samacharsecretary.com

जल संकट से निपटने की तैयारी, सभी जलघर और तालाब भरने के निर्देश

चंडीगढ़ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गर्मी के मौसम के मद्देनजर प्रदेश के सभी हिस्सों में पीने के पानी की आपूर्ति को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। सभी तालाब, जलघर और अन्य जलाशय भरकर रखे जाएं। यह निर्देश मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को सचिवालय में जन स्वास्थ्य विभाग व सिंचाई विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ पेयजल व कृषि सिंचाई के लिए पानी की स्थिति की समीक्षा करते हुए दिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश व उत्तर प्रदेश से संबंधित किशाऊ सहित अन्य जल परियोजनाओं के संबंध में जल्द ही जल शक्ति मंत्रालय के साथ बैठक की जाएगी जिसमें इन राज्यों के अधिकारी भी शामिल होंगे।  मुख्यमंत्री ने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए प्रदेश के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में पेयजल व सिंचाई के पानी की कमी न रहने दी जाए। उन्होंने कहा कि पेयजल के लिए नहरों से जुड़े सभी जलघरों व तालाबों को भरकर रखा जाए। जहां ट्यूबवेल आधारित जलापूर्ति होती है वहां यदि कोई ट्यूबवेल खराब हो जाता है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर ठीक करवाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि जरूरत पड़े तो लोगों को टैंकर से भी पानी उपलब्ध करवाया जाए। बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस बार भाखड़ा बांध में पानी की स्थिति काफी अच्छी है। इस समय भाखड़ा बांध में पानी का लेवल 36 फुट अधिक है। हरियाणा ने भाखड़ा बांध से अपने कोटे का अभी तक केवल 75-76 प्रतिशत पानी ही इस्तेमाल किया है। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में जलघरों में पानी की उपलब्धता की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के 4000 एकल गांव आधारित जलघर हैं जबकि 2500 जलघर एक से अधिक गांवों के लिए हैं। उन्होंने बताया कि ये सभी जलघर नहरों से जुड़े हैं और फिलहाल इनमें पर्याप्त पेयजल उपलब्ध है। मुख्यमंत्री ने नहरों की सफाई, मरम्मत व पुननिर्माण कार्यों की भी समीक्षा की और यह सभी कार्य त्वरित गति से करवाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही इस संबंध में अतिरिक्त मुख्य सचिवों के साथ मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में स्ट्रीट लाइटें और फिरनी से संबंधित कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर करवाए जाएं। मानसून सीजन के मद्देनजर गांवों को जाने वाले रास्तों तथा गांव की फिरनियों पर पौधे लगवाए जाएं। गांवों में सरपंचों से भी ऐसे स्थानों की सूची मांगी जाए जहां पौधे लगाए जा सकें। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग तथा पंचायत विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार तथा जनस्वास्थ्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव जे.गणेशन सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

