samacharsecretary.com

एसआईआर अभियान को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने की पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक

गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में अपना शत प्रतिशत योगदान दें। एसआई आर में लगने वाली आपकी मेहनत लोकतंत्र के लिए है इसलिए घर-घर संपर्क करें। एक-एक नाम जुड़वाने का काम करें। मतदाता सूची में कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए। कार्यकर्ता घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाने का कार्य करें। सीएम योगी शुक्रवार दोपहर बाद योगिराज बाबा गम्भीरनाथ प्रेक्षागृह में एसआईआर अभियान को लेकर  भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर रहे थे। बैठक में भाजपा महानगर के सात मंडलों के पदाधिकारी-कार्यकर्ता शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग भारत के लोकतंत्र को कमजोर करना चाहते हैं, वही लोग एसआईआर पर अनर्गल टिप्पणी कर रहे हैं। वह जीते तो उनका पुरुषार्थ और अगर वह हारते हैं तो इवीएम को दोषी ठहराते हैं। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों का यही एकमात्र मुद्दा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र मजबूत होगा देश मजबूत होगा। विपक्षी पार्टियां नहीं चाहतीं कि लोकतंत्र मजबूत हो। मुख्यमंत्री ने एसआईआर अभियान को एक राष्ट्रीय जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में सभी को अपना योगदान देना होगा। उन्होंने मंडल अध्यक्षों से एसआईआर के तहत अब तक किए गए कार्यों का वृत्त लिया और प्रारूप 6, 7 और 8 का बैग भी कार्यकर्ताओं को दिया।  बैठक को सांसद रविकिशन शुक्ल, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ.धर्मेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। विषय प्रस्तावना, स्वागत भाषण व आभार ज्ञापन महानगर संयोजक राजेश गुप्ता ने तथा संचालन महामंत्री अच्युतानंद शाही ने किया। बैठक में विधायक विपिन सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष  विश्वजितांशु सिंह आशु, डॉ. सत्येन्द्र सिन्हा, महानगर महामंत्री ओमप्रकाश शर्मा, इन्द्रमणि उपाध्याय, महानगर इकाई के अन्य पदाधिकारी, राप्ती नगर, मालवीय नगर, दीनदयाल नगर, गोरक्ष नगर, आर्य नगर, बिस्मिल नगर व गीता नगर मंडलों के अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक आदि उपस्थित रहे।

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के निर्देशों के बाद आयुष्मान कार्ड वितरण में आई तेजी

अब तक 12, 283 करोड़ रुपये से अधिक के इलाज के क्लेम सेटल 9 करोड़ लक्षित लाभार्थियों में से 5,42,13,534 आयुष्मान कार्ड हुए जारी लखनऊ उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना आम नागरिकों तक तेज़ी से पहुँच रही है। सरकार का फोकस यह सुनिश्चित करने पर है कि कोई भी पात्र गरीब परिवार स्वास्थ्य सुविधा से वंचित न रहे। प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना के तहत 9 करोड़ लक्षित लाभार्थियों में से 5,42,13,534 आयुष्मान कार्ड हुए जारी हो चुका है।  करोड़ों रुपये का कैशलेस इलाज, गरीबों को बड़ी राहत आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाता है। यह सुविधा प्रदेश के सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी दी जा रही है। अब तक योजना के अंतर्गत 74.4 लाख लाभार्थियों के इलाज के मामले, 12,283 करोड़ रुपये से अधिक का क्लेम सेटल किया जा चुका है। इससे लाखों परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक संबल मिला है। मुख्यमंत्री योगी की सख्ती से व्यवस्था में सुधार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आयुष्मान कार्ड बनाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अवरोध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी का परिणाम है कि अब विभागीय स्तर पर कार्ड पूरी तरह मुफ्त और सरल प्रक्रिया से बनाए जा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे। हर तबके तक पहुंचाने का संकल्प योगी सरकार का लक्ष्य है कि यह योजना केवल कागज़ों तक सीमित न रहे, बल्कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक वास्तविक लाभ पहुंचे। आयुष्मान कार्ड ने प्रदेश के गरीब, श्रमिक, वृद्ध और जरूरतमंद परिवारों को इलाज के लिए कर्ज या जमीन बेचने की मजबूरी से राहत दी है।

