samacharsecretary.com

हरियाणा में खाद की कालाबाजारी से पहले 550 बैग से भरा ट्रक पकड़ा

यमुना नगर. यमुनानगर में एक ओर जहां किसानों को यूरिया खाद की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ खाद माफिया की सक्रियता लगातार बढ़ती नजर आ रही है। ताजा मामले में सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने एक ट्रक को पकड़कर बड़ी कार्रवाई की है, जिसमें सैकड़ों बैग यूरिया खाद बरामद किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक ट्रक में बड़ी मात्रा में यूरिया खाद को अवैध तरीके से कहीं सप्लाई किया जा रहा है। सूचना के आधार पर जांच अधिकारी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी जांच की गई। जांच के दौरान ट्रक में करीब 550 बैग यूरिया खाद बरामद हुआ, जो किसानों की फसलों में उपयोग होने योग्य बताया जा रहा है, लेकिन यह खाद गलू बनाने के लिए फैक्ट्रीयो में बेचा जाता है  पुलिस ने जब ट्रक चालक से खाद से संबंधित दस्तावेज और बिल की मांग की तो वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक को इंपाउंड कर लिया और उसे सदर थाना में खड़ा कर दिया गया। खाद को अवैध रूप से प्लाई फैक्ट्रियों में बेचा जा रहा बताया जा रहा है कि इस तरह की खाद को अवैध रूप से प्लाई फैक्ट्रियों में बेचा जा रहा है, जिससे किसानों को खाद की कमी का सामना करना पड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कृषि विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया और पूरे मामले की जांच उनके हवाले कर दी गई है। ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की जांच जारी जांच अधिकारी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी, जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए एक ट्रक को पकड़ा गया है। ट्रक में करीब 550 बैग यूरिया खाद मिला है। फिलहाल खाद की जांच करवाई जा रही है कि यह तकनीकी उपयोग के लिए है या फिर खेती में इस्तेमाल होने वाला है। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक कोई भी बिल प्रस्तुत नहीं कर पाया है, इसलिए ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की जांच जारी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी हुई है कि यह खाद कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस पूरे नेटवर्क के पीछे किन लोगों का हाथ है, इसकी भी जांच की जा रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

बर्फीली वादियों में खेलों का महाकुंभ, गुलमर्ग में शुरू होंगे छठे खेलो इंडिया विंटर गेम्स

श्रीनगर जम्मू कश्मीर का प्रसिद्ध शीतकालीन पर्यटन स्थल गुलमर्ग सोमवार से शुरू होने वाले छठे खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों (केआईडब्ल्यूजी) की मेजबानी के लिए पूरी तरह से तैयार है, जिसमें 400 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के एक प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट में होने वाले इन चार दिवसीय खेलों के लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा इन खेलों का उद्घाटन करेंगे। जम्मू कश्मीर खेल परिषद की सचिव नुज़हत गुल ने बताया कि पंजीकरण प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। गुल ने कहा, ‘‘इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 400 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। गुलमर्ग में अच्छी बर्फबारी हुई है और उम्मीद है कि मौसम हमारा साथ देगा।’’ केआईडब्ल्यूजी का पहला चरण इस वर्ष 20 से 26 जनवरी तक लद्दाख के लेह में आयोजित किया गया था। अब इन खेलों का दूसरा चरण 23 से 26 फरवरी तक गुलमर्ग में आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले भी केआईडब्ल्यूजी का आयोजन जम्मू कश्मीर और लद्दाख में किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि गुलमर्ग में चार पदक स्पर्धाएं होंगी, जिनमें स्की पर्वतारोहण, अल्पाइन स्कीइंग, नॉर्डिक स्कीइंग (क्रॉस-कंट्री) और स्नोबोर्डिंग शामिल हैं। इनमें से अल्पाइन स्कीइंग में सबसे अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। केआईडब्ल्यूजी के लद्दाख चरण में हरियाणा ने चार स्वर्ण पदक जीतकर पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया था। उसके बाद लद्दाख, महाराष्ट्र और तेलंगाना का स्थान रहा। शीतकालीन खेलों के सुचारू संचालन के लिए कश्मीर के पुलिस प्रमुख वीके बर्डी की अध्यक्षता में बुधवार को तैयारियों की समीक्षा के लिए सुरक्षा बैठक हुई थी जिसमें पुलिस, सेना, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, खुफिया एजेंसियों और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया था।  

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गिरौदपुरी में संत समागम एवं गुरुदर्शन मेले में हुए शामिल