हरियाणा में पराली जलाने के मामले बढ़े, हजारों जगह खेतों में लगी आग

चंडीगढ़  हरियाणा-पंजाब सहित विभिन्न राज्यों में किसानों को फाने (गेहूं के फसल अवशेष) जलाने से रोकने के आदेश 'धुएं' में उड़ने लगे हैं। एक अप्रैल से अब तक पंजाब में 1759, हरियाणा में 1709, दिल्ली में 28, उत्तर प्रदेश में 13 हजार 378 और मध्य प्रदेश में 32 हजार 369 स्थानों पर गेहूं के फसल अवशेष जलाए जा चुके हैं। शुक्रवार को ही पंजाब में 341, हरियाणा में 144, दिल्ली में छह, उत्तर प्रदेश में 70 और मध्य प्रदेश में 158 स्थानों पर फाने जलाने के मामले सामने आए। हरियाणा में वर्ष 2023 के मुकाबले इस बार फसल अवशेष जलाने के मामले सात गुणा बढ़ गए हैं। धान सहित अन्य फसलों की बुआई के लिए खेतों को खाली करने की आपाधापी में किसान फसल अवशेषों को आग लगा रहे हैं। यह स्थिति तब है, जबकि फसल अवशेष जलाने वाले किसानों पर दो एकड़ तक पांच हजार रुपये, पांच एकड़ तक 10 हजार रुपये तथा इससे ज्यादा जमीन पर 30 हजार रुपये तक जुर्माने का प्रविधान है। साथ ही एफआईआर भी दर्ज कराई जा सकती है। प्रदेश सरकार ने अब तक मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर 552 किसानों के रिकॉर्ड में रेड एंट्री दर्ज की है, जिससे यह किसान दो सीजन तक न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर अपनी फसल नहीं बेच सकेंगे। इन्हें सब्सिडी का लाभ भी नहीं मिलेगा और कृषि यंत्रों पर मिलने वाली छूट रोक दी जाएगी। फसल की कटाई के उपरांत बचे हुए अवशेषों में आग लगाना एक गंभीर पर्यावरणीय संकट है, जो मानव स्वास्थ्य के लिए खतरा पैदा कर रहा है। फसल अवशेषों को जलाने से हवा में हानिकारक गैसें फैलती हैं जिससे सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होती हैं। मिट्टी में मौजूद पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं। सूक्ष्म जीवों और केंचुओं की संख्या कम हो जाती है जिससे मिट्टी की उर्वरता घटती है।

नौकरी बनाम रोजगार: बिहार में सरकार और विपक्ष के बीच बढ़ी राजनीतिक टकराहट

पटना  बंपर जीत के नायक और नीतीश कुमार की पसंद बने राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रोजगार पर अटैक शुरू कर दिया हे । इसका संकेत उन्होंने पहले ही कैबिनेट में नौकरी देने की घोषणा कर अपनी तेवर साफ कर दिया है। सम्राट चौधरी ने नौकरियों की बौछार के साथ-साथ रोजगार की वृद्धि के लिए चुनौती भी स्वीकार करते फर्स्ट कैबिनेट से ही सम्राट चौधरी ने न केवल राज्य सरकार के फोरम पर बल्कि निजी फोरम पर उद्योग का दरवाजा खोलने की उम्मीद दिखा दी है। मगर, सम्राट चौधरी के रोजगार से जुड़े फैसले पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तंज कसा है। नौकरियों का खोला पिटारा वो कहते हैं कि पूत के पांव पालने में ही झलकने लगते हैं। नौकरियों को लेकर बहुत कुछ ऐसा ही पहले कैबिनेट की बैठक से ही दिखने लगा। नीतीश नीत सरकार के स्लोगन के साथ मुख्यमंत्री बने सम्राट चौधरी ने अपना इरादा साफ कर लिया कि वे हर हाल में एक करोड़ जनता को रोजगार देंगे। घोषणाओं में नौकरी/रोजगार     बिहार पुलिस में दारोगा (एसआई) के 20,937 पदों पर बहाली और प्रोन्नति का रास्ता साफ। इनमें से 50 फीसदी पद पदोन्नति और 50 फीसदी सीधी नियुक्ति से भरे जाएंगे।     भागलपुर, मुजफ्फरपुर, बिहारशरीफ (नालंदा) और गया जैसे शहरों में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए यातायात पुलिस के 485 नए पद सृजित किए गए हैं। साथ ही पहले से सृजित 1,606 पदों को भी शामिल किया गया है।     बिहार के 208 प्रखंडों में खुलने वाले डिग्री कॉलेजों के लिए प्रति कॉलेज 44 पदों के हिसाब से कुल 9,152 पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है।     पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अंतर्गत अभियंत्रण संभाग का गठन और इसके लिए 63 नए पदों के सृजन की स्वीकृति दी गई है। रोजगार बढ़ाने पर जोर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नौकरी से ज्यादा महत्व रोजगार को दिया। इस लिहाजन उद्योगपतियों के साथ बैठक करने के बाद सम्राट चौधरी के निशाने पर फूड प्रोसेसिंग यूनिट है। बिहार सरकार (सम्राट चौधरी) ने राज्य में औद्योगीकरण और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर प्रोत्साहन और नौकरियों के अवसर की घोषणा की है। इनका मानना है कि मक्का, केला, मखाना की प्रोसेसिंग यूनिट बिठा कर रोजगार देने की दिशा में बिहार आगे बढ़ सकता है। राज्य की नई 'न्यू एज इंडस्ट्री' रणनीति के तहत 2 लाख से अधिक रोजगार सृजित करने की योजना है। तेजस्वी यादव को क्यों लगी मिर्ची? इन सबके बीच आरजेडी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि बिहार का नाम बदलकर 'श्रमिक प्रदेश' कर दिया जाना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नाम लिए बिना ही कहा कि नाम बदलने के विशेषज्ञ भाजपाइयों, खासकर बिहार के 'नए-नवेले मुख्यमंत्री' को नाम बदलकर 'श्रमिक प्रदेश' कर देना चाहिए। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बयान जारी कर आरोप लगाया कि बिहार पिछले 21 वर्षों में औद्योगिक उत्पादन में बेहद पीछे लेकिन लेबर सप्लाई में अव्वल रहा है। उन्होंने कहा कि राजग सरकार पलायन रोकने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है, जिससे बिहार के मजदूर मजबूर होकर घर से दूर रहने को विवश हैं। दरअसल, अलग-अलग डिपार्टमेंट में हाल के दिनों में कई वैकेंसी आई है। नौकरी को लेकर सम्राट चौधरी अपनी हर सभा में बयान दे रहे हैं। बिहार में लगभग 2.97 करोड़ परिवार हैं। तेजस्वी ने चुनावी वादे में हर घर में नौकरी की बात कही थी। रोजगार वाला मुद्दा हाईजैक होते देख तेजस्वी ने कहा कि बिहार का नाम बदलकर श्रमिक प्रदेश कर देना चाहिए।

