samacharsecretary.com

नाइजीरिया में मिलिट्री प्लेन क्रैश, 32 लोगों की गई जान; हवा में टूटा कंट्रोल रूम से संपर्क

अबुजा नाइजीरिया में एक बड़ा विमान हादसा हुआ है. यहां नाइजीरियाई वायुसेना का एक विमान देश के दक्षिण-पश्चिमी ओंडो राज्य में धड़धड़ाता हुआ क्रैश हो गया. हादसे में विमान में सवार सभी 32 लोगों की मौत तय मानी जा रही है. इनमें 25 यात्री और 7 क्रू सदस्य शामिल थे और इनमें से किसी के भी जिंदा बचने की उम्मीद नहीं है. नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू ने हादसे की पुष्टि करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।  जानकारी के मुताबिक नाइजीरियाई वायुसेना का ATR-42 विमान बेनिन सिटी से लागोस के लिए नियमित मिशन पर उड़ान भर रहा था, जब ये हादसा हुआ. उड़ान के दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोल का विमान से संपर्क टूट गया. इसके कुछ ही समय बाद विमान ओंडो राज्य के इग्बोकोडा इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे के बाद विमान का मलबा एक कोस्टल एरिया के पास मिला. इसके बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू मिशन चलाया गया. बचावकर्मियों ने नावों की मदद से आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया।  कैसे क्रैश हुआ मिलिट्री एयरक्राफ्ट? नाइजीरिया के विमानन मंत्री फेस्टस कीयामो ने बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने सोमवार सुबह करीब 8:13 GMT पर विमान से संपर्क खो दिया था. बाद में विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी सामने आई. अधिकारियों के मुताबिक विमान एक नियमित उड़ान पर था और इसे किसी विशेष आपात स्थिति के लिए नहीं भेजा गया था. सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में भी नदी के किनारे लोगों की भीड़ और बचावकर्मियों को तलाशी करते देखा गया. स्थानीय लोगों ने भी हादसे के बारे में जानकारी दी. दुर्घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर रहने वाली 39 वर्षीय दायो अकिन्टे ने बताया कि उन्होंने तेज आवाज सुनी थी. उन्हें शुरुआत में लगा कि यह बादलों की गरज जैसी आवाज है. बाद में उन्हें विमान दुर्घटना की जानकारी मिली।  राष्ट्रपति टिनबू ने जताया दुख राष्ट्रपति टिनुबू ने इस घटना को देश और सशस्त्र बलों के लिए बेहद दुखद बताया. उन्होंने नाइजीरियाई वायुसेना को हादसे की पूरी जांच तुरंत शुरू करने का निर्देश दिया है, ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपाय किए जा सकें. यह नाइजीरिया में हाल के वर्षों के सबसे गंभीर विमान हादसों में से एक है. इससे पहले मई 2021 में सेना के शीर्ष अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल इब्राहिम अत्ताहिरू समेत 11 लोगों की विमान दुर्घटना में मौत हुई थी. अगस्त 2015 में भी एक सैन्य विमान हादसे में सात लोगों की जान गई थी। 

गांवों की संस्कृति और प्रकृति को मिलेगी नई पहचान, छत्तीसगढ़ में शुरू हुआ ‘चेन्दरू’ पुरस्कार

