samacharsecretary.com

AAP नेताओं की अहम मुलाकात आज, CM भगवंत मान और केजरीवाल पहुंचेंगे गुरुग्राम जेल

चंडीगढ़ मुख्यमंत्री भगवंत मान 23 मई यानी आज  संजीव अरोड़ा से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री भगवंत मान जेल में संजीव अरोड़ा से मुलाकात करेंगे। जानकारी के मुताबिक, संजीव अरोड़ा गुरुग्राम जेल में बंद हैं।ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) द्वारा गिरफ्तारी के बाद यह पहली बार होगा, जब आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेता संजीव अरोड़ा से जेल में मिलने पहुंचेंगे। इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। ED ने किया था गिरफ्तार पूर्व मंत्री संजीव अरोड़ा को प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद एजेंसी ने पहले उन्हें 7 दिन के रिमांड पर लिया। इसके बाद दो दिन का अतिरिक्त रिमांड भी मिला था। पूछताछ पूरी होने के बाद अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। सूत्रों के अनुसार ईडी की जांच वित्तीय लेन-देन और कुछ कारोबारी गतिविधियों से जुड़े मामलों को लेकर चल रही है। हालांकि आम आदमी पार्टी लगातार इस कार्रवाई को राजनीतिक दबाव की कार्रवाई बता रही है। गिरफ्तारी के बाद AAP का खुला समर्थन संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी लगातार उनके समर्थन में खड़ी नजर आई। पार्टी नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को दबाने के लिए कर रही है। अब मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल का जेल जाकर मुलाकात करना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व पूरी तरह अरोड़ा के साथ खड़ा है। पंजाब की राजनीति में अहम चेहरा संजीव अरोड़ा पंजाब की राजनीति और उद्योग जगत दोनों में सक्रिय रहे हैं। आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद उन्हें राज्यसभा भेजा गया था और बाद में पार्टी के प्रमुख चेहरों में उनकी गिनती होने लगी। पार्टी संगठन और कारोबारी वर्ग में मजबूत पकड़ रखने वाले अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद पंजाब की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई थी। विपक्ष लगातार सरकार पर निशाना साध रहा है। जेल मुलाकात पर राजनीतिक नजर राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल की यह मुलाकात सिर्फ औपचारिक नहीं बल्कि राजनीतिक संदेश देने की कोशिश भी है। निकाय चुनावों और आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों के बीच आप अपने नेताओं के समर्थन का स्पष्ट संकेत देना चाहती है। केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी नेता संजीव अरोड़ा के बीच गुरुग्राम जेल में होने वाली मुलाकात को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। रवनीत सिंह बिट्टू ने दावा किया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का गुरुग्राम जेल में आम आदमी पार्टी नेता संजय अरोड़ा से मिलने जाना केवल एक सामान्य मुलाकात नहीं, बल्कि इसके पीछे कई सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मुलाकात के तीन प्रमुख कारण हो सकते हैं। पहला, जेल में बंद व्यक्ति को यह समझाना कि ''अगर कमाया हुआ पैसा वापस जाना भी पड़े तो रोना नहीं चाहिए'', दूसरा, कथित तौर पर 'लूटे हुए धन' की जानकारी हासिल करना, और तीसरा, जेल के माहौल और व्यवस्था को समझना। रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि यह सिर्फ एक 'मीटिंग' नहीं थी, बल्कि एक तरह की 'रेकी' थी, जिससे आगे की राजनीतिक परिस्थितियों का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में कई और नाम भी सामने आ सकते हैं। अरोड़ा को 9 मई को प्रवर्तन निदेशालय ने चंडीगढ़ स्थित उनके सरकारी आवास से धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 के तहत गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें गुरुग्राम की एक विशेष अदालत ने 16 मई तक ईडी की हिरासत में भेज दिया था। अधिकारियों के अनुसार, ईडी ने 9 मई को चंडीगढ़ और दिल्ली-एनसीआर में कई स्थानों पर छापेमारी की थी, जिसमें मंत्री का सरकारी आवास भी शामिल था। यह कार्रवाई 2024 में भी हुई जांच से जुड़ी बताई जा रही है, जिसमें औद्योगिक जमीन को रिहायशी परियोजनाओं में बदलने से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप शामिल हैं। इस कार्रवाई को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया था। अब गुरुग्राम की जेल में बंद संजीव अरोरा से सीएम भगवंत मान की होने वाली मुलाकात को लेकर केंद्रीय मंत्री ने तंज कसा है और कहा है कि आने वाले दिन में किसी अन्य नेता का नंबर आ सकता है, ऐसे में सीएम मान जेल की सुविधाओं का आंकलन करने के लिए जेल जा रहे हैं।

