samacharsecretary.com

अब AI बताएगा सेहत का हाल! Apple के नए Health ऐप में मिलेंगे स्वास्थ्य से जुड़े जवाब

 नई दिल्ली  Apple ने एक नया आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) ऐप लॉन्च कर दिया है, जिसका नाम Apple Health AI Usage Study है. इसके लिए AI हेल्थकेयर कंपनी OpenEvidence के साथ पार्टनरशिप की है।  हाल ही के दिनों में AI चैटबॉट उन लोगों के बीच में काफी पॉपुलर हो रहे हैं, जो अपनी सेहत से संबंधित जानकारी AI हासिल करना चाहते हैं. ऐसे में Apple का ऐप भी मददगार साबित हो सकता है. अब सवाल आता है कि क्या Apple का AI हेल्थ ऐप ChatGPT को टक्कर दे पाएगा।  ChatGPT मेकर OpenAI ने हाल ही में जानकारी शेयर की थी कि हर सप्ताह  चैटबॉट से करीब 30 करोड़ हेल्थ संबंधित सवाल पूछे जाते हैं. अब Apple समझना चाहता है कि यह कैसे काम करता है और इसको सुरक्षित तरीके से कैसे पूरा किया जा सकता है।  . Apple का कहना है कि यह ऐप स्वास्थ्य से जुड़े सवालों के जवाब केवल भरोसेमंद मेडिकल रिसर्च के आधार पर देगा. इसके लिए यूजर्स के हेल्थ मेट्रिक्स और मेडिकल रिकॉर्ड का भी इस्तेमाल किया जा सकेगा, लेकिन इसके लिए यूजर्स को परमिशन देनी होगी. फिलहाल यह ऐप अमेरिकी यूजर्स के लिए उपलब्ध है।  कौन लोग इस ऐप का इस्तेमाल कर पाएंगे   स्टडी में शामिल होने वाले यूजर्स के लिए कम से कम उम्र 21 साल होनी चाहिए. इसके अलावा उनके पास iPhone 15 या उससे अपग्रेड मॉडल होना चाहिए. फोन में iOS26 या उससे ऊपर का वर्जन होना चाहिए और उसमें ऐपल इंटेलीजेंसी फीचर ऑन होना चाहिए।  ऐपल AI ऐप कैसे काम करेगा?  Apple के लेटेस्ट ऐप के आने के बाद यूजर्स ChatGPT या Claude की तरह ही अपनी सेहत से जुड़े सवालों को टाइप कर सकते हैं. इसके बाद ऐप डेली हेल्थ संबंधित सवालों को आसान और समझने लायक जवबा देने की कोशिश करेगा।  गौर करने वाली बात यह है कि ये जवाब द न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसन, JAMA और नेचर जैसे प्रमुख मेडिकल पब्लिकेशन के विश्वनीय क्लिनिकल डेटा पर आधारित हैं. यूजर्स चाहें तो इस ऐप को अपने ऐपल हेल्थ डेटा से भी कनेक्ट कर पाएंगे।  ऐप यूजर्स को तैयारी करने में मदद करेगा Apple का कहना है कि यह ऐप यूजर्स को डॉक्टर के पास जाने से पहले बेहतर तैयारी करने में मदद कर सकता है. अगर किसी शख्स को कोई गंभीर स्वास्थ्य संबंधित समस्या है, तो ऐप उसको संबंधित डॉक्टर या हेल्थकेयर प्रोवाइडर के बारे में जानकारी देगा. साथ ही यूजर्स ऐप से मिले जवाबों को रेट कर पाएंगे और अपना फीडबैक भी दे सकेंगे. इस स्टडी की मदद से ऐपल को ऐसे भरोसेमंद टूल बनाने में मदद मिलेगी, जो लोगों की सेहत से जुड़े सवालों के जवाब दे सकेगा। 

