samacharsecretary.com

ग्वारीघाट स्टेशन पर मकर संक्रांति और वसंत पंचमी के मौके पर चार ट्रेनें रुकेंगी, श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ

 जबलपुर  मकर संक्रांति और वसंत पंचमी पर आसपास से श्रृद्धालु स्नान के लिए ग्वारीघाट पहुंचते है। उनकी आवाजाही की सुविधा के लिए इस बार रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। जबलपुर-नैनपुर रेलखंड पर संचालित चार एक्सप्रेस ट्रेनों का संबंधित दोनों तिथियों पर ग्वारीघाट रेलवे स्टेशन पर अस्थाई ठहराव घोषित किया है। इस संबंध में दक्षिण पूर्व मध्य रेल की ओर से दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए है। मकर संक्रांति पर 13 से 15 जनवरी और वसंत पंचमी पर 22 से 26 जनवरी तक चांदाफोर्ट सुपरफास्ट (त्रिसाप्ताहिक), शहडोल-नागपुर और रीवा-इतवारी एक्सप्रेस ग्वारीघाट स्टेशन पर रुकेगी। संबंधित तिथि पर आते-जाते दोनों तिथियों पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ग्वारीघाट में अस्थाई ठहराव रहेगा। ग्वारीघाट स्टेशन पर भी आवश्यक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। ग्वारीघाट से रिजर्वेशन भी उपलब्ध रेलवे ने श्रृद्धालुओं की सुविधा ने मकर संक्रांति और वसंत पंचमी के दौरान अस्थायी ठहराव वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में ग्वारीघाट से रिजर्वेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। संबंधित तिथियों पर यात्री एक्सप्रेस ट्रेनों का ग्वारीघाट स्टेशन तक एवं वहां से वापसी के लिए सीट आरक्षित करा सकते हैं। ट्रेनों के ठहराव और स्टेशन तक रिजर्वेशन की सुविधा से छिंदवाड़ा, गोंदिया, बालाघाट, कटनी से श्रृद्धालुओं का ग्वारीघाट तक पहुंचना आसान होगा। जबलपुर से भी जा सकेंगे श्रृद्धालु जबलपुर-नैनपुर रेलखंड पर वर्तमान में तीन पैसेंजर ट्रेन संचालित है। इनका शहर के अंतर्गत आने वाले मदन महल, गढ़ा स्टेशन और जमतरा पैसेंजर हाल्ट में ठहराव है। ग्वारीघाट, जमतरा में रुकने वाली एक डेमू ट्रेन का संचालन भी गढ़ा-गोंदिया के बीच होता है। चार एक्सप्रेस ट्रेनों को अस्थायी ठहराव से ग्वारीघाट स्टेशन तक आवाजाही के विकल्प बढ़ गए हैं। ग्वारीघाट मार्ग पर जाम में फंसने से बचने के बजाय ट्रेन से श्रृद्धालु ग्वारीघाट पहुंच सकते हैं। इन ट्रेनों का ठहराव और ग्वारीघाट स्टेशन पर टाइमिंग     नागपुर-नैनपुर-शहडोल एक्सप्रेस (11201) दोपहर 3.30-03:32 बजे।     शहडोल-नैनपुर-नागपुर एक्सप्रेस (11202) सुबह 09:49-09:51 बजे।     इतवारी-सिवनी-रीवा एक्सप्रेस (11755) मध्यरात्रि 02:47-02:49 बजे।     रीवा-सिवनी-इतवारी एक्सप्रेस (11756) रात 10:59-11:01 बजे।     इतवारी-गोंदिया-रीवा एक्सप्रेस (11753) मध्यरात्रि 02:47-02:49 बजे।     रीवा-गोंदिया-इतवारी एक्सप्रेस (11754) रात 10:59-11:01 बजे।     चांदा फोर्ट-जबलपुर सुपरफास्ट (22173) रात 9:30-9:32 बजे।     जबलपुर-चांदाफोर्ट सुपरफास्ट (22174) सुबह 5:49-05:51 बजे।  

जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट: LoC के पास पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए, सेना ने की सख्त जवाबी कार्रवाई