छत्तीसगढ़ में ग्रामीण पर्यटन को नई पहचान देगा ‘चेन्दरू’ पुरस्कार, उत्कृष्ट योगदान पर मिलेगा एक लाख रुपये का सम्मान गांवों की संस्कृति, प्रकृति और परंपराओं को पर्यटन से जोड़कर स्थानीय लोगों के लिए खुलेंगे रोजगार और समृद्धि के नए द्वार-पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल सतत ग्रामीण पर्यटन, होमस्टे, स्थानीय संस्कृति एवं प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण और सामुदायिक भागीदारी को मिलेगा प्रोत्साहन राज्योत्सव में होगा विजेता का सम्मान, उपलब्धियों पर आधारित सचित्र स्मारिका भी होगी जारी रायपुर  छत्तीसगढ़ के गांवों की समृद्ध संस्कृति, जनजातीय परंपराओं, प्राकृतिक सौंदर्य और स्थानीय जीवनशैली को देश-दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। पर्यटन विभाग ने ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में उत्कृष्ट और प्रभावी कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ‘चेन्दरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार’ की शुरुआत की है। इसके लिए राज्य शासन द्वारा ‘चेन्दरू, राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार नियम, 2025’ लागू किए गए हैं, जो पूरे छत्तीसगढ़ में प्रभावी होंगे। इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के अंतर्गत ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चयनित व्यक्ति अथवा संस्था को एक लाख रुपये की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार का उद्देश्य केवल उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि ग्रामीण पर्यटन को स्थानीय रोजगार, आजीविका, सांस्कृतिक संरक्षण और सतत विकास का प्रभावी माध्यम बनाना भी है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के गांव हमारी संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति की जीवंत विरासत हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि पर्यटन का लाभ केवल प्रमुख पर्यटन स्थलों तक सीमित न रहे, बल्कि दूरस्थ ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंचे। ग्रामीण पर्यटन के माध्यम से स्थानीय युवाओं, महिलाओं, स्व-सहायता समूहों, कारीगरों और ग्रामीण उद्यमियों के लिए आजीविका तथा स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। मंत्री अग्रवाल ने कहा कि ‘चेन्दरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार’ उन लोगों और संस्थाओं को पहचान देने का प्रयास है, जो जमीनी स्तर पर पर्यटन के माध्यम से अपने गांव और क्षेत्र की तस्वीर बदल रहे हैं। होमस्टे, स्थानीय व्यंजन, हस्तशिल्प, लोककला, लोकसंस्कृति, प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहर और समुदाय आधारित पर्यटन को प्रोत्साहित कर छत्तीसगढ़ देश में ग्रामीण पर्यटन का एक विशिष्ट मॉडल बन सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन को रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था से जोड़ने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। ग्रामीण पर्यटन में यह क्षमता है कि पर्यटक किसी स्थान को केवल देखें नहीं, बल्कि वहां की संस्कृति, परंपरा, खान-पान और जीवनशैली को करीब से अनुभव करें। इससे पर्यटन से होने वाली आय सीधे स्थानीय समुदाय तक पहुंच सकती है। ‘चेन्दरू’ नाम से छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय मंच पुरस्कार का नाम ‘चेन्दरू’ छत्तीसगढ़ की उस विशिष्ट पहचान को सामने लाता है, जिसने कभी बस्तर और यहां के सहज प्राकृतिक जीवन को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। अब इसी नाम से स्थापित राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार छत्तीसगढ़ के गांवों में पर्यटन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले जमीनी नायकों और संस्थाओं को सम्मान और पहचान प्रदान करेगा। एक लाख रुपये और प्रशस्ति पत्र से होगा सम्मान पुरस्कार के अंतर्गत चयनित व्यक्ति अथवा संस्था को प्रतिवर्ष एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। नियमों के अनुसार किसी व्यक्ति को यह सम्मान जीवनकाल में केवल एक बार प्रदान किया जा सकेगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक नवाचारी और प्रभावशाली प्रयासों को सामने लाकर राज्य में ग्रामीण पर्यटन की नई प्रेरक कहानियां तैयार करना है। छह सदस्यीय जूरी करेगी उत्कृष्ट कार्यों का मूल्यांकन पुरस्कार के लिए प्राप्त प्रविष्टियों के मूल्यांकन हेतु छह सदस्यीय निर्णायक मंडल का प्रावधान किया गया है। जूरी की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक करेंगे। इसमें पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों और अधिकारियों की सहभागिता रहेगी। निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में किए गए कार्य, उसके प्रभाव, स्थानीय समुदाय की भागीदारी, रोजगार सृजन तथा संस्कृति एवं प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण जैसे पहलुओं को महत्व दिया जाएगा। समाचार पत्रों के माध्यम से आमंत्रित की जाएंगी प्रविष्टियां ‘चेन्दरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार’ के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा प्रमुख समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित कर प्रविष्टियां आमंत्रित की जाएंगी। आवेदकों को अपनी प्रोफाइल, फोटोग्राफ, छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड तथा ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में किए गए कार्यों और उपलब्धियों से संबंधित प्रमाण प्रस्तुत करने होंगे। राज्योत्सव में मिलेगा सम्मान, देश के सामने आएंगी सफलता की कहानियां चयनित विजेता अथवा संस्था के प्रतिनिधि को राज्योत्सव के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर विजेता के कार्यों, नवाचारों और उपलब्धियों को रेखांकित करती सचित्र स्मारिका भी जारी की जाएगी। इससे ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय प्रयासों को व्यापक पहचान मिलेगी और अन्य गांवों तथा समुदायों को भी पर्यटन आधारित विकास की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। होमस्टे और सामुदायिक पर्यटन को मिलेगा नया विस्तार छत्तीसगढ़ में ग्रामीण पर्यटन की संभावनाएं राज्य की विविध भौगोलिक और सांस्कृतिक विशेषताओं से जुड़ी हुई हैं। बस्तर और सरगुजा की जनजातीय संस्कृति से लेकर ग्रामीण अंचलों के पारंपरिक व्यंजन, लोककला, हस्तशिल्प, मेले, पर्व, प्राकृतिक स्थल और स्थानीय जीवनशैली पर्यटकों को विशिष्ट अनुभव प्रदान करते हैं। ऐसे में होमस्टे और समुदाय आधारित पर्यटन मॉडल स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ पर्यटकों को छत्तीसगढ़ की वास्तविक सांस्कृतिक पहचान से परिचित कराने का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं।  ग्रामीण पर्यटन के विस्तार से पर्यटन गतिविधियों का विकेंद्रीकरण होगा और इसका आर्थिक लाभ गांवों तक पहुंचेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ने के साथ ही पारंपरिक कला, शिल्प, खान-पान, लोकसंस्कृति और प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिलेगा। ‘चेन्दरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार’ के माध्यम से छत्तीसगढ़ सरकार का प्रयास ग्रामीण पर्यटन को केवल पर्यटन गतिविधि के रूप में नहीं, बल्कि स्थानीय समुदायों की आर्थिक-सामाजिक सशक्तता, सांस्कृतिक संरक्षण और सतत विकास के प्रभावी माध्यम के रूप में स्थापित करना है।

