samacharsecretary.com

भोपाल में कलियासोत नदी पर नया ब्रिज, जर्जर पुल को तोड़ा जाएगा

भोपाल भोपाल शहर में कलियासोत नदी पर भोपाल विकास प्राधिकरण सलैया प्रोजेक्ट में एक और ब्रिज बनाएगा। इसके लिए कलियासोत नदी व मौजूदा ब्रिज तक जमीन ली जा रही है। ताकि जर्जर पुल के स्थान पर नया पुल बन सके। इससे नर्मदापुरम रोड से बावड़िया कला, सलैया की ओर बेहतर कनेक्टिविटी हो सकेगी। दानिशकुंज ब्रिज होगा चौड़ा कलियासोत के दानिशकुंज ब्रिज को चार लेन किया जाएगा। इसके तहत करीब 70 मीटर लंबाई में दो लेन का हिस्सा बनेगा। अहिल्यादेवी चौराहा, मनीषा मार्केट से लेकर दानिशकुंज ब्रिज, चौराहा से सीआई स्क्वायर तक का हिस्सा चौड़ा होगा। सात किमी लंबाई का हिस्सा चार लेन में बन गया है, अब ब्रिज का चौड़ीकरण होना है। इस तरह मिलेगा लाभ भदभदा से कलियासोत डेम का रास्ता है। अमरनाथ के आगे सीपीए का अधूरा ब्रिज है। इसके बाद सर्वधर्म का ब्रिज चार लेन है। इससे आगे जेके अस्पताल के पास सहस्त्रबाहु ब्रिज है। बावड़िया से दानिशकुंज की ओर से कोलार को जोड़ने कलियासोत पर दो लेन ब्रिज हैं। ये चार लेन का होगा। इसके बाद सलैया का ब्रिज है। ये जर्जर है, इसे बीडीए नए सिरे से बनाएगा। कोलार से मिसरोद सीधे जुड़ेंगे बीडीए की तीन योजनाओं में कोलार को सलैया, बावड़िया के रास्ते मिसरोद व आसपास का क्षेत्र जुड़ेगा। इसके लिए संबंधित भू स्वामियों से बात कर जमीन निकाली जा रही है। ब्रिज बनने से आकृति से बावड़िया, कोलार सीधे जुड़ेगा। कोलार, मिसरोद को जोड़ने के लिए बीडीए की नए योजनाएं आ रही हैं। इसमें कई सड़क, पुल के निर्माण होंगे। नए ब्रिज का काम जल्द ही शुरू होगा। संजीव सिंह, प्रशासक, बीडीए

1 नवम्बर 2025 राशिफल: मकर राशि वालों को मिलेगा भाग्य का साथ, बाकी राशियों पर कैसा रहेगा असर

