samacharsecretary.com

IPL ऑक्शन में ग्रीन का तूफान, ₹25.20 करोड़ की बोली ने उड़ाए सबके होश

अबू धाबी इंडियन प्रीमियर लीग (2026) के लिए 16 दिसंबर (मंगलवार) को अबू धाबी में आयोजित मिनी नीलामी में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन पर पैसों की बारिश हुई. ग्रीन को तीन बार की चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा. ग्रीन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए. ग्रीन ने अपने हमवतन मिचेल स्टार्क का रिकॉर्ड तोड़ दिया. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज स्टार्क को आईपीएल 2024 की नीलामी में केकेआर ने 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था. ऋषभ पंत (27 करोड़ रुपये) आईपीएल के सबसे महंगे प्लेयर हैं.  कैमरन ग्रीन के लिए पहली बिड मुंबई इंडियंस (MI) ने 2 करोड़ रुपये की लगाई, जो ग्रीन का बेस प्राइस था. इसके बाद राजस्थान रॉयल्स (RR) ने एंट्री की. फिर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 2.8 करोड़ की बोली लगाई. देखते ही देखते बोली 8 करोड़ के पार पहुंच गई, जहां केकेआर और रॉयल्स के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली. राजस्थान रॉयल्स ने बोली बढ़ाकर 11.8 करोड़ कर दी, जो उनके कुल पर्स का 80 प्रतिशत से ज्यादा था. वहीं, सबसे ज्यादा पर्स वाली केकेआर ने बोली को 12 करोड़ तक पहुंचा दिया. राजस्थान की टीम ने एक आखिरी कोशिश करते हुए बोली 13.6 करोड़ कर दी, शायद यह जानते हुए कि केकेआर यहां रुकने वाली नहीं है. इसके बाद राजस्थान की टीम बाहर होती नजर आई. इसी बीच चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 13.8 करोड़ की बोली लगाकर एंट्री मारी. अब मुकाबला केकेआर और सीएसके के बीच था. बोली तेजी से बढ़ते हुए 16.2 करोड़ तक पहुंच गई, जिसमें सीएसके आगे थी. देखते ही देखते केकेआर ने बोली को 18.4 करोड़ तक पहुंचाया, लेकिन सीएसके ने बिना देर किए बोली को 18.6 करोड़ रुपये कर दिया. पैडल इतनी तेजी से उठ रहे थे कि टेबल पर रखी कैलकुलेटर भी पीछे छूट गई. अब बोली 24 करोड़ के पार जा चुकी थी, लेकिन सीएसके फिर भी पीछे हटने को तैयार नहीं थी. आखिरकार केकेआर ने 25.2 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक बोली लगाई. सीएसके ने यहां हार मान ली और कोलकाता नाइट राइडर्स ने कैमरन ग्रीन को अपने नाम कर लिया. अपने पहले ही सीजन में छा गए थे कैमरन ग्रीन ने आईपीएल में अपना डेब्यू साल 2023 में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए किया था, अपने पहले ही सीजन में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 452 रन बनाए और साथ ही 6 विकेट भी झटके. उनके ऑलराउंड खेल ने उन्हें लीग के सबसे प्रभावशाली युवा खिलाड़ियों में शामिल कर दिया. इसके बाद आईपीएल 2024 से पहले उन्हें एमआई ने 17.5 करोड़ रुपये में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के हाथों ट्रेड कर दिया गया. आरसीबी के लिए खेलते हुए कैमरन ग्रीन ने 255 रन बनाए और गेंदबाजी में भी अहम योगदान देते हुए 10 विकेट अपने नाम किए, हालांकि, पीठ की चोट के चलते उन्हें सर्जरी करानी पड़ी, जिस वजह से कैमरन ने आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में हिस्सा नहीं लिया.अब वह पूरी तरह फिट हो चुके हैं और आईपीएल में केकेआर के लिए धमाल मचाने के लिए उत्सुक हैं.