राजस्थान पुलिस में हड़कंप, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग आईजी अचानक हुए गायब

जयपुर राजस्थान पुलिस महकमे में इन दिनों एक ऐसा मामला चर्चा का विषय बना हुआ है जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। अमूमन अपराधी गायब होते हैं और पुलिस उन्हें तलाशती है, लेकिन यहां तो 'कानून के रखवाले' और एक उच्च पदस्थ आईपीएस अधिकारी ही रहस्यमयी तरीके से लापता हैं। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के नवनियुक्त आईजी कालूराम रावत पिछले साढ़े तीन महीने से ड्यूटी से 'गायब' हैं। दिलचस्प बात यह है कि वे सिर्फ एक दिन की छुट्टी का मैसेज भेजकर गए थे, जो आज तक खत्म नहीं हुई। मैसेज में लिखा 'बुखार है', फिर नहीं लौटे पूरा मामला किसी फिल्मी पटकथा जैसा है। आईपीएस कालूराम रावत जुलाई 2025 में डीआईजी (पुलिस हाउसिंग) के पद पर तैनात थे। 12 जनवरी को उन्होंने अपने बॉस एडीजी (हाउसिंग) भूपेंद्र साहू को एक छोटा सा मोबाइल मैसेज भेजा। मैसेज में लिखा था कि 'बुखार होने के कारण आज कार्यालय नहीं आ सकूंगा।' विभाग को लगा कि साहब अगले दिन लौट आएंगे, लेकिन उस एक दिन के बाद से रावत न तो दफ्तर लौटे और न ही किसी के संपर्क में आए। बिना जॉइनिंग के ही हो गया प्रमोशन और तबादला मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हैरानी की बात यह है कि उनकी अनुपस्थिति के दौरान ही विभाग में पदोन्नति की प्रक्रिया हुई और वे डीआईजी से आईजी बन गए। 23 फरवरी को सरकार ने उनका तबादला आईजी (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग) के महत्वपूर्ण पद पर कर दिया। नियमानुसार उन्हें पुराने पद से रिलीव होकर नए पद का कार्यभार संभालना था, लेकिन साढ़े तीन महीने बीत जाने के बाद भी उन्होंने नए दफ्तर में अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है। मुख्यालय ने थमाया 'रिकॉल नोटिस', फोन भी बंद जब आईजी रावत लंबे समय तक ड्यूटी पर नहीं लौटे, तो एडीजी (सिविल राइट्स व एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग) लता मनोज ने डीजीपी ऑफिस को लिखित में इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस मुख्यालय की कार्मिक शाखा ने उन्हें 'रिकॉल नोटिस' जारी किया है। नोटिस में उन्हें तुरंत हाजिर होने की चेतावनी दी गई है, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। वर्तमान में उनका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है और पुलिस मुख्यालय का उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। जूनियर अफसरों में बढ़ी हलचल अधिकारी के इस तरह अचानक ओझल हो जाने से महकमे के जूनियर अफसर और कर्मचारी भी अचंभे में हैं। चर्चा है कि रावत पहले हमेशा अपनी छुट्टियों की विधिवत सूचना देते थे, लेकिन इस बार सिर्फ एक मैसेज ने पूरे मुख्यालय को उलझन में डाल दिया है। अधिकारी और उनके मातहत अब अपने-अपने स्तर पर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर साहब गए तो गए कहां?  