‘गरिमा भूलना लोकतंत्र का अपमान’—हिजाब विवाद में रांची में नीतीश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन

रांची हिजाब प्रकरण को लेकर बिहार से लेकर झारखंड तक बवाल मचा हुआ है. शुक्रवार को रांची में झारखंड मुस्लिम युवा मंच के सदस्यों ने ‘महिलाओं का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ के नारों के साथ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला फूंका. मोहम्मद शाहिद अय्यूबी ने कहा कि जब कोई संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति अपनी मर्यादा भूलकर महिला का अपमान करता है, तो वह केवल एक महिला नहीं बल्कि पूरे समाज, संविधान और लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंचाता है. झारखंड मुस्लिम युवा मंच के अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद अय्यूबी ने कहा कि हम उस देश में रहते हैं जहां नारी को शक्ति, सम्मान और संवेदना का प्रतीक माना गया है. हिंदू धर्म में नारी को दुर्गा, लक्ष्मी और सरस्वती का स्वरूप कहा गया है. वहीं इस्लाम में मां के कदमों तले जन्नत बताई गई है और बेटी को जिगर का टुकड़ा बताया गया है. याद दिल दें कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान कथित तौर पर एक महिला डॉक्टर के हिजाब हटाने वाले प्रकरण को लेकर झारखंड की राजधानी रांची में मुस्लिम युवा मंच ने जोरदार प्रदर्शन किया. संगठन के अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद अय्यूबी के नेतृत्व में आक्रोशित युवाओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन कर कड़ा विरोध दर्ज कराया. अय्यूबी ने कहा कि जब कोई संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति अपनी मर्यादा भूलकर महिला का अपमान करता है, तो वह केवल एक महिला नहीं बल्कि पूरे समाज, संविधान और लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंचाता है. उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ केवल एक सरकारी नारा नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है, जिसे आचरण और भाषा दोनों में अपनाना होगा. दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे देश में महिलाओं और अल्पसंख्यकों के अधिकारों का खुलेआम हनन हो रहा है. झारखंड मुस्लिम युवा मंच ने केंद्र एवं राज्य सरकारों से मांग की कि वे महिला अधिकारों और अल्पसंख्यक अधिकारों की केवल बात न करें, बल्कि सख्त कानून, स्पष्ट कार्रवाई और जवाबदेही सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में कोई भी प्रभावशाली व्यक्ति इस तरह का दुस्साहस न कर सके. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ हाथों में तख्तियां लेकर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया. यह विरोध आंदोलन किसी एक व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि महिला सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए है. जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती और सार्वजनिक जीवन में महिलाओं के सम्मान की गारंटी नहीं दी जाती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा. मोहम्मद शाहिद ने कहा कि जब देश की बेटियां शिक्षा, चिकित्सा, विज्ञान और प्रशासन के क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं, तब उन्हें इस प्रकार अपमानित किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक मर्यादाओं के खिलाफ है. देश में किसी महिला, वह भी एक डॉक्टर के साथ, इस तरह का व्यवहार अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक है.

महिला वकील को थाने में अवैध रूप से रोके जाने का मामला, सुप्रीम कोर्ट सख्त, यूपी व केंद्र से जवाब तलब

