samacharsecretary.com

बिजली बिल भुगतान में तकनीकी गड़बड़ी! UPI से राशि डेबिट, बिल फिर भी पेंडिंग—उपभोक्ता परेशान

गोरखपुर  उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बिजली उपभोक्ता इन दिनों एक अजीब और परेशान करने वाली तकनीकी दिक्कत में फंस गए हैं। लोग बिजली बिल का भुगतान यूपीआई से कर रहे हैं, पैसा बैंक खाते से तुरंत कट भी जा रहा है, लेकिन बिजली निगम के सिस्टम में वह राशि दर्ज ही नहीं हो रही। नतीजा यह कि उपभोक्ता का बिजली बिल 'बकाया' दिख रहा है और कई का कनेक्शन भी बंद हो चुका है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि करोड़ों रुपये फंसने के बावजूद बिजली निगम प्रबंधन ने अभी तक UPI पेमेंट को अस्थायी रूप से रोकने या वैकल्पिक व्यवस्था देने की कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। इस तकनीकी खामी से उपभोक्ता ही नहीं, अभियंता भी असमंजस में हैं। कैसे फंस रहा है पैसा-UPI पेमेंट में गड़बड़ी का पूरा खेल इन दिनों बिजली बिल का सबसे अधिक भुगतान UPI के ज़रिए ही किया जाता है। कई उपभोक्ता तो इसे ऑटो-पे पर सेट कर चुके हैं, जिससे बिल बनते ही -भुगतान अपने आप बैंक खाते से कट जाता है। -लेकिन पिछले 10 दिनों से स्थिति अचानक बिगड़ गई। -पैसा उपभोक्ता के बैंक खाते से कटता है। -भुगतान सफल का मैसेज भी मिलता है। -लेकिन बिजली निगम के खाते में रकम पहुंच ही नहीं रही। इस गड़बड़ी की वजह से निगम का बिलिंग सिस्टम उपभोक्ता को बकायेदार दिखा रहा है। रोज़ाना बिजली दफ्तरों पर शिकायत करने वालों की लंबी कतारें लग रही हैं। 

CM रेखा गुप्ता की बड़ी घोषणा: अब लोगों को मिलेगा बैंक में अटका पैसा

नई दिल्ली  दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को केंद्र सरकार की तरफ से शुरू की गई ‘मेरी पूंजी, मेरा अधिकार’ मुहिम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पत्रकारों से इस अभियान के बारे में बताते हुए कहा कि इससे आम लोगों को उनके बैंक खाते में फंसे रुपए मिलने में मदद मिलेगी। मौजूदा समय में बड़ी संख्या में लोगों के पैसे बैंक में फंसे हुए हैं। ऐसी स्थिति में इस योजना से लोगों को उनके पैसे बड़ी ही आसानी से मिल जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि सरकारों को आम जनता के हितों से कोई सरोकार नहीं रहता है, लेकिन हमारी सरकार ऐसी नहीं है। वह आम जनता के हितों को हमेशा से ही सर्वोच्च प्राथमिकता देती हुई आई है। यह उसी का नतीजा है कि आज की तारीख में 'मेरी पूंजी, मेरा अधिकार' स्कीम शुरू की गई है। अब तक इस योजना से अनेक लोग लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने बताया कि कई बार पिता बैंक में पैसे जमा कराकर रखते हैं, लेकिन बेटे को इस बारे में जानकारी नहीं होती है। किसी ने म्युचुअल फंड में निवेश किया था, लेकिन परिवार में किसी को इस बारे में पता नहीं होता। पिता की मृत्यु के बाद उनकी तरफ से जमा कराए गए पैसे कहां-कहां रखे गए हैं? कभी-कभी इस बारे में भी बेटे को जानकारी नहीं होती है। ऐसी स्थिति में यह योजना काफी कारगर साबित होगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस योजना के माध्यम से हमारी सरकार यही चाहती है कि आम जनता को उनका पैसा मिले। यह हमारी सरकार की पारदर्शिता है। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि आम जनता का एक भी पैसा बैंक न फंसा रहे। उन्हें उनका पैसा मिले। उन्हें किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो। इस योजना के माध्यम से यह भी साफ हो चुका है कि हमारी सरकार पारदर्शिता के साथ काम करती है। बात जब पारदर्शिता की आती है तो हम किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं कर सकते हैं। दिल्ली की सीएम ने बताया कि अब तक केंद्र सरकार के वित्त विभाग की तरफ से आम जनता को 85 हजार करोड़ रुपए की राशि दी जा चुकी है। इससे आम जनता को उनका फंसा हुआ पैसा मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार भी इस दिशा में अपने कदम आगे बढ़ा चुकी है। हमारी सरकार भी बैंकों के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करेगी कि राष्ट्रीय राजधानी के लोगों को उनका फंसा हुआ पैसा मिले। हम आगामी दिनों में इस संबंध में बैंक से वार्ता भी करेंगे।