मेष राशि- आज दिन की शुरुआत ऊर्जा से भरपूर रहेगी। कुछ पुराने काम आज पूरे होंगे और राहत मिलेगी। बस जल्दबाजी में काम न करें, वरना ग़लती हो सकती है। किसी करीबी से दिल की बात कहने का मौका मिलेगा। पैसे को लेकर राहत की खबर भी मिल सकती है। शाम को मन शांति चाहेगा, तो खुद को थोड़ा वक्त दें। वृषभ राशि- आज काम में फोकस बनाए रखना जरूरी है। छोटे-छोटे कदम भी बड़ी सफलता दिला सकते हैं। परिवार में माहौल खुशनुमा रहेगा, लेकिन रिश्तों में इगो न आने दें। अगर मन बेचैन है तो थोड़ी देर टहल आएं- सब ठीक लगेगा। धन के मामले स्थिर हैं, बस अनावश्यक खर्च से बचें। मिथुन राशि- आज दिमाग तेज चलेगा और शब्दों में जादू रहेगा। लोगों को समझाने या अपने पक्ष में करने का दिन है। किसी पुराने दोस्त से मुलाकात हो सकती है जो दिल को सुकून देगी। काम के दबाव से तनाव हो सकता है, लेकिन थोड़ी सी योजना सब संभाल लेगी। शाम हंसी-मजाक में बीतेगी। कर्क राशि- आज भावनाएं ज्यादा हावी रह सकती हैं। किसी बात को दिल पर न लें। ऑफिस या घर में छोटी बात पर बहस से बचें। अगर किसी पुराने रिश्ते से जुड़ी बात सामने आए तो धैर्य रखें। हर जवाब आज नहीं मिलता। शाम को परिवार के साथ समय बिताना मन को सुकून देगा। सिंह राशि- आत्मविश्वास आज आपका सबसे बड़ा हथियार रहेगा। जो ठान लोगे, वो करके दिखाओगे। काम में सफलता मिलेगी और तारीफ भी। दोस्तों से सहयोग मिलेगा। प्रेम जीवन में मिठास बढ़ेगी। बस ध्यान रखें- ओवरकॉन्फिडेंस नुकसान कर सकता है। शाम को किसी शुभ खबर की उम्मीद है। कन्या राशि- आज जिम्मेदारियां थोड़ी बढ़ेंगी, लेकिन आप संभाल लोगे। किसी प्रोजेक्ट या परिवार से जुड़ा बड़ा निर्णय ले सकते हैं। सहयोगियों से तालमेल बढ़ेगा। धन की स्थिति में सुधार होगा। शाम तक मन हल्का रहेगा। शरीर पर थकान हावी हो सकती है।आराम जरूर करें। तुला राशि- आज दिन व्यवस्थित काम करने का है। योजनाएं बनाएं और उसी पर टिके रहें। ऑफिस में मेहनत रंग लाएगी। घर में कोई छोटी खुशखबरी मिल सकती है। सेहत को लेकर लापरवाही न करें। पेट या पाचन पर ध्यान दें। किसी बुजुर्ग की सलाह आज काम आएगी। वृश्चिक राशि- आज रचनात्मकता और नई सोच के साथ कार्य करेंगे। किसी दोस्त या सहकर्मी से प्रेरणा मिलेगी। काम के लिए दिन अच्छा है, लेकिन आलस्य से बचना होगा। मन में भावनाएं गहरी रहेंगी। लेखन, संगीत या ध्यान में मन लग सकता है। प्रेम जीवन में कोई नई शुरुआत संभव है। धनु राशि- आज संतुलन बनाए रखना सबसे जरूरी है- चाहे काम में हो या रिश्तों में। किसी करीबी से मुलाकात मन को खुशी देगी। पैसों के लेन-देन में सावधानी जरूरी है। प्रेम जीवन में किसी छोटी बात पर नाराजगी हो सकती है, लेकिन प्यार से बात कर लोगे तो सब ठीक रहेगा। मकर राशि- आज अपने भीतर की ऊर्जा को सही दिशा दें। किसी महत्वपूर्ण निर्णय का समय है- दिमाग और दिल दोनों से सोचें। पैसों को लेकर कोई राहत मिल सकती है। स्वास्थ्य ठीक रहेगा, लेकिन मानसिक थकान महसूस होगी। ध्यान या शांत संगीत मदद करेगा। किसी दोस्त से बातचीत राहत देगी। कुंभ राशि- आज का दिन उम्मीदों भरा रहेगा। कोई पुराना काम जो अटका था, अब गति पकड़ सकता है। करियर में नए अवसर दिखेंगे। यात्रा के योग भी हैं। प्रेम संबंधों में उत्साह बढ़ेगा। परिवार का सहयोग मिलेगा। बस खर्च सोच-समझकर करें, वरना बजट गड़बड़ा सकता है। मीन राशि- आज दिल और दिमाग दोनों में थोड़ा खींचतान रहेगा। कोई पुरानी बात मन को परेशान कर सकती है, लेकिन शाम तक सब ठीक हो जाएगा। करियर में सुधार के संकेत हैं। आर्थिक स्थिति सामान्य रहेगी। किसी करीबी की सलाह अमूल्य साबित हो सकती है। आज शांति से काम लें। भाग्य का पूरा साथ मिलेगा।

