samacharsecretary.com

वाराणसी से दौड़ेगी 4 नई Vande Bharat! 8 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी दिखाएंगे हरी झंडी

वाराणसी  भारत की आधुनिक रेल अवसंरचना के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 नवंबर को सुबह लगभग 8:15 बजे वाराणसी का दौरा करेंगे और चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को झंडी दिखाएंगे। नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु मार्गों पर चलेंगी। प्रमुख गंतव्यों के बीच यात्रा के समय को उल्लेखनीय रूप से कम करने के जरिए, ये ट्रेनें क्षेत्रीय गतिशीलता में वृद्धि करेंगी, पर्यटन को बढ़ाएंगी और देश भर में आर्थिक कार्यकलापों को बढ़ावा देंगी। बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस इस रूट पर सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी और वर्तमान में चल रही विशेष ट्रेनों की तुलना में लगभग 2 घंटे 40 मिनट की बचत करेगी। बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस भारत के कुछ सबसे प्रतिष्ठित धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों, जैसे वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट और खजुराहो को जोड़ेगी। यह संपर्क न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि तीर्थयात्रियों और यात्रियों को यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो तक त्वरित, आधुनिक और आरामदायक यात्रा भी प्रदान करेगा। लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस लगभग 7 घंटे 45 मिनट में यात्रा पूरी करेगी, जिससे यात्रा समय में लगभग 1 घंटे की बचत होगी। लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस से लखनऊ, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर और सहारनपुर के यात्रियों को बहुत लाभ होगा, साथ ही रुड़की होते हुए हरिद्वार तक उनकी पहुंच भी बेहतर होगी। मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सुगम तथा त्वरित अंतर-शहर यात्रा सुनिश्चित करने के ज़रिए, यह सेवा कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय विकास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत इस रूट पर सबसे तेज चलने वाली ट्रेन होगी, जो अपनी यात्रा मात्र 6 घंटे 40 मिनट में पूरी कर लेगी। फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस राष्ट्रीय राजधानी और पंजाब के प्रमुख शहरों, जैसे फिरोजपुर, बठिंडा और पटियाला के बीच संपर्क को सुदृढ़ करेगी। इस ट्रेन से व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने, सीमावर्ती क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास में योगदान देने और राष्ट्रीय बाजारों के साथ बेहतर एकीकरण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। दक्षिण भारत में, एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस यात्रा समय में 2 घंटे से अधिक की कमी ला देगी, जिससे यह यात्रा 8 घंटे 40 मिनट में पूरी हो जाएगी। एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस प्रमुख आईटी और वाणिज्यिक केंद्रों को जोड़ेगी, जिससे प्रोफेशनलों, छात्रों और पर्यटकों को तेज और अधिक आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा। यह रूट केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच आर्थिक कार्यकलापों और पर्यटन को बढ़ावा देगा, जिससे क्षेत्रीय विकास और सहयोग में सहायता मिलेगी। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि यह विश्वस्तरीय रेल सेवाओं के माध्यम से नागरिकों को सुगम, त्वरित और अधिक आरामदायक यात्रा प्रदान करने के प्रधानमंत्री के विजन को साकार करने में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

