samacharsecretary.com

सिरसा में खाद्य आपूर्ति इंस्पेक्टर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, डिपो होल्डर से मांग रहा था घूस

सिरसा  सिरसा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खाद्य आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर विवेक को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। टीम ने यह कार्रवाई नाथूसरी चौपटा ब्लॉक के गांव तरकांवाली में की, जहां आरोपी इंस्पेक्टर को एक डिपो होल्डर से कथित रूप से कमियां छिपाने और कार्य निपटाने के बदले रिश्वत लेते पकड़ा गया। सूत्रों के अनुसार, डिपो होल्डर ने इंस्पेक्टर विवेक की मांग के खिलाफ शिकायत एसीबी को दी थी, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाकर उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद एसीबी टीम ने मौके पर मौजूद इंस्पेक्टर, डिपो होल्डर और अन्य संबंधित लोगों से टाइल फैक्ट्री परिसर में ही पूछताछ शुरू कर दी। यह पूरी कार्रवाई एसीबी सिरसा के इंचार्ज इंस्पेक्टर सत्यवान के नेतृत्व में हुई। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ विभाग भी अलग से कार्रवाई कर सकता है, जिसमें उसके निलंबन की संभावना जताई जा रही है। रिपोर्ट जल्द ही विभागीय मुख्यालय को भेजी जाएगी। 

अब गढ़ी सांपला किलोई में नई राजनीति का दौर: पुराने दावेदारों को डॉ. शर्मा का संदेश

चंडीगढ  सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा है कि गढ़ी सांपला किलोई को अपना गढ़ बताने वालों के अब दिन लद गए हैं। आज कांग्रेस का प्रदेश में वजूद सिमटता जा रहा है। कांग्रेस ने जैसे-तैसे करके भानुमति का कुनबा तो जोड़ा, लेकिन उसमें भी आए दिन हो रही जूतम-पैजार को प्रदेश की जनता देख रही है। इससे साफ हो गया है कि कांग्रेसियों को प्रदेश से नहीं, अपने परिवार के हित से मतलब है। बुधवार को सहकारिता मंत्री एवं गढ़ी सांपला किलोई प्रभारी डॉ अरविंद शर्मा गांव टिटौली में कार्यकर्ता के घर पहुंचे और परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर भोजन किया। इस दौरान आसपास के गांवों के ग्रामीणों से भी संवाद करते हुए सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने उनकी समस्याओं का निदान करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनहितैषी नीतियों का लाभ प्रदेश के हर गांव, हर शहर के लोगों बिना भेदभाव मिल रहा है, जिसकी बड़ौली प्रदेश में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनी है।   उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 24 घण्टे सन्त कबीर कुटीर आवास के दरवाजे प्रत्येक हरियाणवीं की तकलीफ दूर करने के लिए खोले और बीते एक साल के अंदर विधानसभा चुनाव में किए गए संकल्पों में 48 संकल्पों को पूरा करके अपने जनसमर्पित इरादों को जाहिर कर दिया। आज गढ़ी सांपला किलोई हलके की जनता भाजपा की केंद्र-प्रदेश सरकार की योजनाओं से न केवल संतुष्ट है, अपितु हर गरीब, वंचित, जरूरतमंद को सामाजिक व आर्थिक संरक्षण से उनका भरोसा भाजपा पर बढ़ा है। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि अब गढ़ी सांपला किलोई हलके को अपना गढ़ बताने वालों के दिन लद गए हैं। उन्होंने कहा कि किसान, युवाओं, महिलाओं और पिछडा वर्ग की भलाई का दम्भ भरने वालों ने हमेशा अपना राजनीतिक उल्लू सीधा किया है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के 90 विधानसभाओं में समान भाव से विकास किया जा रहा है। 

