samacharsecretary.com

करवा चौथ पर दिल का दौरा पड़ा भारी, बरनाला की आशा रानी व्रत खोलने से पहले हुए निधन

बरनाला  पंजाब के बरनाला में करवा चौथ के पार्टी के दौरान 59 साल की एक महिला की मौत हो गई. आशा रानी नाम की महिला की अचानक दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई. वे अपनी सहेलियों के साथ नाच रही थीं, तभी अंतिम सांस ली. घटना की आखिरी वीडियो सामने आई है, जिसमें वे डांस करते हुए गिरती दिख रही हैं. स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस जांच कर रही है.  मृतक महिला की पहचान तपा मंडी की रहने वाली 59 साल की आशा रानी के रूप में हुई है। खुशी के मौके पर इस घटना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है। मामला करवा चौथ की रात का है, लेकिन अब इसका वीडियो सामने आया है। लड़खड़ाते हुए गिरी, किसी का ध्यान नहीं गया आशा रानी ने भी अपने पति की लंबी उम्र की कामना के लिए करवाचौथ का व्रत रखा था। रात को खुले आंगन में पार्टी रखी गई थी, जिसमें डांस का फ्लोर भी लगाया गया था। इसमें कई महिलाएं और लड़कियां पंजाबी गाने पर डांस कर रहीं थीं। आशा भी नाच रही थीं। इसी दौरान वह नाचते हुए थोड़ी लड़खड़ाते हुए नजर आईं। उन्होंने आसपास कुछ पकड़ने की कोशिश की, ताकि गिरने से बच सके, लेकिन वहां कोई ऐसी चीज नहीं थी। इस दौरान बाकी महिलाएं डांस में बिजी थीं, उसकी तरफ किसी का ध्यान नहीं गया। चंद सेकेंड में महिला मुंह के बल नीचे गिर गई। जिसके बाद वहां हड़कंप मच गया। महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आशा रानी एक संपन्न और समाजसेवी परिवार से ताल्लुक रखती थीं। इस घटना के बाद परिवार सदमे में है कि करवाचौथ के दिन हुई इस घटना ने खुशी के दिनों में परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। इस दुखद घटना से शहर में शोक की लहर है। शहरवासियों ने भी परिवार के साथ दुख साझा किया। 43 साल के एक्टर और बॉडी-बिल्डर भी बने थे हार्ट अटैक के शिकार 11 अक्टूबर को ही एक्टर और बॉडी-बिल्डर वरिंदर सिंह घुमन की हार्ट अटैक के चलते मौत हुई थी। वरिंदर सलमान खान के साथ वरिंदर फिल्म टाइगर 3 में नजर आए थे। उनकी बॉडी-बिल्डिंग की हर किसी ने तारीफ की थी और सलमान भी उनके दीवाने हो गए थे। द हीमैन ऑफ इंडिया कहे जाने वाले वरिंदर 'मिस्टर इंडिया 2009' में रह चुके थे। महज 43 साल की उम्र में वह भी हार्ट अटैक के शिकार बने। वह कंधे में दर्द था और वह इलाज के लिए अमृतसर के एक निजी अस्पताल गए थे, जहां सिंह अस्पताल में ही उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उनकी मौत हो गई थी।

स्थानांतरण नीति में बदलाव की मांग, शिक्षकों ने सीएम आवास पर किया घेराव

संगरूर  अध्यापक संघ 4161 पंजाब ने तबादलों में अपने अधिकार की मांग को लेकर रविवार को मुख्यमंत्री आवास के बाहर जोरदार धरना दिया और पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान जब डीटीएफ के एक नेता ने बैरिकेड्स तोड़ने की बात कही, तो मौके पर मौजूद डीएसपी सुखदेव सिंह से प्रदर्शनकारियों की बहस भी हो गई। संघ के प्रदेश अध्यक्ष संदीप सिंह गिल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रशपाल जलालाबाद और महासचिव गुरध्यान सिंह पातड़ां ने कहा कि शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने पहले बैठकों में वादा किया था कि 4161 अध्यापकों को विशेष तबादला अवसर दिया जाएगा, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पहले की भर्ती में शामिल अध्यापकों को दो साल बाद तबादले का अधिकार दिया गया है, जबकि 4161 अध्यापक अब भी इससे वंचित हैं। यूनियन नेताओं ने बताया कि इनमें कई शिक्षक अपने घरों से 200 से 250 किलोमीटर दूर सेवाएं दे रहे हैं, जिनमें अधिकतर महिलाएं हैं।

Agri-Food सेक्टर को मजबूती: Danone-Nutricia ने पंजाब में ₹356 करोड़ का निवेश किया

