samacharsecretary.com

PAK में आतंकी हाफिज सईद के सहयोगी हमजा को मारी गोली, फिर अज्ञात गनमैन हुआ एक्टिव

 लाहौर पाकिस्तान में एक बार फिर अज्ञात हमलावरों ने अपनी मौजूदगी से दहशत फैला दी है. नजारा कुछ-कुछ वैसा ही है जैसा हमने धुरंधर फिल्म में देखा था, चुपचाप आना, सटीक निशाना लगाना और फिर गायब हो जाना. इस बार इन बंदूकधारियों की हिटलिस्ट में था भारत का एक पुराना और खूंखार दुश्मन अमीर हमजा. लाहौर की सड़कों पर एक न्यूज चैनल के दफ्तर के बाहर उसे घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिसमें वह बुरी तरह जख्मी हो गया. फिलहाल, लश्कर का यह फाउंडर अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है । हमलावरों ने जिस सफाई और सूझबूझ से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया, उसने पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है. सरेआम हुई इस गोलीबारी ने एक बार फिर उन चर्चाओं को हवा दे दी है कि क्या पड़ोसी मुल्क में छिपे बैठे आतंकियों का सफाई अभियान अपने अगले चरण में पहुंच चुका है? हमजा को संभलने तक का मौका नहीं मिला और अब वह अपनी आखिरी सांसें गिन रहा है। अब आप सोच रहे होंगे कि ये अमीर हमजा आखिर है कौन? तो आपको बता दें कि ये सिर्फ एक मामूली आतंकी नहीं है. अमीर हमजा को लश्कर-ए-तोयबा का रणनीतिक दिमाग माना जाता है. ये उन शुरुआती लोगों में से एक था, जिन्होंने हाफिज सईद के साथ मिलकर लश्कर की नींव रखी थी. इसे संगठन का मुख्य विचारक कहा जाता है, यानी वो शख्स जो आतंकियों को तैयार करने के लिए उनका ब्रेनवॉश करता था. इसकी अहमियत का अंदाजा इसी बात से लगा लीजिए कि अमेरिका ने इसे 'वैश्विक आतंकवादी' घोषित कर रखा है । अमीर हमजा का काम सिर्फ बंदूक उठाना नहीं था, बल्कि वो लश्कर के लिए पैसा जुटाना, नए लड़कों की भर्ती करना और पकड़े गए आतंकियों को छुड़ाने के लिए सौदेबाजी करने में माहिर था. उसने लश्कर की मैगजीन का संपादन किया और जिहाद को बढ़ावा देने वाली किताबें भी लिखीं. जब 2018 में पाकिस्तान पर अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ा और लश्कर पर कार्रवाई हुई, तो इसने 'जैश-ए-मनकाफा' नाम का एक नया मुखौटा तैयार कर लिया ताकि कश्मीर में दहशतगर्दी जारी रख सके। क्या हकीकत बन रही है धुरंधर की कहानी? अगर आप पिछला रिकॉर्ड देखें, तो ये किसी सस्पेंस फिल्म की स्क्रिप्ट जैसा लगता है. इसी साल 2026 की शुरुआत में लश्कर कमांडर बिलाल आरिफ सराफी को ठिकाने लगाया गया. 2025 में झेलम में फैसल नदीम और सिंध में अबू सैफुल्लाह खालिद का भी यही हश्र हुआ. यहां तक कि कंधार विमान अपहरण (IC-814) का गुनहगार जाहूर मिस्त्री भी कराची में सरेआम मार गिराया गया था. अमीर हमजा पर हुए इस हमले ने अब आतंकियों के आकाओं की नींद उड़ा दी है. अब सवाल ये नहीं है कि हमला किसने किया, सवाल ये है कि अगला नंबर किसका है? कौन है आमिर हमजा? आमिर हमजा केवल एक सदस्य नहीं, बल्कि आतंकी हाफिज सईद के साथ मिलकर लश्कर-ए-तैयबा की नींव रखने वाला मुख्य चेहरा है। उसे लश्कर के वैचारिक प्रचार-प्रसार और फंड जुटाने का विशेषज्ञ माना जाता है। वह अफगानिस्तान में मुजाहिदीन के तौर पर भी लड़ चुका है। हमजा अपनी कट्टरपंथी विचारधारा और भड़काऊ भाषणों के लिए जाना जाता है। वह लश्कर की आधिकारिक पत्रिकाओं का संपादक रह चुका है और 'काफिला दावत और शहादत' जैसी कई विवादित पुस्तकें लिख चुका है। अमेरिका के ट्रेजरी विभाग ने लश्कर को आतंकी संगठन घोषित करते हुए हमजा पर कड़े प्रतिबंध लगाए हुए हैं। साल 2018 में जब पाकिस्तान में जमात-उद-दावा (JuD) जैसे संगठनों पर वित्तीय कार्रवाई हुई तो हमजा ने दिखावे के लिए लश्कर से किनारा कर लिया था। हालांकि उसने 'जैश-ए-मनकफा' नाम से एक अलग गुट बना लिया। भारतीय खुफिया एजेंसियों का मानना है कि यह गुट पाकिस्तान में स्वतंत्र रूप से काम कर रहा है और इसका मुख्य उद्देश्य जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देना है। हमजा अब भी लश्कर के शीर्ष नेतृत्व के साथ करीबी संपर्क में था और युवाओं की भर्ती व फंड जुटाने में अहम भूमिका निभा रहा था।  