खेल मैदान में बड़ा हादसा: नेशनल लेवल खिलाड़ी की मौत, दो घटनाओं ने छाया मातम

चंडीगढ़  हरियाणा में दो दुखद घटनाएं हुई हैं, जिनसे एक तरफ व्यवस्था पर सवाल उठे हैं तो वहीं उदीयमान प्रतिभाओं को देश ने खो दिया है। बास्केटबॉल के नेशनल लेवल के खिलाड़ी हार्दिक राठी के ऊपर पोल ही गिर गया, जिस दौरान वह प्रैक्टिस कर रहे थे। इस हादसे में 16 साल के हार्दिक मौत हो गई। यह घटना रोहतक के लाखन माजरा गांव की है। इसके अलावा एक और हादसा बहादुरगढ़ में हुआ है, जहां 15 साल के अमन की बास्केटबॉल का ही पोल गिरने से मौत हो गई। दोनों 10वीं क्लास के छात्र थे और बास्केटबॉल में अपना भविष्य बनाना चाहते थे। इन हादसों ने हरियाणा में खेल ढांचे और सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठाए हैं।   हार्दिक राठी के साथ यह हादसा उस वक्त हुआ, जब वह प्रैक्टिस कर रहे थे। उन्होंने उछलकर बास्केटबॉल पोल को पकड़ा और वह उनके ऊपर ही गिर पड़ा। हार्दिक उसके नीचे दब गए और पोल का एक सिरा तेजी से उनके सीने पर लगा था। उनके दोस्तों ने यह वाकया देखा तो तेजी से दौड़कर आए, लेकिन बचाया नहीं जा सका। इसकी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें दिखता है कि वह कोर्ट में अकेले ही प्रैक्टिस कर रहे हैं। वह थ्री पॉइंट लाइन से दौड़कर आते हैं और सेमी सर्कल के पास से पोल की ओर छलांग लगाकर उसे पकड़ते हैं। वह बास्केट पकड़ते ही हैं कि पोल अपनी जड़ से उखड़ जाता है और उन पर आ गिरता है। अपनी स्कोरिंग क्षमता को बढ़ान के लिए अकसर बास्केटबॉल प्लेयर्स इस तरह प्रैक्टिस करते हैं। इसी तरह बहादुरगढ़ के अमन घायल हुए थे और उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया था। वहां से तुरंत ही रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, लेकिन जान नहीं बच सकी। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार हुआ और परिवार में कोहराम मच गया है। अमन के परिवार वालों का आरोप है कि पीजीआई में उनके बेटे को सही इलाज नहीं मिला वरना वह जीवित होते। फिलहाल सरकार ने इन मामलों की जांच के आदेश दे दिए हैं और शुरुआती रिपोर्ट का इंतजार हो रहा है। सवाल यह है कि पोल आदि की जांच जब साप्ताहिक होने का नियम है तो फिर कैसे इस तरह की घटना हो गई।  

दिसंबर ट्रैवल आसान: हरियाणा से राजस्थान के लिए चलेंगी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें

हरियाणा  उत्तर पश्चिम रेलवे ने हरियाणा से राजस्थान के बीच सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए दिसंबर माह में तीन नई स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने का फैसला किया है। इनमें रेवाड़ी–रींगस के बीच दो और भिवानी–जयपुर के बीच एक स्पेशल ट्रेन शामिल है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण ने बताया कि रेवाड़ी–रींगस के बीच चलने वाली एक स्पेशल ट्रेन 15 ट्रिप और दूसरी 13 ट्रिप लगाएगी। वहीं भिवानी–जयपुर के बीच रोज़ाना स्पेशल ट्रेन का संचालन होगा। रेवाड़ी–रींगस स्पेशल ट्रेन सेवाएं गाड़ी संख्या 09633 – रेवाड़ी–रींगस एक्सप्रेस स्पेशल तारीखें: 1, 4, 6, 7, 13, 14, 15, 20, 21, 25, 27, 28, 29, 30, 31 दिसंबर (कुल 15 ट्रिप) समय: रेवाड़ी से रात 10:50 बजे, रींगस आगमन 01:35 बजे   गाड़ी संख्या 09634 – रींगस–रेवाड़ी एक्सप्रेस स्पेशल तारीखें: 2, 5, 7, 8, 14, 15, 16, 21, 22, 26, 28, 29, 30, 31 दिसंबर 2025 और 1 जनवरी 2026 (कुल 15 ट्रिप) समय: रींगस से सुबह 2:20 बजे, रेवाड़ी आगमन 5:20 बजे रैक: 16 डिब्बों वाला DEMU रैक     गाड़ी संख्या 09637 – रेवाड़ी–रींगस स्पेशल तारीखें: 1, 4, 6, 7, 13, 14, 15, 20, 21, 25, 27, 28, 31 दिसंबर 2025 (13 ट्रिप) समय: रेवाड़ी से सुबह 11:45 बजे, रींगस आगमन 2:45 बजे     गाड़ी संख्या 09638 – रींगस–रेवाड़ी स्पेशल तारीखें: 1, 4, 6, 7, 13, 14, 15, 20, 21, 25, 27, 28, 31 दिसंबर 2025 (13 ट्रिप) समय: रींगस से दोपहर 3:05 बजे, रेवाड़ी आगमन 6:20 बजे रैक: 8 साधारण डिब्बे + 2 गार्ड कोच = कुल 10 डिब्बे  