कांग्रेस नेता का बड़ा दावा: नितिन नबीन का रुख हमारे लिए शुभ, सरकार गठन के मिले संकेत

रायपुर  बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन को भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर विपक्षी दलों से भी तरह-तरह के दिलचस्प प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कई विपक्षी नेताओं ने भी नितिन के व्यावहार और विनम्रता की तारीफ की है। इस बीच कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने तो 'नितिन' को अपने लिए शुभ संकेत बताया और केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने की उम्मीद भी लगा बैठे हैं। ये नेता कोई और नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान नितिन नबीन से जुड़े एक सवाल के जवाब में नितिन गडकरी को याद किया और फिर याद किया कि कैसे एक नितिन के भाजपा अध्यक्ष बनने से उनकी सरकार बनी थी। उन्होंने पहले और दूसरे नितिन का जिक्र करते हुए कहा, 'ये नितिन…. एक नितिन और बना था, नितिन गडकरी है। यह हमारे लिए शुभ संकेत है। नितिन गडकरी जब बना तो हमारी सरकार बनी थी और चरण भैया मंत्री बने थे। यह दूसरा दूसरा नितिन आया है तो फिर से संकेत है कि हमारी केंद्र में सरकार बनने वाली है।' बघेल की बात सुनकर उनके आसपास मौजूद सहयोगी ठहाके लगाने लगे। गौरतलब है कि नितिन गडकरी को दिसंबर 2009 में भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था और कुछ ही महीनों बाद हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व में यूपीए ने जीत हासिल की थी। हालांकि, यह 2009 में भी यूपीए की ही सरकार थी। 2014 के बाद हुए तीन लोकसभा चुनावों में कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियों को हार का सामना करना पड़ा है। लोकसभा चुनावों के अलावा एक के बाद एक कई राज्यों में भी कांग्रेस की उम्मीदों को झटका लगा है। अब भूपेश बघेल ने 'नितिन संयोग' गढ़ने की कोशिश करते हुए कार्यकर्ताओं में उम्मीद जगाने की कोशिश की है।

शिमला के सेब व्यापारी से लुधियाना में 4 लुटेरों ने हथियार की नोक पर 45 हजार रुपए लूटे

लुधियाना  घंटा-घर सुख सागर होटल के निकट गली के बाहर एक शिमला के सेब व्यापारी से 4 लुटेरों ने हथियार की नोक पर 45 हजार रुपए लूट लिए। व्यापारी काफी दहशत में है जिस कारण वह पुलिस कंपलेन करने से भी कतरा रहा है। पंजाब केसरी से बातचीत दौरान शिमला के रहने वाले चिरंजी लाल ने बताया कि उसका सेब का कारोबार है। वह 2 दिन पहने महानगर की सब्जी मंडी में पैमेंट लेने के लिए आया था।  सोमवार रात्रि वह होटल के निकट एक ढाबे से खाना खाकर करीब 10 बजे होटल की तरफ जा रहा था। गली की नुक्कड़ पर 4 बदमाशों ने उसे घेर लिया ओर हथियार की नोक पर धमकाने लगे। बदमाशों ने उसे जान से माने की धमकियां दी उससे 45 हजार रुपए लुट लिए। पीड़ित के अनुसार लुटेरों की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पीड़ित चिरंजी लाल का कहना है कि वह व्यापारी है। लुटेरों ने वारदात को अंजाम दिया है जिस कारण वह काफी दहशत में है। अगर पुलिस उससे संपर्क करती है तो वह सारी जानकारी पुलिस को देने के लिए तैयार है। 

योगी आदित्यनाथ सरकार शहरों को विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी प्रदान करने को लेकर बना रही है रोडमैप