छात्र की मार्कशीट में दो रिजल्ट: DEO ने प्राचार्य से तलब किया जवाब

बिलासपुर सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल सरकंडा के एक छात्र के मार्कशीट में गंभीर गड़बड़ी सामने आई है। वर्ष 2006 की परीक्षा के लिए जारी छात्र रवि कुमार यादव के दो अंक सूची में अलग-अलग परीक्षाफल दर्ज किए गए हैं। इस गंभीर लापरवाही पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने संबंधित प्राचार्य को तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट करने और प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मामले की रिपोर्ट कलेक्टर और संचालक स्कूल शिक्षा को भी भेज दी गई है। जारी पत्र के अनुसार, वर्ष 2006 की पूर्व माध्यमिक परीक्षा की जिला स्तरीय अंकसूची में उल्लेख है कि रवि कुमार यादव नियमित परीक्षार्थी के रूप में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरकंडा के परीक्षा केंद्र में शामिल हुआ था। इसकी अंक सूची से संबंधित जानकारी DEO कार्यालय को प्राप्त हुई, जिसमें जारी दो प्रमाण पत्रों में स्पष्ट भिन्नता पाई गई है। पहली बार जारी प्रमाण पत्र में परीक्षाफल पूरक दर्शाया गया है, जबकि दूसरी बार जारी प्रमाण पत्र में परीक्षाफल अनुपस्थित दर्शाया गया है। डीईओ ने छात्र रवि कुमार यादव क्र./3411, अनुक्रमांक 3066 के दो बार जारी प्रमाणपत्र में भिन्नता के संबंध में स्पष्टीकरण देते हुए वास्तविक स्थिति से कार्यालय को तत्काल अवगत कराने को कहा है।

यूपी के फाजिलनगर का बदलेगा नाम, योगी सरकार ने शुरू की प्रक्रिया

 गाजियाबाद यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में एक और स्थान का इस्लामिक नाम बदलने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि फाजिलनगर का नाम बदलकर जैन आस्था के मुताबिक किया जाएगा। मुख्यमंत्री रविवार को गाजियाबाद के मुरादनगर में स्थित श्री तरुण सगराम पारसनाथ अतिशय तीर्थ धाम में गुफा मंदिर उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जैन मुनि परंपरा तप, त्याग और नैतिक जीवन का संदेश देती है, जो समाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि कुशीनगर के फाजिलनगर का नाम जैन समाज की ऐतिहासिक आस्था के अनुरूप ‘पावा नगर’ किया जाएगा। पावा वह पवित्र स्थल है जहां भगवान महावीर के महापरिनिर्वाण का विश्वास किया जाता है, इसलिए क्षेत्र की पहचान को उसके आध्यात्मिक महत्व के अनुरूप सम्मान देना जरूरी है। कुशीनगर जिले में फाजिलनगर का महत्वपूर्ण कस्बा है, जो अपनी भौगोलिक स्थिति और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए जाना जाता है। यह पूर्वी उत्तर प्रदेश को बिहार से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के कारण व्यापार और आवागमन का बड़ा केंद्र है। योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तुत नौ संकल्पना परिकल्पना को जैन समाज अपने अनुशासित जीवन, स्वावलंबन, सेवा कार्य और समाज सुधार की प्रेरणा से साकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता ही वह शक्ति है जो समाज में संतुलन, समरसता और स्थायी विकास सुनिश्चित करती है। कार्यक्रम में उपस्थित प्रसन्न सागर महाराज ने कहा कि भारत की परंपरा त्याग, तप और साधना की भूमि रही है। राजनीति में सनातन धर्म की सहभागिता यह दर्शाती है कि राष्ट्र आज आध्यात्मिक मूल्यों पर आगे बढ़ रहा है। इस दौरान तरुण सागर तीर्थ एवं तरुण क्रांति मंच ट्रस्ट की ओर से मुख्यमंत्री से गुरुकुल, गौशाला और आयुर्वेदिक स्कूल खोलने की मांग भी रखी गई। ट्रस्ट ने कहा कि इससे युवाओं को शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, पशुपालन और आयुर्वेदिक उपचार पर आधारित ज्ञान मिलेगा, जो समाज निर्माण में सहायक सिद्ध होगा।  

