samacharsecretary.com

Bihar MLC Election Result: कांग्रेस का स्ट्राइक रेट शून्य, RJD और जन सुराज ने एक-एक सीट पर दर्ज की जीत

 पटना बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजों में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. पार्टी ने पांच सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन किसी भी सीट पर जीत दर्ज नहीं कर सकी. कांग्रेस का स्ट्राइक रेट 0 प्रतिशत रहा. वहीं, RJD और जन सुराज पार्टी ने एक-एक सीट जीतकर अपना खाता खोला।  दरभंगा शिक्षक सीट पर कांग्रेस के मौजूदा MLC और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा चुनाव हार गए. उन्हें जन सुराज पार्टी के डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने 324 वोटों से हराया. इस जीत के साथ जन सुराज ने बिहार विधान परिषद चुनाव में अपना खाता खोला।  वहीं, पटना शिक्षक सीट पर RJD के डॉ. संजीव कुमार ने बीजेपी के मौजूदा MLC नवल किशोर यादव को हराया. इस सीट पर भी कांग्रेस को जीत नहीं मिली.कांग्रेस ने पटना शिक्षक, पटना स्नातक, दरभंगा शिक्षक, दरभंगा स्नातक और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारे थे. पार्टी को इन सभी पांचों सीटों पर हार का सामना करना पड़ा।  RJD एक सीट जीती RJD ने सात सीटों पर चुनाव लड़ा और एक सीट जीती. वहीं, जन सुराज पार्टी ने सभी आठ सीटों पर उम्मीदवार उतारे और दरभंगा शिक्षक सीट पर जीत हासिल की. पार्टीवार स्ट्राइक रेट की बात करें तो कांग्रेस पांच में से एक भी सीट नहीं जीत सकी. उसका स्ट्राइक रेट 0 प्रतिशत रहा. RJD ने सात में से एक सीट जीतकर करीब 14.3 प्रतिशत, जबकि जन सुराज ने आठ में से एक सीट जीतकर 12.5 प्रतिशत स्ट्राइक रेट दर्ज किया.राष्ट्रीय पार्टी होने के बावजूद कांग्रेस इन चुनावों में अपना खाता नहीं खोल पाई. इसके उलट, RJD और जन सुराज दोनों ने कम से कम एक सीट पर जीत दर्ज की। 

अनंत सिंह का सियासी दांव पड़ा उल्टा, पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार की जीत से JDU को मजबूती