‘उत्साह और नई ऊर्जा का केंद्र बना हरियाणा’—पीएम दौरे पर मंत्री गौरव गौतम का बयान

चंडीगढ़  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को हरियाणा के कुरुक्षेत्र का दौरा करेंगे। उनका स्वागत करने के लिए हरियाणा के लोगों में जबरदस्त उत्साह और जोश है। हरियाणा सरकार में मंत्री गौरव गौतम ने कहा, "दुनिया के सबसे ताकतवर नेता पीएम नरेंद्र मोदी पवित्र शहर कुरुक्षेत्र आ रहे हैं। पूरे हरियाणा के कोने-कोने से लोग उनका स्वागत करने और बधाई देने के लिए उत्सुक और जोश में हैं।" मंत्री गौरव गौतम ने आगे कहा, "वे जिन कार्यक्रमों के लिए आ रहे हैं, चाहे वह गीता जयंती महोत्सव हो या गुरु तेग बहादुर की 350वीं सालगिरह का प्रोग्राम, पूरा हरियाणा राज्य उत्साहित और एनर्जी से भरा हुआ है।" पीएम मोदी के कुरुक्षेत्र दौरे पर मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा, "वह कुरुक्षेत्र के धर्मनगर में आ रहे हैं, जिससे क्षेत्र के विकास में तेजी आने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से कई नए प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया जाएगा, जिससे आगे तरक्की और विकास पक्का होगा।" प्रधानमंत्री शाम लगभग 4 बजे भगवान कृष्ण के पवित्र शंख के सम्मान में नवनिर्मित 'पांचजन्य' का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद, वे महाभारत अनुभव केंद्र का दौरा करेंगे। यह एक गहन अनुभवात्मक केंद्र है जहां महाभारत के महत्वपूर्ण प्रसंगों को प्रदर्शित किया गया है जो इसके स्थायी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को दर्शाते हैं। शाम लगभग 4:30 बजे, प्रधानमंत्री सिखों के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री पूज्य गुरु के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष सिक्का और स्मारक डाक टिकट जारी करेंगे। इस अवसर पर वे उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे। गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में, भारत सरकार एक वर्ष तक चलने वाला स्मरणोत्सव मना रही है। इसके बाद शाम लगभग 5:45 बजे, प्रधानमंत्री ब्रह्म सरोवर में दर्शन और पूजा करेंगे। यह सरोवर भारत के सबसे पवित्र तीर्थस्थलों में से एक है और माना जाता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को श्रीमद्भगवद्गीता का दिव्य ज्ञान यहीं दिया था।

डॉ. मुजम्मिल केस में नया मोड़: NIA ने फरीदाबाद में छापेमारी कर अलमारी समेत कई जगह दोबारा खंगाली

फरीदाबाद  दिल्ली ब्लास्ट में शामिल अल-फलाह यूनिवर्सिटी से गिरफ्तार आतंकी डॉ मुजम्मिल शकील को लेकर देर रात राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) फरीदाबाद पहुंची। NIA की टीम इस दौरान मुजम्मिल को अलग-अलग कई जगह पर लेकर गई। जांच टीम ने फरीदाबाद, सोहना और फतेहपुर तगा में करीब चार घंटे तक विभिन्न लोकेशनों पर उसकी गतिविधियों की पड़ताल की। यूनिवर्सिटी लेकर पहुंची NIA पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार NIA की टीम सबसे पहले मुजम्मिल को अल-फलाह यूनिवर्सिटी लेकर पहुंची, जहां वह पिछले लंबे समय से रह रहा था। टीम ने करीब डेढ़ घंटे तक यूनिवर्सिटी परिसर में उसके रहने के स्थान, पढ़ाई के स्थान, मेडिकल केबिन तथा उन जगहों की शिनाख्त करवाई जहां वह मरीजों का इलाज किया करता था। टीम ने जांचा कि वह किन स्टूडेंट्स के संपर्क में था और यूनिवर्सिटी परिसर में उसकी गतिविधियां क्या-क्या थी। यूनिवर्सिटी के कैंपस परिसर के उस हिस्से में उसको लेकर जाया गया, जहां पर वह सुबह और शाम को घूमने के लिए जाता था। टीम द्वारा उसकी अलमारी को दोबारा से चैक किया गया। गांव धौज और तगा में लेकर पहुंची टीम इसके बाद NIA ने उसे उस स्थान पर लेकर गई, जहां करीब 360 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट 10 से 12 सूटकेस में भरकर तैयार अवस्था में रखा गया था। देर रात इस जगह पर लगभग 15–20 मिनट तक पूछताछ हुई। टीम ने मुजम्मिल से यह जानकारी ली कि यह रासायनिक सामग्री वहाँ क्यों रखी गई थी, किस उद्देश्य से तैयार की गई थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल थे। इसके बाद टीम तीसरे स्थान फतेहपुर तगा स्थित उस घर में पहुंची, जहां 2,563 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट के 50 कट्टे बरामद किए गए थे। NIA ने मौके पर खड़े रहकर उससे पूछताछ की, कि इतनी बड़ी मात्रा में रसायन वहां किस वजह से रखा गया था, इसे कहां ले जाया जाना था और उसने इसे वहां तक कैसे पहुंचाया। मुजम्मिल ने बताया कि यह 50 कट्टे वह दो बार कार में भरकर यहां लेकर आया था और इन्हें इस स्थान पर जमा कर दिया गया था। दो बीज भंडारों की पहचान करवाई इसके बाद NIA मुजम्मिल को फरीदाबाद से सोहना लेकर गई। सोहना मंडी में उससे दो बीज भंडारों की पहचान करवाई गई। मुजम्मिल ने मौके पर बताया कि यही वे दो भंडार हैं जिनसे उसका संपर्क रहा था। टीम ने यहाँ भी उससे विस्तृत पूछताछ की। पूरी कार्रवाई के दौरान NIA की टीम फरीदाबाद में करीब ढाई से तीन घंटे और सोहना में लगभग 40-45 मिनट तक मुजम्मिल को विभिन्न लोकेशनों पर लेकर मौजूद रही। सभी स्थानों पर शिनाख्त और मौके पर पूछताछ पूरी करने के बाद टीम उसे वापस दिल्ली लेकर चली गई।  