‘हर सफर का एक अंत होता है…’ विजय शंकर ने क्रिकेट से लिया संन्यास, फैंस हुए भावुक

 नई दिल्ली स्टार ऑलराउंडर विजय शंकर ने भारतीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है. इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक लंबे और भावुक संदेश के जरिए उन्होंने अपने क्रिकेट सफर को याद किया. विजय शंकर ने अपने पोस्ट में लिखा कि क्रिकेट उनके लिए सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि पूरी जिंदगी रहा है. 10 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू करने वाले विजय ने 25 साल लंबे सफर के बाद अब नए अवसरों की ओर बढ़ने का फैसला किया है।  35 साल के विजय शंकर ने लिखा, 'देश के लिए खेलना मेरे जीवन के सबसे गर्व और खुशी भरे पलों में से एक रहेगा. मैंने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) से संन्यास लेने का फैसला किया है, ताकि नए अवसरों की तलाश कर सकूं और आगे भी क्रिकेट से जुड़ा रहूं.' 2019 में भारत की वनडे वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा रहे विजय शंकर ने अपने करियर के खास पलों को भी याद किया. उन्होंने नागपुर में भारत के 500वें वनडे मैच में गेंदबाजी करने और वर्ल्ड कप में पहली ही गेंद पर विकेट लेने को अपने जीवन की सबसे यादगार उपलब्धियों में शामिल बताया।  अपने भावुक संदेश में विजय शंकर ने बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड), भारतीय टीम, तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (TCA), त्रिपुरा टीम के साथ-साथ आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) फ्रेंचाइजीज गुजरात टाइटन्स (GT), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH), चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) का धन्यवाद किया. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि क्रिकेट करियर के दौरान उन्हें आलोचना, ट्रोलिंग और काफी नफरत का सामना करना पड़ा. हालांकि उन्होंने हर मुश्किल का सामना सकारात्मक सोच के साथ किया।  विजय शंकर का दर्द छलक पड़ा विजय शंकर ने लिखा, 'मैंने बहुत ज्यादा नफरत और निगेटिविटी देखी है, लेकिन मैंने उसे नजरअंदाज कर आगे बढ़ने का रास्ता चुना. अगर मैं ऐसा कर सकता हूं तो कोई भी कर सकता है. क्रिकेट ने मुझे जिंदगी जीना सिखाया है. क्रिकेट ही मेरी जिंदगी है.' उन्होंने अपने कोच, सपोर्ट स्टाफ, फिजियो, ट्रेनर, मीडिया, दोस्तों और परिवार का भी खास धन्यवाद किया।  विजय शंकर ने कहा कि उनके करीबी लोग हर मुश्किल समय में उनके साथ खड़े रहे. अपने संदेश के आखिर में विजय शंकर ने लिखा, 'मैं हमेशा क्रिकेट का आभारी रहूंगा. क्रिकेट ने मुझे पहचान दी, जिंदगी दी और सबकुछ सिखाया।  35 साल के विजय शंकर ने भारतीय टीम के 12 ओडीआई और 9 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले. वनडे इंटरनेशनल में विजय ने 223 रन बनाए और 4 विकेट झटके. वहीं टी20 इंटरनेशनल में उनके नाम पर 43 रन और पांच विकेट दर्ज हैं. विजय ने आईपीएल में कुल 78 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 1233 रन बनाए और 9 विकेट चटकाए। 