पटना  बिहार विधान परिषद (एमएलसी) के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव नतीजों ने सूबे की राजनीति में 'मसल पावर' और 'संगठनात्मक साख' की जंग पर मुहर लगा दी है. मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह, जिन्होंने अपनी ही पार्टी जेडीयू के अधिकृत उम्मीदवार और वरिष्ठ नेता नीरज कुमार के खिलाफ खुला मोर्चा खोला था, वे इस सियासी बाजी में पूरी तरह पस्त नजर आए।  अनंत सिंह के खुला विरोध और जन सुराज समर्थित प्रत्याशी अनुज कुमार का समर्थन करने के बावजूद, जेडीयू के नीरज कुमार ने अपनी जीत का परचम फहरा दिया है. पटना स्नातक सीट से जेडीयू के नीरज कुमार ने आरजेडी के उम्मीदवार को हराया. अनंत सिंह जिस अनुज कुमार के समर्थन में खड़े थे, वह तीसरे नंबर पर रहे।  पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार की जीत के बाद सवाल उठता है कि आखिर उनके पास वह कौन सी राजनीतिक और सांगठनिक ताकत थी, जिससे टकराकर 'छोटे सरकार' के नाम से मशहूर अनंत सिंह क्लीन बोल्ड हो गए. अनंत सिंह को न केवल चुनावी शिकस्त की कसक झेलनी पड़ी, बल्कि पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासन का सामना भी करना पड़ा।  नीरज कुमार ने दिया अनंत सिंह को झटका बिहार का एमएलसी चुनाव नीरज कुमार के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया था, क्योंकि उनकी ही पार्टी के विधायक अनंत सिंह ने उन्हें हराने की कसम तक खा ली थी. इसके बाद अनंत सिंह जन सुराज समर्थित उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में खुलकर उतर गए और नीरज कुमार को हराने के लिए दिन-रात एक कर दिया. इसके चलते अनंत सिंह को जेडीयू से बाहर भी होना पड़ा।  नीरज कुमार के लिए चुनाव हारने का मतलब था कि उनकी प्रतिष्ठा पर बड़ा सवाल खड़ा होता, लेकिन नीरज कुमार इन तमाम विरोध के बाद भी अपनी सीट बचा ले गए. जीत के बाद नीरज कुमार ने अपनी जीत का श्रेय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित एनडीए नेताओं को दिया. नीरज कुमार की जीत के पीछे वह वोटर थे, जिनका उन पर भरोसा बरकरार रहा।  अनंत फ्लावर समझे, फायर निकले नीरज कुमार मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अपनी पुरानी सियासी रंजिश के चलते जेडीयू के अधिकृत प्रत्याशी और अनुभवी नेता नीरज कुमार के खिलाफ खुला मोर्चा खोला था. उन्हें शायद यह गुमान था कि उनके एक इशारे पर समीकरण बदल जाएंगे और वह अपने विरोधी को चारों खाने चित कर देंगे, लेकिन धरातल पर नतीजे इसके बिल्कुल उलट आए।  अनंत सिंह जिस जन सुराज समर्थित प्रत्याशी के समर्थन में अपनी पूरी ताकत झोंके हुए थे, वह तीसरे पायदान पर सिमट गया, जबकि नीरज कुमार ने तमाम विरोध और बगावत को दरकिनार करते हुए शानदार जीत का परचम लहरा दिया. यह मुकाबला महज़ दो नेताओं की व्यक्तिगत प्रतिष्ठा का नहीं, बल्कि 'मसल पावर' बनाम 'पॉलिटिकल सॉलिडिटी' की एक बड़ी वैचारिक जंग बन गया था. नीरज सिंह ने अनंत सिंह के सारे दावे को हवा में उड़ा दिया।  बेदाग छवि और स्नातकों के बीच गहरी पैठ नीरज कुमार लंबे समय से पटना स्नातक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं. वह तीन बार से एमएलसी रह चुके हैं और उन्होंने लगातार अपने मतदाता जोड़े हैं. इस चुनाव के मतदाता वर्ग में वकील, डॉक्टर, प्रोफेसर, शिक्षक और शिक्षित युवा शामिल हैं. नीरज कुमार की पहचान एक पढ़े-लिखे, तार्किक और प्रखर वक्ता की रही है।  दबंगई की राजनीति से इतर उन्होंने बौद्धिक वर्ग से संवाद का जो सेतु बनाया था, उसने बाहुबल के प्रभाव को मतदाता तक पहुंचने से पहले ही बेअसर कर दिया. अनंत सिंह के अनुज सिंह के समर्थन में उतरने से पटना सीट का पढ़ा-लिखा तबका और दूर हो गया, जिसके चलते वह तीसरे नंबर पर रहे।  'पार्टी कैडर' और एनडीए का मजबूत संगठन अनंत सिंह का व्यक्तिगत प्रभाव एक खास इलाके और जातीय समीकरण तक सीमित रहा है, लेकिन नीरज कुमार के पीछे जेडीयू और एनडीए का पूरा संगठनात्मक ढांचा खड़ा था. चुनाव में जदयू के जमीनी कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर मोर्चा संभाला. वहीं, अनंत सिंह द्वारा पार्टी से बगावत करने पर एनडीए कैडर ने एकजुट होकर नीरज कुमार के पक्ष में गोलबंदी की. यह चुनाव सिर्फ एक इलाके तक सीमित नहीं था, बल्कि इसमें पटना प्रमंडल के तहत आने वाले अन्य जिले भी शामिल थे।  नीरज कुमार जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता हैं और नीतीश कुमार के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में गिने जाते हैं. जब अनंत सिंह ने बगावत की, तो पार्टी ने जरा भी हिचकिचाहट नहीं दिखाई. जदयू ने न केवल अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया, बल्कि उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द करने की भी सिफारिश कर दी. इस सख्त फैसले से यह साफ संदेश गया कि पार्टी नीरज कुमार के साथ मजबूती से खड़ी है, जिसका पूरा लाभ नीरज कुमार को मिला।  नीरज कुमार की सबसे बड़ी ताकत उनकी वाकपटुता और बेबाक शैली है. अनंत सिंह के व्यक्तिगत हमलों और 'पेटी भरकर वोट' दिलाने के दावों के सामने नीरज कुमार ने मुद्दे आधारित राजनीति रखी. उन्होंने सार्वजनिक मंचों पर साफ कहा कि बिहार में अब बाहुबल का दौर खत्म हो चुका है. इसके अलावा नीरज कुमार और अनंत सिंह दोनों ही भूमिहार समुदाय से आते हैं, लेकिन एमएलसी चुनाव में मतदाताओं ने नीरज कुमार की कार्यशैली के पक्ष में खुलकर मतदान किया।  अनंत सिंह का दांव कैसे पड़ गया उल्टा 2015 के मोकामा चुनाव और 2019 के हथियार मामले के वक्त से ही अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच कड़वाहट चली आ रही थी. इस बार एमएलसी चुनाव में अनंत सिंह ने पुरानी खुन्नस निकालने के लिए जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह को अपना समर्थन दिया और दावा किया कि वह नीरज कुमार की जमानत जब्त करा देंगे, लेकिन सियासी बाजी पूरी तरह नीरज कुमार के नाम रही।  एमएलसी चुनाव के नतीजों ने साबित कर दिया कि स्नातक और बौद्धिक मतदाता किसी बाहुबली के एक इशारे पर अपना मत नहीं बदलते. अनंत सिंह का यह दांव न सिर्फ उल्टा पड़ा, बल्कि इसने उनकी खुद की राजनीतिक साख को गहरा धक्का पहुंचाया है।  पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार की जीत यह संदेश देती है कि बिहार की राजनीति में अब 'रंगदारी' और 'बाहुबल' के बल पर पढ़े-लिखे वर्ग का जनादेश नहीं … Read more