बैटिंग की दादागीरी से नहीं मिलेगा वर्ल्ड कप, भारत को चाहिए ऐसी गेंदबाजी जो मैच छीन सके

नई दिल्ली 1983 और 2011… भारतीय क्रिकेट के ये दो साल सिर्फ विश्व कप जीतने की तारीखें नहीं हैं, बल्कि उस क्रिकेट की पहचान हैं, जिसमें भारत ने दुनिया को बताया था कि बड़े टूर्नामेंट कैसे जीते जाते हैं. 2027 में फिर वही गौरव हासिल करना है तो सिर्फ बल्लेबाजी के दम पर सपना देखना खतरनाक होगा. टीम इंडिया के पास बल्लेबाजी में रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, शुभमन गिल और संजू सैमसन जैसे विकल्प हैं. रन बनाने की ताकत की कमी नहीं है. सवाल यह है कि रन बचाने और विकेट निकालने की ताकत कितनी है? क्रिकेट अब सिर्फ 350 रन बनाने का खेल नहीं रह गया है. बड़े टूर्नामेंट में असली परीक्षा तब होती है जब सामने वाली टीम भी 300-350 के पार जाने की स्थिति में हो. ऐसे में आपकी गेंदबाजी कितनी जल्दी मैच का रुख बदल सकती है, यही खिताब और सिर्फ अच्छे प्रदर्शन के बीच का फर्क बनती है. भारत अगर बल्लेबाजी की दादागीरी के भरोसे हर मुकाबला जीतने की सोचता रहेगा तो यह रणनीति लंबे टूर्नामेंट में जोखिम भरी होगी. एक खराब दिन बल्लेबाजों का आया और स्कोर 250-270 के आसपास अटक गया तो मैच बचाने के लिए गेंदबाजों के पास क्या हथियार होंगे? यहीं जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या की भूमिका बेहद अहम हो जाती है. बुमराह 100 फीसदी फिट हों और हार्दिक अपनी पूरी गेंदबाजी क्षमता के साथ उपलब्ध हों तो टीम का संतुलन ही बदल जाता है. लेकिन सवाल सिर्फ दो खिलाड़ियों का नहीं है. 2027 विश्व कप के लिए भारत को ऐसी गेंदबाजी यूनिट चाहिए जो परिस्थितियों की मोहताज न हो और बड़े मुकाबलों में खुद मैच छीन सके. और इसके लिए सबसे जरूरी है- अब प्रयोगों की दुकान बंद कर विश्व कप के लिए चुनी जाने वाली टीम को साथ खेलने का पर्याप्त समय देना होगा. विश्व कप से छह महीने पहले टीम बनाने की कोशिश करने की बजाय कम से कम छह महीने पहले एक पक्का टीम संयोजन तैयार होना चाहिए. कौन नई गेंद संभालेगा, डेथ ओवर में कौन आएगा, बीच के ओवरों में विकेट कौन निकालेगा, बुमराह के साथ दूसरा और तीसरा तेज गेंदबाज कौन होगा, हार्दिक की मौजूदगी में टीम का संतुलन कैसा होगा- इन सवालों के जवाब टूर्नामेंट शुरू होने से काफी पहले मिलने चाहिए. बल्लेबाजी में पांच बड़े नाम होने से टीम कागज पर मजबूत दिख सकती है, लेकिन विश्व कप कागज पर नहीं जीते जाते. वहां एक विकेट मैच बदलता है, एक स्पेल कहानी बदलता है और एक दबाव भरा ओवर पूरा अभियान बदल सकता है. 1983 की टीम के पास कपिल देव थे, 2011 की टीम के पास जहीर खान… दोनों टीमों में बल्लेबाजी सितारों से भरी थी, लेकिन खिताब तक पहुंचने के लिए गेंदबाजी ने भी अपनी भूमिका निभाई. इसलिए 2027 का सवाल यह नहीं होना चाहिए कि भारत के पास कितने बड़े बल्लेबाज हैं. सवाल यह होना चाहिए कि क्या भारत के पास इतने धारदार गेंदबाज हैं जो बड़े मैच में सामने वाली टीम की बल्लेबाजी की कमर तोड़ सकें? अगर जवाब अभी पूरी तरह साफ नहीं है तो वक्त अभी भी है. लेकिन वक्त को प्रयोगों में गंवाने की बजाय योजना में लगाना होगा. 2027 में 1983 और 2011 का गौरव दोहराना है तो बैटिंग की दादागीरी के साथ गेंदबाजी में भी बारूद चाहिए. वरना 350 रन भी कभी-कभी कम पड़ सकते हैं  

