samacharsecretary.com

टूटी जालियां, जमीन पर पड़े गद्दे और कंपकंपाती रातें—बावल रेन बसेरे की सच्चाई

रेवाड़ी शहर में बढ़ती ठंड के बीच बावल नगर पालिका के रेन बसेरे की हालत बेहद चिंताजनक पाई गई है। बेघर, गरीब और रात गुजारने के लिए आश्रय ढूंढ रहे लोगों के लिए बने इस रेन बसेरे की स्थिति ऐसी नहीं है कि कोई यहां सुरक्षित और आराम से रात बिता सके। देर शाम बावल एसडीएम जितेंद्र कुमार ने नगर पालिका सचिव अनिल के साथ रेन बसेरे का निरीक्षण किया।  निरीक्षण के दौरान कई खामियां उजागर हुईं। खिड़कियों में लगी जालियां टूटी हुई मिलीं, जिससे ठंडी हवाएं सीधे अंदर आ रही थीं। गद्दे जमीन पर बेतरतीब पड़े मिले और पूरे परिसर में साफ-सफाई का अभाव साफ दिखाई दिया। शौचालय भी बेहद खराब हालत में पाए गए। एसडीएम ने बताया कि रेन बसेरे में महिलाओं के लिए 4 और पुरुषों के लिए 8 बेड की व्यवस्था है, लेकिन मौजूदा स्थिति मानकों से काफी दूर है।  खामियों पर नाराजगी जताते हुए एसडीएम ने नगर पालिका अधिकारियों और कर्मचारियों को तुरंत सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। नगर पालिका अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी कमियों को जल्द दूर कर रेन बसेरे को रहने योग्य बनाया जाएगा। बढ़ती ठंड के बीच उम्मीद है कि जल्द ही जरूरतमंदों को एक सुरक्षित, साफ-सुथरा और गर्म आश्रय उपलब्ध कराया जाएगा। 

ठिठुर रहा राजस्थान: फतेहपुर में तापमान शून्य के पास, मौसम विभाग ने चेताया

जयपुर उत्तर भारत से चल रही बर्फीली हवाओं ने राजस्थान में हाड़ कंपाने वाली ठंड बढ़ा दी है। शेखावाटी में तापमान 2 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया, जिससे खेतों में ओस जमने के बाद पाला पड़ना शुरू हो गया है और फसलें प्रभावित हो रही हैं। शुक्रवार को राज्य के 15 से ज्यादा शहरों का पारा सिंगल डिजिट में दर्ज हुआ। जयपुर में भी इस सीजन पहली बार तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कड़ाके की सर्दी जारी रहने की चेतावनी दी है। फतेहपुर सबसे ठंडा पिछले 24 घंटों में सीकर का फतेहपुर 1.9 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। बीकानेर के लूणकरणसर में 3.2, सीकर में 3, नागौर में 3.1, अलवर में 5.4, दौसा में 4.6 और झुंझुनूं में 6.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। जयपुर में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा। चूरू, सीकर, झुंझुनूं, नागौर, बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़ और अलवर में रातें बेहद ठंडी बनी हुई हैं। सर्द हवा और फीकी धूप के चलते अधिकतम तापमान कई शहरों में 25 डिग्री से नीचे रहा। सिरोही शुक्रवार को सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आगे कैसा रहेगा मौसम? मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं होगा। शेखावाटी में रात का तापमान 3 से 5 डिग्री तक रहने के साथ कुछ जगहों पर शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है।  

अब स्मार्ट बनेगा जालंधर ट्रैफिक: इन चौराहों पर लगेगा AI सिस्टम

जालंधर शहर के ट्रैफिक प्रबंधन को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। नगर निगम ने पिम्स अस्पताल के सामने और छोटी बारादरी चौराहे पर एआई आधारित एडॉप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम लगाने की मंजूरी दे दी है। इसके लिए पिम्स के सामने ट्रैफिक सिग्नल पर लगभग 14 लाख और छोटी बारादरी पर करीब 18 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। नई तकनीक सेंसर और इंटरनेट की मदद से वाहनों की संख्या का आकलन करके सिग्नल की टाइमिंग खुद तय करेगी। इससे खाली सड़क पर बेवजह लाल बत्ती पर रुकना नहीं पड़ेगा और एंबुलेंस को भी तेजी से रास्ता मिल सकेगा। सिस्टम real-time डेटा के आधार पर ट्रैफिक वॉल्यूम और स्पीड को मापकर सिग्नल के समय को लगातार एडजस्ट करेगा। बेंगलूरु में इसी तरह का सिस्टम 28 स्थानों पर सफलतापूर्वक चल रहा है, उसी मॉडल पर यह प्रोजेक्ट जालंधर में भी लागू होगा। जिला रोड सेफ्टी कमेटी के सदस्य सुरिंदर सिंह सेनी के अनुसार, संविधान चौक से वर्कशॉप चौक तक के छह प्रमुख चौराहों पर भी इस तकनीक की तुरंत जरूरत है। उनका कहना है कि सभी सिग्नल सिंक्रोनाइज हो जाएं तो यात्रा समय कम हो सकता है। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के 63वें स्थापना दिवस समारोह में जवानों को दिया सेवा का मूलमंत्र

