samacharsecretary.com

ग्रामीण राजनीति में BJP की एंट्री, ब्लॉक समिति चुनाव में पंजाब में हासिल की अहम सफलता

समराला पंजाब के जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनाव के नतीजों को राज्य के राजनीतिक भविष्य के लिए काफी अहम माना जा रहा है। इन चुनावों के जरिए भारतीय जनता पार्टी ने ग्रामीण राजनीति में एंट्री की है और पहली बार जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारे हैं। अब तक BJP ने दो सीटें जीती हैं और एक सीट पर BJP उम्मीदवार आगे चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी ने 2 ब्लॉक समिति सीटों पर जीत हासिल की है। समराला के समसपुर ब्लॉक समिति जोन से BJP उम्मीदवार परमजीत कौर 47 वोटों से जीती हैं। परमजीत कौर को कुल 904 वोट मिले थे। इसी तरह जैतो की एक सीट से भी BJP उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, 2027 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी की ग्रामीण राजनीति में एंट्री काफी अहम है, क्योंकि गांवों से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों का रिस्पॉन्स राजनीति को नई दिशा दे सकता है। समराला ब्लॉक के अब तक के नतीजे बागली ज़ोन से आम आदमी पार्टी के मंदीप सिंह जीते। उन्हें कुल 1132 वोट मिले और वे 334 वोटों के मार्जिन से जीते। इसी तरह, नागरा ज़ोन में अकाली दल के लखबीर सिंह को 984 वोट मिले और वे 248 वोटों से जीते। रूपालो ज़ोन में आम आदमी पार्टी के कैंडिडेट रणजोध सिंह को 873 वोट मिले और वे 233 वोटों से जीते। सलोदी ज़ोन से कांग्रेस कैंडिडेट सतविंदर कौर को 1108 वोट मिले और वे 364 वोटों से जीतीं। उटाला ज़ोन से आम आदमी पार्टी का कैंडिडेट पहले ही जीत चुका है, क्योंकि आम आदमी को छोड़कर बाकी सभी पार्टियों के पेपर रिजेक्ट हो गए हैं। समसपुर ज़ोन से BJP कैंडिडेट परमजीत कौर को 904 वोट मिले और वे 47 वोटों से जीतीं। सेह ज़ोन से आम आदमी पार्टी के कैंडिडेट इकबाल सिंह को 1005 वोट मिले और वे 237 वोटों से जीते। 

यूरोपीय देशों पर पुतिन का हमला: कहा—बदले की कोशिश नाकाम, कभी पूरा नहीं होगा उनका मंसूबा

रूस  रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पश्चिमी देशों, खासकर यूरोपीय यूनियन पर खुलकर हमला बोलते हुए उन्हें ‘छोटे सूअर’ करार दिया। एक टेलीविज़न संबोधन में पुतिन ने यूरोप पर रूस की कथित कमजोरी का फायदा उठाने और पुराने हिसाब चुकता करने की नाकाम कोशिश का आरोप लगाया।  पुतिन ने एक टेलीविज़न संबोधन में यूरोपीय देशों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यूरोप ने अमेरिका के बाइडन प्रशासन के साथ मिलकर रूस के पतन से फायदा उठाने की कोशिश की, लेकिन वह इसमें पूरी तरह नाकाम रहा। पुतिन ने यूरोपीय नेताओं का मज़ाक उड़ाते हुए उन्हें “यूरोपीय छोटे सूअर” बताया और कहा कि वे ऐतिहासिक बदले की भावना से प्रेरित होकर रूस के खिलाफ खड़े हुए लेकिन रूस को दबाने का उनका सपना कभी पूरा नहीं होगा। पुतिन ने कहा, “यूरोप के ‘छोटे सूअर’ बाइडेन प्रशासन के साथ मिलकर इस उम्मीद में काम कर रहे थे कि हमारे देश के पतन से उन्हें लाभ मिलेगा। वे वह सब वापस लेना चाहते थे, जो वे इतिहास के पिछले दौर में खो चुके हैं। यह बदले की कोशिश थी, जो असफल रही।” हालांकि कड़े और अपमानजनक शब्दों के तुरंत बाद पुतिन ने एक बार फिर कूटनीति का दरवाज़ा खुला रखने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि रूस पहले की तरह बातचीत और शांतिपूर्ण समाधान के लिए तैयार है। पुतिन ने यह भी जोड़ा कि अमेरिकी प्रशासन इस दिशा में कुछ हद तक तैयार दिखाई दे रहा है, और रूस को उम्मीद है कि यूरोप भी इसी रास्ते पर आगे बढ़ेगा। विश्लेषकों का मानना है कि पुतिन का यह बयान पश्चिम के खिलाफ आक्रामक नैरेटिव को मजबूत करने के साथ-साथ यह संदेश भी देता है कि रूस खुद को वैश्विक मंच पर अलग-थलग नहीं देखना चाहता।

