samacharsecretary.com

गड़बड़ EVM के आरोपों पर भड़के डिप्टी सीएम शर्मा, कांग्रेस पर लगाया दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप

 रायपुर  बिहार चुनाव में ईवीएम में गड़बड़ी के कांग्रेस के आरोपों पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि वह चुनाव में काम नहीं करते और ठीकरा ईवीएम पर फोड़ते हैं, लेकिन जनता ने उन्हें सबक सिखा दिया है. वह दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू पाए और फिर भी नेता प्रतिपक्ष बने बैठे हैं. किसको श्रेय जाता है, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी इस पर सोचना चाहिए कि उन्होंने संस्थाओं को बर्बाद और बदनाम भी. जहां आपकी (कांग्रेस) की जीत हुई, वहां ईवीएम ठीक कैसे हो गई? छत्तीसगढ़ में आज से शुरू हो चुके धान खरीदी को लेकर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि इस बार 1 लाख अतिरिक्त किसानों ने पंजीयन कराया है. रकबा भी बढ़ा है. सरकार सभी किसानों का धान खरीदेगी. एग्रीस्टेक के माध्यम से पंजीयन प्रक्रियाएं जारी है. उन्होंने कहा कि जहां धान नहीं होगा, वहीं का पंजीयन रोका जाएगा. प्रदेश में गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी : डिप्टी सीएम शर्मा वीरेन्द्र तोमर की गिरफ्तारी और करणी सेना के प्रदर्श की चेतावनी मामले पर डिप्टी सीएम शर्मा ने कहा कि कोई भी सामाजिक संस्था अच्छे काम के लिए होती है, अपराधियों के समर्थन के लिए नहीं. अपराधी तो अपराधी होता है, फिर चाहे वह किसी भी संस्था से जुड़ा हो. यदि अपराधी संस्था से जुड़े है, उस संस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में गड़बड़ करने वालों को नहीं छोड़ा जाएगा. उनके खिलाफ सख़्ती से कार्रवाई की जाएगी.

इतिहास रचा पंत ने: टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बने

नई दिल्ली टीम इंडिय के विस्फोटक विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ जारी कोलकाता टेस्ट में उस समय इतिहास रचा, जब उन्होंने केशव महाराज को लंबा छक्का लगाया। इस एक सिक्स के साथ वह टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। जी हां, अभी तक यह रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग के नाम था, इंग्लैंड दौरे पर पंत ने सहवाग की बराबरी तो कर ली थी, मगर अब उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस रिकॉर्ड को तोड़ नया इतिहास लिखा है। ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट में अब भारत के नए सिक्सर किंग बन गए हैं। वीरेंद्र सहवाग ने अपने करियर में कुल 90 छक्के जड़े थे, वहीं अब 91 छक्कों के साथ ऋषभ पंत पहले पायदान पर पहुंच गए हैं। टॉप-5 बल्लेबाजों की इस लिस्ट में रोहित शर्मा और एमएस धोनी जैसे बड़े नाम भी है जिन्हें ऋषभ पंत पहले ही पछाड़ चुके हैं। भारत के लिए टेस्ट मैचों में सर्वाधिक छक्के 91 ऋषभ पंत 90 वीरेंद्र सहवाग 88 रोहित शर्मा 80 रवींद्र जडेजा 78 एमएस धोनी ऋषभ पंत ने यह उपलब्धिक 38वें ओवर में हासिल की। केशव महाराज की तीसरी गेंद पर चौका लगाने के बाद उन्होंने अगली गेंद पर कदमों का इस्तेमाल किया और मिड ऑफ की दिशा में दनदनाता छक्का लगा दिया। पंत अपने इसी बेखौफ अंदाज के लिए टेस्ट क्रिकेट में जाने जाते हैं। बता दें, टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम 159 रन ही बोर्ड पर लगा पाई। जसप्रीत बुमराह ने इस दौरान 5 विकेट हॉल लिया। खबर लिखे जाने तक भारत ने 114 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए हैं। यशस्वी जायसवाल, वॉशिंगटन सुंदर और केएल राहुल आउट हो चुके हैं। वहीं चोट के चलते शुभमन गिल रिटायर्ड हर्ट हुए थे।  