राजौरी: जम्मू-कश्मीर के नौशेरा-राजौरी सेक्टर में लाइन ऑफ कंट्रोल के पास कुछ ड्रोन देखे गए. इनके पाकिस्तान के होने का शक है. इस घटना के बाद भारतीय सेना ने काउंटर-अनमैंड एरियल सिस्टम के उपाय किए. इसके बाद ये ड्रोन वापस चले गए. रिपोर्ट के अनुसार रविवार शाम को जम्मू-कश्मीर के सांबा, राजौरी और पुंछ जिलों में इंटरनेशनल बॉर्डर (IB) और लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के पास कई फॉरवर्ड इलाकों में संदिग्ध ड्रोन की हलचल देखी गई, जिनके पाकिस्तान के होने का शक है. सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से बताया कि ये उड़ने वाली चीजें बॉर्डर के पाकिस्तान की तरफ से आई और कुछ मिनट तक भारतीय इलाके के ऊपर मंडराने के बाद वापस चली गई. संदिग्ध ड्रोन गतिविधि देखे जाने के बाद जमीन पर तलाशी अभियान भी शुरू किया गया. सेना के जवानों ने शाम करीब 6:35 बजे गनिया-कलसियां ​​गांव के ऊपर ड्रोन की हलचल देखने पर मीडियम और लाइट मशीन गन से फायरिंग की. उसी समय, राजौरी के टेरियथ में खब्बर गांव में एक और ड्रोन देखा गया. अधिकारियों ने बताया कि यह उड़ने वाली चीज, जिसमें टिमटिमाती रोशनी थी, कलाकोट के धर्मसाल गांव की दिशा से आई थी, और फिर भरख की ओर आगे बढ़ी. एक और ऐसी ही चीज, जिसमें टिमटिमाती रोशनी थी, शाम करीब 7:15 बजे चक बबरल के ऊपर कई मिनट तक मंडराती हुई देखी गई. एक और ऐसी ही चीज पुंछ में एलओसी के पास मनकोट सेक्टर में टैन से टोपा की ओर जाती हुई देखी गई. इस घटना के बाद भारतीय सेना के जवानों ने काउंटर-अनमैंड एरियल सिस्टम के उपाय भी किए, जिससे उन्हें वापस लौटना पड़ा. बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शनिवार को सांबा जिले के पालूरा गांव में सीमा के पास से हथियार और गोला-बारूद का एक जखीरा बरामद होने के बाद एक जॉइंट सर्च ऑपरेशन शुरू किया. इस जखीरे में चीन में बनी एक 9 एमएम पिस्टल जिसके साथ दो मैगजीन, एक ग्लॉक 9एमएम पिस्टल जिसके साथ एक मैगजीन थी और एक चीनी हैंड ग्रेनेड जिस पर एपीएल एचजीआर 84 लिखा था, शामिल था. पुलिस के मुताबिक पैकेट से कुल सोलह 9एमएम कारतूस भी बरामद किए गए.

