samacharsecretary.com

गुरु ग्रंथ साहिब के लापता स्वरूपों की जांच के लिए पंजाब सरकार ने बनाई SIT, 16 पर दर्ज है FIR

अमृतसर  पंजाब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के लापता पावन सरूपों से जुड़े मामलों की जांच को तेज करने के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है। यह एसआईटी ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन, पंजाब की ओर से गठित की गई है। ये जांच कमेटी पुलिस कमिश्नर अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर की देखरेख में कार्य करेगी। ये टीम 7 दिसंबर 2025 को दर्ज एफआईआर 168 के तहत दर्ज मामलों की जांच करेगी। यह केस अमृतसर के पुलिस स्टेशन ‘सी’ डिवीजन में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 295, 295-ए, 120-बी, 409 और 465 के तहत दर्ज है। SIT का काम 7 दिसंबर 2025 को दर्ज FIR नंबर 168 के तहत दर्ज मामलों की जांच करना है। यह केस अमृतसर के पुलिस स्टेशन ‘C’ डिवीजन में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 295, 295-A, 120-B, 409 और 465 के तहत दर्ज किया गया है। SIT के चेयरमैन जगतप्रीत सिंह, अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी टीम में शामिल SIT के चेयरमैन के रूप में एआईजी विजिलेंस मोहाली, जगतप्रीत सिंह, पीपीएस को नियुक्त किया गया है। टीम में अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं, जिनमें डीसीपी (जांच) अमृतसर रविंदरपाल सिंह संधू, अतिरिक्त डीसीपी अमृतसर हरपाल सिंह संधू, एसपी/डी पटियाला गुरबंस सिंह बैस, एसीपी लुधियाना बेअंत जुनेजा और एसीपी/डी अमृतसर हरमिंदर सिंह शामिल हैं। आवश्यकता पड़ने पर अन्य पुलिस अधिकारियों को भी SIT में जोड़ा जा सकेगा।इस FIR में कुल 16 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है, जिनमें एसजीपीसी के 10 प्रमुख सदस्य शामिल हैं। इनमें डॉ. रूप सिंह (पूर्व मुख्य सचिव), मंजीत सिंह (धर्म प्रचार समिति पूर्व सचिव), गुरबचन सिंह, सतिंदर सिंह, निशान सिंह, परमजीत सिंह, गुरमुख सिंह, जुझार सिंह, बाज सिंह और दलबीर सिंह शामिल हैं। इसके अलावा कमलजीत सिंह, कुलवंत सिंह, जसप्रीत सिंह, एक अन्य गुरबचन सिंह, एक अन्य सतिंदर सिंह और अमरजीत सिंह का नाम भी FIR में शामिल है। SIT का गठन निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए SIT का गठन इस बात का संकेत है कि पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि चोरी हुए पवित्र स्वरूपों की जांच निष्पक्ष, गहन और पारदर्शी तरीके से हो, ताकि धार्मिक संस्थाओं और श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे और न्याय सुनिश्चित किया जा सके। विशेष जांच टीम के चेयरमैन एआईजी विजिलेंस मोहाली जगतप्रीत सिंह पीपीएस को नियुक्त किया गया है। उनके साथ टीम में डीसीपी (जांच) अमृतसर रविंदरपाल सिंह संधू, अतिरिक्त डीसीपी अमृतसर हरपाल सिंह संधू, एसपी-डी पटियाला गुरबंस सिंह बैस, एसीपी लुधियाना बेअंत जुनेजा और एसीपी-डी अमृतसर हरमिंदर सिंह को सदस्य बनाया गया है। आवश्यकता पड़ने पर अन्य पुलिस अधिकारियों को भी एसआईटी में शामिल किया जा सकेगा। 328 पवित्र स्वरूपों के मामले में जमानत खारिज, कोर्ट ने बेल आवेदन ठुकराए यह FIR भाई बलदेव सिंह वडाला, भाई बलदेव सिंह सिरसा और अन्य लोगों की शिकायत पर दर्ज की गई थी। आरोपियों ने इसके बाद जमानत (बेल) के लिए आवेदन दायर किए, जो अमृतसर की अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश गुरबीर सिंह की कोर्ट में लंबित थे। हाल ही में इस मामले में अदालत ने सभी आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज कर दी। यह फैसला 20 दिसंबर 2025 को सुनाया गया। राज्य की ओर से इस मामले की पैरवी अमृतपाल सिंह खेहरा, जिला अटॉर्नी प्रॉसीक्यूशन अमृतसर, और अमरपाल सिंह, जिला अटॉर्नी लीगल अमृतसर ने की।  

