samacharsecretary.com

‘द लास्ट टैंगो’ में मेसी का जलवा, गोल के साथ अर्जेंटीना को जीत दिलाई; विदाई पर छलके आंसू

नई दिल्‍ली  लियोनेल मेसी ने अर्जेंटीना से उसी तरह की विदाई ली, जैसी दर्शकों को उम्‍मीद थी। 39 साल के सुपरस्‍टार ने अपना 126वां अंतरराष्‍ट्रीय गोल दागा और अर्जेंटीना को बेनिन पर दोस्‍ताना मैच में 3-0 से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इसी के साथ ब्‍यूनस एयर्स के मोन्‍यूमेंटल स्‍टेडियम में करीब 85,000 फैंस के बीच मेसी के 21 साल के अंतरराष्‍ट्रीय करियर का भावुक अंत हुआ। मेसी ने अर्जेंटीना के लिए अपना रिकॉर्ड 208वां मैच खेला। उन्‍होंने निकोलस ओटामेंडी और निको पाज को गोल करने में सहायक की अहम भूमिका निभाई। फिर 71वें मिनट में पेनल्‍टी के जरिये मेसी ने अपना गोल दागा। मेसी के लिए आंसू रोकना हुआ मुश्किल से, अर्जेंटीनी फैंस के लिए इस मैच का नतीजा कोई मायने नहीं रखता था। उनके लिए यह मौका बड़ी चीज थी। कारण बहुत साधारण था- मेसी की विदाई। इस मैच का प्रमोशन 'द लास्‍ट टैंगो' करके किया गया, जिससे अर्जेंटीनी प्रशंसकों को एक आखिरी मौका मिला कि महानतम फुटबॉलर्स में से एक को खेलते देखने का जश्‍न मना सके। मैच शुरू होने से पहले ही भावुकता अपने चरम पर थी। जब अर्जेंटीना की टीम बस लोगों से भरी सड़कों के बीच से स्‍टेडिम की तरफ जा रही थी, तो यह देखकर मेसी का अपने आंसूओं पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। बाद में मेसी मैदान पर अपनी पत्‍नी एंटोनेला रोकूजो, मां सेलिया कूकीटिनी और तीन बच्‍चों के साथ आए। सभी ने दर्शकों का अभिवादन स्‍वीकार किया। दर्शकों का भरपूरा प्‍यार मिला मैच से पहले एक विशाल अर्जेंटीना की जर्सी मैदान पर रखी गई, जिसमें लिखा था ग्रासियस (धन्‍यवाद) और मेसी का मशहूर नंबर-10। दर्शकों ने भी अपने चहेते सुपरस्‍टार को खूब प्‍यार दिया। ब्‍यूनस एयर्स में आसमान में एक ड्रोन ने लियोनेल मेसी की तस्‍वीर दिखाई, जिससे आठ बार के बैलन डी ओर विजेता के करियर को सेलिब्रेट किया गया।

