samacharsecretary.com

मोहनलालगंज में मादक पदार्थ गिरोह का भंडाफोड़, 1.4 किलो अफीम के साथ आरोपी पकड़ा गया

लखनऊ लखनऊ में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.426 किलोग्राम अफीम बरामद की है। आरोपी को मोहनलालगंज क्षेत्र में राधा स्वामी सत्संग आश्रम से लखनऊ की ओर माधवखेड़ा हनुमान मंदिर के पास पकड़ा गया। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। एसटीएफ लखनऊ के पुलिस उपाधीक्षक धर्मेश कुमार शाही के निर्देशन में टीम लगातार मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही थी। बुधवार को इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान बिहार के बेतिया निवासी शाहीम आलम के रूप में हुई है। आरोपी ने कई अहम खुलासे किए पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किए हैं। उसने बताया कि उसका गिरोह लंबे समय से अफीम की खरीद-फरोख्त कर रहा था और उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब तथा हरियाणा समेत कई राज्यों में इसकी सप्लाई करता था। आरोपी के अनुसार, गिरोह एक किलो अफीम की सप्लाई के बदले करीब 6 से 7 लाख रुपये तक लेता था। तस्करी के दौरान खरीदारों की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाती थी। तय स्थान पर पहुंचने के बाद संबंधित व्यक्ति खुद संपर्क कर भुगतान करता और माल लेकर चला जाता था। गिरोह सीमित संपर्क और गुप्त तरीकों से लेन-देन करता था ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके। फिलहाल एसटीएफ ने आरोपी के खिलाफ मोहनलालगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है।  

तस्करों के हमलों के बाद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए क्यूआरटी तैनाती

धनबाद बीसीसीएल के ब्लॉक-दो क्षेत्र में कोयला चोरों के बढ़ते दुस्साहस और हिंसक घटनाओं ने प्रबंधन की नींद उड़ा दी है. लगातार मिल रही धमकियों और असुरक्षा के माहौल के बीच, मुख्यालय ने अब मोर्चा संभाल लिया है. ​पिछले कुछ समय से ब्लॉक-दो क्षेत्र में कोयला तस्करों का वर्चस्व इस कदर बढ़ गया था कि ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मारपीट और गाली-गलौज आम बात हो गई थी. स्थिति इतनी भयावह हो गई कि अधिकारियों ने खुद को असुरक्षित पाते हुए सामूहिक रूप से सीएमडी को पत्र लिखकर अपना तबादला करने की गुहार लगाई थी. अधिकारियों का कहना था कि जान जोखिम में डालकर काम करना मुमकिन नहीं है.  हरकत में आया मुख्यालय बीसीसीएल मुख्यालय रेस हो गया. प्रबंधन की साख और अधिकारियों के मनोबल को गिरते देख जीएम (सिक्योरिटी) हफीजुद्दीन कुरैशी खुद जमीनी हकीकत जानने ब्लॉक-दो के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे. सुरक्षा बैठक में कई फैसले ​जीएम सिक्योरिटी ने क्षेत्रीय महाप्रबंधक  कुमार रंजीव और अन्य उच्च अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक की. इस बैठक के कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. जीएम ने ​सुरक्षा का भरोसा दिया. जीएम सिक्योरिटी ने स्पष्ट किया कि अधिकारियों की सुरक्षा करना प्रबंधन की पहली प्राथमिकता है. सभी संवेदनशील और डेंजर पॉइंट्स पर सीआइएसएफ की क्यूआरटी को तैनात करने का निर्णय लिया गया. सुरक्षा बलों की गश्त और निगरानी को और सख्त करने के निर्देश दिए गए. बीसीसीएल प्रबंधन के इस कड़े रुख और सुरक्षा के नए वादों के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि ब्लॉक-दो क्षेत्र में खनन कार्य सामान्य हो सकेगा. ​ प्रबंधन का कड़ा रुख अधिकारियों से अपील की गई कि वे बिना किसी डर के काम करें. किसी भी असामाजिक तत्व के दबाव में आने या तबादले की सोचने की जरूरत नहीं है. जीएम सिक्योरिटी हफीजुद्दीन कुरैशी ने आश्वस्त किया कि कोयला चोरी रोकने और अधिकारियों को सुरक्षा देने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘तबादला समाधान नहीं है,’ बल्कि सुरक्षा व्यवस्था को इतना दुरुस्त किया जाएगा कि अपराधी खुद पीछे हट जाएं.