सेवा ही सम्मान है, अनुशासन ही पहचान है और राष्ट्रहित ही सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के 63वें स्थापना दिवस समारोह में जवानों को दिया सेवा का मूलमंत्र कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भव्य रैतिक परेड की ली सलामी, होमगार्ड जवानों की कर्तव्यनिष्ठा को सराहा मुख्यमंत्री बोले: आप केवल एक बल के स्वयंसेवक नहीं, बल्कि समाज का विश्वास व प्रदेश सरकार की शक्ति हैं हर थाने में होमगार्ड जवानों के लिए रूम होगा आरक्षित, कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा के लिए विभाग बनाकर भेजे प्रस्तावः मुख्यमंत्री लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होमगार्ड के जवानों को सेवा का मूलमंत्र देते हुए कहा कि सेवा ही सम्मान है, अनुशासन ही पहचान है तथा राष्ट्रहित ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। शनिवार को उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के 63वें स्थापना दिवस समारोह में सम्मिलित होकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भव्य रैतिक परेड की सलामी ली और जवानों की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि आपका अनुशासन, निष्ठा व त्याग हमारे समाज को सुरक्षित व संरक्षित बनाने में बड़ी भूमिका का निर्वहन करता है। आप केवल एक बल के स्वयंसेवक नहीं, बल्कि समाज के विश्वास के साथ ही प्रदेश सरकार की शक्ति हैं। इस अवसर पर उन्होंने होमगार्ड्स के विभिन्न मेडल प्राप्त अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने ऐसी व्यवस्था की है कि अब हर थाने में होमगार्ड जवानों के लिए रूम आरक्षित होगा, जिससें वह यूनिफॉर्म व आवश्यक कागजात को सुरक्षित रख सकेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभाग से कहा कि होमगार्ड के जवान को आयुष्मान भारत की तर्ज पर कैशलेस स्वास्थ्य की सुविधा उपलब्ध हो, इसके लिए प्रस्ताव बनाकर भेजें, सरकार इसे आगे बढ़ाएगी। अनुशासन, समर्पण व सेवा भावना का प्रतीक उत्तर प्रदेश होमगार्ड स्थापना दिवस के अवसर पर सभी जवानों व अधिकारियों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि होमगार्ड स्थापना दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण व सेवा भावना का प्रतीक है। आज यहां होमगार्ड संगठन के ऊर्जावान जवानों द्वारा अत्यंत उच्च कोटि की रैतिक परेड का प्रदर्शन किया गया है, जो होमगार्ड विभाग की क्षमता, उच्च अनुशासन और अनवरत परिश्रम को दर्शाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तारीफ करते हुए कहा कि कार्यक्रम में सम्मिलित सभी होमगार्ड जवान, जिनकी वेशभूषा, सेरिमोनियल ड्रेस, परिसर की साज-सज्जा और हरियाली, आकर्षक व सम्मोहित करने वाली है, जो किसी भी संगठन व फोर्स के लिए प्रेरणादायी क्षण होना चाहिए। जन्म से लेकर अंतिम यात्रा तक रहे केवल भारतीयता की भावना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज भारत के संविधान के शिल्पी बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर का पावन महापरिनिर्वाण दिवस है। यह दिन प्रेरणा दिवस है। बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर ने प्रत्येक भारतीय को एक ही प्रेरणा दी कि हमारी पहचान परिवार, जाति, क्षेत्र व भाषा से नहीं, बल्कि जन्म से लेकर अंतिम यात्रा तक केवल भारतीयता की होनी चाहिए। इसी भारतीयता की पहचान का पालन हमें करना है। प्रधानमंत्री मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में हर भारतवासी से कहा था कि यूनिफॉर्म धारी प्रत्येक व्यक्ति के प्रति सम्मान हम सबके मन में होना चाहिए। यह तभी होगा जब इस प्रकार का प्रदर्शन व परिसर बनाने के लिए हम प्रतिबद्ध दिखाई देंगे। इससे हर भारतीय के मन में श्रद्धा व सम्मान का भाव झलकेगा। सुरक्षा कवच की तरह बना हुआ है संबल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 6 दिसंबर 1963 को उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स की स्थापना हुई थी। तभी से यह संगठन सुरक्षा कवच की तरह उत्तर प्रदेश पुलिस बल का संबल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि राष्ट्रपति पदक से वर्ष 2024 में विशिष्ट सेवा के लिए 3, सराहनीय सेवाओं के लिए 11 तथा वर्ष 2025 में सराहनीय सेवाओं के लिए 3 जवानों को अलंकृत किया गया है। भारत सरकार द्वारा 38 कमेंडेशन डिस्क भी उत्तर प्रदेश के जवानों को मिले हैं। पहले होमगार्ड के जवानों को उपेक्षित कर दिया जाता था, लेकिन अब राष्ट्रपति व गृह मंत्रालय के सम्मान से भी पुरस्कृत किया जा रहा है। आपदा मित्रों की नियुक्ति का किया उल्लेख मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि होमगार्ड संगठन अब केवल पुलिस बल के सहायक के रूप में नहीं है। पुलिस के साथ कानून-व्यवस्था व शांति का माहौल बनाए रखने में तो योगदान मिलता ही है, साथ ही यातायात संचालन, डायल 112, चुनाव के दौरान न केवल प्रदेश बल्कि अन्य राज्यों में भी इनकी मांग होती है। जेल सुरक्षा, आपदा नियंत्रण, सार्वजनिक इमारतों की सुरक्षा, बड़े आयोजनों जैसे कि महाकुंभ तथा परीक्षाओं के सफल आयोजन में भी यह संगठन व्यापक स्तर पर कार्य कर रहा है। प्रदेश में वर्तमान में आपदा मित्रों की नियुक्ति हो रही है और होमगार्ड विभाग ने आपदा प्रबंधन विभाग के साथ मिलकर 4 हजार से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण उपलब्ध कराया है। होमगार्ड मित्र ऐप बना पारदर्शी व डिजिटल माध्यम महाकुंभ 2025 का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि होमगार्ड के 14 हजार से अधिक जवानों को तैनात किया गया था और सभी ने उनकी सराहना की थी। विभाग अपनी वेबसाइट व होमगार्ड मित्र ऐप के माध्यम से पारदर्शी व डिजिटल व्यवस्था विकसित कर रहा है, जिसके द्वारा उपस्थिति, ड्यूटी भत्ता, यूनिफॉर्म भत्ता और भुगतान की जानकारी आसानी से उपलब्ध करायी जा रही है। होमगार्ड जवानों के योगदान को करना होगा याद मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि प्रदेश के पर्व-त्योहारों, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, आजादी के अमृत महोत्सव, तिरंगा मार्च, पर्यावरण व जल संरक्षण जैसे अभियानों में भी होमगार्ड विभाग महत्वपूर्ण योगदान देता है। इन सेवाओं को हमें याद रखना होगा। कोविड काल में नहीं की जान की परवाह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान जब अन्य राज्यों में फंसे हुए उत्तर प्रदेश के कामगारों व श्रमिकों को वापस लाने में कठिनाई थी, तब परिवहन विभाग के हर वाहन में 1-2 होमगार्ड जवानों को लगाया गया। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित लाने में योगदान दिया। इसके बाद जब मैं पहली बार स्थापना दिवस कार्यक्रम में आया तो मैंने घोषणा की थी कि किसी भी जवान के बलिदान होने पर परिवार को 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इसके तहत अब तक 2871 दिवंगत जवानों के आश्रितों … Read more