उज्जैन की वैश्य टेकरी में दोबारा शुरू होगी खुदाई, करीब 90 साल बाद मिली मंजूरी

उज्जैन  मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के वैश्य टेकरी में एक बार फिर से खुदाई होगी। करीब 9 दशकों के बाद खुदाई को मंजूरी दी गई है। वैश्य टेकरी में ऐतिहासिक बौद्ध स्तूप की खुदाई को रहस्यमय परिस्थितियों में छोड़ दिया गया था। अब लगभग नौ दशक बाद, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने साइट पर फिर से खुदाई की मंजूरी दी है। वैश्य टेकरी पर लगभग 2300 साल पुराना एक विशाल बौद्ध स्तूप दबे होने के प्रमाण मिलते हैं। ऐसा दावा है कि यह अपने समय का सांची स्तूप से भी बड़ा बौद्ध स्मारक है। परियोजना का निदेशक नियुक्त यह मंजूरी मुख्यमंत्री मोहन यादव की प्रमुख पुरातात्विक पहल में एक महत्वपूर्ण क्षण है। वैश्य टेकरी और प्राचीन उज्जैन के पुरातात्विक परिदृश्य का व्यापक अध्ययन करने वाले अधीक्षण पुरातत्वविद् शिवकांत बाजपेयी को परियोजना का निदेशक नियुक्त किया गया है। खुदाई का काम मध्य प्रदेश राज्य पुरातत्व विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। प्रशासन ने दी हर संभव मदद का भरोसा उज्जैन के संभागीय आयुक्त आशीष सिंह ने बताया था कि प्रशासन हर संभव मदद देने के लिए तैयार है, जिसमें जमीन से जुड़ी सहायता भी शामिल है। यह खुदाई 1939 में अधूरे छूटे एक अध्याय को फिर से शुरू करेगी। उस समय, टीले की खुदाई का एक प्रयास तब रोक दिया गया था, जब गैस लीक होने की खबर के बाद कई मजदूर बेहोश हो गए थे। इस बार, पुरातत्वविद आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों और एक अधिक व्यवस्थित दृष्टिकोण के साथ वापस आए हैं, ताकि दबे हुए पुरातात्विक खजाने की खोज को फिर से शुरू किया जा सके। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI), राज्य पुरातत्व विभाग के अधिकारियों और मौलाना आजाद नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MANIT) के तकनीकी विशेषज्ञों की एक संयुक्त टीम ने इस जगह पर 'ग्राउंड-पेनेट्रेटिंग रडार' (GPR) सर्वे किया। इस तकनीक में उच्च-आवृत्ति वाली रेडियो तरंगों का उपयोग किया जाता है, जिससे पुरातात्विक अवशेषों को नुकसान पहुंचाए बिना जमीन के नीचे की संरचनाओं का पता लगाया जा सकता है। इस सर्वे का उद्देश्य जमीन के नीचे मौजूद संरचनाओं और दबे हुए अवशेषों का नक्शा तैयार करना है, ताकि खुदाई शुरू करने से पहले उन खास जगहों की पहचान की जा सके जहां महत्वपूर्ण चीजें मिलने की सबसे अधिक संभावना है। अपने रहस्यों को संजोकर रखा है ग्वालियर राज्य के पुरातत्व विभाग की 1938-39 की वार्षिक प्रशासनिक रिपोर्ट में इस स्मारक को "शायद अब तक का सबसे बड़ा" स्तूप बताया गया था। इसमें इसका व्यास लगभग 350 फीट और ऊंचाई कम से कम 100 फीट दर्ज की गई थी। यह सांची के 'महास्तूप' के व्यास से लगभग तीन गुना और ऊंचाई से लगभग दोगुना है। सांची के स्तूप का व्यास लगभग 120 फीट और ऊंचाई 54 फीट है। इस संरचना को मौर्य काल का माना जाता है, जो लगभग तीसरी शताब्दी ईसा पूर्व यानी करीब 2,300 साल पुरानी है। 1938-39 में हुई थी खुदाई 1938-39 में की गई खुदाई के दौरान, अलग-अलग दिशाओं में खोदी गई खाइयों से मुख्य स्तूप के कुछ हिस्से और दो छोटे स्तूपों के अवशेष सामने आए थे। इसमें एक ऐसी निर्माण तकनीक भी देखने को मिली, जिसे रिपोर्ट में "अनोखी निर्माण शैली" कहा गया, जो "कहीं और देखने को नहीं मिलती"। इसका भीतरी हिस्सा स्थानीय 'मुरम' को कसकर दबाकर बनाया गया था, जबकि बाहरी हिस्से में बहुत बड़ी ईंटों का इस्तेमाल किया गया था। जिनमें से कुछ 22 इंच से भी अधिक लंबी थीं और इन्हें मिट्टी के गारे से जोड़ा गया था। इस जगह से मिले 'पंच-मार्क' वाले सिक्के और 'अवंती' सिक्के इस बात की पुष्टि करते हैं कि यह स्थल मौर्य कालीन है। रिपोर्ट में सुझाव दिया गया है कि यह स्मारक सम्राट अशोक से जुड़े स्तूपों में से एक हो सकता है, हालाँकि इसकी कभी पक्की पुष्टि नहीं हो पाई। बाजपेयी द्वारा बताई गई व्याख्या के अनुसार, इसका निर्माण तब हुआ था जब अशोक उज्जैन के गवर्नर थे। माना