भारतीय क्रिकेट की धूम: ICC टी20 रैंकिंग में तिलक वर्मा का उछाल, वरुण चक्रवर्ती शीर्ष पर

नई दिल्ली  तिलक वर्मा को साउथ अफ्रीका के खिलाफ जारी T20I सीरीज में धमाकेदार बैटिंग करने का इनाम ताजा आईसीसी टी20 रैंकिंग में मिला है। वह अब टीम इंडिया के स्टार ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के साथ टॉप-5 में पहुंच गए हैं। अभिषेक नंबर-1 की पोजिशन पर बने हुए हैं। तिलक वर्मा की इस छलांग से पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान और इंग्लैंड के जोस बटलर को 1-1 पायदान का नुकसान हुआ है। जोस बटलर तो टॉप-5 में बने हुए हैं, मगर साहिबजादा फरहान 6ठे पायदान पर खिसक गए हैं। वहीं गेंदबाजों की रैंकिंग में वरुण चक्रवर्ती नंबर-1 के पायदान पर बने हुए हैं, उन्होंने करियर हाईएस्ट रेटिंग भी हासिल कर ली है। तिलक वर्मा ने कटक में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले मैच में 26 रन बनाने के बाद पिछले हफ्ते न्यू चंडीगढ़ में 62 और धर्मशाला में 26 रन बनाए थे, उन्हें इस कंसिस्टेंट बल्लेबाजी का फायदा आईसीसी टी20 रैंकिंग में मिला है। तिलक वर्मा इसी साल जनवरी में टॉप-2 तक पहुंच गए थे, जो उनके करियर की बेस्ट रैंकिंग थी। साउथ अफ्रीका के कप्तान एडन मार्करम को ताजा टी20 रैंकिंग में 29 पायदान का फायदा हुआ है। उन्होंने भारत के खिलाफ तीसरे मैच में 61 रनों की पारी खेली थी, हालांकि उनकी पूरी टीम 117 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। जबकि क्विंटन डी कॉक की दूसरे T20I में मैच जिताने वाली 90 रनों की पारी ने उन्हें 14 स्थान ऊपर 53वें स्थान पर पहुंचा दिया है। T20I बॉलिंग रैंकिंग में चक्रवर्ती, जिन्होंने पिछले हफ्ते खेले गए दो T20I में दो-दो विकेट लिए, ने अपने खाते में 36 रेटिंग पॉइंट जोड़े हैं, जिससे उनका स्कोर करियर के बेस्ट 818 पॉइंट तक पहुंच गया है। दोनों टीमों के तेज गेंदबाज रैंकिंग में ऊपर आए हैं। भारत के बाएं हाथ के गेंदबाज अर्शदीप सिंह, जिन्हें धर्मशाला में 13 रन देकर दो विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था, चार स्थान ऊपर 16वें स्थान पर आ गए हैं, जबकि साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज मार्को जेनसेन (14 स्थान ऊपर 25वें स्थान पर) और लुंगी एनगिडी (11 स्थान ऊपर 44वें स्थान पर) ने भी तरक्की की है।  

प्रदूषण पर दोहरा रवैया? हरियाणा में हालात खराब, शीत-सत्र कटौती पर AAP ने सरकार को घेरा