मेरिट आधारित चयन से होगी सीएम फेलो की तैनाती, हर जिले में नियुक्त होंगे युवा

लखनऊ प्रदेश के हर जिले में तैनात होने वाले सीएम फैलो को सरकारी नौकरियों में उम्र में छूट मिलेगी। इस पद के लिए योग्य युवाओं के चयन के लिए पूरी प्रक्रिया जारी की गई है। तैनाती से पहले दो हफ्ते का प्रशिक्षण कराया जाएगा। प्रयोग सफल होने पर ये संख्या बढ़ाई जाने का भी प्रस्ताव है। प्रक्रिया के तहत प्रदेश के सभी जिलों में तैनात किए जाने वाले सीएम फेलो को सरकारी नौकरियों में आयु सीमा में छूट देने का प्रावधान किया गया है। पिछले सप्ताह यूपी कैबिनेट से इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब चयन प्रक्रिया और तैनाती व्यवस्था पर तेजी से काम शुरू हो गया है। अपर मुख्य सचिव नियोजन आलोक कुमार के मुताबिक, इस पद के लिए चयन यूपी स्टेट ट्रांसफार्मेशन कमीशन के तहत होगा जो मेरिट आधारित होगा। कुल 100 अंकों की चयन प्रणाली बनाई गई है, जिसमें 50 अंक लिखित परीक्षा, 30 अंक अधिमानी अर्हता और 20 अंक साक्षात्कार के निर्धारित किए गए हैं। इससे केवल अकादमिक योग्यता ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक समझ, नेतृत्व क्षमता और क्षेत्रीय कार्य अनुभव वाले युवाओं को भी मौका मिलेगा। उच्च शिक्षा प्राप्त उम्मीदवारों को अतिरिक्त लाभ लिखित परीक्षा में नीति निर्माण, प्रशासनिक समझ, समसामयिक घटनाक्रम, डेटा विश्लेषण, डिजिटल गवर्नेंस और समस्या समाधान से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। अधिमानी अर्हता के तहत नीति अनुसंधान, सामाजिक क्षेत्र में कार्य अनुभव, डिजिटल टेक्नोलॉजी, डाटा मैनेजमेंट, प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग और प्रतिष्ठित संस्थानों से उच्च शिक्षा प्राप्त उम्मीदवारों को अतिरिक्त वेटेज दिया जाएगा। तैनाती से पहले चयनित फेलो को दो सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रयोग सफल रहने पर बढ़ाई जाएगी संख्या शुरुआती चरण में सीमित संख्या में फेलो की तैनाती की जाएगी, लेकिन शासन ने संकेत दिए हैं कि प्रयोग सफल रहने पर फेलो की संख्या बढ़ाई जा सकती है। सरकारी नौकरियों में आयु सीमा में छूट का प्रावधान इस योजना का सबसे बड़ा आकर्षण माना जा रहा है।    

​उच्च शिक्षा मंत्री से मिले कुलपति प्रो. दयाल, विश्वविद्यालय के गुणात्मक विकास और समस्याओं पर हुई चर्चा

​उच्च शिक्षा मंत्री से मिले कुलपति प्रो. दयाल, विश्वविद्यालय के गुणात्मक विकास और समस्याओं पर हुई चर्चा ​रायपुर      कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने  छत्तीसगढ़ के माननीय उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान कुलपति ने मंत्री जी को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। बैठक के दौरान विश्वविद्यालय के भविष्य, शैक्षणिक सुधारों और बुनियादी ढाँचे के विकास को लेकर व्यापक चर्चा हुई। ​विकास के लिए मिले महत्वपूर्ण सुझाव     ​मुलाकात के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने विश्वविद्यालय में संख्यात्मक विस्तार के साथ-साथ गुणात्मक विकास शिक्षा के स्तर में सुधार) पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय को और अधिक उन्नत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव और निर्देश साझा किए। इस अवसर पर उपस्थित कुलसचिव श्री सुनील कुमार शर्मा ने विश्वविद्यालय की लंबे समय से लंबित समस्याओं को मंत्री जी के समक्ष रखा, जिस पर सकारात्मक चर्चा हुई। ​राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) पर केंद्रित है पाठ्यक्रम   ​विश्वविद्यालय वर्तमान में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के मूल उद्देश्यों—गुणवत्ता, समानता, पहुँच और वहनीयता—को ध्यान में रखकर अपने पाठ्यक्रमों का संचालन कर रहा है। यहाँ के मीडिया पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों को रटने की पद्धति से दूर कर उनमें-​आलोचनात्मक सोच,​रचनात्मकता ​बहुविषयक शिक्षा और कौशल विकास ​पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है, ताकि वे आधुनिक पत्रकारिता की चुनौतियों का सामना कर सकें। ​भीषण गर्मी को देखते हुए छात्रों के लिए बड़ी राहत लाइब्रेरी में बनेगा एयरकूल्ड रीडिंग रूम    ​कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने आगामी परीक्षाओं और छात्रों की पढ़ाई के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए उन्होंने लाइब्रेरी में 'एयरकूल्ड रीडिंग रूम'  की व्यवस्था करने को कहा है, ताकि छात्र-छात्राएं बिना किसी परेशानी के सुचारु रूप से अपना अध्ययन जारी रख सके।