ऐतिहासिक कदम: छत्तीसगढ़ की पहली हिन्दी फिल्म ‘जानकी’ जल्द ओटीटी पर उपलब्ध

रायपुर छत्तीसगढ़ में बनी पहली हिन्दी फिल्म जानकी पिछले कुछ महीनों से विवादों में चल रही थी. सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दिया था. वहीं, अब जल्द ही ये फिल्म एन. माही फिल्म्स ओटीटी में रिलीज होने जा रही है. बता दें कि फिल्म के प्रोड्यूसर मोहित साहू ने अपने फेसबूक पर एक पोस्ट शेयर करके सभी को जानकारी दिया है कि फिल्म जानकी जो पहले 13 जून को रिलीज होने वाली थी, वो अब 21 नवंबर को रिलीज होगी. ये फिल्म पूरे 9 भाषा हिन्दी, छत्तीसगढ़ी, उड़िया, भोजपुरी, बंगाली, गुजराती, सिंधी, तेलुगू, तमिल में रिलीज होने वाले हैं. ये है मुख्य कलाकार फिल्म जानकी-भाग 1 में जानकी के रोल में अनिकृति चौहान और रघु के किरदार में दिलेश साहू नजर आने वाले हैं. इनके अलावा जीत शर्मा, नीरज उइके, नितीन ग्वाला, अमित गोस्वामी, सुमित्रा साहू, अनुनय शर्मा, दीवाना पटेल, मोहित जोशी, पप्पू चंद्राकर, तेजराम साहू और अमर दास लहरे दिखाई देंगे. इस फिल्म को मोहित साहू ने प्रोड्यूसर और एक्शन डिजाइन किया है. गजेन्द्र देवांगन, आशीष कुमार गोयल और रवि माहवार फिल्म के को-प्रोड्यूसर हैं. कौशल उपाध्याय ने फिल्म की स्क्रिप्ट और निर्देशन किया है. फिल्म के एडिटर गौरांग त्रिवेदी हैं, तो वहीं तोषांत कुमार और मोनिका वर्मा ने संगीत दिया है. फिल्म में गायकों की बात करें तो कैलाश खेर, शान, जावेद अली, देव नेगी, नक्श अजीज और मोनिका वर्मा ने अपनी आवाज दी है.

राजकुमार–पत्रलेखा बने माता-पिता, शादी की सालगिरह पर खुशियों की दस्तक

मुंबई बॉलीवुड कपल राजकुमार राव और पत्रलेखा की जिंदगी में बहुत बड़ी खुशी आई है,  उनके घर एक नन्ही परी का आगमन हुआ है। नए माता-पिता बनने की खुशी में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक प्यारी सी पोस्ट शेयर की, जिसमें लिखा था- "हम बेहद खुश हैं कि भगवान ने हमें एक नन्ही परी का आशीर्वाद दिया है… धन्य माता-पिता पत्रलेखा और राजकुमार।" एक संयुक्त पोस्ट में इस रोमांचक खबर को साझा करते हुए, राजकुमार और पत्रलेखा ने कैप्शन लिखा- "(लाल दिल और हाथ जोड़े इमोजी) भगवान ने हमें हमारी चौथी शादी की सालगिरह पर सबसे बड़ा आशीर्वाद दिया है।" जैसे ही पोस्ट अपलोड हुआ, कमेंट सेक्शन में बधाई संदेशों की बाढ़ आ गई। अभिनेता वरुण धवन ने कहा, "क्लब में आपका स्वागत है दोस्तों।" अभिनेत्री नेहा धूपिया ने लिखा- "बधाई हो दोस्तों सबसे अच्छे जीवन में आपका स्वागत है… माता-पिता बनने का (लाल दिल वाला इमोजी)।" अभिनेता अली फज़ल ने भी नए माता-पिता को बधाई देते हुए कहा- "हे भगवान!!!! यह सुनकर बहुत खुशी हुई। आप दोनों खूबसूरत लोगों को बधाई। मुबारक हो…(लाल दिल वाला इमोजी)।" इस जोड़े की चौथी शादी की सालगिरह पर खुशियों की यह नन्ही किरण आई है। जुलाई में, राजकुमार और पत्रलेखा ने एक प्यारी सी सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए अपनी पहली गर्भावस्था की घोषणा की थी। राजकुमार और पत्रलेखा की प्रेम कहानी की बात करें तो, 'मालिक' अभिनेता ने पत्रलेखा को पहली बार एक विज्ञापन में देखा था। उन्हें वह बहुत प्यारी लगीं और उन्होंने उनसे किसी दिन मिलने की भी इच्छा जताई। किस्मत से, दोनों की मुलाकात हंसल मेहता की 2014 की ड्रामा फिल्म "सिटीलाइट्स" की शूटिंग के दौरान हुई। फिल्म की शूटिंग के दौरान, राजकुमार और पत्रलेखा एक-दूसरे के प्यार में पड़ गए। आखिरकार, अक्टूबर 2021 में, राजकुमार ने शादी का प्रस्ताव रखा और आखिरकार नवंबर 2021 में दोनों ने अपने परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में एक खूबसूरत समारोह में शादी कर ली।  