क्षेत्रीय आवागमन संपर्क को बढ़ाने के साथ ही प्रदेश में ‘अंतिम मील कनेक्टिविटी’ होगी सुनिश्चित: CM  योगी आदित्यनाथ सरकार शहरों को विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी प्रदान करने को लेकर बना रही है रोडमैप विभिन्न कॉरिडोर के निर्माण से व्यापार, रोजगार व शहरी अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने की कार्ययोजना को मिलेगा बल ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के तहत प्रदेश में रीजनल ट्रांसपोर्ट सिस्टम को बढ़ाने पर किया जा रहा है फोकस हाई-स्पीड परिवहन नेटवर्क के जरिए शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन तेज व सुगम बनाने का खाका हो रहा तैयार लखनऊ उत्तर प्रदेश को 'उत्तम प्रदेश' बनाने के लिए प्रतिबद्ध मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार विजन-2047 के लक्ष्यों को साकार करने की दिशा में प्रदेश की परिवहन संरचना को सशक्त और आधुनिक बनाने पर निरंतर कार्य कर रही है। ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ की परिकल्पना के तहत सरकार का प्रमुख फोकस क्षेत्रीय आवागमन संपर्क की अवसंरचनाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ अंतिम मील कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने पर है, ताकि प्रदेश के शहरों, कस्बों तथा औद्योगिक क्षेत्रों को तेज, सुरक्षित तथा विश्वस्तरीय मानकों के अनुरूप परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। रीजनल कनेक्टिविटी को मिलेगी नई गति प्रदेश सरकार हाई-स्पीड परिवहन नेटवर्क के माध्यम से शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन को तेज और सुगम बनाने का व्यापक खाका तैयार कर रही है। इसके अंतर्गत प्रमुख शहरों तथा आर्थिक केंद्रों को जोड़ने के लिए हाई-स्पीड रेल नेटवर्क के विकास पर भी ध्यान केंद्रित किया गया है। भविष्य की जरूरतों के अनुरूप इसे प्रदेश में एक हजार किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में किस प्रकार व्यवस्थित रूप से स्थापित किया जाए, इसे लेकर कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इस नेटवर्क के साकार होने से न केवल यात्रा का समय घटेगा, बल्कि लोगों की आवाजाही आसान होने के साथ ही आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। क्षेत्रीय परिवहन नेटवर्क के विस्तार व कॉरीडोर निर्माण पर जोर प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों के विस्तार तथा व्यापक कायाकल्प को लेकर जो खाका तैयार किया जा रहा है, उसमें रीजनल ट्रांसपोर्ट सिस्टम को सुदृढ़ करना भी शामिल है। योजना के अनुसार, प्रदेश में रीजनल ट्रांसपोर्ट सिस्टम को मजबूत करने के लिए लगभग 1500 किलोमीटर क्षेत्र में विस्तारित परिवहन नेटवर्क के विकास को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना निर्माण पर काम किया जा रहा है। इसके साथ ही विभिन्न ऑर्बिटल कॉरिडोर्स के निर्माण को लेकर भी कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिससे शहरों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने और नगरीय क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। ये कॉरिडोर औद्योगिक क्षेत्रों, लॉजिस्टिक्स हब तथा नगरीय केंद्रों को बेहतर तरीके से जोड़कर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेंगे। इसी कड़ी में इंटरसिटी हाइपरलूप, प्रदेश के प्रमुख शहरों में मेट्रो रेल परियोजनाओं का संचालन और विस्तार तथा वॉटर मेट्रो नेटवर्क को बढ़ाने पर भी फोकस किया जा रहा है। व्यापार, रोजगार तथा निवेश को मिलेगा प्रोत्साहन बेहतर रीजनल कनेक्टिविटी से प्रदेश में व्यापार व उद्योग को नई दिशा मिलेगी। विभिन्न कॉरिडोर तथा परिवहन नेटवर्क के विकास से उद्योगों को कच्चे माल, बाजार तथा श्रम शक्ति तक सुगमता से पहुंच प्राप्त होगी। इससे न केवल प्रदेश में निवेश को बल मिलेगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। योगी आदित्यनाथ सरकार का मानना है कि सशक्त परिवहन अवसंरचना आर्थिक विकास की रीढ़ होती है। ऐसे में इन योजनाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप किस प्रकार आगे बढ़ाया जाए, इस दिशा में व्यापक कार्ययोजना निर्माण पर कार्य किया जा रहा है। अंतिम मील कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान प्रदेश सरकार की रणनीति केवल बड़े परिवहन नेटवर्क तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अंतिम मील कनेक्टिविटी को प्रमुख प्राथमिकता दी जा रही है। रीजनल परिवहन प्रणालियों को शहरी और अर्ध-शहरी इलाकों से जोड़ने के लिए परिवहन साधनों के विकास पर जोर दिया जा रहा है, जिससे लोगों को घर से कार्यस्थल, बाजार तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक निर्बाध पहुंच मिल सके। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्पष्ट दृष्टिकोण है कि मजबूत, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन व्यवस्था के बिना प्रदेश का समग्र विकास संभव नहीं है। विजन-2047 को केंद्र में रखते हुए रीजनल कनेक्टिविटी के साथ ही अंतिम मील कनेक्टिविटी को एकीकृत रूप से विकसित करने को लेकर कार्य जारी है। इन प्रयासों के माध्यम से उत्तर प्रदेश को न केवल राष्ट्रीय स्तर पर, बल्कि वैश्विक मानचित्र पर भी एक सशक्त तथा विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए जा रहे हैं।