पितृ पक्ष में चीटियों को आटा-चीनी खिलाने से क्या होता है? जानें धार्मिक मान्यताओं से जुड़े रहस्य

हिंदू धर्म में पितृ पक्ष का समय पूर्वजों की आत्मा की शांति और उनकी तृप्ति के लिए बेहद समर्पित माना जाता है. इस दौरान लोग पिंडदान, तर्पण और दान-पुण्य के जरिए अपने पितरों को याद करते हैं. पितृ पक्ष में दान और जीवों की सेवा का विशेष महत्व बताया गया है, जिनमें से चीटियों को आटा या चीनी डालना एक बेहद महत्वपूर्ण उपाय माना जाता है. क्या आपने कभी सोचा है कि विशेष रूप से इन दिनों में चीटियों को भोजन कराना क्यों जरूरी माना गया है? गरुड़ पुराण और धार्मिक मान्यताओं में इससे जुड़े कई गहरे रहस्य और कारण बताए गए हैं. आइए जानते हैं कि पितृ पक्ष के दौरान चीटियों की सेवा करने से पितृ क्यों प्रसन्न होते हैं. गरुड़ पुराण में जीव सेवा का महत्व हिंदू धर्म के पवित्र ग्रंथों, विशेषकर गरुड़ पुराण में यह स्पष्ट रूप से बताया गया है कि मनुष्य के द्वारा किए गए कर्मों का प्रभाव केवल इंसानों पर ही नहीं, बल्कि समस्त जीव-जंतुओं पर भी पड़ता है. ऐसा माना जाता है कि मृत्यु के बाद आत्माएं विभिन्न योनियों में भटकती हैं. चीटियां और अन्य सूक्ष्म जीव भी सृष्टि का एक अहम हिस्सा हैं. पितृ पक्ष में चीटियों को आटा डालने से चींटी जैसे छोटे जीवों की भूख शांत होती है, जिससे उनका आशीर्वाद अदृश्य रूप से हमारे जीवन में सकारात्मक ऊर्जा लेकर आता है. – चीटियों को खिलाने से दूर होते हैं दोष ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, चीटियों का संबंध राहु-केतु और शनि जैसे ग्रहों से भी जोड़ा जाता है. जब कोई व्यक्ति नियमित रूप से या विशेषकर पितृ पक्ष में चीटियों को शक्कर मिला हुआ आटा डालता है, तो उसके कई प्रकार के ग्रह दोष और बाधाएं शांत होने लगती हैं. इससे जीवन में आ रही अड़चनें दूर होती हैं. – ऋणों और पापों से मुक्ति का मार्ग धर्मग्रंथों में कहा गया है कि अनजाने में हमसे कई छोटे-छोटे जीव-हत्या के पाप हो जाते हैं, जिन्हें 'पंच महायज्ञ' या जीव सेवा के माध्यम से संतुलित किया जाता है. चीटियों को भोजन कराने से चींटी ऋण और अन्य सूक्ष्म जीवों के प्रति कर्ज से मुक्ति मिलती है. इसे चींटी सेवा या 'कीड़ी नगर' डालना भी कहा जाता है, जो पुण्य का बड़ा काम माना गया है. – पितरों की तृप्ति और उनका आशीर्वाद ऐसी धार्मिक मान्यता है कि पितृ पक्ष में हमारे पूर्वज किसी न किसी रूप में हमारे आसपास या जीवों के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हैं. जब हम चीटियों या अन्य बेजुबान जानवरों को अन्न दान करते हैं, तो उससे मिलने वाला पुण्य सीधा हमारे पितरों तक पहुंचता है. इससे पितृ तृप्त होते हैं और अपने वंशजों को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देते हैं. चीटियों को आटा डालते समय किन बातों का रखें ध्यान? साफ-सुथरी जगह चुनें: चीटियों को हमेशा खुले में, पेड़ के नीचे या उनके बिल के पास साफ स्थान पर ही आटा डालना चाहिए. शक्कर या बूरा मिलाएं: सादे आटे की जगह उसमें थोड़ा सा चीनी या बूरा मिलाकर डालने से चीटियां आसानी से उसे ग्रहण कर पाती हैं. नियमितता का रखें ख्याल: यदि आप पितृ पक्ष के दौरान यह नियम अपनाते हैं, तो इसे श्रद्धा और निरंतरता के साथ करें, जिससे आपको इसका पूर्ण आध्यात्मिक लाभ मिल सके.