पेट्रोल-डीजल कीमतों ने बढ़ाई टेंशन, पंजाब में तीसरी बार बढ़े दाम

लुधियाना. पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। तेल कंपनियों की ओर से नौ दिनों के भीतर तीसरी बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। लगातार हो रही इस बढ़ोतरी का असर अब सीधे तौर पर आम आदमी की जेब पर दिखाई देने लगा है। निजी वाहन चलाने वालों से लेकर ऑटो, टैक्सी और ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोगों तक सभी पर इसका अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। शुक्रवार को जारी नई दरों के अनुसार पेट्रोल की कीमत 102.16 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 103.01 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। वहीं डीजल का रेट 91.93 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 92.83 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। इससे पहले 15 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब तीन रुपये प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद 19 मई को 86 पैसे प्रति लीटर और अब 23 मई को फिर करीब 85 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। घरेलू बजट प्रभावित होने लगा लगातार बढ़ रही कीमतों से लोगों का घरेलू बजट प्रभावित होने लगा है। रोजाना निजी वाहन से काम पर जाने वाले लोगों को अब पहले की तुलना में अधिक खर्च करना पड़ रहा है। वहीं ऑटो और टैक्सी चालकों का कहना है कि ईंधन महंगा होने से उनकी आमदनी पर असर पड़ रहा है। कई चालकों का कहना है कि किराया बढ़ाए बिना खर्च निकालना मुश्किल होता जा रहा है। ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोगों ने भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि डीजल की कीमत बढ़ने से माल ढुलाई की लागत बढ़ेगी। इसका असर आने वाले दिनों में बाजार में बिकने वाली रोजमर्रा की वस्तुओं पर भी दिखाई दे सकता है। उद्योगों को कच्चा माल और तैयार सामान पहुंचाने में अतिरिक्त खर्च आएगा, जिसका असर आम उपभोक्ताओं तक पहुंचेगा। ग्राहकों की बढ़ी चिंता कुबेर पेट्रो के राजू शर्मा ने बताया कि तेल कंपनियों की ओर से जारी नई दरों को तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि लगातार तीसरी बार हुई बढ़ोतरी से ग्राहकों में चिंता बढ़ी है। पेट्रोल पंपों पर आने वाले लोग लगातार दाम बढ़ने को लेकर सवाल कर रहे हैं और इसे आम जनता पर अतिरिक्त बोझ बता रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में भी ईंधन की कीमतों में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही तो महंगाई और बढ़ सकती है। परिवहन खर्च बढ़ने से खाद्य सामग्री, निर्माण सामग्री और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों पर भी असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

