samacharsecretary.com

सागर में एम.पी. ट्रांस्को के कार्मिकों ने सीखीं जीवन रक्षक तकनीकें

भोपाल मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी एवं शासकीय बुंदेलखण्ड चिकित्सा महाविद्यालय, सागर के संयुक्त तत्वावधान में सी.पी.आर. एवं अन्य ऐसे ही जीवन रक्षक तकनीकों‘‘ पर प्रशिक्षण कार्यशाला हुई। एम.पी. ट्रांस्को के ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस उप मुख्यालय- सागरकी पहल पर आयोजित हुई इस प्रशिक्षण कार्यशाला मे सागर के अधीक्षण अभियंता एम.वाय. मंसूरी, कार्यपालिक अभियंता एस.के. मुड़ा द्वारा कार्यक्रम के उद्देश्य एवं विषय की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। संयोजक सहायक अभियंता एम.ए. बेग एवं कनिष्ठ अभियंता जे.पी. असाटी के सतत् प्रयासों से आयोजित कंपनी के कार्मिकों एवं समाज के लिए बहुउपयोगी एवं जीवनरक्षक इस कार्यशाला के सफल आयोजन में एम.पी. ट्रांसको और मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र कंपनी सागर के करीब 100 मेंटनेन्स, ऑपरेटिंग एवं सुरक्षा कर्मियों ने हिस्सा लिया। चिकित्सकों द्वारा दिया गया व्यवहारिक प्रशिक्षण सी.पी.आर. प्रशिक्षण के लिये उपयोग किये जाने वाले मानव पुतले एवं कुछ वीडियों की सहायता से सी.पी.आर. तकनीक का व्यवहारिक और उपयोगी प्रशिक्षण दिया गया। चिकित्सकों द्वारा अन्य जीवन रक्षक तकनीकों यथा पानी में डूबे हुए व्यक्ति का बचाव, किसी भी प्रकार के शॉक लगने वाले व्यक्ति का बचाव, सिक्का या किसी अन्य वस्तु का गलती से श्वास नली में फंस जाने एवं चोट लगने पर उसका प्राथमिक उपचार इत्यादि पर विस्तृत जानकारी भी दी गई। प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान भी इस कार्यशाला में किया गया। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर के इन विशेषज्ञो ने दिया प्रशिक्षण प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीएमसी, सागर के आकस्मिक चिकित्सा विभाग के विभागाध्यक्ष एवं प्राध्यापक डॉ सत्येंद्र उईके, सह प्राध्यापक एवं निश्चेतना विभाग के डॉ मोहम्मद इलियास,,निश्चेतना विभाग के ही डॉ दीपक गुप्ता, सहायक प्राध्यापक एवं मीडिया प्रभारी डॉ. सौरभ जैन, सहायक प्राध्यापक डॉ उमेश पटेल शामिल थे।  

श्रीलंकाई उद्योग समूह जॉन कील्स के साथ निवेश अवसरों पर हुई चर्चा

भोपाल WEF-दावोस-दूसरा दिन वर्ल्ड इकोनॉमिक दावोस यात्रा के दूसरे दिन प्रमुख सचिव तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार श्री मनीष सिंह ने श्रीलंका के प्रतिष्ठित औद्योगिक समूह जॉन कील्स होल्डिंग्स पीएलसी के चेयरमैन श्री कृष्णन बालेंद्र के साथ मीटिंग की। उन्होंने राज्य में निवेश एवं सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में लॉजिस्टिक्स, आतिथ्य (हॉस्पिटैलिटी), खाद्य प्रसंस्करण एवं पर्यटन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में मध्यप्रदेश में उपलब्ध अवसरों पर विचार-विमर्श किया गया। राज्य सरकार द्वारा निवेश को प्रोत्साहित करने हेतु लागू नीतियों एवं उपलब्ध प्रोत्साहनों की जानकारी भी प्रतिनिधिमंडल के साथ साझा की गई। जॉन कील्स समूह ने भारतीय कंपनियों के साथ अपने मौजूदा व्यावसायिक जुड़ाव तथा भारत में विभिन्न टाई-अप्स के माध्यम से अपने व्यापार की जानकारी दी। प्रमुख सचिव श्री सिंह ने राज्य की अनुकूल निवेश नीति, मजबूत अवसंरचना, कुशल मानव संसाधन एवं उद्योग-अनुकूल वातावरण को रेखांकित करते हुए जॉन कील्स समूह को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया।  