रायपुर गुरूदर्शन व पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली व समृद्धि का लिया आशीर्वाद मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय रविवार को बाबा गुरु घासीदास जी की जन्मभूमि एवं तपोभूमि गिरौदपुरी धाम में आयोजित  संत समागम एवं गुरुदर्शन मेला में शामिल हुए। उन्होंने पूज्य गुरुगद्दी का दर्शन एवं पूजा – अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली और समृद्धि के लिये कामना की। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने  कहा कि बाबा गुरू घासीदास के मनखे- मनखे  एक समान का सन्देश, मानव को मानव से जोड़ने वाला और सद्भाव व समरसता बढ़ाने वाला है। बाबा गुरु घासीदास जी के बताए मार्ग पर हमारी सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के द्वारा गिरौदपुरी का सतत् विकास किया जा रहा है। विशाल जैतखाम निर्माण से लेकर अनेक सुविधाओं का विस्तार यहां किया गया है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा किये गए जनसुविधा विस्तार कार्य की सराहना की और कहा कि वेबसाईट और मोबाइल एप्प से भी मेले में उपलब्ध सुविधा की जानकारी श्रद्धालु ले सकते हैं। उन्होंने इस दौरान वहां चस्पा किये गए क्यूआर कोड को अपने मोबाइल से स्कैन  कर जानकारी ली। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने इस अवसर पर मुख्य मंदिर का प्रसाद श्रद्धालुओं को वितरित किया। मुख्यमंत्री के हाथों स्थानीय श्रद्धालु एवं स्व सहायता समूह की महिलाएं प्रसाद ग्रहण कर उत्साहित हुए। गौरतलब है कि गिरौदपुरी में तीन दिवसीय संत समागम एवं गुरू दर्शन मेला 22 फ़रवरी से प्रारंभ होकर 24 फरवरी 2026 तक चलेगा। प्रदेश सहित देश एवं विदेश से भी सतनाम पंथ के अनुयायी यहां मेले में आए हुए हैं।  इस अवसर पर धर्मगुरू गुरु बालदास साहेब, सांसद मती कमलेश जांगड़े, राजिम विधायक  रोहित साहु, जिला पंचायत अध्यक्ष रायपुर  नवीन अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक  अमरेश मिश्रा, कलेक्टर  दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक सु भावना गुप्ता,डीएफओ  गणवीर धम्मशील, पूर्व सांसद  गुहा राम अजगले, पूर्व विधायक डॉ सनम जांगड़े सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि वरिष्ठ अधिकारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

एम पी नगर विशाल मेगामार्ट बना ग्राहकों को गुमराह करने का अड्डा

भोपाल एम पी नगर  प्रेस कॉम्प्लेक्स स्थित विशाल मेगा मार्ट में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए लगाए जा रहे ऑफरों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। 22 फरवरी 2026 को शाम लगभग 6:30 बजे नितिन कुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ खरीदारी के लिए पहुंचे। खरीदारी के दौरान उन्होंने देखा कि विभिन्न उत्पादों पर आकर्षक ऑफर प्रदर्शित किए गए थे। इसी दौरान रुचि सोयाबीन तेल के एक पैकेट पर ₹121 में 1 लीटर का रेट लिखा हुआ दिखाई दिया। कीमत उचित लगने पर उन्होंने उत्पाद अपनी ट्रॉली में रख लिया। हालांकि संदेह होने पर जब उन्होंने पैकेट को ध्यान से देखा तो पाया कि वह 1 लीटर नहीं बल्कि 750 ग्राम का पैक था। स्टोर में कई स्थानों पर यही दर प्रदर्शित की गई थी, जिससे अन्य ग्राहक भी उसी भ्रम में उत्पाद खरीदते नजर आए।  गुप्ता ने तत्काल स्टाफ को बुलाया। प्रारंभ में कर्मचारियों ने अनिच्छा दिखाई, बाद में सुपरवाइजर को बुलाया गया। सुपरवाइजर ने इसे “एक जगह की गलती” बताया, लेकिन स्टोर में 10 से 15 स्थानों पर वही दर प्रदर्शित होने की बात सामने आई। मैनेजर से शिकायत करने पर भी मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। जब संबंधित तेल पैकेट की बिलिंग कराई गई तो बिल में उत्पाद का वजन स्पष्ट रूप से अंकित नहीं पाया गया, जिससे पारदर्शिता पर प्रश्न उठते हैं। घर पहुंचकर अन्य सामान की जांच करने पर एक डोर मैट पर प्रदर्शित ऑफर भी बिल में लागू नहीं पाया गया, जबकि दूसरी डोर मैट पर 30 प्रतिशत छूट का उल्लेख था। उपभोक्ताओं का कहना है कि इस प्रकार के ऑफर यदि स्पष्ट और पारदर्शी न हों तो वे ग्राहकों को भ्रमित कर सकते हैं। खरीदारी करते समय उत्पाद का वजन, मात्रा और बिल विवरण अवश्य जांचना चाहिए।

