samacharsecretary.com

‘प्रगति’–‘विकास’ का अनावरण: Amit Shah बोले– टेक्नोलॉजी से पारदर्शी और तेज होगी जनगणना 2027

नई दिल्ली केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को नई दिल्ली में जनगणना-2027 के लिए विकसित डिजिटल टूल्स का सॉफ्ट लॉन्च किया। इस दौरान उन्होंने जनगणना के आधिकारिक शुभंकर “प्रगति” (महिला) और “विकास” (पुरुष) का भी औपचारिक अनावरण किया। सरकार की ओर से 16 जून 2025 को राजपत्र अधिसूचना जारी किए जाने के साथ ही भारत की जनगणना 2027 की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो चुकी है। दो चरणों में होने वाली यह जनगणना दुनिया का सबसे बड़ा जनगणना अभियान मानी जा रही है। इस बार पहली बार पूरी जनगणना डिजिटल माध्यम से की जाएगी और नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प भी दिया जाएगा। स्व-गणना के लिए एक सुरक्षित वेब-आधारित पोर्टल तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से उत्तरदाता घर-घर सर्वेक्षण से पहले अपनी जानकारी 16 भाषाओं में ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। सफल पंजीकरण के बाद उन्हें एक विशिष्ट स्व-गणना आईडी मिलेगी, जिसे प्रगणक के साथ साझा करने पर दर्ज जानकारी की पुष्टि की जा सकेगी। इस अवसर पर चार प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म भी लॉन्च किए गए, जिन्हें सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (सी-डैक) ने विकसित किया है। इनमें हाउस लिस्टिंग ब्लॉक क्रिएटर (एनएलबीसी) वेब एप्लिकेशन, एचएलओ मोबाइल एप्लिकेशन, स्व-गणना पोर्टल और जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली पोर्टल शामिल हैं। ये प्लेटफॉर्म जनगणना कार्यों की योजना, डेटा संग्रह और निगरानी को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाएंगे। जनगणना-2027 के शुभंकर “प्रगति” और “विकास” को मित्रवत और सहज प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया गया है। ये दोनों पात्र वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में महिलाओं और पुरुषों की समान भागीदारी का संदेश भी देते हैं। इन शुभंकरों के माध्यम से जनगणना से जुड़ी जानकारी समाज के विभिन्न वर्गों तक सरल तरीके से पहुंचाई जाएगी। जनगणना-2027 का पहला चरण अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच गृह-सूचीकरण और आवास संबंधी जानकारी एकत्र करने के लिए चलाया जाएगा। दूसरा चरण फरवरी 2027 में देशभर में जनसंख्या गणना के रूप में आयोजित होगा, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति के सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय विवरण दर्ज किए जाएंगे। पूरे अभियान में देशभर के लगभग 30 लाख प्रगणक, पर्यवेक्षक और अन्य अधिकारी शामिल होंगे, जो सुरक्षित मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से घर-घर जाकर डेटा एकत्र करेंगे। सरकार का उद्देश्य तकनीक के उपयोग से इस विशाल जनगणना को अधिक सटीक, सुरक्षित और व्यापक बनाना है। इस अवसर पर केन्द्रीय गृह सचिव, भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