घर के मुख्य द्वार की चरमराहट भी हो सकती है वास्तु दोष, जानें कारण और उपाय

वास्तु शास्त्र में घर के मुख्य द्वार (Main Door) को बेहद महत्वपूर्ण माना गया है.  यह केवल हमारे घर में आने-जाने का रास्ता नहीं है, बल्कि सुख, समृद्धि, सकारात्मक ऊर्जा और मां लक्ष्मी का प्रवेश द्वार भी है.  लेकिन क्या आपने कभी गौर किया है कि आपके घर का मुख्य दरवाजा खुलते या बंद होते समय अजीब सी चरमराने या चर-चर की आवाज करता है? यदि हां, तो इसे केवल एक तकनीकी समस्या या कब्जों (hinges) का सूखापन समझकर नजरअंदाज न करें.  वास्तु विज्ञान के अनुसार, मुख्य दरवाजे से आने वाली यह कर्कश आवाज एक गंभीर वास्तु दोष है, जो आपकी तरक्की की राह में रोड़ा अटका सकती है.  आइए जानते हैं इसके पीछे का वास्तु कनेक्शन और इसे दूर करने के बेहद आसान उपाय. दरवाजे से आने वाली आवाज का वास्तु कनेक्शन वास्तु शास्त्र के अनुसार, मुख्य द्वार से आने वाली कोई भी कर्कश या तीखी आवाज घर में नकारात्मक ऊर्जा (Negative Energy) के प्रवेश का संकेत देती है.  इसके कई गंभीर परिणाम हो सकते हैं: राहु दोष की दस्तक: दरवाजे से आने वाली कर्कश आवाज कुंडली में राहु-केतु के अशुभ प्रभाव को बढ़ाती है. इससे घर में अचानक कोई दुर्घटना होने की आशंका रहती है या कानूनी खर्चे बढ़ सकते हैं. धन की हानि (कंगाली का संकेत): माना जाता है कि जिस घर का मुख्य दरवाजा आवाज करता है, वहां पैसा आता तो है पर पानी की तरह बह जाता है.  बरकत रुक जाती है और यह दोष धीरे-धीरे घर में दरिद्रता लाने का कारण बनता है. मानसिक तनाव और गृह क्लेश: सुबह-शाम दरवाजे की यह आवाज सीधे हमारे अवचेतन मन पर बुरा असर डालती है.  इससे घर के सदस्यों के स्वभाव में चिड़चिड़ापन आता है, जिससे बिना बात के आपसी झगड़े और मानसिक तनाव का माहौल बना रहता है. तुरंत करें ये अचूक वास्तु उपाय अगर आपके घर के दरवाजे से भी ऐसी आवाज आती है, तो सबसे पहले उसमें तेल या मोबिल ऑयल डालकर उसकी आवाज को तुरंत ठीक करें.  इसके बाद नीचे दिए गए वास्तु उपाय अपनाएं: 1. हल्दी का छिड़काव और स्वस्तिक निर्माण आवाज ठीक करने के बाद दरवाजे की चौखट को साफ पानी से पोंछ लें. इसके बाद गंगाजल या साफ पानी में थोड़ी सी हल्दी मिलाकर चौखट पर छिड़कें.  हल्दी भगवान विष्णु और समृद्धि का प्रतीक है.  इसके साथ ही मुख्य द्वार पर कुमकुम या हल्दी से स्वस्तिक का चिन्ह बनाएं, इससे कोई भी नकारात्मक ऊर्जा घर में प्रवेश नहीं कर पाती. 2. देहरी (चौखट) का महत्व और चांदी का तार घर की मुख्य देहरी को हर दिन साफ रखें.  वास्तु के अनुसार, अगर संभव हो तो मुख्य द्वार की देहरी (threshold) के नीचे चांदी का एक छोटा सा सीधा तार दबा दें. चांदी शीतलता और समृद्धि का प्रतीक है, जो घर की सकारात्मक ऊर्जा को बाहर जाने से रोकती है और राहु के दोष को शांत करती है. 3. संध्या दीपक (चौमुखी दीया) शाम के समय (सूर्यास्त के दौरान) मुख्य द्वार के दाहिनी (Right) ओर घी या तिल के तेल का दीपक जरूर जलाएं. यदि संभव हो तो चौमुखी (चार मुख वाला) दीपक जलाएं. यह प्रकाश शुभ माना जाता है. इन बातों का भी रखें विशेष ध्यान नेमप्लेट का सही चुनाव: मुख्य द्वार पर हमेशा साफ, सुंदर अक्षरों वाली नेमप्लेट लगाएं.  लकड़ी या तांबे (Copper) की नेमप्लेट सबसे शुभ मानी जाती है. यह परिवार के यश और कीर्ति को बढ़ाती है. दरवाजे के खुलने की दिशा: वास्तु के अनुसार, घर का मुख्य दरवाजा हमेशा अंदर की तरफ और घड़ी की सुई की दिशा में (Clockwise) खुलना चाहिए. बाहर की तरफ खुलने वाला दरवाजा खुशियों को बाहर धकेलता है. जूते-चप्पलों का ढेर हटाएँ: जूते-चप्पलों का ढेर या टूटा-फूटा सामान कभी भी मुख्य द्वार के ठीक सामने या पीछे न रखें. यह सीधे तौर पर देवी लक्ष्मी के रास्ते में रुकावट लाता है और राहु-केतु के कुप्रभाव को बढ़ाता है. तोरण लगाएं: मुख्य द्वार पर ताजे आम या अशोक के पत्तों का तोरण (बंदनवार) लगाना बेहद शुभ होता है.  यह घर में आने वाली हर नकारात्मक ऊर्जा को सकारात्मकता में बदल देता है.