भर्ती परीक्षा पर सख्ती: CCTV की नजर में परीक्षा, अब एक दिन ज्यादा चलेगी प्रक्रिया

ग्वालियर पुलिस की आरक्षक भर्ती की फिजिकल परीक्षा सोमवार से होगी। उसके लिए एसएएफ ग्राउंड और भर्ती कमेटी तैयार है। परीक्षा में अभ्याथियों का हर मूवमेंट कैमरे की नजर में रहेगा। इसलिए मैदान पर 60 कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा अभ्याथियों को आरएफआइडी टैग की जैकेट पहनाई जाएगी। परीक्षा सोमवार से शुरू होगी और 14 मार्च तक चलेगी। भर्ती परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं हो इसलिए पहले और दूसरे दिन अभ्याथियों के दस्तावेजों के साथ उनका केवायसी किया जाएगा। इसमें अभ्याथियों के फिंगर प्रिंट, आंखों की स्कैनिंग होगी। इस दौरान दो-दो अभ्यार्थियों को परीक्षा स्थल पर बुलाया जाएगा। 25 फरवरी से फिजिकल टेस्ट की शुरुआत होगी उसमें 400 अभ्यार्थियों को मैदान में एंट्री दी जाएगी। इस तरह होगी निगरानी डीआइजी अमित सांघी ने बताया भर्ती परीक्षा में 5200 अभ्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए तीन कमेटियां बनाई गई हैं। मैदान में केवल अभ्यार्थियों को ही एंट्री दी जाएगी। 800 मीटर की दौड़, गोला फेंक और लंबी कूद का टेस्ट होगा। इसमें अभ्यार्थियों को गोला फेंक और लंबी कूद के लिए तीन मौके दिए जाएंगे। तीनों प्रयास में अंकों के आधार पर अभ्यार्थियों का नतीजा तय होगा। मैदान का हर कोना सीसीटीवी की निगरानी में रहेगा। इसके साथ अभ्यार्थियों को आरएफआइडी टैग भी लगाया जाएगा। इससे सेंसर उनके हर स्टैप का बारीक ब्यौरा रखेगा परीक्षा सुबह 6 बजे से शुरु होगी। होली का अवकाश, एक दिन बढ़ाया भर्ती परीक्षा का शेड्यूल 13 मार्च तक तय किया गया था, लेकिन 4 मार्च को होली का अवकाश होने की वजह से 4 मार्च को आयोजित होने वाली परीक्षा 14 मार्च को होगी।

राज्यमंत्री गौर ने गोविंदपुरा में किया सड़कों का निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण कार्य के दिए निर्देश

भोपाल  पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण (स्वतंत्र प्रभार) राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने गोविंदपुरा में विभिन्न सड़कों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मापदंडों और समयसीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। राज्यमंत्री  गौर ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं, इसलिए निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए। राज्यमंत्री  गौर ने वार्ड 61 में अवधपुरी तिराहे से एसओएस बालग्राम तक बनने वाली खजूरी सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क किनारे स्थित बिजली के पोल एवं घरों के आगे लगी जालियों को हटाकर पेबल ब्लॉक लगाने के निर्देश दिए। अवधपुरी में महात्मा गांधी चौराहे से न्यू फोर्ड शिव शक्ति मंदिर तक बन रही 2 किलोमीटर लंबी सीसी रोड का भी निरीक्षण किया। यहां निर्माणाधीन सेंटर ब्रिज की जानकारी लेते हुए लेफ्ट टर्न को व्यवस्थित करने के दिशा-निर्देश दिए। पिरामिड टाउन से डीआरएम तक बन चुकी सड़क का निरीक्षण करते हुए उन्होंने वहां शीघ्र बिजली के पोल लगाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार कॅरियर कॉलेज से डीआरएम रोड तक बन रही 1.80 किलोमीटर सीसी रोड का निर्माण कार्य मार्च माह तक पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने अपनी समस्याएं बताईं, जिस पर मंत्री ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है।  