चंडीगढ़  आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने हरियाणा विधानसभा के केवल तीन दिनों के शीतकालीन सत्र को लेकर भाजपा सरकार पर हमला किया है. उन्होंने कहा कि सिर्फ सत्र छोटा नहीं किया गया, बल्कि जनता के सवालों को दबाने की सोची-समझी साजिश रची गई है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जनता की समस्याओं पर चर्चा से बचने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए विधानसभा को मात्र औपचारिकता बनाकर रखा गया है. अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया कि हरियाणा की विधानसभा जनता की आवाज़ बनने के बजाय भाजपा और कांग्रेस की शेरो-शायरी का मंच बन चुकी है. जहां सदन में बेरोजगारी, अपराध, घोटाले और प्रदूषण जैसे गंभीर मुद्दों पर बहस होनी चाहिए थी, वहां मात्र कविताएं और तुकबंदी सुनाई दे रही हैं. उन्होंने कहा कि जनता ने विधायकों को कविता पाठ के लिए नहीं, सवाल पूछने और समाधान निकालने के लिए चुना है. NCR से सटे जिलों की हवा में जहर-आप अनुराग ढांडा ने हरियाणा में लगातार बिगड़ते प्रदूषण पर गहरी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश, खासकर NCR से सटे जिलों में हवा जहर बन चुकी है. रोहतक, पलवल, फरीदाबाद, हिसार जैसे शहरों में लोग सांस लेने में तकलीफ महसूस कर रहे हैं, बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर सीधा असर पड़ रहा है, अस्पतालों में मरीज बढ़ रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार और कांग्रेस विपक्ष दोनों इस जानलेवा संकट पर चुप्पी साधे हुए हैं. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हों या हरियाणा में नायब सिंह सैनी, दोनों जगह भाजपा सरकारें बढ़ते प्रदूषण पर आंख मूंदे बैठी हैं. जब लोगों को साफ हवा की ज़रूरत है, तब सरकारें जिम्मेदारी से भाग रही हैं. भाजपा के लिए प्रदूषण जनस्वास्थ्य का मुद्दा नहीं, बल्कि अनदेखी करने वाला विषय बन चुका है. अनुराग ढांडा ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि विपक्ष में बैठी कांग्रेस भाजपा के साथ अंदरखाने समझौता करके बैठी हुई है. अगर कांग्रेस सच में विपक्ष का धर्म निभा रही होती, तो सदन में प्रदूषण, बेरोज़गारी और अपराध पर तीखी बहस होती. लेकिन वास्तविकता यह है कि कांग्रेस सरकार से सवाल पूछने के बजाय उसे हर बार राहत देने का काम कर रही है, जिससे जनता को कोई उम्मीद नहीं बचती. अनुराग ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी मानती है कि प्रदूषण सिर्फ पर्यावरण का नहीं, बल्कि हरियाणा की जनता के जीवन और स्वास्थ्य का सीधा सवाल है. इस पर राजनीति नहीं, ईमानदार नीयत और ठोस काम की ज़रूरत है. आम आदमी पार्टी सदन के बाहर भी और सड़क से लेकर जनता के बीच तक हरियाणा के लोगों को ज़हरीली हवा से राहत दिलाने की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी.  

शहीदी सभा के लिए फतेहगढ़ साहिब पूरी तरह तैयार, सुरक्षा–स्वास्थ्य–यातायात के व्यापक इंतजाम