शुजालपुर नगरपालिका परिषद ने जन सेवा और लोक कल्याण के 100 वर्ष पूर्ण किए हैं

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नगरपालिका परिषद का शताब्दी वर्ष शुजालपुर के हर नागरिक के सम्मान का उत्सव है। यह हमारी विरासत, उपलब्धियों और सामूहिक संकल्प का पर्व है। जटाशंकर महादेव की असीम कृपा से शुजालपुर नगरपालिका ने जन सेवा और लोक कल्याण के 100 वर्ष पूर्ण किए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुजालपुर नगरपालिका के नए भवन के लिए 3 करोड़ रुपए और नगरपालिका क्षेत्र में सड़कों सहित अन्य विकास कार्य के लिए दो करोड़ रुपए नगरपालिका परिषद शुजालपुर को उपलब्ध कराने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरूवार को शुजालपुर नगरपालिका परिषद के 100 वर्ष पूर्ण होने पर शुजालपुर में आयोजित शताब्दी वर्ष समारोह को मंत्रालय भोपाल से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। शुजालपुर में हुए कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री श्री इंदर सिंह सिंह परमार, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती बबीता परमार उपस्थित रही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शुजालपुर में स्वच्छता से संबंधित गतिविधियों में निरंतर प्रगति हो रही है। नगर को राष्ट्रीय रैंकिंग में और बेहतर स्थान पर लाने के लिए आगामी वर्षों में अतिरिक्त प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि गत 2 वर्षों में शुजालपुर में ऑडिटोरियम और सीसी रोड के लिए 5 करोड़ रुपए, कायाकल्प योजना के अंतर्गत सड़क निर्माण के लिए 6 करोड़ 60 लाख रुपए, अमृत 2 के अंतर्गत जलप्रदाय के लिए 12 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शुजालपुर वीरों की भूमि रही है। जब पेशवा बाजीराव प्रथम ने मालवा में विजय का परचम लहराया तब शुजालपुर उनकी रणनीतिक प्राथमिकता में था। इस पावन धरा पर पेशवाओं की सेना का नेतृत्व करते हुए राणो जी शिंदे ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उनकी स्मृति में बना भव्य शिव मंदिर और ऐतिहासिक छतरी आज भी हमें शौर्य की प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शौर्य और संकल्प की नींव पर आज से ठीक 100 वर्ष पहले 1926 में नगरपालिका परिषद का गठन शुजालपुर में हुआ था। एक उज्जवल भविष्य का संकल्प आज वट वृक्ष बन चुका है। वर्तमान में शुजालपुर विकास का मॉडल बन रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में जारी गतिविधियों के परिणाम स्वरूप शुजालपुर क्षेत्र में सड़कों, स्वास्थ्य, शिक्षा सुविधाओं, व्यापार-व्यवसाय गतिविधियों आदि में निरंतर प्रगति हो रही है। परिषद के माध्यम से राज्य सरकार हर घर तक सड़क-बिजली और पानी पहुंचाने के संकल्प को सिद्ध कर रही है। शहर की पेयजल समस्या का समाधान काफी हद तक करने का प्रयास किया गया है। नगर में 21 करोड़ 55 लाख रुपए की लागत से जमघड़ नदी को साफ रखने की तैयारी है। यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए एक उपहार के समान होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुजालपुर को विकास के शिखर पर ले जाने के लिए जन भागीदारी को प्रोत्साहित करने का आहवान किया। उच्च शिक्षा मंत्री श्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में गत 2 वर्षों में विकास और जनकल्याण की दृष्टि से क्षेत्र का कायाकल्प हुआ है। मंत्री श्री परमार ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से नए और बड़े बस स्टैंड के लिए भूमि आवंटित करने का अनुरोध किया। कार्यक्रम को नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती बबीता परमार ने भी संबोधित किया। शुजालपुर के कार्यक्रम में पूर्व मंत्री श्री विजेंद्र सिंह सिसोदिया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमराज सिंह सिसोदिया, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में स्थानीय जन उपस्थित थे।  

मध्यप्रदेश में वाहन ट्रांसफर प्रक्रिया सरल, HSRP डेटा नेशनल पोर्टल से जुड़ा

भोपाल अब यदि आपका वाहन मध्य प्रदेश से किसी दूसरे राज्य में ट्रांसफर होता है, तो उसे ट्रेस करना पहले के मुकाबले कहीं अधिक आसान होगा। परिवहन विभाग ने अपने ऑनलाइन पोर्टल को नेशनल डेटाबेस के साथ अपडेट कर दिया है, जिससे हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (एचएसआरपी) के यूनिक लेजर कोड को राष्ट्रीय स्तर पर लिंक कर दिया गया है। इस तकनीकी बदलाव के बाद वाहन की मूल जानकारी जैसे रजिस्ट्रेशन नंबर, चेसिस नंबर और मालिक का विवरण दूसरे राज्यों में भी तुरंत सत्यापित किया जा सकेगा। इससे न केवल चोरी की गाड़ियों को पकड़ने में मदद मिलेगी, बल्कि फर्जी नंबर प्लेट और डुप्लीकेट रजिस्ट्रेशन जैसी समस्याओं पर भी लगाम लगेगी। विभाग के अधिकारियों का मानना है कि इस अपडेट से अंतरराज्यीय वाहन हस्तांतरण की प्रक्रिया तेज और अधिक पारदर्शी होगी। 1500 से अधिक शिकायतों का हुआ निराकरण हाल ही में परिवहन आयुक्त के निर्देश पर हुई प्रदेश स्तरीय जनसुनवाई में विभाग से जुड़े लंबित कार्यों का निपटारा किया गया। इसमें भोपाल, इंदौर और ग्वालियर सहित अन्य क्षेत्रों से आए ड्राइविंग लाइसेंस, एनओसी और वाहन ट्रांसफर से जुड़े करीब 1388 मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। अधिकारियों का क्या कहना “परिवहन विभाग के पोर्टल को नेशनल डेटाबेस से जोड़ने का निर्णय अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे न केवल वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि दूसरे राज्यों में होने वाली गड़बड़ियों पर भी रोक लगेगी। हमने जनसुनवाई के दौरान लंबित मामलों को प्राथमिकता से हल किया है और आगे भी पारदर्शिता बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है।”