सुरक्षा के मद्देनज़र सिवनी हवाला कांड के 10 पुलिसकर्मी आरोपियों को केंद्रीय जेल नरसिंहपुर भेजा गया

नरसिंहपुर पड़ोसी जिले सिवनी के बहुचर्चित हवाला-डकैती कांड में आरोपी बनाए गए 10 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा कारणों से शुक्रवार को केंद्रीय जेल नरसिंहपुर में स्थानांतरित कर दिया गया है। इन सभी आरोपियों को जेल विभाग के विशेष निर्देश पर एक पुलिस वाहन के माध्यम से सिवनी से नरसिंहपुर लाया गया। सभी आरोपित 13 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इन आरोपियों को नरसिंहपुर जेल में शिफ्ट करने का मुख्य कारण यह बताया जा रहा है कि यदि उन्हें सिवनी की स्थानीय जेल में रखा जाता, तो वहां पहले से बंद इसी मामले से जुड़े अन्य आरोपियों के साथ किसी तरह के विवाद या अप्रिय घटना की आशंका थी।  आरोपियों के आने की सूचना नरसिंहपुर जेल प्रशासन को पहले ही मिल चुकी थी, जिसके चलते जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को अत्यधिक कड़ा कर दिया गया था। दोपहर के समय पुलिस वाहन के नरसिंहपुर पहुँचने पर, सभी आरोपियों को औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल में दाखिल किया गया। 10 पुलिसकर्मी किए गए शिफ्ट केंद्रीय जेल नरसिंहपुर में शिफ्ट किए गए 10 पुलिसकर्मियों में ये शामिल हैं: बंडोल थाना प्रभारी एसआई अर्पित भैरम लखनादौन एसडीओपी कार्यालय के प्रधान आरक्षक राजेश जंघेला, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक रविन्द्र सिंह उइके, माखन सिंह इनवाती आरक्षक: जगदीश यादव, योगेन्द्र चौरसिया, रीतेश वर्मा (एसडीओपी के वाहन चालक), नीरज राजपूत एसएएफ आरक्षक: सुभाष सदाफल और केदार सिंह। वहीं, इस मामले की मुख्य आरोपी निलंबित एसडीओपी पूजा पांडेय को नरसिंहपुर न भेजकर रीवा जेल में स्थानांतरित किया गया है। दो करोड़ से अधिक की हवाला राशि लूटने का आरोप गौरतलब है कि घटना 8-9 अक्टूबर की रात की है। सिवनी जिले में यह सनसनीखेज हवाला-डकैती कांड सामने आया था। इस घटना में कुल 11 पुलिसकर्मियों को आरोपी बनाया गया है। इन पर आरोप है कि उन्होंने कटनी और सतना से नागपुर व जालना ले जाए जा रहे 2 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपये की भारी हवाला राशि को लूट लिया था। इस घटना ने पूरे प्रदेश में पुलिस महकमे में सनसनी फैला दी थी।