फतेहगढ़  मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फतेहगढ़ साहिब में शहीदी सभा के अवसर पर छोटे साहिबजादों और माता गुजरी जी की महान कुर्बानी को नमन करने के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए किए गए प्रबंध की जानकारी दी. सीएम मान ने बताया कि यहां संगत के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं, आवागमन, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था के अलावा सारे इंतजाम व्यापक स्तर पर किए गए हैं. सरकार की कोशिश है कि किसी भी श्रद्धालु को कोई कठिनाई न आए. यहां दुनिया भर से श्रद्धालु आते हैं. पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि संगत की बड़ी आमद को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं. उन्होंने बताया कि 20 आम आदमी क्लीनिक और 5 डिस्पेंसरी स्थापित की जा रही हैं जहां विशेषज्ञ डॉक्टर और अन्य स्टाफ मौजूद रहेंगे. उन्होंने कहा कि इन क्लीनिकों और डिस्पेंसरियों के लिए दवाइयां तथा अन्य सामान की व्यवस्था कर ली गई है. मुख्यमंत्री ने दशमेश पिता साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की महान कुर्बानी के बारे में भी बताया. उन्होंने कहा कि छोटे साहिबजादों ने अंतर्मन की आवाज के अनुसार धर्म अपनाने के मानवीय अधिकार की रक्षा के लिए दी गई अनुपम कुर्बानी मानव इतिहास में अनूठी घटना है. सिख इतिहास में इस कुर्बानी को छोटी जिंदगियों के बड़े साके के नाम से याद किया जाता है. इस साके को हुए भले ही तीन शताब्दियों से अधिक समय बीत गया हो, लेकिन समूचे सिख जगत द्वारा इसकी पीड़ा आज भी बड़ी तीव्रता से महसूस की जा रही है. शहर-शहर इंटर सिटी शटल बस सेवा मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शहर में संगत के आने-जाने के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा देने हेतु इंटर सिटी शटल बस सेवा शुरू की जाएगी और शहीदी सभा के दौरान 200 शटल बसें तथा 100 ई-रिक्शा संगत के लिए तैनात होंगे. भगवंत सिंह मान ने कहा कि ये बसें और ई-रिक्शा बाहर से आने वाली संगतों को पार्किंग स्थलों से गुरुद्वारा साहिब और अन्य स्थानों तक ले जाएंगे. उन्होंने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए इस बार गूगल कंपनी की सेवाएं भी प्राप्त की जा रही हैं जो फतेहगढ़ साहिब आने वाली सड़कों पर ट्रैफिक की स्थिति के बारे में सटीक जानकारी देगी ताकि किसी सड़क पर अधिक ट्रैफिक होने की स्थिति में तुरंत वैकल्पिक प्रबंध किए जा सकें. उन्होंने बताया कि वाहनों के ठहराव के लिए पांच बड़ी पार्किंग और 16 छोटी पार्किंग बनाई गई हैं. ड्रोन कैमरे गिद्ध की तरह नजर रखेंगे मुख्यमंत्री ने बताया कि 3300 से अधिक पुलिस जवान संगतों की सहायता के लिए ड्यूटी पर तैनात रहेंगे. पुलिस इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है. संगत की सुविधा के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर 0176-3232838 भी जारी किया गया है. शहर की प्रमुख जगहों पर 300 सी.सी.टी.वी कैमरे लगाए जा रहे हैं. शहर पर ड्रोन गिद्ध की तरह नजर रखेंगे. मोबाइल सेवाओं को सुचारू रखने के लिए मोबाइल कंपनियों द्वारा अस्थायी तौर पर टावर स्थापित किए जा रहे हैं. 60 एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड गाड़ियां तैनात होंगी ताकि किसी भी अप्रिय घटना से तुरंत निपटा जा सके. मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर की सफाई का काम सबसे महत्वपूर्ण होता है जिसके लिए विभिन्न जिलों से मशीनरी मंगवाकर सफाई करवाई जा रही है. उन्होंने बताया कि सफाई के लिए वॉलंटियरों की टीमें तैनात होंगी जो शिफ्टों में दिन-रात ड्यूटी निभाएंगी ताकि शहर की पवित्रता बनाए रखी जा सके. शहीदी सभा के दौरान फतेहगढ़ साहिब की पवित्र धरती पर विशाल रक्तदान शिविर लगाया जाएगा. यदि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से संगत की सुविधा के लिए किसी भी प्रकार की मांग की जाती है तो सरकार शिरोमणि कमेटी को पूरा सहयोग देगी.  