सेना में भर्ती का इंतजार खत्म, परीक्षा तिथि जारी; पांच शहरों में होगी परीक्षा

मोहला/रायपुर. भारतीय सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। भर्ती वर्ष 2027 के लिए आयोजित होने वाली ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE) की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। यह परीक्षा 1 जून से 12 जून 2026 के बीच दो चरणों में आयोजित होगी। छत्तीसगढ़ में इसके लिए 5 शहरों में 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। एडमिट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है और अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। भारतीय सेना की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE) दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला चरण 1 जून से 5 जून तक और दूसरा चरण 8 जून से 12 जून तक चलेगा। परीक्षा प्रतिदिन 3 से 4 शिफ्टों में आयोजित होगी, ताकि सभी अभ्यर्थियों को सुविधा मिल सके। छत्तीसगढ़ के 5 शहरों में बनाए गए 10 परीक्षा केंद्र छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थियों के लिए राहत की बात यह है कि राज्य के पांच प्रमुख शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें भिलाई, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर शामिल हैं। इन शहरों में कुल 10 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया शुरू पंजीकृत अभ्यर्थी 'भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट (https://joinindianarmy.nic.in/)' पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे प्रवेश पत्र पर दिए गए सभी दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी: भारतीय सेना भारतीय सेना ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित होगी। किसी भी प्रकार की सिफारिश या बिचौलियों की मदद से नौकरी दिलाने का दावा करने वालों से सावधान रहने की सलाह दी गई है। सहायता के लिए सेना भर्ती कार्यालय से करें संपर्क यदि किसी अभ्यर्थी को परीक्षा, एडमिट कार्ड या भर्ती प्रक्रिया से संबंधित कोई समस्या होती है, तो वे नया रायपुर स्थित सेना भर्ती कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। यह कार्यालय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास स्थित है। सहायता के लिए कार्यदिवस में दूरभाष नंबर 0771-2965212 और 0771-2965214 उपलब्ध हैं। युवाओं में उत्साह, तैयारियां तेज परीक्षा तिथियों की घोषणा के बाद राज्यभर के युवाओं में उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अब अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।

RCB vs SRH: मैदान से सोशल मीडिया तक पहुंची विराट कोहली और ट्रेविस हेड की भिड़ंत

हैदराबाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच शु्क्रवार (22 मई) को खेले गए धमाकेदार IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) मुकाबले के बाद अब मैदान की लड़ाई सोशल मीडिया तक पहुंच गई है. विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच हुई ऑनफील्ड तकरार अभी शांत भी नहीं हुई थी कि ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज का एक इंस्टाग्राम पोस्ट इंटरनेट पर आग की तरह वायरल हो गया. मैच खत्म होने के कुछ देर बाद ट्रेविस हेड ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर तस्वीर शेयर की. यह तस्वीर गेंदबाजी के दौरान की है. तस्वीर के नीचे लिखा था, 'शरीर को असमंजस में रहने दो.' बस फिर क्या था… सोशल मीडिया पर फैन्स ने इस पोस्ट को सीधे विराट कोहली विवाद से जोड़ना शुरू कर दिया. कई यूजर्स का मानना है कि यह पोस्ट कहीं ना कहीं विराट कोहली के साथ हुई बहस का जवाब था. ट्रेविस हेड का रहस्यमयी पोस्ट हालांकि असल में यह एक फिटनेस और जिम से जुड़ा टर्म है, जिसका मतलब होता है शरीर को लगातार नई चुनौतियां देना, ताकि वह एक ही रूटीन का आदी ना बन जाए. लेकिन जिस तरह मैच में हेड ने गेंदबाजी की और विकेट भी लिया, उसके बाद यह पोस्ट चर्चा का बड़ा विषय बन गया. दिलचस्प बात यह रही कि ट्रेविस हेड आमतौर पर गेंदबाजी नहीं करते, लेकिन आरसीबी के खिलाफ उन्होंने गेंद हाथ में ली और आते ही असर भी दिखाया. हेड ने आरसीबी कप्तान रजत पाटीदार का विकेट झटका और फैन्स को चौंका दिया. मैच के दौरान विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच कई बार तीखी बातचीत देखने को मिली थी. जब आरसीबी रनचेज कर रही थी, तब कोहली बार-बार हेड की तरफ देखकर उन्हें गेंदबाजी करने के लिए उकसाते नजर आए. कमेंटेटर्स के मुताबिक कोहली मजाकिया लेकिन आक्रामक अंदाज में कह रहे थे, 'आओ, कुछ गेंदें डालो.' ट्रेविस हेड ने बाद में विराट को जवाब देते हुए कहा, 'तुम तो आउट हो गए, इससे पहले कि मैं गेंदबाजी करने आता. हालांकि असली बवाल मैच खत्म होने के बाद मचा. कोहली ने ट्रेविस हेड से हाथ तक नहीं मिलाया. कोहली ने एसआरएच के कप्तान पैट कमिंस समेत बाकी खिलाड़ियों से हाथ मिलाया, लेकिन हेड के साथ उनका कोई इंटरैक्शन नजर नहीं आया. इस पूरे घटनाक्रम ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी. कुछ फैन्स ने विराट कोहली के एग्रेशन को नापसंद किया, जबकि कुछ का मानना था कि मैच खत्म होने के बाद मामला वहीं खत्म हो जाना चाहिए था. पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, 'मैदान पर गर्म माहौल में ऐसी बातें हो सकती हैं, लेकिन मैच के बाद जो हुआ, वह नहीं होना चाहिए था.'