गुकेश और अर्जुन का मुकाबला बराबरी पर खत्म, टाटा स्टील मास्टर्स में प्रज्ञानानंद का जीत से आगाज़

वाइक आन ज़ी, (नीदरलैंड्स) टाटा स्टील मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट के तीसरे राउंड में भारतीय ग्रैंडमास्टर्स डी. गुकेश और शीर्ष वरीयता प्राप्त अर्जुन एरिगैसी के बीच मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। दोनों खिलाड़ियों ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन अंततः बाज़ी बराबरी पर छूटी। कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई कर चुके जर्मनी के मैथियास ब्लूबाउम ने इस प्रतियोगिता में अपनी पहली जीत दर्ज की। उन्होंने अपने ही देश के विन्सेंट कीमर को हराया और तीन राउंड के बाद दो अंकों के साथ लीडर्स के समूह में शामिल हो गए। अन्य भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो अरविंद चिथंबरम ने उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव के साथ ड्रॉ खेला। वहीं आर. प्रज्ञानानंद ने शुरुआती दो हार के बाद वापसी करते हुए चेक गणराज्य के थाई दाई वान गुयेन के खिलाफ ड्रॉ हासिल कर टूर्नामेंट में अपना खाता खोला। 14 खिलाड़ियों के इस 13 राउंड के सुपर टूर्नामेंट में अभी 10 राउंड बाकी हैं। फिलहाल अर्जुन एरिगैसी, अब्दुसत्तोरोव और अमेरिका के हांस नीमन दो अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। उनके साथ ब्लूबाउम और नीदरलैंड्स के जॉर्डन वान फॉरेस्ट भी लीडर्स के समूह में शामिल हैं। शीर्ष खिलाड़ियों और दूसरे स्थान पर मौजूद शतरंज खिलाड़ियों के बीच केवल आधे अंक का अंतर है, जिससे साफ है कि रेस्ट डे से पहले आने वाले कुछ राउंड बेहद निर्णायक साबित हो सकते हैं। अर्जुन और गुकेश के बीच मुकाबला क्वीन्स गैम्बिट एक्सेप्टेड ओपनिंग में खेला गया। इस ओपनिंग का प्रयोग पहले राउंड में प्रज्ञानानंद ने अर्जुन के खिलाफ किया था, लेकिन तब उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इस बार गुकेश ने बेहतर तैयारी दिखाई और सफेद मोहरों को अपने राजा के पास आने से रोके रखा। अर्जुन ने ज्यादा जोखिम नहीं लिया और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हो गया। अरविंद चिथंबरम ने शुरुआत से ही ठोस खेल दिखाया। सफेद मोहरों से खेलने के बावजूद उन्हें ओपनिंग में खास बढ़त नहीं मिली और अब्दुसत्तोरोव ने आसानी से बराबरी हासिल कर ली। यह मुकाबला भी जल्द ड्रॉ पर खत्म हो गया। तीसरे राउंड के परिणाम : * अर्जुन एरिगैसी (2) ने डी. गुकेश (1.5) के साथ ड्रॉ खेला * जॉर्डन वान फॉरेस्ट (नीदरलैंड्स, 2) ने अनीश गिरी (नीदरलैंड्स, 0.5) को हराया * थाई दाई वान गुयेन (चेक गणराज्य, 1.5) और आर. प्रज्ञानानंद (0.5) के बीच ड्रॉ * अरविंद चिथंबरम (1.5) और नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव (उज्बेकिस्तान, 2) के बीच ड्रॉ * हांस नीमन (अमेरिका, 2) और यागिज़ कान एरदोगमुस (तुर्किये, 1.5) के बीच ड्रॉ * विन्सेंट कीमर (जर्मनी, 1) को मैथियास ब्लूबाउम (जर्मनी, 2) ने हराया * जावोखिर सिंदारोव (उज्बेकिस्तान, 1.5) और व्लादिमीर फेडोसीव (स्लोवेनिया, 1.5) के बीच ड्रॉ  