चुनाव आयोग ने जारी की पश्चिम बंगाल की SIR ड्राफ्ट लिस्ट, जानें कितने वोटरों के नाम हुए कट

कलकत्ता  पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव है. उससे पहले एसआईआर को लेकर हलतल तेज है. इस बीच चुनाव आयोग ने वह लिस्ट जारी कर दी है, जिसमें वोटरों के नाम काटे गए हैं. जी हां, चुनाव आयोग यानी निर्वाचन आयोग ने आज मंगलवार को एसआईआर 2026 के तहत पश्चिम बंगाल की मसौदा मतदाता सूची (ड्राफ्ट वोटर लिस्ट) से हटाए गए मतदाताओं की सूची प्रकाशित की है. इस लिस्ट के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में कुल 58 लाख वोटरों के नाम कट गए हैं. दरअसल, चुनाव आयोग की इस लिस्ट में उन वोटरों के नाम , जो 2025 में राज्य की वोटर लिस्ट में शामिल थे, लेकिन 2026 की ड्राफ्ट लिस्ट से हटा दिए गए हैं. पश्चिम बंगाल से जुड़ी एसआईआर वाली यह लिस्ट अभी चुनाव आयोग के पोर्टल लिंक ceowestbengal.wb.gov.in/asd_sir पर उपलब्ध है. हालांकि, चुनाव आयोग ने ऐसे वोटरों को आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया है, जिनके नाम कट गए हैं. 58 लाख वोटरों के नाम कटे? चुनाव आयोग के सूत्रों के अनुसार, ‘इकट्ठा न किए जा सकने वाले SIR एन्यूमरेशन फॉर्म की संख्या 58 लाख से ज़्यादा है, और उन्हें उनके रजिस्टर्ड पते पर मौजूद न होने, स्थायी रूप से शिफ्ट होने, मृत होने या एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में ‘डुप्लीकेट’ वोटर के रूप में मार्क किए जाने के आधार पर हटा दिया गया है. कब तक आपत्ति दर्ज करने का मौका? चुनाव आयोग की वेबसाइट पर बताया गया है, ‘पीड़ित व्यक्ति ड्राफ्ट लिस्ट पब्लिश होने के बाद दावे और आपत्तियां दर्ज करने के लिए तय समय यानी 16/12/2025 से 15/01/2026 तक फॉर्म 6 के साथ डिक्लेरेशन फॉर्म और सपोर्टिंग डॉक्यूमेंट्स जमा कर सकते हैं.’ इसका मतलब है कि जिन लोगों के नाम कट गए हैं, उनके पास 15 जनवरी तक आपत्ति दर्ज करने का वक्त है. बता दें कि 294 सदस्यों वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा के चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने हैं. पश्चिम बंगाल से एसआईआर के तहत कितने वोटर के नाम हटे?     चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, कुल 58,20,898 नाम मसौदा सूची से हटाए गए हैं.     इनमें सबसे ज्यादा 24,16,852 लोग मृत पाए गए.     19,88,076 लोग स्थानांतरित हो चुके थे.     12,20,038 लोग लापता मिले.     1,38,328 नाम डुप्लीकेट थे.     57,604 अन्य श्रेणी में पाए गए. आखिर एसआईआर की जरूरत क्यों? अब सवाल है कि आखिर पश्चिम बंगाल में एसआईआर की जरूरत क्यों? इसे लेकर पश्चिम बंगाल में खूब बवाल है. हालांकि, चुनाव आयोग ने साफ कर दिया है कि यह प्रक्रिया पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है. बंगाल से पहले एसआईआर की प्रक्रिया बिहार में भी अपनाई जा चुकी है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामलला के श्रीचरणों में टेका माथा, हनुमानगढ़ी में भी किए दर्शन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामलला के श्रीचरणों में झुकाया शीश, हनुमानगढ़ी में भी लगाई हाजिरी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामलला के श्रीचरणों में टेका माथा, हनुमानगढ़ी में भी किए दर्शन अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रामलला और हनुमानगढ़ी में की पूजा-अर्चना योगी आदित्यनाथ ने रामलला के श्रीचरणों में झुकाया शीश, हनुमानगढ़ी में भी लगाई हाजिरी पूजन-अर्चन के साथ ही आमजन का किया अभिवादन, जनप्रतिनिधियों व भाजपा नेताओं ने किया मुख्यमंत्री का स्वागत अयोध्या  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अयोध्या के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। अयोध्या आगमन पर महापौर, जनप्रतिनिधियों सहित भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री सुबह सबसे पहले महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे। जहाँ से वह सीधे हनुमानगढ़ी गए और संकटमोचन हनुमान के दरबार में विधिवत हाजिरी लगाई। दर्शन-पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री ने उपस्थित आमजन का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। उन्होंने श्रीरामलला के श्रीचरणों में शीश झुकाकर श्रद्धा व्यक्त की और विधिवत पूजा अर्चना की। मंदिर परिसर में आध्यात्मिक वातावरण के बीच मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर अयोध्या में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। जनप्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अयोध्या के समग्र विकास और धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलने की बात कही।