बिहार की चारों शिक्षक MLC सीटों पर बदला समीकरण, पटना से सारण तक सिटिंग उम्मीदवारों की हार

  पटना बिहार विधान परिषद के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. यहां पटना से लेकर तिरहुत, दरभंगा और सारण तक सभी चारों सीटों पर मौजूदा एमएलसी को हार का सामना करना पड़ा है. इन नतीजों में आरजेडी, बीजेपी, जन सुराज और निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है. खास बात यह है कि चारों सीटों पर अलग-अलग उम्मीदवारों ने बाजी मारी है।  पटना में आरजेडी, तिरहुत में बीजेपी को जीत पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी के मौजूदा एमएलसी नवल यादव चुनाव हार गए. इस सीट पर आरजेडी के डॉ. संजीव कुमार ने जीत दर्ज की है. वहीं, तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में लेफ्ट के सिटिंग एमएलसी संजय कुमार सिंह को हार का सामना करना पड़ा. यहां बीजेपी के नरेंद्र सिंह विजयी रहे।  दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के मौजूदा एमएलसी मदन मोहन झा अपनी सीट नहीं बचा सके. इस सीट पर जन सुराज के सुरेश राय ने जीत हासिल की. दूसरी ओर, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जन सुराज के सिटिंग एमएलसी आफाक अहमद चुनाव हार गए. यहां निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने जीत दर्ज की।  इन नतीजों में सबसे अहम बात यह रही कि चारों शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मौजूदा एमएलसी को हार मिली. पटना में आरजेडी, तिरहुत में बीजेपी, दरभंगा में जन सुराज और सारण में निर्दलीय उम्मीदवार की जीत हुई है. चुनाव परिणामों ने बिहार विधान परिषद की इन चारों सीटों पर प्रतिनिधित्व का समीकरण बदल दिया है।  सभी MLC के हारने के पीछे क्या ये है वजह? मौजूदा चारों MLC के चुनाव हारने के पीछे की अगर वजह को तलाशा जाए तो माना जा रहा है कि इसमें शिक्षकों से जुड़े मुद्दे जैसे वेतनमान, प्रमोशन, तबादले और सेवा से जुड़ी मांगें अहम फैक्टर साबित हुई हैं. NDA ने सारण में JDU के आनंद पुष्कर को उम्मीदवार बनाया था. BJP के पूर्व नेता राहुल राज निर्दलीय चुनाव लड़े और जीत गए. उन्हें NDA उम्मीदवार से ज्यादा वोट मिले।  टिकट बंटवारे से नाराजगी और शिक्षकों के बीच उनकी स्थानीय पकड़ को जीत की बड़ी वजह माना जा रहा है. दरभंगा में जन सुराज के डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने कांग्रेस के मौजूदा MLC मदन मोहन झा को हराया. माना जा रहा है कि शिक्षक राजनीति में उनकी सक्रियता और स्थानीय संपर्क ने उनकी जीत में बड़ी भूमिका अदा की है।  वहीं पटना में करीब तीन दशक से MLC रहे नवल किशोर यादव की हार से सीट पर समीकरण पूरी तरीके से बदल गया है. नवल किशोर यादव के चुनावी हार को सरकार के खिलाफ शिक्षकों की नाराजगी से जोड़कर भी देखा जा रहा है. तिरहुत में BJP के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने निर्दलीय भूषण झा को 594 वोटों से हराया. इस सीट पर CPI और जन सुराज के उम्मीदवार भी मैदान में थे और माना जा रहा है कि वोटों के बंटवारे का फायदा भाजपा प्रत्याशी को मिला। 

स्टील-सीमेंट उद्योगों को मिलेगी स्वच्छ बिजली, भारत विकसित करेगा स्वदेशी स्मॉल मॉड्यूलर रिएक्टर