क्या JMM और BJP साथ आएंगे? बाबूलाल मरांडी का बड़ा बयान

रांची झारखंड बीजेपी के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य में लग रहीं अटकलों पर मीडिया से कहा कि ठंड के मौसम में आप लोग थोड़ा आनंद लीजिए.देश में पारा भले ही गिरने लगा हो लेकिन झारखंड में सियासत का तापमान बढ़ा हुआ है. यहां पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पार्टी JMM and BJP के साथ आने की अटकलें लग रही हैं. अब इस पर झारखंड बीजेपी के चीफ बाबूलाल मरांडी की प्रतिक्रिया सामने आई है.मीडिया ने जब उनसे इन अटकलों को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा, “ये चर्चा में आप लोगों (मीडिया) से सुनता भी हूं और देखता भी हूं. लेकिन वास्तव में और कहीं से कुछ हमको सुनाई नहीं दिया.”क्या आप इस नए समीकरण को खारिज कर रहे हैं, इस सवाल पर उन्होंने कहा, “पार्टी या कहीं और से हमको कुछ ऐसा सुनाई नहीं देता है. ठंड का मौसम है, आप सब लोग इसमें थोड़ा आनंद लीजिए. यही मैं कह सकता हूं.” बाबूलाल मरांडी ने सत्तापक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा, “हम लोग क्या त्रस्त करेंगे. ये सरकार खुद लूटने में लगी हुई है. तो क्या हम ये विषय नहीं उठाएंगे? जब शराब नीति बन रही थी तो दो-ढाई साल पहले ही हमने CM को पत्र लिखा था. आज भी इस प्रश्न का जवाब सरकार की ओर से नहीं आया. हम तो इस प्रदेश के नागरिक के साथ-साथ CM भी रहे हैं. उस समय में भी हम विधायक दल के लीडर हुए थे. मेरे पास जो जानकारी थी हमने सरकार और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर संज्ञान में दिया.” इससे पहले कांग्रेस लीडर और झारखण्ड गवर्नमेंट  के मंत्री इरफान अंसारी ने गुरुवार (4 दिसंबर) को कहा था कि हमारी सरकार पूरे पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने अफवाह फैलाने का काम किया. उन्होंने साथ में ये भी कहा कि सीएम हेमंत सोरेन गुरु जी शिबू सोरेन के बेटे हैं और वो कभी नहीं झुकेंगे.

मुख्यमंत्री के निर्देश पर सहायक आबकारी आयुक्त मंदाकिनी दीक्षित निलंबित, शराब ठेकेदार सुसाइड केस में एक्शन

