंत्री बनाया था!”  

तेजस्वी यादव ने किया खुलासा: राघोपुर में अब जनता करेगी मुख्यमंत्री का चयन!

बिदुपुर राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के बिदुपुर बाजार में शुक्रवार को राजद के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन करते हुए राघोपुर से राजद उम्मीदवार सह नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि राघोपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता इस बार विधायक नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री चुन रही है। जनता के जोश और उत्साह से स्पष्ट है कि लोगों ने उन्हें चिंता-मुक्त बना दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है। महागठबंधन की सरकार में बिहार के जिस परिवार में सरकारी नौकरी नहीं है, उस परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी। माई-बहिन मान योजना की चर्चा करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी सेविका, रसोइया, टोला सेवक, विकास मित्र आदि का वेतनमान दोगुना किया गया है, यह हमारी पहल और घोषणा का ही परिणाम है। तेजस्वी ने एनडीए पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास कोई विजन नहीं है। वे लोग हमारे विजन की नकल करते हैं। तभी तो सामाजिक सुरक्षा पेंशन ग्यारह सौ रुपये प्रतिमाह तक पहुंचा। महागठबंधन की सरकार ने हमेशा काम किया है, हर पंचायत में विकास के कार्य दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि हम किसी को तंग या तबाह नहीं करते, जबकि वे लोग अपने विरोधियों को तरह-तरह के हथकंडों से डराते हैं। उन्होंने कहा कि बिदुपुर और राघोपुर की जनता ने उनके पिता लालू प्रसाद यादव को भरपूर प्यार दिया, और उन्हें भी कम स्नेह नहीं मिला। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में आपने मुझे 45 हजार वोटों से जिताया, क्योंकि यहां का हर बच्चा और हर नागरिक तेजस्वी यादव बनकर काम करता है। आपके जोश को देखकर यह लगता है कि आपने हमें दूसरे क्षेत्रों में प्रचार के लिए इजाजत दे दी है और यहां की जिम्मेदारी अपने हाथों में ले ली है। इससे पूर्व, तेजस्वी यादव ने बिदुपुर बाजार में कार्यालय का उद्घाटन किया। वे हेलिकाप्टर से बिदुपुर पहुंचे और कार्यालय उद्घाटन के बाद सड़क मार्ग से चकौसन व चकसिकंदर सहायक कार्यालयों का उद्घाटन किया, इसके बाद पटना लौट गए।  

सीताराम केसरी का अपमान उठाया मोदी ने, कांग्रेस पर किया जमकर कटाक्ष

बेगूसराय  भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्व. सीताराम केसरी की आज पुन्यतिथि है। इस मौके पर बिहार के दलित नेता को याद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के खिलाफ पार्टी अध्यक्ष के अपमान का मुद्दा उछाल दिया। कहा कि कांग्रेस परिवार (गांधी परिवार) ने केसरी उन्हीं के मकान में बाथरूम में बंद करवा दिया और अध्यक्ष पद की चोरी कर ली। पीएम ने राहुल गांधी के वोट चोरी नारे पर उन्हीं के अंदाज में जवाब दे दिया। बेगूसराय की चुनावी रैली में जुटी लाखों की भीड़ को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सीताराम केसरी की पुण्यतिथि है। देश यह कभी नहीं भूल सकता कि कांग्रेस के इस परिवार ने किस प्रकार से सीताराम केसरी को अपमानित किया। आज का दिन हमें याद दिलाता है कि कांग्रेस पार्टी दलित और पिछड़ों के अधिकार छीनने के लिए क्या कुछ कर सकती है। इन लोगों के लिए सिर्फ अपना परिवार ही सबसे ऊपर है। आपने टीवी पर देखा होगा कि कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष रहे सीताराम केसरी जो हमारे बिहार के गौरव थे, उन्हें उनके घर के बाथरूम में बंद कर दिया गया और उनको उठाकर फुटपाथ पर फेंक दिया गया। इतने से भी मन नहीं भरा तो उनके जिम्मे जो कांग्रेस का अध्यक्ष पद था, इस परिवार ने अध्यक्ष पद की भी चोरी कर ली। यह ऐसे लोग हैं जिन्हें आपके परिवार की कोई चिंता नहीं है। पीएम मोदी ने कहा कि जंगल राज में हमारी माताएं बहने सबसे ज्यादा पीड़ित रहीं। आज एनडीए के सुशासन में वही बहनें निर्भीक होकर अपने को आत्मनिर्भर बना रही हैं। देश दुनिया में बड़ा नाम करने के लिए आगे आ रही हैं। जीविका दीदी के रूप में बिहार की बहने गांव में अपना व्यवसाय कर रही हैं लखपति डॉन में बिहार की बहनों की संख्या अच्छी है। कांग्रेस राजद की सरकार में बहनों के कुछ नहीं किया गया।  