नोएडा नोएडा के एक थाने में महिला वकील को कथित रूप से कई घंटे तक बंधक बनाकर यौन शोषण करने के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अदालत ने गौतमबुद्ध नगर के पुलिस आयुक्त को निर्देश दिया है कि घटना वाले दिन पुलिस स्टेशन में लगे कैमरों की फुटेज किसी भी स्थिति में न हटाई जाए और उसे सीलबंद लिफाफे में सुरक्षित रखा जाए। महिला वकील ने सुप्रीम कोर्ट से अनुरोध किया है कि उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को सेक्टर-126 पुलिस स्टेशन में उस समय तैनात अधिकारियों के खिलाफ तुरंत प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया जाए। साथ ही उन्होंने मांग की है कि मामले की जांच एसआईटी या सीबीआई को सौंपी जाए, ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके। जस्टिस विक्रम नाथ और एन. वी. अंजारिया की पीठ ने पीड़ित वकील की ओर से दाखिल याचिका पर सुनवाई की। याचिका में दावा किया गया है कि तीन दिसंबर की रात उन्हें सेक्टर-126 पुलिस स्टेशन में पुलिसकर्मियों द्वारा कथित रूप से 14 घंटे तक अवैध हिरासत में रखा गया। इस दौरान उनके साथ यौन उत्पीड़न और जबरदस्ती किए जाने का आरोप लगाया गया है, जबकि वह अपने मुवक्किल से जुड़े दायित्व निभाने के लिए वहां मौजूद थीं। पीठ ने मामले में केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और गौतमबुद्ध नगर के पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर सात जनवरी तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद ने कहा कि मामला दो पक्षों के बीच विवाद से संबंधित था, जिसमें एक पक्ष की ओर से महिला अधिवक्ता भी थाने पहुंची थीं। उन्होंने बताया कि अब अधिवक्ता ने आरोप लगाया है कि थाने में उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। डीसीपी ने कहा कि पुलिस अपनी स्तर से पूरे मामले की जांच कर रही है और न्यायालय के सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। याचिकाकर्ता की ओर से सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह ने पीठ के समक्ष कहा कि यह अत्यंत गंभीर मामला है, जिसमें एक महिला वकील के साथ कथित यौन दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें अवैध रूप से हिरासत में रखा गया। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यदि यह घटना दिल्ली के पास नोएडा में हो रही है, तो पूरे देश की सुरक्षा स्थिति की गंभीरता को समझा जा सकता है। पीठ ने बताया कि आम तौर पर वह संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत इस तरह की याचिकाओं पर विचार नहीं करती और याचिकाकर्ता को संबंधित हाईकोर्ट जाने की स्वतंत्रता देती है। हालांकि, याचिका में लगाए गए गंभीर आरोपों और इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए कि मामला पुलिस स्टेशन में घटना के दौरान सीसीटीवी कैमरों को ब्लॉक करने से भी संबंधित है, अदालत ने इस याचिका पर विचार करने का निर्णय लिया। वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह ने पीड़ित महिला वकील की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। जस्टिस विक्रम नाथ ने कहा कि इस आदेश के बाद कोई भी उसे परेशान करने की हिम्मत नहीं करेगा। सुनवाई के दौरान, वरिष्ठ अधिवक्ता सिंह ने थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को तुरंत जब्त करने की भी मांग की। हाईकोर्ट क्यों नहीं गएः सुप्रीम कोर्ट सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई की शुरुआत में सवाल किया कि याचिकाकर्ता ने अपनी शिकायत लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट से क्यों संपर्क नहीं किया। पीठ ने कहा कि उन्हें पूरी सहानुभूति है और हाईकोर्ट को उचित कार्रवाई करने देना चाहिए। इस पर महिला अधिवक्ता की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट याचिका को हाईकोर्ट में ट्रांसफर कर सकता है। पीठ ने जवाब में कहा कि समस्या यह है कि यदि हम इस याचिका पर सुनवाई शुरू करते हैं, तो दिल्ली के आसपास के सभी मामले केवल सुप्रीम कोर्ट में ही आने लगेंगे। इसके बाद वरिष्ठ अधिवक्ता सिंह ने पीठ से अनुरोध किया कि इसे एक तरह का टेस्ट केस माना जाए। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट पहले से ही सीसीटीवी फुटेज मामले की निगरानी कर रहा है, जो अत्यंत महत्वपूर्ण है। ‘गर्दन पर पिस्टल रखा गया’ महिला वकील की ओर से याचिका में आरोप लगाया गया है कि पुलिसकर्मियों ने सरकारी पिस्तौल उनकी गर्दन पर रखकर मोबाइल फोन का पासवर्ड सौंपने के लिए मजबूर किया, जिससे उनकी जान तत्काल खतरे में पड़ गई। याचिकाकर्ता ने यह भी बताया कि उन्हें फर्जी मुठभेड़ में मारे जाने की धमकियां दी गईं। याचिका में यह आरोप भी शामिल है कि अधिकारियों ने थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों को दुर्भावनापूर्ण तरीके से बंद या हटा दिया, जो सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए अनिवार्य आदेश का स्पष्ट उल्लंघन था।