सुमेरपुर में मिलावटखोरी का भंडाफोड़, नामी ब्रांड के नाम पर नकली घी तैयार

पाली पाली जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के संजय नगर में मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य विभाग और सुमेरपुर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की. नकली घी बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा मारा. भारी मात्रा में मिलावटी सामग्री, नकली घी और पैकिंग से जुड़ा सामान बरामद किया गया है. सभी को जब्‍त कर लिया गया.   ब्रांडेड नाम से हो रही थी ठगी फैक्ट्री में घटिया गुणवत्ता के पाम ऑयल और केमिकल्स की मदद से नकली घी तैयार किया जा रहा था. तैयार घी को कृष्णा, सरस और नोवा जैसे नामी ब्रांड्स के स्‍टीकर लगाकर टिन में पैक किया जा रहा था, ज‍िससे बाजार में उसे असली बताकर बेचा जा सके. 44 टिन घी सी कार्रवाई के दौरान टीम ने 44 टिन नकली घी को जब्त किया. इसके साथ ही बड़ी मात्रा में पाम ऑयल भी बरामद हुआ, जिसका उपयोग मिलावट के लिए किया जा रहा था. अधिकारियों के अनुसार, यह घी उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक हो सकता था. 244 किलो केमिकल जब्त मौके से करीब 244 किलो मिलावटी केमिकल और पैकिंग मटेरियल भी बरामद किया गया है. इसके अलावा घी बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली मशीनें और अन्य उपकरण भी जब्त कर लिए गए हैं. संगठित नेटवर्क की आशंका शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह अवैध कारोबार लंबे समय से संचालित हो रहा था, और इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क हो सकता है.  स्थानीय स्तर पर सुमेरपुर को नकली घी के कारोबार का बड़ा केंद्र माना जा रहा है. आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस फिलहाल खाद्य विभाग और पुलिस की कार्रवाई क्षेत्र में लगातार जारी रहेगी. मामले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है, और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.   सीएमएचओ डॉक्टर विकाश मरवाल ने कहा कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी, ज‍िससे मिलावटखोरी पर रोक लगाई जा सके, और आम जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो.

भीषण हादसे से दहला वेदांता प्लांट, उद्योग मंत्री ने जताया गहरा शोक

रायपुर. वाणिज्य, उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने सक्ती जिले के डभरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता लिमिटेड के पावर प्लांट में बॉयलर फटने से हुई दुर्घटना में जानमाल के नुकसान पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मंत्री देवांगन ने इस घटना को अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ प्रकट कीं। उन्होंने कहा कि इस हादसे में श्रमिकों की मृत्यु और कई लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उद्योग मंत्री ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही  कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर चर्चा कर जिला प्रशासन को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। वर्तमान में प्रशासन की निगरानी में तेजी से राहत कार्य संचालित किया जा रहा है तथा घायलों को त्वरित और समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी न हो और आवश्यकतानुसार बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही, उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। मंत्री देवांगन ने स्पष्ट किया कि इस घटना की गहन और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध श्रम क़ानून के अंतर्गत सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