सरकार की कमाल की फिस्कल मैनेजमेंट: आधे साल में घाटा सिर्फ 36.5% तक सीमित

नई दिल्ली  भारत का राजकोषीय घाटा चालू वित्त वर्ष के पहले छह महीनों (अप्रैल-सितंबर अवधि) में 5.73 लाख करोड़ रुपए रहा है, जो कि पूरे वर्ष के लिए बजट में निर्धारित लक्ष्य का 36.5 प्रतिशत है। यह जानकारी शुक्रवार को सरकार की ओर से जारी किए गए डेटा में दी गई। आंकड़ों के मुताबिक, राजकोषीय घाटा फिलहाल नियंत्रण में है और इससे अर्थव्यवस्था के लिए स्थिर वृद्धि का रास्ता तैयार होता है। अप्रैल से सितंबर के दौरान कुल प्राप्तियां 17.30 लाख करोड़ रुपए रही हैं, जबकि कुल व्यय 23.03 लाख करोड़ रुपए रहा। यह 2025-26 के बजट में निर्धारित लक्ष्य का क्रमशः 49.5 प्रतिशत और 45.5 प्रतिशत था। राजस्व प्राप्तियां 16.95 लाख करोड़ रुपए रही हैं, जिनमें से कर राजस्व 12.29 लाख करोड़ रुपए और गैर-कर राजस्व 4.66 लाख करोड़ रुपए रहा। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा केंद्र सरकार को 2.69 लाख करोड़ रुपए का लाभांश स्वीकृत किए जाने से गैर-कर राजस्व में वृद्धि हुई, जो पिछले वर्ष के ट्रांसफर 2.11 लाख करोड़ रुपए से अधिक है। इससे केंद्र सरकार को अपने राजकोषीय घाटे को और कम करने में मदद मिलेगी। कुल सरकारी खर्च अप्रैल-सितंबर अवधि में 23 लाख करोड़ रुपए रहा है, जो कि पिछले साल की समान अवधि में 21.1 लाख करोड़ रुपए था। यह राजमार्गों, बंदरगाहों और रेलवे क्षेत्रों में बड़ी इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं पर सरकार के बढ़ते खर्च को दर्शाता है, जो भू-राजनीतिक घटनाक्रमों और अमेरिकी टैरिफ उथल-पुथल से उत्पन्न बढ़ती आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच देश में आर्थिक विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2025 के बजट में राजकोषीय घाटे का लक्ष्य सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 4.9 प्रतिशत रखा है, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह 5.6 प्रतिशत था। घटता राजकोषीय घाटा अर्थव्यवस्था की मजबूती को दर्शाता है। इससे सरकार की उधारी में कमी आती है, जिससे बैंकिंग क्षेत्र में कॉर्पोरेट और उपभोक्ताओं को ऋण देने के लिए अधिक धनराशि बचती है, जिससे आर्थिक विकास में तेजी आती है।

सरकारी अस्पतालों में दवाओं की किल्लत, सौरभ भारद्वाज बोले—‘प्रणाली को ठीक करना जरूरी’

नई दिल्ली  आम आदमी पार्टी के नेताओं ने रियलिटी चेक कर दिल्ली सरकार पर आरोप लगाया कि दिल्ली में भाजपा सरकार आने के बाद सरकारी अस्पतालों की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। मुफ्त दवा, टेस्ट और सर्जरी जैसी मूलभूत सुविधाएं अब केवल नाम मात्र की रह गई हैं। 'आप' दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने बीते गुरुवार को राजीव गांधी अस्पताल का निरीक्षण किया था, वहीं शुक्रवार को कोंडली के विधायक कुलदीप कुमार ने लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने दावा किया कि यहां मरीजों को निर्धारित दवाइयों का आधा हिस्सा भी अस्पताल से नहीं मिल रहा है और ज्यादातर महंगी दवाएं बाहर से खरीदनी पड़ रही हैं। कुलदीप कुमार ने बताया कि डॉक्टरों द्वारा मरीजों को 8 से 10 दवाइयां लिखी जा रही हैं, लेकिन अस्पताल से केवल 1 या 2 सस्ती दवाइयां ही दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति भाजपा सरकार की नाकामी को उजागर करती है। केजरीवाल सरकार के समय में महंगी से महंगी दवाइयां, टेस्ट और सर्जरी पूरी तरह मुफ्त हुआ करती थीं। आम आदमी पार्टी के नेताओं का आरोप है कि निरीक्षण के दौरान कई मरीजों ने अपनी शिकायतें बताईं। एक बुजुर्ग मरीज ने कहा कि उन्हें केवल दो दवाइयां दी गईं, जबकि बाकी पर ‘कट’ लगाकर बाहर से लाने को कहा गया। एक अन्य मरीज ने शिकायत की कि सात दवाइयों में से केवल एक मिली, बाकी छह बाहर से खरीदनी पड़ीं। कुछ मरीजों ने यह भी बताया कि पहले सभी दवाइयां अस्पताल में मिल जाती थीं, पर अब 'बाहर से लो' कहकर भेज दिया जाता है। कुलदीप कुमार ने कहा कि इमरजेंसी में भी दवाइयों की भारी कमी है और मरीजों को जन औषधि केंद्र की ओर भेजा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने इन दुकानों को अस्पतालों के बाहर जानबूझकर खुलवाया है ताकि गरीब मरीजों से पैसे वसूले जा सकें। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा राज में सरकारी अस्पताल खुद बीमार हो गए हैं। प्रदूषण से बढ़ती बीमारियों और अस्पतालों में दवाइयां नहीं मिलने से दिल्लीवासियों पर दोहरी मार पड़ रही है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार में मरीजों को दवा, टेस्ट और सर्जरी सब कुछ मुफ्त मिलता था, जबकि अब वर्तमान सरकार ने गरीबों की जेब पर बोझ बढ़ा दिया है। विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि जमीनी सच्चाई यह है कि मरीजों को न दवाइयां मिल रही हैं, न टेस्ट फ्री हो रहे हैं। गरीब लोग सुबह से लाइन में लगते हैं और दोपहर तक दवा के लिए भटकते रहते हैं। 