मतदाता सूची विवाद ने पकड़ा तूल, पूर्व पार्षद की शिकायत पर पुलिस में मामला दर्ज

जयपुर राजस्थान में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 89 में मतदाता सूची से नाम हटाने की कथित साजिश का मामला सामने आया है। पूर्व पार्षद अकबरद्दीन ने पुलिस थाना लालकोठी (जयपुर पूर्व) में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उनके नाम को वोटर लिस्ट से हटाने के लिए फर्जी फॉर्म-7 भरकर झूठी घोषणा की गई। अकबरद्दीन ने बताया कि उनका नाम वार्ड 89, बूथ संख्या 107 (सांगानेरी गेट) की मतदाता सूची में EPIC नंबर MCM 3202645 के साथ दर्ज है। उन्होंने SIR प्रक्रिया के तहत नियमानुसार बीएलओ द्वारा दिया गया परिगणना प्रपत्र भी जमा कराया था। पूर्व पार्षद के अनुसार, 15 जनवरी को जब वे बूथ पर पहुंचे तो बीएलओ पुष्पा ने उन्हें बताया कि अशोक नामक व्यक्ति ने उनके नाम, मकान नंबर और EPIC नंबर का उपयोग कर फर्जी फॉर्म-7 जमा कराया। फॉर्म में झूठी घोषणा की गई कि अकबरद्दीन स्थायी रूप से स्थानांतरित हैं, जबकि वे जन्म से उसी पते पर अपने परिवार के साथ निवास कर रहे हैं। अकबरद्दीन ने बताया कि उनका मकान संख्या 188 उनके पिता द्वारा 50 वर्ष पहले खरीदा गया था और वर्षों तक वही उनका पार्षद कार्यालय भी रहा। इसके बावजूद उन्हें उनके संवैधानिक मताधिकार से वंचित करने का प्रयास किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि फॉर्म-7 भरने वाला अशोक, भाजपा BLA सुनील का भाई है और दोनों ने मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा। आरोप है कि बूथ संख्या 107 पर दर्जनों फर्जी फॉर्म-7 जमा कराए गए। पूर्व पार्षद ने कहा कि आरोपियों ने जानबूझकर बीएलओ को मिथ्या सूचना और साक्ष्य दिए, जो लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 और भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं के तहत दंडनीय है। उन्होंने पुलिस से मांग की कि दोषियों के खिलाफ तत्काल मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।

गाजा प्लान पर ट्रंप को झटका, शक्तिशाली देश ने दिखाई ठेंगा, भारत किस राह पर?