निगरानी विभाग को सख्त हिदायत: जीरो टॉलरेंस से ही बनेगा भ्रष्टाचार-मुक्त बिहार – CM नीतीश

पटना बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरूवार को मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग एवं निगरानी विभाग के कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। समीक्षा के दौरान मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग एवं निगरानी विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभाग के कार्यों की अद्यतन एवं विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कुमार ने अधिकारयों को कहा कि मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग एवं निगरानी विभाग के कार्यों को बेहतर ढंग से क्रियान्वित करें। सरकार की जो प्राथमिकतायें हैं उसके आधार पर कार्यों को तेजी से पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार को समाप्त करने में निगरानी विभाग कारगर, संवदेनशील एवं अपनी गतिशील भूमिका निभा रहा है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार का उद्देश्य न्याय के साथ विकास करते हुये जीरो टॉलरेंस की नीति का अनुसरण कर राज्य को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि सुशासन और पारदर्शिता के साथ सरकार की योजनाओं को लागू करें जिससे आम जन को उसका सीधा और त्वरित लाभ मिल सके।  

E-KYC के लिए लाइन नहीं, राशनकार्ड अपडेट घर बैठे कराएं

 देवघर   झारखंड के राशनकार्ड धारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. दरअसल राशन कार्डधारियों के लिए राज्य सरकार ने ई-केवाईसी की प्रक्रिया को और सरल कर दिया है. अब स्मार्ट पीडीएस सेवा के जरिये लाभुक अपने मोबाइल से ही ऑनलाइन केवाईसी पूरा कर सकेंगे. इसके अलावा ई-मित्र केंद्र और सरकारी निर्धारित दुकानों पर भी कम समय में ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है. तेजी से चल रहा है देवघर में ई-केवाईसी का काम देवघर में खाद्य आपूर्ति विभाग के निर्देश पर ई-केवाईसी का काम तेजी से चल रहा है. विभाग का कहना है कि जिन कार्डधारियों का केवाईसी अपडेट नहीं है, उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में दिक्कत हो सकती है. ऐसे लाभुकों के लिए ऑनलाइन आवेदन और दस्तावेज सत्यापन को अब बेहद आसान बना दिया गया है. घर बैठे पूरी होगी प्रक्रिया लाभुकों को अब न तो विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत है और न ही लंबी लाइनों में लगने की. राशन कार्ड से जुड़ी सूचनाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपडेट किया जा रहा है. विभाग ने सभी प्रखंडों और पंचायत स्तर पर भी ई-केवाईसी कराने का विकल्प उपलब्ध कराया है. दुकानों पर भी मिलेगी सुविधा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन दुकान संचालकों को भी ई-केवाईसी सेवा की सुविधा दी जा रही है. यहां पर आकर लाभुक अपना आधार सत्यापन, मोबाइल नंबर अपडेट और अन्य जानकारी तुरंत करवा सकेंगे. समय से कराएं ई-केवाईसी खाद्य आपूर्ति विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपना ई-केवाईसी करा लें, ताकि राशन वितरण और सरकारी योजनाओं में कोई बाधा न आए. साथ ही संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे लाभुकों की समस्याओं का समाधान तुरंत करें. इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता अभियान चलाया जाए.