राहत भरी खबर! हरियाणा के लाखों छात्रों के स्कूलों की मान्यता अब अगले साल तक मान्य

चंडीगढ़  हरियाणा सरकार ने राज्य के 1032 अस्थायी मान्यता प्राप्त स्कूलों को शिक्षण सत्र 2025-26 के लिए मान्यता का एक साल का विस्तार प्रदान कर दिया है। इस निर्णय से लगभग 3 लाख विद्यार्थियों को राहत मिली है, जिनकी बोर्ड परीक्षाएं मान्यता न मिलने की स्थिति में प्रभावित हो सकती थीं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा से कई बार मुलाकात के बाद निजी स्कूल संचालकों की यह मांग पूरी की गई। इन स्कूलों में अधूरी सुविधाओं और निर्धारित मानकों की अनुपालना न होने के कारण शिक्षा विभाग ने पूर्व में मान्यता रोक दी थी। विभाग का कहना है कि आगामी सत्र तक सभी स्कूलों को निर्धारित मानक पूरे करने होंगे, अन्यथा नए प्रवेश बंद कर दिए जाएंगे। माध्यमिक शिक्षा विभाग के अनुसार, जिन स्कूलों को विस्तार दिया गया है, वे 30 अप्रैल 2003 से पहले स्थापित हुए संस्थान हैं या फिर 30 अप्रैल 2003 से 31 मार्च 2007 के बीच हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी से मान्यता प्राप्त कर चुके हैं। सभी स्कूलों को इस विस्तार की शर्तों को स्वीकार करते हुए एक शपथपत्र (एफिडेविट) जमा कराना होगा। प्रदेश में 2003 से अस्थायी मान्यता प्राप्त स्कूलों को हर वर्ष एक-एक वर्ष का विस्तार मिलता आ रहा है। उस समय कुल 3200 स्कूल थे, जिनमें से 2106 संस्थान अब स्थायी मान्यता प्राप्त कर चुके हैं। शेष 1032 स्कूल अभी भी भूमि और अधोसंरचना संबंधी कमी के कारण मानक पूरे नहीं कर पाए हैं। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अस्थायी राहत अंतिम मानी जाए और आगामी शिक्षण सत्र तक सभी संबंधित संस्थानों को आवश्यक सुधार पूरे करने होंगे।

बिहार की राजनीति में नया ट्विस्ट! एनडीए की पीसी छोड़कर गए सभी बड़े नेता – अंदर क्या चला?