पिंक बॉल की जंग: हरमनप्रीत कौर की टीम लगातार 3 जीत के साथ मजबूत, क्या हीली बदलेंगी आखिरी मुकाबले की कहानी?

मुंबई वनडे श्रृंखला में करारी हार के बाद भारतीय महिला टीम पिछले लगभग पांच साल में पहली बार जब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुक्रवार से शुरू होने वाले एकमात्र दिन रात्रि टेस्ट क्रिकेट मैच में उतरेगी तो जीत हासिल करने के लिए उसकी सीनियर खिलाड़ियों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। वनडे श्रृंखला में करारी हार के बाद भारतीय महिला टीम पिछले लगभग पांच साल में पहली बार जब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुक्रवार से शुरू होने वाले एकमात्र दिन रात्रि टेस्ट क्रिकेट मैच में उतरेगी तो जीत हासिल करने के लिए उसकी सीनियर खिलाड़ियों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। इस मैच के साथ ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बहु प्रारूप वाली श्रृंखला का भी समापन होगा जिसमें भारत ने टी20 श्रृंखला 2-1 से जबकि आस्ट्रेलिया ने वनडे श्रृंखला 3-0 से जीती थी। पिछले पांच टेस्ट मैचों में अजेय रहने के बाद भारत का आत्मविश्वास चरम पर होगा। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम ने दिसंबर 2023 से जुलाई 2024 के बीच लगातार तीन टेस्ट मैच जीते, जिनमें इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका को घरेलू मैदान पर हराना शामिल है। भारत ने इससे पहले विदेश में खेले गए पिछले दो टेस्ट मैच 2021 में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ड्रॉ कराए थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसने उस साल सितंबर अक्टूबर में दिन रात्रि टेस्ट मैच खेला था जिसमें स्मृति मंधाना ने शतक जमाया था। इस बहु प्रारूप वाली श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया अभी 8-4 से आगे है। टी20 श्रृंखला में हार के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम 2-4 से पिछड़ रही थी, लेकिन इसके बाद उसने शानदार वापसी करके तीनों वनडे मैच जीत लिए। जहां टी20 और वनडे दोनों मैचों में जीत हासिल करने पर दो-दो अंक दांव पर थे, वहीं टेस्ट मैच के विजेता को चार अंक मिलेंगे। भारत अगर जीत हासिल करता है तो वह कम से कम इस श्रृंखला को ड्रॉ करा सकता है। भारतीय टीम इस बात से आत्मविश्वास हासिल करना चाहेगी कि उसने दिसंबर 2023 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच आठ विकेट से जीतकर इतिहास रच दिया था। यह पहला अवसर था जबकि भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को टेस्ट मैच में हराया था। भारतीय बल्लेबाजी का दारोमदार हरमनप्रीत, उप-कप्तान मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा पर होगा। सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल के प्रदर्शन पर शनि की निगाह टिकी रहेगी जो शुक्रवार को टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण कर सकती हैं। रावल भारतीय टीम में शामिल उन सात भारतीय खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्होंने अभी तक टेस्ट मैच नहीं खेला है। अभी तक टेस्ट मैच नहीं खेलने वाली भारतीय खिलाड़ियों में बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा, क्रांति गौड़, सायली सतघरे और काशवी गौतम भी शामिल हैं। भारतीय टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण है। भारत की वनडे विश्व कप विजेता टीम की सदस्य रही क्रांति गौड़ और अमनजोत कौर टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण कर सकती हैं। भारतीय टीम को हालांकि अनुभवी तेज गेंदबाज रेणुका सिंह की कमी खलेगी जो चोटिल होने के कारण टेस्ट टीम से बाहर हो गई। उनकी जगह युवा तेज गेंदबाज काशवी गौतम को टीम में शामिल किया गया है। दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया अपनी कप्तान एलिसा हीली को शानदार विदाई देने के लिए प्रतिबद्ध होगा जो अपना 299वां और अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेंगी। ऑस्ट्रेलिया ने भी किम गार्थ और एलिसे पेरी की जांघ की चोटों और सोफी मोलिनी की पीठ की समस्या के बाद राहेल ट्रेनामन और मैटलान ब्राउन सहित कुछ ऐसे खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया है जिन्होंने अभी तक टेस्ट मैच नहीं खेले हैं। गार्थ और मोलिनी दोनों ही मैच से बाहर हो गई हैं, लेकिन ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद है कि पेरी समय पर ठीक हो जाएगी। वाका की उछाल वाली पिच पर होने वाले इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को निश्चित रूप से भारत पर बढ़त हासिल होगी, क्योंकि उसने अपने पिछले दो टेस्ट मैच आसानी से जीते हैं। उसने जनवरी 2025 में एमसीजी में इंग्लैंड को फरवरी 2024 में इसी मैदान पर दक्षिण अफ्रीका को हराया था। टीम इस प्रकार हैं: भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, काशवी गौतम, स्नेह राणा, अमनजोत कौर, उमा छेत्री (विकेटकीपर), प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, क्रांति गौड़, वैष्णवी शर्मा, सयाली सतघरे। ऑस्ट्रेलिया: एलिसा हीली (कप्तान एवं विकेटकीपर), डार्सी ब्राउन, मैटलान ब्राउन, निकोला कैरी, एशले गार्डनर, किम गार्थ, अलाना किंग, फीबी लिट्चफील्ड, बेथ मूनी, ताहलिया मैकग्रा, एलिसे पेरी, एनाबेल सदरलैंड, राहेल ट्रेनामन, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहैम। समय: मैच सुबह 10:50 बजे शुरू होगा।  