हाईकोर्ट में गरमाया माहौल: ‘आप वकील कहलाने के योग्य नहीं’ सुनते ही भड़कीं जज साहिबा

नई दिल्ली  बार चुनावों को लेकर गंभीर आरोप लगाने वाले वकील को दिल्ली हाईकोर्ट ने फटकार लगाई है। दिल्ली हाईकोर्ट ने वकील की फेसबुक पोस्ट पर आपत्ति जताई है। साथ ही कहा है कि वह वकील बनने तक के लायक नहीं हैं। हालांकि, कोर्ट ने अवमानना की कार्यवाही करने से इनकार कर दिया है, लेकिन वकील को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है।   मामला दिल्ली डिस्ट्रिक्ट कोर्ट बार एसोसिएशन चुनावों से जुड़ा हुआ है। यहां एक एडवोकेट ने फेसबुक पर चुनाव में गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए थे और भड़काऊ पोस्ट की थी। जस्टिस मिनी पुष्करणा ने इस पर कड़ी आपत्ति जाहिर की है। उन्होंने वकील की आलोचना की और मामला बार काउंसिल ऑफ इंडिया के पास भेजने की बात कही है। बार एंड बेंच के अनुसार, उन्होंने कहा, 'अगर आप इस तरह की पोस्ट डालते हैं, तो आप वकील बनने के लायक ही नहीं हैं। चुनाव कभी भी दोस्ताना नहीं होते और खासतौर से बार के। इससे आपको ये सब पोस्ट करने का अधिकार नहीं मिलता है। मैं इस मामले को बार काउंसिल ऑफ इंडिया के पास भेजूंगी। ये सब क्या बकवास है। बार में ऐसे नेता नहीं होने चाहिए। कोर्ट आपके इस काम और सफाई से खुश नहीं है। कोर्ट ऐसे बार नेताओं के होने की उम्मीद नहीं करता है।' कोर्ट में पोस्ट करने वाले वकील की तरफ से एडवोकेट महमूद पर्चा पेश हुए थे। उन्होंने मुवक्किल की ओर से बगैर शर्त माफी मांगी है। हालांकि, कोर्ट ने आदेश दिए हैं कि वकील की तरफ से सोशल मीडिया पर की गईं पोस्ट्स को हटाया जाए। जज ने कहा, 'कोर्ट की गरिमा को बनाए रखना है। आप इस बात के व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे कि पोस्ट डिलीट की जाएं। कोर्ट ये उम्मीद नहीं करता कि बार के नेता ऐसा हों।' कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि एडवोकेट के फेसबुक पोस्ट को गंभीरता से लिया गया है। हालांकि, बगैर शर्त माफी मांगने और केस को देखते हुए कोर्ट की अवमानना की कार्यवाही नहीं की जा रही है। कोर्ट ने वकील को भविष्य में ऐसी कोई भी पोस्ट नहीं करने की चेतावनी देकर छोड़ा है। अदालत ने कहा है कि ऐसी कोई भी पोस्ट न की जाएं, जिसके कोर्ट की गरिमा को धक्का लगे।