सीवान में गरजे अमित शाह: बोले, ‘ओसामा को जीतने मत देना’, RJD पर बोला जोरदार हमला

सीवान बिहार चुनाव का घमासान तेज हो गया है। शुक्रवार को एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समस्तीपुर और बेगूसराय में चुनावी रैली को संबोधित किया। तो वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीवान में चुनावी जनसभा की। इस दौरान उनके निशाने पर लालू यादव की आरजेडी रही। शहाबुद्दीन का नाम लेकर शाह ने लालू-राबड़ी पर हमला बोला। उन्होने कहा कि सीवान की जनता ने कभी शहाबुद्दीन के सामने सरेंडर नहीं किया। 20 साल के लालू और राबड़ी के जंगलराज को सीवान के लोगों ने सहा है। लेकिन कभी झुके नहीं है। एक बार फिर लालू ने रघुनाथपुर से शहाबुद्दी के बेटे ओसामा शहाब को टिकट दिया है। सीवान वाले इस धरती से आरजेडी को जवाब देंगे, और ओसामा को जीतने नहीं देंगे। शाह ने बताया कि मैंने बिहार प्रदेश भाजपा को कहा था, कि मेरा सबसे पहले दौरा सीवान में लगाइएगा। नामांकन के बाद मेरा सबसे पहला दौरा सीवान में हो। आपको लगेगा क्यों सीवान आना चाहते हैं? मैं सीवान की जनता को सलाम करने आया हूं। क्योंकि 20 साल के लालू-राबड़ी के जंगलराज को सीवान की जनता ने सहा। शहाबुद्दीन का खौफ सीवान ने सहा है। भूमि लालवान हो गई, लेकिन सीवान वालों ने झुकने का नाम नहीं लिया और लालू -राबड़ी के राज को खत्म किया। शहाबुद्दीन का नाम लेकर शाह ने कहा कि 20 साल तक ए- कैटेगरी हिस्ट्रीशीटर। जिस पर 75-75 केस, 2-2 कारावास, ट्रिपल मर्डर, एसपी सिंघल पर हमला। छोटा लाल गुप्ता और मुन्ना चौधरी की हत्या, के साथ व्यापारियों के बेटों को तेजाब में निलहाकर कर गला देने का आरोप था। लेकिन सीवान की जनता शहाबुद्दी के सामने कभी सरेंडर नहीं हुई। शहाबुद्दीन के सामने सीवान से हमारे ओम प्रकाश को आपने सांसद बनाकर भेजा। शाह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आप सब एकजुट हो जाइए, इसी शहाबुद्दीन के बेटे को रघुनाथपुर से लालू ने प्रत्याशी बनाया है। लेकिन मैं कहने आया हूं, कि बिहार में मोदी और नीतीश कुमार का राज है। 100 शहाबुद्दीन भी आ जाएं, तो भी किसी का बाल बांका नहीं हो सकता। सीवान वालों इसी भूमि से लालू-राबड़ी को जवाब दे दो। फिर से जंगलराज नहीं आने देंगे। ओसामा को नहीं जीतने देंगे। शहाबुद्दीन की विचारधारा को नहीं आने देंगे। शाह ने लोगों से पूछते हुए कहा कि शहाबुद्दीन की विचारधारा को वोट दे सकते हैं क्या? आज में कहने आया है कि दीपावली मनाई, छठ बनाएंगे और असली दिवाली 14 नवंबर को होगी, जब लालू के बेटे का सूपड़ा साफ हो जाएगा।  

चिराग पासवान ने महागठबंधन की नीतियों पर साधा निशाना, कहा- मुस्लिम वोट का सिर्फ उपयोग