हरियाणा में टैक्स चोरी का खेल, दक्षिण भारत के वाहन फर्जी पते पर रजिस्टर्ड

अंबाला अंबाला छावनी के उप-मंडलाधिकारी कार्यालय में एक बड़े वाहन पंजीकरण घोटाले का खुलासा हुआ है। इस घोटाले के तहत बाहरी राज्यों, विशेषकर दक्षिण भारत के वाहनों को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हरियाणा में पंजीकृत किया जा रहा था। जांच में अब तक 200 से अधिक ऐसे मामले सामने आए हैं जिनमें भारी अनियमितताएं पाई गई हैं। क्या है पूरा मामला जांच रिपोर्ट के अनुसार, तमिलनाडु और नगालैंड जैसे राज्यों के वाहनों को अंबाला के फर्जी पतों पर पंजीकृत किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य हरियाणा में कम पंजीकरण शुल्क का लाभ उठाना और टैक्स चोरी करना था। अब तक 213 वाहनों की पहचान की गई है जिनका पंजीकरण धोखाधड़ी से किया गया।अनुमान है कि प्रति वाहन 1 से 2 लाख रुपये अवैध रूप से वसूले गए, जो एक बड़े वित्तीय घोटाले की ओर इशारा करते हैं। कई वाहन ऐसी कंपनियों के नाम पर दर्ज थे जो अस्तित्व में ही नहीं हैं। इस प्रकार के मामले आए सामने एक हाइड्रोलिक मोबाइल क्रेन के.पी.कंस्ट्रक्शन के नाम पर दर्ज थी, लेकिन जांच में गांव में ऐसी कोई कंपनी नहीं मिली। इसका असली मालिक तमिलनाडु का निकला। इसी प्रकार एक अन्य क्रेन  एसआर क्रेन सर्विसेज। के नाम पर थी, जिसका मालिक कोयंबटूर का निवासी पाया गया। नियमों की धज्जियां जांच समिति ने इसे राजस्व की जानबूझकर की गई हानि और दुर्भावना पूर्ण  मंशा का मामला बताया है। नियमों के अनुसार, वाहन वहीं पंजीकृत हो सकता है जहां मालिक सामान्य रूप से निवास करता हो। प्रमुख खामियां जो जांच में मिलीं     अनिवार्य फॉर्म 20, 21 और 22 गायब मिले, केवल असत्यापित फोटोकॉपी फाइल में थी     कोई वैध बीमा कागजात या मोटर वाहन निरीक्षक प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं था।     अंबाला में निवास का कोई वैध प्रमाण या आईडी जमा नहीं की गई थी।  