वाशिंगटन अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के गाजा बोर्ड ऑफ पीस प्लान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। खबर है कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमेनुएल मैक्रों ने इसमें शामिल होने से इनकार करने की तैयारी कर रहे हैं। दरअसल, ट्रंप के इस बोर्ड को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि फ्रांस के इस फैसले की वजह यह हो सकती है। इधर, स्थायी सदस्यता के लिए 1 बिलियन डॉलर फीस भी सवालों के घेरे में है।   ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में मामले के जानकारों के हवाले से बताया गया कि ट्रंप गुरुवार को दावोस में इसपर दस्तखत चाहते हैं। साथ ही उन्होंने फ्रांस की वाइन और शैंपेन पर 200 फीसदी टैरिफ लगाने की भी धमकी दे दी है। हालांकि, माना जा रहा है कि फ्रांस ने यह फैसला बोर्ड के UNSC के विकल्प या प्रतिद्वंद्वी के तौर पर उभरने के चलते उठाया है। इसे लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। अब अगर मैक्रों की तरफ से न्योता अस्वीकार कर दिया जाता है, तो यह यूरोप के कई देशों के नेताओं के फैसले पर असर डाल सकता है। हालांकि, किसी भी नेता बोर्ड का खुलकर विरोध नहीं किया है। हालांकि, हंगरी एकमात्र ऐसा यूरोपीय देश है, जिसने ट्रंप का न्योता स्वीकार कर लिया है। अमेरिका ने पाकिस्तान, वियतनाम, जॉर्डन, ग्रीस, तुर्की, मिस्र समेत करीब 60 देशों बोर्ड में आने के लिए आमंत्रित किया है। फ्रांस को दे दी टैरिफ की धमकी ट्रंप ने कहा, 'खैर, कोई भी उन्हें नहीं चाहता, क्योंकि वह जल्द ही दफ्तर से बाहर होने वाले हैं।' उन्होंने कहा, 'मैं उनकी वाइन्स और शैंपेन पर 200 प्रतिशत टैरिफ लगाऊंगा और वह शामिल हो जाएंगे।' खास बात है कि 2027 में मैक्रों का दूसरा कार्यकाल खत्म हो रहा है। भारत का क्या प्लान भारत ने गाजा पर अंतरराष्ट्रीय शांति बोर्ड के गठन को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निमंत्रण पर अभी कोई प्रतिक्रिया जाहिर नहीं की है। हालांकि हिन्दुस्तान से बातचीत में सत्रों ने कहा कि इस पर विचार-विमर्श किया जा रहा है तथा अगले कुछ दिनों में फैसला ले लिया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि निमंत्रण का अध्ययन किया जा रहा। अगले कुछ दिनों के भीतर इसमें शामिल होने या नहीं होने पर फैसला लिया जाएगा। ट्रंप ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘बोर्ड ऑफ पीस’ का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया। यह निकाय, गाजा में स्थायी शांति लाने और ‘वैश्विक संघर्ष’ के समाधान के लिए ‘‘एक साहसिक नए दृष्टिकोण’’ पर काम करेगा। ट्रंप ने मोदी को एक पत्र लिखा, जिसे भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया पर साझा किया।