राज ठाकरे की विवादित चेतावनी, यूपी-बिहार के लोगों को कहा-

मुंबई  MNS यानी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश और बिहार का मुद्दा छेड़ दिया है। उन्होंने हिंदी भाषा को लेकर चेतावनी दी है कि वह अन्य राज्यों से आने वाले अप्रवासियों को 'लात मारकर' बाहर कर देंगे। रविवार को राज ने चचेरे भाई उद्धव ठाकरे के साथ मिलकर रैली की। बृह्नमुंबई महानगरपालिका चुनाव के लिए 15 जनवरी को मतदान होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राज ने कहा, 'यूपी और बिहार के लोगों को समझना चाहिए कि हिंदी आपकी भाषा नहीं है। मुझे भाषा से नफरत नहीं है, लेकिन अगर आप इसे थोपने की कोशिश करेंगे, तो मैं आपको लात मारकर बाहर कर दूंगा।' उन्होंने कहा, 'वो हर तरफ से महाराष्ट्र में आ रहे हैं और आपका हिस्सा ले जा रहे हैं। अगर जमीन और भाषा चली गई, तो आप खत्म हो जाएंगे।' उन्होंने कहा, 'यह मराठी मानुष के लिए आखिरी चुनाव है। अगर आप आज मौका छोड़ देते हैं, तो आप खत्म हो जाएंगे। मराठी और महाराष्ट्र के लिए एक हो जाएं।' उन्होंने कहा, 'मुंबई कई लोगों की कुर्बानी के बाद मिली है। हम उन लोगों को क्या जवाब देंगे।' इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए भी निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा, 'सुबह 6 बजे के लिए तैनात किए गए बीएलए तैयार रहें। अलर्ट रहें, चौकस रहें, लापरवाही न बरतें। अगर कोई भी दोबारा वोट करने आता है, तो उन्हें बाहर फेंक दें।' उद्धव ठाकरे ने क्या कहा राज के बाद रैली को संबोधित करते हुए शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख ने सवाल उठाया कि क्या भाजपा मुंबई का नाम बदलकर 'बंबई' रखना चाहती है। उन्होंने इसके लिए तमिलनाडु के भाजपा नेता के अन्नामलाई की टिप्पणियों का हवाला दिया। चुनाव से पहले भाजपा पर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए उद्धव ने कहा, 'भाजपा का हिंदुत्व और राष्ट्रवाद नकली है।' उन्होंने कहा, 'भाजपा एक ऐसी पार्टी बन गई है जो राष्ट्र को पहले रखने की बजाय भ्रष्टाचार को पहले रखती है।'

‘खोसला का घोसला 2’ की शूटिंग में अनुपम खेर का जोश बरकरार, ठंड में भी जारी है काम

मुंबई   बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'खोसला का घोसला 2' की शूटिंग में व्यस्त हैं। सोमवार को उन्होंने बताया कि वे दिल्ली एनसीआर में इसकी शूटिंग में व्यस्त हैं। अभिनेता अनुपम खेर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें वे कार में बैठे नजर आ रहे हैं। दिल्ली की ठंड का आनंद लेते हुए वे पुराने जमाने का गाना 'पुकारता चला हूं मैं' सुन रहे हैं। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, "खोसला का घोसला शूट। गुरुग्राम 5 डिग्री।" बात करें गाने 'पुकारता चला हूं' की, तो यह साल 1965 की फिल्म 'मेरे सनम' में फिल्माया गया था। गाने में आशा पारेख और विश्वजीत चटर्जी ने अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरा था। इसे मोहम्मद रफी ने गाया था और ओपी नय्यर ने इसका म्यूजिक डायरेक्ट किया था। मजरूह सुल्तानपुरी ने इसके लिरिक्स लिखे थे। अभिनेता सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं, वे आए दिन सोशल मीडिया पर अपनी जिंदगी से जुड़े अपडेट और फिल्म को लेकर पोस्ट शेयर करते रहते हैं। इससे पहले भी अभिनेता फिल्म को लेकर कुछ पोस्ट शेयर कर चुके हैं। बता दें कि 'खोसला का घोसला 2' अनुपम खेर की 550वीं फिल्म है। इसकी पहली किस्त साल 2006 में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस में काफी अच्छी कमाई भी की थी। दिबाकर बैनर्जी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अनुपम खेर, बोमन ईरानी, विजय पाठक, रणवीर शौरी और प्रवीण डबास ने अहम भूमिका निभाई थी। डार्क कॉमेडी वाली यह फिल्म कल्ट बन गई थी। 'खोसला का घोसला 2' कहानी को आगे बढ़ाएगी, जिसमें परिवार, प्रॉपर्टी और हास्य का तड़का रहेगा। निर्देशक उमेश बिष्ट इसे और मजेदार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। फैंस को उम्मीद है कि यह सीक्वल भी पहले जैसी हिट साबित होगी। बताया जाता है कि 'खोसला का घोसला 2' की शूटिंग शुरू हो चुकी है और साल 2026 में इसकी रिलीज की आशंका जताई जा रही है।