पटना केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने शुक्रवार को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव पर आरोप लगाया कि विपक्ष मुसलमानों को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करता है, और उनके वास्तविक प्रतिनिधित्व से हमेशा किनारा करता है। मुस्लिम समाज के प्रतिनिधित्व पर खड़े किए ये सवाल पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पासवान ने कहा, “‘इंडिया' गठबंधन यादवों और सहनी समाज के नाम पर राजनीति कर रहा है, लेकिन मुसलमानों की बात वह केवल वोट के समय करता है। मुसलमानों की जनसंख्या बिहार में लगभग 18 फीसदी है, फिर भी ‘इंडिया' गठबंधन ने किसी मुस्लिम नेता को मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री या किसी प्रमुख पद का उम्मीदवार नहीं बनाया।” उन्होंने कहा, “तेजस्वी यादव, यादव समाज से हैं, जिनकी आबादी करीब 13 फीसदी है, जबकि मुकेश सहनी, साहनी समाज से आते हैं, जिनकी आबादी लगभग 2 फीसदी है। लेकिन 18 फीसदी मुस्लिम आबादी के बावजूद, मुसलमानों को सत्ता की भागीदारी से वंचित रखा गया है। ये लोग सिर्फ मुसलमानों को डराकर और भावनात्मक मुद्दों पर भड़का कर वोट लेना जानते हैं, उन्हें असली प्रतिनिधित्व देने की उनकी नीयत कभी नहीं रही।” VIP प्रमुख मुकेश सहनी पर बोला हमला पासवान ने वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा “सहनी समाज के नाम पर राजनीति करने वाले मुकेश सहनी ने अपने समाज को भुला दिया है। उन्होंने केवल अपने लिए उपमुख्यमंत्री का पद मांगा, समाज के अधिकारों के लिए एक शब्द नहीं कहा। अब वह केवल स्वार्थ की राजनीति कर रहे हैं।” लोजपा (रामविलास) प्रमुख ने कहा कि महागठबंधन जाति और धर्म के आधार पर समाज को बांटने की कोशिश कर रहा है, जबकि केंद्र सरकार सभी वर्गों के लिए समान रूप से योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा, “2005 में मेरे पिता रामविलास पासवान ने कहा था कि बिहार में मुख्यमंत्री मुस्लिम समाज से बनाया जाना चाहिए, लेकिन तब भी किसी ने ध्यान नहीं दिया। आज भी मुसलमानों को सिर्फ वोट के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।” चिराग पासवान ने दावा किया कि अब मुसलमान भी समझ चुके हैं कि तेजस्वी यादव और उनके सहयोगी केवल चुनाव के वक्त उन्हें याद करते हैं, शासन और सत्ता में उन्हें कोई जगह नहीं देते। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी सभी तबकों के विकास के लिए काम कर रही है, जबकि महागठबंधन समाज को जाति और धर्म के आधार पर विभाजित करने की राजनीति कर रहा है।

बिहार की राजनीति में हलचल: उपमुख्यमंत्री पद पर दलित-मुस्लिम गठजोड़, पप्पू यादव ने दी प्रतिक्रिया

पटना बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की हलचल के बीच निर्दलीय सांसद पप्पू यादव  ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार में INDIA गठबंधन की सरकार बनेगी तो हमारे नेता राहुल गांधी दलित और मुस्लिम समुदाय से एक-एक उपमुख्यमंत्री अवश्य बनाएंगे। उनके इस बयान ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। दरअसल, पप्पू यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर दावा किया कि अगर बिहार में INDIA गठबंधन की सरकार बनेगी तो हमारे नेता राहुल गांधी जी दलित औरमुस्लिम समुदाय से एक-एक उपमुख्यमंत्री अवश्य बनाएंगे! उन्होंने आगे लिखा कि वह सभी समाज को समुचित प्रतिनिधि देने के  पक्षधर रहे हैं। उनके पिता राजीव गांधी जी, तारिक अनवर साहब को मुख्यमंत्री बनाना चाहते थे तो इंदिरा जी ने भोला पासवान शास्त्री जी और गफ़ूर साहब को बिहार का मुख्यमंत्री बनाया था!