मौसम का कहर: 22 राज्यों में बारिश, उत्तराखंड में तूफान की चेतावनी

नई दिल्ली  भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD)ने देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक आंधी, तूफान और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आईएमडी के मुताबिक, उत्तराखंड में आज 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली आंधी चलने की संभावना है। इसकी रफ्तार 70 किमी तक जा सकती है। इसके बाद 11 से 13 मई के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, इस दौरान बिजली और तेज हवाओं की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 12 और 13 मई को, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11 मई को बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इसके अलावा, असम, मेघालय और त्रिपुरा में 9 मई तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 8 मई की सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक, 12 और 13 मई को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 9 मई तक बारिश जारी रहेगी। इस दौरान भीषण आंधी की संभावना है। आपको बता दें कि बिहार और ओडिशा में 11 मई तक दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ छिटपुट बारिश होने के आसार हैं। आईएमडी का कहना है कि मध्य प्रदेश में भी आज आंधी और बारिश की संभावना है। वहीं, छत्तीगढ़ में अगले 3 दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में अगले 3 दिनों तक मौसम खराब रहने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। केरल और तमिलनाडु में अगले 7 दिनों के दौरान छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, कर्नाटक में आज भारी बारिश हो सकती है। तटीय कर्नाटक में 10 और 11 मई को बिजली कड़कने के साथ बारिश का अनुमान है।

विश्व रेडक्रॉस दिवस पर निकली जनजागरूकता रैली

विश्व रेडक्रॉस दिवस पर निकली जनजागरूकता रैली रेडक्रॉस सोसाइटी ने मरीजों को बांटे फल, लगाया स्वास्थ्य शिविर बिलासपुर विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर आज भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी बिलासपुर द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सर्वप्रथम सिम्स चिकित्सालय में रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रबंध समिति के चेयरमैन डॉ. बी.एल. गोयल ने सर हेनरी डूनॉट के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। सिम्स परिसर से गोल बाजार तेलीपारा होते हुए जिला चिकित्सालय तक जन जागरण रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में लोगों से उत्साह के साथ भाग लिया। इसके पश्चात जिला चिकित्सालय में एसएनसीयू, एचडीयू, चिल्ड्रन वार्ड, महिला वार्ड में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए। इसके पश्चात स्थानीय उन्नत शिक्षा अध्ययन संस्थान में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया जिसमें महिलाओं के ब्रेस्ट कैंसर की जांच, सर्वाइकल कैंसर की जांच, बीपी, शुगर सहित अन्य बीमारियों का परीक्षण कर उचित सलाह दी गई।       कार्यक्रम में चेयरमेन प्रबंध समिति डॉ. बी एल गोयल, नोडल अधिकारी डॉ. एमए जीवानी, जिला समन्वयक सौरभ सक्सेना, प्रभारी रेडक्रॉस आदित्य पांडे  सहित लक्ष्मी नारायण मिश्रा, सुशील राजपूत, डॉ विद्याभूषण, रमेश सिंह, गीतेश्वरी चन्द्रा, नौरिश, अंजू राजपूत, नेहा, अंजलि आदि उपस्थित रहे।   