हैदराबाद में भिड़ेंगी SRH और KKR, प्लेइंग XI और पिच रिपोर्ट पर नजर

 हैदराबाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 45वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच खेला जाएगा। SRH ने इस संस्करण अब तक 9 मुकाबले खेले हैं। 6 मैच में उसे जीत और 3 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। KKR ने 8 मैच खेले हैं। 2 मैच में उसे जीत और 5 मुकाबलों में टीम को हार मिली है। ऐसे में आइए मैच से जुड़ी जरूरी बातों पर एक नजर डालते हैं। SRH के खिलाफ KKR का पलड़ा रहा है भारी IPL में SRH और KKR के बीच अब तक 31 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान SRH को 11 मैच में जीत मिली है। KKR 20 मुकाबले अपने नाम करने में सफल रही है। IPL 2026 में दोनों टीमों के बीच ये दूसरा मुकाबला होगा। पहले मैच में SRH को 65 रन से जीत मिली थी। IPL 2025 में दोनों टीमों के बीच 2 मैच हुआ। एक मैच KKR ने जीता और एक मैच में SRH को जीत मिली थी। इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है SRH की टीम SRH ने अपने पिछले 5 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। ऐसे में वह अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बड़ा बदलाव करने को नहीं देखेंगे। ट्रेविस हेड भी अपने लय में लौट आए हैं। KKR के खिलाफ वो एक जोरदार पारी खेलना चाहेंगे। गेंदबाजी में ईशान मलिंगा से काफी उम्मीदें होंगी। संभावित एकादश: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, नितीश रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), हर्ष दुबे, साकिब हुसैन, प्रफुल हिंगे और ईशान मलिंगा। इस संयोजन के साथ नजर आ सकती है KKR KKR ने अपने पिछले 2 मैचों में जीत दर्ज की है। ऐसे में वह भी अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बड़ा बदलाव नहीं करना चाहेगी। हालांकि, खराब फॉर्म में चल रहे टिम साइफर्ट की जगह रचिन रविंद्र को मौका मिल सकता है। रिंकू सिंह एक और शानदार पारी खेलना चाहेंगे। संभावित एकादश: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रचिन रविंद्र, कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा और कार्तिक त्यागी। ये हो सकते हैं इम्पैक्ट सब्स प्लेयर KKR: मनीष पांडे, फिन एलन, तेजस्वी सिंह, नवदीप सैनी और वरुण चक्रवर्ती। SRH: स्मरण रविचंद्रन, अनिकेत वर्मा, लियाम लिविंगस्टोन, शिवांग कुमार और हर्षल पटेल कैसी होगी पिच की स्थिति? राजीव गांधी क्रिकेट स्‍टेडियम की पिच पर गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिलती है। हालांकि, तेज गेंदबाजों की तुलना में स्पिन गेंदबाज थोड़े असरदार साबित होते हैं। तेज गेंदबाजों को विकेट चटकाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होंगे। एक बार बल्लेबाजों की यहां नजरें जम जाती है तो आसानी से बड़े-बड़े शॉट लगते हैं। हाउस्टेट के मुताबिक, यहां पहली पारी का औसत स्कोर 162 रन है। यहां सर्वोच्च स्कोर SRH (286/6 बनाम RR, 2025) ने ही बनाया है। कैसा रहेगा मौसम? एक्यूवेदर के मुताबिक, 3 मई को हैदराबाद में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने की उम्मीद है। मैच के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। मुकाबला दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा, ऐस में खिलाड़ियों को गर्मी से परेशानी होगी। इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजरें SRH के लिए क्लासेन ने पिछले 10 मैचों में 74.14 की औसत से 519 रन बनाए हैं। अभिषेक के बल्ले से पिछले 10 मैचों में 457 रन निकले हैं। KKR के लिए रिंकू ने पिछले 10 मैच में 142.07 की स्ट्राइक रेट से 233 रन बनाए हैं। गेंदबाजों में ईशान ने पिछले 10 मैच में 9.09 की इकॉनमी से 18 विकेट लिए हैं। KKR से नरेन ने पिछले 9 मैचों में 7.14 की इकॉनमी से 9 विकेट चटकाए हैं। कब और कहां देखें मुकाबला? SRH और KKR के बीच यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।  