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने प्राकृतिक खेती का किया निरीक्षण

भोपाल उप मुख्यमंत्री  राजेन्द्र शुक्ल ने हरिहरपुर धाम में प्राकृतिक खेती का निरीक्षण किया। उन्होंने प्राकृतिक रूप से उगाई गई पालक व चुंकदर की खेती को देखा तथा निर्माणाधीन वायो इनपुट सेंटर मल्टी वेयर फार्मिंग प्रकल्प का अवलोकन कर आवश्यक निर्देश दिये। रीवा जिले में प्राकृतिक खेती का बसामन मामा सहित हरिहरपुर में भी किसानों के लिये प्रशिक्षण केन्द्र स्थापित किया गया है। जहां प्राकृतिक खेती की जा रही है और साथ ही साथ किसानों को प्राकृतिक खेती के संबंध में प्रशिक्षण भी दिया जाता है। उप मुख्यमंत्री ने आमजनों से की भेंट उप मुख्यमंत्री  राजेन्द्र शुक्ल ने अमहिया निवास रीवा में आमजनों से भेंट की। उन्होंने लोगों को होली की बधाई दी तथा उनकी समस्यायें सुनीं। उप मुख्यमंत्री ने प्राप्त आवेदनों पर तत्काल समाधान कारक कार्यवाही करने के निर्देश दिये।  

युद्धपोत डूबने का बदला? ईरान ने साधा अमेरिकी टैंकर पर निशाना, इलाके में बढ़ा तनाव