राज्य कर विभाग की नई पहल, व्यापारियों की समस्याओं का मौके पर होगा समाधान

 लखनऊ  राज्य कर विभाग अब ‘व्यापारी संवाद’ कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक व्यापारियों तक पहुंचने की कोशिश करेगा। इसके लिए संवाद कार्यक्रम अब सेक्टर स्तर पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। संवाद के माध्यम से विभागीय अधिकारी व्यापारियों को कर नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक करने के साथ ही उनकी समस्याएं सुनेंगे और मौके पर ही समाधान करने की कोशिश करेंगे। संवाद कार्यक्रम जून से शुरू होंगे। राज्य कर आयुक्त डॉ. नितिन बंसल ने बताया कि व्यापारी संवाद कार्यक्रम में क्षेत्र के व्यापारी, चार्टर्ड एकाउंटेंट के साथ ही प्रतिष्ठित लोग बुलाए जाते हैं। अब तक यह कार्यक्रम विभाग के 20 जोन में ही आयोजित किए जाते थे, पहली बार इसका आयोजन विभाग के 364 सेक्टरों में करने का निर्णय लिया गया है। इस निर्णय से विभाग अधिक से अधिक व्यापारियों तक अपनी बात पहुंचा सकेगा। व्यापारी संवाद सम्मेलनों में मुख्यालय स्तर के अधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रमों में विभागीय अधिकारी व्यापारियों के साथ ही उपस्थित अन्य लोगों को जीएसटी नियमों की जानकारी, रिटर्न फाइलिंग और विधिक व्यवस्थाओं के प्रति जागरूक करेंगे। मुख्यालय से जाने वाले अधिकारी व्यापारियों से संवाद के दौरान उनकी दिक्कतें सुनने के साथ ही साथ ही मौके पर ही समाधान करने की कोशिश करेंगे। नए व्यापारियों को जीएसटी पंजीकरण के प्रति प्रोत्साहित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य राज्य में करदाताओं के अनुकूल माहौल तैयार करना है।

कपिल शर्मा शो में समय रैना और सुनील पाल के बीच तीखी नोकझोंक, जानिए पूरा मामला

पिछले वीकेंड नेटफ्लिक्स पर कपिल शर्मा अपने शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' का लाफ्टर डे स्पेशल एपिसोड लेकर आए. इसमें गेस्ट के तौर पर उन्होंने स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना और यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया को बुलाया. कपिल ने समय को शो पर तगड़ा सरप्राइज तब दिया जब उन्होंने सुनील पाल को स्टेज पर बुलाया. सुनील पाल और समय रैना पुराने कॉम्पिटिटर हैं. समय ने कई बार कॉमेडियन को अपने शो पर रोस्ट किया है. वहीं सुनील भी समय को लेकर विवादित बयान देते रहते हैं. उन्होंने एक बार स्टैंडअप कॉमेडियन को आतंकवादी तक कह डाला था, जिसके बाद बात काफी आगे बढ़ चुकी थी. ऐसे में शो पर दोनों के रीयूनियन ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं. कपिल के शो पर सुनील पाल क्यों गए? समय और सुनील पाल जैसे ही आपस में मिले, दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ शब्दों की जंग शुरू कर दी. एक वक्त के बाद सुनील पाल, कपिल शर्मा और समय रैना दोनों से रोस्ट होने लगे. यहां तक कि कॉमेडियन जो भी जोक मारते, उसपर समय उन्हें घेर लेते थे. इस एपिसोड को देखकर कई सारी बातें होने लगी थीं. लोगों का कहना था कि सुनील पाल को कपिल ने अपने शो पर बेइज्जत होने के लिए बुलाया. अब कॉमेडियन क्यों उस शो पर गए थे, इसकी वजह उन्होंने खुद बताई है. स्विच को दिए इंटरव्यू में सुनील पाल ने कहा- मुझे ये कहा गया था कि शो पर समय रैना और रणवीर इलाहाबादिया होंगे, आप भी होंगे मगर आपको परफॉर्म करना है. मुझे स्टैंडअप करने के लिए बुलाया गया था, तो मैं उसी हिसाब से तैयारी करके गया था. लेकिन इत्तेफाक से वहां स्टैंडअप नहीं हुआ. वहां यही सब हुआ, जो आपने देखा. जब सुनील पाल से पूछा गया कि क्या उनके साथ शो पर धोखा हुआ? तो उन्होंने बताया, 'नहीं मैं इसे धोखा नहीं कहूंगा, इतनी बड़ी बात नहीं कहना चाहूंगा. लेकिन हां जो मैं सोचकर गया था, वहां वो नहीं हुआ.' सुनील पाल आगे कहते हैं कि उन्हें जो रोस्ट किया गया, वो शो का हिस्सा था. अगर वो चाहते, तो वो सामने वाले को भी रोस्ट कर सकते थे. उन्हें इस बात का बिल्कुल भी बुरा नहीं लगा है.