सम्राट चौधरी की सख्त पहल: 1300 माफियाओं की संपत्तियां जब्त करने की तैयारी तेज

पटना बिहार में नयी सरकार के गठन के बाद संगठित अपराध और माफिया नेटवर्क के खिलाफ व्यापक अभियान तेज हो गया है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने बृहस्पतिवार को बताया कि अपराधियों को आर्थिक रूप से कमजोर करने के लिए बड़े पैमाने पर अवैध संपत्तियां कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू की गई है और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष दस्ते गठित किए जा रहे हैं। डीजीपी ने बताया कि पिछले कुछ महीने में 400 कुख्यात अपराधियों की अवैध संपत्तियों को कुर्क करने के प्रस्ताव न्यायालय भेजे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लगभग 1,300 और आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जिनकी संपत्तियों से संबंधित सभी दस्तावेज एकत्र किए जा रहे हैं और जल्द ही इन्हें भी कानूनी कुर्की की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। भाड़े के हत्यारों और माफिया की अवैध संपत्तियों पर एक्शन विनय कुमार ने कहा, "शराब, बालू और जमीन माफिया के साथ-साथ भाड़े के हत्यारों और संगठित अपराध से जुड़े कई बड़े नामों को इस सूची में शामिल किया गया है। सरकार का स्पष्ट मानना है कि गिरफ्तारी से आगे बढ़कर अपराध की आर्थिक व्यवस्था प्रहार किए बिना आपराधिक नेटवर्क को खत्म नहीं किया जा सकता।" बिहार में ‘एंटी-रोमियो’ की तर्ज पर विशेष महिला दस्ते गठित डीजीपी ने कहा कि अपराधियों की संपत्ति कुर्क किए जाने से उनके फंडिंग नेटवर्क, प्रभाव और आपराधिक गतिविधियों पर बड़ा असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह कदम कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार की प्राथमिकता का उल्लेख करते हुए डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि राज्य में ‘एंटी-रोमियो' की तर्ज पर एक विशेष महिला दस्ते गठित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए इस वर्ष 2,000 स्कूटी खरीदी जा रही हैं, जिन पर महिला पुलिसकर्मी स्कूल और कॉलेजों के आसपास नियमित गश्त करेंगी। उन्होंने कहा, "लड़कियों के साथ छेड़छाड़, पीछा करने और उत्पीड़न की किसी भी घटना पर अब तत्काल कार्रवाई की जाएगी। सड़क पर महिलाओं को परेशान करने वालों के खिलाफ कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति लागू की जाएगी।"

पंजाब में जापानी निवेश को मिलेगा बढ़ावा, CM मान बोले– राज्य को बनाएं उद्योगों की पहली पसंद

चंडीगढ़  पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जापान के साथ उन्नत निर्माण, गतिशीलता, इलेक्ट्रॉनिक्स, फूड प्रोसेसिंग, नवीकरणीय ऊर्जा और वैश्विक सेवाओं जैसे प्रमुख क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी की वकालत की. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब वह भूमि है जो साहस, लचीलापन, कड़ी मेहनत, उद्यमशीलता, रचनात्मकता और सामुदायिक साझेदारी के लिए जानी जाती है.मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब ने हमेशा भारत के विकास में, विशेष रूप से देश को खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. भगवंत सिंह मान ने कहा कि आज पंजाब आधुनिक उद्योग, प्रौद्योगिकी और वैश्विक सहयोग के मोर्चे पर अग्रणी केंद्र बनने के लिए नए दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ रहा है. 2026 में मोहाली में बड़ा आयोजन यह विचार-विमर्श 13 से 15 मार्च 2026 को इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (आई.एस.बी.), मोहाली में आयोजित होने वाले 6वें प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर समिट से पहले पंजाब की अंतरराष्ट्रीय पहुंच का महत्वपूर्ण हिस्सा था. इन्वेस्ट पंजाब ने राज्य के आर्थिक क्षेत्र के साथ-साथ एक ही प्राधिकरण के तहत कई विभागों की क्षमताओं को एकीकृत करने वाले अनूठे इन्वेस्ट पंजाब यूनिफाइड रेगुलेटरी मॉडल को प्रदर्शित किया. पंजाब के उद्योग में जापानी कंपनियां मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में जापानी उद्योग के साथ पंजाब के मजबूत और बढ़ते संबंधों पर जोर दिया और जापानी कंपनियों को पंजाब के औद्योगिक परिवर्तन के अगले चरण का हिस्सा बनने के लिए हार्दिक निमंत्रण दिया. उन्होंने कहा कि पंजाब और जापान विश्वास, अनुशासन और दीर्घकालिक साझेदारी की मूल्यों को साझा करते हैं, जो राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं. भगवंत सिंह मान ने कहा कि जापानी कंपनियों ने पंजाब में पहले से ही मजबूत पकड़ बना ली है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य हमारे युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने के साथ-साथ निवेशकों के लिए स्थिर और विश्वसनीय वातावरण सुनिश्चित करना है. जापानी उद्योग के साथ पंजाब की साझेदारी पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि ये संबंध पहले से ही मजबूत हैं और नई दिशाओं की ओर बढ़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि जापान की कई प्रसिद्ध कंपनियों ने पंजाब में अपना भरोसा दिखाया है. भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह बहुत गर्व और संतुष्टि की बात है कि पंजाब के ऑटोमोटिव और विनिर्माण क्षेत्र में माज़दा, सुमितोमो, एसएमएल इसुज़ु, यानमार, आइची स्टील और गुनमा सीको ने अपने पैर पसार लिए हैं. टोपन और ओजी होल्डिंग्स की पकड़ मजबूत मुख्यमंत्री ने कहा कि पैकेजिंग और औद्योगिक उत्पादों में टोपन और ओजी होल्डिंग्स ने मजबूत पकड़ बनाई है, जबकि रसायन और पेंट में कंसाई नेरोलैक और निसान केमिकल ने सफलतापूर्वक कदम बढ़ाए हैं. उन्होंने आगे कहा कि कृषि और मशीनरी में यानमार एग्रीकल्चर मशीनरी और क्लास इंडिया ने पंजाब में अपना भरोसा दिखाया है. रिटेल और उपभोक्ता उत्पादों में यूनिक्लो ने जापानी गुणवत्ता हमारे लोगों तक पहुंचाई है. भगवंत सिंह मान ने कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा में मित्सुई एंड कंपनी हमारे हरित दृष्टिकोण में योगदान दे रही है और यह साझेदारी स्थिरता, कौशल और विकास के प्रति पंजाब की प्रतिबद्धता में जापानी निवेशकों द्वारा दिखाए गए भरोसे को दर्शाती है. राज्य में उभरती नई संभावनाओं की खोज के लिए जापानी कंपनियों को आमंत्रित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब का भविष्य उन्नत विनिर्माण, गतिशीलता, इलेक्ट्रॉनिक्स, फूड प्रोसेसिंग, नवीकरणीय ऊर्जा और वैश्विक सेवाओं पर केंद्रित है. उन्होंने कहा कि ये वे प्रमुख क्षेत्र हैं जहां जापान की क्षमताएं और पंजाब की संभावनाएं स्वाभाविक रूप से मेल खाती हैं. उन्होंने निवेशकों को 6वें प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर समिट में शामिल होने का न्योता दिया. भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह सम्मेलन पंजाब की प्रगति पर प्रकाश डालेगा, प्रमुख औद्योगिक दिग्गजों को एक मंच पर लाएगा और साझेदारी व सहयोग के नए अवसर प्रस्तुत करेगा. जापान के साथ विश्वास और मूल्यों की साझेदारी मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पंजाब और जापान विश्वास, गुणवत्ता और दीर्घकालिक प्रतिबद्धता के मूल्यों को साझा करते हैं और राज्य सरकार इस रिश्ते को और गहरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मजबूत आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों के माध्यम से समृद्ध भविष्य सृजन के लिए दृढ़ है. निवेशकों का धन्यवाद करते हुए भगवंत सिंह मान ने पंजाब के साथ उनके निरंतर संबंधों के लिए पूर्ण समर्थन और सहयोग की मांग की. इस दौरान कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि फास्टट्रैक पंजाब डिजिटल प्लेटफॉर्म अब 45 कार्य दिवसों के भीतर गारंटीड मंजूरियों के साथ 200 से अधिक कारोबारी सेवाएं प्रदान करता है, जिनमें कानूनी रूप से लागू ऑटो-डीम्ड मंजूरियां भी शामिल हैं. उन्होंने निवेशकों के लिए विश्वस्तरीय सुविधा सुनिश्चित करने के लिए उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन, बिजली और प्रवासी भारतीय मामलों में किए गए सुधारों को रेखांकित किया.  

सुभासपा में सेंध! जिलाध्यक्ष साथियों संग BSP का दामन थामा, चुनावी माहौल गरमाया

लखनऊ  यूपी में पंचायत चुनाव अगले अप्रैल-मई में प्रस्तावित है। इसको लेकर जिला पंचायत से लेकर ग्राम पंचायत तक हलचल तेज है। सभी पार्टियां 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियों में लग गईं। रणनीति तैयार हो रही है। इसी बीच यूपी के हमीरपुर जिले से एक खबर सामने आई है। यह खबर सुभासपा के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर को झटका देने वाली है। दरअसल, हमीरपुर के सुभासपा के जिलाध्यक्ष श्रीराम प्रजापति ने अपने साथियों के साथ बसपा की सदस्यता ग्रहण की। संविधान दिवस पर बसपा की जिलास्तरीय बैठक एक गेस्ट हाउस में संपन्न हुई। इस बैठक में यह सदस्यता ग्रहण बुंदेलखंड प्रभारी लालाराम अहिरवार और चित्रकूट मंडल बांदा के मुख्य प्रभारी अखिलेश अंबेडकर की मौजूदगी में हुई। बैठक में उपस्थित बसपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रीराम प्रजापति का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। बैठक के दौरान अतिथियों ने संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव में जीत हासिल करने की रणनीति पर चर्चा की। बहुजन समाज पार्टी की जिलास्तरीय बैठक में बुंदेलखंड प्रभारी लालाराम अहिरवार ने कहा कि बसपा के सभी बूथ लेबिल एजेंट अपने-अपने क्षेत्र में मतदाताओं का एसआईआर फार्म भरने में बीएलओ के साथ मिलकर सहयोग करें। बल्देव प्रसाद वर्मा ने कहा कि पार्टी के सेक्टर व बूथ प्रभारी अभी से मतदाताओं के बीच जागरूकता अभियान चलाए। अखिलेश अम्बेडकर ने संविधान दिवस पर बोलते हुए कहा कि बाबा साहेब ने दलित समाज के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनकी ही देन है कि हम सभी को बराबरी का अधिकारी मिला है। उनके सपनो को साकार करना सभी की जिम्मेदारी है। इस दौरान मौदहा चेयरमैन रजा मुहम्मद उर्फ श्रीनाथ, जिला प्रभारी रामफूल निषाद, वीरेंद्र वर्मा ने पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित किया। बसपा की सदस्यता लेने पर सुभासपा के जिलाध्यक्ष श्रीराम प्रजापति व उनके समर्थको को जिलाध्यक्ष राघवेंद्र अहिरवार ने माला पहनाकर स्वागत किया।  

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के बेटे की शादी का निमंत्रण पत्र आया सामने