पंजाब किंग्स में मची हलचल, साईराज बहुतुले के बाद हेडिन और होप्स ने भी छोड़ी टीम

चंडीगढ़  IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2027 से पहले प्रीति जिंटा की सहमालिकाना हक वाली पंजाब किंग्स (PBKS) में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. स्पिन बॉलिंग कोच साईराज बहुतुले के बाद अब फील्डिंग कोच ब्रैड हेडिन और तेज गेंदबाजी कोच जेम्स होप्स ने भी फ्रेंचाइजी का साथ छोड़ दिया है. तीनों के जाने के बाद पंजाब किंग्स में एक साथ तीन अहम पद खाली हो गए हैं।  क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक ब्रैड हेडिन और जेम्स होप्स ने हाल ही में पंजाब किंग्स मैनेजमेंट को अपने फैसले की जानकारी दी. दोनों के बिग बैश लीग (BBL) में नई भूमिका से जुड़ने की संभावना है. फ्रेंचाइजी ने अब इन दोनों के साथ-साथ बहुतुले की जगह भी नए कोच की तलाश शुरू कर दी है।  पोंटिंग के खास माने जाते हैं हेडिन-होप्स ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर ब्रैड हेडिन पंजाब किंग्स के फील्डिंग कोच थे, जबकि पूर्व ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जेम्स होप्स टीम के बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. होप्स और हेडिन का रिकी पोंटिंग के साथ पुराना जुड़ाव रहा है. दोनों पोटिंग की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया के लिए खेल चुके है. होप्स तो पोंटिंग के साथ दिल्ली कैपिटल्स (DC) से पंजाब किंग्स में आए थे और पिछले कुछ समय से उनके सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा थे. वहीं, हेडिन पिछली मैनेजमेंट टीम से पंजाब किंग्स के साथ बने हुए थे. वह ट्रेवर बेलिस के कार्यकाल के दौरान भी टीम के सपोर्ट स्टाफ में शामिल थे।  इससे पहले साईराज बहुतुले ने आईपीएल 2026 सीजन खत्म होने के तुरंत बाद पंजाब किंग्स से इस्तीफा दे दिया था. वह अब भारतीय टीम के साथ स्पिन बॉलिंग कोच के तौर पर काम कर रहे हैं. बहुतुले पंजाब किंग्स में सुनील जोशी की जगह आए थे. जोशी के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में स्पिन बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी संभालने के बाद बहुतुले को फ्रेंचाइजी में शामिल किया गया था. अब बहुतुले, हेडिन और होप्स के जाने के बाद पोंटिंग को अपनी सपोर्ट टीम का ढांचा नए सिरे से तैयार करना होगा।  पंजाब किंग्स मैनेजमेंट नए उम्मीदवारों की तलाश में जुट गया है. हालांकि, अंतिम फैसला पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ही करेंगे. फ्रेंचाइजी कुछ नाम सुझा सकती है, लेकिन संभावित उम्मीदवारों से बातचीत और इंटरव्यू के बाद नियुक्ति का फैसला पोंटिंग की सहमति से होगा. माना जा रहा है कि फ्रेंचाइजी आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी से पहले तीनों खाली पदों को भरना चाहती है, ताकि अगले सीजन की तैयारियां पूरी कोचिंग टीम के साथ शुरू की जा सकें। पंजाब किंग्स के सपोर्ट स्टाफ में यह बदलाव ऐसे समय आया है, जब आईपीएल 2027 की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. नीलामी से पहले नए कोचों की नियुक्ति करना पोंटिंग के लिए अहम होगा, क्योंकि उन्हें नए स्टाफ के साथ टीम की रणनीति, खिलाड़ियों की तैयारी और अगले सीजन की योजनाओं पर काम करना है। 

श्रेयस अय्यर ने T20I रैंकिंग में मचाया धमाल, 18 स्थान ऊपर पहुंचे; पाकिस्तानी बल्लेबाज से छिना नंबर-1 ताज