बरगी बांध पर संकट, 7 साल से रिसाव जारी, विशेषज्ञों ने दी ‘बड़ी आपदा’ की चेतावनी

जबलपुर  केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) और राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने रानी अवंती बाई सागर परियोजना (बरगी बांध) की गैलरी से लगातार हो रहे पानी के रिसाव को गंभीर खतरा बताया है। नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (एनवीडीए) को तीन दिन पहले सौंपी रिपोर्ट में संयुक्त जांच दल ने अनेक सवाल उठाए हैं। साथ ही एनवीडीए को नोटिस देकर 30 दिनों में जवाब मांगा है। निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर बांध सुरक्षा अधिनियम, 2021 की धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। क्या निकला रिपोर्ट में रिपोर्ट के अनुसार बरगी बांध के रखरखाव, निगरानी और सुरक्षा प्रबंधन में गंभीर खामियां हैं। टीम ने माना है कि बांध की स्थिति से लेकर खतरे तक को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक बांध की मैसनरी स्पिलवे गैलरी से वर्ष 2018 से रिसाव बना हुआ है। सात वर्षों बाद भी स्थायी समाधान नहीं किया गया। इस पर राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण ने एनवीडीए को चेतावनी दी है कि इतने लंबे समय तक रिसाव को नजरअंदाज करना बांध की संरचनात्मक मजबूती को कमजोर कर सकता है और भविष्य में बड़ी आपदा का कारण बन सकता है। निगरानी तंत्र कमजोर रिपोर्ट में बांध के सुरक्षा वर्गीकरण को भी भ्रामक बताया गया है। निरीक्षण दल के अनुसार, बरगी बांध को मामूली कमियों की श्रेणी में रखना वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाता। रिसाव के दबाव और व्यवहार को मापने के लिए आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों और प्रभावी निगरानी प्रणाली का अभाव है। साथ ही, अति-संवेदनशील क्षेत्रों में अनधिकृत लोगों की आवाजाही जारी है। बरगी बांध विस्थापित एवं प्रभावित संघ के राजकुमार सिन्हा ने भी इसे लाखों लोगों की जिंदगी से सीधा खिलवाड़ बताया है। अधिकारियों का क्या कहना राजेश सिंह, ईई, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण का कहना है कि केंद्रीय जल आयोग और राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने सितंबर 2025 में निरीक्षण किया था। कुछ कमियां निकाली हैं, जिनका सर्वे किया जा रहा है। इसके बाद जांच करवाकर हम पता करेंगे कि कहां-कहां से पानी की रिसाव हो रहा है।  