बिजनौर की रितु बनी उद्यमी, कैफे से रोजाना सात हजार रुपये की कमाई

पति की दिहाड़ी से आत्मनिर्भरता तक : सीएम योगी की आजीविका नीति ने बदली ग्रामीण महिला की तकदीर हौसले की उड़ान : सामान्य गृहणी से उद्यमी बनकर लखपति दीदी बनने का पूरा किया सपना लखनऊ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश भर में संचालित 'राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन' ग्रामीण महिलाओं के जीवन में निर्णायक बदलाव ला रहा है। सरकार की यह पहल महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ा रही है। प्रशिक्षण, वित्तीय सहयोग और बाजार से सीधा जुड़ाव, योगी सरकार की उस नीति का आधार है, जिसके चलते गांवों में महिलाओं की भूमिका अब घर तक सीमित नहीं रही। बिजनौर जिले की रितु की सफलता इसी परिवर्तन की सशक्त मिसाल है। इस तरह आया जीवन में बदलाव देवमल ब्लॉक के ग्राम फिरोजपुर नरोत्तम की रहने वाली रितु का जीवन कुछ वर्ष पहले तक पति की दिहाड़ी मजदूरी पर निर्भर था। सीमित और अनिश्चित आय के कारण परिवार का खर्च चलाना कठिन होता था। भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रहती थी। ऐसे समय में वर्ष 2022 में रितु का जुड़ाव लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह से हुआ। यह जुड़ाव उनके जीवन में बदलाव का आधार बना। आगे बढ़ने का मिला भरोसा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत रितु को उद्यमिता से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें बचत और ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई गई तथा व्यवसाय शुरू करने के लिए निरंतर मार्गदर्शन भी मिला। योगी सरकार का संकल्प है कि ग्रामीण महिलाएं अपने पैरों पर खड़ी हों और आत्मसम्मान के साथ आजीविका अर्जित करें। इसी सोच ने रितु को आगे बढ़ने का भरोसा दिया। सीमित संसाधनों से शुरू हुआ अभियान आजीविका मिशन के सहयोग से रितु ने ‘विदुर कैफे’ की शुरुआत की। सीमित संसाधनों से शुरू हुआ यह कैफे आज उनकी पहचान बन चुका है। रितु अब प्रतिदिन 6-7 हजार रुपये तक की आय कर रही हैं। कभी जिनके लिए घर का खर्च जुटाना चुनौती था, आज वे आत्मविश्वास के साथ अपने परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रही हैं और भविष्य की योजनाएं बना रही हैं। रितु की सफलता का असर केवल उनके परिवार तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने अपने कैफे के माध्यम से गांव की अन्य महिलाओं को भी रोजगार से जोड़ा है। इससे गांव में महिलाओं के बीच आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत हुई है। समूह से जुड़ने के बाद मिला प्रशिक्षण, अवसर और सम्मान महिलाएं अब काम के लिए बाहर जाने के बजाय गांव में ही सम्मानजनक रोजगार पा रही हैं, जिससे सामाजिक माहौल में भी सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है। रितु का कहना है कि स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें प्रशिक्षण, अवसर और सम्मान, तीनों मिले। योगी सरकार की योजनाओं ने उन्हें आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया। उनकी कहानी यह बताती है कि यदि नीति स्पष्ट हो और जमीनी स्तर पर सहयोग मिले, तो गांवों में भी सफल और स्थायी व्यवसाय खड़े किए जा सकते हैं। ग्रामीण महिलाएं अब बदलाव की बनीं भागीदार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की ग्रामीण महिलाएं अब बदलाव की साक्षी बन रही हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से सरकार महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर देकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है। रितु जैसी सफलता की कहानियां इस बात का प्रमाण हैं कि उत्तर प्रदेश में आत्मनिर्भरता अब केवल योजना नहीं, बल्कि धरातल पर साकार होती वास्तविकता है।

सिर्फ 25 रन दूर सूर्या, टी20 में रचेंगे इतिहास, कोहली–रोहित की लिस्ट में होंगे शामिल

नई दिल्ली भारत और न्यूजीलैंड के बीच 21 जनवरी से पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज की शुरुआत होने जा रही है। इस सीरीज का पहला मुकाबला नागपुर में खेला जाएगा, जहां भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव एक बहुत बड़े माइलस्टोन के करीब होंगे। सूर्या को टी20 क्रिकेट के इतिहास में अपने 9,000 रन पूरे करने के लिए अब केवल 25 रनों की आवश्यकता है। 25 रन बनाते ही सूर्यकुमार यादव टी-20 क्रिकेट में 9,000 या उससे अधिक रन बनाने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे।   अभी तक भारत के लिए टी20 फॉर्मेट में 9,000 या उससे अधिक सिर्फ तीन खिलाड़ियों ने बनाए हैं। इस विशेष क्लब में विराट कोहली 13,543 रनों के साथ शीर्ष पर हैं, उनके बाद रोहित शर्मा ने 12,248 रन बनाए हैं और दूसरे स्थान पर हैं। तीसरे स्थान पर शिखर धवन हैं जिनके नाम 9,797 रन दर्ज हैं। सूर्यकुमार यादव इस ऐतिहासिक क्लब में एंट्री मारने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बनेंगे। हालांकि सूर्या पिछले कुछ समय से रनों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनसे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। सूर्यकुमार यादव ने अपने अब तक के टी-20 करियर में 346 मैचों की 320 पारियों में 34.78 की औसत और 152.29 के शानदार स्ट्राइक रेट से 8,975 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 6 शतक और 59 अर्द्धशतक निकले हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली यह सीरीज सूर्यकुमार यादव के लिए कप्तान और बल्लेबाज दोनों के तौर पर बेहद अहम है। बुधवार को होने वाले सीरीज के पहले मुकाबले में नागपुर के मैदान पर सभी की नजरें भारतीय कप्तान पर टिकी होंगी। प्रशंसकों को उम्मीद है कि सूर्या न केवल अपने 9,000 रनों का आंकड़ा पार करेंगे, बल्कि अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से टीम इंडिया को सीरीज में शानदार शुरुआत भी दिलाएंगे। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या सूर्या पहले ही मैच में इस खास उपलब्धि को हासिल कर पाते हैं। टी-20 क्रिकेट (अंतरराष्ट्रीय, घरेलू और लीग मैचों को मिलाकर) में सर्वाधिक रन बनाने वाले टॉप-10 भारतीय बैटर • विराट कोहली: 414 मैचों की 397 पारियों में 13,543 रन। • रोहित शर्मा: 463 मैचों की 450 पारियों में 12,248 रन। • शिखर धवन: 334 मैचों की 331 पारियों में 9,797 रन। • सूर्यकुमार यादव: 346 मैचों की 320 पारियों में 8,975 रन। • सुरेश रैना: 336 मैचों की 319 पारियों में 8,654 रन। • केएल राहुल: 239 मैचों की 226 पारियों में 8,125 रन। • संजू सैमसन: 320 मैचों की 303 पारियों में 8,033 रन। • अजिंक्य रहाणे: 294 मैचों की 277 पारियों में 7,633 रन। • एमएस धोनी: 405 मैचों की 355 पारियों में 7,628 रन। • दिनेश कार्तिक: 415 मैचों की 367 पारियों में 7,557 रन  