रेलवे का ऐतिहासिक कदम: 40 साल बाद समय पालन और ट्रैक रोकथाम सुनिश्चित

झांसी  उत्‍तर मध्‍य रेलवे के झांसी डिवीजन 40 साल में पहली बार ऐसा काम किया है, जिससे पंच्‍यू‍अलिटी रेट बढ़ेगा यानी आपकी ट्रेन समय पर चलेंगी. इतना ही नहीं सफर के दौरान ट्रैक के बीचोंबीच ट्रेन खड़ी भी नहीं होगी. यहां पर 40 साल पुराने 40 साल पुराने ओएचई वायर को बदलने का काम किया जा रहा है. झांसी रेल डिवीजन द्वारा रेल इन्फ्रास्ट्रक्चर को बेहतर करने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी. पुरानी हो चुकी चीजों को बदलने और नए को लगाने काम किया जा रहा है. डिवीजन द्वारा अक्टूबर माह में 33 किलोमीटर ट्रैक पर ज्वाइंटलेस कॉन्टैक्ट वायर लगाए गए हैं. इस वित्तीय साल में अभी तक 94.2 किलोमीटर ट्रैक पर ज्वाइंटलेस कॉन्टैक्ट वायर बदले जा चुके हैं. डिवीजन के विद्युत विभाग द्वारा एनआईसीसीओ मेक ज्वाइंट कॉन्टैक्ट वायर के स्थान पर ज्वाइंटलेस कॉन्टैक्ट वायर लगाए जा रहे हैं. वर्ष 1985-86 में जब रेलट्रैक पर विद्युतीकरण का कार्य शुरु किया गया था, तब पुरानी टेक्नोलॉजी के कारण 1500 मीटर OHE वायर (एक ड्रम) की लंबाई में कई जगहों पर ब्रेज़िंग ज्वाइंट लगाए जाते थे. इस वजह से कई बार OHE वायर टूटने की शिकायत आती थी. इस समस्या को दूर करने के लिए विद्युत विभाग द्वारा बिना किसी ज्वॉइंट वाले(ज्वाइंट लेस) कॉन्टैक्ट वायर लगाए जा रहे हैं. मंडल द्वारा अभी तक 153.6 किलोमीटर ज्वाइंटलेस वायर लगाए जा चुका है. डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि रेलवे आधुनिक हो रहा है. जरूरत के अनुसार आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं. बगैर जॉइंट वाले कॉन्टैक्टवायर ओएचई फेल होने से होने वाले ब्रेक डाउन में कमी आई है. बल्कि उनकी संख्या अब जीरों के बराबर है. ट्रेनों की पंच्‍यूअलिटी में भी बेहतर होगा. इस काम में तेजी लाने के लिए दो टावर वैगन अतिरिक्त लगाए गए हैं, जिससे यह कार्य जल्‍द पूरा किया जा सके.

अमित शाह पर टिप्पणी मामले में राहुल गांधी की सुनवाई टली, अगली तारीख 17 नवंबर तय

सुल्तानपुर एमपी-एमएलए कोर्ट में रायबरेली सांसद राहुल गांधी के मानहानि मामले की सुनवाई गुरुवार को स्थगित हो गई। राहुल गांधी के अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ला ने बताया कि एक अधिवक्ता के निधन के कारण आज कोर्ट में कंडोलेंस था। अब इस मामले की अगली सुनवाई 17 नवंबर को होगी। यह मामला वर्ष 2018 का है। कोतवाली देहात के हनुमानगंज निवासी भाजपा नेता विजय मिश्रा ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था। विजय मिश्रा का आरोप है कि 2018 में कर्नाटक चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष और वर्तमान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर अभद्र टिप्पणी की थी। पांच साल तक चली अदालती कार्यवाही के दौरान राहुल गांधी के पेश न होने पर दिसंबर 2023 में तत्कालीन जज ने उनके खिलाफ वारंट जारी किया था। इसके बाद, फरवरी 2024 में राहुल गांधी ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। विशेष मजिस्ट्रेट ने उन्हें 25-25 हजार रुपये के दो मुचलकों पर जमानत दी। 26 जुलाई 2024 को राहुल गांधी ने कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया, जिसमें उन्होंने खुद को निर्दोष बताया और इसे राजनीतिक साजिश करार दिया। इसके बाद कोर्ट ने वादी को साक्ष्य प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था तब से लगातार गवाह पेश किए जा रहे हैं। अब तक केवल एक गवाह से जिरह पूरी हो पाई है जबकि दूसरे गवाह से जिरह शुरू हुई है। अक्सर हड़ताल और गवाहों के अनुपस्थित रहने के कारण कार्यवाही में देरी हो रही है।