नई दिल्ली इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को पुरुष खिलाड़ियों की ताजा टी20 और वनडे रैंकिंग जारी की है। भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने जबर्दस्त छलांग लगाई है। वह टी20 बल्लेबाजों की लिस्ट में 18 स्थान चढ़कर सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं, जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। उनके खाते में फिलहाल 786 रेटिंग अंक हैं। 31 वर्षीय अय्यर ने T20I में पहली बार टॉप 10 रैंकिंग में एंट्री की है। उन्होंने मंगलवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 में तूफानी शतक जमाया। अय्यर ने लखनऊ के मैदान पर 43 गेंदों में नाबाद 102 रन बनाए, जिसमें दस चौके और छह सिक्स शामिल हैं। यह उनके टी20 इंटरनेशनल करियर का पहला शतक था। टॉप 10 बल्लेबाजों में अब चार भारतीय हैं। ईशान किशन (902) पहले स्थान पर काबिज हैं। अभिषेक शर्मा (887) दूसरे जबकि तिलक वर्मा (719) दसवें पायदान पर मौजूद हैं। पाकिस्तानी से छिना नंबर-1 का ताज वेस्टइंडीज के बल्लेबाज शेरफेन रदरफोर्ड लखनऊ में फिफ्टी जड़ने के बाद 10 पायदान चढ़कर 37वें नंबर पर पहुंचने गए हैं। वहीं, T20I बॉलर्स की रैंकिंग में टॉप पर बड़ा बदलाव हुआ है। पाकिस्तान के स्पिनर अबराह अहमद (718) से नंबर-1 टी20 गेंदबाज का ताज छिन गया है। उनकी जगह अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान (720) टॉप पर पहुंच गए हैं। टॉप 10 बॉलर्स में तीन नई एंट्री हुई हैं। भारत के स्पिनर अक्षर पटेल 16 स्थान ऊपर सातवें नंबर पर आ गए। उनके 664 अंक हैं। अक्षर ने लखनऊ मैच में 26 रन देकर दो विकेट चटकाए। बांग्लादेश के नसुम अहमद (तीन स्थान ऊपर आठवें पर) और महेदी हसन (10 स्थान ऊपर नौवें पर) को भी फायदा हुआ है। सुपरस्टार कोहली का हुआ नुकसान सुपरस्टार क्रिकेटर विराट कोहली (781) को वनडे बल्लेबाजों की सूची में एक स्थान का नुकसान उठाना पड़ा है। वह तीसरे स्थान पर खिस गए हैं। उनके 15 रेटिंग अंक घट गए हैं। न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल (794) दूसरे पर आ गए। कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में शतक मारा था लेकिन दूसरे मुकाबले में 29 रन बनाए और तीसरे में शून्य पर लौटे। कप्तान शुभमन गिल 841 अंकों के साथ नंबर-1 वनडे बल्लेबाज हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज सीरीज में एक दोहरा शतक और एक सेंचुरी लगाई। वह तीसरे मैच में सिर्फ एक रन बना पाए। गिल को 25 अंकों का लाभ मिला है। रोहित शर्मा (770) चौथे नंबर पर हैं। उन्हें 17 अंकों का फायदा हुआ है। रोहित ने दूसरे वनडे में शतक ठोका जबकि तीसरे में 8 रन से सेंचुरी से चूक गए। केएल राहुल ने टॉप 10 में मारी एंट्री भारत के विकेटकीपर केएल राहुल वनडे बल्लेबाजों की अपडेटेड लिस्ट में टॉप 10 में शामिल हो गए हैं। वह तीसरे वनडे में सेंचुरी लगाकर सात पायदान ऊपर चढ़े और संयुक्त रूप से 10वें स्थान पर आ गए। उनके 653 अंक हैं। आयरलैंड के हैरी टेक्टर के खाते में भी इतने ही अंक हैं। वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप आखिरी मैच में 162 रन की पारी के बाद दो पायदान ऊपर छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। वेस्टइंडीज के आमिर जंगू टॉप 100 से बाहर थे जो अब लिस्ट में 55वें स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने एक शतक और दो अर्धशतक लगाए। वेस्टइंडीज के जेडन सील्स वनडे बॉलर्स की रैंकिंग में 12 पायदान ऊपर 10वें स्थान पर चले गए। उन्होंने इंडिया सीरीज में चार विकेट लेने के बाद अपने करियर की सबसे अच्छी रेटिंग हासिल की।

BCCI ने एक दिन में लिए 6 बड़े फैसले, महिला टीम को मिला नया कप्तान; कई टीमों का ऐलान

