samacharsecretary.com

तेजस्वी यादव पर बरसे पूर्व विधायक — RJD से दिया इस्तीफा, कहा अब पार्टी में मेरी जगह नहीं रही

बिहार बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक उठा पटक का दौर जारी है। इसी बीच राजद को एक बड़ा झटका लगा है। नवादा से दो बार के विधायक रहे प्रकाश वीर ने राजद पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इसके पीछे का कारण उन्होंने तेजस्वी यादव से मनमुटाव को बताया है। नवादा विधायक प्रकाश वीर ने इस्तीफा देने को लेकर कहा कि तेजस्वी यादव ने यात्रा के दौरान उन्हें नहीं बुलाया था, जिस बात का उन्हें बुरा लगा था। इसके बाद से ही प्रकाश वीर ने पार्टी छोड़ने का मन बना लिया था। प्रकाश वीर के इसकी जानकारी ट्वीट कर दी।   विधायक के पद से इस्तीफा देने के बाद आरजेडी नेता ने कहा, "मैंने विधायक पद से त्यागपत्र दे दिया है। वह (आरजेडी नेता तेजस्वी यादव) एक बार नवादा में यात्रा के लिए गए थे, लेकिन उन्होंने हमें आमंत्रित नहीं किया, इसलिए हम नहीं गए। भीड़ में से किसी ने चिल्लाया, 'तेजस्वी भैया, प्रकाश वीर को हटाओ', इससे मेरे आत्मसम्मान को ठेस पहुंची। अब आरजेडी में वापस जाने का कोई सवाल ही नहीं है।" समझना है बिहार की राजनीति तो भूलकर भी मिस न करें ये सीरीज बता दें कि प्रकाश वीर के अब जेडीयू में जाने की संभावना जतायी जा रही है। हालांकि इसे लेकर उन्होंने कहा कि इसका फैसला क्षेत्र की जनता करेगी। उन्होंने कहा कि जनता के लिए कुछ भी करेंगे। वहीं शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भी प्रेस वार्ता के दौरान कहा भी था राजद में जल्द की भगदड़ मचने वाली है। जिसके हाज 2 बार के विधायक रादज के पुराने नेता रहे प्रकाश वीर के पार्टी छोड़ने से दिलीप जायसवाल की बात सच होती नजर आ रही है। वहीं अब देखना यह है कि आने वाले समय में ऐसी और कोई घटना हो सकती है क्या।

जाति प्रमाण पत्र मामले में खंडवा के विधायक कंचन तन्वे को न्यायालय ने दिया समर्थन

जबलपुर हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति विशाल धगट की एकलपीठ ने खंडवा से भाजपा विधायक कंचन तन्वे को राहत प्रदान की है। कोर्ट ने याचिकाकर्ता का वह आवेदन निरस्त कर दिया है, जिसमें विधायक के जाति प्रमाण पत्र की वैधता की सत्यता परखने के लिए राजस्व रिकार्ड तलब किए जाने की मांग की गई थी। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि याचिकाकर्ता को उक्त आवेदन पूर्व में पेश करना था। जब मामले में मुद्दे तय हो गए और आवेदक ने अपनी गवाही समाप्त कर दी, तब उक्त आवेदन स्वीकार नहीं किया जा सकता। उक्त मत के साथ न्यायालय ने आवेदन निरस्त कर मामले की अगली सुनवाई एक सप्ताह बाद निर्धारित कर दी। याचिका खंडवा के आंबेडकर वार्ड निवासी कुंदन मालवीय की ओर से दायर की गई है।   आवेदक का कहना है कि तन्वे वर्ष 2023 में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित खंडवा सीट से भाजपा की उम्मीदवार थी। आरोप है कि अनावेदिका ने जो जाति प्रमाण पत्र पेश किया है, वह वैध नहीं, क्योंकि उक्त जाति प्रमाण पत्र का कोई प्रकरण क्रमांक नहीं है, न ही उसकी शासकीय कार्यालय में कोई फाइल है। इतना ही नहीं उक्त प्रमाण पत्र में पिता की जगह पति का नाम दर्ज है। याचिका में मांग की गई कि झूठा जाति प्रमाण पत्र पेश करने पर निर्वाचन शून्य घोषित किया जाना चाहिए। मामले में पूर्व में हुई गवाही के बाद आवेदक की ओर से जाति प्रमाण पत्र की सत्यता के लिए राजस्व रिकार्ड तलब किए जाने का आवेदन पेश किया गया था।

नवंबर में नगर निगम उपचुनाव: जानें कौन बदल सकता है दिल्ली का सियासी समीकरण

नई दिल्ली आठ माह से रिक्त पड़ी निगम की सीटों पर जल्द ही उप चुनाव की घोषणा होगी। राज्य चुनाव आयोग की तैयारियां अंतिम दौर में है। सबकुछ ठीक रहा तो अगले माह के तीसरे या चौथे सप्ताह में चुनावों को संपन्न करा लिया जाएगा। इसी बीच चुनाव आयोग ने तय किया है कि 12 निगम की सीटों पर उप चुनाव में नामांकन की तारीख तक मतदाता सूची को ही मान्य माना जाएगा। त्योहारों, परीक्षाओं और कानून व्यवस्था की गहन समीक्षा के बाद तारीखों की घोषणा की जाएगी। चूंकि दीपावली और भैया दूज और छठ पर्व इसी माह संपन्न हो जाएंगे और अगले माह बिहार विधानसभा चुनाव भी है। इसलिए पूरी संभावना है कि निगम के उप चुनाव की तारीख नंवबर के आखिरी सप्ताह में हों। दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार उप चुनावों की तैयारी के लिए जिला-निर्वाचन अधिकारी, चुनाव पर्यवेक्षक, निर्वाचन अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी के रूप में दिल्ली सरकार और नगर निगम के अधिकारियों को नियुक्त किया जा चुका है। साथ ही, जल्द ही व्यय पर्यवेक्षकों को भी नियुक्त करेगा। आईटी के कर्मचारियों का भी प्रशिक्षण भी जारी है। आयोग ने कहा कि नागरिकों की सुविधा के लिए निगम चुनाव दिल्ली एप के माध्यम से दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों व्हीलचेयर के लिए ऑनलाइन अनुरोध, मतदान केंद्र तक पिकअप व ड्राॅप जैसी सुविधाएं प्रदान करेगा।   चुनाव से संबंधित मंजूरी के लिए सिंगल विंडो सिस्टम भी शुरू किया जाएगा। आयोग ने बताया कि उप चुनावों के लिए विभिन्न विभागों के साथ बैठकें की जा रही है। शनिवार को पुलिस आयुक्त के साथ भी इसको लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक हुई। अब जल्द ही मुख्य सचिव के साथ बैठक होगी ताकि जल्द से जल्द उप चुनाव हो सके। भाजपा और आप के लिए परीक्षा, कांग्रेस के लिए वापसी का मौका दिल्ली नगर निगम की 250 कुल सीटों में से 11 सीटें विधानसभा चुनाव में पार्षदों के विधायक बनने से रिक्त हुई थी जबकि एक सीट पार्षद के सांसद बनने से वर्ष 2024 से रिक्त हैं। ऐसे में कुल 12 सीटों में भाजपा के पास 9 जबकि आप के पास तीन सीटें थी। इसलिए इस चुनाव में भाजपा और आप की अग्निपरीक्षा होगी। जबकि कांग्रेस के पास अपनी वापसी का मौका है। इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी भी अगर चुनाव में जाती है तो उसका का भी यह लिटमस टेस्ट होगा। जिन 12 सीटों पर चुनाव होना हैं उसमें शालीमार बाग बी सीट सीएम रेखा गुप्ता की सीट भी है। वह विधायक बनने से पूर्व इसी सीट से पार्षद थीं।   किन सीटों पर मजूबूत है भाजपा मुंडका, शालीमार बाग, द्वारका बी, ग्रेटर कैलाश, नारायणा, ढिचाऊं कलां किन सीटों पर 'आप' है मजबूत चांदनी महल, चांदनी चौक, दक्षिणपुरी किन सीटों पर हो सकता है कड़ा मुकाबला विनोद नगर, संगम विहार, अशोक विहार भाजपा को और मजबूत स्थिति बनाने का है मौका दिल्ली नगर निगम की सत्ता पर फिलहाल भाजपा काबिज है लेकिन 12 सीटों पर उप चुनाव से उसकी स्थित और मजबूत हो सकती है। क्योंकि नौ सीटें तो पहले ही भाजपा जीती थी ऐसे में नौ सीटों पर फिर से चुनाव जीतती है तो उसकी स्थिति निगम में और मजबूत हो जाएगी। इसका फायदा उससे अगले वर्ष स्थायी समिति सदस्य के लिए रिक्त होने वाले पदों के चुनाव में भी हो सकता है। क्योंकि 18 में नौ सदस्य अगले वर्ष सेवानिवृत्त ड्रा के माध्यम से हो जाएंगे। पुनः चुनाव होने पर जोन और सदन में उसे लाभ होगा। 238 में से 99 सीटें आप के पास हैं जबकि 115 भाजपा की है और कांग्रेस के पास आठ सीटें हैं। इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के पास 16 सीटें हैं।  

आजम खां से मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने खोला राजनैतिक मंथन, कहा- ‘सब कुछ हो सकता है’

लखनऊ अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य के शनिवार को रामपुर पहुंचने पर राजनीतिक गलियारे में खलबली मच गई। रामपुर में उन्होंने समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में प्रमुख रहे आजम खां से उनके आवास पर भेंट की। मुलाकात के संबंध में स्वामी प्रसाद मौर्य ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया। आजम खां से मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने आजम के खिलाफ कार्रवाई को राजनीतिक द्वेष भावना वाला बताने के साथ सरकार बनने पर कार्रवाई करने वाले को परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। उन्होंने कहा कि आजम खां पर राजनीतिक द्वेष भावना से कार्रवाई की गई है। स्वामी प्रसाद ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर भी तंज कसा और कहा कि इस सरकार में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। बेरोजगारी तो चरम सीमा पर है। सरकार का प्राइमरी स्कूल बंद करने का फैसला बहुत ही निंदनीय है। उन्होंने बरेली में बीते दिनों हुए बवाल के बारे में कहा कि भाजपा के इशारे पर तो यह सारा उपद्रव सोची-समझी साजिश के तहत कराया गया था। स्वामी प्रसाद ने कहा कि भाजपा तो हिंदू और मुस्लिम की राजनीति करती है। योगी आदित्यनाथ सरकार के कार्यकाल में ‍उत्तर प्रदेश में मुसलमान को लगातार टारगेट किया जा रहा है। यहां पर तो मस्जिदों को बुलडोजर से ध्वस्त किया जा रहा है। अखिलेश और आजम खां की मुलाकात पर स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव बेहद अवसरवादी हैं और आजम साहब से भेंट करने के बाद उनका संवेदनशील होना को घड़ियाली आंसू जैसा है। इससे पहले स्वामी प्रसाद मौर्य का आजम खां के आवास के बाहर पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम खां ने स्वागत किया। स्वामी प्रसाद दोपहर एक बजकर 15 मिनट पर आजम खान के आवास टंकी नंबर पांच, घेर मीर बाज खान पहुंचे। सपा, बसपा और भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ आजम खां ने घर के अंदर अकेले में मुलाकात की।  

फेस्टिवल सीजन में यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं, उत्तराखंड की ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट

देहरादून त्योहारी सीजन में ट्रेनों के आरक्षित टिकट को लेकर मारामारी शुरू हो गई है। देहरादून से पूर्वांचल रूट पर जाने वाली अधिकांश ट्रेनों में सीटें फुल हो गई हैं। आगामी दीपावली और छठ पर्व के दौरान ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। देहरादून से बिहार होते हुए हावड़ा जाने वाली कुंभ एक्सप्रेस के स्लीपर कोच दीपावली से छठ पर्व तक नो रूम है। यानी इसके वेटिंग भी जारी होना बंद हो गए हैं। हालांकि थर्ड एसी और एसी फर्स्ट व सेकेंड में टिकट मिलने की गुंजाइश है। देहरादून से हावड़ा, गोरखपुर, मजफ्फरपुर, लखनऊ, कोटा, नई दिल्ली, काठगोदाम, अमृतसर और प्रयागराज सहित कई शहरों के लिए रोज करीब 13 ट्रेन रवाना होती हैं। शिक्षा का केंद्र होने के कारण देहरादून में बाहरी छात्र-छात्राएं काफी हैं। साथ ही शहर से सटे सिडकुल में भी बिहार-बंगाल के श्रमिकाें की संख्या अधिक हैं। त्योहारों के दौरान जब यह सब एक साथ अपने-अपने घराें को रवाना होते हैं, तो ट्रेनों के आरक्षित टिकट को लेकर मारामारी शुरू हो जाती है। इससे बचने के लिए बहुत से लोग महीनों से पहले बुकिंग कराना शुरू कर देते हैं। इस साल भी दीपावली और छठ पर्व पर यही हाल है। पूर्वांचल रूट की ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। बिहार-बंगाल रूट की ट्रेन का हाल कुंभ एक्सप्रेस का स्लीपर कोच 17 से 27 अक्टूबर तक नो रूम है। एसी सेकेंड में अलग-अलग तिथियों पर लंबी वेटिंग है। एसी फर्स्ट में 10 और एसी थर्ड में 100 से अधिक वेटिंग है। देहरादून से मुजफ्फरपुर जाने वाली दून-मुजफ्फपुर एक्सप्रेस के थर्ड एसी में 15 से 29 अक्टूबर तक 30 से अधिक वेटिंग चल रही है। एसी फर्स्ट में पांच और एसी सेकेंड में 15 से अधिक वेटिंग है। जबकि स्लीपर नो रूम हो चुका है। गोरखपुर जाने वाली राप्ती-गंगा एक्सप्रेस के एसी सेकेंड में 18 से 20 अक्टूबर तक लंबी वेटिंग है। छठ के दौरान 25 व 27 अक्टूबर को सीट मिलने की गुंजाइश है। स्लीपर में 70 से अधिक वेटिंग है। एसी थर्ड में 10 से अधिक वेटिंग है। एसी फर्स्ट अभी खाली है। वंदेभारत में मिल सकती है सीट लखनऊ जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस 18 अक्टूबर के आसपास पैक है। लेकिन 20 से 24 अक्टूबर के बीच आरक्षित टिकट मिल सकता है। कोटा जाने वाली नंदा देवी एक्सप्रेस में 18 से 20 अक्टूबर तक लंबी वेटिंग है। लेकिन 20 से 22 अक्टूबर तक सीट मिल सकती है। इसी तरह दिल्ली जाने वाली मसूरी और जनशताब्दी एक्सप्रेस में 20 अक्टूबर को आरक्षित टिकट मिलने की गुंजाइश है। अन्य तिथियों में यह भी पैक है। – बनारस जाने वाली जनता एक्सप्रेस की सभी श्रेणियों में 18 से 27 अक्टूबर तक लंबी वेटिंग है। – प्रयागराज जाने वाली लिंक एक्सप्रेस की सभी श्रेणियों में 18 से 27 अक्टूबर तक लंबी वेटिंग है और कुछ तिथियों में यह नो रूम भी है।  

ओवैसी की रणनीति: बिहार में 100 सीटों पर AIMIM का कब्जा, थर्ड फ्रंट बनाने का प्लान

पटना  बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद राजनीतिक माहौल गरमाने लगा है. एक तरफ जहां एनडीए और इंडी एलायंस में सीट बंटवारे को लेकर अब तक बात नहीं बनी है वहीं दूसरी तरफ असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने बड़ा ऐलान कर दिया है. पार्टी ने कहा है कि वह इस बार करीब 100 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जो 2020 के मुकाबले पांच गुना ज्यादा है. बिहार में थर्ड फ्रंट बनाने की कोशिश में ओवैसी न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल इमान ने शनिवार को कहा, 'हमारा लक्ष्य बिहार में तीसरा विकल्प तैयार करना है, एनडीए और महागठबंधन दोनों को इस बार हमारी मौजूदगी का एहसास होगा.' उन्होंने बताया कि पार्टी कुछ समान विचारधारा वाले दलों से भी बातचीत कर रही है, ताकि एक 'थर्ड फ्रंट' (Third Front) खड़ा किया जा सके. इमान ने कहा कि उन्होंने पहले लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव को गठबंधन के लिए पत्र लिखा था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. 'अब हम अपने दम पर विस्तार करेंगे' . बिहार की 243 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 6 और 11 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी. बिहार विधानसभा की हर सीट का हर पहलू, हर विवरण यहां पढ़ें 2020 के विधानसभा चुनाव में एआईएमआईएम ने बसपा और उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएसपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था. उस चुनाव में पार्टी ने 5 सीटें जीतीं, लेकिन 2022 में उसके चार विधायक आरजेडी में शामिल हो गए, जिससे अख्तरुल इमान अब पार्टी के एकमात्र विधायक बचे हैं. सीमांचल में AIMIM का है प्रभाव राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, एआईएमआईएम बिहार में विशेषकर सीमांचल क्षेत्र (पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, कटिहार) में अपना जनाधार बढ़ाने की कोशिश कर रही है, जहां मुस्लिम आबादी 17% से अधिक है. बीते दिनों ओवैसी ने इन इलाकों में ताबड़तोड़ रैली की थी.

पुतिन और मेलानिया के बीच सीधी बातचीत? US राष्ट्रपति की पत्नी ने किया चौंकाने वाला खुलासा

वाशिंगटन  अमेरिकी फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप ने सनसनीखेज खुलासा किया है. मेलानिया ने बताया कि उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ ‘open channel of communication’ रखा हुआ है. इस डायरेक्ट बातचीत का मकसद है, यूक्रेन युद्ध में बिछड़े बच्चों को उनके परिवारों से मिलवाना. शुक्रवार को मेलानिया ने कहा कि पुतिन ने उनके लेटर का जवाब दिया है और बताया कि रूस ने कुछ यूक्रेनी बच्चों को उनके परिवारों के पास वापस भेज दिया है. मेलानिया के मुताबिक, ‘पिछले 24 घंटों में आठ बच्चों को उनके परिवारों से फिर मिलाया गया है.’ उन्होंने कहा, ‘हर बच्चा उसी प्यार और सुरक्षा का सपना देखता है जो किसी भी इंसान का हक होता है. इन बच्चों ने जंग की वजह से वो सब खो दिया जो उनके बचपन का हिस्सा था.’ 19,000 से ज्यादा बच्चे अब भी लापता यूक्रेनी सरकार के मुताबिक, फरवरी 2022 में जंग शुरू होने के बाद से अब तक करीब 19,500 बच्चे रूस या उसके कब्जे वाले इलाकों में जबरन ले जाए गए हैं. ये बच्चे अपने परिवारों से बिछड़ चुके हैं. मेलानिया ने बताया कि हाल ही में लौटे आठ बच्चों में तीन ऐसे थे जो फ्रंटलाइन लड़ाई के बीच अपने परिवार से अलग हो गए थे. उन्होंने कहा, ‘हर बच्चे की कहानी दर्द से भरी है, लेकिन अब उन्हें उनके परिवारों की गोद मिली है.’ मेलानिया की चिट्ठी पर पुतिन का जवाब खबर के मुताबिक, अगस्त में अलास्का में हुई ट्रंप-पुतिन मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने मेलानिया की चिट्ठी पुतिन को खुद सौंप दी थी. उस वक्त मेलानिया अलास्का ट्रिप पर मौजूद नहीं थीं. मेलानिया ने अपनी चिट्ठी में लिखा था, ‘हर बच्चा अपने दिल में एक शांत सपना रखता है – प्यार, उम्मीद और डर से आजादी का सपना.’ उन्होंने पुतिन से अपील की थी कि रूस के कब्जे में आए यूक्रेनी बच्चों को उनके परिवारों से मिलवाया जाए. पुतिन ने इस चिट्ठी का जवाब दिया और मेलानिया को एक विस्तृत रिपोर्ट भेजी जिसमें बच्चों की पहचान, स्थिति और पुनर्मिलन की पूरी जानकारी थी. मेलानिया ने कहा, ‘अमेरिकी सरकार ने इन तथ्यों की पुष्टि की है. अमेरिका-रूस रिश्तों के बीच ‘मेलानिया चैनल’ रूस और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच यह ‘मेलानिया चैनल’ एक अनोखा और अप्रत्याशित पुल साबित हो सकता है. व्हाइट हाउस सूत्रों के मुताबिक, मेलानिया की पहल को मानवीय और गैर-राजनीतिक माना गया है, लेकिन यह कदम कूटनीतिक लिहाज से बहुत मायने रखता है. कई विश्लेषक इसे ‘soft diplomacy’ का उदाहरण बता रहे हैं.  

आज का राशिफल (12 अक्टूबर 2025): सभी 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा रविवार का दिन?

मेष राशि- आज आपका आत्मविश्वास सबसे बड़ी ताकत बनेगा। जिस काम को लेकर आप चिंतित थे, उसमें अब प्रगति दिखेगी। नौकरीपेशा लोगों को वरिष्ठों की तारीफ मिल सकती है। व्यापारियों के लिए दिन अच्छा है। नई डील या ऑर्डर मिलने के संकेत हैं। परिवार में किसी शुभ समाचार से माहौल खुशनुमा रहेगा। अनावश्यक गुस्सा न करें, विनम्रता से हर काम बनेगा। वृषभ राशि- आज कुछ पुराने फैसलों का असर नजर आएगा। धन से जुड़ा कोई अटका हुआ मामला सुलझ सकता है। रिश्तों में ईमानदारी रखें, वरना गलतफहमियां पैदा हो सकती हैं। सेहत थोड़ी कमजोर रह सकती है, खासकर गर्दन या पीठ का दर्द परेशान कर सकता है।समय पर भोजन करें और आराम करें। मिथुन राशि- दिन में ऊर्जा बनी रहेगी, लेकिन ध्यान भटकने से काम अटक सकते हैं। बातचीत में नरमी रखें—किसी करीबी से टकराव हो सकता है। प्रेम जीवन में नया मोड़ आएगा, कोई पुराना रिश्ता फिर जुड़ सकता है। छात्रों को पढ़ाई में ध्यान लगाना होगा। निर्णय लेते समय दिल और दिमाग दोनों का संतुलन रखें। कर्क राशि- भाग्य आज पूरी तरह आपके साथ है। कोई रुका हुआ काम अचानक बन सकता है। पारिवारिक माहौल में सुकून रहेगा। यात्रा या घूमने के योग भी बन रहे हैं। घर में पूजा या आध्यात्मिक कार्यक्रम हो सकता है। किसी जरूरतमंद की मदद करने से मन को शांति मिलेगी। सिंह राशि- आज आपके प्रयासों से बड़े परिणाम मिल सकते हैं। पदोन्नति या मान-सम्मान के योग हैं। प्रेम संबंधों में स्थिरता आएगी। कुछ लोग आपको लेकर जलन महसूस कर सकते हैं, इसलिए विनम्र रहें। शाम को किसी खास व्यक्ति से भावनात्मक बातचीत हो सकती है।अपने काम पर ध्यान दें, बाकी बातें अपने आप सुलझ जाएंगी। कन्या राशि- आपका व्यवहार आज लोगों को प्रभावित करेगा। ऑफिस या व्यापार में कोई नया अवसर मिल सकता है। हालांकि, मानसिक थकान महसूस हो सकती है—इसलिए खुद को ज्यादा न खींचें। परिवार में किसी सदस्य की सलाह उपयोगी रहेगी। अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहें, दूसरों की राय से विचलित न हों। तुला राशि- भाग्य आज मुस्कुरा रहा है। रिश्तों में प्रेम और सम्मान बढ़ेगा। कोई पुराना दोस्त अचानक संपर्क कर सकता है। धन के मामले में सावधानी बरतें—उधार देने से बचें। घर में सजावट या बदलाव का मन बनेगा। किसी बुजुर्ग का आशीर्वाद लें, दिन और भी बेहतर बनेगा। वृश्चिक राशि- आज का दिन आत्मविश्लेषण का है। कोई गहरा भावनात्मक अनुभव आपको सोचने पर मजबूर करेगा। काम में जिम्मेदारी बढ़ेगी, पर साथ ही पहचान भी मिलेगी। प्रेम जीवन में रोमांस के संकेत हैं। निर्णय जल्दबाजी में न लें, परिस्थितियों को समय दें। धनु राशि- आपकी किस्मत आज आपको नई दिशा दिखा सकती है। कार्यक्षेत्र में आत्मविश्वास झलकेगा। जो लोग यात्रा कर रहे हैं, उन्हें लाभ हो सकता है। परिवार के साथ अच्छा समय बितेगा। किसी शुभ समाचार की संभावना है। जीवनसाथी के साथ मन की बातें साझा करें। मकर राशि- आज किसी पुराने प्रयास का परिणाम मिल सकता है। ऑफिस में आपकी राय की अहमियत बढ़ेगी। धन का आगमन संभव है। परिवार के बुजुर्गों का साथ मन को सुकून देगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। अपने लक्ष्य की ओर स्थिर रहिए, सफलता तय है। कुंभ राशि- दिन उत्साह से भरा रहेगा। रचनात्मक कार्यों में मन लगेगा। किसी दोस्त या भाई से सहयोग मिलेगा। छोटी यात्रा या मीटिंग से फायदा हो सकता है। पुराने मतभेद खत्म होंगे। अपने विचार दूसरों पर न थोपें, संतुलन बनाए रखें। मीन राशि- भावनाएं आज गहरी रहेंगी। किसी पुराने रिश्ते की यादें ताजा होंगी। कार्यक्षेत्र में मेहनत का पूरा फल मिलेगा। परिवार में खुशियां बढ़ेंगी। शाम को मनपसंद भोजन या संगीत से मूड अच्छा रहेगा। सकारात्मक सोच रखें। चमत्कार खुद महसूस होगा।

उतार-चढ़ाव भरे भारत-US संबंधों के बीच जयशंकर से मिले अमेरिकी राजदूत, बढ़ेगी साझेदारी?

नई दिल्ली  भारत-अमेरिका में उतार-चढ़ाव वाले चल रहे संबंधों के बीच अमेरिका के मनोनीत राजदूत सर्जियो गोर ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से शनिवार को नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय में मुलाकात की। इस दौरान, दोनों ने भारत-अमेरिका संबंधों और इसके बढ़ते वैश्विक महत्व पर बातचीत की। 'एक्स' पर एक पोस्ट में, जयशंकर ने कहा, "आज नई दिल्ली में अमेरिका के मनोनीत राजदूत सर्जियो गोर से मिलकर प्रसन्नता हुई। भारत-अमेरिका संबंधों और इसके वैश्विक महत्व पर चर्चा हुई। उन्हें उनकी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं।" विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने भी आज सुबह भारत में अमेरिका के मनोनीत राजदूत सर्जियो गोर से मुलाकात की। एक्स पर एक पोस्ट में, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने आज सुबह भारत में अमेरिका के मनोनीत राजदूत सर्जियो गोर से मुलाकात की। उनके बीच भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी और इसकी साझा प्राथमिकताओं पर उपयोगी चर्चा हुई। विदेश सचिव ने मनोनीत राजदूत गोर को उनके कार्यभार के लिए शुभकामनाएं।'' इससे पहले, जयशंकर ने 24 सितंबर को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) सत्र के साइडलाइन में गोर से मुलाकात की थी, जहां दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने पर चर्चा की थी। मुलाकात के बाद, अमेरिकी विदेश विभाग ने एक्स पर साझा किया, "दक्षिण और मध्य एशिया के लिए अमेरिका के विशेष दूत और भारत में राजदूत नामित सर्जियो गोर ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान भारत के विदेश मंत्री जयशंकर से मुलाकात की। वे अमेरिका-भारत संबंधों की सफलता को और बढ़ावा देने के लिए तत्पर हैं।" इससे पहले, सीनेट में अपनी पुष्टिकरण सुनवाई के दौरान, गोर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच गहरी दोस्ती पर प्रकाश डाला और इसे द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने में एक अनूठी ताकत बताया था। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दौरान भारत और अमेरिका के बीच संबंधों में थोड़ी गिरावट आई है। ट्रंप ने भारत पर कुल 50 फीसदी टैरिफ लगाया हुआ है, जिसकी वजह से व्यापार पर असर पड़ा है। ट्रंप भारत द्वारा रूस से तेल आयात करने की वजह से खफा हैं, जबकि भारत ने साफ कर दिया है कि वह ऐसे कदम उठाता रहेगा, जोकि राष्ट्र हित में होंगे।  

इजरायली पीएम पर ओवैसी का हमला, बोले- नेतन्याहू इंसानियत के नाम पर कलंक

हैदराबाद  हैदराबाद से सांसद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर शनिवार को जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने इजरायली पीएम को दुनिया का सबसे बड़ा गुंडा करार देते हुए कहा कि उन्हें अल्लाह देख लेगा। ओवैसी ने पीएम मोदी द्वारा इजरायल-गाजा शांति समझौते पर किए गए पोस्ट का जिक्र करते हुए नेतन्याहू पर निशाना साधा। ओवैसी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ''आज पीएम मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप को बधाई दी और नेतन्याहू की लीडरशिप की तारीफ की। नेतन्याहू दुनिया का सबसे बड़ा गुंडा है, जिसने 65 हजार लोगों को मार दिया, 20 हजार बच्चे हैं। 12 लाख लोग बेघर हो गए और पीएम उसकी लीडरशिप की तारीफ कर रहे हैं। आखिर क्यों उसकी तारीफ कर रहे हैं? आप तो भारत के प्रधानमंत्री हैं। हम इस बात की निंदा करते हैं जो पीएम मोदी ने नेतन्याहू की लीडरशिप की तारीफ की। अल्लाह देख लेगा नेतन्याहू को इंशाअल्लाह।'' एआईएमआईएम प्रमुख ने आगे कहा, ''पीएम उसकी तारीफ कर रहे हैं, कहीं न कहीं ऊपर जाकर कोई तार मिलता है। ऐसे आदमी (नेतन्याहू) के खिलाफ इंटरनेशनल कोर्ट ने वॉरेंट जारी किया। हिंदुत्व के लोग बोलेंगे ओवैसी क्या बोल रहा। अरे सुनो, कुलभूषण जो पाकिस्तान की जेल गए, उसे सजा-ए-मौत देना चाहते थे तो भारत इंटरनेशनल कोर्ट गया और उसकी सजा रुकवाई।'' ओवैसी ने पीएम मोदी के जिस पोस्ट का जिक्र किया, उसमें प्रधानमंत्री ने लिखा था कि राष्ट्रपति ट्रंप की गाजा शांति योजना के तहत हुई प्रगति पर बधाई देने के लिए अपने मित्र, प्रधानमंत्री नेतन्याहू को फोन किया। हम बंधकों की रिहाई और गाजा के लोगों को मानवीय सहायता बढ़ाने पर हुए समझौते का स्वागत करते हैं। इस बात पर जोर दिया कि दुनिया में कहीं भी किसी भी रूप या स्वरूप में आतंकवाद अस्वीकार्य है। इसके अलावा, पीएम मोदी ने ट्रंप को लेकर भी एक्स पर पोस्ट किया था। उन्होंने लिखा था, ''मैंने अपने मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात की और ऐतिहासिक गाजा शांति योजना की सफलता पर उन्हें बधाई दी। साथ ही व्यापार वार्ता में हुई अच्छी प्रगति की भी समीक्षा की। आने वाले हफ्तों में निकट संपर्क में रहने पर सहमति बनी।"