दो वर्षों के सुशासन में बदली कुनकुरी की तस्वीर, विकास की लिखी गई नई इबारत : मुख्यमंत्री साय

रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन के दो वर्षों के दौरान विकास की नई गति देखने को मिल रही है। इसी क्रम में जशपुर जिले के कुनकुरी नगर पंचायत क्षेत्र को 107 करोड़ 32 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की स्वीकृति देकर मुख्यमंत्री ने नगर को ऐतिहासिक सौगात दी है। इन योजनाओं से कुनकुरी नगर की आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, पर्यटन, यातायात और नागरिक सुविधाओं में व्यापक और दीर्घकालिक सुधार होगा। कुनकुरी नगर में युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 63 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण को मंजूरी दी गई है। यह कॉम्प्लेक्स क्षेत्रीय युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने में मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री साय ने नगर पंचायत क्षेत्र में 53 विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति देकर जनता से किए गए अपने वादे को पूरा किया है। इन कार्यों से नगर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में बुनियादी सुविधाएं सुदृढ़ होंगी और नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा। स्वास्थ्य के क्षेत्र में कुनकुरी को बड़ी सौगात देते हुए 2 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से नेचुरोपैथी भवन निर्माण को मंजूरी दी गई है। इससे प्राकृतिक चिकित्सा, आयुर्वेद और योग को बढ़ावा मिलेगा तथा नागरिकों को बेहतर वैकल्पिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। पर्यटन और धार्मिक आस्था को सशक्त करने के लिए छठ घाट के समग्र विकास हेतु 5 करोड़ 17 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। घाट के सौंदर्यीकरण और विकास से स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और आर्थिक गतिविधियों मंक वृद्धि होगी। कुनकुरी नगर में सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए 6 करोड़ 67 लाख रुपये की लागत से आधुनिक बहुउद्देशीय ऑडिटोरियम भवन का निर्माण किया जाएगा, जिससे कला, संस्कृति और सामाजिक आयोजनों को नया मंच मिलेगा। शिक्षा के क्षेत्र में मजबूती लाने के उद्देश्य से नालंदा परिसर के 250 सीटर विस्तार के लिए 4 करोड़ 37 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्राप्त होगा। नगर के यातायात को सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए 7 करोड़ 26 लाख रुपये की लागत से हाई-टेक बस स्टैंड के निर्माण को मंजूरी मिली है, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी। इसके साथ ही नगर में बच्चों के मनोरंजन और सुरक्षित खेल के लिए 1 करोड़ 2 लाख रुपये की लागत से रिक्रिएशन चिल्ड्रन पार्क का निर्माण किया जाएगा। वहीं 6 करोड़ रुपये की राशि से वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक एलईडी स्ट्रीट लाइट एवं अन्य विकास कार्य किए जाएंगे, जिससे नगर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित होगी। इन सभी योजनाओं के माध्यम से कुनकुरी नगर तेजी से स्मार्ट सुविधाओं, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, सशक्त शिक्षा, आधुनिक यातायात और समृद्ध सांस्कृतिक गतिविधियों से युक्त एक आदर्श नगर के रूप में उभर रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन में कुनकुरी नगर विकास, विश्वास और भविष्य की नई मिसाल बनता जा रहा है। नगरवासियों ने इन ऐतिहासिक विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री श्री साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