तेहरान युद्धपोत को डुबोए जाने का ईरान ने बदला ले लिया है।  ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने सरकारी टेलीविजन पर दिए गए एक बयान में कहा कि अमेरिकी जहाज फारस की खाड़ी के उत्तर में एक मिसाइल से टकराया और अभी उसमें आग लगी हुई है। श्रीलंकाई तट के पास युद्धपोत डुबोए जाने से ईरान अमेरिका पर भड़का हुआ है। भारत से लौट रहे ईरानी युद्धपोत को अमेरिका ने बुधवार को हमला करके हिंद महासागर में डुबो दिया था। इस हमले में कई ईरानी नागरिकों की मौत हो गई। इससे भड़के ईरान ने गुरुवार को बड़ा बदला लिया है। ईरान के सरकारी टीवी ने दावा किया है कि ईरान ने खाड़ी में एक अमेरिकी तेल टैंकर पर मिसाइल से बड़ा हमला किया है। यह इस इलाके में एनर्जी इंडस्ट्री पर ईरान का सबसे नया हमला है। इस हमले के बाद तेल टैंकर पर आग लग गई। खबर के अनुसार, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने सरकारी टेलीविजन पर दिए गए एक बयान में कहा कि जहाज फारस की खाड़ी के उत्तर में एक मिसाइल से टकराया था और अभी उसमें आग लगी हुई है। हालांकि, इस घटना की अभी अमेरिका की ओर से पुष्टि नहीं हुई है। ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर पूरी तरह से कब्जा किया हुआ है और चीनी जहाज के अलावा किसी को भी वहां से गुजरने की अनुमति नहीं दी हुई है। इससे पहले भी ईरान ने कई अन्य तेल टैंकरों पर भी हमला किया था। इससे पहले, ईरान ने गुरुवार सुबह इजरायली और अमेरिकी बेस पर हमलों की एक नई लहर शुरू की और धमकी दी कि अमेरिका को हिंद महासागर में ईरानी युद्धपोत पर टॉरपीडो से हमला करने का बहुत पछतावा होगा। एक धार्मिक नेता ने ट्रंप का खून मांगा, जबकि इजरायल ने कहा कि उसने तेहरान पर बड़े पैमाने पर हमला शुरू कर दिया है। इजरायल ने कई आने वाले मिसाइल हमलों की घोषणा की और तेल अवीव और यरुशलम में हवाई सायरन बजाए गए। ईरानी सरकारी टेलीविजन ने कहा कि और हमलों में अमेरिकी बेस को भी निशाना बनाया गया। इजरायली सेना ने कहा कि उसने लेबनान में ईरान के समर्थन वाले हिज्बुल्लाह मिलिटेंट ग्रुप पर टारगेटेड हमले किए, जो ईरान की राजधानी में इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों की एक बड़ी लहर है, लेकिन उसने ज्यादा जानकारी नहीं दी। थोड़ी देर बाद तेहरान में कई जगहों पर धमाके सुने गए। बता दें कि अमेरिकी नेवी ने मंगलवार रात हिंद महासागर में ईरानी फ्रिगेट IRIS डेना को डुबो दिया, जिसमें कम से कम 87 ईरानी नाविक मारे गए, जिसे ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने गुरुवार को समुद्र में ज़ुल्म बताया। अमेरिका और इजरायल ने शनिवार को युद्ध शुरू किया है, जिसमें ईरान की लीडरशिप को टारगेट किया गया और ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को मार डाला गया। अधिकारियों के अनुसार, इस युद्ध में अब तक ईरान में 1,000 से ज्यादा लोग, लेबनान में 70 से ज्यादा और इजरायल में लगभग एक दर्जन लोग मारे गए हैं। इसने दुनिया के तेल और गैस की सप्लाई में रुकावट डाली है, इंटरनेशनल शिपिंग में रुकावट डाली है और मिडिल ईस्ट में लाखों यात्री फंस गए हैं।  

प्रियंका चोपड़ा की बेडरूम हैबिट्स का खुलासा: निक जोनस बोले– उन्हें गर्म रहना पसंद