केटी पेरी पर गंभीर आरोप, टॉम क्रूज का नया लुक और कान्ये वेस्ट का शो टला

हॉलीवुड की दुनिया से तीन बड़ी खबरें सामने आई हैं। एक ओर जहां सिंगर-सॉन्‍गराइटर केटी पेरी के ख‍िलाफ ऑस्‍ट्रैलिया में यौन उत्‍पीड़न मामले की जांच शुरू हो गई है, वहीं टॉम क्रूज के 'बूढ़े अवतार' ने उनके फैंस को चौंका दिया है। यह उनकी अपकमिंग फिल्‍म 'डिगर' का लुक है। इन सब के बीच रैपर कान्ये वेस्‍ट का एक और कॉन्सर्ट पोस्‍टपोन हो गया है। 24 बार ग्रैमी जीत चुके सिंगर को बीते दिनों ऑस्‍ट्रैलिया और ब्रिटेन ने बैन कर दिया था। अब खबर है कि उनका फ्रांस वाला कॉन्सर्ट टल चुका है। यह सब तब है, जब कान्‍ये 23 मई 2026 को दिल्‍ली में लाइव परफॉर्मेंस के लिए इंडिया आ रहे हैं। यह भारत में उनका पहला लाइव शो है। सबसे पहले बात केटी पेरी की करते हैं। ऑस्ट्रेलिया में पुलिस उनसे जुड़े सेक्‍सुअल असॉल्‍ट केस की जांच कर रही है। सिंगर पर 'बैटगर्ल' और 'ऑरेंज इज द न्यू ब्लैक' की एक्ट्रेस रूबी रोज़ ने आरोप लगाए हैं। हालांकि, केटी पेरी ने इन आरोपों से इनकार करते हुए इन्हें 'लापरवाही भरा झूठ' बताया है। क्‍या है केटी पेरी और रूबी रोज़ सेक्‍सुअल असॉल्‍ट केस 'वैरायटी' मैगजीन के मुताबिक, केटी पेरी पर रूबी रोज़ ने बीते रविवार की रात को ये संगीन आरोप लगाए हैं। उन्होंने Threads पर लिखा कि केटी पेरी ने कथित तौर पर मेलबर्न के एक क्लब में उनका यौन उत्पीड़न किया था। घटना पुरानी है और तब दोनों की उम्र 20s की थी। रूबी रोज़ अब 40 साल की हैं, जबकि केटी पेरी भी 41 साल की हैं। रूबी रोज ने कहा, 'केटी पेरी ने मेलबर्न के स्‍पाइस मार्केट नाइटक्लब में मुझे सेक्‍सुअल असॉल्‍ट किया था। उसे क्या लगता है, इसकी किसे परवाह है।' एक्‍ट्रेस ने Complex की एक पोस्ट के जवाब में यह सब लिखा। रूबी रोज़ का सोशल मीडिया पर अलग-अलग लोगों के खिलाफ गंभीर सार्वजनिक आरोप लगाने का एक पुराना इतिहास रहा है। ऐसे दावे जिन्हें उन लोगों ने बार-बार नकारा है। केटी पेरी की ओर से जारी किया गया बयान हालांकि, केटी पेरी के एक प्रतिनिधि ने बयान जारी करते हुए इन दावों को खारिज किया है। सिंगर की ओर से कहा गया, 'रूबी रोज़ की ओर से सोशल मीडिया पर केटी पेरी के बारे में फैलाए जा रहे आरोप न केवल पूरी तरह से झूठे हैं, बल्कि वे खतरनाक और लापरवाही भरे भी हैं। रूबी रोज़ का सोशल मीडिया पर अलग-अलग लोगों के खिलाफ गंभीर सार्वजनिक आरोप लगाने का एक पुराना इतिहास रहा है। ऐसे दावे जिन्हें उन लोगों ने बार-बार नकारा है Tom Cruise का Digger से फर्स्‍ट लुक आउट, खूब बजी तालियां दूसरी ओर, अपने तीन दशक लंबे करियर में टॉम क्रूज ने अब तक भले ही कई तरह के रोल निभाए हैं। लेकिन पहली बार वह 'डिगर' में एकदम नए अवतार में नजर आएंगे। इस फ‍िल्म की पहली झलक CinemaCon में दिखाई गई है, जहां दर्शकों ने पहली बार इस सुपरस्टार को एक हैंडसम हीरो से हटकर अलग अवतार में देखा। CinemaCon लास वेगास में थिएटर मालिकों का एक सालाना सम्मेलन है, जहां Warner Bros ने मंगलवार को अपना प्रेजेंटेशन दिया। इसमें जब 'डिगर' के ऐलान की बारी आई तो 63 साल टॉम क्रूज भी स्‍टेज पर आए। फिल्‍म में टॉम क्रूज का रोल और प्‍लॉट, मिला स्‍टैंडिंग ओवेशन 'डिगर' में टॉम क्रूज एक सनकी तेल कारोबारी का रोल निभा रहे हैं। जो झलक सामने आई, उसमें टॉम क्रूज को 'डिगर रॉकवेल' के किरदार में दिखाया गया, जो एक अधेड़ उम्र का आदमी है, जिसके बाल पतले और सफेद हो रहे हैं, पेट निकला हुआ है, बोलने का लहजा भी अलग है। उनका यह रूप देख वहां मौजूद दर्शकों ने जोरदार तरीके से ताली बजाई। फर्स्‍ट लुक को 'स्टैंडिंग ओवेशन' मिला। फ‍िल्म में डिगर रॉकवेल, अनजाने में एक ऐसा पर्यावरणीय संकट खड़ा कर देता है जो दुनिया को परमाणु युद्ध के कगार पर पहुंचा देता है। इसके बाद वह इस ग्रह को बचाने की कोशिश में जुट जाता है। Kanye West का फ्रांस में कॉन्सर्ट कैंस‍िल इन सब के बीच, 24 बार ग्रैमी जीतने वाले कान्ये वेस्ट, जिन्होंने अपना नाम बदलकर 'ये' (Ye) रख लिया है, ने घोषणा की है कि फ्रांस के मार्सिले में उनका कॉन्सर्ट अब अगली सूचना तक 'टाल' दिया गया है। उन्‍हें इसे 'पूरी तरह से अपना फैसला' बताया है। उनके कॉन्सर्ट के टलने की यह खबर तब आई, जब फ्रांस के गृह मंत्री ने कहा था कि वे कान्ये को मार्सिले में परफॉर्म करने से बैन करने के तरीकों पर विचार कर रहे हैं। कान्‍ये वेस्‍ट ने लिखा- ये मेरा अपना फैसला रैपर ने X पर कॉन्सर्ट को लेकर लिखा, 'काफी सोच-विचार के बाद, यह मेरा अपना फैसला है कि मैं फ्रांस के मार्सिले में अपना शो अगली सूचना तक टाल रहा हू।' उन्‍होंने एक अन्‍य ट्वीट किया और लिखा, 'मुझे पता है कि अपनी गलतियों को सुधारने की मेरी सच्ची कोशिश को समझने में समय लगेगा। मैं अपनी हर बात की पूरी जिम्मेदारी लेता हूं, लेकिन मैं अपने फैंस को इस मामले के बीच में नहीं लाना चाहता। मेरे फैंस मेरे लिए सब कुछ हैं। मैं अपने अगले शो का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।' नाजीवाद के समर्थन में कान्‍ये के बोल पड़ रहे भारी जानकारी के लिए बता दें कि बीते कुछ समय से कान्‍ये वेस्‍ट को लेकर खूब विवाद हो रहा है। उनके बयान, सोशल मीडिया पोस्‍ट और गाने के बोल को नाजीवाद का समर्थक माना जा रहा है। फ्रांस के सबसे पुराने शहर के मेयर बेनोइट पायने ने 4 मार्च को कान्ये के ख‍िलाफ कड़ा रुख अपनाया था। X पर पायने ने लिखा: 'मैं मार्सिले को उन लोगों के लिए एक मंच नहीं बनने दूंगा, जो नफरत और बिना किसी पछतावे के नाजीवाद को बढ़ावा देते हैं। कान्ये वेस्ट का वेलोड्रोम में कोई स्वागत नहीं है। यह जगह हमारे आपसी भाईचारे और मार्सिले के सभी लोगों के लिए एक मंदिर जैसी है।' इससे पहले, 7 अप्रैल को UK सरकार ने भी कान्ये को देश में एंट्री देने से मना कर दिया था। कान्ये को जुलाई में लंदन के 'वायरलेस फेस्टिवल' में मुख्य कलाकार के तौर पर परफॉर्म करना था।  