पटना  बिहार विधासनभा चुनाव में एनडीए का साझा संकल्प पत्र जारी करने के लिए पटना के होटल मौर्या में शुक्रवार सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, जीतनराम मांझी, राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा समेत एनडीए के सभी शीर्ष नेता मौजूद रहे। सुबह ठीक 10 बजे शुरू हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये सभी नेता एनडीए का संकल्प पत्र जारी कर वहां से कुछ ही मिनट में निकल गए। इनमें से किसी भी नेता ने पीसी को संबोधित नहीं किया। बाद में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने एनडीए के चुनावी वादों को जनता के सामने रखा।   एनडीए की पीसी में किसी भी बड़े नेता के संबोधन नहीं देने पर सियासी पारा गर्मा गया है। विपक्ष ने इस पर सवाल उठाए हैं। बिहार चुनाव में कांग्रेस के वरीय पर्यवेक्षक अशोक गहलोत ने शुक्रवार को पटना में कहा कि महज 26 सेकंड में एनडीए का घोषणा पत्र जारी किया गया। उन्होंने आरोप लगाए कि मीडिया के सवालों से जरकर एनडीए के नेता उठकर भाग खड़े हुए। यह लोकतंत्र के लिए खतरनाक हो सकता है। हालांकि, पीसी से निकलने के बाद राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सभी लोगों ने एक साथ मिलकर NDA का संकल्प पत्र जारी किया है। चुनावी व्यस्तता के चलते सभी नेताओं को अलग-अलग जगह प्रचार करने जाना था। अगर प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक घंटा समय लगाते तो प्रचार अभियान प्रभावित होता। पीसी के बाद डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने भी कहा, "मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आए, उन्होंने एनडीए का संकल्प पत्र जारी किया। मैं उनका सहयोगी हूं। मैंने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके लोगों को बताया। नीतीश के विजन को ही हम आगे बढ़ा रहे हैं।" आधा घंटा देरी से शुरू हुई एनडीए की पीसी बता दें कि एनडीए की पीसी लगभग आधा घंटा देरी से शुरू हुई। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने गुरुवार शाम को सोशल मीडिया पोस्ट में एनडीए की प्रेस कॉन्फ्रेंस का समय सुबह 9.30 बजे बताया था। मगर, पीसी 10 बजे शुरू हुई। सूत्रों के अनुसार, पहले से तय था कि पीसी में एनडीए के किसी भी बड़े नेता का संबोधन नहीं होगा, सिर्फ सम्राट चौधरी संकल्प पत्र की बातों को मीडिया के सामने रखेंगे।  

एकता के संदेश के साथ दौड़ा हरियाणा: मुख्यमंत्री सैनी ने फतेहाबाद से बढ़ाया ‘रन फॉर यूनिटी’ का कदम