देवास मध्य प्रदेश में एक बार फिर लल्लूराम डॉट कॉम की खबर का बड़ा असर हुआ है। शराब ठेकेदार सुसाइड कांड में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा एक्शन लिया है। जिसके बाद प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त मंदाकिनी दीक्षित को सस्पेंड कर दिया गया है। देवास के शराब ठेकेदार दिनेश मकवाना सुसाइड केस में मध्य प्रदेश की मोहन सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। सरकार ने देवास जिले की प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त मंदाकिनी दीक्षित को निलंबित कर दिया है। देवास में शराब ठेकेदार दिनेश मकवाना ने 8 नवंबर को जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। जिसके बाद अब ठेकेदार का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आबकारी विभाग की असिस्टेंट कमिश्नर मंदाकिनी दीक्षित पर रिश्वत के लिए परेशान करने का आरोप लगाया है। और आत्महत्या के लिए मंदाकिनी दीक्षित को जिम्मेदार बताया। वीडियो में दिनेश मकवाना ने आरोप लगाए हैं कि असिस्टेंड कमिश्रर मंदाकिनी दीक्षित ने उनसे पैसे की डिमांड की थी। एक दुकान से डेढ़ लाख रुपए महीना की और पांच दुकान के लिए साढ़े सात लाख रुपए महीने मांगे थे। मकवाना का ये भी आरोप लगाया कि वो 20-22 लाख रुपए असिस्टेंट कमिश्नर को दे चुका है, लेकिन लगातार पैसे की मांग के कारण वो आत्महत्या करने को मजबूर हो गया। दिनेश मकवाना इंदौर में कनाडिया गांव का रहने वाला था। देवास में उसकी शराब की 5 दुकानें थीं। दिनेश के परिजन ने कनाडिया थाने में 29 नवंबर को शिकायत कर मामले की जांच की मांग की थी। उधर, आबकारी अधिकारी मंदाकिनी दीक्षित ने भी 24 नवंबर को देवास एसपी को आवेदन देकर कहा कि ठेकेदार मकवाना के परिजन उन्हें ब्लैकमेल कर रहे हैं। वे उनसे दो करोड़ रुपए में मामला सेटल करने की बात कह रहे हैं। मंदाकिनी ने कहा मुझे भी ब्लैकमेल कर रहे थे उधर, आबकारी अधिकारी मंदाकिनी दीक्षित ने भी देवास एसपी को आवेदन दिया है। उन्होंने कहा है कि ठेकेदार मकवाना के परिजन उन्हें ब्लैकमेल कर रहे हैं। वे उनसे दो करोड़ रुपए में मामला सेटल करने की बात कह रहे हैं। उन्होंने इससे जुड़े वीडियो भी पुलिस को सौंपे हैं।  मुख्यमंत्री के निर्देश पर यह आदेश जारी किया गया सोशल मीडिया एवं समाचार पत्रों के माध्यम से ज्ञात हुआ है कि जिला देवास के मदिरा ठेकेदार दिनेश मकवाना द्वारा आत्महत्या किए जाने के पूर्व एक वीडियो बनाया था। कथित वीडियो में जिले की प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त मंदाकिनी दीक्षित के विरुद्ध अवैध राशि की मांग का गंभीर आरोप लगाते हुए आत्महत्या करने की बात कही है। दीक्षित पर लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया अत्यन्त गंभीर श्रेणी के होकर, शासकीय सेवक के कर्तव्यों एवं दायित्वों के विपरीत होने से मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम -3 का स्पष्ट रूप से उल्लंघन है। अतएव राज्य शासन द्वारा मंदाकिनी दीक्षित जिला आबकारी अधिकारी, जिला देवास को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के अंतर्गत तत्काल प्रभाव से निलंबित करता है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय कार्यालय आबकारी आयुक्त ग्वालियर रहेगा। मंदाकिनी दीक्षित को निलबंन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त करने की पात्रता होगी। क्या है मामला? मौत के 27 दिन बाद अचानक वायरल हुए वीडियो (Viral Video) में खुद दिनेश मकवाना ने सहायक आबकारी आयुक्त (असिस्टेंट कमिश्नर) मंदाकिनी दीक्षित पर उसकी पांच दुकानों के डेढ़ लाख के हिसाब से साढ़े सात लाख रुपए महीना मांगने का आरोप लगाया है. वीडियो के वायरल होते ही आबकारी विभाग में भी हडकंप मच गया. वायरल वीडियो में दिनेश बोल रहा है कि "मेरी पांच शराब दुकानें हैं. 14 करोड़ रुपए का ठेका है. मुझसे प्रति एक दुकान के डेढ़ लाख के हिसाब से हर महीने सहायक जिला आबकारी आयुक्त देवास मंदाकिनी दीक्षित द्वारा मांगे जा रहे थे. मैं करीब 20-22 लाख रुपए दे चुका हूं. अगर पैसा नहीं देता था तो वे वेयरहाउस से माल रुकवा देती थी. अब मैं AC मेडम मंदाकिनी दीक्षित से त्रस्त आकर आत्महत्या कर रहा हूँ." वहीं दूसरी ओर आबकारी अधिकारी का कहना है कि "ठेकेदार दिनेश की मां संतोष बाई उसकी मौत के बाद से उन्हें ब्लैकमेल कर रही है. मुझसे दो करोड़ रुपर मांग जा रहे हैं. न दिए जाने पर मृतक का वीडियो वायरल करने की धमकी उन्हें और उनके अधीन अधिकारियों को दी जा रही थी." इस मामले में आबकारी अधिकारी ने देवास एसपी को 24 नवंबर को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.  

भोपाल मेट्रो को मिला ग्रीन सिग्नल, 13 दिसंबर को पीएम मोदी देंगे हरी झंडी, लेकिन सुविधाओं की कमी