सिलगेर के माड़वी कोसा की मेहनत रंग लाई: अपने हाथों से बनाया घर, CM ने सौंपी खुशियों की चाबी

रायपुर.  ग्राम पंचायत सिलगेर विकासखंड कोन्टा के हितग्राही माड़वी कोसा के लिए वर्षों पुराना सपना अब साकार हो गया है। जो परिवार कभी कठिन परिस्थितियों में जर्जर झोपड़ी में जीवन गुजार रहा था, आज उसी परिवार के पास एक सुरक्षित, सम्मानजनक और मजबूत पक्का आवास है। नियद नेल्लानार योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण के संयुक्त प्रयासों ने उनके जीवन में वह बदलाव ला दिया, जिसने संघर्ष को उम्मीद में बदल दिया। इस बदलाव की असली नींव बनी रूरल मेसन ट्रेनिंग, जिसे मेरापथ एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित किया गया। प्रशिक्षण प्राप्त कर कोसा ने न केवल निर्माण कार्य की तकनीक सीखी, बल्कि आत्मविश्वास के साथ अपने ही हाथों से अपने घर का निर्माण कर दिखाया। यह कहानी केवल एक मकान बनने की नहीं, बल्कि एक व्यक्ति के आत्मनिर्भर बनने और अपने भविष्य को स्वयं गढ़ने की प्रेरक मिसाल बन गई है। वित्तीय वर्ष 2024–25 में प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण अंतर्गत कोसा को 1.20 लाख रुपए की आवास स्वीकृति मिली। इसके साथ ही मनरेगा अभिसरण से 95 मानव दिवस एवं 23,085 रुपए की मजदूरी सहायता प्रदान की गई, जिससे निर्माण कार्य को गति मिली। वहीं स्वच्छ भारत मिशन से 12,000 रुपए की राशि से शौचालय निर्माण, सोलर पैनल से रोशनी की सुविधा और नल–जल व्यवस्था से घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने से उनके परिवार का जीवन अब सुविधाजनक और सुरक्षित बन गया है। इस प्रेरणादायक परिवर्तन पर कलेक्टर अमित कुमार ने इसे जिले के लिए मॉडल बताते हुए कहा कि योजनाओं का सही क्रियान्वयन और कौशल विकास मिलकर परिवारों को आत्मनिर्भर बना सकते हैं। वहीं जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर ने इसे सफल उदाहरण बताते हुए कहा कि प्रशिक्षण से गुणवत्ता बढ़ती है और हितग्राही स्वयं सशक्त बनता है। मुख्यमंत्री प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोसा से संवाद कर उन्हें साल-श्रीफल एवं सांकेतिक चाबी भेंट कर सम्मानित किया। आज माड़वी कोसा का यह पक्का घर केवल ईंट-पत्थर का निर्माण नहीं, बल्कि संघर्ष से सफलता तक की वह कहानी है जो पूरे क्षेत्र को प्रेरणा दे रही है।