सलमान खान का ‘टन टना टन’ गाना असल में गोविंदा को ध्यान में रखकर बनाया गया था

बॉलीवुड के दबंग सलमान खान पर कई शानदार गाने फिल्माए गए हैं। एक्टर पर फिल्माए ये गाने उनके फैंस और ऑडियंस के बीच अलग जगह जगह बनाए हुए हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं सलमान खान का एक ऐसा भी गाना है जिसे गोविंदा को ध्यान में रखकर गाया गया था। सिंगर के मुताबिक इस गाने में अगर सलमान की जगह गोविंदा होते तो ये ज्यादा बड़ा हिट होता है। आज भी ये गाना बहुत मशहूर है जिसे उनके फैंस हर पार्टी, फंक्शन में सुनते हैं। सलमान का हिट गाना साल 1997 में सलमान खान की फिल्म जुड़वा आई थी। इस फिल्म में सलमान ने डबल रोल किया था। रंभा और करिश्मा कपूर लीड किरदार में नजर आई थीं। इस फिल्म को डेविड धवन ने गाया था। इस फिल्म के लगभग सभी गाने पार्टी एंथम थे जो ऑडियंस के बीच खूब मशहूर हुए। गाने का म्यूजिक दिया था अनु मलिक थे। सलमान पर फिल्माया एक गाना था ‘टन टना टन टन टन टारा’। इस गाने को सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य ने गाया था। लेकिन असल में ये गाना उन्होंने गोविंदा को ध्यान में रखते हुए गाया था। गोविंदा के लिए गाया था ये गाना अभिजीत भट्टाचार्य ने अपने कई इंटरव्यूज में ये बताया था कि उन्हें एक दिन अनु मलिक का फोन आया और उन्होंने डेविड धवन की फिल्म के लिए गाना रिकॉर्ड करने के लिए कहा। सिंगर अभिजीत को लगा कि उन्हें लगा डेविड धवन की फिल्म है तो पक्का गोविंदा ही हीरो होंगे। तो उन्होंने गोविंदा को ध्यान में रखते हुए उनके हिसाब के एक्सप्रेशन गाने में दिए थे। अभिजीत ने ये भी कहा कि सलमान की जगह ये गाना अगर गोविंदा पर फिल्माया गया होता तो ज्यादा शानदार होता। उन्होंने कहा था कि गाने में सलमान के डांस पर फोकस किया गया जबकि ये फेशियल एक्सप्रेशन का गाना था। अभिजीत ने गोविंदा के लिए गाए ये गाने अभिजीत ने गोविंदा के लिए कई हिट गाने गाए। इसमें फिल्म शोला और शबनम का गाना ‘डोले डोले दिल मेरा बोले, फिल्म राजा बाबू से ‘अ आ इ ई, उ ऊ ओ’, फिल्म किस्मत का गाना 'कोई भी ना जाने', मैं जोरू का गुलाम बन के रहूंगा का टाइटल सॉन्ग, फिल्म हथकड़ी से गाना 'आनन फानन’ गाए हैं। गोविंदा के लिए गाए गए अभिजीत के ये गाने जबरदस्त हिट हुए थे। सुपरहिट थी फिल्म जुड़वा बता दें, फिल्म जुड़वा में सलमान खान ने डबल रोल प्ले किया था। इस फिल्म में सलमान के किरदारों प्रेम और राजा को ऑडियंस ने खूब पसंद किया। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट रही। आज भी टीवी पर इस फिल्म को पसंद किया जाता है।