कड़ी कार्रवाई: हरियाणा के तीन गांवों में अवैध निर्माण पर चला पीला पंजा, मकान ढहाए

पंचकूला  पंचकूला के पैरिफेरी नियंत्रित क्षेत्र में जिला नगर योजनाकार विभाग ने सोमवार को सख्त कार्रवाई करते हुए 3 गांव गरीड़ा, चरनिया और बाड़ में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों और मकानों को ध्वस्त कर दिया। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बिना अनुमति बनाए गए ढांचे और निर्माणों को बुलडोजर की मदद से गिराया। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार बरवाला संजीव अत्री ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद रहे, वहीं मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। नगर योजनाकार संजय नारंग ने बताया कि विभाग ने कॉलोनाइज़रों और संबंधित लोगों को पहले नोटिस जारी कर चेतावनी दी थी कि बिना सीएलयू और लाइसेंस के किसी भी प्रकार का निर्माण जारी न रखें। लेकिन निर्देशों का पालन न होने पर मजबूरन विभाग को यह कदम उठाना पड़ा। विभाग से अनुमति लेनी है अनिवार्य उन्होंने कहा कि नियंत्रित क्षेत्र में कॉलोनी विकसित करने या किसी निर्माण कार्य की शुरुआत करने से पहले नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग से आवश्यक अनुमति लेना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ विभाग आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई करता रहेगा।   नागरिकों को चेताया विभाग ने आम नागरिकों को भी चेताया कि वे बिना अनुमति वाली परियोजनाओं में निवेश न करें और किसी भी निर्माण से पूर्व विभागीय मंजूरी अवश्य लें, ताकि भविष्य में कानूनी कार्रवाई और नुकसान से बचा जा सके।

गणित शिक्षा में बड़ा कदम: हरियाणा में पहली बार राज्य स्तरीय ओलंपियाड, शिक्षकों को व्यापक प्रशिक्षण

चंडीगढ़  हरियाणा शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए एक नई पहल की शुरुआत की है। पहली बार प्रदेश स्तर पर गणित ओलंपियाड आयोजित किए जाएंगे। इसी उद्देश्य के तहत राज्य के 119 ब्लॉकों में प्रत्येक ब्लॉक से 5-5 गणित शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। प्रशिक्षित अध्यापक अब अपने-अपने विद्यालयों में विद्यार्थियों को ओलंपियाड के लिए तैयार करेंगे। विभाग की ओर से सभी गणित शिक्षकों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिनके अनुसार ओलंपियाड की प्रक्रिया स्कूल स्तर की परीक्षा से शुरू होगी। स्कूल स्तर पर चयनित विद्यार्थी आगे ब्लॉक, जिला और अंततः राज्य स्तर प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। शिक्षा विभाग का मानना है कि इस पहल से न केवल छात्रों की तार्किक क्षमता और गणितीय समझ मजबूत होगी, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं में भी उन्हें लाभ मिलेगा। 