कोहरे की चादर में लिपटा राजस्थान, 20 मीटर से कम दिख रही सड़कें

जयपुर राजस्थान इन दिनों घने कोहरे की चपेट में है। प्रदेश के सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर अगले तीन दिनों के लिए बेहद घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी मौसम विभाग की ओर से जारी की गई है। कोहरे के चलते प्रदेश में कई जगह सड़क हादसे भी हो रहे हैं। राजधानी जयपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में भी घना कोहरा देखा जा रहा है। कई जगहों पर दृश्यता 20 मीटर से भी कम दर्ज की गई, जिससे जनजीवन प्रभावित होता नजर आ रहा है। राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में कोहरे का प्रभाव सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। रविवार को गंगानगर, हनुमानगढ़, अलवर, भरतपुर, करौली, दौसा, डीग, धौलपुर व खैरथल-तिजारा बेहद घना कोहरा रहा। उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है, जबकि दिन के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। रविवार को प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पूर्वी राजस्थान के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली और दौसा जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के चलते इन इलाकों में दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। रविवार को अलवर और करौली प्रदेश के सबसे ठंडे शहर रहे। अलवर में अधिकतम तापमान 17 डिग्री और करौली में 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करौली में दिन के तापमान में 7 डिग्री, जबकि अलवर में 5.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। दौसा, श्रीगंगानगर, कोटा, पिलानी, जयपुर, चित्तौड़गढ़ और जैसलमेर समेत लगभग सभी शहरों में तापमान 1 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरा। कोहरे के कारण कई शहरों में ‘ठंडा दिन’ दर्ज किया गया। दौसा में अधिकतम तापमान 23.3, सिरोही में 22.8, बारां में 23.7, गंगानगर में 21.1, पिलानी में 21.9 और कोटा में 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा। रात के तापमान में बढ़ोतरी पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादल छाए रहने से उत्तरी हवाएं कमजोर पड़ी हैं। इससे न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है और सुबह-शाम की सर्दी कुछ कम हुई है। कई शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा। सबसे कम न्यूनतम तापमान माउंट आबू में 7 और चित्तौड़गढ़ में 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कल से बढ़ेगी सर्दी, कोहरा रहेगा जारी मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर अभी बना रहेगा, जिससे कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। 23 दिसंबर से उत्तर भारत से ठंडी हवाओं का असर बढ़ेगा, जिससे न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। साथ ही उत्तर-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

जनहित सर्वाेपरि: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े मौके पर ही कराया लंबित समस्या का समाधान

रायपुर, छत्तीसगढ़ शासन में संवेदनशीलता, तत्परता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता की मिसाल उस समय देखने को मिली, जब महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने एक पीड़ित महिला की महीनों से लंबित समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित कराया। नोनी सुरक्षा योजना से संबंधित दस्तावेज़ों में नाम सुधार के लिए पीड़ित महिला लंबे समय से विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगा रही थी। बार-बार आवेदन और निवेदन के बावजूद उसकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से अत्यंत परेशान थी। आज रायपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जब महिला ने अपनी व्यथा मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के समक्ष रखी, तो मंत्री राजवाड़े ने अत्यंत संवेदनशीलता के साथ उसकी बात सुनी। उन्होंने बिना विलंब किए मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारी से फोन पर चर्चा कर समस्या के शीघ्र एवं समयबद्ध निराकरण के स्पष्ट निर्देश दिए। मंत्री राजवाड़े ने दो टूक शब्दों में कहा कि महिलाओं और बच्चों से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं किया जायेगा। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन अधिकारियों की निष्क्रियता के कारण हितग्राही को अनावश्यक रूप से परेशान होना पड़ा, उनके विरुद्ध जवाबदेही तय की जाए। मंत्री राजवाड़े ने कहा कि सरकार की जनहितकारी योजनाओं का उद्देश्य केवल कागज़ों तक सीमित रहना नहीं, बल्कि पात्र हितग्राहियों तक उनका लाभ समय पर और सम्मान के साथ पहुँचना है। महिलाओं और बच्चों से जुड़ी किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यह घटना राज्य में सुशासन और संवेदनशील प्रशासन का सकारात्मक संदेश देती है तथा यह प्रमाणित करती है कि मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े जनहित से जुड़े मामलों में त्वरित निर्णय लेकर आमजन के विश्वास को निरंतर सशक्त कर रही हैं।