मुंबई  भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने  एक के बाद एक कई बड़े फैसले लिए। धड़ाधड़ लिए गए इन फैसलों में टीम का सिलेक्शन, नए चयनकर्ता के लिए आवेदन, हरमनप्रीत कौर का कप्तानी से इस्तीफा, महिला क्रिकेट टीम की नई कप्तान का ऐलान और सिलेक्शन कमिटी में मीटिंग में एक अहम सदस्य की एंट्री की पुष्टि शामिल है। हरमनप्रीत कौर का इस्तीफा मंगलवार की शाम को सबसे पहला ऐलान सिलेक्शन कमिटी की मीटिंग के बाद हरमनप्रीत कौर की और से आया, जिन्होंने तीनों फॉर्मेट की कप्तानी से हटने का फैसला किया। जाहिर है कि यह उनका कम और मैनेजमेंट और सिलेक्टर्स का फैसला ज्यादा था। भारत के लिए सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच महिला क्रिकेट में जीतने वाली हरमनप्रीत देश की इकलौती कप्तान हैं, जिन्होंने महिला वर्ल्ड कप जीता है। नए सिलेक्टर के लिए आवेदन बीसीसीआई की ओर से दिन का दूसरा फैसला सिलेक्टर के सिलेक्शन को लेकर आया। बीसीसीआई ने करीब 7 बजे इस बात का ऐलान किया है कि सीनियर सिलेक्शन कमिटी में एक सिलेक्टर की जरूरत है। अजीत अगरकर का कार्यकाल खत्म हो चुका है। ऐसे में उनके रिप्लेसमेंट के तौर बीसीसीआई ने सिलेक्टर्स के लिए आवेदन मांगे हैं। न्यूजीलैंड टूर के लिए टीम का ऐलान बोर्ड ने इसके बाद न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की टी20 टीम का ऐलान किया, जबकि इंडिया ए स्क्वॉड भी घोषित की। इस दौरान भुवनेश्वर कुमार की वापसी भी देखने को मिली, जबकि श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टी20 टीम में ज्यादातर वही नाम हैं, जो काफी समय से खेलते आ रहे हैं। इंडिया ए टीम में कई टेस्ट क्रिकेटरों को जगह दी गई है। भारत की T20I टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव इंडिया A टीम: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, रविचंद्रन स्मरण, ऋषभ पंत (विकेटकीपर)*, ध्रुव जुरेल (कप्तान और विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, औकिब नबी, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, मानव सुथार, मुकेश चौधरी, साई सुदर्शन, यश राठौड़, मुकेश कुमार महिला टीम की नई कप्तान की घोषणा बीसीसीआई की ओर से चौथा ऐलान इस बात का किया गया कि सिलेक्टर्स ने हरमनप्रीत कौर के बाद भारत की महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी स्मृति मंधाना को सौंपी, जबकि टी20 टीम की वाइस कैप्टन शेफाली वर्मा को बनाया गया और दीप्ति शर्मा को वनडे टीम की उपकप्तानी दी गई। भारत की T20I टीम: स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा (उपकप्तान), निकी प्रसाद, हरमनप्रीत कौर, अनुष्का शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमलिनी (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिंतीमानी कलिता, मिन्नू मणि भारत की ODI टीम: स्मृति मंधाना (कप्तान), शैफाली वर्मा, प्रतीक रावल, हरमनप्रीत कौर, हरलीन देओल, तेजल हसबनीस, दीप्ति शर्मा (उपकप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), यस्तिका भाटिया (विकेटकीपर), वैष्णवी शर्मा, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़, सायाली सतघरे, रेणुका ठाकुर महिला क्रिकेट टीम का ऐलान इतना ही नहीं, करीब सवा 9 बजे एक और ऐलान बीसीसीआई की ओर से किया गया, जो भारत की महिला क्रिकेट टीम से जुड़ा था। बीसीसीआई ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान किया। हरमनप्रीत कौर भी टीम में शामिल हैं, लेकिन वे मंधाना की कप्तानी में खेलेंगी। सिलेक्शन कमिटी में सीओई की एंट्री इसके अलावा दिन का छठा और एक और अहम फैसला बीसीसीआई ने वीवीएस लक्ष्मण को लेकर किया। बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया है कि अब से सीनियर सिलेक्शन कमिटी की मीटिंग में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण भी बैठेंगे, ताकि संवाद की कमी नहीं हो।

भारत ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से रौंदा, श्रेयस अय्यर ने जड़ा तूफानी शतक