अहमदाबाद के स्कूलों को मिली धमकी, संदेश में लिखा ‘हम बदला लेंगे’ — खालिस्तानी कनेक्शन पर पुलिस की नजर

अहमदाबाद  बुधवार को अहमदाबाद के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। एकाएक आए इस धमरी भरे ईमेल ने सबके कान खड़े कर दिए। पुलिस बल के साथ बम स्क्वॉड भी पहुंचा, एहतियातन स्कूल खाली कराए गए और जांच अब भी जारी है। पुलिस के सूत्रों ने बताया कि बम से उड़ाने की धमकी देने वाले खालिस्तानी हो सकते हैं। उनके निशाने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का संसदीय क्षेत्र और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का साबरमती जेल भी थी। ईमेल में बदला लेने की बात भी कही गई है।   अहमदाबाद पुलिस के एक बयान के अनुसार, बुधवार को कई स्कूलों को एक ईमेल मिला जिसमें लिखा था, "हम बदला लेंगे"। संदेश की डरावनी प्रकृति को देखते हुए, स्कूलों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई की गई। संयुक्त पुलिस आयुक्त शरद सिंघल ने कहा, "पुलिस की टीमें संबंधित स्कूलों में मौजूद हैं और जांच कर रही हैं।" जिन स्कूलों को ये ईमेल मिले हैं, उनमें महाराजा अग्रसेन स्कूल, जाइडस स्कूल फॉर एक्सीलेंस और जेबर स्कूल सहित कई शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार, पुलिस अधिकारियों को संदेह है कि इन ईमेल के पीछे खालिस्तान से जुड़े तत्वों का हाथ हो सकता है, जिससे स्कूलों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। एक अभिभावक ने स्कूल की ओर से जारी किए गए नोटिस को साझा किया, जिसमें लिखा था: "आपको सूचित किया जाता है कि कुछ असुविधा के कारण, हमें विद्यालय परिसर को खाली करना पड़ रहा है। हम आपसे अनुरोध करते हैं कि जल्द से जल्द अपने बच्चे को आकर ले जाएं।" समाचार एजेंसी 'ANI' से बात करते हुए, एक पिता ने बताया कि सूचना मिलते ही वे मात्र 10 मिनट में स्कूल पहुंच गए। जब उनसे पूछा गया कि क्या स्कूल के सुरक्षा उपाय मानकों के अनुरूप हैं, तो उन्होंने सहमति जताते हुए कहा कि वे बेहतरीन हैं। उन्होंने यह भी बताया कि यदि किसी ने व्हाट्सएप मैसेज नहीं देखा था, तो स्कूल के शिक्षकों ने उन्हें तुरंत फोन करके जानकारी दी। अहमदाबाद से पहले भी देश के अन्य हिस्सों में स्कूलों को इसी तरह की धमकियां मिली थीं। अमृतसर, पंजाब (12 दिसंबर): यहां के कई स्कूलों को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली थी। ADCP-2 श्रीवेनेला के अनुसार, एंटी-सबोटेज (भंग-रोधी) जांच के बाद ये धमकियाँ फर्जी पाई गईं। दिल्ली (10 दिसंबर): दिल्ली के दो स्कूलों को बम की धमकी मिली थी। इसमें संस्कृति स्कूल को मिला ईमेल बेहद गंभीर था, क्योंकि उसमें सीधे तौर पर खालिस्तान आंदोलन का जिक्र था।  