भोपाल  मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मेट्रो रेल दौड़ने को तैयार है। ब्रिज से लेकर पटरियां बिछाने का काम हो चुका है। वहीं, कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी (सीएमआरएस) ने भी भोपाल मेट्रो के प्रायोरिटी कॉरिडोर को हरी झंडी दे दी है। भले ही मेट्रो कंपनी ने ट्रेन चलाने के लिए मंथन शुरू कर दिया है। पर अभी भी कुछ काम बाकी है। दरअसल, कई मेट्रो स्टेशनों में अभी तक कई सुविधाएं अधूरी हैं। करीब 6.22 किलोमीटर लंबे इस ऑरेंज लाइन कॉरिडोर पर एक बड़ी कमी नजर आ रही है। यह कमियां यात्रियों की यात्रा को आसान तो नहीं बनने देंगी। जानिए क्या काम अभी बाकी है। कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) के ग्रीन सिग्नल के बाद अब भोपाल में मेट्रो के कमर्शियल रन की तैयारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 दिसंबर को मेट्रो को हरी झंडी दिखा सकते हैं। ये भी संभावना है कि वे वर्चुअली तरीके से लोकार्पण करें। फिलहाल स्टेशन के 1 गेट से ही एंट्री-एग्जिट होगी। यानी, जो भी यात्री स्टेशन पर पहुंचेंगे, वे स्टेशन के एक तरफ से ही अंदर-बाहर आ-जा सकेंगे। जिन स्टेशनों पर अभी फिनिशिंग या अन्य काम बचे हैं, उन्हें अगले 3 दिन में पूरा करने का टारगेट है। 10 दिसंबर से सभी स्टेशन बंद कर दिए जाएंगे। ये वीआईपी-वीवीआईपी की सिक्योरिटी के चलते होगा। यदि पीएम भोपाल आएं तो पहले यात्री भी बनेंगे मेट्रो सूत्रों के अनुसार, यदि प्रधानमंत्री मोदी भोपाल आकर मेट्रो का लोकार्पण करते हैं तो वे भोपाल मेट्रो के पहले यात्री भी बन सकते हैं। इसलिए स्टेशनों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। सुभाषनगर मेट्रो स्टेशन पर कार्यक्रम होगा, क्योंकि यही पर डिपो और सबसे ज्यादा स्पेस है। ऐसे में कार्यक्रम को लेकर किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। अक्टूबर 2023 में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और तीन महीने पहले वर्तमान मंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी सुभाषनगर स्टेशन से ही मेट्रो में सफर व निरीक्षण किया था। लोकार्पण के दौरान बंद रहेंगे स्टेशन जानकारी के अनुसार, मेट्रो का जब भी कमर्शियल रन होगा, तब सुभाषनगर को छोड़ बाकी सभी स्टेशन बंद रखे जाएंगे। यह सब सुरक्षा के मद्देनजर होगा। वीआईपी-वीवीआईपी के जाने के बाद आम लोगों के लिए स्टेशन खोल दिए जाएंगे। ताकि, वे मेट्रो का सफर कर सके। प्रायोरिटी कॉरिडोर 6.22 किमी लंबा, 8 स्टेशन आएंगे ऑरेंज लाइन का प्रायोरिटी कॉरिडोर 6.22 किलोमीटर लंबा है। इनमें कुल 8 स्टेशन- सुभाषनगर, केंद्रीय स्कूल, डीबी मॉल, एमपी नगर, रानी कमलापति, डीआरएम तिराहा, अलकापुरी और एम्स शामिल हैं। इंदौर में वर्चुअली तरीके से किया था लोकार्पण प्रधानमंत्री मोदी ने 31 मई को भोपाल में हुए कार्यक्रम से ही इंदौर मेट्रो का वर्चुअली तरीके से लोकार्पण किया था। तब उन्होंने भोपाल मेट्रो के लोकार्पण के लिए अक्टूबर में आने की बात कही थी। हालांकि, बिहार में विधानसभा चुनाव के चलते मेट्रो का कमर्शियल रन अक्टूबर में नहीं हो सका। नवंबर में सीएमआरएस की टीम ने निरीक्षण किया और हाल ही में एनओसी दी। इसलिए कमर्शियल रन अब दिसंबर में किया जा रहा है। टिकट मैन्युवली सिस्टम से ही मिलेगी खास बात ये है कि मेट्रो के कमर्शियल रन के दौरान टिकट सिस्टम ऑनलाइन न होते हुए मैन्युवली रहेगा। टिकट कलेक्शन करने वाली तुर्किए की कंपनी का ठेका मेट्रो कॉरपोरेशन कैंसिल कर चुका है। नई एजेंसी आने तक मैन्युवली टिकट कलेक्शन सिस्टम रहेगा। इंदौर में भी यही सिस्टम लागू है। साल 2018 से शुरू हुआ था मेट्रो का काम भोपाल में पहला मेट्रो रूट एम्स से करोंद तक 16.05 किलोमीटर लंबा है। इसमें से एम्स से सुभाष नगर के बीच 6.22 किलोमीटर पर प्राथमिकता कॉरिडोर के तौर पर 2018 में काम शुरू किया गया था। सबसे पहले सुभाषनगर, केंद्रीय स्कूल, डीबी मॉल, एमपी नगर और रानी कमलापति स्टेशन के काम पूरे हुए। इसके बाद रेलवे ट्रैक के ऊपर दो स्टील ब्रिज बनाए गए। वहीं, आगे के 3- डीआरएम तिराहा, अलकापुरी और एम्स स्टेशनों का काम शुरू हुआ। कुछ महीने पहले ही इनका काम भी पूरा हो गया और अब ये यात्रियों के आने का इंतजार कर रहे हैं। दो साल पहले हुआ था पहला ट्रायल राजधानी में पहली बार मेट्रो 3 अक्टूबर 2023 को पटरी पर दौड़ी थी। तब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुभाष नगर से रानी कमलापति स्टेशन तक मेट्रो में सफर किया था।