लॉस एंजिल्स प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस फिल्मी दुनिया की उन हस्तियों में से एक है, जिन्हें लोग कपल के रूप में काफी पसंद करते हैं। पावर कपल के रूप में निक और प्रियंका अक्सर सोशल मीडिया पर हर किसी का दिल जीत ले जाते हैं। हाल ही में निक जोनस ने एक पॉडकास्ट पर वाइफ प्रियंका चोपड़ा के बेडरूम हैबिट्स को लेकर बातें कीं। निक ने बताया के बेडरूम में कूलिंग को लेकर दोनों के टेस्ट कितने अलग हैं। प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस अक्सर अपनी फिल्मों और म्यूजिक के प्रमोशन के दौरान अपनी शादीशुदा लाइफ से जुड़ी कई बातें बताया करते हैं। अब हाल ही में निक ने एक बातचीत में अपनी पत्नी की एक ऐसी आदत का खुलासा किया जिसे उन्होंने मजाक में डरावना सपना तक बता डाला। निक ने बताया- एकदम जमा देने वाला ठंड पसंद है निक हाल ही में जेक शेन के पॉडकास्ट 'थेरापस' पर नजर आए। उनसे इस दौरान सोने के लिए एक आइडियल टेम्प्रेचर को लेकर सवाल किया गया। सिंगर ने इसका जवाब देते हुए कहा, 'ओह, ठंडा। एकदम जमा देने वाला ठंडा।' 'प्रियंका चोपड़ा को एकदम जमा देने वाला ठंडा' निक ने प्रियंका चोपड़ा के नाइटमेयर मटीरियल वाली आदतों पर भी चुटकी ली। जोनस ने कहा कि बेडरूम टेम्प्रेचर के मामले में उनकी और चोपड़ा की चॉइस में अक्सर क्लैश होता है। उन्होंने कहा, 'मेरी पत्नी को सोते समय गर्म रहना पसंद है, तो वह कमरे का तापमान 71F से 72F (21C से 22C) के बीच रखने की कोशिश करती हैं।' उन्होंने आगे कहा, 'यह एक बुरे सपने जैसा है। सच में बुरा।' मेरी वाइफ प्रियंका चोपड़ा को सोते समय गर्म रहना पसंद है, तो वह कमरे का तापमान 71F से 72F (21C से 22C) के बीच रखने की कोशिश करती हैं। निक ने बताया बेडरूम में कैसा टेम्प्रेचर है पसंद जब शेन ने कहा कि वो 62F (16C) तापमान पर सोते है तो जोनस ने जवाब दिया, 'मुझे ये टेम्प्रेचर बहुत पसंद है! मुझे भी अपने जीवन में ये चाहिए।' बता दें कि हाल ही में प्रियंका ने बताया था कि उनके लिए एक परफेक्ट डेट नाइट का मतलब 'एक शानदार फिल्म देखना और बढ़िया खाना खाना' होता है। हालांकि, उन्होंने आगे कहा था, 'मेरे पति को यह पसंद नहीं है, इसलिए हम ऐसा नहीं करते।' निक ने कहा- मुझे लगता है कि बिस्तर सिर्फ सोने के लिए होते हैं वहीं निक जोनस ने ये भी बताया कि वह बिस्तर पर न तो खाना खाते हैं और न ही टीवी देखते हैं। इसके बाद जोनस ने टिक टॉक शो 'आर यू ओके?' में कहा, 'मुझे लगता है कि बिस्तर सिर्फ सोने के लिए होते हैं। मैं बिस्तर पर नहीं बैठता, बिस्तर पर खाना नहीं खाता, बिस्तर पर किताबें नहीं पढ़ता या टीवी नहीं देखता… मैंये सब बिस्तर पर नहीं कर सकता।'

देसी इलाज बना खतरा: पन्ना में धतूरे का काढ़ा पीने से परिवार के 3 सदस्य अस्पताल पहुंचे

पन्ना "नीम हकीम खतरा-ए-जान" कहावत पन्ना जिले में उस समय सच साबित हो गई, जब जोड़ों और कमर दर्द से राहत पाने के लिए अपनाया गया देसी नुस्खा एक परिवार पर भारी पड़ गया। पन्ना निवासी 45 वर्षीय सावित्री बाई को किसी परिचित ने धतूरा और एक स्थानीय जड़ी-बूटी का काढ़ा पीने की सलाह दी। बिना चिकित्सकीय परामर्श के उन्होंने घर पर काढ़ा तैयार कर लिया। तेज चक्कर, उल्टियां और शरीर सुन्न दोपहर में सावित्री बाई ने स्वयं काढ़ा पिया और अपने बेटे शिवम आदिवासी (22 वर्ष) व बेटी रेखा आदिवासी (24 वर्ष) को भी पिला दिया। कुछ ही देर में तीनों को तेज चक्कर, उल्टियां और शरीर सुन्न होने की शिकायत शुरू हो गई। जड़ी-बूटियों के सेवन से बचने की अपील हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पन्ना लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने इसे भोजन विषाक्तता का मामला मानते हुए तत्काल उपचार शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से बड़ा हादसा टल गया। चिकित्सकों ने बिना सलाह जहरीली जड़ी-बूटियों के सेवन से बचने की अपील की है।  