भोपाल को मिली मेट्रो की सौगात, आज होगा शुभारंभ, जानें रूट, किराया और समय

भोपाल यात्रीगण कृपया ध्यान दें … राजधानी को आठ साल बाद आज मेट्रो की सौगात मिलने जा रही है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शाम 5.10 सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन से मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद शाम 5.15 बजे वह मेट्रो में बैठकर एम्स मेट्रो स्टेशन तक जाएंगे। जहां स्वागत कार्यक्रम में वह कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। हालांकि इसके पहले शाम 4 बजे मिंटो हॉल में भोपाल मेट्रो का लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित होगा। शाम 4.45 बजे लोकार्पण किया जाएगा। कार्यक्रम में देश के कई बड़े दिग्गज नेता शामिल हो रहे हैं। 21 दिसंबर से शहर के नागरिक मेट्रो में सफर कर सकेंगे। भोपाल मेट्रो सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगी। मेट्रो का न्यूनतम किराया 20 रुपये से शुरू है। तीन से पांच स्टेशन का किराया 30 रुपये और एम्स से सुभाष नगर तक का किराया 40 रुपये रहेगा। दिनभर में मेट्रो ट्रेन कुल 17 फेरे लगाएगी। सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन से 8 फेरे और एम्स मेट्रो स्टेशन से 9 फेरे लगाए जाएंगे। 75 मिनट के अंतराल में मेट्रो को चलाया जाएगा। इस दौरान मेट्रो 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। यात्री को मैन्युअली टिकट लेना होगा। मेट्रो का टाइम-टेबल क्या है? मेट्रो प्रशासन ने शुक्रवार को संचालन का टाइम-टेबल जारी किया। एम्स मेट्रो स्टेशन से पहली ट्रेन सुबह 9 बजे चलेगी और 9.25 बजे सुभाष नगर पहुंचेगी। सुभाष नगर से पहली ट्रेन 9.40 बजे रवाना होकर 10.05 बजे एम्स पहुंचेगी। एम्स से आखिरी ट्रेन शाम 7 बजे चलेगी, जो 7.25 बजे सुभाष नगर पहुंचेगी। वहीं सुभाष नगर से अंतिम ट्रेन शाम 6.25 बजे रवाना होकर 6.50 बजे एम्स स्टेशन पहुंचेगी।

खलबली मचा गया! IND vs SA में बुमराह ने तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड, सालों तक नहीं टूटेगा ये कीर्तिमान