लखनऊ  कप्तान श्रेयस अय्यर के तूफानी शतक की बदौलत भारत ने वेस्टइंडीज को पहले टी-20 मुकाबले में आठ विकेट से हरा दिया। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 171 रन बनाए। जवाब में भारत ने महज 14.4 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। यह टीम इंडिया की लगातार 10वीं टी-20 जीत है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम 19.1 ओवर में 171 रन पर सिमट गई। कप्तान शाई होप ने 52 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि शेरेफन रदरफोर्ड ने 56 रन बनाकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। भारत की ओर से डेब्यू कर रहे नमन धीर ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए। कुलदीप यादव और अक्षर पटेल को दो-दो सफलताएं मिलीं। भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी ओवरों में वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों पर शिकंजा कसते हुए पूरी टीम को 20 ओवर से पहले ही पवेलियन भेज दिया। 172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और चौथे ओवर तक टीम ने 35 रन पर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने ईशान किशन के साथ मिलकर वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। श्रेयस ने महज 42 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और 43 गेंदों पर नाबाद 102 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। उनकी पारी में 10 चौके और छह छक्के शामिल रहे। ईशान किशन ने भी उनका शानदार साथ दिया और 27 गेंदों पर नाबाद 37 रन बनाए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 67 गेंदों में 137 रन की अटूट साझेदारी की। अपने पहले शतक को लेकर अय्यर ने क्या कहा? पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में श्रेयस अय्यर अपने पहले T20I शतक को लेकर काफी भावुक और खुश नजर आए। उन्होंने शतक लगाने के इस अहसास को बेहद खास बताया और कहा कि वे लंबे समय से T20I में अपना पहला शतक लगाने का सपना देख रहे थे, जो आज पूरा हो गया। इस पल को याद करते हुए उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि यह पारी साबित करती है कि अगर आप मेहनत करें, तो सपने सच जरूर होते हैं। टीम की माइंडसेट को लेकर अय्यर ने दिया बड़ा बयान भारतीय टीम की माइंडसेट को लेकर अय्यर ने कहा कि जीत का अहसास हमेशा खास और अलग होता है और ड्रेसिंग रूम में भी इसी बात पर चर्चा होती है। टीम का सीधा नियम है कि जिस खिलाड़ी का दिन हो, वह मैच खत्म करके ही लौटे। आज उनका दिन था, जबकि पिछले कुछ मैचों में बाकी बल्लेबाजों ने फिनिश किया था। उन्होंने कहा कि पूरी टीम ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया है और अगर भारत इसी आक्रामक सोच के साथ खेलता रहा, तो T20 क्रिकेट की सबसे खतरनाक टीमों में से एक बनेगा। श्रेयस अय्यर ने शतक लगाकर अपने नाम किए कई रिकॉर्ड श्रेयस अय्यर T20I में शतक जड़ने वाले भारत के तीसरे कप्तान बन गए हैं, उनसे पहले यह कारनामा सिर्फ रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव ही कर पाए हैं। हालांकि, लक्ष्य का पीछा करते हुए शतक बनाने वाले श्रेयस भारत के पहले कप्तान हैं। इस मामले में उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 94 रन बनाए थे। टी20 क्रिकेट में लक्ष्य का पीछा करते हुए शतक लगाने वाले श्रेयस चौथे भारतीय खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और केएल राहुल यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। कप्तान के तौर पर शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय श्रेयस अय्यर का यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहला शतक है। इसके साथ ही वह भारतीय 'r20I कप्तानों की उस खास सूची में शामिल हो गए, जिसमें उनसे पहले रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव का नाम है। रोहित शर्मा ने कप्तान रहते हुए टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तीन शतक लगाए हैं, जबकि सूर्यकुमार यादव ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2023 में शतकीय पारी खेली थी। श्रेयस की इस ऐतिहासिक पारी ने भारत को आसान जीत दिलाने के साथ रिकॉर्ड बुक में भी उनका नाम दर्ज करा दिया।

एशियन गेम्स के गोल्ड से ICC अवॉर्ड तक चमके भारतीय सितारे, प्लेयर ऑफ द मंथ की लिस्ट में 4 नाम