फौजी के घर से अंडरवर्ल्ड तक: 28 महीने की तलाश के बाद ढेर हुआ सिराज, भाई भी फंसा

 सुल्तानपुर यूपी के सहारनपुर में मुठभेड़ में मारे गए गैंगस्टर सिराज अहमद की सात थानों की पुलिस को 28 महीने से तलाश थी। आइए जानते हैं कैसे जुर्म की दुनिया में फंसता गया आर्मी मैन का बेटा और भाई को भी ले डूबा। इसकी शुरुआती साल 2006 में मारपीट और लूट की घटना में नाम आने के बाद हुई। सुल्तानपुर में छह अगस्त 2023 को भुलकी चौराहे के पास गैंगस्टर सिराज अहमद ने साथियों के साथ मिलकर अधिवक्ता आजाद अहमद को ताबड़तोड़ गोलियों से हत्याकर दी थी। इस हत्याकांड में नाम आने के बाद क्राइम ब्रांच समेत तीन टीमें बनाई गईं। उसे खोजने के लिए पुलिस खाक छान रही थी। सिराज चोरी-छिपे घर आता और चला जाता। पुलिस की किरकिरी हुई तो 50 हजार और फिर एक लाख तक का इनाम रखा गया, लेकिन फिर भी पुलिस उस तक नहीं पहुंच पाए। लखनऊ की हसनगंज, गोसाईंगंज और जिले की पांच थानों की पुलिस फेल साबित हुई तो आखिरकार एसटीएफ को जिम्मेदारी दी गई। 28 महीने बाद सहारनपुर में सिराज को ढेर करने में सफलता मिली। लोलेपुर निवासी मंसूर अहमद रिटायर्ड आर्मी मैन हैं। अनुशासन, देशभक्ति की सीख देने वाले मंसूर अहमद ने बड़े बेटे मेराज को एनसीसी कराया। सिराज को भी मेहनत से पढ़ाई-लिखाई करने की सीख देते रहे। वर्ष 2006 में दोस्तों के दो गुटों में हुई एक छोटी सी मारपीट के बाद साधारण सा दिखने वाला सिराज जरायम की दुनिया में बढ़ता चला गया।   अपराध से अकूत संपत्ति बनाई, जिससे भाई मेराज भी जेल पहुंच गया, वह अमहट जेल में बंद है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गांव में एक बड़ा पक्का मकान, सुल्तानपुर व लखनऊ में कीमती प्लॉट, मुल्की क्षेत्र में सीमेंटेड पाइप बनाने की फैक्टरी और करीब आठ बीघा जमीन थी। पुलिस का कहना है कि यह संपत्ति हत्या, लूट और रंगदारी जैसे अपराधों से अर्जित धन से बनाई गई थी। छह अगस्त की शाम भुलकी चौराहे पर की थी हत्या भुलकी चौराहे पर छह अगस्त 2023 की शाम भुलकी गांव में ताबड़तोड़ फायरिंग कर अधिवक्ता आजाद अहमद की हत्या व उसके भाई को घायल कर दिया गया था। इस मामले में सलीम अहमद ने बेटे की हत्या के लिए नामजद एफआईआर लिखाई थी। विवेचना में आठ से अधिक लोग हत्या व साजिश में शामिल मिले, अधिकांश आरोपियों को पुलिस ने जेल भेजा था। दो साल चार महीने से दहशत में था अधिवक्ता का परिवार अधिवक्ता आजाद अहमद की छह अगस्त 2023 की शाम हत्या की गई। तब से लगातार उनका परिवार दहशत में रह रहा था। सिराज फरार चल रहा था, लेकिन उसके करीबी लगातार अधिवक्ता के पिता को धमकी दे रहे थे। पिता मो. सलीम पर पिछली पांच जुलाई को लोहरामऊ ओवरब्रिज के पास हमला किया गया था। किसी तरह से उनकी जान बची थी।  

विकास रथ यात्रा के साथ रामगंजमंडी में सुशासन पखवाड़ा, मंत्री मदन दिलावर ने मौके पर किया समाधान