हरियाणा कफ सिरप केस में बड़ी कार्रवाई, BJP नेता के बेटे की करोड़ों की संपत्ति सीज़

पानीपत  जम्मू सब जोनल प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हैल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड में पार्टनर हरियाणा के भाजपा नेता नीरज भाटिया की 1 करोड़ की सम्पति जब्त की है। जांच एजेंसी ने यह कार्रवाई जम्मू नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा कप सिरप मामले में नीरज भाटिया, निकेत कंसल और उनके सहयोगियों पर कोरक्स और कोडीन खांसी सिरप की दवा की नशे के रूप में आपूर्ति करने के आरोप लगाए गए थे। ई.डी. की जांच में पता चला कि कम्पनी द्वारा 2018 से 2024 तक बड़ी मात्रा में दवा एस.एस. इंडस्ट्रीज, कंसल इंडस्ट्रीज, नोवेटा फार्मा, कंसल फार्मास्यूटिकल्स और एन. के, फार्मास्यूटिकल्स को भेजी गई थी। ये सभी निकेत कंसल के लोगों की बताई गई है। इसी में एक पार्ट श्रीनगर निवासी रईस अहमद भटूट तक भी पहुंचा जिसके यहां से एन.सी.बी. ने जनवरी 2024 में भारी मात्रा में खांसी सिरप जब्त किए थे। नवीन के घर से बरामद किया था सामान प्रवर्तन निदेशालय की टीम फरवरी 2025 पानीपत पहुंची थी। टीम ने नीरज भाटिया के मॉडल टाउन स्थित आवास पर 17 घंटे सर्वे किया था। उनके आवास से छह लाख रुपये, ज्वेलरी के 50-60 खाली डिब्बे और विदेशी शराब मिली थी। घर में डिफेंडर समेत पांच गाड़ियां और दो विदेशी नस्ल के कुत्ते भी थे। टीम उनके घर से तीन बड़े बॉक्स और एक थैले में सामान ले गई थी। 

नवनिर्मित ‘पंचजन्य’ स्मारक राष्ट्र को समर्पित, प्रधानमंत्री मोदी व सीएम सैनी रहे उपस्थित

चंडीगढ़  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मंगलवार को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में कई महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने कुरुक्षेत्र में भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य शंख ‘पंचजन्य’ के सम्मान में नवनिर्मित स्मारक का भव्य लोकार्पण किया. यह स्मारक महाभारत काल की ऐतिहासिक विरासत और आध्यात्मिक महत्व को समर्पित है. समारोह के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मंगलवार को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में कई महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने कुरुक्षेत्र में भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य शंख ‘पंचजन्य’ के सम्मान में नवनिर्मित स्मारक का भव्य लोकार्पण किया. यह स्मारक महाभारत काल की ऐतिहासिक विरासत और आध्यात्मिक महत्व को समर्पित है. समारोह के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहे. इसके बाद पीएम नौवें सिख गुरु, गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष समारोह इस दौरे का प्रमुख आकर्षण है. पीएम गुरु तेग बहादुर के शहीदी दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे और उपस्थित जनसभा को संबोधित करेंगे. कुरुक्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए पूरा जिला हाई अलर्ट पर है. 14 IPS अधिकारी, 54 DSP और लगभग 5,000 पुलिसकर्मी सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात किए गए हैं. पुलिस की टीमें कार्यक्रम स्थलों, मार्गों और गीता महोत्सव परिसर की निगरानी कर रही हैं. DGP ओ.पी. सिंह ने सुबह व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर स्पष्ट निर्देश दिया कि पीएम की यात्रा के दौरान जरा भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. शहर भर में हाई-रेजोल्यूशन CCTV से निगरानी बढ़ा दी गई है, जबकि ड्रोन और ग्लाइडर के उड़ान पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है. ब्रह्मसरोवर में दर्शन-पूजन करेंगे पीएम दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री शाम 5:45 बजे ब्रह्मसरोवर में दर्शन-पूजन करेंगे. यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 के बीच हो रहा है, जिसके कारण कुरुक्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव का माहौल और अधिक भव्य हो गया है. पीएम मोदी ने किया ‘पंचजन्य’ स्मारक का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को हरियाणा की पवित्र भूमि कुरुक्षेत्र में भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य शंख ‘पंचजन्य’ के सम्मान में नवनिर्मित स्मारक का भव्य लोकार्पण किया. यह स्मारक महाभारत काल की ऐतिहासिक विरासत और आध्यात्मिक महत्व को समर्पित है. समारोह के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहे.