samacharsecretary.com

डॉ. यादव के फैसलों से खुश किसान, कहा—सरकार ने हमारी सुनी आवाज़

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का रतलाम आगमन पर बंजली हवाईपट्टी पर जिले के किसानो ने भावांतर योजना लागू किए जाने और क्षतिग्रस्त फसलों के लिए राहत राशि दिए जाने पर स्वागत कर आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को किसानों ने ही बताया कि ग्राम गणेशगंज तहसील पिपलोदा के श्री दशरथ पिता परमानन्द को 1,20,000 रूपए, ग्राम कमलाखेड़ा तहसील पिपलोदार के श्री बलबहादुर सिंह पिता रतन सिहं को 99,798 रूपए, ग्राम सेजावता तहसील रतलाम शहर के श्री अरूण पिता प्रहलादचंद्र पुरोहित को 42,230 रूपए, ग्राम कालुखेड़ी तहसील रतलाम शहर के श्री बसंतीलाल पिता शंकरलाल को 35,040 रूपए, ग्राम कमालिया तहसील जावरा के श्री फूलचंद पिता अंकारलाल को 41,814 रूपए एवं ग्राम टोलखेड़ी तहसील जावरा के श्री अमृत पिता भंवरलाल चौधरी को 38,000 रूपए की राहत राशि बैंक खाते में प्राप्त हुई है। किसानो ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर राहत राशि मिलने से संकट की घड़ी में आर्थिक संबल मिला है। मुख्यमंत्री ने किसानो से कहा कि आप चिंता नहीं करें, सरकार हर मुसीबत की घड़ी में किसानों के साथ है। 

सोन नदी त्रासदी: युवती का शव मिला, औरंगाबाद में नाव पलटने से 5 लोग अभी भी लापता

पटना  बिहार के औरंगाबाद जिले के बड़ेम थाना अंतर्गत सोन नदी में शुक्रवार को नाव पलटने से 6 लोग डूब गए, जिनमें से अब तक सिर्फ एक का शव बाहर निकाला गया है तथा शेष की तलाश जारी है। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। एक युवती का शव बरामद जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने आज यहां बताया कि सोन नदी में एक नाव पर करीब 15 लोग सवार थे और वे कृषि कार्य के लिए बड़ेम से सोन डिल्ला जा रहे थे। उसी समय अचानक पानी के तेज प्रवाह से नाव पलट गयी और सभी 15 सवार नदी में गिर गए। नदी में गिरे लोगों में से 09 किसी तरह तैर कर बाहर निकल गये और बाकि के 06 डूब गए, जिनमे से एक युवती का शव बरामद कर लिया गया है और बाकि पांच लोगों की तलाश एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम कर रही है। इस घटना में बड़ेम निवासी सलीम अंसारी की पुत्री तमन्ना कुमारी ( 21) का शव बरामद किया गया है जबकि नरेश चौधरी की पुत्री सोनी कुमारी (21) संजय चौधरी की पत्नी रंजीता देवी (35) , सुरेन्द्र चौरसिया की पुत्री मंजू कुमारी (20), योगेन्द्र लाल की पुत्री काजल कुमारी ( 20), चितरंजन पासवान की पत्नी सबिता देवी (30) की तलाश की जा रही है। इधर, घटना की सूचना मिलने पर पहुंचे जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल, अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार पांडेय एवं थानाध्यक्ष अमरजीत चौधरी ने स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत उचित मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी।   

इलाका दहला देने वाली फायरिंग! पुलिस कार्रवाई में दो बदमाश घायल, हथियारों का भंडार पकड़ा

रांची झारखंड में रांची के रातू थाना क्षेत्र के खलारी रोड पर शुक्रवार सुबह पुलिस और राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दो कुख्यात अपराधी घायल हो गए हैं। पुलिस ने इस मुठभेड़ के बाद जैसे ही इलाके में सर्च अभियान चलाया, वहां भारी मात्रा में हथियार सहित कारतूस भी बरामद किए हैं।         पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि ठाकुर गांव, खलारी और रातू थाना क्षेत्र की सीमा पर अपराधियों के होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस की एक टीम मौका-ए-वारदात पर पहुंची। जैसे ही पुलिस ने पहुंच कर तलाशी शुरू की, वहां मौजूद अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी उसी वक्त जवाबी कार्रवाई की इसमें दो अपराधियों को गोली लगी। दोनों घायल अपराधी साजन अंसारी और अमित गुप्ता बताए जा रहे हैं। इन दोनों अपराधियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। रांची ग्रामीण एसपी प्रवीन पुष्कर ने बताया कि अभी दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि इनके गैंग की अन्य जानकारी मिल सके और बाकी अपराधियों को भी पकड़ा जा सके। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में व्यापक सर्च अभियान चलाकर घटनास्थल में 8 पिस्टल और दर्जनों कारतूस बरामद किए हैं।  

PCC चीफ दीपक बैज का बयान: 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू हो, किसानों को मिले 3286 रुपये प्रति क्विंटल

रायपुर छत्तीसगढ़ में धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी। साय कैबिनेट की आज हुई बैठक में इस संबंध में फैसला लिया गया। वहीं पीसीसी चीफ दीपक बैज ने सरकार को इस फैसले पर पुनर्विचार करते हुए 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने 3100 रुपये समर्थन मूल्य को बढ़ाकर 3286 रुपये प्रति क्विंटल धान का समर्थन मूल्य करने की भी मांग की। बैज का कहना है कि केंद्र सरकार ने दो बार एमएसपी में बढ़ोतरी की है। इसके अलावा उन्होंने अन्य मुद्दों पर भी बयान दिया। गाय को राजमाता का दर्जा देने मुद्दे पर उठाए सवाल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के “गाय को राजमाता का दर्जा देने” वाले बयान पर दीपक बैज ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि गाय को राजमाता का दर्जा देने की बात कहना भाजपा का पॉलिटिकल प्रोपेगैंडा है। गायों की लगातार मौत हुई है। 5 लाख गाय कहां चली गई, यह बताना चाहिए। कवर्धा में युवा कांग्रेस और भाजयुमो कार्यकर्ताओं के बीच विवाद पर बयान कवर्धा में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ भाजयुमो कार्यकर्ताओं की ओर से मारपीट करने के मामले पर बैज ने कहा कि कवर्धा में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ भाजयुमो नेताओं की ओर से मारपीट निंदनीय है। लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन किया जा रहा था, लेकिन भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने अपशब्द कहे और मारपीट की। 1 नवंबर को प्रधानमंत्री आ रहे हैं तो हम लोग भी विरोध करेंगे। मंत्री केदार कश्यप के बयान पर पलटवार मंत्री केदार कश्यप के कांग्रेस पर धान के मसले पर निशाना साधने और पश्चाताप यात्रा निकालने की सलाह पर बैज ने कहा कि पश्चाताप यात्रा तो भाजपा को निकालनी चाहिए, झूठ बोलकर 15 साल सत्ता में भाजपा रही, दो साल का बोनस भी नहीं दिया। कांग्रेस ने कर्जा माफ किया, घोषणा के मुताबिक धान खरीदा की। भाजपा सरकार किसानों के लिए नौटंकी कर रही है। जिला अध्यक्ष चयन प्रक्रिया पर बयान कांग्रेस जिला अध्यक्ष चयन प्रक्रिया पर मंत्री केदार कश्यप के निशान साधने के मामले पर दीपक बैज ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस में लोकतांत्रिक तरीके से जिला अध्यक्ष का चयन हो रहा है, हमारे यहां पर्ची से मंत्री और मुख्यमंत्री बनाने का चलन नहीं है, पारदर्शी व्यवस्था है। पदाधिकारी चयन में 40 प्रतिशत महिलाओं को जगह देने के सवाल पर कहा कि दीपावली से पहले एआईसीसी को अपनी रिपोर्ट पर्यवेक्षक देंगे। महिला, युवा को 50 फीसदी पदों पर तरजीह देने की सोच है। किसान और बिजली बिल के मुद्दे पर बयान भारतीय किसान संघ के प्रदर्शन और घेराव के ऐलान के मुद्दे पर पीसीसी चीफ बैज ने कहा कि किसान परेशान हैं तो नाराज तो होंगे ही, उनको समय पर खाद-बीज नहीं मिला, बिजली बिल में दो गुना बढ़ोतरी हुई है। भाजपा और संघ से जुड़ा संगठन ही प्रदर्शन कर रहा है तो समझिए कि भाजपा के भीतर भी कुछ न कुछ चल रहा है। अब सरगुजा ओलंपिक के नाम पर भ्रष्टाचार की खोली जा रही नई दुकान – बैज सरगुजा ओलंपिक और डिप्टी सीएम अरुण साव के बयान को लेकर दीपक बैज ने कहा कि पहले बस्तर ओलंपिक के नाम पर खेल कराए गए, बस्तर इसलिए चुना गया ताकि भ्रष्टाचार हो। बस्तर ओलंपिक में 1400 रुपये का ट्रैक सूट 2500 रुपये में खरीदे गए। अब सरगुजा ओलंपिक के नाम पर भ्रष्टाचार की नई दुकान खोली जा रही।

कलेक्टर-विधायक से संबंधों का धौंस बताने वाली शिक्षिका के खिलाफ स्टूडेंट्स का विरोध, हटाने की मांग पर अड़े

दंतेवाड़ा स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल बारसूर के छात्र-छात्राएं अपनी शिक्षिका को हटाने की मांग को लेकर स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। छात्रों का आरोप है कि शिक्षिका माधुरी उइके पिछले तीन वर्षों से उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रही है। छात्रों ने बताया कि शिक्षिका माधुरी स्कूल में उनके साथ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करती है और अभिभावकों को लेकर भी आपत्तिजनक बातें करती हैं। जब शिकायत करने की बात करते हैं तो शिक्षिका उन्हें धमकाती है और कहती हैं कि उनके कलेक्टर और विधायक से सीधे संबंध हैं इसलिए उनका कुछ नहीं बिगड़ सकता। बच्चों का यह भी आरोप है कि महिला शिक्षिका और बीईओ बयान बदलने का दबाव बना रहे हैं। कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग कर चुके हैं बच्चे छात्राओं ने बताया कि उन्होंने बीते दिन सामूहिक रूप से कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर शिक्षिका के खिलाफ ज्ञापन सौंपा था और कार्रवाई की मांग की थी। शुक्रवार को वे अभिभावकों के साथ स्कूल तो पहुंचे, लेकिन कक्षाओं में जाने के बजाय स्कूल परिसर के बाहर ही धरने पर बैठ गए। छात्रों ने कहा कि जब तक शिक्षिका को स्कूल से नहीं हटाया जाता, तब तक वे क्लास में नहीं बैठेंगे। छात्रों का आरोप – शिक्षिका के व्यवहार से स्कूल का माहौल हुआ खराब छात्रों का यह भी आरोप है कि शिक्षिका के व्यवहार से स्कूल का माहौल खराब हो गया है। कई शिक्षक भी परेशान हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता भी छात्रों के समर्थन में धरने में शामिल हुए। उनका कहना है कि शिक्षिका की वजह से न केवल बच्चे, बल्कि कई शिक्षक भी असंतुष्ट हैं। पिछले दो वर्षों में कई कर्मचारी स्कूल छोड़ चुके हैं। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मांग की है कि शिक्षिका माधुरी उइके को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए, ताकि स्कूल का वातावरण दोबारा सामान्य हो सके।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा- समाज के सहयोग और सामाजिक संस्थाओं की सक्रियता से संभव हुए हैं सामुदायिक महत्व के कई कार्य

भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि समाजिक संस्थाएं समाज के सहयोग से सामुदायिक महत्व के कार्यों का संपादन और अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन करती हैं। समाज के सहयोग से कई स्थानों पर मंदिर, शालाओं और अन्य सामुदायिक महत्व के भवनों का निर्माण और अन्य महत्वपूर्ण कार्य संपन्न हुए हैं। सरस्वती विद्या मंदिर द्वारा इस दिशा में की जा रही पहल और जनसामान्य द्वारा इसके लिए दिया जा रहा सहयोग सराहनीय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को रतलाम के काटजू नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में नव निर्मित ‘संघ शताब्दी सभागार’ का लोकार्पण करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दुनिया में कई देश सैन्य और आर्थिक रूप से मजबूत है, लेकिन भारत दुनिया का इकलौता देश है, जहां सनातन संस्कृति से समाज चल रहा है। हम शक्ति में विश्वास न करते हुए संस्कारों में विश्वास करते हैं और सर्वे भवन्तु सुखिनः के भाव के साथ चलते हैं। भारत हजारों सालों से विश्व गुरू रहा है हमने तक्षशिला, नालंदा, विक्रमादित्य विश्वविद्यालयों के माध्यम से दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई थी। दुनिया के कई देशों के लोग सुशासन की स्थापना के लिए अपने देश के नागरिकों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए भारत भेजते थे। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री श्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव उज्जैन के आधुनिक विश्वकर्मा हैं। उनके नवाचार और विकास के कार्य आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उनके मार्गदर्शन में प्रदेश में नई शिक्षा नीति का क्रियान्वयन हुआ है, हमें इसे विस्तार देना है। कार्यक्रम को विद्या भारती के मध्य क्षेत्र के संगठन मंत्री श्री अखिलेश मिश्रा, विद्यालय के अध्यक्ष श्री वीरेंद्र सखलेचा, विद्या भारती मालवा प्रांत के अध्यक्ष श्री प्रकाश धनखड़ ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर छात्राओं ने स्वागत गीत पर आकर्षक नृत्य एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री हिम्मत कोठारी, महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, गोपाल काकानी सहित जनप्रतिनिधि, स्कूल स्टॉफ एवं विद्यार्थी उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभागार के निर्माण के लिए राशिदान देने वाले दानदाताओं को भी सम्मानित किया। 

पहली कैंडिडेट लिस्ट जारी: कांग्रेस के संभावित उम्मीदवारों की सूची

पटना बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज होती जा रही है। अब सिर्फ एनडीए और महागठबंधन में सीट बंटवारे की घोषणा का इंतजार है। सूत्रों के अनुसार, महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर फंसे पेंच की बीच कांग्रेस पार्टी की पहली लिस्ट तैयार हो गई है। कहा जा रहा है कि बस औपचारिक घोषणा होना बाकी है। कुछ संभावित नाम जो कांग्रेस की ओर से चुनाव लड़ सकतें हैं-     कुटुंबा से राजेश राम     कदवा से शकील अहमद खान     बछवाड़ा से शिवप्रकाश गरीब दास     किशनगंज से इजहारुल हुसैन     औरंगाबाद से आनंद शंकर सिंह     मनिहारी से मनोहर प्रसाद सिंह⁠⁠     करहगर से संतोष मिश्रा     मुजफ्फरपुर से विजेंद्र चौधरी     बेगूसराय से अमिता भूषण     रीगा से अमित कुमार टुन्ना     वारिसलीगंज से सतीश     कुमाररोसड़ा से बीके रवि     चेनारी से मंगल राम बता दें कि विपक्षी महागठबंधनकी ओर से मुख्यमंत्री उम्मीदवार को लेकर भी जल्द ही औपचारिक घोषणा की जाएगी। सूत्रों की मानें तो तेजस्वी यादव के नाम पर लगभग सभी सहयोगी दलों की सहमति बन चुकी है।

सीट शेयरिंग को लेकर NDA में तनाव? डिप्टी CM के आवास पर हुई अहम बैठक

पटना  बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राजनीतिक दलों में सीट शेयरिंग को लेकर खींचतान जारी है। ऐसे में एनडीए गठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर महत्वपूर्ण बैठक डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के आवास पर हुई। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, विजय कुमार चौधरी, उमेश कुशवाहा के साथ भाजपा के सम्राट चौधरी, दिलीप जायसवाल और धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद थे।  इस बैठक में दूर हुए कुछ मतभेद बैठक का मुख्य एजेंडा सीट शेयरिंग पर सहमति बनाना था। चर्चा के दौरान गठबंधन के सभी दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर स्थिति पर गहन विचार-विमर्श हुआ। खबर है कि इस बैठक में कुछ मतभेद दूर कर लिए गए हैं और जल्द ही सीट शेयरिंग का आधिकारिक ऐलान किया जाएगा। हालांकि, इससे पहले हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के नेता जीतन राम मांझी ने 15 से 20 सीटों की मांग की थी, जबकि एनडीए गठबंधन ने केवल 7 से 10 सीटें देने की बात कही थी। अब बताया जा रहा है कि बीच का रास्ता निकाल लिया गया है और दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी है। एनडीए के नेताओं का कहना है कि गठबंधन के सभी सदस्य दल मिलकर चुनाव मैदान में उतरेंगे और कोई नाराजगी या मतभेद नहीं है। वे जल्द ही सीट बंटवारे की घोषणा कर बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति को अंतिम रूप देंगे। यह बैठक बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।  

अमृत हरित महाअभियान में नगरीय क्षेत्रों में 35.59 लाख पौधे लगाये गये

अधिकारी एवं विशेषज्ञ कर रहे है स्थल निरीक्षण अमृत मित्रों का प्रशिक्षण जारी भोपाल  मध्यप्रदेश के नगरीय निकाय में 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से अब तक 35 लाख 59 हजार पौधे लगाये जा चुके हैं। लगाये गये पौधों की सुरक्षा के लिये प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की गई है। नगरीय प्रशासन एवं आवास विभाग ने अमृत हरित महाअभियान में सघन पौध रोपण के लिये जनभागीदारी की पहल की थी। इस महाअभियान में एक पेड़ माँ के नाम और वूमेन फॉर ट्रीज जैसे कार्यक्रम शामिल थे। जल संरक्षण एवं प्रशिक्षण के कार्य जारी विभाग द्वारा हरित क्षेत्र विकास के अंतर्गत पौध रोपण के बाद उनकी सुरक्षा की गतिविधियों की समीक्षा के लिये अधिकारियों और विशेषज्ञों के द्वारा स्थल निरीक्षण और सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी जा रही है। प्रदेश में 1123 महिला अमृत मित्रों को पौधो की निगरानी की जिम्मेदारी सौपी गयी है। इनकी संख्या बढ़ाने के लिये महिला स्व-सहायता समूह की अन्य महिलाओं को भी चयन के बाद प्रशिक्षण दिये जाने की व्यवस्था की गई है। अब तक सांची, औबेदुल्लागंज,मंडीदीप, उज्जैन, बदनावर, पीथमपुर, महू, इंदौर, देवास, दतिया सहित कई अन्य नगरीय निकायों में स्थल निरीक्षण और प्रशिक्षण का कार्य किया जा चुका है। सागर, ग्वालियर, मुरैना, रायसेन, विदिशा, भिंड और दतिया जिलों में वॉटर टेस्टिंग और पौध रोपण की समीक्षा के लिये निगरानी कार्यक्रम तैयार कर लिये गये है। जल संरचनाओं का जीर्णोंद्वार देवास एवं धार जिलों में जल संरचनाओं के जीर्णोंद्वार के उल्लेखनीय कार्य किये गये है। जल संरचनाओं के संरक्षण के लिये नागरिकों एवं युवाओं को जागरूक किया जा रहा है। प्रदेश में अमृत मित्र महिला समूहों को पौध रोपण के संरक्षण और पार्कों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौपी गयी है।  