सावधान! रांची के 26 घाट घोषित किए गए Dangerous, नगर निगम ने दी चेतावनी

इस बार छठ पूजा की शुरुआत शनिवार, 25 अक्टूबर 2025 को होगी और समापन मंगलवार, 28 अक्टूबर 2025 को प्रातः कालीन अर्घ्य के साथ होगा। झारखंड में छठ पूजा की बड़ी ही धूम होती है। वहीं, छठ पूजा से पहले रांची के 26 घाट खतरनाक घोषित कर दिए गए हैं। जानकारी के मुताबिक रांची में इस बार मानसून के दौरान रिकॉर्ड तोड़ बारिश होने के कारण शहर के कई तालाबों में जलस्तर काफी बढ़ गया है। नगर निगम द्वारा कराए गए सर्वे में 74 घाटों में से 26 को हाई रिस्क जोन घोषित किया गया है। कहा जा रहा है कि इन घाटों में सीढ़ियों से उतरते ही 7 से 8 फीट तक पानी है, जो व्रतधारियों और श्रद्धालुओं के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकता है। नगर निगम ने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर एनडीआरएफ जवानों की तैनाती की मांग की है। वहीं, नगर निगम ने अपील की है कि श्रद्धालु चिह्नित सुरक्षित घाटों पर ही पूजा करें और बच्चों या बुजुर्गों को पानी के गहरे हिस्से में न ले जाएं। बैरिकेडिंग पार करना सख्त वर्जित है। कांके डैम, हातमा तालाब, तिरिल बस्ती कोकर तालाब, जोड़ा तालाब बरियातू, भाभा नगर तालाब, कोकर टुनकी टोला तालाब, रिम्स, जेल तालाब, चडरी तालाब, करमटोली तालाब, हटनिया तालाब, नक्षत्र वन, बड़ा तालाब, अरगोड़ा तालाब, मधुकम तालाब, कटहल गोंदा तालाब, सरोवर नगर डैम साइड, भट्टा गढ़ा, हेहल तालाब, जगन्नाथपुर तालाब, धुर्वा डैम, धुर्वा छोटा डैम, बटन तालाब, स्वर्णरेखा घाघरा घाट, नामकुम तेतरी टोली, कैलाश नगर, नामकुम सिपाही पुल, जोजार नामकुम, हुंडरू तालाब।

बैंकिंग सेवाएं ठहरेंगी छठ के कारण, जानें कौन-कौन से दिन रहेंगे बंद

छठ पूजा एक प्रमुख भारतीय त्योहार है जिसे खासतौर पर बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, नेपाल, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल में मनाया जाता है। छठ पूजा की शुरुआत नहाय-खाय के साथ होती है और इसका समापन सूर्यदेव को सुबह अर्घ्य देने के साथ होता है। इस बार छठ पूजा की शुरुआत शनिवार, 25 अक्टूबर 2025 को होगी और समापन मंगलवार, 28 अक्टूबर 2025 को प्रातः कालीन अर्घ्य के साथ होगा। वहीं, छठ पर्व के दौरान 4 दिन तक बैंक बंद रहने वाले हैं। छठ पूजा के मौके पर कब-कब बैंक बंद रहेंगे? कल यानी 25 अक्टूबर से छठ की शुरूआत हो रही है, लेकिन कल चौथा शनिवार है तो इस वजह से भी कल बैंक बंद रहेंगे। 26 अक्टूबर को रविवार है और छठ पर्व का दूसरा दिन है तो इस वजह से बैंक बंद रहेंगे। 27 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में छठ पूजा (शाम की अर्घ्य) के कारण बैंक बंद रहेंगे। 28 अक्टूबर को बिहार और झारखंड में छठ पूजा (सुबह की अर्घ्य) पर बैंक की छुट्टी रहेगी।

तेजस्वी का बीजेपी पर वार, नीतीश पर प्यार, बोले- बिहार को चलाने का हक सिर्फ बिहारी को