NDA की बड़ी जीत के बाद सीएम साय का हमला: पश्चिम बंगाल की जनता बदलाव की ओर

रायपुर बस्तर दौरे पर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिहार चुनाव के परिणाम को लेकर कहा कि जनता ने पीएम मोदी पर भरोसा जताया है. बिहार में एनडीए की बड़ी जीत हुई है. पहले बिहार को कुशासन और जंगलराज से जोड़कर देखा जाता था. लेकिन अब एनडीए सरकार में सुशासन और विकास हो रहा है. उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की ओर इशारा करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में भी जंगलराज है, वहां की जनता भी उससे छुटकारा चाहती है. धान खरीदी पर कांग्रेस के आरोप पर सीएम साय का पलटवार धान खरीदी को लेकर सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष मुद्दाविहीन है, हार से बौखलाए हुए हैं. पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने वहां की कमान संभाली थी, लेकिन उनके पास कुछ नहीं है, इसलिए कुछ भी बोल रहे हैं. पूरे प्रदेश में आज से धान खरीदी की भव्य शुरुआत हो रही है. जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में सीएम होंगे शामिल बस्तर के जगदलपुर दौरे को लेकर सीएम साय ने जानकारी दी और कहा कि आज 15 नवंबर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रदेशभर में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है. सीएम ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया. उन्होने कहब कि इसी शुभ दिन पर धान खरीदी की भी भव्य शुरुआत हो रही है.

प्रदूषण से बेहाल दिल्ली: खतरनाक स्तर पर AQI, स्मॉग में छिपी राजधानी की पहचानें

नई दिल्ली  राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर में सर्दी की शुरुआत के साथ ही हवा की गुणवत्ता खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। शनिवार सुबह दिल्ली के कई हिस्सों में घना स्मॉग छाया रहा, जिससे लोगों को आंखों में जलन और सीने में घुटन महसूस हुई। इंडिया गेट पर विजिबिलिटी घटी दिल्ली के पॉपुलर प्लेस इंडिया गेट पर सुबह की सैर के लिए आने वाले लोगों को घने स्मॉग के कारण निराशा हाथ लगी। शनिवार सुबह इंडिया गेट स्मॉग की मोटी चादर में लगभग ओझल हो गया। सुबह 8 बजे यहां AQI 369 दर्ज किया गया, जो 'बेहद खराब' श्रेणी में आता है। हॉटस्पॉट में हवा 'गंभीर' श्रेणी के करीब CPCB के आंकड़ों के मुताबिक प्रदूषण के हॉटस्पॉट माने जाने वाले इलाकों में स्थिति काफी चिंताजनक है। आनंद विहार में सुबह 8 बजे AQI 424 दर्ज हुआ, जो 'गंभीर' श्रेणी की तरफ इशारा करता है। वजीरपुर की हवा का स्तर 447 तक पहुंच गया, जो किसी भी शहर के लिए बेहद खतरनाक है। इसके अलावा लोधी रोड, नजफगढ़, करोल बाग और आईजीआई एयरपोर्ट के पास भी हवा की गुणवत्ता 'बेहद खराब' श्रेणी में बनी हुई है। हवा में धूल कणों, धुएं और नमी के मिश्रण ने एक मोटी स्मॉग की परत बना दी है, जिससे विजिबिलिटी भी काफी कम हो गई है। NCR के हाल भी चिंताजनक दिल्ली से सटे NCR क्षेत्रों में भी हालात बेहतर नहीं हैं। नोएडा सेक्टर-1 में AQI 387 दर्ज किया गया। वहीं गुरुग्राम सेक्टर-51 में AQI 285 रहा। सेहत के लिए गंभीर खतरा इस जहरीली हवा का सबसे बुरा असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस या हृदय रोग से पीड़ित मरीजों पर पड़ रहा है। उन्हें सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी शिकायतें हो रही हैं। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि लंबे समय तक इतनी खराब हवा में रहने से फेफड़ों को स्थायी नुकसान पहुंच सकता है और कैंसर जैसे गंभीर रोगों का खतरा बढ़ जाता है। लोगों के लिए जारी की सलाह दिल्ली सरकार प्रदूषण कम करने के लिए कच्चे ईंधन वाले वाहनों पर रोक, निर्माण स्थलों पर धूल-नियंत्रण के कड़े उपाय, एंटी-स्मॉग गन का उपयोग और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने जैसे कदम उठा रही है। आम जनता के लिए जारी की ये सलाह ·         सुबह और शाम के समय (जब प्रदूषण सबसे अधिक होता है) बाहर निकलने से बचें। ·         घर से बाहर निकलने पर N-95 मास्क का उपयोग करें। ·         घरों में एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें और शरीर को हाइड्रेट रखें। सरकारी एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, लेकिन दिल्ली और एनसीआर में हवा की यह गुणवत्ता यहां के निवासियों के लिए एक बड़ी चिंता का विषय बनी हुई है।