नई दिल्ली एशियन गेम्स 2026 में भारत को गोल्ड मेडल दिलाने वाले खिलाड़ी आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड जीतने के प्रबल दावेदार बने हैं। भारत की महिला और पुरुष दोनों टीमों ने एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता। इस दौरान बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंच अवॉर्ड की रेस में हैं। भारत के शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, श्री चरणी और शेफाली वर्मा इस अवॉर्ड को जीतने की रेस में शामिल हैं। जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा और श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू भी इस अवॉर्ड को जीत सकती हैं। महिलाओं की शॉर्टलिस्ट में एशिया कप और एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन को शामिल किया गया है। अटापट्टू ने बल्ले और गेंद दोनों से असर डाला, जबकि शेफाली ने टॉप ऑर्डर में शानदार प्रदर्शन किया और विमेंस एशिया कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी रहीं। इस बीच, चरणी आईसीसी विमेंस टी20 बॉलिंग रैंकिंग में अब तक के सबसे ज्यादा रेटिंग पॉइंट्स तक पहुंचीं। पुरुषों में अभिषेक शर्मा ने चार टी20 में 229 रन बनाए, जिसमें अफगानिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड 30 गेंदों में सेंचुरी शामिल है, जबकि गिल ने वेस्ट इंडीज के खिलाफ दो वनडे में 333 रन बनाए, जिसमें उनकी दूसरी डबल सेंचुरी भी शामिल है। रजा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जिम्बाब्वे की घरेलू वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। अभिषेक शर्मा अभिषेक ने पिछले साल सितंबर में यह अवॉर्ड जीता था। उन्होंने भारत के किसी भी बैटर की तरफ से सबसे तेज टी20 सेंचुरी लगाई, जिससे उन्होंने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ रोहित शर्मा के 35 गेंदों में शतक के रिकॉर्ड को बेहतर किया। फिरोजशाह कोटला में अफगानिस्तान के खिलाफ शर्मा की पारी आईसीसी के किसी भी फुल-मेंबर देश के किसी भी बैटर की सबसे तेज सेंचुरी भी थी। बाएं हाथ के इस ओपनर ने सीरीज के तीसरे मैच में 34 गेंदों में 108 रन बनाए। श्री चरणी चरणी को जून में भी इस अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया था। उन्होंने इंटरनेशनल लेवल पर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और सितंबर महीने में सात टी20 मैचों में 3.30 के शानदार इकॉनमी रेट के साथ 18 विकेट लिए। एशियन गेम्स के फाइनल में 13 रन देकर दो विकेट लेने के बाद, उन्होंने आईसीसी विमेंस टी20 बॉलिंग रैंकिंग में अब तक के सबसे ज्यादा रेटिंग पॉइंट्स हासिल किए, जो 817 पॉइंट्स तक पहुंचे। शुभमन गिल इंडिया के कप्तान अपने पांचवें आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के लिए लाइन में हैं। उन्होंने तिरुवनंतपुरम में वेस्ट इंडीज के खिलाफ पहले वनडे में 110 रन बनाए और फिर वनडे में अब तक का सबसे तेज दोहरा शतक लगाया। उनकी तूफानी 223 रन की पारी सिर्फ 133 गेंदों पर आई और उनकी टीम ने 8 विकेट बाकी रहते और 39 गेंदें बाकी रहते 406 रन का बड़ा टारगेट हासिल किया। शेफाली वर्मा इस ओपनर ने 184.61 के स्ट्राइक-रेट से कुल 360 रन बनाए और विमेंस एशिया कप में भारत के सफल कैंपेन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी थीं। इस दौरान उन्होंने 6 विकेट भी लिए, जिससे भारत ने एशियन गेम्स में गोल्ड जीता, जहां उन्होंने सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 100 और श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में 48 रन बनाए।