अहमदाबाद टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह सिर्फ विकेट लेने वाले गेंदबाज नहीं हैं, बल्कि वह रन मशीन पर ब्रेक लगाने में भी माहिर हैं। उन्होंने एक बड़ा कमाल करके ये साबित भी कर दिया है। जसप्रीत बुमराह जैसा कोई नहीं। हम ऐसा यूं ही नहीं कह रहे। ये बात तो सभी जानते हैं कि वो दुनिया के नंबर 1 बॉलर हैं, मैच विनर हैं और बार-बार टीम इंडिया को तीनों फॉर्मेट में विकेट निकालकर देते हैं, लेकिन 19 दिसंबर 2025 की शाम उन्होंने एक बड़ा कारनामा कर दिखाया। उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह क्यों मौजूदा दौर के सबसे खतरनाक और भरोसेमंद भारतीय तेज गेंदबाज माने जाते हैं। दरअसल, भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 5वां टी20 मैच अहमदाबाद में हुआ, जिसे भारत ने 30 रनों से जीत लिया। बुमराह ने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 17 रन खर्च किए और 2 अहम विकेट झटके। टीम इंडिया को जीत दिलाने में अहम रोल निभाया। इस स्पेल के दम पर बुमराह ने वो कमाल कर दिखाया, जिसका सपना हर बॉलर देखता है। उन्होंने अपने इस नए कमाल से भारतीय क्रिकेट का इतिहास भी बदल डाला। आखिर क्या है बुमराह का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड? दरअसल, जसप्रीत बुमराह अब 5 या उससे कम इकॉनमी के साथ सबसे ज्यादा स्पेल डालने वाले बॉलर बन गए हैं। उन्होंने 19वीं बार यह कारनामा कर दिखाया। ऐसा करने वाले वो पहले भारतीय पेसर बन गए हैं। इस मामले में उनके आसपास भी कोई नहीं है। दूसरे नंबर पर भुवनेश्वर कुमार हैं, जिन्होंने 8 दफा ये कमाल किया था। यानी बुमराह उनसे भी दोगुने से ज्यादा बार यह कारनामा कर चुके हैं। फिर अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या का नाम है, जिन्होंने 4-4 बार, जबकि इरफान पठान और आशीष नेहरा 3-3 बार ही ऐसा कर पाए हैं। मैच में बुमराह (4-0-17-2) T20I में 5 या उससे कम इकॉनमी रेट के साथ सबसे ज्यादा 4 ओवर स्पेल 19 बार- जसप्रीत बुमराह 8 बार- भुवनेश्वर 4 बार- अर्शदीप सिंह 4 बार- हार्दिक पांड्या 3 बार- इरफान पठान 3 बार- आशीष नेहरा क्यों खास बॉलर हैं बुमराह? बुमराह का ये रिकॉर्ड बताता है कि वो कितने कीमती पेसर हैं। उनके खिलाफ रन बनाना हमेशा से कठिन रहा है। बुमराह के इस रिकॉर्ड को तोड़ना आसान नहीं होगा। आने वाले कई सालों तक ये रिकॉर्ड अमर रहने वाला है। बुमराह की सबसे बड़ी ताकत उनकी यॉर्कर, स्लोअर गेंद और सटीक लाइन-लेंथ मानी जाती है। वह पावरप्ले में विकेट निकाल सकते हैं, मिडिल ओवर्स में रन रोक सकते हैं और डेथ ओवर्स में बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं देते। यही वजह है कि टीम इंडिया जब भी दबाव में होती है, कप्तान सबसे पहले गेंद बुमराह के हाथ में थमाता है।

PM Kisan 22nd Installment Update: जानें कब मिलेगा 2000 रुपए का लाभ

नई दिल्ली प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-Kisan) के करोड़ों लाभार्थी किसान अब 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं। हाल ही में 19 नवंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योजना की 21वीं किस्त जारी की थी, जिसके तहत करीब 9 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 18,000 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए थे। PM Kisan योजना के तहत कितनी मिलती है राशि पीएम किसान योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को हर साल कुल ₹6,000 की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि ₹2,000 की तीन किस्तों में हर चार महीने में सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है। अब तक जारी किस्तों का विवरण 19वीं किस्त: फरवरी 2025 20वीं किस्त: अगस्त 2025 21वीं किस्त: नवंबर 2025 साल 2025 की तीनों किस्तें जारी हो चुकी हैं। अब अगली किस्त 22वीं किस्त होगी, जो 2026 की पहली किस्त मानी जाएगी। PM Kisan 22वीं किस्त कब आएगी? सरकारी तौर पर अभी 22वीं किस्त की तारीख घोषित नहीं हुई है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स और पिछली किस्तों के पैटर्न के अनुसार माना जा रहा है कि PM Kisan 22वीं किस्त फरवरी 2026 में जारी हो सकती है। क्योंकि इससे पहले भी साल की पहली किस्त फरवरी महीने में ट्रांसफर की जाती रही है। PM Kisan 22वीं किस्त का स्टेटस कैसे चेक करें किसान योजना से जुड़ी हर आधिकारिक जानकारी pmkisan.gov.in वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाती है। यहां आप किस्त की स्थिति , लाभार्थी सूची , e-KYC स्टेटस, भुगतान से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकते हैं। साथ ही, वेबसाइट पर मौजूद KISAN E-MITRA चैटबोट की मदद से भी किसान अपने सवालों के जवाब पा सकते हैं।

B Praak के घर फिर गूंजी किलकारी, पोस्ट में शेयर किया बेटे के आध्यात्मिक पुनर्जन्म का भाव