मालती राय का अचानक दौरा: रैन बसेरा की खामियाँ देख अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के आदेश

भोपाल राजधानी भोपाल में कड़ाके की ठंड के बीच महापौर मालती राय ने देर रात शाहजहानी पार्क स्थित रैन बसेरे का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए। महापौर मालती राय ने बताया, यह भोपाल का सबसे बड़ा रैन बसेरा है। सर्दी तेज होने के कारण मैंने स्वयं जाकर देखा कि यहां रुकने वाले लोगों को गर्म कंबल और अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं या नहीं। पिछले साल हमने निर्णय लिया था कि सभी रैन बसेरों में सर्दियों में हीटर लगाए जाएं। आज उसकी व्यवस्था की भी जांच की गई है। उन्होंने आगे कहा कि केयरटेकर को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि शराब या किसी मादक पदार्थ का सेवन करके आने वाले व्यक्तियों को रैन बसेरे में प्रवेश न दिया जाए, क्योंकि इससे अन्य जरूरतमंदों को परेशानी होती है। निरीक्षण के बाद महापौर ने नगर निगम अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के आदेश दिए। शहर के सभी रैन बसेरों में हीटर, गर्म कंबल, स्वच्छ बिस्तर और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

ट्रंप के लिए मुश्किलें बढ़ीं: पूर्व राष्ट्रपति को एक और कानूनी परेशानी

वॉशिंगटन  अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को एक और बड़ा कानूनी झटका लगा है। फेडरल कोर्ट ने उस निर्णय पर रोक लगा दी है, जिसके तहत ट्रंप प्रशासन कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय के लिए जारी फंड को तुरंत रोकना चाहता था। यह फैसला उस समय आया है जब ट्रंप सरकार कई विश्वविद्यालयों पर यह आरोप लगाकर कार्रवाई कर रही है कि वे नस्लीय भेदभाव और यहूदी-विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं। सैन फ्रांसिस्को की जिला अदालत की जज रीटा लिन ने साफ कहा कि प्रशासन विश्वविद्यालय को न तो फंड में कटौती कर सकता है और न ही उस पर कोई त्वरित जुर्माना लागू कर सकता है। इतना ही नहीं, कोर्ट ने उन यूनियनों और संगठनों की याचिका पर भी सहमति जताई है, जो छात्रों, कर्मचारियों और फैकल्टी के हितों का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनका दावा है कि ट्रंप प्रशासन विरोधी आवाज़ों को दबाने के इरादे से कार्रवाई कर रहा है, जो अमेरिकी संविधान का उल्लंघन है। क्या था ट्रंप प्रशासन का दावा? ट्रंप ने कई प्रतिष्ठित कॉलेजों को “उदारवादी और यहूदी-विरोधी विचारधारा से प्रभावित” बताते हुए दर्जनों विश्वविद्यालयों की जांच शुरू करवाई थी। उनका कहना है कि विविधता और समावेशन के नाम पर श्वेत और एशियाई छात्रों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जो नागरिक अधिकार कानून के खिलाफ है। 1.2 अरब डॉलर का जुर्माना और फंड पर रोक ट्रंप प्रशासन ने कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय पर 1.2 अरब डॉलर का भारी भरकम जुर्माना भी लगाया था और रिसर्च फंड पर रोक लगा दी थी। यही नहीं, कोलंबिया सहित कुछ निजी विश्वविद्यालयों के फेडरल फंड भी इसी तरह की कार्रवाई के तहत रोक दिए गए। यूसी अध्यक्ष जेम्स बी. मिलिकेन ने इस जुर्माने पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि इतना बड़ा दंड संस्था की बुनियाद को हिला देगा और उसके संचालन को गंभीर नुकसान पहुंचेगा। कोर्ट का यह फैसला फिलहाल विश्वविद्यालयों को बड़ी राहत देता है और ट्रंप प्रशासन की उस नीति पर बड़ा प्रश्नचिन्ह लगाता है, जिसके तहत वह विश्वविद्यालयों पर राजनीतिक और वैचारिक दबाव बढ़ाने की कोशिश कर रहा था।