यूपी के 25 शहरों में कड़कड़ाती ठंड, जानें कब मिलेगी सर्दी से राहत

लखनऊ यूपी में जनवरी की ठंड इस बार अलग ही रंग दिखा रही है. रातें गलन से कंपा रही हैं, जबकि दिन में खिली चटख धूप लोगों को कुछ घंटों की राहत दे रही है. तापमान के इस उतार-चढ़ाव ने आम जनजीवन को उलझन में डाल दिया है. हालत यह है कि सुबह और रात में लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं, जबकि दोपहर होते-होते वही लोग धूप में बैठकर सर्दी से राहत तलाशते नजर आ रहे हैं. राज्य के करीब 25 शहरों में बीती रात गलन ने लोगों की नींद उड़ा दी. ठंडी हवा भले ही तेज नहीं थी, लेकिन नमी और कोहरे के असर से ठंड हड्डियों तक महसूस की गई. खास बात यह रही कि दिन और रात के तापमान में करीब 15 डिग्री तक का अंतर दर्ज किया गया, जिसने मौसम को और ज्यादा असहज बना दिया. पछुआ थमी, धूप बनी राहत मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से पछुआ हवाओं की रफ्तार बेहद कम हो गई. इसी कारण दिन में धूप की तपिश ज्यादा महसूस हुई. सुबह से ही आसमान साफ रहा और चटख धूप निकलते ही लोगों ने राहत की सांस ली. राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में लोग सुबह की सर्दी झेलने के बाद दोपहर में पार्कों, छतों और खुले स्थानों पर धूप सेंकते दिखे. दुकानों, दफ्तरों और बाजारों में भी दोपहर के समय रौनक कुछ बढ़ी हुई नजर आई. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया. लखनऊ में अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को सर्दी से कुछ देर के लिए राहत जरूर मिली. रात का कहर अब भी जारी हालांकि, यह राहत सिर्फ दिन तक ही सीमित रही. जैसे ही सूरज ढला, गलन ने फिर से लोगों को अपनी गिरफ्त में ले लिया. लखनऊ में रात का न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया. वहीं, प्रदेश के सबसे ठंडे जिलों में मेरठ और बहराइच शामिल रहे. मेरठ में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बहराइच में यह 4.5 डिग्री तक गिर गया. इन जिलों में देर रात और सुबह के समय ठंड इतनी ज्यादा रही कि लोग बिना जरूरत घरों से बाहर निकलने से बचते नजर आए. ग्रामीण इलाकों में गलन का असर और ज्यादा दिखा. खेतों में ओस और नमी के कारण ठंड और तीखी महसूस हुई. सुबह-सुबह काम पर निकलने वाले मजदूरों और किसानों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी.   25 शहरों में ठंड का असर प्रदेश के जिन 25 शहरों में ठंड का असर ज्यादा देखा गया, उनमें लखनऊ, कानपुर, मेरठ, बहराइच, गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, आगरा, अलीगढ़, मथुरा, झांसी, फतेहपुर, सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, सुल्तानपुर, जौनपुर और बलिया जैसे जिले शामिल हैं. इन सभी इलाकों में रात और सुबह के समय गलन, कोहरा और नमी का असर साफ देखा गया. कई जगहों पर सुबह दृश्यता भी कम रही, जिससे वाहन चालकों को खास सतर्कता बरतनी पड़ी. राहत अस्थायी, फिर लौटेगा कोहरा मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि दिन की धूप से मिली राहत ज्यादा दिनों तक रहने वाली नहीं है. विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश में फिर से कोहरे और गलन का सिलसिला तेज हो सकता है. आने वाले दिनों में पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल तक घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में फिर से गिरावट दर्ज की जा सकती है. खासतौर पर रात और सुबह के समय ठंड का असर बढ़ेगा. बुजुर्गों और बच्चों के लिए चुनौती तेजी से बदलते इस मौसम का सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों पर पड़ रहा है. डॉक्टरों के अनुसार दिन और रात के तापमान में ज्यादा अंतर होने से सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार और सांस से जुड़ी समस्याएं बढ़ रही हैं. सरकारी अस्पतालों और निजी क्लीनिकों में सर्दी से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. चिकित्सकों की सलाह है कि लोग सुबह और रात के समय गर्म कपड़े पहनकर ही बाहर निकलें और दिन में धूप का सही इस्तेमाल करें. अलाव बने सहारा ठंड से बचाव के लिए शहरी और ग्रामीण इलाकों में अलाव जलते नजर आए. बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार और चौराहों पर लोग अलाव के चारों ओर जमा होकर ठंड से राहत लेते दिखे. नगर निगम और स्थानीय प्रशासन की ओर से भी कुछ जगहों पर अलाव की व्यवस्था की गई है, लेकिन कई इलाकों में लोग अपने स्तर पर ही ठंड से बचाव के उपाय करते नजर आए. कब मिलेगी ठंड से राहत? मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक जनवरी के तीसरे सप्ताह के बाद ठंड के तेवर कुछ नरम पड़ सकते हैं. हालांकि, इससे पहले कोहरे और गलन के कई दौर अभी बाकी हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल दिन की धूप को ठंड से राहत मानना ठीक नहीं होगा. यह राहत अस्थायी है और मौसम का मिजाज किसी भी समय बदल सकता है. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे बदलते मौसम को हल्के में न लें. सुबह और रात के समय सावधानी बरतें, कोहरे में वाहन चलाते वक्त विशेष सतर्कता रखें और स्वास्थ्य का ध्यान रखें.

इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज: हाई ब्लड प्रेशर बन सकता है गंभीर बीमारियों की वजह

नई दिल्ली आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में हाई ब्लड प्रेशर एक बेहद आम और खतरनाक स्वास्थ्य समस्या बन गई है। तनाव और खराब खान-पान से भी यह लोगों को अपनी गिरफ्त में ले रहा है। इसे 'साइलेंट किलर' भी कहा जाता है, क्योंकि अक्सर इसके गंभीर लक्षण तब तक सामने नहीं आते जब तक यह धमनियों (Arteries) को नुकसान न पहुंचा दे। अनियंत्रित हाई बीपी दिल की बीमारियों, किडनी फेलियर और स्ट्रोक का खतरा काफी बढ़ा देता है। इसलिए, इसे नियंत्रित करने के लिए नियमित चेकअप और सही डाइट बहुत आवश्यक हैं। ज्यादातर मामलों में, शुरुआती हाई बीपी के लक्षण महसूस नहीं होते। हालांकि, जब ब्लड प्रेशर बहुत ज्यादा बढ़ जाता है, तो शरीर ये गंभीर संकेत दे सकता है, जिन्हें अनदेखा नहीं करना चाहिए।       तेज सिरदर्द, सिर के पिछले हिस्से में लगातार भारीपन या तेज दर्द।     चक्कर आना, थकान, बिना कारण कमजोरी महसूस होना, सिर चकराना।     धुंधली दृष्टि, अचानक सामने धुंधलापन छा जाना।     सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ, थोड़ा चलने पर भी सांस फूलना।     अचानक नाक से खून आना किन चीजों से करें सख्ती से परहेज? नमक की ज्यादा मात्रा नमक में मौजूद सोडियम ब्लड वॉल्यूम को बढ़ाकर धमनियों पर दबाव बढ़ाता है। (पापड़, अचार, और नमकीन स्नैक्स से बचें)। प्रोसेस्ड और डिब्बाबंद फूड्स चिप्स, फ्रोजन फूड और डिब्बाबंद सूप में प्रिजरवेशन के लिए भारी मात्रा में सोडियम और प्रिजर्वेटिव्स होते हैं। चीनी ज्यादा चीनी मोटापा बढ़ाती है और ब्लड वेसल्स को सख्त कर सकती है। इस वजह से कोल्ड ड्रिंक्स और पैकेज्ड जूस हानिकारक हैं।