प्रचंड धूप और लू से तप रहा उत्तर प्रदेश, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

लखनऊ यूपी में प्रचंड धूप, गर्म हवाओं ने शुक्रवार को भी 25 शहरों को झुलसाया। बांदा 46.4 और प्रयागराज 46.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहे। मौसम विभाग ने चार जिलों के लिए रेड, 18 के लिए ऑरेन्ज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और लू चलने की चेतावनी जारी की है। क्या है वजह मध्य भारत में प्रति चक्रवात, शुष्क पछुआ से समूचा प्रदेश तप रहा है। कहां असर चार जिलों के लिए लू का रेड, 18 में ऑरेन्ज अलर्ट। तापमान अधिकतम 42.4 डिग्री, न्यूनतम सामान्य से 3.3 डिग्री 28.8 डिग्री यहां रेड अलर्ट बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी और प्रयागराज। आगे क्या: दो दिन बाद पछुआ और बढ़ाएगी तपिश मौसम विभाग के अनुसार हवा के ऊपरी क्षोभमंडल में पुरवा ने जोर पकड़ लिया है। इससे हवा में नमी बढ़ गई, जिसके कारण ज्यादातर शहरों के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री तक की कमी आई है। मौसम मुख्यालय के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि यह राहत 48 घंटे की है, इसके बाद फिर गर्म पछुआ जोर पकड़ेगी और तपिश चढ़ेगी। आसमान से बरसती आग को कम नहीं कर सका एक डिग्री गिरा पारा भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार को पश्चिम यूपी में दिन के तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट भी राहत नहीं दे सकी। दिनभर चिलचिलाती धूप और लू के बीच वेस्ट यूपी में प्रचंड गर्मी का प्रकोप जारी रहा। अब तक दिन में जारी भीषण गर्मी का असर अब रात को भी होने लगा है। मेरठ में शुक्रवार को न्यूनतम मापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो इस सीजन का सर्वाधिक है। गुरुवार की रात मेरठ में सीजन की सबसे गर्म रही। आने वाले 24-48 घंटे में दिन-रात के तामपान में और बढ़ोतरी के आसार हैं। रात में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। मेरठ में अभी नियंत्रण में वेट 24 मई को राहत की आस निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर के अनुसार 24 मई के आसपास दिल्ली और वेस्ट यूपी के कुछ हिस्सों में आंधी एवं हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। इससे तापमान में कुछ समय के लिए गिरावट हो सकती है, लेकिन भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद कम है। वेट बल्ब तापमान सामान्य भीषण गर्मी के बीच मेरठ में राहत की बात सिर्फ इतनी है कि यहां अभी वेट बल्ब तापमान सामान्य सीमा में है। वेट बल्ब तापमान हवा के तापमान और उसकी आर्द्रता यानी नमी का संयुक्त माप है जो बताता है कि पसीना आने पर शरीर स्वयं को कितना ठंडा रख सकता है। थर्मामीटर पर गीला कपड़ा लपेटकर मापा जाता है। जब गर्म हवा में नमी अधिक होती है तो पसीना वाष्पीकृत नहीं हो पाता और शरीर का प्राकृतिक कूलिंग सिस्टम काम करना बंद कर देता है। ऐसे में हमें सामान्य से कहीं अधिक भीषण गर्मी का अहसास होता है। वैज्ञानिक स्थिति में 35 डिग्री सेल्सियस का वेट बल्ब तापमान मानव शरीर के लिए अधिकतम सीमा है। वेट बल्ब तापमान ऊपर चला जाता है तो पसीना वाष्पीकृत होना पूरी तरह बंद हो जाता है और मौत तक हो सकती है। शुक्रवार को मेरठ में वेट बल्ब तापमान 27.01 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो अभी सहनीय श्रेणी में है। 25-30 डिग्री का वेट बल्ब तापमान असहज की स्थिति पैदा करता है 30-31 डिग्री सेल्सियस उच्च जोखिम स्तर लाता है। 31-35 डिग्री सेल्सियस अत्यधिक जोखिम श्रेणी है।