ग्रामीणों को बड़ी राहत! मकान पर संपत्ति कर से छूट, ईंट भट्ठे से मोबाइल टावर तक आएंगे टैक्स के दायरे में

पटना सरकार गांव वालों को बड़ी राहत देने जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में घर अथवा व्यावसायिक संपत्ति पर लगने वाले कर को लेकर पंचायती राज विभाग ने नियमावली में सुधार की औपचारिकता पूर्ण कर ली है। नई नियमावली में ऐसी कर व्यवस्था तैयार की गई जिससे ग्रामीणों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े और पंचायतों की स्थानीय आय के स्रोत भी स्पष्ट हो सकें। इसके लिए विधान मंडल से पारित कानून एवं नियमावली संशोधन किया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर गत दिनों पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में विभागीय अधिकारियों के साथ हुई बैठक में इस पर सहमति बनी। प्रस्तावित सुधार के तहत गांवों में सामान्य आवासीय मकान या निजी व्यावसायिक संपत्ति पर सीधे संपत्ति कर लगाने की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। विभाग का मानना है कि ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियां शहरी क्षेत्रों से अलग हैं, इसलिए नगर निकायों की तर्ज पर ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्ति आधारित कर व्यवस्था लागू करना व्यावहारिक नहीं होगा। पंचायती राज विभाग पंचायतों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए कर एवं शुल्क से जुड़े दूसरे विकल्पों पर काम पूरा कर लिया है। नियमावली में यह स्पष्ट किया जाएगा कि पंचायतें किन सेवाओं अथवा स्थानीय सुविधाओं के एवज में शुल्क ले सकती हैं। इससे पंचायतों को आय का स्रोत मिलेगा और ग्रामीणों पर सीधे संपत्ति कर का भार भी नहीं पड़ेगा। विभाग स्तर पर पूर्व नियमावली को शिथिल कर नए प्रविधानों की समीक्षा के उपरांत संशोधन का प्रारूप तैयार किया जा रहा है। इसमें कर निर्धारण, वसूली और पंचायतों की आय से जुड़े प्रविधानों को सरल और स्पष्ट करने पर बल रहेगा। नई व्यवस्था का उद्देश्य पंचायतों की वित्तीय क्षमता बढ़ाने के साथ ग्रामीणों के हितों का संरक्षण करना है। नियमावली में संशोधन के बाद पंचायतों को स्थानीय स्तर पर संसाधन जुटाने के लिए अधिक स्पष्ट अधिकार मिल सकेंगे। निजी स्कूल, मोबाइल टावर, रेस्टोरेंट पर टैक्स नए प्रविधान के तहत ईंट भट्ठे, निजी स्कूल, मोबाइल टावर, रेस्टोरेंट, चावल मिल, निजी अस्पताल आदि को कर के दायरे में लाने की तैयारी है। इसी तरह बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान से कर वसूली की तैयारी है। होर्डिंग, बैनर आदि व्यावसायिक गतिविधियों पर कर देना होगा। मकान मालिक को व्यावसायिक संपत्ति पर कर नहीं देना होगा। पंचायती राज विभाग कैबिनेट से शीघ्र प्रस्ताव स्वीकृत कराएगा। गांवों का नेटवर्क     गांवों की संख्या: 45,103     पंचायतों की संख्या: 8041  

‘मछली’ की कहानी के बाद यूपी के जंगलों की बारी, नल्ला मुथु बनाएंगे वन्यजीवन पर खास डॉक्यूमेंट्री

लखनऊ  रणथंभौर की बाघिन ‘मछली’ की जिंदगी को नौ साल कैमरे में कैद कर दुनिया को उसकी कहानी दिखाने वाले मशहूर वन्यजीव फिल्मकार सुब्बैया नल्ला मुथु अब प्रदेश के जंगलों की अनकही कहानियां दुनिया तक पहुंचाएंगे। बाघों की जिंदगी और जंगल की धड़कन को कैमरे के जरिये कहानी में बदलने वाले नल्ला के अनुभव का लाभ अब प्रदेश के वन्यजीव संरक्षण और प्राकृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने में लिया जाएगा। इसके लिए आठ अक्टूबर को वन विभाग उनके साथ एमओयू करेगा। एमओयू के तहत दुधवा टाइगर रिजर्व, पीलीभीत, रानीपुर व अमानगढ़ टाइगर रिजर्व आदि में डाक्यूमेंट्री और अन्य फिल्मांकन की दिशा में काम होगा। मुथु को तराई के जंगलों में शूटिंग के लिए तीन वर्ष का समय मिलेगा। बाघों के साथ ही यहां की जैव विविधता, प्राकृतिक आवास, वन्यजीवों के व्यवहार और संरक्षण की चुनौतियों को कहानी का हिस्सा बनाया जा सकता है। दुर्लभ वन्यजीव और समृद्ध जैव विविधता मौजूद यह पहल इसलिए भी अहम है क्योंकि तराई के जंगलों में बाघों के साथ हाथी, गैंडा, बारहसिंघा समेत कई दुर्लभ वन्यजीव और समृद्ध जैव विविधता मौजूद है। गौरतलब है कि मुथु के लिए वन्यजीव फिल्मांकन महज कैमरे से वीडियो बनाना नहीं, बल्कि जंगल में लंबे समय तक रहकर उसके किरदारों को समझना रहा है। रणथंभौर की ‘मछली’ पर बनाई गई उनकी फिल्म ‘द वर्ल्ड्स मोस्ट फेमस टाइगर’ को 66वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ पर्यावरण फिल्म का पुरस्कार मिला। उन्होंने करीब नौ वर्ष तक मछली और उसके वंश की कहानी को कैमरे में दर्ज किया था। वर्ष 2024 में मुंबई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में उन्हें वी. शांताराम लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड भी मिला था। पांच राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार हासिल कर चुके नल्ला के चर्चित काम में ‘टाइगर डायनेस्टी’, ‘टाइगर क्वीन’ और ‘लाइफ फोर्स’ जैसी वन्यजीव फिल्में शामिल हैं। 1987 से फिल्म निर्माण से जुड़े नल्ला ने 11 सीरीज और 55 डाक्यूमेंट्री बनाने के साथ भारतीय वन्यजीवों पर व्यापक काम किया है। इससे पहले वह भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) में हाई-स्पीड कैमरा विशेषज्ञ के रूप में भी काम कर चुके हैं।  