चंडीगढ़  पंजाब जो कभी अपने 'सोने जैसी फसल' और खुशहाल किसानों' के लिए जाना जाता था, आज फिर से उसी रास्ते पर लौट रहा है। आम आदमी पार्टी की सरकार की उद्योग-हितैषी नीतियों के कारण पंजाब में वैश्विक निवेश का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में, फ्रांस की दिग्गज बहुराष्ट्रीय कंपनी डैनोन-न्यूट्रीशिया (Danone-Nutricia) ने राज्य के कृषि-खाद्य (Agri-Food) क्षेत्र में ₹356 करोड़ का बड़ा निवेश करने का फैसला किया है। यह निवेश न केवल पंजाब के कृषि-अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा। इससे पंजाब को Agri-Food Hub बनाने के लक्ष्य को भी बल मिलेगा।  ओएसडी टू सीएम अमनजोत सिंह ने बताया कि मान सरकार के आने के बाद से अब तक पंजाब में लगभग ₹1.25 लाख करोड़ से अधिक का कुल निवेश आ चुका है, जिससे लगभग 4.5 लाख युवाओं को सीधा रोजगार मिला है। पंजाब ने लगातार यह दोहराया है कि पंजाब के पास मेहनती युवा, अच्छी कनेक्टिविटी और अब एक 'बिजनेस फ्रेंडली सरकार' है। डैनोन-न्यूट्रीशिया जैसे वैश्विक निवेशक का यह निर्णय यह दिखाता है कि पंजाब अब निवेश के लिए एक भरोसेमंद और आकर्षक केंद्र बन चुका है। यह उपलब्धि राज्य को आर्थिक विकास की राह पर तेज़ी से आगे ले जाने में महत्वपूर्ण साबित होगी। ओएसडी टू सीएम अमनजोत सिंह ने बताया कि 5,000 से अधिक डेयरी किसानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें गुणवत्तापूर्ण दूध उत्पादन, पशु देखभाल, और फीड मैनेजमेंट जैसे आधुनिक तरीकों से अवगत कराया जाएगा। इससे किसानों की आमदनी में वृद्धि और दूध की गुणवत्ता में सुधार होगा। Danone-Nutricia पहले से ही पंजाब के लालरू में मौजूद है। अब इस निवेश से पंजाब आधुनिक तकनीक से लैस उत्पादन यूनिट बनेगा,न्यूट्रीशन प्रोडक्ट्स का उत्पादन बढ़ेगा। ओएसडी टू सीएम अमनजोत सिंह ने बताया कि यह निवेश यह दिखाता है कि अब पंजाब सिर्फ खेती के लिए नहीं, बल्कि Agri-Food Innovation Hub के रूप में भी पहचाना जाएगा। इससे राज्य में विदेशी निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा और पंजाब वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना सकेगा। Danone-Nutricia का ₹356 करोड़ का यह निवेश मान सरकार की पारदर्शी नीति, किसानों की मेहनत और पंजाब की प्रगति-भावना का परिणाम है। यह कदम न केवल कृषि-आर्थिक विकास को गति देगा, बल्कि पंजाब को एक वैश्विक निवेश गंतव्य (Global Investment Destination) बनाने में भी मदद करेगा। यह सब संभव हो सका है। मान सरकार की दूरदर्शिता और मेहनत से, जिसने दुनिया की बड़ी कंपनियों को पंजाब की ओर आकर्षित किया।