बांग्लादेश के तेज गेंदबाज रुबेल हुसैन रिटायर, 2015 वर्ल्ड कप प्रदर्शन रहा यादगार

बांग्लादेश के अनुभवी तेज गेंदबाज रुबेल हुसैन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. 36 साल के रुबेल ने फेसबुक पर अपने 35 लाख फॉलोअर्स को यह जानकारी दी और 159 अंतरराष्ट्रीय मैचों के अपने सफर को विराम देने का फैसला साझा किया. रुबेल ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला अप्रैल 2021 में न्यूजीलैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के खिलाफ ऑकलैंड में टी20 इंटरनेशनल के रूप में खेला था. इसके बाद से चोटों ने उन्हें लगातार परेशान किया, जिससे घरेलू क्रिकेट में भी उनकी भागीदारी सीमित होती चली गई. बांग्लादेशी फैंस के लिए रुबेल का सबसे यादगार प्रदर्शन ICC Cricket World Cup 2015 में इंग्लैंड के खिलाफ एडिलेड में आया मैच रहेगा. उस मुकाबले में उन्होंने चार गेंदों के भीतर इयान बेल और कप्तान इयोन मॉर्गन को आउट किया, फिर स्टुअर्ट ब्रॉड और जेम्स एंडरसन को पवेलियन भेजते हुए 53 रन देकर 4 विकेट झटके, जो मैच जिताने वाली गेंदबाजी साबित हुई. अपने संदेश में रुबेल ने लिखा, 'पेसर रुबेल हुसैन हूं. मैंने बांग्लादेश के लिए 27 टेस्ट, 104 वनडे और 28 टी20 इंटरनेशनल खेले हैं.राष्ट्रीय टीम मेरे लिए जुनून रही है, लेकिन एक समय ऐसा आता है जब आपको अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहना पड़ता है. उसी सोच के साथ मैंने यह फैसला लिया है. हालांकि, मैं घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखूंगा.' उन्होंने परिवार, दोस्तों, मीडिया और फैन्स का आभार जताते हुए आगे भी समर्थन की उम्मीद जताई. रुबेल का अंतरराष्ट्रीय सफर 2009 में शुरू हुआ, जब तत्कालीन बांग्लादेश फास्ट बॉलिंग कोच चंपाका रामानायके ने उन्हें देशव्यापी टैलेंट हंट में खोजा. अपनी स्लिंगी एक्शन और 140 किमी/घंटा तक की रफ्तार के साथ रुबेल ने जल्द ही पहचान बना ली. वनडे डेब्यू में ही उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 33 रन देकर 4 विकेट लेकर बांग्लादेश को जीत दिलाई और ऐसा करने वाले पहले गेंदबाज बने. टेस्ट क्रिकेट में उन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिली- 27 मैचों में 36 विकेट, औसत 76.77 के साथ. लेकिन सीमित ओवरों में वे असरदार साबित हुए वनडे फॉर्मेट में रुबेल ने 104 मैचों में 129 विकेट (औसत 34.31) लेकर खुद को बांग्लादेश के भरोसेमंद गेंदबाजों में शुमार किया. उनके नाम 7 बार चार विकेट और एक बार 5 विकेट लेने का कारनामा दर्ज है. 2013 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 26 रन देकर 6 विकेट, जिसमें हैट्रिक भी शामिल थी, उनके करियर की खास उपलब्धियों में से एक रही. दिलचस्प बात यह रही कि इससे ठीक एक हफ्ते पहले उन्होंने घरेलू मैच में भी हैट्रिक ली थी, हालांकि उस वक्त उन्हें इसका अहसास तक नहीं हुआ था. रुबेल हुसैन का करियर भले ही उतार-चढ़ाव भरा रहा, लेकिन बड़े मैचों में असर छोड़ने की उनकी क्षमता उन्हें बांग्लादेश क्रिकेट के यादगार तेज गेंदबाजों में शामिल करती है.  

मनरेगा से पनारी नाले का जीर्णोद्धार: 1200 ग्रामीणों को पेयजल व सिंचाई का लाभ

रायपुर.  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की दूरदृष्टि एवं ग्रामीण समृद्धि के संकल्प को साकार करते हुए जिला सूरजपुर  के जनपद पंचायत भैयाथान अंतर्गत ग्राम पंचायत पहाड़ अमोरनी (सारासोर) में पनारी नाले का मनरेगा के तहत सफलतापूर्वक जीर्णोद्धार किया गया है। कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देश एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र पाटले के मार्गदर्शन में किए गए इस कार्य से 1200 से अधिक ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो रहा है। गाद सफाई एवं स्टॉप डेम मरम्मत से नाले को मिला नया जीवन इस कार्य के अंतर्गत 156 मानव दिवस का रोजगार सृजित किया गया। नाले की गाद सफाई कर उसे पुनर्जीवित किया गया तथा पूर्व निर्मित स्टॉप डेम की मरम्मत कर जल संरक्षण सुनिश्चित किया गया। इसके परिणामस्वरूप वर्तमान में नाले में लगभग 2 मीटर तक जलस्तर दर्ज किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में जल उपलब्धता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। पेयजल संकट से राहत, पशुओं को भी मिल रहा लाभ नाले में जलस्तर बढ़ने से ग्राम पंचायत पहाड़ अमोरनी के ग्रामीणों को हैंडपंप एवं अन्य जल स्रोतों से सहजता से पेयजल उपलब्ध हो रहा है। साथ ही लगभग 200 पशुओं की पानी की आवश्यकता भी इस जलस्रोत से पूरी हो रही है, जिससे पशुपालकों को भी बड़ी राहत मिली है। कृषि को मिला संबल, किसानों की आय में वृद्धि नाले के पुनर्जीवन से क्षेत्र के किसानों को सीधा लाभ मिला है। लगभग 20 हेक्टेयर भूमि पर 26 किसान रबी-खरीफ फसलों के साथ-साथ मौसमी सब्जियों का उत्पादन कर रहे हैं। ग्राम के कृषक अम्बेलाल, नंदलाल एवं रामधन द्वारा उत्पादित सब्जियों को चंद्रमेणा बाजार में विक्रय कर अच्छी आमदनी अर्जित की जा रही है। ग्रामीण आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का स्पष्ट विजन है कि ग्रामीण, आदिवासी एवं वनांचल क्षेत्रों के किसान आत्मनिर्भर बनें तथा शासकीय योजनाओं का लाभ सीधे उनके खेत-खलिहान तक पहुंचे। पनारी नाले का यह जीर्णोद्धार कार्य मनरेगा के माध्यम से रोजगार सृजन, जल संरक्षण एवं कृषि विकास—इन तीनों उद्देश्यों की एक साथ सफल पूर्ति का उत्कृष्ट उदाहरण है।