रामगंजमंडी (कोटा) राजस्थान सरकार के 2 वर्ष पूर्ण होने पर रामगंज मंडी विधानसभा क्षेत्र में सरकार द्वारा चलाए जा रहे सुशासन पखवाड़े के तहत खैराबाद मंडल में आज सोमवार को विकास रथ यात्रा शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री तथा रामगंज मंडी के विधायक स्थानीय विधायक मदन दिलावर के नेतृत्व में निकाली गई | यात्रा की शुरुआत सुबह 9:30 बजे ग्राम सालेड़ा कलां से हुई | यात्रा में बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मदन दिलावर ने कहा कि मुझे मुख्यमंत्री जी ने आपके बीच भेजा है| यह जानने के लिए भेजा है कि सरकार की योजनाओं का लाभ आपको मिल रहा है कि नहीं? मंत्री दिलावर ने कहा कि प्रदेश की भजनलाल शर्मा की भाजपा सरकार और देश में नरेंद्र मोदी की भाजपा सरकार आपके लिए क्या नहीं कर रही है | आपके जनकल्याण के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है| राजस्थान में जब किसी के घर लाडो पैदा होती है तो उसे डेढ़ लाख रुपए का संकल्प पत्र दिया जाता है| पैदा होते ही ₹4000 बेटी की मां को मिलते हैं और उसके बाद स्कूल में एडमिशन लेने से लेकर 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई पूरी करने पर अलग-अलग सा चरणों में भजनलाल जी लाडो को डेढ़ लाख रुपये भेजते हैं| इतना ही नहीं बच्ची को घर से स्कूल जाने के लिए साइकिल मुफ्त देते हैं| पढ़ने के लिए लैपटॉप देते हैं| स्कूल के बाद जब बेटी कॉलेज जाती है तो उसकी स्कूटी देते हैं| अब बताओ कोई सरकार इतना करती है क्या?  बच्चे स्कूल में दाखिला लेते हैं तो उन्हें किताबें फ्री,स्कूल की ड्रेस फ्री, खाना फ्री,यानी स्कूल में पढ़ने वाले अपने बच्चों को सब कुछ फ्री| यह सब फ्री चीज आपको भजनलाल शर्मा भेज रहे हैं| शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने राज्य सरकार की योजनाओं के बाद अपने विधायक विकास कोष से क्षेत्र में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का पूरा लेखा जोखा भी ग्रामीणों को समक्ष पढ़कर सुनाया| इसके बाद ग्रामीणों ने गांव में सड़क पर कीचड़ होने की बात कही तो मंत्री मदन दिलावर ने तुरंत सड़क को ठीक कर पानी की निकासी दुरुस्त करने के लिए अपने विधायक कोष से ₹3 लाख रुपए स्वीकृत कर दिए| इससे पूर्व सभा स्थल पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर को साफा बंधवाकर तथा तलवार भेंट कर उनका पारंपरिक स्वागत किया| यात्रा में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के साथ यात्रा प्रभारी पूर्व मंडल अध्यक्ष राम रतन शर्मा, यात्रा के सह प्रभारी रमन सिंह, कोटा जिले के उप जिला प्रमुख कृष्ण गोपाल अहीर, खैराबाद पंचायत समिति की उप प्रधान श्रीमती स्वाति मीणा,खैराबाद के खंड विकास अधिकारी समय सिंह मीणा सहित तमाम अधिकारी भजन प्रतिदिन यात्रा में शामिल है| इसके बाद शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर का काफिला रथ यात्रा के साथ अगले गांव के लिए आगे बढ़ गया| सैलेड कल के बाद मंत्री दिलावर की रथ यात्रा बुद्ध खान होते हुए ढाकिया गांव पहुंची जहां सभा स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर का जोरदार स्वागत किया| आज सोमवार को यात्रा सालेड़ा कलां से शुरू होकर बुधखान, ढाकिया,सारसनखेड़ी, सोहनपुरा,दुढ़कली, तंबोलिया,रिछड़िया, भीमपुरा होते हुए बुरनखेड़ी पहुंचकर संपन्न होगी| रथ यात्रा मार्ग में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर जहां राजस्थान की भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के 2 वर्ष के विकास कार्यों का बखान कर रहे हैं वहीं अपने द्वारा क्षेत्र में कराए गए कार्यों को भी बता रहे हैं| साथ ही लोगों से सुझाव और समस्याएं लेकर उनका समाधान भी तुरंत मौके पर ही कर रहे हैं| मदन दिलावर लगातार यात्रा में पूरे समय उपस्थित रहकर लोगों से मिलकर उनके अभाव अभियोग सुन रहे हैं और समाधान कर रहे हैं| दिलावर की यात्रा को लेकर ग्रामीणों में उत्साह है और वह रथ यात्रा का गांव में पहुंचने पर जोरदार स्वागत कर रहे हैं|

एमपी के पेंच से राजस्थान पहुंची बाघिन, वायुसेना के हेलीकॉप्टर से सफल ट्रांसलोकेशन