मुंबई फेमस सिंगर बी प्राक (B Praak) अपने गानों के लिए अक्सर चर्चा में बने रहते हैं. लेकिन इस समय वो दूसरी बार पिता बनने को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में उनकी पत्नी मीरा बच्चन ने बेटे को जन्म दिया है. बेटे के जन्म की जानकारी खुद सिंगर ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर दिया और बेटे के नाम का खुलासा करते हुए उसको आध्यात्मिक पुनर्जन्म बताया है. बेटे के नाम का किया खुलासा बता दें कि बी प्राक ने अपने इंस्टाग्राम के पोस्ट के कैप्शन में लिखा- ‘सब राधे राधे है. जय श्रीकृष्ण’. बी प्राक के पोस्ट में बाल कृष्ण की एक फोटो शेयर किया गया है. साथ ही अपने बेटे के नाम का खुलासा करते हुए लिखा- ”द्विज बच्चन, पुनर्जन्म – एक आध्यात्मिक पुनर्जन्म, राधे श्याम की दिव्य कृपा से, हमें 01 दिसंबर, 2025 को एक बेटे का आशीर्वाद मिला है’. शेयर किए फोटो में आगे लिखा- ‘हमारा दिल कृतज्ञता और खुशी से भर गया है. सूरज फिर से उग आया है, जो हमारे जीवन में रोशनी, आशा और नई शुरुआत लेकर आया है. सब राधे राधे है. जय श्री कृष्ण.’ बी प्राक और उनकी पत्नी मीरा बच्चन  ने बेटे का नाम द्विज बच्चन रखा है. बता दें कि बी प्राक की पत्नी मीरा बच्चन ने साल 2020 में अपने बेटे को जन्म दिया था. इसके बाद साल 2022 में इस कपल का दूसरा बेटा हुआ, लेकिन जन्म के तुरंत बाद उसकी मौत हो गई थी. वहीं, साल 2025 के अंत में इस कपल के घर फिर से बेटे द्विज बच्चन की किलकारी गुंज गई है.

शोक में नीतीश कुमार: सास का IGIMS में निधन, बेटे के साथ बांस घाट पहुंचे सीएम

पटना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सास विद्यावती देवी का निधन हो गया है। उन्होंने 90 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। लंबे समय से बीमार चल रहीं विद्यावती देवी को 47 दिन पहले इलाज के लिए पटना के आईजीआईएमएस (IGIMS) में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार शाम करीब 6:40 बजे उनका निधन हो गया। इधर, आज सुबह अंतिम दर्शन के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना स्थित बांस घाट पहुंचे। उनके साथ उनके पुत्र निशांत कुमार भी मौजूद रहे। इस दौरान दोनों की आखें नम दिखीं। इसके अलावा मंत्री अशोक चौधरी, न्यास बोर्ड के अध्यक्ष रणवीर नंदन समेत NDA के कई वरिष्ठ नेता भी बांस घाट पहुंचे और अंतिम दर्शन किए।  बताया जा रहा है कि विद्यावती देवी पिछले काफी समय से अस्वस्थ थीं और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन से मुख्यमंत्री परिवार में शोक की लहर है। राजनीतिक और सामाजिक जगत से जुड़े कई लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। बांस घाट पर अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी कर ली गईं, जहां परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने लिखा कि प्यारी नानी मां के देहांत की दुखद खबर से मन अत्यंत व्यथित और शोकाकुल है। वे केवल एक नानी ही नहीं, बल्कि स्नेह और ममता की वह छांव थीं, जिनके किस्से, दुलार और सदा मुस्कुराता चेहरा हमेशा हमारे हृदयों में जीवित रहेगा। उनका प्रेम, अपनापन और आशीर्वाद हमारे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने आगे लिखा कि आपने हमें प्यार, संस्कार और अच्छाई का पाठ पढ़ाया। मैं वादा करता हूं कि आपकी दी हुई सीख और मूल्यों को जीवन भर आत्मसात रखूंगा। आप जहाँ भी हों, सदैव सुखी रहें और ऊपर से हम सबको अपना आशीर्वाद देती रहें। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकसंतप्त परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।