गलियों के क्रिकेट से IPL की चमक तक: 22 वर्षीय अक्षत रघुवंशी को LSG ने खरीदा

अशोकनगर   कभी अशोकनगर जैसे छोटे से शहर की गलियों के मैदानों में क्रिकेट का हुनर दिखाने वाला 22 वर्षीय अक्षत रघुवंशी अब विश्व की सबसे प्रतिष्ठित क्रिकेट लीग IPL में जौहर दिखाएगा. उसे मंगलवार को हुई आईपीएल नीलामी में लखनऊ सुपर जॉइंट्स टीम के प्रबंधकों ने 2 करोड़ 20 लाख रुपए देकर अपनी टीम में शामिल किया है. मंगलवार शाम जैसे ही यह सूचना शहर में आई तो खुशी की लहर दौड़ गई. घर के बाहर हुई आतिशबाजी आईपीएल नीलामी में खिलाड़ी अक्षय का नाम आने के बाद अक्षत के घर पहुंच कर सैकड़ों लोगों ने उनके माता-पिता और परिवार के लोगों को शुभकामनाएं दीं. इसी दौरान सेन तिराहे पर स्थित उनके मकान के बाहर सैकड़ों लोगों का जमावड़ा लग गया. घर के बाहर जमकर आतिशबाजी हुई और लोगों ने उनके माता-पिता और परिजनों को मिठाई खिलाते हुए खुशियां मनाईं. शाहबाजपुर के छोटे किसान का बेटा है अक्षत मूल रूप से अशोकनगर जिले के शाहबाजपुर गांव के किसान केपी रघुवंशी का 22 वर्षीय बेटा अक्षत रघुवंशी बीते कुछ वर्षों से क्रिकेट में नए पायदान चढ़ रहा है. अपनी प्रारंभिक शिक्षा अशोकनगर में ही लेने के बाद अक्षत को उसके पिता ने क्रिकेट में रुचि देखते हुए इंदौर की एक क्रिकेट अकादमी में प्रवेश दिलाया था. इसके बाद अक्षत ने पलट कर नहीं देखा. कई प्रतिष्ठित क्रिकेट टीमों की ओर से खेलते हुए अक्षत ने बीते वर्षों में जब रणजी ट्रॉफी को मध्य प्रदेश की टीम ने जीता, तो इस प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की ओर से खेलते हुए अक्षत ने अहम भूमिका निभाई थी.  यहां तक पहुंचने वाला अशोकनगर का पहला खिलाड़ी अक्षत इसके बाद उसे मध्य प्रदेश की क्रिकेट टीम में अंडर 24 का कप्तान बनाया गया. हाल ही में हुई एक डोमेस्टिक लीग में अक्षत का प्रदर्शन शानदार रहा. जिससे उसने हर किसी का ध्यान खींचा. यही वजह रही कि जब आगामी आईपीएल लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी हुई तो उसे 2.20 करोड़ जैसी बड़ी रकम चुकाकर लखनऊ सुपर जॉइंट्स ने अपनी टीम में शामिल कर लिया. अक्षत की इस सफलता पर उसके परिजनों को शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है. यह पहली बार है कि क्रिकेट में अशोकनगर का कोई खिलाड़ी इस मुकाम तक पहुंचा है. बचपन से ही था क्रिकेट का शौक अक्षत के पिता केपी रघुवंशी ने बताया कि, ''हमारे बेटे को बचपन से ही क्रिकेट खेलने का शौक था. वह हमेशा ही हमसे क्रिकेट के बारे में ही बात करता था. हमारा सपना है कि वह इंडिया क्रिकेट टीम में खेले.'' वहीं, अक्षत की मां अनुसूइया रघुवंशी ने भी बताया कि, "अक्षत को जब पता चला की उसे लखनऊ की टीम ने खरीद लिया है तो सबसे पहले उसने हमसे फोन पर बात की. हमें बेहद खुशी है कि हमारा बेटा इस मुकाम तक पहुंचा है. जल्द ही हम उसे इंडिया क्रिकेट टीम में खेलते हुए देखना चाहते हैं.'' वहीं, अक्षत के पिता केपी रघुवंशी के मित्रों से उसने वीडियो कॉल पर भी बात की.

दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे पर अपडेट: यात्रा समय घटकर 2 घंटे, नितिन गडकरी का बड़ा ऐलान

नई दिल्ली  सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बड़ी खुशखबरी दी है। गडकरी ने बुधवार को कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद दिल्ली से उत्तराखंड की राजधानी की दूरी मात्र दो घंटे में तय की जा सकेगी और इसके उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से समय मांगा गया है।   नितिन गडकरी ने राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान एक पूरक प्रश्न के जवाब में उम्मीद जतायी कि यह एक्सप्रेसवे करीब पंद्रह दिनों में चालू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे बनाया है जिसके चलते मेरठ जाने में अब 45 मिनट लगते हैं जबकि पहले साढ़े तीन घंटे का समय लगता था। इस दौरान नितिन गडकरी ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की भी जानकारी दी और बताया कि यह कब तक चालू किया जा सकता है। गडकरी ने कहा कि सरकार अब दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे बनवा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर से इसके प्रायोगिक परिचालन को मंजूरी दे दी गयी है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग शुरू होने से दिल्ली से देहरादून दो घंटे में पहुंचा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इस मार्ग को शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से समय मांगा गया है, और यह पंद्रह दिन में शुरू हो जाएगा। इसके शुरू होने से दिल्ली-मेरठ मार्ग पर परिवहन काफी कम हो जाएगा। गडकरी ने कहा कि लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने मेरठ में अंदरूनी रिंग रोड बनाने का जो सुझाव दिया है, सरकार उस पर विचार करेगाी। वाजपेयी ने पूरक प्रश्न के जरिये सरकार से जानना चाहा था कि क्या वह मेरठ में अंदरूनी रिंग रोड बनाने पर विचार कर रही है? दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे एक निर्माणाधीन परियोजना है, जो लगभग 210 किमी लंबी है और दिल्ली से देहरादून की यात्रा को 6-7 घंटे से घटाकर केवल 2.5 घंटे कर देगी। इसका एक हिस्सा (अक्षरधाम से ईपीई जंक्शन तक) परीक्षण के लिए खोला जा चुका है।  