कैसा होगा कलयुग का अंत? धर्मग्रंथों में बताए गए हैं ये संकेत और भविष्यवाणियां

 कल्पना कीजिए उस समय की, जब दुनिया में धर्म का नाम लेने वाला कोई नहीं होगा. जब इंसानों की उम्र लगातार घटती जाएगी और आखिर में मनुष्य की औसत आयु महज 20 साल रह जाएगी. जब छोटी उम्र में ही बाल सफेद होने लगेंगे और इंसान का जीवन पाप, लालच और अधर्म से घिर जाएगा. धार्मिक ग्रंथों और पुराणों में कलयुग के अंतिम चरण को लेकर कई तरह के वर्णन मिलते हैं. इन वर्णनों के अनुसार, जैसे-जैसे कलयुग अपने चरम पर पहुंचेगा, वैसे-वैसे धर्म, सत्य, दया, पवित्रता, क्षमा और मनुष्य की आयु में कमी आती जाएगी. लेकिन सवाल है कि आखिर कलयुग का अंत कैसा होगा? क्या समुद्र और नदियां सूख जाएंगी? और सबसे बड़ा सवाल, इस घोर अधर्म के बीच भगवान विष्णु का कल्कि अवतार कैसे होगा? आइए जानते हैं पुराणों में बताए गए कलयुग के अंतिम समय की उस कथा के बारे में. जब 20 साल की उम्र ही बन जाएगी बुढ़ापे की निशानी धार्मिक ग्रंथों में कलयुग के अंतिम चरण को बेहद भयावह बताया गया है. मान्यता है कि इस दौर में मनुष्य की आयु लगातार कम होती जाएगी. आज जहां 20 साल की उम्र को युवावस्था की शुरुआत माना जाता है, वहीं कलयुग के अंतिम चरण में यही उम्र जीवन के अंतिम पड़ाव के करीब मानी जाएगी. कहा गया है कि इंसानों के शरीर में भी समय से पहले बुढ़ापे के लक्षण दिखाई देने लगेंगे. कम उम्र में ही बाल सफेद होने लगेंगे और शारीरिक शक्ति तेजी से घटने लगेगी. यानी जिस उम्र में आज के युवा अपना करियर और भविष्य बनाने के बारे में सोचते हैं, उस समय इंसान अपने जीवन के अंत के करीब पहुंच चुका होगा. रिश्ते और परिवार भी कमजोर पड़ जाएंगे कलयुग के अंतिम समय को लेकर शास्त्रों में सामाजिक और पारिवारिक मूल्यों के पतन का भी वर्णन मिलता है. धर्म, सत्य, पवित्रता, दया, क्षमा और संयम जैसी चीजें धीरे-धीरे समाप्त होती जाएंगी. पति-पत्नी के रिश्तों में भी विश्वास और सम्मान कम होता जाएगा. लोग स्वार्थ और अपनी इच्छाओं को रिश्तों से ऊपर रखने लगेंगे. परिवार की जगह धन और व्यक्तिगत लाभ को ज्यादा महत्व दिया जाएगा. धार्मिक वर्णनों में तो यहां तक कहा गया है कि उस समय अच्छे चरित्र की पहचान भी व्यक्ति के आचरण से नहीं, बल्कि उसके पास मौजूद धन से की जाएगी. जिसके पास धन होगा, वही सम्मानित माना जाएगा कलयुग के अंतिम चरण में धन ही प्रतिष्ठा का सबसे बड़ा आधार बन जाएगा. जिस व्यक्ति के पास जितना ज्यादा धन होगा, समाज उसे उतना ही प्रभावशाली और गुणवान समझेगा. उसके परिवार और कुल की प्रतिष्ठा भी धन के आधार पर तय की जाएगी.  वहीं गरीब व्यक्ति को अपमानित और अयोग्य समझा जाएगा. धन के लिए लोग अपने ही रिश्तेदारों और मित्रों के खिलाफ खड़े हो जाएंगे. लालच इतना बढ़ जाएगा कि इंसान अपने स्वार्थ के लिए किसी भी हद तक जाने से पीछे नहीं हटेगा. धर्म की जगह अधर्म का बोलबाला होगा कलयुग के अंतिम समय में धर्म का पालन करने वाले लोगों की संख्या बेहद कम रह जाने की बात कही गई है. लोग धार्मिक ग्रंथों और वेदों की बातें तो करेंगे, लेकिन उनके जीवन में उनका पालन दिखाई नहीं देगा. कुछ धार्मिक गुरु भी अपने