चंडीगढ़  लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को हरियाणा में उत्साहपूर्ण माहौल रहा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फतेहाबाद में ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने दौड़ में शामिल प्रतिभागियों पर फूलों की वर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्र भारत के एकीकरण में जो भूमिका निभाई, वह सदैव प्रेरणादायक रहेगी। उन्होंने सभी नागरिकों से देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को बनाए रखने का आह्वान किया।   सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा झज्जर में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। यहां उन्होंने महर्षि दयानंद स्टेडियम से शुरू हुई रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाई। इस रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में स्कूली बच्चों,युवाओं,बुजुर्गों व पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। जिसके लिए डा.शर्मा ने सभी की सराहना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जैसे हरियाणा, महाराष्ट्र और गुजरात में भाजपा के नेतृत्व में विकास की गूंज सुनाई दी, वैसे ही अब बिहार में भी भाजपा के कार्यों का असर दिखेगा। राहुल गांधी के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी “वोटों के लिए नाचते हैं,” सहकारिता मंत्री ने कहा कि “राहुल गांधी को कुछ भी कहने की आदत है, लेकिन मोदी जी के मुकाबले कांग्रेस कहीं नहीं ठहरती। वहीं, रोहतक में भी राष्ट्रीय एकता दिवस पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। राई की विधायक कृष्णा गहलावत ने सुभाष चौक से दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर भी मौजूद रहे।   विधायक गहलावत ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कुछ दूरी तक स्वयं भी दौड़ीं। इस आयोजन में शिक्षा विभाग, पुलिस, खेल विभाग और अन्य सरकारी संस्थानों के कर्मचारियों व विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रोहतक में कार्यक्रम को हरी झंडी दिखातीं विधायक कृष्णा गहलावत ने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत की नींव रखी थी। उन्होंने कहा, “हमारी पार्टी देश के महान नेताओं को उनकी जयंती और पुण्यतिथि के अवसर पर स्मरण कर उनके आदर्शों को आगे बढ़ाती है।” उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को दुनिया का सबसे सशक्त देश बनाने में योगदान दें। कार्यक्रम के बाद उन्होंने अशोका रोड पर मनीष ग्रोवर और कार्यकर्ताओं के साथ चाय की चुस्की लेकर एकता का संदेश दिया। हरियाणा पुलिस मुख्यालय में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस हरियाणा पुलिस द्वारा लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में पुलिस मुख्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री ओपी सिंह ने पुलिस मुख्यालय में कार्यरत वरिष्ठ अधिकारियों व कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय के पुलिसकर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्र निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल के उल्लेखनीय योगदान को याद किया। इस मौके पर उपस्थित पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए पुलिस महानिदेशक ने कहा कि देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने के लिए जरूरी है कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति इसमें अपना महत्वपूर्ण योगदान देना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में कार्यरत होने के चलते इस दिशा में हमारा उत्तरदायित्व और अधिक बढ़ जाता है। हमारा पहला कर्तव्य है देश की एकता व अखंडता बनाए रखने के साथ-साथ सेवा व सुरक्षा के भाव के साथ समर्पित होकर अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने पुलिसकर्मियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे पूरी सत्यनिष्ठा व समर्पण भाव से कार्य करें। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था संजय कुमार तथा पुलिस महानिरीक्षक कानून एवं व्यवस्था कुलदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे।   भारत की एकता और अखंडता के प्रतीक सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर ताऊ देवीलाल स्टेडियम, गुरुग्राम में रन फॉर यूनिटी का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शिरकत की और हरी झंडी दिखाकर एकता के लिए दौड़ को रवाना किया। यह दौड़ ताऊ देवीलाल स्टेडियम से शुरू होकर बख्तावर चौक तक गई और पुनः स्टेडियम पर समाप्त हुई। कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों, युवाओं, अधिकारियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। डीसी अजय कुमार व पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा ने केंद्रीय राज्य मंत्री का स्टेडियम में पहुंचने पर स्वागत किया।  