तपती दिल्ली पर मेहरबान हुआ मौसम! तेज बारिश और ठंडी हवाओं से गिरा तापमान

  नई दिल्ली दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है. तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में बारिश हो रही है. नई दिल्ली में भी जोरदार बारिश देखने को मिली है. मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है और भयानक गर्मी से राहत महसूस की जा रही है।  मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-NCR में लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद संवहन विकसित हुआ है. इसके चलते संतुलन बनने तक कुछ समय के लिए गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज झोंकेदार हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. दिल्ली में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।  येलो अलर्ट जारी भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. आंधी-तूफान के दौरान हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. बता दें, दिल्ली के कई इलाकों में तेज बारिश का अलर्ट जारी है. जबकि नई दिल्ली में भी जोरदार बारिश शुरू हो गई है।  मुंबई में भी मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3 घंटों के दौरान मुंबई, रायगढ़ और रत्नागिरी में हल्की बारिश की संभावना है।  रविवार को मौसम कैसा रहेगा? भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 24 मई रविवार को दिल्ली में आसमान ज्यादातर साफ रहने की संभावना है. कुछ इलाकों में लू चल सकती है. दिन के दौरान सतह पर लगातार तेज हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।  दिल्ली में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. वहीं, अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा, जबकि दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहने की संभावना जताई गई है। 

बुध गोचर 2026: मिथुन राशि में प्रवेश से बदलेगा इन 4 राशियों का भाग्य

 ज्योतिष शास्त्र में बुध ग्रह को बुद्धि, तर्क, संवाद, चातुर्य और व्यापार का कारक माना जाता है. कुंडली में बुध की स्थिति मजबूत होने से व्यक्ति की निर्णय लेने की क्षमता बेहतरीन होती है और वह बिजनेस व करियर में बड़ी सफलता हासिल करता है. साल 2026 के मई महीने के अंत में बुध देव एक बेहद महत्वपूर्ण गोचर करने जा रहे हैं. 29 मई 2026 को बुध ग्रह वृषभ राशि से निकलकर अपनी स्वयं की राशि मिथुन में प्रवेश करेंगे. अपनी ही राशि में बुध का आना ज्योतिषीय दृष्टिकोण से बेहद शक्तिशाली और शुभ माना जाता है. स्वराशि में होने के कारण बुध देव यहां पूर्ण रूप से सकारात्मक फल देने के लिए बाध्य होते हैं. इस गोचर का प्रभाव सभी 12 राशियों पर पड़ेगा, लेकिन 4 राशियां ऐसी हैं जिन्हें इस दौरान करियर, आर्थिक स्थिति और मान-सम्मान में जबरदस्त लाभ मिलने वाला है. आइए जानते हैं कि 29 मई से किन भाग्यशाली राशियों का समय बदलने जा रहा है. 1. मिथुन राशि (Gemini): व्यक्तित्व में निखार और नए अवसर बुध देव आपकी ही राशि के स्वामी हैं और यह गोचर आपकी राशि के प्रथम भाव (लग्न भाव) में होने जा रहा है. इस अवधि में आपकी सोचने और समझने की शक्ति बहुत तेज होगी. आप जो भी फैसले लेंगे, वे भविष्य में आपको बड़ा लाभ पहुंचाएंगे. आपकी वाणी में आकर्षण बढ़ेगा, जिससे आप कार्यस्थल पर या बिजनेस मीटिंग्स में लोगों को आसानी से प्रभावित कर सकेंगे. यदि आप पार्टनरशिप में बिजनेस करते हैं या नया काम शुरू करना चाहते हैं, तो 29 मई के बाद का समय अत्यंत अनुकूल है. 2. कन्या राशि (Virgo): करियर में बड़ी सफलता और पदोन्नति कन्या राशि के स्वामी भी बुध ग्रह ही हैं. बुध का यह गोचर आपकी राशि से दशम भाव (कर्म और करियर भाव) में होने जा रहा है. कार्यस्थल पर आपकी मेहनत को पहचान मिलेगी. आपके सीनियर्स आपकी कार्यशैली से प्रभावित होंगे, जिससे इंक्रीमेंट या प्रमोशन के रास्ते खुलेंगे. जो लोग लंबे समय से एक अच्छी नौकरी की तलाश में भटक रहे थे, उन्हें इस दौरान मनमुताबिक ऑफर मिल सकता है. इस अवधि में आपको पिता या पैतृक संपत्ति से कोई बड़ा आर्थिक लाभ होने की संभावना रहेगी. 3. तुला राशि (Libra): भाग्य का भरपूर साथ और यात्राएं तुला राशि के जातकों के लिए बुध का यह गोचर उनके नवम भाव में होने जा रहा है. पिछले काफी समय से आपके जो काम सरकारी बाधाओं या पैसों की कमी के कारण रुके हुए थे, वे अब तेजी से पूरे होने लगेंगे. भाग्य का साथ मिलने से आपको अचानक धन लाभ हो सकता है. लॉटरी, शेयर मार्केट या किसी पुराने निवेश से अच्छा रिटर्न मिलने के योग हैं. शिक्षा या नौकरी के सिलसिले में विदेश जाने की चाह रखने वाले जातकों को इस दौरान कोई शुभ समाचार मिल सकता है. 4. कुंभ राशि (Aquarius): शिक्षा में उन्नति और आकस्मिक धन कुंभ राशि के जातकों के लिए बुध देव का गोचर उनके पंचम भाव (शिक्षा, बुद्धि और संतान भाव) में होने जा रहा है. यदि आप किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, तो यह गोचर आपके लिए वरदान साबित हो सकता है. एकाग्रता बढ़ेगी और परिणाम आपके पक्ष में आएंगे. आपकी बुद्धि और रणनीतियों के बल पर आप कमाई के नए जरिए ढूंढने में सफल रहेंगे, जिससे आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी. संतान की ओर से कोई बड़ी और अच्छी खबर मिल सकती है, जिससे परिवार का माहौल खुशनुमा हो जाएगा. बुध देव की कृपा पाने के सरल उपाय 29 मई से शुरू हो रहे इस गोचर का अधिकतम लाभ उठाने के लिए जातकों को नियमित रूप से भगवान गणेश की आराधना करनी चाहिए. बुधवार के दिन गणपति जी को दूर्वा (घास) अर्पित करें और 'ऊं बुं बुधाय नमः' मंत्र का जाप करें. इसके अलावा, अपनी बहन या बुआ को कोई हरा उपहार देना भी आपके भाग्य को मजबूत करेगा.