होली पर्व पर उप मुख्यमंत्री ने भगवान जगन्नाथ के किये दर्शन

भोपाल  उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने होली पर्व पर भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर आशिर्वाद प्राप्त किया तथा प्रदेश वासियों की सुख, समृद्धि एवं मंगल कामना की। उन्होंने भगवान जगन्नाथ के महाप्रसाद कढ़ी-भात एवं खीर का श्रृद्धालुओं को वितरण कर पुण्य कार्य में सेवाभाव से सहभागिता की। उप मुख्यमंत्री ने भगवान भैरवनाथ के दर्शन किये उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने होली महापर्व पर गुढ़ स्थित भैरवनाथ लोक पहुंचकर भगवान भैरवनाथ के दर्शन किये तथा लोक कल्याण की कामना की। 

नामांकन के बाद गरजे अमित शाह, बोले– जेपी की विरासत संभाल रहे हैं नीतीश कुमार

नई दिल्ली नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री का पद छोड़कर अब दिल्ली की राह पर निकल रहे हैं। उन्होंने बिहार विधानसभा परिसर में गुरुवार को राज्यसभा के लिए नामांकन किया। इस दौरान होम मिनिस्टर अमित शाह, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी समेत कई नेता मौजूद थे। नीतीश कुमार के साथ ही भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी नामांकन दाखिल कर दिया है। शिवेश राम और उपेंद्र कुशवाहा ने भी नामांकन दाखिल कर दिया। इस मौके पर गृह मंत्री अमित शाह लगातार नीतीश कुमार के साथ मौजूद रहे। उन्होंने नीतीश कुमार की सराहना भी की है और कहा कि बिहार के लोग उनके कार्यकाल को हमेशा याद करेंगे। अमित शाह ने कहा कि हम और भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ता नितिन नवीन जी का संसद में स्वागत करते हैं। इसके अलावा उन्होंने नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की। शाह ने कहा, 'नीतीश कुमार जी ने भी अपना नामांकन किया है। लंबे अरसे के बाद नीतीश कुमार राज्यसभा में प्रवेश करेंगे। 2005 से अब तक वह सीएम रहे। उनका यह कार्य़काल बिहार के इतिहास में स्वर्णि म अक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने अपने काल में राज्य को जंगलराज से मुक्त किया। उन्होंने सड़कों का जाल बिछाया। उनके कुर्ते पर भी कभी दाग नहीं लगा।' होम मिनिस्टर ने कहा कि बिना किसी आरोप के उन्होंने इतना लंबा सफर शायद ही किसी नेता ने तय किया होगा। हर घर में बिजली पहुंचाने में उनका बड़ा रोल है। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में हमेशा शुचिता और ईमानदारी बरती। उनकी लीडरशिप में ही पीएम मोदी की भेजी हुई हर योजना जन-जन तक पहुंची। वह जेपी आंदोलन से निकले प्रमुख नेता थे। उन्होंने पूरी जिंदगी जेपी के सिद्धांतों पर चलकर गुजारी है। हम उनका दिल से स्वागत करते हैं। उनके कार्यकाल को बिहार के लोग हमेशा याद रखेंगे और उसका सम्मान भी करेंगे। गौरतलब है कि नीतीश कुमार ने एक फेसबुक पोस्ट लिखकर अपनी राज्यसभा की इच्छा जाहिर की है। उनका कहना था कि अपनी संसदीय राजनीति में वह लोकसभा में रहे, विधानसभा के दोनों सत्रों में रहे और अब राज्यसभा जाने की इच्छा है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में नई बनने वाली सरकार को मेरा पूरा समर्थन और मार्गदर्शन मिलेगा। गौरतलब है कि नीतीश कुमार के हटने के बाद उनके बेटे निशांत कुमार को डिप्टी सीएम का पद मिल सकता है। वहीं बिहार के राजनीतिक इतिहास में पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री हो सकता है। हालांकि यह तय नहीं है कि भाजपा की ओर से कौन सा नेता कमान संभालेगा।