Maruti का बड़ा कदम: महिला भागीदारी बढ़ाने के लिए फैक्ट्री में ‘वुमन पावर’ का हुआ विस्तार

 नई दिल्ली जिस वक्त देश की राजनीति में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ाने की बात चल रही है, उसी समय देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने एक बड़ा ऐलान किया है. मारुति सुजुकी ने जेंडर डाइवर्सिटी को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया है. कंपनी ने अपनी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स में महिलाओं की भागीदारी को तेजी से बढ़ाया है, जिससे अब ऑटो इंडस्ट्री में एक नया बदलाव देखने को मिल रहा है।  मारुति सुजुकी ने आज अपने एक बयान में कहा कि, कंपनी अपने कारखानों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ा रही है. कंपनी ने गुरुग्राम और मानेसर स्थित अपने प्लांट्स के शॉपफ्लोर पर महिलाओं को बड़ी संख्या में शामिल किया है. अब महिलाएं सीधे वाहन असेंबली और इंजन ट्रांसमिशन जैसे कोर कामों में हिस्सा ले रही हैं. इस कदम से मारुति का नाम उन गिनी-चुनी भारतीय ऑटो कंपनियों में शामिल हो गया है, जहां महिलाएं बड़े स्तर पर प्रोडक्शन रोल्स निभा रही हैं।  तेजी से बढ़ी महिला भर्ती मारुति सुजुकी के अनुसार, पिछले दो सालों में कंपनी ने व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग और इंजन ट्रांसमिशन के लिए महिलाओं की भर्ती तेजी से बढ़ाई है. केवल पिछले एक साल में ही 190 से ज्यादा महिलाओं को शॉपफ्लोर की जिम्मेदारी दी गई है. इसके साथ ही कंपनी में कुल महिला कर्मचारियों की संख्या 1300 के पार पहुंच गई है. ये महिलाएं असेंबली लाइन और क्वालिटी कंट्रोल जैसे काम संभाल रही हैं, जहां सटीकता बेहद जरूरी होती है।  कंपनी का कहना है कि, महिलाओं को वही ट्रेनिंग और स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम दिए गए हैं जो पुरुष कर्मचारियों को मिलते हैं. उन्हें करियर ग्रोथ और प्रमोशन के भी बराबर अवसर मिल रहे हैं. इस पहल का मकसद महिलाओं को अलग या सीमित रोल देने के बजाय उन्हें पूरी तरह समान अवसर देना है. महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने अपने प्लांट्स में कई जरूरी बदलाव भी किए हैं. इनमें अलग रेस्ट रूम, चेंजिंग एरिया, क्रेच सुविधा और बेहतर सुरक्षा इंतजाम शामिल हैं।  शाम की शिफ्ट में गार्ड और पेट्रोलिंग की व्यवस्था भी की गई है. इसके अलावा सभी कर्मचारियों को सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल देने के लिए POSH ट्रेनिंग भी दी जा रही है. कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ हिसाशी ताकेउची ने कहा कि, "महिलाएं पहले से इंजीनियरिंग, मार्केटिंग और फाइनेंस जैसे क्षेत्रों में काम कर रही हैं, लेकिन असली बदलाव तब आता है जब वे सीधे व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग में भाग लेती हैं. उन्होंने कहा कि कंपनी का टार्गेट सिर्फ आंकड़े बढ़ाना नहीं, बल्कि महिलाओं के डेली लाइफ में समानता को मजबूत करना है। 