शिक्षा मंत्री पहुंचे जेआरडी मल्टीपरपस स्कूल, ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण का लिया फैसला

दुर्ग. गांधी चौक स्थित शहर के सबसे पुराने एवं ऐतिहासिक जेआरडी मल्टीपरपस स्कूल के संरक्षण और शैक्षणिक उन्नयन को लेकर प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने विगत दिनों शिक्षा विभाग एवं आरईएस के अधिकारियों के साथ विद्यालय परिसर का निरीक्षण किये। देश की आजादी से पूर्व स्थापित विद्यालय से दुर्ग शहर की कई पीढ़ियों की भावनात्मक स्मृतियाँ जुड़ी हैं। वर्षों से यह विद्यालय न केवल शिक्षा का प्रमुख केंद्र रहा है, बल्कि शहर की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों का भी महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन की वर्तमान स्थिति, आवश्यक मरम्मत, संरचनात्मक मजबूती तथा उसके मूल स्वरूप एवं ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के विषय में शिक्षक और इंजिनियरों से विस्तृत चर्चा की गई। निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि जेआरडी स्कूल केवल एक शैक्षणिक संस्था नहीं, बल्कि दुर्ग शहर की विरासत और पहचान है। इस विद्यालय से हजारों विद्यार्थियों ने शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। यहां से पढ़कर निकले विद्यार्थी आज देश-प्रदेश के अनेक महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। खेल, साहित्य, पत्रकारिता, कला, पुलिस, सेना, राजनीति एवं प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में इस विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों ने दुर्ग का नाम गौरवान्वित किया है। स्वयं शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव भी इसी विद्यालय के विद्यार्थी रहे हैं, जिसके कारण इस संस्था से उनका विशेष भावनात्मक जुड़ाव है। सुपर 30 क्लास की योजना जेआरडी स्कूल में सुपर-30 योजना प्रारंभ करने की दिशा में भी पहल की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत नीट एवं जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को विशेष कोचिंग, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन एवं अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य दुर्ग एवं आसपास के विद्यार्थियों को बड़े शहरों जैसी गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है, ताकि ग्रामीण एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों को भी बेहतर अवसर मिल सकें।