पारिवारिक और क्षेत्रीय जिम्मेदारियों का हवाला: रतलाम के जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने छोड़ा पद

रतलाम  रतलाम ग्रामीण कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपना इस्तीफा पीसीसी चीफ जीतू पटवारी को भेजा है. बता दें कि कल ही कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों की घोषणा हुई है, ऐसे में हर्ष विजय गहलोत का इस्तीफा होने से सियासी गलियारों में कई तरह की अटकलें भी चल रही हैं. हालांकि उन्होंने अपने इस्तीफे की वजह पारिवारिक और विधानसभा क्षेत्र में लगातार व्यस्तता को बताया है. जिसके बाद एमपी में भोपाल से लेकर रतलाम तक सियासी हलचल फिलहाल देखी जा रही है.  पूर्व विधायक हैं हर्ष विजय गहलोत   बता दें कि हर्ष विजय गहलोत कांग्रेस के पूर्व विधायक हैं, वह 2018 में रतलाम ग्रामीण सीट से विधायक बने थे. हालांकि 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. गहलोत को कांग्रेस ने अगस्त 2025 में बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए रतलाम ग्रामीण का जिलाध्यक्ष बनाया था. लेकिन अब उन्होंने इस पोस्ट से इस्तीफा दे दिया है. सियासी गलियारों में चर्चा चल रही है कि मनमुताबिक ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त न होने की वजह से भी इस्तीफा हुआ है. हालांकि अब तक इस पर कोई आधिकारिक बात सामने नहीं आई है. जीतू पटवारी दिसंबर 2023 में मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बने थे। इसके करीब 18 महीने बाद अगस्त 2025 में उन्होंने 71 जिला अध्यक्षों की घोषणा की थी। इसमें हर्ष विजय गहलोत का भी नाम शामिल है। उन्हें पहले से रिक्त रतलाम ग्रामीण का अध्यक्ष बनाया गया था। नियुक्ति के करीब 4 महीने बाद ही गहलोत ने पद से इस्तीफा दे दिया। 6 दिसंबर को आलीराजपुर के जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश पटेल ने इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने लिखा था कि व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा दे रहा हूं। मैंने अपने कार्यकाल में संगठन को मजबूत करने का पूरा प्रयास किया है। 780 ब्लॉक अध्यक्षों की हुई है नियुक्तियां  पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने 16 दिसंबर की रात में मध्य प्रदेश कांग्रेस के 780 ब्लॉक अध्यक्षों की घोषणा की है. पटवारी ने 2 साल का कार्यकाल पूरा होने पर ब्लॉक और उप ब्लॉक अध्यक्षों का ऐलान कर दिया है. लेकिन अगले ही दिन रतलाम ग्रामीण जिला अध्यक्ष का इस्तीफा आना बड़ी वजह माना जा रहा है. कांग्रेस का कहना है कि यह एक लंबी प्रक्रिया थी, जिसके बाद ब्लॉक अध्यक्षों का ऐलान किया गया है.  हर्ष विजय गहलोत ने अपना इस्तीफा पीसीसी चीफ जीतू पटवारी को भेजा है. उनका कहना है कि वह लगातार विधानसभा क्षेत्र में एक्टिव रहते हैं, जबकि पारिवारिक समस्याओं के चलते भी वह जिलाध्यक्ष के पद पर समय नहीं दे पा रहे हैं, ऐसे में उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया है. लेकिन उनके इस्तीफे से फिलहाल एमपी कांग्रेस में एक बार फिर सियासी हलचल देखने को मिल रही है.   एक दिन पहले ही हुई ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने 2 साल का कार्यकाल पूरा करते हुए मंगलवार को ही 780 ब्लॉक और उप ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की है। नियुक्ति के दूसरे ही दिन रतलाम जिला अध्यक्ष का इस्तीफा आ गया। कहीं न कहीं नियुक्ति में चूक हुई कांग्रेस जिला अध्यक्षों के इस्तीफा को लेकर बड़वानी के कांग्रेस विधायक मोंटू सोलंकी ने कहा कि संगठन सृजन अभियान में इतनी लंबी प्रक्रिया करके नियुक्तियां हुई और उसके बाद अध्यक्ष यदि इस्तीफा दे रहे हैं तो कहीं ना कहीं इसमें चूक है। हालांकि वे यह भी कहते हैं कि ऐसे मामलों पर संगठन संज्ञान लेगा।