बूंदी/ सिवनी रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व में पिछले एक महीने से चल रही इंतजार की घड़ियां रविवार को समाप्त होने को हैं। मध्यप्रदेश के पेंच टाइगर रिजर्व से ट्रांसलोकेट की गई बाघिन पीएन 224 आज रात तक बूंदी पहुंच सकती है। हवाई मार्ग से इंटर-स्टेट टाइगर ट्रांसलोकेशन का राजस्थान में यह पहला मामला है। इस ट्रांसलोकेशन में भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर की मदद ली गई है और मामले को देखते हुए बूंदी रामगढ़ टाइगर रिजर्व से जुड़े तमाम अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट पर रखा गया है। मध्यप्रदेश के पेंच टाइगर रिजर्व में पिछले 24 दिनों से वन विभाग को चकमा दे रही बाघिन को आखिरकार रविवार को पकड़ लिया गया और भारतीय वायुसेना के MI-17 हेलीकॉप्टर के जरिए राजस्थान के रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व में स्थानांतरित किया गया। यह इंटर-स्टेट टाइगर ट्रांसलोकेशन का एक महत्वपूर्ण और सफल अभियान रहा। अधिकारियों के अनुसार बाघिन को रविवार सुबह से दोपहर तक कई बार हाथियों की मदद से घेरा गया। इसके बाद विशेषज्ञों ने उसे सावधानीपूर्वक ट्रैंकुलाइज किया। बेहोश करने के बाद बाघिन को रेस्क्यू वाहन में डालकर मध्य प्रदेश में सिवनी जिले के सुकतरा एयरस्ट्रिप लाया गया, जहां से शाम करीब 6 बजे MI-17 हेलीकॉप्टर द्वारा राजस्थान के लिए रवाना किया गया। हेलीकॉप्टर में बाघिन के साथ पिंजरा और विशेषज्ञों की पूरी टीम मौजूद थी। इस टीम में पेंच टाइगर रिजर्व के वन्यजीव चिकित्सक डॉ. अखिलेश मिश्रा, सहायक निदेशक गुरलीन कौर, रुखड़ रेंज के रेंजर लोकेश पवार, वाइल्ड लाइफ कंजरवेशन ट्रस्ट के पशु चिकित्सक डॉ. प्रशांत देशमुख, राजस्थान वन विभाग के अधिकारी और अन्य विशेषज्ञ शामिल थे, ताकि बाघिन की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सके। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार रात होने के कारण हेलीकॉप्टर को सीधे बूंदी नहीं उतारा गया। जयपुर में लैंडिंग के बाद बाघिन को सड़क मार्ग से रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व लाया जा रहा है। पूरे अभियान में उच्च स्तरीय अधिकारियों की सतत निगरानी रही। बूंदी रामगढ़ टाइगर रिजर्व के एसीएफ नवीन नारायणी ने बताया कि पिछले तीन दिनों से सभी टीमों को अलर्ट पर रखा गया था और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। यह इंटर-स्टेट ट्रांसलोकेशन बाघों की प्रजनन दर बढ़ाने और पारिस्थितिकी तंत्र के संतुलन में मदद करेगा। वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि नई बाघिन का रामगढ़ में बसना स्थानीय प्रजातियों के बीच सामंजस्य बनाए रखेगा और जैव विविधता को मजबूती प्रदान करेगा। मध्य प्रदेश के मुख्य वन्य जीव प्रतिपालक शुभ रंजन सेन ने बताया कि बाघिन पीएन 224 को पहले से आईडेंटिफाई कर उसे एक बार रेडियो कॉलर लगा दिया था, पर वह निकल भी गया था। ऐसे में दोबारा आज उसे दुबारा मिलने के बाद ट्रेंकुलाइज किया गया है। इस बाघिन की उम्र करीब ढाई-तीन साल के आसपास है।

तेज रफ्तार का कहर: पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर ट्रक में घुसी कार, 3 की मौत, 7 घायल