लगातार हार से दबाव में KKR, मजबूत GT के खिलाफ वापसी की चुनौती

नई दिल्ली लगातार खराब प्रदर्शन के कारण दबाव में चल रही कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में शानदार फॉर्म में चल रही गुजरात टाइटन्स के खिलाफ अपनी लय में लौटकर पहली जीत हासिल करने की कोशिश करेगी। टीम के लिए इस सीजन की शुरुआत किसी बुरे सपने से कम नहीं है। पॉइंट्स टेबल में वह आखिरी पायदान पर है। कप्तान अजिंक्य रहाणे और कोच अभिषेक नायर के नेतृत्व में केकेआर की स्पष्ट रणनीति नजर नहीं आ रही है। उसे अब तक पांच मैच में से चार मैच में हार का सामना करना पड़ा है। हर्षित राणा और आकाश दीप के चोटिल होने से उसे पहले ही झटका लगा था। इससे पहले भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देश पर मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर किए जाने के बाद टूर्नामेंट से पहले उसकी गेंदबाजी काफी कमजोर हो गई थी। उसके लिए हालांकि सबसे बड़ी चिंता सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती जैसे स्पिन गेंदबाजों की खराब फॉर्म है। चक्रवर्ती इस टूर्नामेंट में अभी तक एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं। केकेआर की समस्याएं मैदान के अंदर और बाहर के कुछ फैसलों के कारण बढ़ गई हैं। टिम सीफर्ट और रचिन रविंद्र जैसे खिलाड़ियों को टीम से बाहर रखने पर सवाल उठ रहे हैं, जबकि टॉस जीतने के बाद उनके फैसले भी समझ से परे हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ बारिश के कारण रद्द कर दिए गए मैच में रहाणे ने बल्लेबाजी का फैसला करके सभी को चौंका दिया, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उन्होंने ऐसी पिच पर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जो गेंदबाजों के अनुकूल थी। मुंबई इंडियंस के खिलाफ वह 220 रन के स्कोर का बचाव नहीं कर सकी जबकि सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों 65 रन की हार ने उसकी समस्याएं और बढ़ा दी। इस तरह से केकेआर दिशाहीन टीम नजर आ रही है। अभी तक सारा ध्यान कैमरन ग्रीन पर रहा है जिन्हें आंद्रे रसेल की जगह भरने के लिए रिकॉर्ड 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। ऑस्ट्रेलिया का यह ऑलराउंडर उस कीमत को सही ठहराने के लिए संघर्ष कर रहा है, लेकिन वह पांच पारियों में केवल 56 रन ही बना पाए हैं और गेंदबाजी में भी खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। केकेआर के बल्लेबाजी क्रम में भी स्पष्टता नजर नहीं आती। पिछले मैच में सुनील नारायण को पारी की शुरुआत करने के लिए भेजा गया जबकि रहाणे तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे लेकिन यह दोनों ही बदलाव कारगर साबित नहीं हुए। मनीष पांडे, राहुल त्रिपाठी और सार्थक रंजन जैसे भारतीय बल्लेबाजों को अभी तक मौका नहीं मिला है। केकेआर को जीत हासिल करने के लिए अपनी रणनीति को बदलना होगा और तीनों विभाग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। गुजरात टाइटन्स की टीम भी अभी तक अपने घरेलू मैदान पर जीत हासिल नहीं कर पाई है। उसे अभी तक यहां खेले गए एकमात्र मैच में राजस्थान रॉयल्स से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इसके बाद उसने विरोधी टीम के मैदानों पर दो जीत हासिल की। उसकी गेंदबाजी मजबूत नजर आ रही है जिसमें प्रसिद्ध कृष्णा अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और राशिद खान ने अपनी लय वापस हासिल कर ली है। शुभमन गिल और जोस बटलर जैसे बल्लेबाजों के फॉर्म में आने से गुजरात टाइटन्स मजबूत नजर आ रही है। टीम इस प्रकार हैं: गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), अनुज रावत, जोस बटलर, कुमार कुशाग्र, ग्लेन फिलिप्स, राशिद खान, मानव सुथार, निशांत सिंधु, राहुल तेवतिया, वॉशिंगटन सुंदर, गुरनूर बराड़, अरशद खान, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कगिसो रबाडा, आर साई किशोर, इशांत शर्मा, अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, टॉम बैंटन, ल्यूक वुड, साई सुदर्शन, एम शाहरुख खान, जयंत यादव, कुलवंत खेजरोलिया। कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, अंगकृष रघुवंशी, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, वरुण चक्रवर्ती, कैमरन ग्रीन, मथीशा पथिराना, राहुल त्रिपाठी, टिम सीफर्ट, तेजस्वी दहिया, रचिन रवींद्र, आकाश दीप, ब्लेसिंग मुजरबानी, नवदीप सैनी, प्रशांत सोलंकी, फिन एलन, दक्ष कामरा, कार्तिक त्यागी, सार्थक रंजन, सौरभ दुबे। मैच शुरू होने का समय: शाम 7.30 बजे।