आज आएगी रिटेन–रिलीज लिस्ट, सैमसन-जडेजा के भविष्य पर सबकी नज़र

नई दिल्ली  आईपीएल 2026 रिटेंशन डे आ गया है। मिनी ऑक्शन से पहले आज सभी 10 टीमें रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की लिस्ट जारी करेंगी। लिस्ट सामने आने में कुछ ही घंटे बाकी रह गए हैं। इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी सीजन के लिए नीलामी अगले महीने होगी। मिनी ऑक्शन होने के बावजूद टीमें कुछ बड़े खिलाड़ियों को रिलीज कर सकती हैं। रिटेंशन की डेडलाइन से पहलेचेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने संजू सैमसन को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) से ट्रेड किया है। बदले में आरआर ने सीएसक से रवींद्र जडेजा और सैम करन को लिया है।   आईपीएल 2024 की ट्रॉफी जीतने के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का आईपीएल 2025 में प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। तीन बार की आईपीएल चैंपियन टीम को अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में संघर्ष करना पड़ा और केवल 5 जीत ही मिली। हालांकि, रहाणे के केकेआर में बने रहने की संभावना है। वहीं, वेंकाटेश अय्यर को रिलीज किया जा सकता है। केकेआर ने रहाणे को 1.50 करोड़ के बेस प्राइस पर लिया था जबकि अय्यर को 23.75 करोड़ रुपये में खरीदा। रिटेंशन से पहले पांच टीमों के बीच चार ट्रेड डील्स हुईं। कुल 8 खिलाड़ियों की टीम बदली है। मुंबई इंडियंस (एमआई) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) से भारतीय ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर को लिया है। एलएसजी ने एक अलग ट्रेड में एमआई से अर्जुन तेंदुलकर को अपने साथ जोड़ा। एक और कैश ओनली डील में मुंबई ने गुजरात टाइटंस (जीटी) से वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर शेरफेन रदरफोर्ड को हासिल किया। आईपीएल 2026 के लिए मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को अबू धाबी में होगा। मिनी ऑक्शन एक ही दिन का होता है। आईपीएल 2025 के लिए दो दिन का मेगा ऑक्शन हुआ था। दुबई (2023) और जेद्दा (2024) के बाद यह लगातार तीसरी बार होगा जब ऑक्शन का आयोजन विदेश में किया जाएगा।  

BJP नेता की संदिग्ध मौत: झाड़ियों में पड़ा मिला शव

गंगापुर छत्रपति संभाजीनगर के गंगापुर में नरवाड़ी शिवार के पास BJP नेता का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भालगांव निवासी और BJP युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष गणेश रघुनाथ टेमकर के रूप में हुई है। शव हदियाबाद-नरवाड़ी मार्ग पर नलकांडी पुल के पास पाया गया। घटना की जानकारी स्थानीय सरपंच आसिफ पटेल और निवासी गौरव विधाटे ने पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि सड़क से गुजरते समय वहां से उठती दुर्गंध को देखकर उन्होंने पास जाकर झाड़ियों में पड़े व्यक्ति को देखा। उन्होंने तुरंत अपने साथियों के साथ गाड़ी लगाई और शव को उपजिला अस्पताल तक पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस निरीक्षक कुमारसिंह राठौड़ और उनकी टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सही वजह सामने आएगी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। शव के पास मिले दस्तावेज और इलाके में फैंस और समर्थकों की भीड़ के आधार पर पहचान हुई। गंगापुर पुलिस ने मृतक की मौत को संदिग्ध मानते हुए मामला दर्ज किया है और जांच जारी है। स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं में इस घटना को लेकर गहरी चिंता और अफ़सोस का माहौल है। पुलिस ने आस-पास के CCTV फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर हर एंगल से मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।