पद्मश्री लेखक आलोक मेहता ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को भेंट की ‘मोदी राज के 25 वर्ष’ पर केंद्रित पुस्तक

प्रधानमंत्री मोदी के क्रांतिकारी विकास मार्ग पर मध्यप्रदेश’ अग्रसर : मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकास मॉडल को अपनाते हुए प्रदेश की आर्थिक प्रगति को नई गति देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नई दिल्ली में वरिष्ठ संपादक एवं लेखक पद्मश्री श्री आलोक मेहता द्वारा रचित पुस्तक ‘रिवॉल्यूशनरी राज – नरेन्द्र मोदी: 25 इयर्स’ (कॉफी टेबल बुक) ग्रहण करते हुए यह बात कही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य में बड़े पैमाने पर देशी-विदेशी निवेश को आकर्षित कर औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, स्टार्ट-अप्स, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाएँ प्रभावी रूप से क्रियान्वित की जा रही हैं। यह भेंट-वार्ता दिल्ली से दावोस (स्विट्ज़रलैंड) में आयोजित विश्व आर्थिक मंच की बैठक में भाग लेने से पूर्व हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री की नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश अग्रणी भूमिका निभा रहा है। प्रदेश में पुस्तकों और पठन-संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गीता भवन निर्माण योजना में पुस्तकालयों का प्रावधान भी किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार पत्रकारों, साहित्यकारों एवं सांस्कृतिक कलाकारों को सामाजिक जागरूकता के लिए हर संभव सहयोग, सहायता एवं प्रोत्साहन देती रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पुस्तक में उल्लिखित समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं में अनुशासन तथा आत्मनिर्भर विकसित भारत के प्रधानमंत्री के सपनों को साकार करने के लिए वे पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने पुस्तक की विस्तृत भूमिका केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह द्वारा लिखे जाने को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केंद्रीय मंत्री श्री शाह, प्रधानमंत्री के संकल्पों को क्रियान्वित करते हुए आतंकवाद और नक्सल समस्या से प्रभावी ढंग से निपट रहे हैं, जिससे देश विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। ऐसे विचारों को जन-जन तक पहुँचाने में यह पुस्तक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है और इसे शिक्षण संस्थानों व पुस्तकालयों तक पहुँचाया जाना चाहिए।उल्लेखनीय है कि पुस्तक का प्रकाशन शुभी पब्लिकेशंस द्वारा किया गया।

मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स एवं सप्लाई चेन निवेश पर क्रेसेंट एंटरप्राइजेज के साथ हुई अहम चर्चा