पीएम मोदी की सभा का अजमेर में बनने लगा वाटर प्रूफ डोम

अजमेर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 28 फरवरी को होने वाली सभा को लेकर कायड़ विश्राम स्थली में तैयारियां शुरू हो गई हैं। सभा के लिए वाटर प्रूफ डोम बनाने का सामान मौके पर पहुंच चुका है। जयपुर रोड से विश्राम स्थली जाने वाली सड़क पर डामरीकरण, पार्किंग और सभा स्थल के आसपास मैदान को समतल किया जा रहा है। विश्राम स्थली में पीएम मोदी की सभा के लिए वाटर प्रूफ डोम बनाया जाएगा। इसके लिए एल्यूमिनियम और लोहे के एंगल सहित डोम का सामान पहुंच चुका है। अधिकारियों की देखरेख में श्रमिकों ने काम शुरू कर दिया है। हेलीपेड के आसपास सफाई की गई है। जेसीबी से की लेवलिंग सभा के लिए आने वाली बसों, कार-जीप और अन्य वाहनों की पार्किंग विश्राम स्थली के बाहर कराई जाएगी। जेसीबी से जमीन का समतल कराई गई है। विश्राम स्थली में भी जेसीबी ने जमीन को समतल किया। अब अस्थायी बेरिकेडिंग लगाने का काम शुरू होगा। हथियारबंद पुलिसकर्मी तैनात मुख्य सभा स्थल और इसके आसपास हथियारबंद पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इनके अलावा जयपुर रोड से विश्राम स्थली और सभास्थल तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। करीब 2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। पीएम मोदी की सभा से पहले एसपीजी टीम मुख्य सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेगी। बनेंगे एंट्री-एग्जिट गेट सभास्थल पर एंट्री-एग्जिट के गेट बनेंगे। जनप्रतिनिधियों और आमजन के लिए अलग-अलग द्वार से प्रवेश व निकास की व्यवस्था की जाएगी। सभी गेट पर डोरफ्रेम मेटल डिटेक्टर लगेंगे।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने मुकुंदपुर जू का किया निरीक्षण विदेशी पक्षियों से एवियारी हुआ गुलजार

भोपाल  उप मुख्यमंत्री  राजेन्द्र शुक्ल ने मैहर जिले के मुकुंदपुर मे महाराजा मारतन्द सिंह जू देव वाईट टाइगर सफारी का निरीक्षण किया। इस दौरान उनकी उपस्थिति में जू मे लाये गए विदेशी प्रजाति के पक्षी भी उनके रह्वास मे छोड़े गये। नॉर्दन कोलफील्ड्स लिमिटेड सिगरोली द्वारा सी एस आर मद से मुकुंदपुर को प्रदाय किये गए नये विदेशी पक्षियों को वॉक इन एवियारी के अंदर प्राकृतिक निवास पर छोड़ा गया। वन्यजीव संरक्षण के लिए मुकुंदपुर जू के एवीयरी मे अब नये प्रजाति के रंग बिरंगे पक्षी आ चुके है। जिनमें रेड स्कारलेट मैकॉ, रेड ग्रीन विंग्ड मैकॉ, सल्फर-क्रेस्टेड कॉकाटू, ब्लू गोल्ड मैकॉ, हैनस मैकॉ, अफ्रीकन ग्रे पैरोट, ग्रैंड इलेक्टस, सन कोनूर, कॉकेटियल्स, और लव बर्ड शामिल हैं। नये पक्षियों के आगमन से पर्यटक को अब और अधिक विदेशी प्रजाति के पक्षी देखने को मिलेंगे।उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने भ्रमण के दौरान पक्षियों के सरंक्षण के प्रयासो की सराहना की। उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने रीवा जिले के हरिहरपुर में की जा रही प्राकृतिक खेती का भी अवलोकन किया। इस मौके पर सीसीएफ  राजेश राय, वन मंडल अधिकारी  विद्या भूषण मिश्रा उपस्थिति रहे।  

तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता से घायल मासूमों को समय पर मिला उपचार