तुम से तुम तक: राजीव भाटिया का सच सामने आते ही अनु ने तोड़ा रिश्ता

टीवी सीरियल तुम से तुम तक की कहानी में आखिकार राजीव भाटिया का सच सामने आ ही गया है। पिछले कुछ हफ्तों से अनु राजीव भाटिया का सच जानने की कोशिश कर रही थी। लेकिन इस बार उसे मंदिर में सब सच पता चलने वाला था। वो मंदिर गई जहां उसकी मुलाकात सिद्धि मां से हुई और पीर खुद आर्य वर्धन वहां पहुंच जाएगा। आर्य कहेगा कि अनु के दिमाग में इतना कुछ भरा हुआ था तो उसने पहले पूछ क्यों नहीं लिया। आर्य ये भी कहता है कि उसे डर है कि राजीव भाटिया का सच जानने के बाद वो उसे छोड़ न दे। अनु की नाराजगी जैसे ही आर्य वर्धन अपनी सच्चाई बताने जाएगा तभी वहां गायत्री मां सामने आ जाती है। अनु को सच पता चलता है कि आर्य ही राजीव भाटिया है। गायत्री आर्य की असली मां नहीं है। ये सच जानने के बाद अनु चुपचाप वहां से चली जाती है। अनु, आर्य से बातचीत भी बंद कर देती है। लेकिन आने वाले एपिसोड में अनु ये समझ पाएगी कि आर्य उससे सच्चा प्यार करता है और वो उससे झूठ बोलकर भी शादी कर सकता था। लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। बाद में अनु मान जाएगी। यहां जालंधर का प्लान फेल हो जाता है। सिमरन का रिश्ता आने वाले एपिसोड में एक और तगड़ा ड्रामा दिखाया जाएगा। दरअसल, सिमरन की मां रजनी को उसके और नील के अफेयर के बारे में सब पता चल गया है। रजनी ने बेटी को बिगाड़ने का आरोप अनु पर लगाया था। अब नए एपिसोड में दिखाया जाएगा कि रजनी ने सिमरन के लिए लड़के वालों को बुलाया है और वो उसकी शादी तय करने जा रही है। लेकिन सिमरन तो अनु और आर्य का इंतजार करेगी कि वो आकर उसकी मदद करे। लेकिन दूसरी तरफ आर्य अब नील का टेस्ट लेते दिखेगा। आर्य कहेगा कि उसे अपनी जान प्यारी है तो शहर छोड़कर चला जाए। लेकिन नील अपने प्यार के आगे किसी की नहीं सुनता। बाद में आर्य कहता है कि वो उसका टेस्ट ले रहा था। अब वो इस टेस्ट में पास हो चुका है। घर से भाग जाएगी सिमरन? आर्य और अनु इस रिश्ते के लिए रजनी को मनाने की कोशिश करेंगे। लेकिन रजनी नील के साथ बेटी के रिश्ते के लिए राजी नहीं होती। नए एपिसोड में दिखाया जा सकता है कि सिमरन और नील रजनी के खिलाफ जाकर भाग कर शादी कर लेते हैं। इसमें आर्य और अनु उनकी मदद करते हैं। इससे रजनी का दिल टूट जाएगा।