नई दिल्ली में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को पुष्प-गुच्छ भेंट किया और विषयों पर की चर्चा

भोपाल  मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे। यहां उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। सीएम मोहन यादव ने उन्हें अंगवस्त्रम ओढ़ाया और भेंट किया और स्मृति चिन्ह भेंट किया। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात के संबंध में ट्वीट भी किया। सीएम मोहन यादव ने दिल्ली में हुई इस भेंट की तस्वीरें अपने एक्स हेंडल पर पोस्ट की हैं। इधर सीएम के दिल्ली दौरे पर भोपाल में राजनैतिक अटकलें तेज हो गई हैं। बीजेपी में खासी गहमागहमी है। मध्यप्रदेश में इन दिनों निगम मंडलों, प्राधिकरणों में नियुक्तियों का दौर चल रहा है और प्रदेश मंत्रि-मंडल मेें विस्तार की भी संभावना जताई जा रही है। इधर राज्य सरकार का ढाई वर्ष का कार्यकाल पूर्ण हो रहा है। ऐसे में मंत्री और विभागीय अधिकारियों के साथ चर्चा का कार्यक्रम निर्धारित किया जा रहा है। ऐसी राजनैतिक गहमागहमी के बीच सीएम मोहन यादव के दिल्ली दौरे से भोपाल में खासतौर पर सत्ताधारी पार्टी में हलचलें तेज हो गई हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात के संबंध में सीएम मोहन यादव का ट्वीट आज नई दिल्ली में @BJP4Indi के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin जी से सौजन्य भेंट की। इससे पहले सीएम मोहन यादव गुरुवार को मध्य प्रदेश के पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल के बेटे प्रबल सिंह पटेल की शादी में सम्मिलित होने आंध्रप्रदेश के प्रसिद्ध देवस्थान तिरुपति पहुंचे थे। उन्होंने वर-वधु को आशीर्वाद दिया। प्रदेश में जहां एक ओर निगम मंडलों, प्राधिकरणों में राजनैतिक नियुक्तियां की जा रहीं हैं वहीं प्रदेश मंत्रि-मंडल मेें विस्तार भी संभावित बता दें कि प्रदेश में जहां एक ओर निगम मंडलों, प्राधिकरणों में राजनैतिक नियुक्तियां की जा रहीं हैं वहीं प्रदेश मंत्रि-मंडल मेें विस्तार भी संभावित है। इधर मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार का 13 मई को ढाई साल का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इसके लिए सीएम मोहन यादव द्वारा सभी मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा के लिए बैठक बुलाई गई है। मुख्यमंत्री ने बैठकों की डेडलाइन भी तय कर दी है जिससे कई मंत्रियों की परेशानी बढ़ गई है। मंत्रियों को अपने विभाग और अपने प्रभार के जिले की उपलब्धियां, नवाचार, आगे की कार्य योजना तथा चुनौतियों के बारे में जानकारी देनी होगी सीएम मोहन यादव ने मंत्रियों से कहा ​है कि समीक्षा बैठकें 8 मई से 10 मई के बीच विभागवार होंगी। इसमें मंत्रियों को अपने विभाग और अपने प्रभार के जिले की उपलब्धियां, नवाचार, आगे की कार्य योजना तथा चुनौतियों के बारे में जानकारी देनी होगी। विभागों के एसीएस, पीएस और सचिवों की भी इस दौरान कड़ी परीक्षा होगी।

मान सरकार का कार्रवाई प्रयास नाकाम, BJP में गए सांसद राजिंदर गुप्ता को हाईकोर्ट से बड़ी राहत