जाता है कि वे अपनी पत्नी देवी से प्रेरित थे, जो विदिशा के एक प्रमुख व्यापारी की बेटी थीं। ऐसा भी माना जाता है कि इसी व्यापारी संबंध के कारण इसका नाम 'वैश्य टेकरी' पड़ा। नई खुदाई से क्या पता चल सकता है पहले की गई खुदाई में काम इतना आगे नहीं बढ़ पाया कि स्तूप का पूरा नक्शा या उसकी संरचना स्पष्ट हो सके, और इसकी बाहरी ईंटों की परत का बड़ा हिस्सा भी गायब हो चुका है। अधिकारियों ने बताया कि अब सबसे महत्वपूर्ण काम इस स्मारक की मूल वास्तुकला को फिर से तैयार करना और इसके कालक्रम का पता लगाना होगा। इसके लिए टीले की एक-एक परत की जांच की जाएगी, निर्माण के विभिन्न चरणों, ढांचे के अवशेषों और कलाकृतियों को उनके मूल संदर्भ में पहचाना जाएगा।

उत्तर प्रदेश चुनाव का मध्य प्रदेश में भी दिखेगा असर, भाजपा-कांग्रेस और सपा ने शुरू की तैयारी

भोपाल  उत्तरप्रदेश के चुनाव परिणामों का असर एमपी की राजनीति पर पड़ना तय है इसलिए भाजपा, सपा और कांग्रेस जैसे राजनीतिक दलों ने अभी से चुनाव (UP Election 2027) को अपने पक्ष में लाने की कवायद शुरू कर दी है। ये दल मप्र के 5000 से अधिक जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ताओं से सीधे मदद लेने जा रहे है। यानी ये नेता यूपी चुनाव में अपने-अपने दलों के लिए खुलकर काम करेंगे। यूपी से सटे 14 जिलों में बढ़ी सरगर्मी, तयारी शुरू यही नहीं, यूपी से सटे 14 जिले दतिया, रीवा, सतना, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, अशोकनगर, सागर, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, सीधी और सिंगरौली के 800 से ज्यादा नेताओं ने तो अप्रत्यक्ष रूप से काम भी शुरू कर दिया है। असल में साल 2027 में होने वाले यूपी चुनाव के लिए भाजप, कांग्रेस व सपा, ये तीनों दल माहौल को अपने पक्ष में भुनाने में जुट चुके हैं, यह काम बगैर जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ताओं के संभव नहीं है, इसलिए इन दलों ने अपने-अपने खेमे को सक्रिय कर दिया है। चुनाव में सामाजिक ताना-बाना भी अहम यूपी चुनाव में सामाजिक जुड़ाव हमेशा से अहम कड़ी रही है। दोनों पड़ोसी राज्य है और सीमा वाले जिलों में एक-दूसरे राज्यों के लोगों के बीच गहरा जुड़ाव है। जब भी चुनाव होते हैं, दलों द्वारा लोगों के सामाजिक जुड़ाव को देखकर कई चालें चली जाती हैं। चूंकि दोनों ही राज्यों में भाजपा सत्ताधारी दल है, जिसका प्रभाव ज्यादा नजर आ रहा है तो कांग्रेस मप्र और सपा यूपी में मुख्य विपक्षी दल है। इस तरह इन तीनों दलों की सक्रियता पहले की तुलना में काफी अधिक हो गई है। राजनीतिक जानकारों की माने तो कोई भी दल हो, वह चुनाव जीतने के लिए एक-दूसरे राज्यों से अपने नेताओं, कार्यकर्ताओं की मदद लेते रहे है। सीएम मोहन यादव, शिवराज सिंह और जीतू पटवारी समेत कई नेता हो सकते है स्टार प्रचारक आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए मध्य प्रदेश के कई बड़े नेताओं पर पार्टियां दाव लगा सकती है। इसमें सबसे पहला नाम सीएम मोहन यादव का होगा। यूपी में 7 प्रतिशत से 9 प्रतिशत तक यादव समाज निवास करता है, ऐसे में यादव वोटबैंक को साधने के लिए सीएम यादव का नाम स्टार प्रचारक की लिस्ट में आ सकता है। इसके अलावा अन्य 52 से 54 प्रतिशत ओबीसी वर्ग को साधने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को कमान सौंपी जा सकती है। वहीं कांग्रेस से प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी को भी स्टार प्रचार बनाया जा सकता है। दतिया उपचुनाव में जीत के बाद पटवारी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव का भी धन्यवाद किया था। कब हो सकते है चुनाव? यूपी सहित पांच राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल अगले साल खत्म हो रहा है। यूपी विधानसभा का कार्यकाल 22 मई तक है, जबकि उत्तराखंड, पंजाब, गोवा सहित अन्य राज्यों का कार्यकाल 28 मार्च के पहले खत्म हो रहा है। इन राज्यों के चुनाव अमूमन फरवरी-मार्च में ही होते हैं। हालांकि, चुनाव आयोग ने अब तक कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है।