भोपाल वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम–2026 वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम–2026 के दूसरे दिन दावोस में मध्यप्रदेश स्टेट लाउंज में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने क्रेसेंट एंटरप्राइजेज के डिप्टी सीईओ एवं हेड ऑफ इन्वेस्टमेंट्स श्री तुषार सिंहवी के साथ बैठक कर राज्य में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स, इनलैंड कंटेनर डिपो, वेयरहाउसिंग तथा एकीकृत सप्लाई चेन अवसंरचना में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। बैठक के दौरान क्रेसेंट एंटरप्राइजेज ने भारत में अपने विस्तार की मजबूत मंशा व्यक्त करते हुए लॉजिस्टिक्स आधारित निवेश के लिए मध्यप्रदेश को एक रणनीतिक गंतव्य के रूप में परखने में गहरी रुचि दिखाई। इस अवसर पर मंत्री श्री शुक्ला ने राज्य की समर्पित लॉजिस्टिक्स एवं निर्यात नीति की जानकारी साझा की, जिसके अंतर्गत पूंजी निवेश सहायता, अवसंरचना सुविधा, स्टांप शुल्क प्रतिपूर्ति, भूमि आवंटन में सहयोग और हरित लॉजिस्टिक्स के लिए विशेष प्रोत्साहन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन श्री राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश, देश के केंद्र में स्थित होने से यहाँ प्राप्त भौगोलिक लाभ, राज्य के हवाई अड्डों के माध्यम से लागत प्रभावी कार्गो हैंडलिंग और खाद्य प्रसंस्करण, ऑटोमोबाइल, फार्मास्यूटिकल्स (एपीआई सहित), वस्त्र एवं परिधान और नवीकरणीय ऊर्जा उपकरण निर्माण जैसे क्षेत्रों में मजबूत औद्योगिक आधार मौजूद हैं। साथ ही भूमि की पर्याप्त उपलब्धता, विश्वसनीय विद्युत एवं जल आपूर्ति तथा स्थिर श्रम वातावरण मध्यप्रदेश को लॉजिस्टिक्स एवं सप्लाई चेन परियोजनाओं के लिए उच्च दक्षता वाला निवेश गंतव्य बनाता है। आगामी कदम दोनों पक्षों ने विशिष्ट परियोजना अवसरों की पहचान करने तथा लॉजिस्टिक्स एवं संबद्ध अवसंरचना क्षेत्रों में संभावित निवेश पर आगे भी संवाद जारी रखने पर सहमति व्यक्त की। यह संवाद मध्यप्रदेश में आधुनिक एवं सतत लॉजिस्टिक्स क्षमताओं के विकास के माध्यम से औद्योगिक वृद्धि और निर्यात संवर्धन की दिशा में राज्य की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।  

भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नितिन नबीन कुशल नेतृत्व, संगठनात्मक अनुभव और दूरदर्शिता की सीएम योगी ने की सराहना

सीएम ने जताई आशा, उत्तर प्रदेश को भी निरंतर प्राप्त होता रहेगा मार्गदर्शन नई दिल्ली/लखनऊ,  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की और उन्हें बधाई के साथ उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। सीएम योगी ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ भेंट किया और अपने सोशल मीडिया एकाउंट ‘एक्स’ पर पोस्ट करके भी उन्हें पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि "आपके कुशल नेतृत्व, संगठनात्मक अनुभव और दूरदर्शिता से पार्टी को नई ऊर्जा-दिशा मिलेगी तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को और मजबूती प्राप्त होगी।" सीएम ने आशा जताई कि उत्तर प्रदेश को भी आपका निरंतर मार्गदर्शन प्राप्त होता रहेगा। मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में लिखा कि पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के यशस्वी मार्गदर्शन में आप अंत्योदय के पथ पर चलते हुए अपनी निष्ठा व समर्पण से संगठन को नई ऊंचाइयां प्रदान करेंगे एवं सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं में 'राष्ट्र प्रथम' के भाव को और सुदृढ़ करेंगे। आपके उज्ज्वल कार्यकाल हेतु अनंत शुभकामनाएं।