सुल्तानपुर घने कोहरे के बीच पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर दरपीपुर के पास सोमवार सुबह करीब 8.20 बजे लखनऊ से आजमगढ़ जा रही तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। दुर्घटना में कार के परखचे उड़ गए। कार सवार चालक सिकंदर (27), शंभूलाल (55) निवासीगण तेवखार, सरायमीर, आजमगढ़ व सुरेंद्र (30) निवासी, गुड़ियावा आजमगढ़ की मौत हो गई। दुर्घटना में सुरेंद्र की पत्नी खुशबू (27),  पुत्री सनाया (06), शंभूलाल की पत्नी मीना देवी (35), पुत्र कोहिनूर (16), बड़ी पुत्री उजाला (24), छोटी पुत्री कुमारी रोशनी (15), सबसे छोटा पुत्र अंश (12) गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की जानकारी पर घटनास्थल पहुंचे यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी त्रिलोकी नाथ पांडेय ने बताया कि सिकंदर व सुरेंद्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि शंभूलाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर में चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को भी सीएचसी दोस्तपुर पहुंचाया गया। वहां से सभी को अंबेडकरनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी राम जगत तिवारी ने बताया कि कार चालक की लापरवाही से दुर्घटना हुई है। क्षतिग्रस्त कार को क्रेन से ट्रक से बाहर निकाला गया। कार को रिकवरी वैन से  भेजने की व्यवस्था की जा रही है l जयसिंहपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पुरंदर मिश्रा का कांग्रेस पर हमला, बोले– गांधी प्रतिमा का अपमान, विदेशी संस्कृति में पले नेता

रायपुर छत्तीसगढ़ की सियासत में भी गांधी और राम के नाम पर नेताओं की बयानबाजी जारी है. कांग्रेस आज वीबी- जी राम जी बिल को लेकर आजाद चौक स्थित गांधी प्रतिमा के सामने प्रदर्शन कर रही है, जिसे लेकर विधायक पुरंदर ने शर्मनाक बताया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की बुद्धि भ्रष्ट हो चुकी है, महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने धरना देना शर्मनाक है. महात्मा गांधी ने अंतिम समय में ‘हे राम’ कहा था. भाजपा ने उनके सिद्धांतों के अनुसार काम किया. उन्होंने सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि वे विदेश में पैदा हुए, इसलिए संस्कृति नहीं समझते हैं. कांग्रेस का दीया बहुत जल्द बुझने वाला है. केरल मॉब लिंचिंग को लेकर पुरंदर का बयान विधायक पुरंदर ने केरब मॉब लिंचिंग मामले पर बयान दिया है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और नेता केरल सरकार से लगातार संपर्क में है. जो भी न्यायसंगत होगा, उसी अनुसार कार्रवाई की जाएगी.   त्योहारों के समय शांति और सौहार्द बनाए रखें : विधायक पुरंदर स्कूल में बच्चों को संता क्लॉज बनाने पर बजरंग दल ने चेतावनी दी थी, जिसे पर कांग्रेस वरिष्ठ नेता टीएस सिंह देव ने प्रतिक्रिया देते हुए बजरंग दल को क्रिसमस ट्री लगाने के लिए आमंत्रित किया था. अब इसे लेकर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस हर समय लोगों को उकसाने का काम करती है. भारत सर्वधर्म समभाव वाला देश है. सभी संगठनों से अपील है ऐसा कोई काम न करें, जिससे मनमुटाव बढ़े. उन्होने अपील करते हुए कहा कि त्योहारों के समय शांति और सौहार्द बनाए रखें. किसी की भावना आहत करने का इरादा नहीं होना चाहिए. प्रशासन सजग है, भ्रम फैलाकर लड़ाई कराने की कोशिशें हो रही हैं. कानून को हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है. युवक का ड्रग्स लेते वीडियो वायरल रायपुर में एक युवक का ड्रग्स लेते हुए वायरल हो रहे वीडियो के सवाल विधायक मिश्रा ने कहा कि किसी के बहकावे या लालच में आकर युवा नशा न करें. उन्होंने पुलिस विभाग से कड़ी कार्रवाई का आग्रह किया.