सिखों के नरसंहार पर कांग्रेस की 40 साल बाद माफी, AAP सांसद ने चिदंबरम को घेरा

पंजाब  कांग्रेस नेता पी चिदंबरम के बयान पर आम आदमी पार्टी के सांसद मलविंदर सिंह कंग ने बड़ी बात कही है. उन्होंने कहा कि 40 साल बाद आखिरकार कांग्रेस ने मान लिया कि उनके द्वारा किया गया सिखों का नरसंहार गलत था. कांग्रेस आज भी सज्जन कुमार, जगदीश टाइटलर और कमलनाथ जैसे नेताओं पर मेहरबान क्यों है, जो सिख नरसंहार के लिए जिम्मेदार थे? मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि कांग्रेस द्वारा श्री दरबार साहिब और श्री अकाल तख्त पर किए गए हमले को कभी भुलाया नहीं जा सकता. इस मामले में कांग्रेस और इंदिरा गांधी को क्लीन चिट देना सिखों के जख्मों को और गहरा करना है. इससे पहले आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि चिदंबरम का बयान गैर-जिम्मेदाराना है. उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान का हाथ साफ है, लेकिन सिख भावनाओं को आहत न करें. चिदंबरम के बयान सेकांग्रेस आलाकमान नाराज सूत्रों के मुताबिक, चिदंबरम के बयान से कांग्रेस आलाकमान बेहद नाराज है. पार्टी हाई कमान ने कहा कि वरिष्ठ नेता को ऐसे बयान देने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए, इससे पार्टी की फजीहत हो रही है. वहीं, महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा है कि गांधी परिवार का देश के लिए बलिदान सब जानते हैं. यह बयान पार्टी के लिए शर्मिंदगी का कारण है. चिदंबरम के बयान पर किसने क्या कहा? चिदंबरम के बयान पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि चिदंबरम पहले 26/11 पर विदेशी दबाव का खुलासा कर चुके हैं, अब यह बयान. कांग्रेस का इतिहास कमजोरियों से भरा है. बीजेपी प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि चिदंबरम ने सच्चाई कही, लेकिन बहुत देर से. यह कांग्रेस की राजनीतिक साजिश थी. कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए. बीजेपी नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री मजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि यह बयान कांग्रेस की सिख-विरोधी गलती को उजागर करता है. ऐतिहासिक अपराध था. जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि इंदिरा ‘आयरन लेडी’ थीं. ऑपरेशन जरूरी था, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण. कांग्रेस ने खुद भिंडरांवाले को बढ़ावा दिया. दरअसल, चिदंबरम ने हिमाचल के कसौली में एक कार्यक्रम में ऑपरेशन ब्लूस्टार को गलत बताया.  

न्याय की मांग तेज: दलित IPS के परिवार को न्याय दिलाने के लिए AAP का आंदोलन

पंजाब  आम आदमी पार्टी पंजाब में दलित आईपीएस अधिकारी वाई. पूरन कुमार को इंसाफ दिलाने की लड़ाई को जनआंदोलन में बदलने की दिशा में आगे बढ़ चुकी है. परिवार को न्याय न मिलने और हरियाणा की भाजपा सरकार की खामोशी ने पूरे पंजाब में जनभावना को जगा दिया है. आम आदमी पार्टी ने साफ किया है कि यह मामला केवल एक अफसर की मौत का नहीं, बल्कि न्याय, समानता और सामाजिक सम्मान की लड़ाई है.दलित समाज से आने वाले वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई. पूरन कुमार की खुदकुशी के बाद परिवार लगातार न्याय के लिए संघर्ष कर रहा है. पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार में देरी इस बात का प्रतीक बन चुकी है कि सत्ता तंत्र ने एक दलित अफसर की मौत को भी राजनीति और रसूख के नीचे दबाने की कोशिश की है. लेकिन अब पंजाब की सड़कों पर इंसाफ की यह मांग आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में गूंज उठेगी. पंजाब के प्रमुख जिलों में कैंडल मार्च प्रदेश के सभी प्रमुख जिलों में AAP मंत्री और विधायक कैंडल मार्च की अगुवाई करेंगे. अमृतसर में हरभजन सिंह ETO, जालंधर में मोहिंदर भगत, पटियाला में MLA गुरदेव देवमान और चंडीगढ़ में पार्टी के वरिष्ठ नेता इस कैंडल मार्च को लीड करेंगे. पार्टी ने कहा है कि यह सिर्फ प्रतीकात्मक कार्यक्रम नहीं होगा बल्कि यह एक बड़ा संदेश है कि जब सत्ता अन्याय पर चुप रहती है तो जनता सड़कों पर उतरकर उसे जवाब देती है. आम आदमी पार्टी ने इस आंदोलन को डॉ. भीमराव अंबेडकर की विचारधारा से जोड़ा है. बाबा साहब ने जिस न्याय, समानता और गरिमा के लिए संघर्ष किया, आज उसी विचार की रक्षा के लिए यह मोर्चा खोला जा रहा है. पूरन कुमार जैसे ईमानदार अफसर के साथ हुए अन्याय को पंजाब की जनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी. यह आंदोलन एक अफसर के लिए नहीं बल्कि पूरे दलित समाज की गरिमा के लिए है. आंदोलन सामाजिक चेतना का प्रतीक आम आदमी पार्टी ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार की संवेदनहीनता इस बात का प्रमाण है कि दलित समाज के दर्द को सत्ता के गलियारों में गंभीरता से नहीं लिया जा रहा. मगर इतिहास गवाह है कि जब सत्ता ने आवाज़ दबाने की कोशिश की है, तब सड़क पर निकले जनसमर्थन ने फैसले करवाए हैं. यही वजह है कि पूरे पंजाब में मोमबत्तियां जलाकर एक स्वर में इंसाफ की मांग उठेगी. यह आंदोलन राजनीति से परे एक सामाजिक चेतना का प्रतीक बनकर उभरेगा. आम आदमी पार्टी ने कहा है कि इंसाफ की यह लड़ाई लंबी भी हो सकती है और कठिन भी, लेकिन इसे हर हाल में अंजाम तक पहुंचाया जाएगा. पूरण कुमार को न्याय मिलने तक यह संघर्ष जारी रहेगा.