कोर जोन में सुरक्षा का विस्तार: बीजापुर–नारायणपुर के पहुंचविहीन गांव अब जुड़े

जगदलपुर एक ओर जहां जवान नक्सलियों के माड़ में घुसकर उन्हें मुहतोड़ जवाब देने के साथ ही उनके कोर जोन में लगातार सुरक्षा कैम्प का निर्माण कर रहे है, जवानों के इस हौसले और ग्रामीण क्षेत्रो में खुल रहे कैम्प से अब ग्रामीण भी राहत की सास ले रहे है, इसी तारतम्य में जवानों ने  नक्सलियों के सबसे सेफ जोन पल्लेवाया में नवीन कैम्प खोलकर ग्रामीणों को राहत पहुँचाया। बता दें कि दंतेवाड़ा जिले के पल्लेवाया में नवीन सुरक्षा कैम्प खोला गया, जिसके बारे में आला अधिकारियों ने बताया कि अति नक्सल प्रभावित बीजापुर तथा अबूझमाड़ क्षेत्र के ग्राम पल्लेवाया में जिला दंतेवाड़ा पुलिस तथा CRPF 165 वी वाहिनी द्वारा नया फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस (F.O.B.) कैम्प खोला गया है, इसे छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजना नियद नेल्लानार के तहत इस क्षेत्र के ग्रामीणों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने एवं शासन की योजनाओं से लाभ पहुँचाने के  उद्देश्य से खोला गया है, यह इलाका कोई समय मे  माओवादियों के कोर जोन के रूप में पहचान बना चुका था, जिसको देखते हुए आला अधिकारियों के द्वारा यह कैंप स्थापित किया गया है, इस कैंप की स्थापना से जिला बीजापुर तथा नारायणपुर के अब तक पहुंचविहीन गांवों को जोड़ा गया है, पल्लेवाया कैम्प से आसपास के ग्रामीणों को अब सड़क, बिजली, मोबाइल नेटवर्क, स्वास्थ्य केंद्र, पीडीएस दुकानें, शिक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी,  नवीन सुरक्षा कैम्प की स्थापना और वर्तमान में तमाम विपरीत परिस्थिति के बावजूद सुरक्षा बलों द्वारा निर्माण कार्य की गति में कोई कमी नहीं आई है। कैंप स्थापना के दौरान नक्सली स्मारक भी ध्वस्त किए गए, सभी जवान, जनता के हित को ध्यान में रखते हुए दिन-रात मेहनत करके उन्हें सभी आधारभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, यह एफओबी कठिन परिस्थितियों के बीच कैम्प स्थापित किया गया, इस बेस की स्थापना अबूझमाड़ के भीतरी हिस्सों में, जो लंबे समय तक वामपंथी उग्रवाद (LWE) से प्रभावित रहे हैं, सुरक्षा और शासन की पहुँच सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

बायोडीजल के अवैध कारोबार पर कड़ी कार्रवाई, 2700 लीटर तेल और कई सिलेंडर बरामद

सिरोही सिरोही जिले में रसद विभाग ने अवैध बायोडीजल की बिक्री और घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने 2700 लीटर अवैध बायोडीजल का भंडारण पकड़ा और इसके साथ डिस्पेंसिंग यूनिट, मोटर, ड्रम सहित कई उपकरण जब्त किए। अधिकारियों का कहना है कि ऐसी कार्रवाई अब नियमित रूप से जारी रहेगी।   जिला रसद अधिकारी जगदीश विश्नोई के अनुसार मंडार के गुजरात बॉर्डर पर स्थित अरिहंत पेट्रोल पंप के पास अवैध बायोडीजल बिक्री की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। इसके आधार पर विभाग ने छापा मारा, जहां बड़ी मात्रा में बायोडीजल और उससे जुड़े उपकरण मिले। सभी सामग्री को आवश्यक कार्रवाई के बाद जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन अधिकारी विनोद परमार, प्रवर्तन निरीक्षक अस्मिता मीणा और सोनल राणावत मौजूद रहे।   इसी दौरान विभाग ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की शिकायतों की भी जांच की। मंडार के निकट हाईवे पर संचालित ढाबों पर आकस्मिक निरीक्षण में कई जगह घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया। कार्रवाई के बाद सिलेंडर जब्त किए गए और संबंधित लोगों को भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी दी गई। जिला रसद अधिकारी ने बताया कि आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न इलाकों में इसी तरह की जांच जारी रहेगी और घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि विभागीय सख्ती के दावों के विपरीत आबूरोड, माउंट आबू, सिरोही, सरूपगंज, पिंडवाड़ा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी घरेलू सिलेंडरों का धड़ल्ले से व्यावसायिक उपयोग हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभागों द्वारा इस पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