पटना आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर शुक्रवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर से चुनाव प्रचार का शंखनाद किया। सलखुआ उच्च विद्यालय मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश कुमार और एनडीए गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। हालांकि इस दौरान नीतीश कुमार पर तेजस्वी नरम दिखे। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार बीस साल में भी बिहार से पलायन नहीं रोक पाए। हमारी सरकार आएगी तो नया बिहार बनाएंगे। मेरी उम्र भले ही कच्ची है, लेकिन जुबान पक्की है। मेरा सपना भ्रष्टाचार मुक्त बिहार बनाने का है। तेजस्वी ने कहा कि एनडीए ने अब तक मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं किया है। अमित शाह ने खुद कह दिया कि चुनाव के बाद सीएम तय करेंगे। तेजस्वी ने तंज कसते हए कहा कि एक बात तय है कि नीतीश जी अब मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे। जबकि हमने तय कर लिया है। उन्होंने वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री बनाने की बात कही। तेजस्वी ने सीएम नीतीश कुमार के प्रति हमदर्दी भी जताई और कहा, हमारे चाचा नीतीश कुमार को भाजपा ने हाइजैक कर लिया है। उनके साथ नाइंसाफी की जा रही है। तेजस्वी ने कहा कि बिहार को बाहरी ताकतें नियंत्रित नहीं करेंगी। बिहार को बिहारी ही चलाएगा, कोई बाहरी नहीं। हम बिहारी डरने वाले नहीं हैं। इस दौरान वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, इंडियन इंक्लूसिव पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आईपी गुप्ता, खगड़िया के पूर्व सांसद एवं राजद नेता चौधरी महबूब अली केसर, युसूफ सलाहउद्दीन, सरिता पासवान, गौतम कृष्ण मौजूद रहे।

मोदी का बिहार में हमला: विपक्ष पर भविष्य को खतरे में डालने का आरोप

पटना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर समस्तीपुर और बेगूसराय में जनसभा को संबोधित किया। दोनों जनसभाओं में उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। जंगलराज का कई बार जिक्र किया। साथ ही महागठबंधन पर भी खूब बात की। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन नहीं लठबंधन है। उनके लोग आपस में ही लड़ रहे हैं। लाठियां भांज रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि जब से बिहार चुनाव की घोषणा हुई है, तब से हम एक चीज साफ साफ देख रहे हैं कि एक तरफ एनडीए है। एक सूझबूझ से भरा हुआ नेतृत्व है। वहीं दूसरी तरफ लाठियां भांज रहा महालठबंधन हैं। यह लोग कैमरे पर आकर कुछ भी बोले लेकिन पीठ पीछे एक दूसरे की खाल खींज रहे हैं। इस महागठबंधन में अटक दल है, भटक दल है, लटक दल है, झटक दल है और पटक दल है। राजद बीते दो दशक में कोई चुनाव नहीं जीता है। लेकिन, अपने अहंकार में इनके लोग अटके हुए हैं। राजद ने झामुमो को इसी अहंकार में झटक दिया। बिहार में कांग्रेस को पटक दिया। वीआईपी को भटका दिया और वामदल को अटका दिया। पीएम ने बताया- सबसे ज्यादा भ्रष्ट परिवार कौन है? पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार को जंगलराज से मुक्त करवाया। नौजवानों से मैं कहना चाहता हूं कि अक्टूबर 2005 में आपके माता-पिता ने आपके भविष्य के लिए बिहार को जंगलराज से मुक्त करवाया था। एनडीए सरकार को चुना था। आपको अपने वोट की ताकत समझनी है। आपके एक वोट से ही बिहार का भविष्य तय होगा। उन्होंने लालू परिवार पर हमला बोलते हुए कहा कि वह परिवार बिहार का सबसे ज्यादा भ्रष्ट परिवार है। इसके ज्यादातर सदस्य जमानत पर बाहर निकले हैं। यह लोग जमानत पर जीने को मजबूर हैं। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस का एक परिवार है, वह देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है। इस परिवार के लोग भी जमानत हैं। लेकिन, अब बिहार ऐसे लोगों पर भरोसा नहीं करता है। इसलिए अब एक ही नारा गूंज रहा है, नई रफ्तार से चलेगा बिहार, जब फिर गूंजेगा एनडीए सरकार। 'राजद वालों ने केवल अपने बेटे-बेटियों का भविष्य बनाया' पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि राजद वालों ने केवल अपने बेटे-बेटियों का भविष्य बनाया। बिहार के लाखों नौजवानों का भविष्य बर्बाद कर दिया। एक समय था जब बेगूसराय देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में से एक था। 60 के दशक में यहां फैक्ट्रियां लगीं, रोजगार के अवसर बढ़े लेकिन फिर क्या हुआ? जंगलराज आ गया। फैक्ट्रियों पर ताला लगा दिया गया। जंगलराज ने बिहार के भविष्य को अधर में लटका दिया। जिस राजद ने बिहार को पलायन का अभिशाप दिया? उसके नेता आज बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। एनडीए सरकार के लिए विकास सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसलिए हमलोगों ने सबसे पहले बिहार को जंगलराज से मुक्त किया।