जमशेदपुर देश के भारी उद्योगों को प्रदूषणमुक्त बनाने और वर्ष 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा के लक्ष्य को भेदने के लिए भारत अब छोटी आणविक इकाइयों की राह पर तेजी से कदम बढ़ा रहा है। न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनपीसीआइएल) और भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) ने संयुक्त रूप से स्वदेशी भारत स्माल माड्यूलर रिएक्टर (बीएसएमआर) विकसित करने का बीड़ा उठाया है। एनपीसीआइएल के कॉरपोरेट संचार प्रमुख उमेद यादव ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह नवाचार देश के इस्पात, एल्युमिनियम और सीमेंट जैसे बुनियादी उद्योगों के लिए गेम चेंजर साबित होगा। कारखानों के मुहाने पर पैदा होगी स्वच्छ बिजली यादव ने रेखांकित किया कि पारंपरिक 700 मेगावाट क्षमता वाले विशाल प्रेशराइज्ड हेवी वाटर रिएक्टरों (पीएचडब्ल्यूआर) को लगाने में व्यापक भूखंड, भारी पूंजी और लंबा समय लगता है। इसके विपरीत, फैक्ट्री-निर्मित बीएसएमआर और भारत स्मॉल रिएक्टर्स (बीएसआर) को बहुत कम जगह तथा न्यूनतम लागत पर खड़ा किया जा सकता है। इन्हें सीधे औद्योगिक परिसरों या कैप्टिव पावर क्लस्टरों के निकट स्थापित किया जा सकेगा। इससे ट्रांसमिशन लाइन बिछाने का झंझट खत्म होगा और ग्रिड पर निर्भरता के बिना संयंत्रों को 24 घंटे विश्वसनीय, सुरक्षित और शून्य-कार्बन ऊर्जा हासिल होगी। निजी क्षेत्र की पूंजी से कार्बन मुक्ति को गति प्रस्तुति के आंकड़ों के मुताबिक, केंद्र सरकार ने सघन जीवाश्म ईंधन खपत वाले उद्योगों के डी-कार्बोनाइजेशन के लिए इस क्षेत्र में निजी निवेश के रास्ते खोल दिए हैं। वर्ष 2047 तक नियोजित कुल 100 गीगावाट क्षमता में से लगभग 39 से 42 गीगावाट बिजली निजी कंपनियों और अन्य सार्वजनिक उपक्रमों की साझेदारी से तैयार की जानी है। टाटा, रिलायंस और अडाणी समूह जैसे प्रमुख उद्योग घराने इस तकनीक में अपनी व्यावसायिक दिलचस्पी दिखा रहे हैं। 2047 तक एनपीसीआईएल देगा 54 गीगावाट ऊर्जा उमेद यादव ने स्पष्ट किया कि एनपीसीआईएल अकेले 53,508 मेगावाट (करीब 54 गीगावाट) परमाणु ऊर्जा का योगदान देगा। वर्तमान में 8,780 मेगावाट क्षमता वाले 24 रिएक्टर क्रियाशील हैं, जबकि 7,500 मेगावाट के नौ रिएक्टर निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा 9,800 मेगावाट के 14 रिएक्टर पूर्व-परियोजना चरण में हैं। वर्ष 2031-32 तक देश की परमाणु क्षमता 22 गीगावाट पार कर जाएगी। उन्होंने कहा कि फ्लीट मोड के बड़े रिएक्टरों के समानांतर छोटे मॉड्यूलर रिएक्टर मिलकर 2070 के नेट-जीरो कार्बन संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाएंगे।

पनीर में फॉर्मलिन की आशंका से बढ़ी चिंता, भागलपुर में खाद्य पदार्थों की जांच धीमी

भागलपुर  जिले के लोगों को मिलावटी खाद्य पदार्थों से बचाने के लिए करीब छह साल पहले उपलब्ध कराया गया फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स वाहन अब चालक के अभाव में परेशानी का सामना कर रहा है। श्रावणी मेला समेत महत्वपूर्ण पर्व-त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की जांच के लिए मुख्यालय से इस वाहन के इस्तेमाल का निर्देश दिया जाता है। वाहन के लिए तकनीशियन की व्यवस्था है, लेकिन चालक के सेवानिवृत्त होने से इसके नियमित संचालन पर संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच प्रभावित होने की आशंका है। संविदा पर चालक की नियुक्ति के लिए निकला विज्ञापन खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजहंस कुमार ने बताया कि वाहन चालक के सेवानिवृत्त होने से संचालन में परेशानी हो रही है। हालांकि, सरकार की ओर से संविदा पर चालक की नियुक्ति के लिए विज्ञापन निकाला गया है। चालक की नियुक्ति होने के बाद वाहन का नियमित संचालन आसान हो सकेगा। सप्ताह में दो दिन जांच का निर्देश खाद्य निरीक्षक अशोक कुमार सिन्हा ने बताया कि मुख्यालय से इस वाहन के माध्यम से सप्ताह में दो दिन खाद्य पदार्थों की जांच करने का निर्देश है। चालक नहीं रहने से इसमें परेशानी आ रही है। जब तक नए चालक की व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक उपलब्ध संसाधनों के आधार पर काम करने का प्रयास किया जाएगा। अशोक कुमार सिन्हा के पास भागलपुर के साथ मुंगेर जिले का भी प्रभार है। मौके पर होती है सामान्य जांच, रासायनिक जांच पटना में फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स वाहन में उपलब्ध प्रयोगशाला से खाद्य पदार्थों की सामान्य जांच की जाती है। राजहंस कुमार ने बताया कि वाहन से सभी तरह की जांच संभव नहीं है। मौके पर मिठाई में फफूंद, असामान्य गंध और खराब होने के अन्य लक्षणों की जांच की जाती है। जरूरत पड़ने पर खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर रासायनिक जांच के लिए पटना भेजा जाता है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाती है। अगस्त से अब तक आधा दर्जन दुकानदारों पर कार्रवाई राजहंस कुमार के अनुसार, अगस्त से अब तक जिले में करीब आधा दर्जन दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान विभिन्न इलाकों में खराब खाद्य पदार्थ बेचने के मामले सामने आए। खाद्य पदार्थों में मिलावट की पुष्टि होने पर नियमानुसार मामला आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जाता है। मामले की प्रकृति और मिलावट की गंभीरता के आधार पर सक्षम प्राधिकारी जुर्माना लगा सकते हैं। गंभीर मामलों में न्यायालय की प्रक्रिया भी अपनाई जाती है। नियमों के तहत खाद्य कारोबार का लाइसेंस निलंबित या रद करने की कार्रवाई भी हो सकती है। पनीर में फॉर्मलिन मिलाने की आशंका खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजहंस कुमार ने बताया कि जांच के दौरान पनीर में मिलावट का मामला सामने आया है। उनके अनुसार, कुछ दुकानदार पनीर को अधिक दिनों तक खराब होने से बचाने के लिए फॉर्मलिन समेत अन्य रसायनों का इस्तेमाल करते हैं। इससे पनीर सामान्य परिस्थितियों में जितने समय तक सुरक्षित रह सकता है, उससे अधिक समय तक खराब होने के लक्षण स्पष्ट नहीं दिखते। हालांकि, इसकी पुष्टि प्रयोगशाला जांच से ही की जा सकती है। फॉर्मलिन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इसके संपर्क या सेवन से गंभीर नुकसान हो सकता है। ऐसे रसायनों का खाद्य पदार्थों में अवैध इस्तेमाल लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा है। इसके अलावा मिठाइयों में अनधिकृत रंगों के इस्तेमाल की आशंका को देखते हुए भी नमूने लिए जाते हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि नियमानुसार नमूने लेकर जांच कराई जाती है और गड़बड़ी की पुष्टि होने पर कार्रवाई की जाती है।  

Jharkhand News: शराब तस्करों की बढ़ेगी मुश्किलें, अवैध निर्माण और बिक्री रोकने के लिए ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल

रांची  झारखंड में अवैध शराब का कारोबार करने वालों की मुश्किलें बढ़ने वाली है। अब शराब माफिया की गतिविधियों पर जमीन के साथ आसमान से भी नजर रखने की तैयारी है। राज्य का उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए ड्रोन तकनीक का सहारा लेने की योजना बना रहा है। इसके लिए विभाग ने ड्रोन से निगरानी की तकनीक का प्रदर्शन करने के लिए कंपनियों को आमंत्रित किया है। प्रदर्शन के दौरान तकनीक की उपयोगिता और निगरानी की क्षमता का आकलन किया जाएगा। उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि राज्य में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह समाप्त करना सरकार का लक्ष्य है। इसके लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करने की दिशा में पहल की जा रही है। ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक हो सकती है। जंगल और दुर्गम इलाकों में भी होगी निगरानी राज्य के कई इलाकों में जंगलों, नदी किनारे और दुर्गम स्थानों पर अवैध शराब बनाने की शिकायतें मिलती रही हैं। ऐसे स्थानों तक पहुंचने में उत्पाद विभाग की टीम को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ड्रोन तकनीक से संदिग्ध गतिविधियों और स्थानों की पहचान करने में मदद मिल सकती है। इससे छापेमारी की योजना बनाने और अवैध शराब के ठिकानों तक पहुंचने में आसानी होगी। अवैध कारोबार पर रोक से सरकार और आम लोगों को फायदा अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगने से सरकार को कई स्तरों पर लाभ होगा। अवैध बिक्री के कारण होने वाली राजस्व हानि कम हो सकती है। वैध दुकानों से शराब की बिक्री बढ़ने पर उत्पाद शुल्क से मिलने वाले राजस्व में वृद्धि की संभावना रहेगी। वहीं, मिलावटी और जहरीली शराब की बिक्री रोकने से लोगों के स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा होगी। अवैध शराब से जुड़े आपराधिक नेटवर्क और तस्करी पर भी अंकुश लगेगा। इससे कानून-व्यवस्था मजबूत होने के साथ उत्पाद विभाग की प्रवर्तन कार्रवाई अधिक प्रभावी हो सकेगी।