जयपुर एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी, इंडिगो पैसेंजर्स का हंगामा, 17 उड़ानें कैंसिल

जयपुर  राजस्थान में फ्लाइट कैंसिलेशन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इंडिगो एयरलाइंस की तरफ से शनिवार को भी जयपुर एयरपोर्ट से आने-जाने वाली कुल 17 उड़ानें रद्द कर दी गईं। लगातार कैंसिलेशन से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। वहीं, जोधपुर और उदयपुर एयरपोर्ट पर शनिवार को शेड्यूल सामान्य बताया जा रहा है। शुक्रवार को भी जयपुर, जोधपुर, उदयपुर और जैसलमेर एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स की रद्दीकरण और देरी के कारण भारी अव्यवस्था देखने को मिली थी। केवल राजस्थान में ही शुक्रवार को कुल 45 फ्लाइट्स रद्द हुई थीं। इनमें से ज्यादातर इंडिगो एयरलाइंस की थीं। कई यात्रियों को शनिवार की नई टिकटें दी गईं, लेकिन यात्रा को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। पिछले एक सप्ताह में केवल जयपुर एयरपोर्ट पर ही 80 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द हो चुकी हैं। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा इंडिगो एयरलाइन का है। अचानक शेड्यूल गड़बड़ाने से यात्रियों को भारी आर्थिक नुकसान और समय की बर्बादी झेलनी पड़ रही है। फ्लाइट रद्द होने की वजह DGCA (नागर विमानन महानिदेशालय) के नए नियमों के लागू होने और विमानों में तकनीकी परेशानियों को बताया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, मेंटेनेंस की बाध्यताओं में बदलाव के बाद कई विमान उड़ान योग्य नहीं हैं, जिसके कारण उड़ानों की संख्या घटाई जा रही है। जयपुर से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। फ्लाइट्स कैंसिल होने के कारण दूसरी एयरलाइंस ने किराए में भारी बढ़ोतरी कर दी है। शनिवार को मुंबई के लिए किसी भी उड़ान में सीट उपलब्ध नहीं थी। रविवार के लिए स्पाइसजेट की उड़ानों SG-651 (6:15 PM) और SG-251 (11:20 PM) का किराया बढ़कर 37,977 रुपए तक पहुंच गया है, जो सामान्य दिनों की तुलना में 5 से 6 गुना अधिक है। फ्लाइट संकट के कारण जयपुर और आसपास के रेलवे स्टेशनों पर लंबी दूरी के यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ गई है। भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को विकल्प उपलब्ध कराने के लिए नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे ने तीन स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। रेलवे सीपीआरओ शशि किरण के अनुसार: • ट्रेन संख्या 04062 दिल्ली सराय रोहिल्ला से साबरमती के बीच चलेगी। यह शनिवार दोपहर 2:15 बजे जयपुर पहुंचेगी। वापसी की ट्रेन 04061 7 दिसंबर को दोपहर 3:45 बजे जयपुर आएगी। • दुर्गापुरा (जयपुर) – बांद्रा टर्मिनस स्पेशल ट्रेन 7 दिसंबर को दोपहर 12:25 बजे दुर्गापुरा से चलेगी। वापसी ट्रेन 8 दिसंबर सुबह 10 बजे बांद्रा से रवाना होकर अगले दिन 5:30 बजे दुर्गापुरा पहुंचेगी। • ट्रेन 04725 हिसार से खडकी (महाराष्ट्र) के लिए चलाई जा रही है। यह शनिवार दोपहर 12:40 बजे जयपुर पहुंचेगी। वापसी ट्रेन 8 दिसंबर शाम 5 बजे खडकी से चलेगी और अगले दिन दोपहर जयपुर पहुंचेगी। लगातार फ्लाइट रद्द होने से एयरपोर्ट पर यात्रियों का गुस्सा और अव्यवस्था दोनों बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। टिकट रिफंड, होटल स्टे और री-शेड्यूलिंग को लेकर भी यात्रियों को संघर्ष करना पड़ रहा है। कई यात्रियों ने एयरलाइंस और DGCA से हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि स्थिति सामान्य हो सके। फिलहाल एयरलाइंस ने स्थिति जल्द सुधारने का आश्वासन दिया है, लेकिन यात्रियों में असमंजस की स्थिति अभी भी बनी हुई है।