गंदे वीडियो दिखाने वाले शिक्षक भिंड में गिरफ्तार, छात्राओं ने दी शिकायत

 भिंड  भिंड जिले में देहात थाना अंतर्गत विक्रमपुरा सरकारी स्कूल में शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शिक्षक पर कक्षा में छात्राओं को मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाने और आपत्तिजनक हरकतें करने का आरोप लगा है। घटना का खुलासा तब हुआ जब तीन छात्राओं ने हिम्मत जुटाकर इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने छात्राओं की शिकायत पर आरोपित शिक्षक रामेंद्र सिंह कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पाक्सो एक्ट, धमकी देने और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। छात्राओं ने पुलिस को बताया कि शिक्षक कक्षा में पढ़ाते समय मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाता था और अनुचित व्यवहार करता था। जब छात्राओं ने घर जाकर शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने उन्हें डराया और धमकाया। डर के कारण छात्राएं कई दिनों तक स्कूल नहीं गईं। स्वजन की पूछताछ में खुला मामला बताया जाता है, कि जब छात्राओं ने स्कूल जाना बंद किया तो स्वजनों ने उनसे कारण पूछा। पूछताछ में छात्राओं ने पूरी घटना बताई। उन्होंने कहा कि मोबाइल पर सर गंदे वीडियो दिखाते हैं। इसके बाद स्वजन स्कूल पहुंचे और प्राचार्य से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर वे छात्राओं को लेकर देहात थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कक्षा 8वीं की एक छात्रा को मुख्य फरियादी बनाया और अन्य छात्राओं के बयान भी दर्ज किए। डीईओ ने आरोपित शिक्षक को निलंबित किया पुलिस की कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग ने देर रात आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी आरडी मित्तल ने बताया कि उच्च श्रेणी शिक्षक (उच्च पद प्रभार) मूल पद सहायक शिक्षक शासकीय माध्यमिक विद्यालय विक्रमपुरा बीटीआइ परिसर भिंड में पदस्थ रामेंद्र सिंह कुशवाह को शिक्षक की सामाजिक गरिमा को धूमिल करने पर मप्र सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में शिक्षक को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। पाक्सो एक्ट में केस दर्ज     छात्रा की शिकायत पर आरोपी शिक्षक रामेंद्र सिंह कुशवाह के खिलाफ पाक्सो एक्ट, धमकी देने और एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।- मुकेश शाक्य, टीआई थाना देहात तुरंत निलंबन का आदेश जारी किया     शिक्षक द्वारा की गई हरकत शिक्षक समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली है। पुलिस कार्रवाई के बाद विभाग ने तुरंत निलंबन आदेश जारी किया है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। – आरडी मित्तल, डीईओ भिंड  

इंदौर पुलिस ने पकड़ा फर्जी घी का बड़ा कारोबार, 600 लीटर नकली घी बरामद

 इंदौर  प्रदेश भर में मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में इंदौर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग की टीम ने भारी मात्रा में मिलावटी घी जब्त किया है, जिसे नामी ब्रांड के पैकेट में पैक किया जा रहा था। पल्हर नगर में घर पर छापा खाद्य विभाग की टीम ने पल्हर नगर स्थित 60 फीट रोड पर एक मकान पर छापा मारा। यह मकान गिरिराज गुप्ता का है, जो मल्हारगंज क्षेत्र में प्रभुश्री ट्रेडर्स के नाम से दुकान संचालित करता है। निरीक्षण के दौरान इस मकान से मिलावट का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। नामी ब्रांड के रैपर में 'नकली घी' अधिकारियों को मौके से बड़ी मात्रा में वनस्पति तेल, एसेंस और तैयार घी मिला। चिंता की बात यह है कि मौके से सांची, अमूल, नोवा और मालवा जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड के रैपर और आउटर कवर भी बड़ी संख्या में पाए गए। आरोपी इन रैपर का इस्तेमाल वनस्पति तेल और एसेंस से बनाए गए मिलावटी घी को पैक करने के लिए करता था। 600 लीटर घी-तेल जब्त, 6 सैंपल भेजे खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके से घी, तेल और एसेंस समेत कुल 6 नमूने जांच के लिए हैं। खाद्य अधिकारी मनीष स्वामी ने बताया कि कार्रवाई में कुल 27 डिब्बे वनस्पति, 13 डिब्बे तेल, 3 डिब्बे घी, 5 बोतल एसेंस और लगभग 350 रैपर जब्त किए गए हैं। * उक्त संस्थान से लगभग 600 लीटर घी और तेल जब्त किया गया है। * निर्माता का परिसर बंद करा दिया गया है। * सभी नमूनों को विस्तृत जांच के लिए राज्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। * संबंधित कंपनियों (अमूल, सांची आदि) को भी सूचित किया जा रहा है, ताकि वे भी अपने स्तर पर वैधानिक कार्रवाई कर सकें। मिलावटखोरी बर्दाश्त नहीं: कलेक्टर कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मिलावटखोरी के विरुद्ध इस तरह की सख्त कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।