पंजाब रजिस्ट्री सिस्टम में बड़ा एक्शन तय, इन वर्गों पर लटकी तलवार

लुधियाना  ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पूर्वी तहसील में जाली एन.ओ.सी. लगाकर रजिस्ट्रियां करवाने वाले एजैंटों पर भी किसी समय पुलिस की बड़ी कार्रवाई हो सकती है और इस गिरोह का पुलिस द्वारा पर्दाफाश किया जा सकता है। गौरतलब है कि ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पूर्वी तहसील में पिछले लंबे समय से कुछ खासमखास एजैंटों द्वारा सब रजिस्ट्रार दफ्तर में काम करने वाले कुछ कर्मचारियों की मदद से जाली एन.ओ.सी. लगाकर प्लाटों की रजिस्ट्रियां करवाई जा रही हैं जिसके चलते कई लोगों द्वारा इस गोरखधंधे की शिकायतें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और डिप्टी कमिश्नर लुधियाना को की जा चुकी है।  गौरतलब है कि पूर्वी तहसील में जाली एन.ओ.सी. द्वारा करवाई गई एक रजिस्ट्री के चलते ज्वाइंट सब रजिस्ट्रार की शिकायत पर 2 आरोपियों के खिलाफ थाना मोती नगर में साजिश तहत धोखाधड़ी करने और जाली दस्तावेज लगाकर रजिस्ट्री करवाने का मामला 1 दिसम्बर, 2025 को दर्ज हो चुका है। पुलिस द्वारा उक्त मामले में प्लाट बेचने वाले आरोपी जोगा सिंह पुत्र निरंजन सिंह वासी अमन नगर और प्लाट खरीदने वाली महिला बलजिंदर कौर पत्नी अवतार सिंह वासी न्यू बसंत विहार काकोवाल रोड के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं थाना मोती नगर की पुलिस द्वारा उक्त मामले में शामिल बाकी आरोपियों की जांच की जा रही है कि इस रजिस्ट्री करवाने में किन-किन आरोपियों द्वारा साथ दिया गया है। मुख्यमंत्री को की जा चुकी है शिकायत जिला रैवेन्यू एडवोकेट एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट डेविड गिल द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पूर्वी तहसील में फर्जी एन.ओ.सी. लगाकर प्लाट की रजिस्ट्री करवाने में शामिल कर्मचारियों और एजैंटों की शिकायत पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को की गई है। उन्होंने बताया कि उक्त गोरख धंधे को चलाने वाले लोगों द्वारा रिश्वतखोरी करके कई करोड़ रुपए की बेनामी संपत्ति बनाई जा चुकी है। जाली एन.ओ.सी. बनवाने वालों पर हो सख्त कार्रवाई : बस्सी न्यू एकता वैल्फेयर सोसाइटी वर्धमान कॉलोनी के प्रधान दिनेश कुमार बस्सी ने बताया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को जाली एन.ओ.सी. लगाकर रजिस्ट्रियां करवाने वाले और बेचने वाले एजैंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। ताकि आगे से कोई भी व्यक्ति सरकार को धोखा देकर जाली एन.ओ.सी. लगाकर रजिस्ट्री न करवा सके।    

पैट कमिंस की टेस्ट टीम में वापसी, ऑस्ट्रेलिया ने घोषित की प्लेइंग-11, 2 खिलाड़ी बाहर