राशिफल आज: सभी 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा आज का दिन

मेष: आज आपका आत्मविश्वास मजबूत रहेगा। कामकाज में फैसले तेजी से लेंगे और ज्यादातर सही साबित होंगे। ऑफिस में आपकी मेहनत और एक्टिवनेस नजर आएगी। आर्थिक स्थिति ठीक रहेगी, लेकिन जल्दबाजी में खर्च करने से बचें। परिवार का सहयोग मिलने से मन हल्का और मजबूत रहेगा। वृषभ : आज स्थिरता और आराम का दिन है। काम को धैर्य से निपटाएंगे और परिणाम आपके पक्ष में रहेंगे। पैसों से जुड़ा कोई फैसला सोच-समझकर लें। रिश्तों में भरोसा बढ़ेगा और परिवार के साथ समय अच्छा बीतेगा। सेहत सामान्य रहेगी। मिथुन : आज दिन व्यस्त रह सकता है। बातचीत, मीटिंग और संपर्क बढ़ेंगे। नौकरी या बिजनेस में नए मौके मिल सकते हैं। अचानक खर्च सामने आ सकता है, इसलिए बजट संभालकर चलें। दोस्तों से सहयोग मिलेगा, जिससे काम आसान होगा। कर्क: आज भावनाएं थोड़ी हावी रह सकती हैं। काम में मन लगाने के लिए खुद को संतुलित रखना होगा। परिवार के किसी सदस्य की बात आपको सोचने पर मजबूर कर सकती है। पैसों के मामले में स्थिति सामान्य रहेगी। खुद के लिए भी थोड़ा समय निकालें। सिंह: आज नेतृत्व क्षमता उभरकर सामने आएगी। ऑफिस में आपकी बात सुनी जाएगी और जिम्मेदारी मिल सकती है। करियर में आगे बढ़ने के संकेत हैं। आर्थिक स्थिति मजबूत रहेगी। रिश्तों में अहंकार से बचें, तभी तालमेल बना रहेगा। कन्या: आज जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं, लेकिन आप उन्हें संभाल लेंगे। करियर में मेहनत का असर दिखने लगेगा। पैसों की स्थिति धीरे-धीरे मजबूत होगी। परिवार में आपकी बातों को गंभीरता से लिया जाएगा। सेहत पर ध्यान दें। तुला: आज काम को लेकर फोकस रहेगा। जो काम अधूरे थे, उन्हें पूरा करने का मौका मिलेगा। ऑफिस में सीनियर आपकी मेहनत से खुश हो सकते हैं। पैसों में संतुलन बना रहेगा। सेहत को लेकर लापरवाही न करें। वृश्चिक: आज नए विचार और योजनाएं मन में आएंगी। कामकाज में कुछ अलग करने की सोच रहे हैं तो समय अनुकूल है। दोस्तों और सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा। खर्च नियंत्रण में रखें। मानसिक रूप से खुद को हल्का महसूस करेंगे। धनु: आज संतुलन बनाकर चलना जरूरी रहेगा। काम और निजी जीवन दोनों में तालमेल बनाना होगा। साझेदारी से जुड़े मामलों में बातचीत से समाधान निकलेगा। खर्च सोच-समझकर करें। रिश्तों में मधुरता बनी रहेगी। मकर: आज अंदरूनी ताकत और आत्मविश्वास महसूस करेंगे। करियर से जुड़ा कोई बड़ा फैसला लेने का मन बनेगा। पैसों के मामले में सुधार के संकेत हैं। परिवार में आपकी राय को महत्व मिलेगा। गुस्से पर काबू रखें। कुंभ: आज भाग्य का साथ मिलेगा। रुके हुए काम आगे बढ़ सकते हैं। यात्रा या किसी नए अवसर के योग बन रहे हैं। आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। रिश्तों में सकारात्मक माहौल रहेगा और मन उत्साहित रहेगा। मीन: आज मन शांत और संवेदनशील रहेगा। रचनात्मक कामों में मन लगेगा। करियर में धीरे-धीरे सुधार के संकेत हैं। पैसों के मामले में जोखिम न लें। परिवार और करीबी लोगों के साथ समय सुकून देगा।

राज्य ओपन स्कूल शिक्षा बोर्ड के नाम पर साइबर ठगी से रहे सावधान

राज्य ओपन स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जारी किया हेल्पलाइन 0755-2671066 नंबर भोपाल प्रदेश में राज्य ओपन स्कूल शिक्षा बोर्ड के परीक्षार्थियों के अभिभावकों से साइबर ठगों द्वारा ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। ठगों द्वारा स्वयं को बोर्ड से संबंधित बताकर परीक्षार्थियों को पास कराने के नाम पर धनराशि मांगी जा रही है। धोखाधड़ी की जा रही है। इधर, मामला सामने आने के बाद राज्य ओपन स्कूल शिक्षा बोर्ड ने विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए 0755-2671066 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया है कि जिन नामों से फोन कॉल किए जा रहे हैं, उस नाम का कोई भी व्यक्ति राज्य ओपन स्कूल शिक्षा बोर्ड में कार्यरत नहीं है। इस प्रकार से किसी को पास कराना पूर्णतः असंभव है। परीक्षार्थियों का परिणाम केवल उत्तर पुस्तिकाओं में लिखे गए उत्तरों के मूल्यांकन के आधार पर ही घोषित किया जाता है। राज्य ओपन स्कूल बोर्ड द्वारा ऐसे साइबर ठगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील है कि वे इस प्रकार के किसी भी प्रलोभन में न आएं और स्वयं तथा अपने बच्चों को साइबर ठगी से सुरक्षित रखें। किसी भी प्रकार की जानकारी, शिकायत अथवा सत्यापन के लिए बोर्ड द्वारा जारी किए गए हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है।  