SC ने नहीं दी राहत! अब्दुल्ला आज़म पर फर्जी दस्तावेज़ केस में होगी आगे जांच

रामपुर  समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से करारा झटका लगा है। शीर्ष अदालत ने उनके खिलाफ दर्ज फर्जी दस्तावेज मामले में एफआईआर रद्द करने की याचिका खारिज कर दी है। FIR रद्द करने का कोई ठोस कानूनी आधार नहीं: SC जस्टिस एम.एम. सुंदरेश और जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा की बेंच ने कहा कि अब्दुल्ला आजम की याचिका में एफआईआर रद्द करने का कोई ठोस कानूनी आधार नहीं है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जांच एजेंसी को अपना काम करने दिया जाना चाहिए और इस स्तर पर अदालत का हस्तक्षेप उचित नहीं होगा। फर्जी दस्तावेज मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त बता दें कि अब्दुल्ला आजम पर आरोप है कि उन्होंने पासपोर्ट बनवाने के लिए गलत जन्मतिथि और फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया। इसके अलावा, उनके पास दो पैन कार्ड होने के आरोप भी हैं। इसी मामले को लेकर उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में एफआईआर रद्द करने की मांग की थी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जांच प्रक्रिया को रोका नहीं जा सकता और इस मामले में हस्तक्षेप करने का कोई कारण नहीं है। गौरतलब है कि अब्दुल्ला आजम पहले से ही कई मामलों का सामना कर रहे हैं, जिनमें कुछ में जांच जारी है।  

स्टेशन के पास इंटरसिटी ट्रेन में तकनीकी खराबी, धुएं से घबराए यात्री

बाराबंकी गोंडा से लखनऊ की ओर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस में आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहाँ बुढ़वल रेलवे स्टेशन के समीप रामनगर-फतेहपुर मार्ग के ओवरब्रिज के पास ट्रेन के एक बोगी से अचानक धुआं निकलने लगा जिससे पूरी ट्रेन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के समय जब ट्रेन ओवरब्रिज के करीब पहुंची तो एक बोगी के पहिये के आसपास से धुआं उठता देख यात्रियों में दहशत फैल गई। सतर्क यात्रियों ने फौरन लोको पायलट को इसकी जानकारी दी। लोको पायलट ने समझदारी दिखाते हुए आनन-फानन में ट्रेन को रोक लिया। ट्रेन के रुकते ही डर से सहमे यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बोगियों से उतरकर पटरी के किनारे इकट्ठा हो गए। मामले की सूचना पाते ही रेलवे के तकनीकी स्टाफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। जांच-पड़ताल में सामने आया कि पहिये में ब्रेक शू फंस जाने की वजह से धुआं निकल रहा था। तकनीकी टीम ने तुरंत ब्रेक शू की मरम्मत की और खराबी दूर करने के बाद ट्रेन को आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया। जीआरपी चौकी के प्रभारी जयंत दुबे ने बताया कि यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए चेन पुलिंग की गई थी। उन्होंने राहत की बात बताते हुए कहा कि इस घटना में किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है और हालात पूरी तरह काबू में हैं।  

योगी ने चेताया- माफिया व अपराधियों को जब भी सत्ता का स्वाद चखाओगे तो कीमत चुकाओगे

राजद के समय सड़क और पुल का भी हो जाता था अपहरणः योगी बिहार विधानसभा चुनाव यूपी के मुख्यमंत्री ने बिहार की पूर्व उप मुख्यमंत्री व बेतिया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रेणु देवी के लिए की कमल खिलाने की अपील योगी ने चेताया- माफिया व अपराधियों को जब भी सत्ता का स्वाद चखाओगे तो कीमत चुकाओगे पीएम ने कांग्रेस व राजद की दलाली रोक दी, इसलिए वे मोदी जी को गाली देते हैंः योगी यूपी में माफिया को बुलडोजर से रौंद दिया गया हैः मुख्यमंत्री विपक्षी दलों पर किया प्रहार, बोले- बिजली एनडीए देगी, लालटेन की लाइट में मोबाइल-लैपटॉप नहीं चार्ज कर पाएंगे योगी ने राजद को घेरा- यह लोग लालटेन दिखाकर बंद कर देते थे, फिर रात में डकैती डालते थे बोले योगी- रूझान बता रहे कि 14 नवंबर को फिर एनडीए सरकार का नारा होगा बुलंद पश्चिमी चंपारण उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहाकि आज बिहार में विकास की सारी योजनाएं हैं। बिहार बदलकर समृद्धि की तरफ बढ़ा है। राजद काल में 1990 से 2005 के मध्य 60 से अधिक जातीय नरसंहार व अपहरण की 30 हजार घटनाएं हुईं। उस समय इंजीनियर, डॉक्टर, बच्चे, व्यापारी के साथ ही सड़क, पुल का भी अपहरण हो जाता था। पेशेवर माफिया व अपराधी इनके शागिर्द बनते थे। यूपी में माफिया को अब बुलडोजर से रौंद दिया गया है। सीएम ने मतदाताओं को चेताया कि माफिया व अपराधियों को सत्ता का स्वाद नहीं चखने देना चाहिए। जब भी इन्हें सत्ता का स्वाद चखाओ तो कीमत चुकाओगे। दंगाइयों को सत्ता का स्वाद चखने नहीं देना है। रूझान बता रहे कि 14 नवंबर को फिर एनडीए सरकार का नारा होगा बुलंद सीएम योगी की बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार में ताबड़तोड़ रैली निरंतर जारी है। गुरुवार को दूसरी रैली में उन्होंने पूर्व उप मुख्यमंत्री व बेतिया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रेणु देवी के लिए कमल खिलाने की अपील की। यहां जनसभा में योगी आदित्यनाथ ने केंद्र सरकार की योजनाओं को गिनाया तो कांग्रेस व राजद गठबंधन पर करारा प्रहार किया। सीएम ने विपक्षी प्रत्याशियों की जमानत जब्त कराने की अपील की। सीएम ने कहा कि आज पहले चरण की 121 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। नौजवान, किसान, श्रमिक, माताएं, बहनें, युवा सभी एनडीए को वोट दे रहे हैं। रुझान बता रहा कि 14 नवंबर को परिणाम आने पर एनडीए सरकार का नारा फिर बुलंद होगा। यूपी में माफिया को बुलडोजर से रौंद दिया गया मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में इनके पार्टनर सपा व कांग्रेस माफिया को गले लगाकर चलती थी और जनता का शोषण करती थी। हमने कहा कि यह नहीं चलेगा। आज यूपी में नौजवान को नौकरी, रोजगार, शिक्षा, बहन-बेटियों को सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन है। वहां युवा मस्त व माफिया पस्त है। यूपी में माफिया को बुलडोजर से रौंद दिया गया है। सीएम ने कहा कि लखनऊ में डीजीपी आवास के सामने दुर्दांत माफिया ने गरीबों की जमीनों पर कब्जा करके हवेली बनाई थी। एक दिन मैंने कहा कि इसे कब्जे में ले लो। मैं बताऊंगा कि क्या करना है। फिर कब्जे में लेकर उस हवेली पर बुलडोजर चलवाया गया। वहां हमने गरीबों के लिए 72 आवास बनाकर उन्हें चाबी सौंपी। यही काम प्रयागराज में भी किया। माफिया व अपराधियों को सत्ता का स्वाद नहीं चखने देना चाहिए। जब भी इन्हें सत्ता का स्वाद चखाओ तो इसकी कीमत चुकाओगे। पीएम ने कांग्रेस व राजद की दलाली रोक दी, इसलिए वे मोदी जी को गाली देते हैं योगी ने कहा कि पीएम मोदी ने भारत को बदला है। जो काम कांग्रेस 65-70 वर्ष में नहीं कर पाई, मोदी जी ने 11 वर्ष में कर दिया। 46 करोड़ बैंक अकाउंट खोल दिए गए, जिससे गरीबों, महिलाओं व लाभार्थियों का पैसा सीधे अकाउंट में जाता है। पीएम ने कांग्रेस व राजद की दलाली को रोक दिया है, इसलिए यह लोग मोदी जी को गाली देते हैं। राजद के समय बिजली नहीं आती थी, जबकि अब तीन करोड़ लोगों के घर में बिजली कनेक्शन दिए गए। लालटेन की लाइट में मोबाइल-लैपटॉप नहीं चार्ज कर पाएंगे, क्योंकि बिजली तो एनडीए ही देगी। यह लोग लालटेन दिखाकर बंद कर देते थे, फिर रात में डकैती डालते थे। कांग्रेस, राजद व सपा वाले जाति के नाम पर बांटने का कार्य कर रहे हैं। सीएम ने मतदाताओं को आगाह किया कि बंटे थे तो कटे थे। बंटना नहीं है, एकजुट होकर कांग्रेस-राजद के माफियाराज व जंगलराज का मुंहतोड़ जवाब देना है। कांग्रेस ने किसानों को भूखमरी की ओर ढकेला तो राजद ने उनका शोषण किया सीएम ने बिहार की गौरवशाली धरा पर महापुरुषों का स्मरण किया। बोले कि मां जानकी ने इस धरा पर जन्म लेकर साक्षात लक्ष्मी का अवतार बनकर लोककल्याण का मार्ग प्रशस्त किया। यूपी व बिहार सांझी विरासत के प्रतीक हैं। हमारा संबंध राम व मां सीता जैसा है। एक-दूसरे के साथ पवित्र संबंध के साथ जुड़े हैं। इसे कोई अलग नहीं कर सकता। शास्त्रीय संगीत की ध्रुपद शैली का जन्म बेतियाराज घराने में हुआ था। बिहार में जो संभावनाएं थीं, उसे पहले कांग्रेस, फिर राजद ने धूल-धूसरित किया। अंग्रेजों की विरासत के अनुसार कांग्रेस ने किसानों को भूखमरी की ओर ढकेला तो राजद ने उनका शोषण किया। इन लोगों ने समृद्ध बिहार बनने के सपनों को जंगलराज में बदलकर नौजवानों, नागरिकों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया, लेकिन 20 वर्ष पहले नौजवानों ने अंगड़ाई ली। नीतीश बाबू के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनी तो इसके साथ ही सुशासन की आधारशिला खड़ी की गई, जिस पर मजबूत इमारत का निर्माण करना है और विकसित बिहार की पीएम मोदी की संकल्पना को आगे बढ़ाना है। कांग्रेस व राजद नहीं सिखा सकती कृतज्ञता ज्ञापित करना सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस ने उच्चतम न्यायालय में कहा कि राम हुए ही नहीं। कांग्रेस ने मां सीता और महर्षि वाल्मीकि को भी झुठलाने का बड़ा पाप किया। कांग्रेस आस्था व विरासत का अपमान करती है। राजद ने राम मंदिर के रथ को रोक दिया। यूपी में इनके पार्टनर सपा ने रामभक्तों पर गोली चलाकर अयोध्या को लहुलूहान कर दिया, लेकिन हमने जो कहा-वह करके दिखाया। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो गया। इससे पहले अयोध्या में बने अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नामकरण महर्षि वाल्मीकि … Read more

सीतामढ़ी के परिहार व सुरसंड में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब, बोले सीएम योगी— बिहार में माफिया की उलटी गिनती शुरू

बिहार विधानसभा चुनाव सीतामढ़ी में सीएम योगी की हुंकार, बोले- जो राम का नहीं, वह हमारे किसी काम का नहीं   सीतामढ़ी के परिहार व सुरसंड में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब, बोले सीएम योगी— बिहार में माफिया की उलटी गिनती शुरू  सीएम योगी ने कहा— अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के बाद अब सीतामढ़ी में मां जानकी धाम पर भी बनेगा भव्य मंदिर – बोले सीएम योगी— कांग्रेस-राजद ने बिहार की पहचान को किया धूमिल, मोदी-नीतीश के नेतृत्व में बदली देश की तस्वीर – सीतामढ़ी की जनसभा में सीएम योगी की जनता से किया आह्वान- कमल और तीर पर बटन दबाकर बिहार को माफिया मुक्त बनाइए  – परिहार और गोरखपुर के बीच आस्था और संस्कार का गहरा रिश्ता है, यह हजारों वर्षों की एक साझा विरासत है – सीएम योगी – बिहार को RJD और कांग्रेस ने भ्रष्टाचार और अराजकता में झोंक दिया था- योगी आदित्यनाथ – पहचान का संकट पैदा करने वालों को बिहार की जनता ने नकारा, बिहार अब विकास चुन रही है – राम लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे”, आज सपना साकार हुआ – मोदी-नीतीश की जोड़ी ने बदला भारत और बिहार का चेहरा, अब बिना भेदभाव हर गरीब तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही सरकार – अब बिहार में भी यूपी की तरह माफिया राज समाप्त होगा, जो खानदानी माफिया हैं, उनकी उलटी गिनती शुरू हो चुकी है सीतामढ़ी बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को सीतामढ़ी जिले के परिहार और सुरसंड विधानसभाओं में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। परिहार से भाजपा प्रत्याशी गायत्री देवी और सुरसंड से जदयू प्रत्याशी नागेंद्र राउत के पक्ष में विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि बिहार की जनता अब पहचान का संकट से निकलकर, विकास का विकल्प चुन रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भगवान श्रीराम और जानकी पर सवाल उठाए उनको सबक सिखाना है, क्योंकि जो राम का नहीं है, वह हमारे किसी काम का नहीं है। माता जानकी की जन्मभूमि की धरती को नमन करते हुए सीएम योगी ने कहा कि यह वही क्षेत्र है जिसे भगवान श्रीराम के अनुज लक्ष्मण के वंशजों ने संरक्षित किया था। यह माता सीता की भूमि है, जिसे नमन करना हर भारतीय का सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि परिहार और गोरखपुर के बीच आस्था और संस्कार का गहरा रिश्ता है। यहाँ के लोग गोरखनाथ बाबा को खिचड़ी चढ़ाने आते हैं, गोरखपुर के बाजारों में यहीं के लोगों की पहचान है। यह हजारों वर्षों की एक साझा विरासत है, राम और जानकी की विरासत। पहचान का संकट पैदा करने वालों को बिहार की जनता ने नकारा सीएम योगी ने जनता से सवाल किया कि कौन थे वे लोग जिन्होंने बिहार के नौजवानों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया?” उन्होंने कहा कि जिस बिहार ने देश को बुद्ध, महावीर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, जयप्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर दिए, उस बिहार को RJD और कांग्रेस ने भ्रष्टाचार और अराजकता में झोंक दिया था। सीएम योगी ने कहा कि बिहार के नौजवानों ने अपनी मेधा से दुनिया में नाम कमाया, लेकिन कांग्रेस-राजद ने उसी बिहार की पहचान धूमिल की। अब बिहार की जनता ठगी के मायाजाल में नहीं फँसेगी। राम लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे”, आज सपना साकार हुआ सीएम योगी ने विपक्ष पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस और राजद ने भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण का विरोध किया था। उन्होंने कहा कि वे कहते थे राम हुए ही नहीं, उन्होंने रथयात्रा रोकी, रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं। लेकिन हमने कहा था ‘राम लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’ और आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन गया है। उन्होंने यह भी बताया कि  अब माता जानकी के धाम सीतामढ़ी में भी भव्य मंदिर निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है। यह काम केवल एनडीए ही कर सकता है। मोदी-नीतीश की जोड़ी ने बदला भारत और बिहार का चेहरा मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए परिवर्तन का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली है। उन्होंने कहा कि आज बिहार में सड़क, बिजली, पानी, रेलवे और एयर कनेक्टिविटी सब बेहतर हुई है। हर जिले में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज खुले हैं। गरीब कल्याणकारी योजनाओं से हर परिवार तक राहत पहुंची है। उन्होंने कि 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 50 करोड़ को स्वास्थ्य बीमा, 12 करोड़ को उज्ज्वला योजना, 4 करोड़ को आवास और 3 करोड़ को मुफ्त बिजली कनेक्शन मिले हैं। यह एनडीए की सरकार ही है जो बिना भेदभाव हर गरीब तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। अब बिहार में माफिया पस्त, नौजवान मस्त होगा सीएम योगी ने जनता से आह्वान करते हुए कहा कि जो राम का नहीं, वह हमारे किसी काम का नहीं। अब बिहार में भी यूपी की तरह माफिया राज समाप्त होगा। जो खानदानी माफिया हैं, उनकी उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जैसे उत्तर प्रदेश में माफिया पस्त हुआ, वैसे ही बिहार में भी एनडीए की सरकार बनते ही माफिया का अंत निश्चित है। योगी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि भाजपा की गायत्री देवी और जदयू के नागेंद्र राउत को भारी मतों से विजयी बनाइए। कमल और तीर के निशान पर बटन दबाकर बिहार को विकास के पथ पर अग्रसर करिए।

दशहरा शस्त्र पूजन केस में पुलिस की जांच पूरी, राजा भैया के हथियारों पर उठा बड़ा सवाल

प्रतापगढ़  यूपी के प्रतापगढ़ की कुंडा से विधायक बाहुबली नेता रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का दशहरे के मौके पर हथियारों के जखीरे के साथ किए गए शस्त्र पूजन की जांच रिपोर्ट आ गई है। इस शस्त्र पूजन की तस्वीरें और वीडियो खूब वायरल हुए थे। इसी के बाद पूर्व आईजी और अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने शिकायत करते हुए हथियारों की जांच की मांग की थी। पुलिस की रिपोर्ट में राजा भैया के बेंती आवास पर हुए इस शस्त्र पूजन को पारंपरिक कार्यक्रम बताया गया है। हालांकि अधिकारियों ने पुलिस टीम को आगे भी मामले पर सतर्क नजर रखने के निर्देश दिए हैं।   राजा भैया के शस्त्र पूजन का वीडियो अमिताभ ठाकुर ने पुलिस अधिकारियों को भेजा था। कहा था कि वीडियो में एक साथ सैकड़ो शस्त्र देखे जा सकते हैं। राजा भैया के लोगों ने इन्हें वैध हथियार होने की बात कही है लेकिन इसके बाद भी एक स्थान पर इतनी बड़ी संख्या में शस्त्रों के सार्वजनिक प्रदर्शन के मामले की जांच होनी चाहिए। अमिताभ ठाकुर की शिकायत के बाद प्रतापगढ़ एडिशनल एसपी बृजनंदन राय ने सीओ कुंडा अमरनाथ गुप्ता से जांच कराई। इसी की जांच रिपोर्ट अब सामने आई है। जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि राजा भैया द्वारा विजयादशमी के अवसर पर बेंती आवास स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर प्रांगण में 30 वर्षों से शस्त्र पूजन कार्यक्रम किया जा रहा है। राजा भैया के दादा स्वर्गीय राय बजरंग बहादुर सिंह और पिता उदय प्रताप सिंह द्वारा भी यह कार्यक्रम किया जाता था। इस अवसर पर किसी प्रकार के शस्त्र प्रदर्शन, अभ्यास, नारेबाजी, अवैध शस्त्र होने या विधि विरुद्ध कार्य के कोई तथ्य सामने नहीं आए हैं। जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि यह आयोजन निजी आवास परिसर की चाहरदीवारी के भीतर शांतिपूर्ण ढंग से पारम्परिक रूप से संपन्न होता है। स्थानीय जनता द्वारा भी इस कार्यक्रम के प्रति किसी प्रकार की आपत्ति या विरोध नहीं व्यक्त किया गया है, और न ही कोई शिकायत प्राप्त हुई जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित हुई हो। एडिशनल एसपी ने सीओ कुंडा और इंस्पेक्टर हथीगंवा को मामले पर निरंतर सतर्क दृष्टि रखने और कोई तथ्य प्रकाश में आने पर विधिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं।  