बोन टीबी को हराकर दीपिका ने रचा इतिहास, घुटनों के बल चलकर नवोदय विद्यालय तक पहुंची

सफलता की कहानी घुटनों के बल चलने वाली सुकमा की बेटी दीपिका ने भरी सपनों की उड़ान बोन टीबी को मात देकर बनी नवोदय विद्यालय की छात्रा रायपुर  मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व और संवेदनशील पहल ने सुकमा जिले की एक होनहार बेटी के जीवन में नया उजाला भर दिया है। कभी गंभीर बीमारी के कारण घुटनों के बल चलने को मजबूर रहीं दीपिका नाग ने अपनी मेहनत और शासन की बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के दम पर हड्डी की टीबी (बोन टीबी) जैसी गंभीर बीमारी को मात दे दी है। आज वह जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 11वीं की मेधावी छात्रा के रूप में अपने सुनहरे भविष्य का निर्माण कर रही हैं। संघर्ष से सफलता तक की कहानी         सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड के ग्राम बकुला घाट निवासी स्व. तुलसीराम नाग की पुत्री दीपिका को वर्ष 2020 में गंभीर शारीरिक तकलीफ के चलते जिला अस्पताल लाया गया था। स्थिति यह थी कि वह अपने पैरों पर खड़े होने में भी असमर्थ थीं और घुटनों के बल चलने को मजबूर थीं। जिला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुशवाहा ने गहन जांच के बाद पाया कि दीपिका को “बोन टीबी“ है। स्वास्थ्य अमले ने बच्ची को बाहर रेफर करने के बजाय जिले में ही सर्वाेत्तम चिकित्सा देने का निर्णय लिया। एक महीने तक अस्पताल में भर्ती रखकर उनकी सघन निगरानी की गई। निःशुल्क उपचार और पोषण सहायता बनी संजीवनी       जिला प्रशासन सुकमा के मार्गदर्शन और स्वास्थ्य विभाग की प्रतिबद्धता के चलते लगभग दो वर्षों तक दीपिका का निरंतर और पूरी तरह निःशुल्क उपचार चला। इसके साथ ही, “राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम“ के तहत उन्हें नियमित जांच और पोषण आहार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस दौरान दीपिका का वजन 15 किलोग्राम बढ़ा। पूरी तरह रोगमुक्त होकर फिर से अपने पैरों पर खड़ी होकर किया दौड़ना शुरू         बीमारी को हराने के बाद दीपिका ने अपने दृढ़ संकल्प के बल पर प्रतिष्ठित जवाहर नवोदय विद्यालय, सुकमा की प्रवेश परीक्षा पास की और आज वह अपनी पढ़ाई पूरी लगन के साथ कर रही हैं। प्रशासन की ओर से लगातार स्वास्थ्य मॉनिटरिंग का सिलसिला आज भी जारी है। हाल ही में दिवाली की छुट्टियों के दौरान जिला टीबी समन्वयक श्री जयनारायण सिंह ने दीपिका के घर पहुंचकर उनके स्वास्थ्य का फॉलोअप लिया। इस दौरान उन्हें वर्ष 2020 की वह पुरानी तस्वीर दिखाई गई जब वह अस्पताल में भर्ती थीं। अपनी उस तस्वीर को देखकर दीपिका भावविभोर हो उठीं और उनके चेहरे पर एक संतुष्टि भरी मुस्कान बिखर गई।। प्रशासन की संवेनशीलता के प्रति आभार        दीपिका और उनके परिवार ने नया जीवन और बेहतर भविष्य देने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। सुकमा की यह बेटी आज क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी है।

ईरान-अमेरिका तनाव के बीच बड़ा सैन्य कदम, पश्चिम एशिया पहुंचा अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर

वाशिंगटन पश्चिम एशिया में पिछले कई महीनों से तनाव चल रहा है और लाख कोशिशों के बाद भी चीजें सही नहीं हो पा रही हैं. अमेरिका ने ईरान के आसपास अपनी सैन्य ताकत बढ़ाते हुए तीन एयरक्राफ्ट कैरियर तैनात कर दिए हैं. अमेरिकी नौसेना की यह बड़ी तैनाती ऐसे समय हुई है, जब ईरान और अमेरिका के बीच टकराव लगातार गहराता जा रहा है. हाल ही में ईरान ने बहरीन में अमेरिकी सैन्य संपत्तियों को निशाना बनाया था. दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस सप्ताह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत करने वाले हैं।  इस बीच कतर दोनों देशों के बीच तनाव कम करने और बातचीत का रास्ता खुला रखने की कोशिश कर रहा है. सवाल है कि क्या पश्चिम एशिया में युद्ध की आशंका बढ़ रही है या कूटनीति के जरिए हालात संभाले जा सकते हैं? अमेरिका का एयरक्राफ्ट कैरियर USS थियोडोर रूजवेल्ट पश्चिम एशिया पहुंच गया. इसके साथ ही अमेरिकी सेंट्रल कमांड के क्षेत्र में तीन कैरियर स्ट्राइक ग्रुप की मौजूदगी हो गई है. रूजवेल्ट पहले से तैनात USS जॉर्ज वॉशिंगटन और USS जॉर्ज एच डब्ल्यू बुश के साथ अब शामिल हो गया है।  पश्चिमी एशिया में अमेरिका के 3-3 युद्धपोत रूजवेल्ट के स्ट्राइक ग्रुप में कैरियर एयर विंग 11, क्रूजर USS चोसिन और दो डिस्ट्रॉयर USS पॉल हैमिल्टन तथा USS डेकाटूर शामिल हैं. अमेरिका ने समुद्र में सिर्फ युद्धपोत नहीं भेजे, बल्कि अपनी हवाई और समुद्री सैन्य ताकत का पूरा इंतजाम किया है, जिसकी वजह से हालात और गंभीर हो रहे हैं.  इस तैनाती को अमेरिका की ओर से ईरान के लिए एक बड़े रणनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है. ट्रंप प्रशासन में ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान दोबारा शुरू करने को लेकर चर्चाएं भी चल रही हैं. गौर करने वाली बात है कि इस साल अप्रैल में भी 2003 के इराक युद्ध के बाद पहली बार इस क्षेत्र में तीन अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर तैनात किए गए थे. अब एक बार फिर वैसी ही स्थिति बनती दिख रही है।  ईरान की क्या प्रतिक्रिया है?     अमेरिका की बढ़ती सैन्य मौजूदगी पर ईरान ने कड़ा रुख अपनाया है. ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने कहा है कि मौजूदा हालात में अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के साथ सहयोग में बड़े सुधार की उम्मीद नहीं की जा सकती।      उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका और इजरायल के हमलों से ईरान के परमाणु ठिकानों पर IAEA की निगरानी गतिविधियां प्रभावित हुईं लेकिन एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में सैन्य हमलों को इसके लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार नहीं ठहराया. बगेई ने रिपोर्ट को एकतरफा बताते हुए एजेंसी की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए. हालांकि उन्होंने कहा कि ईरान परमाणु अप्रसार संधि (NPT) के तहत अपनी जिम्मेदारियां निभाता रहेगा।      खाड़ी देशों की ओर से ईरान पर हमलों के नुकसान की भरपाई करने की मांग को भी तेहरान ने खारिज कर दिया है. गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल का दावा है कि 28 फरवरी के बाद ईरान ने खाड़ी देशों पर 7,000 से अधिक मिसाइल और ड्रोन हमले किए और वो इस नुकसान का मुआवजा चाहता है।  कतर की मध्यस्थता भी हो रही फेल? जब अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव बढ़ रहा है, तब कतर बातचीत के जरिए हालात संभालने की कोशिश में जुटा है. कतर के पीएम के मुताबिक पिछले कुछ हफ्ते से अमेरिकी प्रशासन के उन अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क किया जा रहा है, जो तनाव कम करने और हालात को नियंत्रण में रखने की गंभीर कोशिश कर रहे हैं. इतना ही नहीं कतर का मानना है कि फिलहाल एकदम सही और स्थायी शांति समझौते का इंतजार करने के बजाय ऐसा व्यावहारिक समझौता जरूरी है, जो तुरंत तनाव कम कर सके. कतर ने संकेत दिया है कि उसकी कूटनीतिक कोशिशें जारी हैं, भले ही पिछले कुछ दिनों के मुकाबले बातचीत की रफ्तार थोड़ी धीमी हुई हो। 

MP Tourism: बालाघाट में बढ़ा बाघों का कुनबा, जंगल सफारी में दिखेंगे टाइगर

बालाघाट  मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में दक्षिण वन मंडल के लालबर्रा परिक्षेत्र में कान्हा और पेंच टाइगर रिजर्व कॉरिडोर सोनेवानी जंगल अब सिर्फ बाघों के गुजरने का रास्ता नहीं रहा। यह बाघों का स्थायी घर बन चुका है। वन विभाग के ताजा आकलन के मुताबिक, जिले के वनमंडलों में बाघों का कुनबा 80 के पार पहुंच गया है। इनमें सोनेवानी में ही करीब 20 बाघ हैं। ऐसे में सोनेवानी को 'कंजर्वेशन रिजर्व घोषित करने की कवायद तेज हो गई है। विभाग ने लंबे समय से अटकी विभागीय, खनन संबंधी अड़चनों को दूर कर संशोधित प्रस्ताव सरकार को भेजा है। सोनेवानी वन क्षेत्र का दायरा 167 वर्ग किमी है। बाघों के लिए अनुकूल माहौल सोनेवानी को बाघों के लिए सुरक्षित आश्रय स्थल बनाने मानवीय दखल समाप्त किया गया। गांव विस्थापित किए गए। 2018 में सबसे पहले सिलेझरी गांव का विस्थापन हुआ। हाल ही में सोनेवानी, नवेगांव, चिखलावडर्डी गांव भी विस्थापित किए गए। इन 4 गांवों को हटाने के बाद जंगल में मानवीय दखल पूरी तरह खत्म हो गया। नतीजा, कान्हा-पेंच कॉरिडोर में बाघों की आवाजाही और वंशवृद्धि के लिए बेहद अनुकूल माहौल तैयार हो गया है। बाघ गणना-2026 में भी बढ़ोतरी के संकेत अखिल भारतीय बाघ अनुमान की ताजा गणना में भी बालाघाट के जंगलों में बाघों की संख्या बढ़ने के संकेत मिले हैं। 2022 में जिले में करीब 60 बाघ दर्ज किए गए थे। 2026 की गणना प्रक्रिया हो चुकी है। हालांकि, रिपोर्ट जारी होना बाकी है। 10 नवंबर से फिर शुरू हुई सफारी 'वन्यप्राणी अनुभव क्षेत्र' के रूप में सोनेवानी ईको टूरिज्म के नए केंद्र के रूप में उभरा है। बाघ और तेंदुए की आसान साइटिंग के कारण 4 साल में जिप्सी सफारी के राउंड 6 गुना से ज्यादा बढ़े हैं। ग्रामीणों को जिप्सी संचालन, चालक और नेचर गाइड के रूप में रोजगार मिल रहा है। 10 नवंबर से सफारी का नया सत्र हुआ है। रोजाना पर्यटक पहुंच रहे हैं। खनन क्षेत्र में आने के कारण बदला गया प्रस्ताव- सीसीएफ सोनेवानी को कंजर्वेशन रिजर्व बनाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था। खनन क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए दोबारा संशोधित प्रस्ताव बनाया है। अब 142 वर्ग किमी का प्रस्ताव शासन को भेजा है। सोनेवानी में 10 नवंबर से सफारी शुरू है। पर्यटकों में उत्साह है। गौरव चौधरी, सीसीएफ, वनवृत्त, बालाघाट