 उज्जैन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव अपने छोटे बेटे डॉक्टर अभिमन्यु यादव की शादी बेहद सादगीपूर्ण तरीके से करने जा रहे हैं. मुख्यमंत्री के बेटे का विवाह 30 नवंब को उज्जैन में आयोजित एक सामूहिक विवाह सम्मेलन में होगा. यादव परिवार ने अपने बेटे की शादी के लिए जो निमंत्रण कार्ड छपवाया है, वह भी अत्यंत सामान्य और संदेशपरक रखा गया है.  शादी के कार्ड में निमंत्रण देते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लिखा, ''मेरे आत्मज डॉ. अभिमन्यु यादव (M.B.B.S., M.S.) संग डॉ. ईशिता यादव पटेल (M.B.B.S.) के मंगल परिणय के पावन प्रसंग पर आप सादर सविनय आमंत्रित हैं. शुभदिन है 30 नवंबर 2025, अगहन शुक्ल दशमी, रविवार है. बेटे के शुभ विवाह को हमारे परिजनों की शुभेच्छानुसार सामूहिक विवाहोत्सव में परिणीत किया है. सामाजिक सरोकार के पावन उद्देश्य से रचे पगे सामूहिक विवाह समारोह के उल्लास में सामाजिक समरसता और सद्भाव से परिपूर्ण इस सामूहिक परिणय मंगल समारोह में 21 नवयुगल परिणय बंधन में गुंथित होंगे. इन्हीं 21 जोड़ों के साथ गठबंधन में सप्तपदी सप्तवचनों के साथ मेरे सुपुत्र भी गृहस्थ आश्रम में प्रवेश करेंगे. इस पवित्र आयोजन में आपका आगमन हमारा और नवयुगलों का परम सौभाग्य होगा. सभी नवदम्पत्ति आपके आशीर्वाद से अभिसिंचित होकर सौभाग्यशाली होंगे. आपके पधारने से कार्यक्रम की गरिमा में भी अभिवृद्धि होगी. आपके शुभाशीष के आकांक्षी…उपहार के लिये क्षमा…आपका आशीर्वाद ही नवयुगल हेतु अमूल्य उपहार है.'' इससे पहले, फरवरी 2024 में भी सीएम मोहन यादव ने राजस्थान के पुष्कर में अपने बड़े बेटे वैभव की शादी भी एक बेहद सादे समारोह में की थी. इस समय मोहन यादव को मुख्यमंत्री बने महज तीन महीने हुए थे.  BJP के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री मोहन यादव उज्जैन के रहने वाले हैं. उनके जुड़े नजदीकी लोगों की मानें तो कई बार CM मोहन यादव यह कह चुके हैं कि शादी या अन्य कोई कार्यक्रम सादगी से ही होना चाहिए और उनकी इच्छा के अनुरूप ही छोटे बेटे डॉक्टर अभिमन्यु की शादी बेहद ही सादगी से एक सामूहिक विवाह सम्मेलन में की जा सकती है.  कौन हैं CM मोहन यादव की छोटी बहू? CM मोहन यादव की छोटी बहू इशिता यादव खरगोन जिले के सेल्दा गांव की रहने वाली हैं. वह किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं. इशिता यादव भी पेशे से डॉक्टर हैं. साथ ही PG की पढ़ाई भी कर रही हैं. उन्होंंने MBBS की पढ़ाई पूरी कर ली है. उनके पिता दिनेश यादव इलाके के बड़े किसान माने जाते हैं. क्या हैं अभिमन्यु? बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की तीन संतानें हैं. उनके दो बेटे और एक बेटी हैं. बेटी डॉ. आकांक्षा और बड़े बेटे की शादी हो चुकी है. वहीं. उनके छोटे बेटे डॉ. अभिमन्यु एक कुशल सर्जन हैं और समाजसेवा में भी सक्रिय रहते हैं. इशिता से CM मोहन यादव की बेटी का खास रिश्ता CM मोहन यादव की होने वाली छोटी बहू इशिता से उनकी बेटी डॉ. आकांक्षा का खास रिश्ता है. दरअसल, आकांक्षा की शादी दिनेश यादव के बेटे डॉ. आयुष से हुई है. यानी इशिता उनकी ननद भी हैं. बता दें कि CM मोहन यादव की बेटी डॉ. आकांक्षा गायनोकॉलॉजिस्ट डॉक्टर हैं.