नकल विवाद से गरमाया परीक्षा केंद्र, छात्रों के बवाल के बाद परीक्षा स्थगित

पटना बिहार की राजधानी पटना के साइंस कॉलेज में शनिवार को एमबीबीएस की परीक्षा के दौरान एक बार फिर हंगामा हो गया। नकल करने के इरादे से परीक्षा देने आए छात्रों ने हंगामा कर दिया। वहीं, परीक्षार्थियों ने पेपर लीक का आरोप भी लगाया है। 3 घंटे तक चले हंगामे के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई। पटना साइंस कॉलेज में आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय की मेडिकल परीक्षा आयोजित की गई थी। यहां पीएमसीएच, एनएमसीएच और पावापुरी मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस स्टूडेंट्स परीक्षा देने पहुंचे थे। दो दिन पहले गुरुवार को भी परीक्षार्थियों द्वारा नकल किए जाने पर साइंस कॉलेज में हंगामा हुआ था, जिसके बाद कॉलेज प्रशासन ने परीक्षा लेने पर हाथ खड़े कर दिए थे। शनिवार को छात्रों ने आरोप लगाया कि एग्जाम शुरू होने से पहले ही पेपर लीक हो गया। कुछ छात्र मोबाइल फोन पर प्रश्न पत्र वायरल होने का दावा करने लगे। वहीं, दूसरी ओर कॉलेज प्रशासन से जानकारी मिली है कि छात्र परीक्षा में कदाचार करना चाहते थे। एग्जाम सेंटर पर वह बिना जांच के प्रवेश करना चाह रहे थे। जब जांच की जाने लगी तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। पटना साइंस कॉलेज में एमबीबीएस स्टूडेंट्स की परीक्षा शनिवार को सुबह 11 बजे से शुरू होनी थी। मगर परीक्षार्थियों के हंगामा के चलते दोपहर 1 बजे तक शुरू नहीं हो पाई। स्टूडेंट्स के आक्रोश के बाद परीक्षा को रद्द कर दिया गया। दो दिन पहले भी हुआ था भारी हंगामा 30 मई को भी पटना साइंस कॉलेज में एमबीबीएस परीक्षा के दौरान भारी हंगामा हुआ था। मेडिकल छात्रों द्वारा नकल करने पर अमादा रहने के बाद साइंस कॉलेज ने परीक्षा लेने से इनकार कर दिया था। एग्जाम शुरू होने के आधे घंटे बाद ही कॉलेज प्रशासन ने आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक को पत्र लिखकर परीक्षा नहीं लेने का फैसला सुना दिया था। परीक्षा केंद्र से सभी ऑर्ब्जवर और परीक्षक हट गए। इतना हंगामा होने के बाद भी मेडिकल छात्र जमकर नकल करते रहे और ढाई बजे तक पेपर देते रहे। साइंस कॉलेज की प्राचार्य प्रो. अलका ने बताया कि ऐसी परीक्षा आजतक मैंने नहीं देखी है। छात्रों को कदाचार करने से रोका गया तो अभद्र व्यवहार करने लगे। वहीं, गुरुवार को हुई नकल और कदाचार को देखते हुए साइंस कॉलेज ने शनिवार को कड़ी जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को सेंटर में प्रवेश देने का फैसला लिया। सुबह वापस छात्र इस जांच का विरोध करने लगे और कॉलेज के गेट के बाहर प्रदर्शन किया।