बिहार में विकास परियोजनाओं की समीक्षा, आमस-दरभंगा सड़क 2027 तक और साइंस सिटी का काम 2028 तक पूरा होगा

 पटना  सीएम सम्राट चौधरी ने मंगलवार को लोकसेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में 'बिहार गति' के अंतर्गत राज्य में 100 करोड़ रपये से अधिक की परियोजनाओं एवं केंद्र की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में सीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने पटना के राजेंद्र नगर स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी में विभिन्न गैलरियों के प्रदर्शों का निर्माण कार्य वर्ष 2028 तक पूर्ण करने का निर्देश दिया। 2027 तक पूर्ण करें आमस-श‍िवरामपुर खंड का निर्माण NH-119D के अंतर्गत आमस-दरभंगा मार्ग के पैकेज-1 में 55 किलोमीटर लंबे आमस-शिवरामपुर खंड की समीक्षा के दौरान कहा कि इसे वर्ष 2027 तक पूर्ण करें। उन्होंने बिहार जलाशय पुनर्स्थापन एवं गाद प्रबंधन नीति के तहत भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से आवश्यक समझौता करने की कार्रवाई आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि आवास के लिए सर्वेक्षण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। तथा प्राप्त आपत्तियों का त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से निराकरण किया जाए, ताकि पात्र परिवारों को योजना का लाभ समय पर मिल सके। पीएम आवास योजना के तहत सर्वेक्षण एवं आपत्तियों का निराकरण करें   प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 12 लाख आवास निर्माण के लक्ष्य को जल्द पूर्ण करें साथ ही बाढ़ पीड़ित परिवारों को प्राथमिकता सूची में रखें। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाभियान की समीक्षा के दौरान विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य पर जोर दिया गया। विशेष अभियान चलाकर आदिवासी परिवारों को पक्का आवास दें निर्देश दिया कि विशेष अभियान चलाकर आदिवासी परिवारों को इसका लाभ दिलायें। मुख्यमंत्री वास स्थल क्रय सहायता योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने से संबंधित स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने जिलों के प्रभारी सचिव को निर्देश दिया कि सरकारी भूमि की उपलब्धता की अंचलवार समीक्षा की जाए तथा पात्र लाभार्थियों को सहायता उपलब्ध कराने में आनेवाली समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करें। मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना की प्रगति की समीक्षा के दौरान सीएम ने संबंधित अधिकारियों को योजना के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करने तथा पात्र लाभार्थियों को प्रावधानों के अनुसार लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। अंतिम व्‍यक्‍त‍ि तक लाभ पहुंचाने को प्रत‍िबद्ध मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजनाओं एवं योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए तथा क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने दी जाए। बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव एचआर श्रीनिवास, आरसीडी के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह व संजय कुमार सिंह, भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार, हिमांशु शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।  

गिरिडीह उपचुनाव में जीत के लिए भाजपा सक्रिय, चंपाई सोरेन और बाबूलाल मरांडी संभालेंगे मोर्चा

 रांची  अगले चार महीने में होने वाले गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश कार्यसमिति की दो दिन चली बैठक में बनी रणनीति को पार्टी सबसे पहले गिरिडीह में आजमाएगी। भाजपा सामान्य वर्ग और ओबीसी समुदाय के बीच मजबूत रही है। हालांकि, पीरटांड़ के आदिवासी बहुल बूथों पर पार्टी पिछले दो विधानसभा चुनाव से पिछड़ रही है। इसे देखते हुए इस बार भाजपा अपने आधार वोटबैंक को बंटने से रोकने और आदिवासी मतदाताओं का समर्थन हासिल करने पर ध्यान दे रही है। वैश्य समुदाय को भी एकजुट रखने की योजना है। कार्यसमिति में पंचायत चुनाव में ओबीसी आरक्षण की मांग उठाकर पार्टी ने इस दिशा में पहल की है। पीरटांड़ में बढ़त के लिए भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को सक्रिय करने की योजना बनाई है। संताल आदिवासी बहुल इस क्षेत्र में दोनों नेता छठ के बाद प्रचार करेंगे। गिरिडीह उपचुनाव के लिए किसी प्रदेश महामंत्री को प्रभारी बनाया जाएगा। सह संगठन प्रभारी सौरभ सिंह भी त्योहार के बाद वहां कैंप करेंगे। कार्यसमिति की बैठक में शामिल राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उपचुनाव में जीत के लिए ठोस योजना बनाने की सलाह दी है। गिरिडीह में कार्यकर्ताओं से मिल चुके हैं सौदान सिंह राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह अपने सप्ताह भर के प्रवास के दौरान गिरिडीह में भाजपा कार्यकर्ताओं से मिल चुके हैं। चुनाव हार चुके एक पूर्व प्रत्याशी से उन्होंने कहा कि गिरिडीह पार्टी की जीती हुई सीट थी, जिसे बरकरार नहीं रखा जा सका। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उपचुनाव में जीत के लिए पूरी मेहनत करने की अपील की।  

Ranchi Kali Puja 2026: कुसई में 15 लाख बोतलों से बनेगा पंडाल, 40 लाख रुपये होंगे खर्च

 रांची  झारखंड की राजधानी रांची में काली पूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में पूजा समितियां इस बार श्रद्धालुओं को आकर्षित करने के लिए अनूठे पंडालों का निर्माण करा रही हैं। कहीं काल्पनिक पंडाल में मां काली के दर्शन होंगे, तो कहीं अमेरिका के प्रसिद्ध स्वामी नारायण मंदिर की झलक देखने को मिलेगी। कुसई कालोनी में 15 लाख प्लास्टिक की बोतलों और चम्मचों से पंडाल बनाने की तैयारी है। वहीं, निवारणपुर में चंदन नगर की आकर्षक विद्युत सज्जा श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगी। चुटिया के मकचुंद टोली में कुटिया के स्वरूप में पंडाल बनाकर झारखंड की कला-संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा। कड़रू के कपिलदेव मैदान में काल्पनिक पंडाल के साथ मां काली की प्रतिमा स्थापित होगी। पूजा समितियां धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, मीना बाजार, झूले और भोग वितरण की भी व्यवस्था कर रही हैं। 1. कडरू में काल्पनिक पंडाल में विराजेंगी 16 फीट ऊंची मां काली कडरू स्थित कपिलदेव मैदान में शक्ति क्लब काली पूजा समिति की ओर से इस वर्ष काल्पनिक पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। पंडाल में 16 फीट ऊंची मां काली की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। मां के दरबार को बंगाली पूजा पद्धति के अनुरूप सजाया जाएगा। समिति की ओर से वर्ष 1987 से लगातार काली पूजा का आयोजन किया जा रहा है। शुरुआती वर्षों में पूजा पंडाल का स्वरूप और बजट सीमित था, लेकिन समय के साथ आयोजन का विस्तार हुआ है। समिति के अनुसार, पूजा पंडाल का उद्घाटन आठ नवंबर को किया जाएगा। इसके बाद नौ नवंबर को संगीत कार्यक्रम, 10 नवंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम और 11 नवंबर को आर्केस्ट्रा का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के मनोरंजन के लिए मीना बाजार भी लगाया जाएगा। यहां खाने-पीने के स्टाल के साथ विभिन्न प्रकार के झूले उपलब्ध रहेंगे। समिति की ओर से पूरे आयोजन पर लगभग 20 लाख रुपये खर्च किए जाने का अनुमान है। 2. लोअर चुटिया में दिखेगा अमेरिका के स्वामी नारायण मंदिर का प्रारूप लोअर चुटिया स्थित महावीर मंदिर परिसर में नव जागृति संघ काली पूजा समिति की ओर से इस बार अमेरिका के स्वामी नारायण मंदिर के प्रारूप पर आधारित पंडाल बनाया जा रहा है। इसकी सजावट को लेकर श्रद्धालुओं में उत्सुकता है। समिति के अध्यक्ष अमन साहू ने बताया कि पंडाल के अंदर कांच और शीशे की नक्काशी की जाएगी। मां काली की 15 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित होगी और दरबार को स्वर्ण आभूषणों जैसी सजावट दी जाएगी। समिति वर्ष 1968 से काली पूजा करती आ रही है। इस बार पूजा पर करीब 25 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। नौ नवंबर से पंडाल परिसर में खीर, खिचड़ी और हलवा-पूड़ी सहित विभिन्न प्रकार के भोग चढ़ाए जाएंगे। बच्चों के मनोरंजन के लिए मिक्की माउस और जंपिंग जैसे झूले भी लगाए जाएंगे। मंदिर के प्रारूप, आकर्षक सजावट और भोग वितरण के कारण यह पंडाल पूजा के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहने की उम्मीद है। 3. मकचुंद टोली में कुटिया के स्वरूप में बनेगा पूजा पंडाल चुटिया के मकचुंद टोली में नवीन यूथ क्लब की ओर से इस वर्ष कुटिया के स्वरूप में भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। पंडाल की सजावट के माध्यम से श्रद्धालुओं को झारखंड की कला और संस्कृति की झलक दिखाने की तैयारी है। समिति का उद्देश्य स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को पूजा आयोजन के साथ जोड़ना है। समिति के पदाधिकारी सिद्धार्थ पांडेय ने बताया कि पंडाल में श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग द्वार बनाए जाएंगे। इसके साथ ही विशेष विद्युत सज्जा की व्यवस्था की जा रही है। पूजा के दौरान प्रतिदिन भोग का वितरण भी किया जाएगा। समिति इस आयोजन पर करीब नौ लाख रुपये खर्च कर रही है। 4. कुसई में 15 लाख प्लास्टिक बोतलों और चम्मचों से बनेगा पंडाल कुसई कालोनी काली पूजा समिति की ओर से इस वर्ष प्लास्टिक की बोतलों और चम्मचों का इस्तेमाल कर पूजा पंडाल बनाया जा रहा है। समिति के अनुसार, पंडाल के निर्माण में लगभग 15 लाख प्लास्टिक बोतलों और चम्मचों का उपयोग किया जाएगा। इसकी खासियत 11 तोरण द्वार होंगे, जिन पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर महाभारत युद्ध तक की झलक दिखाई जाएगी। समिति की सचिव मणिभूषण झा ने बताया कि पंडाल में मां काली की 15 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। समिति इस वर्ष काली पूजा का 42वां आयोजन कर रही है। पांच दिवसीय पूजा के दौरान मीना बाजार भी लगाया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए झूलों और भोग की व्यवस्था रहेगी आयोजन को भव्य बनाने के लिए करीब 40 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। प्लास्टिक की बोतलों और चम्मचों से तैयार होने वाला पंडाल इस बार शहर में विशेष आकर्षण का केंद्र बन सकता है। 5. निवारणपुर में चंदन नगर की लाइटिंग से जगमगाएगा पंडाल अनंतपुर-निवारणपुर काली पूजा कमेटी की ओर से इस वर्ष काल्पनिक पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। यहां मां श्यामा काली की 10 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। पंडाल परिसर को चंदन नगर की आकर्षक विद्युत सज्जा से रोशन किया जाएगा। समिति पूजा के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी आयोजन का हिस्सा बना रही है। 11 नवंबर को रक्तदान शिविर लगाया जाएगा, जिसमें स्थानीय लोग रिम्स के मरीजों के लिए रक्तदान करेंगे। बच्चों के लिए चित्रांकन और शंख बजाने की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। महिलाओं के लिए कैंडल लाइट भोग की व्यवस्था होगी। इसके अलावा दूसरे दिन खीर, तीसरे दिन हलवा और अंतिम दिन खिचड़ी का भोग वितरित किया जाएगा। समिति के अनुसार, विसर्जन शोभायात्रा 12 नवंबर को शाम चार बजे तपोवन मंदिर मैदान से शुरू होकर बड़ा तालाब की ओर जाएगी। पूरे पूजा आयोजन पर करीब 10 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।  

Bihar Weather: तूफान ‘अर्णब’ से बिगड़ेगा मौसम, रोहतास से चंपारण तक भारी बारिश की चेतावनी जारी

पटना  Bihar Weather News बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान 'अर्णब' से बिहार में मौसम का मिजाज बिगाड़ने वाला है। इसके प्रभाव से 29 और 30 अक्टूबर को राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा, भारी से अति भारी वर्षा और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की है। अगले चार दिनों के मौसम का मिजाज को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। 28 अक्टूबर की सुबह से एक नवंबर तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में चक्रवात का असर देखने को मिलेगा। इस दौरान बादलों की आवाजाही बढ़ने के साथ अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी, जबकि न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। इसके लिए प्रदेश में यलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के ज्यादातर भागों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा के आसार हैं। 29 और 30 अक्टूबर को चक्रवात का प्रभाव अधिक रहने का अनुमान है। रोहतास और भभुआ में बुधवार और गुरुवार को भारी एवं 30 अक्टूबर को गोपालगंज और चंपारण के भागों में भारी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है। एक नवंबर से चक्रवात का प्रभाव कम होने के साथ प्रदेश में छिटपुट वर्षा की संभावना है। आंध्रप्रदेश के तट से टकराएगा चक्रवात मौसम विभाग के अनुसार, 28 अक्टूबर की सुबह बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यानम के पास आंध्र प्रदेश तट को चक्रवात पार करेगा। इस दौरान हवा की गति 115-125 किमी प्रतिघंटा रहने की संभावना है, जबकि, 140 किमी प्रतिघंटा झोंके के साथ चलने की संभावना है। अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अलग-अलग भागों में बादलों की आवाजाही के साथ कुछ स्थानों पर छिटपुट वर्षा के साथ मौसम सामान्य बना रहेगा। तापमान में आएगी गिरावट तापमान में गिरावट आने से मौसम अनुकूल बना रहेगा। सोमवार को पटना सहित 17 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस एवं 35.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सुपौल एवं कैमूर का सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। जबकि, शेष जिलों के तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को प्रदेश का मौसम शुष्क और सामान्य बना रहा।