सिडनी  ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच इन दिनों पांच टेस्ट मैचों की एशेज सीरीज खेली जा रही है. इस सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच 17 दिसंबर यानी बुधवार से एडिलेड में खेला जाने वाला है. इस टेस्ट के लिए इंग्लैंड ने सोमवार को अपनी प्लेइंग-11 का ऐलान कर दिया था. अब ऑस्ट्रेलिया ने भी अपनी प्लेइंग-11 का ऐलान कर दिया है. ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग-11 में 2 बदलाव ऑस्ट्रेलिया ने एडिलेड में खेलने जाने वाले तीसरे टेस्ट मैच के लिए अपनी प्लेइंग-11 में 2 बड़े बदलाव किए हैं. टीम में कप्तान पैट कमिंस की वापसी हुई है, जो अपने पेश बॉलिंग से कंगारूओं को मजबूती प्रदान करते हुए नजर आएंगे. इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया की टीम अनुभवी स्पिनर नाथन लियोन को भी जगह मिली है. इन दोनों की जगह ब्रेंडन डॉगेट और माइकल नेसर को बाहर किया गया है. उस्मान ख्वाजा को नहीं मिली टीम में जगह इसका मतलब है कि अनुभवी ओपनर उस्मान ख्वाजा अभी भी टीम से बाहर हैं, क्योंकि वह पीठ की समस्या के बाद प्लेइंग-11 में वापसी की कोशिश कर रहे हैं, जबकि बैक-अप बल्लेबाज जोश इंग्लिस ने टीम में अपनी जगह बनाए रखी है और नंबर 7 पर बल्लेबाजी करेंगे. कमिंस ने कहा कि 2-0 की सीरीज बढ़त के बावजूद ऑस्ट्रेलियाई टीम में अपनी जगह वापस न पाने से ख्वाजा निराश थे, लेकिन उन्होंने जिस तरह से इस खबर को संभाला, उसकी तारीफ की है. कमिंस ने मंगलवार को एडिलेड में ख्वाजा के बारे में कहा, 'वह एक सच्चे टीम मैन हैं. टीम को जो भी चाहिए, वह करेंगे. यह सिर्फ उजी ही नहीं हैं, ब्यू वेबस्टर भी हैं, जो इन तीन टेस्ट से बाहर रहे हैं. नेसर ने पांच विकेट लिए हैं और डॉगी (डॉगेट) पहले दो टेस्ट में खेले और बहुत अच्छा कर रहे हैं'. वापसी पर क्या बोले कप्तान कमिंस कमिंस के लिए यह मैच साल के बीच में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलने के बाद पहला टेस्ट मैच होगा, दाएं हाथ के गेंदबाज ने बताया कि वह वापसी के लिए तैयार हैं और जितने ओवर वह गेंदबाजी कर सकते हैं, उससे सीमित नहीं होंगे. कमिंस ने कहा, 'हां, मैं खेलने के लिए तैयार हूं. मैं कुछ समय से 100 प्रतिशत पर गेंदबाजी कर रहा हूं. अगर मैं ब्रिस्बेन में खेलता तो शायद सीमित ओवरों में गेंदबाजी करता लेकिन इस हफ्ते यह किसी भी अन्य टेस्ट मैच की तरह खेलना है'. #WTC23 फाइनल का जीत का पल ऑस्ट्रेलिया : जेक वेदरल्ड, ट्रैविस हेड, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, कैमरन ग्रीन, एलेक्स कैरी, जोश इंग्लिस, पैट कमिंस (कप्तान), मिशेल स्टार्क, नाथन लियोन, स्कॉट बोलैंड. इंग्लैंड : जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), विल जैक्स, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग.

संजय सरावगी ने साझा किया आशीर्वाद और नई जिम्मेदारी का अनुभव

दरभंगा दरभंगा भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद संजय सरावगी अपने पैतृक जिला दरभंगा पहुंचे और मिथिलांचल के प्रसिद्ध श्यामा माई मंदिर में माथा टेककर मां का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने जिस विश्वास के साथ उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। संजय सरावगी ने कहा कि जैसे ही प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा हुई, वह बिना पार्टी कार्यालय या अपने आवास गए सीधे मां श्यामा माई के दरबार पहुंचे। उन्होंने कहा कि इसी शक्तिपीठ से उन्हें ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है और मां के आशीर्वाद से ही उन्हें लगातार छठी बार जनता की सेवा करने का अवसर मिला है। 'सभी सहयोगी दलों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करेंगे' उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को धरातल पर उतारना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली प्रचंड जीत के बाद सभी सहयोगी दलों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर भाजपा संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर नितिन नवीन ने संजय सरावगी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी की विशेषता है कि यहां छोटे से छोटे कार्यकर्ता को भी उसके परिश्रम और समर्पण के आधार पर बड़े दायित्व और सम्मान दिए जाते हैं। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी करके मनाया जश्न भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद पर संजय सरावगी के नाम की औपचारिक घोषणा होते ही श्यामा माई मंदिर परिसर में उत्सव का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और गुलाल उड़ाकर खुशी का इजहार किया। संजय सरावगी ने स्वयं सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मंदिर पहुंचने की जानकारी साझा की। गौरतलब है कि दरभंगा का प्रसिद्ध श्यामा माई मंदिर दरभंगा महाराज रामेश्वर सिंह की चिता स्थल पर निर्मित है। मंदिर परिसर में दरभंगा राज परिवार के कई सदस्यों की चिताएं स्थित हैं, जिन पर विभिन्न मंदिर बनाए गए हैं। वर्ष 1988 में आए विनाशकारी भूकंप में इस मंदिर को कोई क्षति नहीं पहुंची थी। भूकंप के बाद यहां प्रतिवर्ष नौ दिनों तक विशाल नवाहन यज्ञ का आयोजन किया जाता है, जिसमें विधायक संजय सरावगी का उल्लेखनीय योगदान रहा है।