स्वार्थ के लिए लोगों का इस्तेमाल करेंगे. वे ज्ञान की बातें करेंगे, लेकिन उनके आचरण में धर्म और सदाचार की कमी होगी. वहीं चालाक, लोभी और स्वार्थी व्यक्ति को ही बुद्धिमान और सफल माना जाएगा. धरती पर अन्न उगना भी मुश्किल हो जाएगा. पुराणों में कलयुग के अंतिम चरण में प्राकृतिक असंतुलन का भी वर्णन मिलता है. मान्यता है कि धरती की उर्वरता कम होती जाएगी और अन्न का उत्पादन प्रभावित होगा. बारिश अनियमित हो जाएगी और मौसम का संतुलन बिगड़ जाएगा. कहीं भयंकर गर्मी होगी तो कहीं कड़ाके की ठंड. आंधी, बाढ़ और दूसरे प्राकृतिक संकट बढ़ सकते हैं. कुछ धार्मिक वर्णनों में तो यह भी कहा गया है कि सूर्य का तेज इतना बढ़ जाएगा कि नदियां और समुद्र तक सूखने लगेंगे. जब तीर्थों की जगह छोटे तालाबों को महत्व मिलेगा कलयुग के अंत से जुड़े धार्मिक वर्णनों में यह भी कहा गया है कि लोगों की धार्मिक आस्था और परंपराओं में इतना बदलाव आ जाएगा कि पवित्र तीर्थों के महत्व को भी लोग भूलने लगेंगे. लोग दूर स्थित पवित्र नदियों और तीर्थस्थलों की जगह अपने आसपास मौजूद छोटे जलस्रोतों को ही तीर्थ मानने लगेंगे. यह वर्णन सिर्फ भौगोलिक बदलाव की बात नहीं करता, बल्कि उस समय मनुष्य की सोच और धार्मिक मूल्यों में आने वाले बदलाव की ओर भी संकेत करता है. कलयुग का सबसे बड़ा प्रतीक होगा कली पुरुष धार्मिक मान्यताओं में कली पुरुष को कलयुग के अधर्म और बुराइयों का प्रतीक माना गया है. जैसे-जैसे अधर्म बढ़ेगा, कली की शक्ति भी बढ़ती जाएगी. उसका प्रभाव मनुष्यों की सोच और व्यवहार पर पड़ने लगेगा. लोग धीरे-धीरे लोभ, क्रोध, हिंसा, छल और स्वार्थ के रास्ते पर जाने लगेंगे. कहा जाता है कि कली पुरुष को सबसे ज्यादा शक्ति अधर्म से ही मिलेगी. जितना अधर्म बढ़ेगा, उतना ही उसका प्रभाव भी बढ़ता जाएगा. फिर होगा भगवान कल्कि का अवतार लेकिन सनातन परंपरा में एक बात हमेशा कही गई है कि जब-जब अधर्म बढ़ता है, तब धर्म की पुनर्स्थापना के लिए ईश्वर अवतार लेते हैं. कलयुग के अंत में भगवान विष्णु के दसवें अवतार भगवान कल्कि के अवतार की मान्यता है. धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, जब अधर्म अपने चरम पर पहुंच जाएगा और धर्म लगभग समाप्त हो जाएगा, तब भगवान कल्कि अवतार लेकर अधर्म का नाश करेंगे और धर्म की दोबारा स्थापना करेंगे. मान्यता है कि भगवान कल्कि सफेद घोड़े पर सवार होकर प्रकट होंगे. उनके घोड़े का नाम देवदत्त बताया जाता है. वे हाथ में तलवार धारण करके अधर्म और अत्याचार का अंत करेंगे. भगवान कल्कि के गुरु होंगे परशुराम भगवान कल्कि से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं में भगवान परशुराम का भी विशेष स्थान बताया गया है. परशुराम को विष्णु का छठा अवतार माना जाता है और वे चिरंजीवी माने गए हैं. मान्यता है कि भगवान परशुराम ही भगवान कल्कि को युद्ध और धर्म का ज्ञान देंगे. धार्मिक प रंपराओं में यह भी कहा जाता है कि परशुराम आज भी महेंद्र पर्वत पर तपस्या कर रहे … Read more

गर्भवती महिलाओं के लिए हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, ‘समृद्धि’ योजना में निजी अस्पताल भी होंगे शामिल

चंडीगढ़. प्रदेश में अब गर्भवती महिलाएं आपात स्थिति में निजी अस्पतालों में भी भर्ती कराई जा सकेंगी। गंभीर परिस्थितियों में समय बचाने प्रत्येक महिला को उसकी जोखिम श्रेणी के अनुसार उपयुक्त स्वास्थ्य सुविधा केंद्र से टैग किया जाएगा, जिसमें लाभार्थी के अनुरोध पर निजी स्वास्थ्य केंद्र भी शामिल हो सकते हैं। इससे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से होने वाले अनावश्यक बहुस्तरीय रेफरल रुकेंगे और आपात स्थिति में सही स्तर की देखभाल तुरंत मिल सकेगी। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने मातृ मृत्यु दर और नवजात मृत्यु दर कम करने के लिए सोमवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा प्रस्तावित "समृद्धि" (सुरक्षित मातृत्व और बाल स्वास्थ्य पहल) योजना का शुभारंभ करते यह जानकारी साझा की।

पंजाब में किसानों का बड़ा प्रदर्शन, बठिंडा-मानसा में प्रशासनिक दफ्तरों पर लगाया ताला

 बठिंडा  पंजाब के विभिन्न जिलों में मांगों को लेकर किसानों की ओर से जिला प्रबंधकीय परिसर के सभी गेटों का बंद कर धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है।किसान सोमवार से यहां धरना-प्रदर्शन करने में जुटे हैं। इस दौरान किसी भी कर्मचारी को अंदर जाने नहीं दिया गया। इस कारण जिला प्रबंधकिय परिसर में बने सभी सरकारी दफ्तरों में काम बंद पड़ा है। मानसा में भी दिखा असर वहीं, मानसा में भी किसान जिला प्रबंधकीय परिसर के गेट पर लगा रहे हैं। इस बीच किसान संगठन उगराहा की ओर से मंगलवार सुबह प्रबंधन के परिसर को जाने वाले दोनों गेट को बंद करते धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। प्रशासन की ओर से किसानों के प्रदर्शन को देखते धरना स्थल के आसपास पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इस दौरान किसी भी अधिकारी और कर्मचारियों को प्रबंधन के परिसर के अंदर और बाहर जाने की अनुमति नहीं है। नतीजन डीसी, एसएसपी समेत अन्य विभागों के अधिकारी अपने दफ्तर तक नहीं पहुंच पाए हैं। बेशक सोमवार को जिले में मुख्यमंत्री की लोक मिलनी को लेकर पूरा प्रशासन गांव फत्ता मालोका में व्यस्त होने के कारण बड़े अधिकारी दफ्तर तक नहीं पहुंच पाए, लेकिन किसानों ने मंगलवार सुबह ही प्रबंधकीय कॉम्प्लेक्स के बाहरी गेट से आगे बढ़ते परिसर के अंदर जाने वाले दोनों दरवाजों को बंद करते सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। किसान नेता राम सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री गांव की चौपाल में लोगों की समस्या हल करने के दावे कर रहे हैं, लेकिन किसानी मांगों को लेकर पिछले महीने डीसी दफ्तरों के आगे दिन रात का धरना देने के बाद भी सरकार उनकी मांगे मानने को मंजूर नहीं है। किसान नेता ने कहा कि संगठन की प्रदेश कमेटी नेताओं कि फैसले अनुसार प्रबंधकीय कांप्लेक्स का। घेराव जारी रहेगा। प्रदर्शन में ही लंगर का प्रबंध प्रबंधकीय कांप्लेक्स में धरने पर बैठे किसानों के लिए लंगर की व्यवस्था भी की गई है ताकि किसान लंगर खाने के लिए इधर-उधर में जा सके।  

छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ा मौका, रायपुर में दो दिवसीय रोजगार मेला

युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने रायपुर में होगा दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे मुख्य अतिथि, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे अध्यक्षता सेवा संकल्प अभियान के तहत राज्य स्तरीय रोजगार मेला 7-8 अक्टूबर को रायपुर में रायपुर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोजगार विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा 7 एवं 8 अक्टूबर 2026 को रायपुर में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में आयोजित इस दो दिवसीय रोजगार मेले के मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे।          राज्य स्तरीय रोजगार मेले का मुख्य कार्यक्रम 8 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे प्रारम्भ होगा। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, मंत्री केदार कश्यप, गुरु खुशवंत साहेब, राम विचार नेताम, दयाल दास बघेल, लखन लाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओ.पी. चौधरी, श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, टंकराम वर्मा, राजेश अग्रवाल एवं गजेन्द्र यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।          कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, राजेश मूणत, अनुज शर्मा, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू एवं इंद्र कुमार साहू तथा नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे और जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।            राज्य स्तरीय रोजगार मेले के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। रोजगार मेले में युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों एवं प्रतिष्ठानों में उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी मिलने के साथ ही उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप नियोजन का अवसर प्राप्त होगा। रोजगार विभाग द्वारा युवाओं से राज्य स्तरीय रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की गई है।