ट्रेन टिकट बदलना हुआ आसान: ऑनलाइन सुविधा से अब तारीख बदलना होगा सिर्फ कुछ क्लिक में

नई दिल्ली  भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए एक नई सुविधा की घोषणा की है, जिससे कंफर्म ट्रेन टिकट की तारीख बदलना अब आसान और सस्ता हो जाएगा। जनवरी 2026 से IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर यात्री अपने टिकट की तारीख बिना किसी कैंसिलेशन चार्ज के बदल सकेंगे। इससे पुराने समय-consuming प्रक्रिया का अंत होगा, जिसमें टिकट कैंसिल कर दोबारा बुक करना पड़ता था। केंद्रीय रेल मंत्री ने किया ऐलान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यह कदम यात्रियों की सुविधा और यात्रा को सस्ता और आसान बनाने के लिए उठाया गया है। नई सुविधा IRCTC के सेंट्रल रिजर्वेशन सिस्टम में जोड़ी जाएगी, जिससे कुछ ही क्लिक में टिकट की तारीख बदली जा सकेगी। नए सिस्टम का तरीका यात्री इस सुविधा का इस्तेमाल IRCTC वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर कर सकेंगे: IRCTC में लॉग इन करें। अपनी बुकिंग चुनें और ‘रिशेड्यूल’ विकल्प पर क्लिक करें। नई यात्रा की तारीख चुनें और सीट उपलब्धता चेक करें। यदि नई तारीख पर किराया बढ़ा है, तो केवल किराए का अंतर चुकाएं। सीट उपलब्ध होने पर टिकट तुरंत कंफर्म हो जाएगा। कैंसिलेशन चार्ज नहीं पहले यात्रियों को टिकट बदलने के लिए कैंसिल कर दोबारा बुक करना पड़ता था और कैंसिलेशन चार्ज देना पड़ता था। नई व्यवस्था में ऐसा नहीं होगा। बस यदि नई तारीख पर किराया अधिक है, तो उसका अंतर देना होगा। सीट उपलब्धता जरूरी रिशेड्यूलिंग तभी संभव होगी जब नई चुनी गई तारीख पर सीट उपलब्ध हो। यदि सीट खाली नहीं है, तो टिकट वही रहेगा। यह सुविधा यात्रियों को अधिक लचीलापन देगी, लेकिन सीट मिलने पर ही बदलाव कंफर्म होगा। ऑनलाइन और आसान प्रक्रिया नई नीति के लागू होने के बाद यात्रियों को स्टेशन या रिजर्वेशन ऑफिस के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं। सब कुछ IRCTC की वेबसाइट और ऐप पर कुछ ही मिनटों में पूरा किया जा सकता है। इससे समय की बचत होगी और अनावश्यक झंझट से राहत मिलेगी। जनवरी 2026 से पहले के नियम टिकट की तारीख ऑनलाइन नहीं बदली जा सकती। टिकट कैंसिल कर दोबारा बुक करना पड़ता है। रेलवे काउंटर से बुक किए गए टिकट को कुछ शर्तों पर बदला जा सकता है, लेकिन इसके लिए चार्ज देना पड़ता है। Tatkal और Premium Tatkal टिकटों में तारीख बदलने की अनुमति नहीं है। यात्रियों के लिए गेम चेंजर सुविधा इस नई पहल से लाखों यात्रियों को लाभ होगा। अब अगर अचानक यात्रा की योजना बदलती है तो टिकट कैंसिल कराने की जरूरत नहीं होगी। बस कुछ क्लिक में टिकट की तारीख आगे या पीछे की जा सकती है। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी। जनवरी 2026 से यह फीचर IRCTC पर उपलब्ध होगा और रेलवे यात्रा को और भी सुविधाजनक और स्मार्ट बना देगा।