BMC चुनाव में महायुति का बड़ा ऐलान, AI तकनीक से बांग्लादेशियों की होगी ट्रैकिंग

नई दिल्ली महायुति गठबंधन ने रविवार को मुंबई में होने वाले नगर निकाय चुनावों (BMC Elections) के लिए घोषणापत्र (मेनिफेस्टो) जारी किया, जिसमें टेक्नोलॉजी-आधारित शासन का वादा किया गया है। बेस्ट की बसों में महिलाओं के लिए किराए में 50 प्रतिशत की छूट और शहर को एआई की मदद से बांग्लादेशी प्रवासियों से मुक्त करने का वादा किया गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, जिन्होंने यह दस्तावेज जारी किया, ने कहा कि बीजेपी-शिवसेना-आरपीआई (ए) गठबंधन पुरानी नागरिक समस्याओं से निपटने और नागरिकों के मोबाइल फोन तक सेवाएं पहुंचाने के लिए जापानी टेक्नोलॉजी को स्थानीय प्रशासन के साथ जोड़ेगा। घोषणापत्र में भ्रष्टाचार को कम करने, क्लीयरेंस में तेजी लाने और सर्विस डिलीवरी में सुधार के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा, "शहर ने नागरिक शासन में 25 साल की अक्षमता देखी है, और अब मैं लोगों से कहना चाहता हूं कि हमें नागरिक प्रशासन में पारदर्शिता लाने का मौका दें।" फडणवीस ने कहा, "हमारा लक्ष्य भ्रष्टाचार मुक्त नगर निगम है और आपके मोबाइल पर नगर पालिका पहल और बिल्डिंग अप्रूवल में तेजी लाने और रियल एस्टेट सेक्टर में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए AI-संचालित प्लेटफॉर्म की रूपरेखा बताई। उन्होंने छात्रों को भविष्य के लिए तैयार कौशल से लैस करने के लिए सभी नगर निगम स्कूलों में एआई लैब का भी वादा किया। परिवहन और महिलाओं की सुरक्षा घोषणापत्र में प्रमुखता से शामिल थे। फडणवीस ने कहा कि गठबंधन का लक्ष्य बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) बेड़े को लगभग 5,000 से बढ़ाकर 10,000 बसें करना, इलेक्ट्रिक वाहनों पर स्विच करना और महिला यात्रियों के लिए किराए में 50 प्रतिशत की छूट देना है। उन्होंने कहा कि नई मिडी और मिनी सेवाएं मेट्रो और रेलवे स्टेशनों के आसपास लास्ट-माइल कनेक्टिविटी में सुधार करेंगी। फडणवीस ने कहा, "हम मुंबई को बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं से मुक्त करेंगे। आईआईटी की मदद से, हम बांग्लादेशी प्रवासियों की पहचान करने के लिए एक एआई टूल विकसित करेंगे।" उन्होंने कहा कि जलवायु कार्य योजना के लिए 17,000 करोड़ रुपये का वादा किया गया है, जिसके तहत एक सर्कुलर अर्थव्यवस्था तैयार की जाएगी। धारावी पुनर्विकास परियोजना के बारे में बात करते हुए, फडणवीस ने कहा कि क्षेत्र में छोटे व्यवसायों के अपग्रेडेशन को सुनिश्चित करने के लिए एक इकोसिस्टम बनाया जाएगा, और यहां तक ​​कि अयोग्य निवासियों को भी शामिल किया जाएगा। घोषणापत्र में बाढ़ मुक्त मुंबई योजना का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें वादा किया गया है कि जापानी तकनीकों को अपनाकर और IIT और VJTI जैसे संस्थानों के साथ मिलकर उपायों के माध्यम से पांच साल के भीतर शहर को जलभराव से मुक्त कर दिया जाएगा। फडणवीस ने कहा कि इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) का एक रिसर्च ग्रुप शहर की टोपोग्राफी का अध्ययन करेगा, और इस प्लान में चार नए अंडरग्राउंड बाढ़ के पानी के टैंक बनाना और मौजूदा ड्रेनेज लाइनों को ठीक करना शामिल है।