राजस्थान में मेट्रो विस्तार तेज, जयपुर में 10 नए एलिवेटेड स्टेशन बनेंगे

जयपुर  जयपुर मेट्रो के फेज-2 का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा है. अब तक जयपुर मेट्रो फेज-2 के लिए बैठकों का दौर चल रहा था. हाल ही में केंद्र ने जयपुर मेट्रो के सेकंड फेज को मंजूरी दी. दूसरे फेज में 41 किलोमीटर मेट्रो जोड़ने का काम होने वाला है. हालांकि भविष्य में इसे 125 किलोमीटर बनाने का है. जो साल 2055 तक का टारगेट है. जबकि 41 किलोमीटर मेट्रो को 2031 तक पूरा करने का टारगेट है. इस बीच केंद्र सरकार से 918 करोड़ की मंजूरी मिली है जिससे 12 किलोमीटर कॉरिडोर का निर्माण कराया जाएगा. सीएम भजनलाल शर्मा के निर्देश पर जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण को लेकर प्रक्रिया में तेजी आ गई है. राजधानी में सार्वजनिक परिवहन की रीढ़ मानी जा रही इस परियोजना के तहत अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है. 10 एलिवेटेड स्टेशनों का डिजाइन और निर्माण जयपुर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने फेज-2 के पहले पैकेज के लिए 918.04 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों हेतु स्वीकृति पत्र जारी कर दिया है. इस पैकेज में प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गोशाला तक करीब 12 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर का निर्माण शामिल है. इसके तहत एलिवेटेड वायाडक्ट और 10 एलिवेटेड स्टेशनों का डिजाइन और निर्माण किया जाएगा. इस कॉरिडोर में प्रहलादपुरा, मानपुरा, बीलवा कलां, बीलवा, गोनेर मोड़, सीतापुरा, जेईसीसी, कुंभा मार्ग, हल्दीघाटी गेट और पिंजरापोल गोशाला स्टेशन शामिल हैं. इसके साथ ही मेट्रो डिपो तक जाने वाली स्पर लाइन का निर्माण भी इसी पैकेज का हिस्सा होगा. 29 किलोमीटर के लिए भी जल्द निविदा प्रक्रिया शुरू मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कुल 41 किलोमीटर के प्रस्तावित नेटवर्क में से शेष 29 किलोमीटर के लिए भी जल्द निविदा प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि पूरे प्रोजेक्ट को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके. गौरतलब है कि इस मेट्रो परियोजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में 13,037.66 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली थी. इसके बाद राज्य स्तर पर उच्च स्तरीय बैठकों में इसके तेजी से क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए थे. अब स्वीकृति पत्र जारी होने के साथ ही जयपुर मेट्रो फेज-2 के धरातल पर उतरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिससे शहर के यातायात ढांचे में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है.

राजस्थान पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डिजिटल अरेस्ट और निवेश फ्रॉड गैंग के 3 आरोपी गिरफ्तार

कोटा राजस्थान के कोटा ग्रामीण पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन म्यूल हंटर” के तहत ठगी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. जिसमें पिछले 10 दिनों में 4 प्रकरण दर्ज कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह से जुड़े बैंक खातों में देशभर में करीब 70 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के लेन-देन के प्रमाण मिले हैं. डिजिटल अरेस्ट और निवेश के नाम पर बिछाया जाल  पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के मुताबिक, यह गिरोह ऑनलाइन फॉरेक्स ट्रेडिंग, शेयर मार्केट निवेश, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन टास्क पूरा करने के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर ठगी करता था.आरोपी नवनीत विजयवर्गीय कोटा के महावीर नगर का रहने वाला है जबकि सलमान अहमद तलवंडी क्षेत्र का रहने वाला है वही एक नाबालिग को भी निरूद्ध किया गया है . आरोपी भोले-भाले लोगों को लालच देकर उनके बैंक खाते और सिम कार्ड हासिल करते थे, जिन्हें बाद में साइबर फ्रॉड में इस्तेमाल किया जाता था. पेंशन के बहाने 58 करोड़ का 'खूनी' लिंक जांच में सामने आया कि अलग-अलग मामलों में करोड़ों रुपये की ठगी की गई. एक मामले में पेंशन चालू करवाने के बहाने सिम और बैंक डिटेल लेकर करीब 58 करोड़ रुपये की साइबर ठगी से लिंक मिला. वहीं अन्य मामलों में 1.69 करोड़, 71 लाख और करीब 9.71 करोड़ रुपये के ट्रांजैक्शन सामने आए हैं. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन और 3 सिम कार्ड जब्त किए हैं. गिरफ्तार आरोपियों में कोटा शहर और ग्रामीण क्षेत्र के युवक शामिल हैं, जो व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप के जरिए देशभर के साइबर गिरोहों से जुड़े हुए थे.  साइबर सेल ने किया खुलासा इस कार्रवाई में सुल्तानपुर, इटावा, दीगोद और रामगंजमंडी थाना पुलिस सहित साइबर सेल की विशेष टीमों ने संयुक्त रूप से काम किया. पुलिस का कहना है कि अभियान लगातार जारी रहेगा और साइबर ठगों के पूरे नेटवर्क को खत्म किया जाएगा.