पुलिस ने पंजाब में बड़ी साजिश की नाकाम! 6 पिस्तौल और 19 कारतूसों सहित 2 काबू

पंजाब  पंजाब में एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने बरनाला पुलिस के सहयोग से एक बड़े ऑपरेशन में बंबीहा गिरोह के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से चार .32 बोर, एक PX5 और एक .30 बोर की पिस्तौलें और 19 ज़िंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए दोनों गैंगस्टर संदीप सिंह और शेखर अवैध हथियारों की सप्लाई में शामिल थे। शुरुआती जांच में पता चला कि ये आरोपी अपने विदेशी आकाओं के निर्देश पर काम कर रहे थे, जिनका उद्देश्य इन हथियारों को गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचाकर राज्य में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देना था। पुलिस ने कहा कि इस कार्रवाई ने इस आपराधिक योजना को नाकाम कर दिया। पंजाब पुलिस के डीजीपी ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बताया कि राज्य में अवैध हथियारों के नेटवर्क को खत्म करने और ऐसे अपराधों को रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अब इस नेटवर्क की पूरी सप्लाई चेन की पहचान कर आगे की जांच कर रही है। 

भाजपा या कांग्रेस? नवजोत सिद्धू की वापसी पर CM मान ने खोला राज

चंडीगढ़ नवजोत सिंह सिद्धू की पंजाब की राजनीति में वापसी को लेकर माहौल गरम होना शुरू हो गया है। पिछले दिनों सिद्धू द्वारा प्रियंका गांधी से मुलाकात की गई, जिसके बाद उनके राजनीति में फिर सक्रिय होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस बारे में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए नवजोत सिद्धू के राजनीति में फिर सक्रिय होने पर तंज कसते हुए कहा कि कोई भी जब चाहे राजनीति में शामिल होने या छोड़ने के लिए स्वतंत्र है। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि सिद्धू ने अपने अन्य रुचियों से हटकर एक बार फिर पंजाब को याद किया है।  उन्होंने कहा कि पूर्व क्रिकेटर (नवजोत सिद्धू) से कुछ भी नया और बेहतर अपेक्षित नहीं किया जा सकता क्योंकि उन्होंने अपना पुराना एजेंडा दोहराने के अलावा कुछ नहीं किया। उन्होंने क्रिकेटर से राजनीति में आए नवजोत सिद्धू को अपना नया राजनीतिक सफर शुरू करने के लिए शुभकामनाएँ दीं। 

रियल एस्टेट सेक्टर को राहत, पंजाब सरकार ने तय की ये नई शर्तें

लुधियाना आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा फेस्टिवल सीजन के दौरान रियल एस्टेट सेक्टर को बड़ी राहत दी है, जिसके तहत सी एल यू के साथ नक्शा पास करवाने की शर्त से छूट मिल गई है। यहां बताना उचित होगा कि लंबे समय से कोई कालोनी, बिल्डिंग, कमर्शियल प्रोजैक्ट के लिए सी.एल.यू. और नक्शा अलग-अलग पास करवाने का पैटर्न चल रहा था लेकिन 2023 के दोरान सी.एल.यू. के साथ ही नक्शा, ले आऊट पास करवाने की शर्त लगा दी गई। अब सरकार द्वारा निवेश बढ़ाने के अलावा इंडस्ट्री को सुविधाएं मुहैया करवाने के नाम पर जो लगातार मीटिंगें की जा रही है, इस दौरान रियल एस्टेट सैक्टर द्वारा सी.एल.यू. के साथ नक्शा पास करवाने की शर्त खत्म करने की मांग की गई है जिसके मद्देनजर शहरी विकास विभाग द्वारा एक बार फिर सिस्टम में बदलाव कर दिया गया है जिसके मुताबिक सी.एल.यू. के बाद अलग से नक्शा, ले आऊट पास करवाने या लाइसैंस लेने के लिए अप्लाई किया जा सकता है। इस संबंध में नोटीफिकेशन जारी कर दिया गया है जिसके लिए किसी भी रिहायशी या कमर्शियल प्रोजैक्ट का नक्शा पास करवाने से पहले लोन या अन्य विभागों से एन.ओ.सी. लेने के लिए सी.एल.यू. की मंजूरी जरूरी होने का हवाला दिया गया है।हालांकि सी.एल.यू. के साथ नक्शा पास करवाने का पुराना विकल्प भी खुला रखा गया है जो फॉर्मूला नगर निगम में भी लागू होगा। 4 साल की फिक्स की गई है डैडलाइन सी.एल.यू. पास करवाने के लिए 4 साल की डैडलाइन फिक्स की गई है जिसमें पहले 2 साल के लिए वैलिड होगी और फिर 20 फीसदी फीस जमा करने पर 2 साल की एक्सटैंशन मिल सकती है लेकिन यह शर्त मास्टर प्लान में बदलाव पर निर्भर करेगी। 3 महीने में देनी होगी मंजूरी सरकार द्वारा रियल एस्टेट सैक्टर के लोगों द्वारा किसी भी तरह के प्रोजैक्ट को पास करवाने के दौरान होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए 3 महीने के भीतर मंजूरी देना लाजिमी कर दिया है,जिसके तहत 23 दिन में सी.एल.यू. और नक्शा पास करवाने या लाइसेंस देने का फैसला एक महीने के अंदर करना होगा जिसके लिए यह भी तय कर दिया गया है कि किस ऑफिसर के लैवल पर मंजूरी मिलेगी और उसे कितने दिन में फाइल क्लीयर करनी होगी। 

इतिहास रचने वाली पहल: पंजाब सरकार ने शुरू की नई Policy, जानें पूरा विवरण

पंजाब  पंजाब सरकार लगातार नागरिकों की भलाई और कल्याण के लिए नई पहलें कर रही है। इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पंजाब में स्टेट मेंटल हेल्थ पॉलिसी की शुरुआत की गई है। यह घोषणा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर की। इस पहल को मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करने और मानसिक विकारों, विशेषकर डिप्रेशन, से निपटने की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। नई नीति का मुख्य उद्देश्य लोगों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सभी नागरिकों को उच्च गुणवत्ता वाली मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं तक समान पहुंच सुनिश्चित करना है। डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि इस नीति के माध्यम से पंजाब सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि हर व्यक्ति को मानसिक रूप से स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने का अधिकार मिले। उन्होंने कहा कि पंजाब राज्य मानसिक स्वास्थ्य नीति सरकार की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसमें नागरिकों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक कल्याण को प्राथमिकता दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी बताया कि अक्सर मानसिक रूप से प्रभावित व्यक्ति अपनी समस्याओं को अकेले झेलते हैं, जिससे उनकी स्थिति और बिगड़ सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में शामिल किया जाएगा, ताकि जरूरतमंदों को तुरंत और प्रभावी इलाज मिल सके। 

होटलों की सुरक्षा अब और सख्त, पुलिस ने बढ़ाई निगरानी

अमृतसर  त्यौहारी सीजन को देखते हुए पंजाब पुलिस ने अमृतसर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। शहर के विभिन्न चौराहों पर नाकाबंदी की गई है, साथ ही हर गली-मोहल्ले में पुलिस द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना बी डिवीजन के एस.एच.ओ. बलजिंदर सिंह औलख व ए.सी.पी. अनुभव जैन (आई.पी.एस.) ने होटल मालिकों और होटल संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने होटल मालिकों को सख्त निर्देश दिए कि त्यौहारी सीजन के दौरान किसी भी होटल में जुआ संचालित करते पाए जाने पर होटल मालिक और संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, यदि कोई व्यक्ति होटल में जुआ कराने की मांग करता है तो इसकी तत्काल सूचना पुलिस को दी जाए। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि बिना पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को होटल में कमरा नहीं दिया जाए। यदि पुलिस जांच के दौरान किसी होटल में बिना पहचान पत्र के व्यक्ति पाया गया तो होटल मैनेजर के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति होटल में ठहरने आता है तो होटल मालिकों को तुरंत थाना बी डिवीजन पुलिस को सूचित करना होगा। यदि इस तरह की कोई सूचना पुलिस को नहीं दी गई व पुलिस को अन्य स्रोतों से जानकारी प्राप्त होती है तो होटल मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का यह कदम शहर में त्यौहारी सीजन के दौरान शांति व सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। होटल मालिकों व संचालकों से अपील की गई है कि वे पुलिस के साथ पूरा सहयोग करें ताकि शहर में कानून-व्यवस्था बनी रहे।