सिद्धू का विरोधियों पर हमला: ‘मैं बाज की तरह जीता हूं, भूखा-कमजोर नहीं हूं’

चंडीगढ़  पूर्व क्रिकेटर व पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने एक रिएलिटी शो का एक प्रोमो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड किया है। उसमें उन्होंने अपने विरोधियों को सीधा संदेश दिया है कि वो उनकी तरह स्नानघर के कबूतरों की तरह भूखे या कमजोर नहीं, बाज की जिंदगी जीता … सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो अपलोड करने से साफ है कि सिद्धू जल्दी कुछ बड़ा ऐलान करने वाले हैं। उन्होंने वीडियो में कहा, हमामों कबूतर का भूखा नहीं, मैं बाज की जिंदगी है जाहिदाना, पलटना झपटना झपट के पलटना, अरे खून गर्म रखने का ये तो है बहाना लाइनें कही हैं। इन लाइनों का अर्थ है कि स्नानघर के कबूतरों जैसा भूखा व कमजोर नहीं हूं। मैं तो बाज की जिंदगी जीता हूं जो संयम, स्वाभिमान और ऊंचाई वाली होती है। आसमान में पलटना, झपटना और झपटकर पलटना ये कोई बहाना नहीं है बल्कि यह अपने जोश जज्बे और आत्म सम्मान को जीवित रखने का तरीका है। नवजोत कौर सिद्धू ने अमृतसर में बढ़ाया मेल-जोल नवजोत कौर सिद्धू को कांग्रेस पार्टी ने सस्पेंड किया है उसके बाद न तो पार्टी ने उन्हें टर्मिनेट किया है और न ही इस पर कोई सफाई सामने आई है। इसी बीच नवजोत कौर सिद्धू ने अमृतसर में लोगों से मेलजोल बढ़ा दिया है और पिछले कुछ दिनों से वो लोगों के भोग व अन्य समारोहों में जाने लगी हैं। पत्नी के बयान के बाद पहली बार सिद्धू ने इस तरह का वीडियो अपलोड किया नवजोत कौर सिद्धू के 500 करोड़ वाले बयान ने पंजाब की राजनीति में हलचल मचाकर रखी है। नवजोत कौर सिद्धू आए दिन सरकार और अन्य दलों के बड़े नेताओं से सवाल पर सवाल पूछ रही हैं। इस सब के बीच नवजोत सिंह सिद्धू अभी तक चुप थे। सिद्धू ने तब से पहली बार इस तरह का वीडियो अपलोड किया है। हालांकि यह वीडियो एक रिएलिटी शो का प्रोमो है। लेकिन वीडियो में जो शब्द हैं वो सीधे सीधे विरोधियों को जवाब देने वाले हैं। मनसिमरत शैरी ने शेयर किया सिद्धू का मूछों को ताव देने वाला वीडियो नवजोत सिंह सिद्धू के करीबी मनसिमरत सिंह शैरी ने सिद्धू का मूछों को ताव देने का वीडियो शेयर किया है। नवजोत सिंह सिद्धू के प्रशंसकों को उनका अंदाज बेहद पसंद आ रहा है। सिद्धू के मूछों को ताव देते का वीडियो सामने आने से पंजाब के राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बना है। वीडियो में सिद्धू के करेक्टर को लेकर क्या कहा, जानिए क्लीन करेक्टर: वीडियो की शुरुआत में सिद्धू को मूछों पर ताव देते हुए दिखाया है। वीडियो में कहा जा रहा है कि कभी देखा है 6 फुट 5 इंच का सरदार, जिसका क्लीन करेक्टर हो, किसी की तरफ आंख उठाकर नहीं देखता और कोई उस पर अंगुल नहीं उठा सकता। कोई दाग नहीं है। पंजाब को रिप्रजेंट करता है: वीडियो के अगले भाग में कहा कि सिद्धू पंजाब को पूरी दुनिया में रिप्रजेंट करते हैं। सिद्धू के बारे में कहा है कि बॉलीवुड में ​​​​​​​बैठा हो और पंजाब को रिप्रजेंट कर रहा है। वर्ल्ड का सबसे सोणा सरदार। जहां जाता है पंजाब को रिप्रजेंट करते हैं और पंजाब की बात करते हैं। जहां जाते हैं लगता है पंजाब आ गया: वीडियो में कहा है कि वो बंदा पंजाब की बात करता है। जहां वो जाते हैं चाहे बॉम्बे उतरते हैं दुनिया को लगता है पंजाब उतर रहा है। ​​​​​​​अमेरिका जाते हैं तो लगता है पंजाब आ गया। जहां जाते हैं वहां लगता है पंजाब आ गया। 21 हजार लोग देख चुके हैं: मनसिमरत सिंह शैरी ने जो वीडियो शेयर किया है उसको अब तक 21 हजार से ज्यादा लोग देख चुके हैं। 800 से ज्यादा लोग इसे लाइक कर चुके हैं।