क्राउली 100 से पहले आउट, इंग्लैंड को छठा झटका; लियोन का कहर जारी

एडिलेड   स्पिनर नाथन लियोन ने कप्तान बेन स्टोक्स को बोल्ड कर इंग्लैंड की आधी टीम पवेलियन लौटा दी है। लियोन ने स्टोक्स को बोल्ड कर ऑस्ट्रेलिया को पांचवीं सफलता दिलाई। स्टोक्स पांच रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल क्रीज पर क्राउले और जैमी स्मिथ मौजूद हैं। इससे पहले, ट्रेविस हेड के शतक और एलेक्स कैरी के अर्धशतक की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे एशेज टेस्ट मैच की दूसरी पारी में 349 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने इस तरह कुल 434 रनों की बढ़त हासिल की और इंग्लैंड के सामने 435 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। इंग्लैंड को शुरुआती झटके ऑस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में ऑलआउट करने के बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने सलामी बल्लेबाज बेन डकेट को अपना शिकार बनाया। कमिंस ने लाबुशेन के हाथों डकेट को कैच कराया जो चार रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद जैक क्राउले ने ओली पोप के साथ पारी आगे बढ़ाई, लेकिन कमिंस ने इंग्लैंड को एक और झटका दे दिया। कमिंस ने लाबुशेन के ही हाथों पोप को कैच कराया। पोप 29 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 17 रन बनाकर आउट हुए। कमिंस ने तोड़ी साझेदारी तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने जो रूट को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को तीसरी सफलता दिलाई। रूट और जैक क्राउले के बीच तीसरे विकेट के लिए 78 रनों की साझेदारी हुई। रूट और क्राउले ने शुरुआती झटकों के बाद इंग्लैंड को संभाल लिया था और टी ब्रेक तक इन दोनों ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को अन्य सफलता हासिल नहीं करने दी थी, लेकिन तीसरे सत्र की शुरुआत में ही कमिंस ने इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया। रूट 63 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए। क्राउली का पचासा जैक क्राउली और हैरी ब्रूक ने चौथे विकेट के लिए शानदार साझेदारी की जिससे इंग्लैंड का स्कोर 150 रन के पार पहुंच गया। क्राउली ने इस दौरान अर्धशतक भी पूरा किया। ऑस्ट्रेलिया के लिए क्राउली और ब्रूक की साझेदारी परेशानी का कारण बन रही थी, लेकिन नाथन लियोन ने हैरी ब्रूक को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को चौथी सफलता दिलाई। क्राउली और ब्रूक ने चौथे विकेट के लिए 68 रन जोड़े। ब्रूक ने 56 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 30 रन बनाए। लियोन ने फिर कप्तान बेन स्टोक्स को बोल्ड कर इंग्लैंड की आधी टीम पवेलियन लौटा दी। स्टोक्स पांच रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया ने चौथे दिन की शुरुआत दूसरी पारी में चार विकेट पर 271 रन से की। ट्रेविस हेड और एलेक्स कैरी ने पारी आगे बढ़ाई। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 162 रनों की साझेदारी की जिससे ऑस्ट्रेलिया की बढ़त 300 रन के पार पहुंच गई। इस साझेदारी को जोश टंग ने हेड को आउट कर तोड़ा। हेड 219 गेंदों पर 16 चौकों और दो छक्कों की मदद से 170 रन बनाकर आउट हुए। इसके कुछ देर बाद कैरी भी पवेलियन लौट गए। उन्हें बेन स्टोक्स ने अपना शिकार बनाया। कैरी 128 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 72 रन बनाए। हेड और कैरी के आउट होने के बाद ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी ऑलआउट होने में ज्यादा देर नहीं लगी। ऑस्ट्रेलिया के लिए जोश इंग्लिस ने 10, कमिंस ने 6 और बोलैंड ने एक रन बनाए, जबकि स्टार्क सात रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड की ओर से टंग को चार विकेट मिले, जबकि ब्राइडन कार्स को तीन सफलता मिली। वहीं, जोफ्रा आर्चर, विल जैक्स और स्टोक्स को एक-एक विकेट मिले।