नदी साफ करने में लगाए 8 महीने, फिर भी नहीं सुधरे लोग; अब खुद बीमार हुए बिट्टू तबाही

ब्यावरा सुरेंद्र सिंह चौधरी, जिन्हें लोग बिट्टू तबाहि के नाम से जानते हैं, मध्य प्रदेश की प्रदूषित अजनार नदी की सफाई करने के बाद बीमार पड़ गए। उन्होंने एक वीडियो साझा किया, जिसमें वे अस्पताल या क्लिनिक के बिस्तर पर दिखे। उनके हाथों पर गंदे पानी से हुए घाव और संक्रमण साफ नजर आ रहे थे। तबीयत खराब होने के बावजूद बिट्टू ने सफाई का काम बंद नहीं किया है। वे इस बात से भी निराश हैं कि कुछ लोग आज भी नदी में कचरा फेंक रहे हैं। बिट्टू के काम से पर्यावरण पर चर्चा शुरू सितंबर में बिट्टू की नदी सफाई से जुड़ी वीडियो वायरल होने के बाद वे रातों-रात मशहूर हो गए। इंटरनेट पर उन्हें लोगों का बहुत समर्थन मिला। अब कई लोग उनके जल्द ठीक होने की दुआएं मांग रहे हैं। इसके साथ ही वे दूसरों से यह भी अपील कर रहे हैं कि वे भी इस काम में हाथ बंटाएं और नदी को गंदा करना बंद करें, ताकि बिट्टू की मेहनत बेकार न जाए। उनकी यह लगन पर्यावरण की जिम्मेदारी निभाने को लेकर एक नई बहस शुरू कर रही है। युवक ने अकेले ही नदी में जमा प्लास्टिक, पॉलिथीन, बोतलें और दूसरी गंदगी निकालनी शुरू कर दी. उसके इस काम की सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हुई. लेकिन अब इस युवक की एक ऐसी तस्वीर और वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर लोग परेशान हो गए हैं. दरअसल, नदी की सफाई करते-करते युवक खुद बीमार पड़ गया है. लंबे समय तक गंदे और प्रदूषित पानी में काम करने की वजह से उसके हाथों और पैरों की त्वचा पर बुरा असर पड़ा है. उसे लगातार खुजली और दर्द की परेशानी हो रही है. हालत ऐसी है कि उसे हर रात दवाइयां लेकर सोना पड़ता है. इस युवक का नाम सुरेंद्र सिंह चौधरी है, लेकिन सोशल मीडिया पर लोग उसे 'बिट्टू तबाही' के नाम से जानते हैं।  कौन हैं बिट्टू तबाही, क्यों शुरू की नदी की सफाई? बिट्टू तबाही मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा के रहने वाले हैं. वह बीएससी के छात्र हैं. उनकी उम्र करीब 21 साल बताई जा रही है. बिट्टू ने अपने आसपास के तालाबों और नदियों में फैली गंदगी को देखकर उनकी सफाई करने का फैसला किया था. वह अक्सर एक मंदिर के पास से गुजरते थे. वहां मौजूद तालाब में कचरा और गंदगी देखकर उन्हें बहुत बुरा लगता था. गंदगी की वजह से लोग भी उस जगह पर जाने से बचने लगे थे. इसके बाद उन्होंने खुद ही सफाई का काम शुरू कर दिया। धीरे-धीरे उन्होंने आसपास के दूसरे जलाशयों की सफाई भी शुरू की. इसी दौरान उन्होंने अजनार नदी की हालत देखी. नदी में प्लास्टिक की बोतलें, पॉलिथीन, पुराने कपड़े, कचरा और पानी में उगी गंदगी जमा थी. नदी की हालत देखकर उन्होंने इसे साफ करने की ठान ली।  26 जनवरी से शुरू किया सफाई अभियान बिट्टू ने 26 जनवरी 2026 यानी गणतंत्र दिवस के दिन अजनार नदी की सफाई शुरू की थी. शुरुआत में उनके साथ कुछ दोस्त भी जुड़े, लेकिन बाद में ज्यादातर काम उन्होंने अकेले ही किया. उनके पास कोई बड़ी मशीन या सरकारी मदद नहीं थी. वह दस्ताने, रबर के जूते, डंडे और दूसरे छोटे औजारों की मदद से नदी में उतरते थे. कई बार उन्हें अपने हाथों से भी कचरा निकालना पड़ता था. वह नदी से प्लास्टिक की बोतलें, पॉलिथीन, कपड़े, खरपतवार और दूसरी गंदगी बाहर निकालते थे. इस काम में उन्होंने अपनी जेब से करीब 30 हजार रुपये भी खर्च किए. उन्होंने सफाई के काम को दिखाने के लिए वीडियो बनाए और सोशल मीडिया पर शेयर किए।  धीरे-धीरे उनके वीडियो वायरल होने लगे. लोगों ने नदी की सफाई से पहले और बाद की तस्वीरें देखीं तो उनकी मेहनत की तारीफ करने लगे. उनकी कोशिशों को उद्योगपति आनंद महिंद्रा और कई बड़े लोगों ने भी सराहा. बाद में स्थानीय प्रशासन की ओर से भी सफाई के लिए मशीनें उपलब्ध कराई गईं।  गंदे पानी में उतरने का शरीर पर हुआ बुरा असर कई महीनों तक नदी की सफाई करने के दौरान बिट्टू लगातार गंदे पानी और सड़े हुए कचरे के संपर्क में रहे. शुरुआत में उन्होंने सामान्य दस्ताने और रबर के जूते पहनकर काम किया, लेकिन इतने लंबे समय तक प्रदूषित पानी में रहने का असर धीरे-धीरे उनकी सेहत पर दिखने लगा. उनके हाथों और पैरों में त्वचा से जुड़ी परेशानी शुरू हो गई. उन्हें लगातार खुजली, जलन और दर्द रहने लगा. उनकी त्वचा की परतें छिलने लगीं. सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में भी उनके हाथों और पैरों की हालत दिखाई दे रही है. बिट्टू ने बताया कि दर्द और खुजली की वजह से उन्हें रात में सोने से पहले दवाइयां लेनी पड़ती हैं. इसके बावजूद वह अगली सुबह फिर नदी की सफाई के लिए पहुंच जाते हैं।  माता-पिता भी हैं परेशान, फिर भी नहीं छोड़ा सफाई का काम बिट्टू की सेहत खराब होने से उनके माता-पिता भी काफी चिंतित हैं. वे नहीं चाहते कि उनका बेटा दोबारा गंदे पानी में उतरे और कचरा साफ करे. उन्होंने बिट्टू को नदी से दूर रहने की सलाह भी दी है. लेकिन बिट्टू के लिए नदी की खराब हालत देखना मुश्किल है. उनका कहना है कि अगर वह सफाई का काम छोड़ देंगे तो नदी में फिर से कचरा जमा होने लगेगा. इसी वजह से वह अपने माता-पिता को बिना बताए भी सफाई अभियान से जुड़े रहने की कोशिश कर रहे हैं. उनका मानना है कि जब तक नदी में गंदगी रहेगी, तब तक वह उसे साफ करने की कोशिश करते रहेंगे।  इतनी मेहनत के बाद फिर नदी में जमा होने लगा कचरा बिट्टू के लिए सबसे ज्यादा दुख की बात यह है कि जिस नदी को साफ करने में उन्होंने महीनों लगा दिए, वहां लोग दोबारा कचरा फेंकने लगे हैं. उन्होंने अपनी तरफ से नदी के किनारे कूड़ेदान भी रखवाए, ताकि लोग कचरा नदी में डालने के बजाय उसमें फेंकें. लेकिन इसके बावजूद लोगों की आदत में ज्यादा बदलाव नहीं आया. एक तरफ बिट्टू अपनी सेहत की परेशानी से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ नदी में फिर से गंदगी जमा होना उनके लिए निराशा की वजह बन गया है. उनका कहना है कि … Read more

नौकरियों पर AI का डर खत्म? Cognizant ने 25 हजार फ्रेशर्स की भर्ती का बनाया प्लान

 नई द‍िल्ली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI दुनिया भर में कई पारंपरिक काम और भूमिकाएं संभालने लगी है. भारत की बड़ी कंपनियों में शुरुआती स्तर के 37% काम AI कर रही है. नौकरियों पर इसके असर की चिंता के बीच कॉग्निजेंट ने शुरुआती स्तर की भर्ती घटाने के बजाय फ्रेशर्स पर दांव लगाने की बात कही है।  कॉग्निजेंट इंडिया के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक तथा वैश्विक परिचालन के अध्यक्ष राजेश वारियर का कहना है कि AI शुरुआती स्तर की नौकरियां खत्म नहीं कर रही, बल्कि उनका रूप बदल रही है. कंपनी फ्रेशर्स की भर्ती जारी रखने के साथ अपने कर्मचारियों को एआई का प्रशिक्षण दे रही है और खास एआई भूमिकाएं भी तैयार कर रही है।  शुरुआती स्तर के 37% काम कर रही AI वारियर ने कॉग्निजेंट और पियर्सन की जून 2026 की रिपोर्ट द एआई वर्कफोर्स पल्स: द अडैप्टेबिलिटी इम्पेरेटिव का हवाला दिया. इसके मुताबिक भारतीय संगठनों का अनुमान है कि शुरुआती स्तर के 37% काम पहले ही एआई कर रही है. यह 33% के वैश्विक औसत से अधिक है. सर्वे में 80% लोगों ने कहा कि एआई कर्मचारियों को ज्यादा अहम काम पर ध्यान देने का मौका देती है।  रिपोर्ट में शुरुआती स्तर की नौकरियों में एक और बदलाव का संकेत दिया गया. सर्वे में शामिल 94% मानव संसाधन प्रमुखों को उम्मीद है कि एआई शुरुआती स्तर की ऐसी भूमिकाएं बनाएगी, जो आज मौजूद नहीं हैं।  नैसकॉम के अनुमान के मुताबिक भारत के तकनीकी क्षेत्र ने वित्त वर्ष 26 में करीब 135,000 लोगों को जोड़ा, जबकि वित्त वर्ष 25 में यह संख्या करीब 133,000 थी. नई नौकरियों का एक बड़ा हिस्सा वैश्विक क्षमता केंद्रों से आया. दूसरी ओर, कैंपस भर्ती में बड़ी गिरावट आई, जिससे छात्रों के लिए शुरुआती स्तर की नौकरी पाना मुश्किल हुआ।  एआई वीकली की रिपोर्ट के मुताबिक नैसकॉम के अध्यक्ष राजेश नांबियार ने निक्केई एशिया से हाल की बातचीत में कहा, “फ्रेशर के नजरिए से यह चिंता की बात है और मैं इसे किसी अलग तरीके से मीठा बनाकर पेश नहीं करूंगा।  नौकरियां खत्म नहीं, भूमिकाएं बदल रही हैं फ्रेशर्स के लिए नौकरियों के मौके सीमित होने के सवाल पर वारियर ने कहा कि बदलाव वास्तविक है, लेकिन इसे अवसरों के खत्म होने के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा, “एआई कुछ नियमित और बार-बार किए जाने वाले काम स्वचालित कर रही है, जो पारंपरिक रूप से शुरुआती स्तर की नौकरियों का हिस्सा रहे हैं. हालांकि, हम इसे शुरुआती अवसरों के गायब होने के बजाय भूमिकाओं में बदलाव के रूप में देखते हैं।  वारियर के मुताबिक रोजमर्रा के काम में भी बदलाव दिख रहा है. उन्होंने कहा, 'मुख्य रूप से काम पूरा करने पर केंद्रित भूमिकाएं अब एआई के नतीजों की जांच करने, उनका मतलब समझने, अपवादों को संभालने और इंसानी फैसले का इस्तेमाल करने वाली भूमिकाओं में बदल रही हैं।  उन्होंने कहा कि युवा पेशेवर नियमित काम पर कम समय लगा सकते हैं और एआई की मदद से चलने वाली कार्यप्रणाली को संभालने पर ज्यादा ध्यान दे सकते हैं. इसमें जानकारियों का मतलब समझना, कारोबारी समस्याएं सुलझाना और उन हालात की पहचान करना शामिल है, जहां इंसानी फैसले की जरूरत होती है. इससे संकेत मिलता है कि एआई के दौर में नौकरी सुनिश्चित करने के लिए केवल बुनियादी कोडिंग और सॉफ्टवेयर जांच काफी नहीं हो सकती।  भारत के सामने AI स्क‍िल तैयार करने की चुनौती वारियर ने भारत के डिजिटल तकनीक से सहज कार्यबल पर भरोसा जताया, लेकिन कहा कि एआई कौशल की कमी अब भी मौजूद है. यह बदलते रोजगार बाजार के मुताबिक कार्यबल तैयार करने में बड़ी बाधा बन सकती है. उन्होंने कहा, 'सवाल यह नहीं है कि भारत के पास सफल होने के लिए प्रतिभा है या नहीं. सवाल यह है कि क्या हम अलग-अलग उद्योगों में जरूरी रफ्तार और पैमाने पर एआई के लिए तैयार क्षमताएं विकसित कर सकते हैं।  उन्होंने कहा कि नियोक्ता ऐसे लोगों की तलाश में हैं, जिनमें डिजिटल समझ के साथ आलोचनात्मक सोच, बातचीत की क्षमता, रचनात्मकता और उद्योग की जानकारी हो. कॉग्निजेंट की पहले की न्यू वर्क, न्यू वर्ल्ड 2026 रिपोर्ट में कहा गया था कि 93% नौकरियां किसी न किसी तरह AI से प्रभावित हो सकती हैं।  वारियर ने कहा, 'AI नतीजे तैयार कर सकती है, लेकिन लोगों को संदर्भ देना होगा, सही सवाल पूछने होंगे, नतीजों की जांच करनी होगी और फैसलों की जिम्मेदारी लेनी होगी।  कॉलेजों और फ्रेशर्स की तैयारी पर उन्होंने कहा कि शिक्षा की सबसे बड़ी चुनौती अकादमिक पढ़ाई और कार्यस्थल पर उसके इस्तेमाल के बीच का अंतर है. उनके मुताबिक विश्वविद्यालयों को कंपनियों से सलाह लेकर अपने पाठ्यक्रम नियमित रूप से बदलने चाहिए. छात्रों को इंटर्नशिप, अप्रेंटिसशिप और परियोजना आधारित पढ़ाई के जरिए कंपनियों के साथ काम करने और व्यावहारिक अनुभव हासिल करने के ज्यादा मौके मिलने चाहिए।  उन्होंने छात्रों के लिए तीन प्राथमिकताएं बताईं. पहली, एआई की समझ विकसित करना. दूसरी, आलोचनात्मक सोच, समस्या पहचानने की क्षमता और संबंधित क्षेत्र के कौशल मजबूत करना. तीसरी, बातचीत, मिलकर काम करने और तेजी से सीखने की क्षमता में निवेश करना।  इस साल कामकाजी दुनिया में कदम रखने वाले हर युवा भारतीय के लिए उनका संदेश था, “मेरा संदेश आसान है. जिज्ञासु बने रहें, लगातार सीखने को अपनाएं और एआई को अपने प्रतिस्पर्धी के रूप में न देखें।  कॉग्निजेंट की भर्ती और प्रशिक्षण रणनीति वारियर ने बताया कि कॉग्निजेंट अपने मौजूदा कर्मचारियों को एआई के दौर के लिए तैयार कर रही है. कंपनी खास एआई भूमिकाएं बना रही है और स्वचालन से जुड़ी चिंताओं के बावजूद नए स्नातकों की भर्ती जारी रख रही है. करीब 46,000 कर्मचारियों ने एंथ्रोपिक क्लॉड, ओपनएआई, गूगल जेमिनी और गिटहब कोपायलट समेत उन्नत एआई मंचों में कम से कम एक प्रमाणपत्र हासिल किया है. करीब 74,000 कर्मचारी प्रशिक्षण ले रहे हैं।  कंपनी दो तरह के खास पेशेवर तैयार कर रही है. इनमें 5,000 फ्रंटियर सर्टिफाइड इंजीनियर और 10,000 फ्रंटियर बिजनेस ऑपरेटर शामिल हैं. फ्रंटियर सर्टिफाइड इंजीनियर ऐसे एजेंटिक AI तंत्र बनाएंगे, जो स्वतंत्र रूप से काम कर सकें, फैसले ले सकें और कार्यप्रणाली को पूरा कर सकें. फ्रंटियर बिजनेस ऑपरेटर इंसानी फैसलों और AI से चलने वाले डिजिटल श्रम को जोड़कर कारोबारी नतीजों का प्रबंधन करेंगे. कंपनी की सिनैप्स पहल का लक्ष्य 2030 … Read more

छत्तीसगढ़ के बेलमेटल शिल्प को राष्ट्रपति भवन में मिला सम्मान, शिल्पकारों ने की राष्ट्रपति से मुलाकात

छत्तीसगढ़ की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा को राष्ट्रपति भवन में मिला सम्मान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिले छत्तीसगढ़ के बेलमेटल शिल्पकार कोंडागांव और रायगढ़ के शिल्पकारों ने राष्ट्रपति से की मुलाकात रायपुर,  छत्तीसगढ़ की शिल्प परंपरा और पीढ़ियों से संजोए गए हुनर को सोमवार को राष्ट्रपति भवन में विशेष पहचान मिली। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने प्रदेश के कोंडागांव और रायगढ़ से पहुंचे 50 बेलमेटल शिल्पकारों से मुलाकात की। पारंपरिक बेलमेटल शिल्पकला को जीवंत बनाए रखने वाले इन कलाकारों के लिए यह एक गौरवपूर्ण अवसर रहा। राष्ट्रपति भवन में हुई इस विशेष मुलाकात ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक कारीगरी और शिल्पकारों की पीढ़ियों की साधना को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत और सचिव राजेश सिंह राणा भी उपस्थित रहे। छत्तीसगढ़ के 50 बेलमेटल  शिल्पकारों का प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली में राष्ट्रपति से मुलाकात की             राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत कोंडागांव एवं रायगढ़ के बेलमेटल शिल्पकारों से भेंट करने की इच्छा व्यक्त की थी। इसी क्रम में शिल्पकारों का प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली पहुंचा और राष्ट्रपति से मुलाकात की। छत्तीसगढ़ की बेलमेटल कला, विशेष रूप से बस्तर की प्रसिद्ध ढोकरा शिल्प परंपरा, अपनी विशिष्ट निर्माण शैली और बारीक कारीगरी के लिए जानी जाती है। धातु से तैयार देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों, लोकजीवन और पारंपरिक आकृतियों में प्रदेश की जनजातीय संस्कृति की गहरी छाप दिखाई देती है। कोंडागांव के शिल्पकार पीढ़ियों से इस कला को संरक्षित करते हुए अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए हैं। छत्तीसगढ़ प्रदेश की जीवंत हस्तशिल्प परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने की महत्वपूर्ण पहल              उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति भवन में देश के विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक कलाकारों और शिल्पकारों को अपनी कला एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व करने के अवसर मिलते रहे हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के शिल्पकारों की यह मुलाकात प्रदेश की जीवंत हस्तशिल्प परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने की महत्वपूर्ण पहल है। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि और पारंपरिक कारीगरी की विशिष्ट पहचान              यह अवसर उन शिल्पकारों के लिए विशेष महत्व रखता है, जो पीढ़ियों से प्राप्त पारंपरिक ज्ञान, कौशल और कलात्मक विरासत को आज भी जीवंत बनाए हुए हैं। राष्ट्रपति भवन तक उनकी पहुंच छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि और पारंपरिक कारीगरी की विशिष्ट पहचान को रेखांकित करती है।

वाराणसी में देव दीपावली की भव्य तैयारी, 2100 ड्रोन से आसमान में दिखेगा अद्भुत नजारा

वाराणसी काशी की देव दीपावली इस बार गंगा घाटों के साथ आसमान में भी भव्यता बिखेरेगी। 24 नवंबर को होने वाले आयोजन में पहली बार 2100 स्वदेशी ड्रोन के जरिए आसमान में भगवान शिव, शिव तांडव, गंगा अवतरण और काशी विश्वनाथ मंदिर की आकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। करीब 15 मिनट के इस ड्रोन शो में 15 विशेष फॉर्मेशन नजर आएंगे। संगीत और हिंदी वॉयस ओवर के साथ थ्री-डी एनिमेशन से तैयार आकृतियां काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाएंगी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में वाराणसी के राजघाट से नमो घाट तक देव दीपावली का भव्य आयोजन किया जाएगा। लाखों दीपों की रोशनी के बीच 2100 स्वदेशी ड्रोन आसमान में पौराणिक प्रसंगों को साकार करेंगे। पर्यटन विभाग ने इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वरूप देने की तैयारी की है। शिव तांडव से मां गंगा के अवतरण तक दिखेगी दिव्यता ड्रोन शो की थीम देव दीपावली पर आधारित होगी। इसमें भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के धरती पर अवतरण के दृश्य दिखाए जाएंगे। इसके अलावा काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा कालभैरव की आकृतियां भी आसमान में उकेरी जाएंगी। उत्तर प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग के लोगो को भी इस प्रस्तुति में शामिल किया जाएगा।  इस बार 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मनाई जाने वाली देव दीपावली पर काशी के घाट 11 लाख से ज्यादा दीपों की रोशनी से जगमगा उठेंगे।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, इस भव्य आयोजन की शुरुआत 20 नवंबर से होगी, जब नमो घाट पर चार दिवसीय 'गंगा महोत्सव' का आगाज होगा. ये महोत्सव 23 नवंबर तक चलेगा।  देव दीपावली के मुख्य आयोजन यानी 24 नवंबर की शाम को भक्तों और पर्यटकों के लिए खास इंतजाम किए गए हैं. इस दिन चेत सिंह घाट पर ग्रैंड लेजर शो का आयोजन होगा।   दशाश्वमेध घाट पर विश्व प्रसिद्ध महाआरती देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट पर विश्व प्रसिद्ध महाआरती होगी और श्री काशी विश्वनाथ धाम के सामने पर्यावरण के अनुकूल ग्रीन आतिशबाजी आसमान को रोशन करेगी. वहीं, गंगा नदी में नावों की भारी भीड़ को काबू करने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. पहली बार नदी में नावों के सुरक्षित संचालन के लिए 'टू-वे लेन सिस्टम' लागू किया जाएगा।  लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूरी काशी को 10 जोन और 21 सेक्टरों में बांटा जाएगा. भीड़ नियंत्रण और चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए 27 वॉच टावर बनाए जा रहे हैं. इसके साथ ही ड्रोन कैमरों से भी आसमान से निगरानी की जाएगी. पर्यटकों की मदद और सुरक्षा के लिए पर्यटक पुलिस ई-स्कूटर से गश्त करेगी।  ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग स्थल तय शहर को ट्रैफिक जाम से बचाने के लिए यातायात पुलिस ने व्यापक योजना तैयार की है. शहर के बाहर 7 डायवर्जन प्वाइंट और वाहनों के लिए 31 पार्किंग स्थल तय किए गए हैं. आयोजन के दौरान मुख्य रास्तों पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।  किसी भी मेडिकल इमरजेंसी से तुरंत निपटने के लिए शहर के 14 अस्पतालों को जोड़ते हुए एक विशेष 'ग्रीन कॉरिडोर' भी तैयार किया जाएगा. इसके अलावा, पूरे शहर की सुंदरता बनाए रखने के लिए 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।