पीएम मोदी के कार्यक्रम से पहले सीएम योगी ने तैयारियों का लिया जायजा

प्रधानमंत्री के वाराणसी दौरे से पहले मुख्यमंत्री ने बनारस रेलवे स्टेशन पर की तैयारियों की समीक्षा  पीएम मोदी के कार्यक्रम से पहले सीएम योगी ने तैयारियों का लिया जायजा रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने दी प्रगति की जानकारी  सीएम ने अफसरों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश   सीएम ने स्टेशन पर सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश  7 नवंबर को वाराणसी आएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  8 नवंबर को पीएम करेंगे बनारस से खजुराहो वंदे भारत ट्रेन का शुभारंभ वाराणसी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने वाराणसी प्रवास के दूसरे दिन धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेने के उपरांत गुरुवार को बनारस रेलवे स्टेशन पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी दौरे की तैयारियों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने रेलवे और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को स्टेशन परिसर के सुंदरीकरण, सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल से जुड़ी व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु और व्यवस्थित रहें, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने स्टेशन पर साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 7 नवंबर को दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। अगले दिन, 8 नवंबर को वह बनारस रेलवे स्टेशन से वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत और तीन अन्य ट्रेनों का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन से पूर्व मुख्यमंत्री का यह निरीक्षण दौरा तैयारियों को अंतिम रूप देने के दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सीएम योगी ने षोडशोपचार विधि से संपन्न किया भगवान विश्वनाथ का पूजन-अर्चन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकाशी विश्वनाथ और काल भैरव के किए दर्शन, सतुआ बाबा आश्रम में संतों से की भेंट  सीएम योगी ने षोडशोपचार विधि से संपन्न किया भगवान विश्वनाथ का पूजन-अर्चन  मुख्यमंत्री ने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की  मणिकर्णिका घाट स्थित सतुआ बाबा आश्रम पहुंचे मुख्यमंत्री योगी – मुख्यमंत्री को देख जनता ने लगाया हर-हर महादेव का जयघोष   वाराणसी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय वाराणसी प्रवास के दूसरे दिन गुरुवार की सुबह बाबा काल भैरव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने शहर के कोतवाल माने जाने वाले भगवान काल भैरव का विधिवत दर्शन-पूजन किया। मंदिर में पूजा अर्चना के बाद मुख्यमंत्री सीधे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने षोडशोपचार विधि से बाबा विश्वनाथ का पूजन-अर्चन किया और देश एवं प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, कल्याण तथा शांति की कामना की। पूजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ ने 'हर हर महादेव' के जयकारों से वातावरण को गूंजायमान कर दिया। मुख्यमंत्री ने विधिवत अभिषेक के बाद गर्भगृह में विशेष पूजा संपन्न की। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मणिकर्णिका घाट स्थित सतुआ बाबा आश्रम पहुंचे। वहां उन्होंने आश्रम परिसर स्थित शिव मंदिर में दर्शन-पूजन किया और सतुआ बाबा के शिष्य महंत संतोष दास जी महाराज से भेंट की। मुख्यमंत्री ने संतों का आशीर्वाद लिया और वाराणसी सहित पूरे प्रदेश में शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की। इस अवसर पर राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल, विधायक सौरभ श्रीवास्तव तथा सुशील सिंह भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री बुधवार की शाम वाराणसी पहुंचे थे। आगमन के बाद उन्होंने नमो घाट पर दीप प्रज्ज्वलित कर देव दीपावली महोत्सव का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने क्रूज से गंगा तटों पर जलते दीपों के मनमोहक और भव्य दृश्य का अवलोकन किया। देव दीपावली के अवसर पर उन्होंने कहा कि काशी आज आस्था, संस्कृति और अध्यात्म का जीवंत प्रतीक बन चुकी है।