योगी मंत्रिमंडल में बड़ा बदलाव? UP में तीसरे डिप्टी सीएम को लेकर सियासी हलचल

नई दिल्ली  उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी को नया अध्यक्ष मिल चुका है। इसके बाद अब कैबिनेट विस्तार की अटकलें चल रही हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश को जल्द नया उपमुख्यमंत्री मिल सकता है। इस पद के लिए पूर्व सांसद साध्वी निरंजन ज्योति को सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द किया जा सकता है। इस दौरान छह तक नए मंत्रियों को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। फिलहाल योगी सरकार में 54 मंत्री हैं, जबकि स्वीकृत संख्या 60 है।   मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस फेरबदल में कुछ मौजूदा मंत्रियों की छुट्टी भी हो सकती है। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी से बगावत कर चुके नेताओं को भी मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावना है। ऐसे दो से तीन नेताओं को शामिल किए जाने की चर्चा है। सूत्रों ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र और नोएडा से विधायक पंकज सिंह को भी मंत्री बनाए जाने पर विचार चल रहा है। इसके अलावा वर्तमान यूपी बीजेपी अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के भी राज्य मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। समाजवादी पार्टी के बागी नेताओं में पूजा पाल, मनोज पांडेय और महेंद्र सिंह के नाम चर्चा में हैं। वहीं, मंत्रिमंडल विस्तार में केवल बीजेपी ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) और अपना दल के नेताओं को भी प्रतिनिधित्व मिल सकता है। भूपेंद्र चौधरी फिर बनेंगे मंत्री? पंकज चौधरी के नए प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अब सबकी निगाहें भूपेंद्र चौधरी पर है, जो कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक जाट नेता की तौर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। वह प्रदेश अध्यक्ष से पहले योगी कैबिनेट में मंत्री भी थी। इस बात की संभावना है कि उन्हें फिर से मंत्री पद दिया जा सकता है। एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा, "BJP के पूर्व अध्यक्ष को कैबिनेट में शामिल करना तय है, क्योंकि ऐसा करना पश्चिमी UP में राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जाट समुदाय को भरोसा दिलाने के लिए राजनीतिक रूप से फायदेमंद है। यह एक ऐसा क्षेत्र है जहां चुनावी समीकरण बदलते रहते हैं।" आपको बता दें कि अगस्त 2022 में पार्टी संगठन में अध्यक्ष बनने से पहले, भूपेंद्र चौधरी सरकार में पंचायती राज मंत्री थे। नए नियुक्त BJP प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी OBC समुदाय से आते हैं, इसलिए पार्टी सामाजिक संतुलन बनाए रखने के लिए सरकार में एक अनुसूचित जाति (SC) नेता को महत्वपूर्ण पद पर लाने के विकल्प पर भी विचार कर रही है। सरकार में फिलहाल CM के बाद दो सबसे महत्वपूर्ण पद डिप्टी CM के एक पद पर OBC से केशव प्रसाद मौर्य और एक पद पर ब्राह्मण समुदाय के बृजेश पाठक हैं। ऐसी अटकलें हैं कि तीसरे डिप्टी CM की नियुक्ति की जा सकती है, जो इस बार SC समुदाय से होंगे।