चंडीगढ़  पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने राजिंदर गुप्ता को बड़ी राहत देते हुए उनकी कंपनी ट्राइडेंट ग्रुप के खिलाफ फिलहाल किसी भी तरह की कठोर कार्रवाई पर रोक लगा दी है. अदालत ने पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निर्देश दिया कि कंपनी को पहले कथित कमियों को दूर करने का अवसर दिया जाए, उसके बाद ही आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाए. राज्यसभा सांसद राजिंदर गुप्ता हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे. ऐसे में इस मामले ने राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया है।  मामला ट्राइडेंट ग्रुप की बरनाला स्थित यूनिट से जुड़ा है. कंपनी ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से की गई रेड और कार्रवाई को चुनौती दी थी. कंपनी की ओर से आरोप लगाया गया कि बोर्ड ने दुर्भावनापूर्ण तरीके से और राजनीतिक द्वेष की भावना के तहत कार्रवाई की. याचिका में कहा गया कि बोर्ड ने बिना पर्याप्त आधार के कंपनी को निशाना बनाया और कार्रवाई के दौरान तय नियमों का भी पालन नहीं किया गया। राजिंदर गुप्ता की ट्राइडेंट ग्रुप की बरनाला स्थित फैक्ट्री पर 7 दिन पहले पीपीसीबी ने रेड की थी, जिसके खिलाफ उन्होंने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने इस पूरे मामले की सुनवाई की और अब ये आदेश जारी किए हैं। राजिंदर गुप्ता की सिक्योरिटी हटाने को लेकर अभी कोर्ट ने कोई फैसला नहीं दिया है। इस पर भी आज ही कुछ देर बाद फैसला आ सकता है। उधर, आम आदमी पार्टी से भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर कर पंजाब सरकार द्वारा उनके खिलाफ दर्ज केस की कॉपी मांगी है। संदीप पाठक की याचिका पर हाईकोर्ट में आज सुनवाई होगी। पाठक ने अपनी याचिका में हाईकोर्ट से अपील की है कि उन्हें यह बताया जाए कि पंजाब सरकार ने उनके खिलाफ दो केस कहां रजिस्टर किए और उनमें कौन सी धाराएं लगाई गई। इस मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस और जस्टिस संजीव बेरी की खंडपीठ ने की. सुनवाई के दौरान अदालत ने PPCB से पूछा कि क्या कंपनी की ओर से ऐसा कोई गंभीर पर्यावरणीय खतरा पैदा हुआ था, जिससे तत्काल कठोर कार्रवाई जरूरी हो जाए. अदालत ने अपने आदेश में कहा कि बोर्ड यह साबित करने में असफल रहा कि ट्राइडेंट ग्रुप की गतिविधियों से किसी नाले, कुएं, जमीन या पर्यावरण को जहरीले अपशिष्टों के जरिए प्रदूषित किए जाने जैसी कोई आपात स्थिति उत्पन्न हुई थी।  हाईकोर्ट ने कहा कि अगर कंपनी में कोई छोटी खामियां या तकनीकी कमियां हैं, तो बोर्ड पहले उन्हें सुधारने के लिए 30 दिन का उचित समय दे. अदालत ने साफ किया कि सुधार का मौका दिए बिना सीधे कठोर कार्रवाई करना उचित नहीं माना जा सकता. कोर्ट ने यह भी कहा कि यदि भविष्य में कंपनी के खिलाफ कोई सख्त कदम उठाया जाता है, तो ट्राइडेंट ग्रुप को नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल यानी एनजीटी जाने की पूरी स्वतंत्रता होगी. इन निर्देशों के साथ हाईकोर्ट ने मामले का निपटारा कर दिया. अदालत के इस फैसले को ट्राइडेंट ग्रुप और राजिंदर गुप्ता के लिए बड़ी कानूनी राहत माना जा रहा है।  याचिका में पाठक ने क्या कहा…     FIR कहां दर्ज हुई, इसकी जानकारी मांगीः संदीप पाठक ने याचिका में लिखा है कि पिछले कुछ दिनों मीडिया में अचानक खबरें आई कि पंजाब सरकार ने उनके खिलाफ दो FIR गैरजमानती धाराओं में दर्ज की हैं। उन्हें पंजाब सरकार व पुलिस ने अभी तक नहीं बताया कि एफआईआर कहां और किन धाराओं में दर्ज हुई हैं।     मैंने कोई गलत काम नहीं कियाः दो दिन बाद संदीप पाठक सामने आए और उन्होंने कहा कि उन्हें पता ही नहीं है कि उनके खिलाफ कहां पर पर्चा दर्ज हुआ है। पाठक ने कहा था कि उन्होंने ऐसा कोई काम नहीं किया है, जिसकी वजह से उनके खिलाफ एफआईआर हो। संदीप पाठक दिल्ली स्थित अपने घर में थे और जब उन्हें यह सूचना मिली तो वो घर के पिछले दरवाजे से निकल गए थे, ताकि पंजाब पुलिस उन्हें गिरफ्तार न कर सके। AAP सरकार के खिलाफ खोला था मोर्चा FIR की सूचना से भाजपा समेत तमाम विरोधी दलों ने आप सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। आम आदमी पार्टी के नेताओं और मुख्यमंत्री ने भी यहां तक कह दिया था कि, जिसने गलत काम किए होंगे उनके खिलाफ तो कार्रवाई होगी ही। मुख्यमंत्री के इस तरह के बयान के बाद पाठक को लगा कि पंजाब पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी है, लेकिन पुलिस उन्हें बता नहीं रही है। इस वजह से उन्होंने अब पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की है।