भोपाल  डायल-112 जवानों की त्वरित, सजग और संवेदनशील कार्यवाही ने सड़क दुर्घटना में घायल एक बालक एवं एक बालिका को समय रहते उपचार उपलब्ध कराकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की। संकट की इस घड़ी में डायल-112 टीम ने जिस जिम्मेदारी और मानवीय भावना के साथ कार्य किया, वह सेवा और कर्तव्यनिष्ठा का सराहनीय उदाहरण है। 22 फरवरी को सूचना मिली कि एक ट्राला अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें एक बालक एवं एक बालिका घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 एफआरव्ही, थाना मुरवास क्षेत्र से तत्काल मौके के लिए रवाना की गई। घटनास्थल पर पहुँचकर डायल-112 स्टाफ आरक्षक  सचिन जाट (C-913), आरक्षक  रवि जाट,  शमीम खान एवं पायलट  संजीव कुमार मीणा ने स्थिति का त्वरित आकलन कर बिना समय गंवाए दोनों घायल बच्चों को एफआरव्ही वाहन की सहायता से सुरक्षित रूप से लटेरी अस्पताल पहुँचाया। इस दौरान थाना मुरवास का पुलिस बल भी मौके पर आवश्यक कार्रवाई में जुटा रहा, जिससे स्थिति को शीघ्र नियंत्रित किया जा सका। डायल-112 जवानों की इस त्वरित प्रतिक्रिया, सजगता और मानवीय संवेदनशीलता के कारण घायल मासूमों को समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध हो सकी। डायल 112 हीरोज श्रृंखला के अंतर्गत यह प्रेरणादायक घटना यह संदेश देती है कि मध्यप्रदेश पुलिस हर परिस्थिति में आमजन की सुरक्षा और जीवन रक्षा के लिए सदैव तत्पर, सजग और समर्पित है।  

ICC अवॉर्ड की जंग दिलचस्प, Player of the Month के लिए भारत के खिलाड़ी सहित 3 बड़े नाम शॉर्टलिस्ट

नई दिल्ली ICC ने जनवरी 2026 के मेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए डेरिल मिचेल, जो रूट और सूर्यकुमार यादव को नॉमिनेट किया। तीनों खिलाड़ियों ने हालिया सीरीज़ में शानदार प्रदर्शन किया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने जनवरी के मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए तीन धाकड़ खिलाड़ियों को नॉमिनेट किया है। इसमें भारत का भी एक खिलाड़ी शामिल है। मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के लिए डेरिल मिचेल, जो रूट और सूर्यकुमार यादव को शामिल किया है। इन तीनों खिलाड़ियों ने जनवरी-फरवरी 2026 में शानदार प्रदर्शन किया है। डेरिल मिचेल ने वनडे क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। वहीं जो रूट ने भी वनडे और टेस्ट में अपना दम दिखाया। जबकि टी20 में सूर्यकुमार यादव ने शानदार प्रदर्शन किया है। अब देखना होगा कि किसे प्लेयर ऑफ द मंथ का पुरस्कार मिलता है। तीनों नॉमिनेट खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। न्यूज़ीलैंड के स्टार बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने साल की बेहतरीन शुरुआत करते हुए भारत के खिलाफ पांच मैचों की ODI सीरीज में अपनी टीम को 2-1 से जीत दिलाई। मिशेल ने सीरीज के दूसरे और तीसरे मैच में लगातार सेंचुरी लगाकर टीम को 0-1 से पीछे होने से बचाया। कुल 352 रन बनाने के साथ उनकी औसत 176 रही, और उन्हें प्लेयर ऑफ़ द सीरीज चुना गया। इसके अलावा मिचेल वनडे रैंकिंग में नंबर 1 पर पहुंच गए। T20I सीरीज़ में भी उन्होंने 186.56 के स्ट्राइक रेट से 125 रन बनाए और टीम को महत्वपूर्ण जीत दिलाई। रूट का शानदार प्रदर्शन इंग्लैंड के कप्तान जो रूट श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में इंग्लैंड की कमबैक जीत के नायक रहे। रूट ने पहले मैच में 61, दूसरे में 75 और अंतिम मैच में नाबाद 111 रन बनाकर इंग्लैंड को 0-1 से पीछे होने के बाद 2-1 से सीरीज जीत दिलाई। कुल 242 रन और दो विकेट के योगदान के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। रूट ने पहले ही एशेज 2025/26 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी काबिलियत साबित की थी, खासकर सिडनी टेस्ट की पहली पारी में 160 रन बनाकर। यह पारी इंग्लैंड के लिए काफी अहम साबित हुई थी। वर्ल्ड कप से पहले फॉर्म में लौटे सूर्यकुमार यादव भारत के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले फॉर्म में लौटे। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की T20I सीरीज में 242 रन बनाए। जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 196.74 का रहा और टीम को 4-1 से जीत दिलाई। खासतौर पर दूसरे मैच में नाबाद 82 रन बनाकर उन्होंने भारत को न्यूजीलैंड के 208 रन का लक्ष्य मात्र 15.2 ओवर में पार करने मंक मदद की। यादव ने तीन हाफ-सेंचुरी लगाकर अपना बुरे दौर पीछे छोड़ा और टीम के लिए लगातार प्रदर्शन किया।