PCB को लगा कमाई का झटका, घरेलू इंटरनेशनल मैचों के राइट्स के लिए मिली आधी कीमत

नई दिल्ली पाकिस्तान क्रिकेट के लिए मैदान के बाहर से भी बुरी खबर आई है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को अपने घरेलू इंटरनेशनल मैचों के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स रिजर्व प्राइस से करीब आधी कीमत में बेचने पड़े हैं. 60 करोड़ पाकिस्तानी रुपये के रिजर्व प्राइस के मुकाबले सिर्फ 35 करोड़ रुपये की बोली आई और राज्य प्रसारक पाकिस्तान टेलीविजन कॉरपोरेशन (PTV) अकेला बोलीदाता रहा. PCB ने हाल ही में 25 घरेलू इंटरनेशनल मैचों के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स के लिए टेंडर जारी किया था. बोर्ड ने इन राइट्स के लिए 600 मिलियन पाकिस्तानी रुपये का रिजर्व प्राइस तय किया था, लेकिन टेंडर प्रक्रिया में किसी कंसोर्टियम को बोली लगाने की इजाजत नहीं दी गई. नतीजा यह रहा कि बाजार में मौजूद संभावित खरीदारों की संख्या बेहद सीमित रह गई. 60 करोड़ की उम्मीद, 35 करोड़ में सौदा एक विश्वसनीय सूत्र के मुताबिक PTV ने 350 मिलियन पाकिस्तानी रुपये की बोली लगाई, जो PCB के तय रिजर्व प्राइस से काफी कम थी. इसके बावजूद PTV अकेला बोलीदाता होने के कारण राइट्स हासिल करने में सफल रहा. इस समझौते में पाकिस्तान के 25 घरेलू इंटरनेशनल मैच शामिल हैं. इनमें पांच टेस्ट, 14 वनडे और छह टी20 इंटरनेशनल मुकाबले हैं. पाकिस्तान को इस महीने श्रीलंका के खिलाफ तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने हैं. इसके बाद इंग्लैंड के साथ सात मैचों की त्रिकोणीय वनडे सीरीज प्रस्तावित है. अगले महीने श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैच भी खेले जाने हैं. ब्रॉडकास्टर्स क्यों हुए दूर? PCB के सामने सबसे बड़ी परेशानी सिर्फ कम बोली नहीं है. रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम के हालिया प्रदर्शन ने भी ब्रॉडकास्टिंग बाजार को प्रभावित किया है. सूत्र का कहना है कि टीम के प्रदर्शन के उम्मीद के मुताबिक नहीं रहने से स्पॉन्सर्स और विज्ञापनदाता फिलहाल पाकिस्तान क्रिकेट से दूरी बनाए हुए हैं. यानी मैदान पर खराब प्रदर्शन का असर अब सीधे क्रिकेट की कमाई पर दिखाई देने लगा है. इसके अलावा पुराने ब्रॉडकास्टिंग सौदों का बकाया भी PCB के लिए बड़ी समस्या बन गया है.कम से कम तीन ब्रॉडकास्टर्स पर पिछले समझौतों का पैसा अभी बाकी बताया जा रहा है.ये कंपनियां पहले कंसोर्टियम के जरिए पाकिस्तान क्रिकेट के राइट्स हासिल करती रही हैं. दिलचस्प बात यह है कि इन कंपनियों को इस बार बोली प्रक्रिया से बाहर नहीं किया गया था.उन्होंने खुद ही टेंडर में हिस्सा नहीं लिया.पाकिस्तान क्रिकेट के राइट्स खरीदने वाली एक प्रमुख कंपनी ने भी इस बार कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई. PSL में भी नहीं मिला था मनमाफिक रिस्पॉन्स PCB के लिए परेशानी सिर्फ इंटरनेशनल क्रिकेट तक सीमित नहीं है.इस साल पाकिस्तान सुपर लीग के 11वें सीजन के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स को लेकर भी बोर्ड को उम्मीद के मुताबिक प्रतिक्रिया नहीं मिली थी. PSL में दो नई टीमों के जुड़ने के बावजूद ब्रॉडकास्टिंग राइट्स के लिए बाजार में वैसा उत्साह नहीं दिखा, जिसकी PCB को उम्मीद थी.पिछले साल के PSL राइट्स खरीदने वाला एक ब्रॉडकास्टर अब भी बोर्ड का अरबों पाकिस्तानी रुपये बकाया है. अगले राइट्स पर भी सवाल मौजूदा समझौते में जनवरी 2027 में आयरलैंड के खिलाफ तीन टी20 इंटरनेशनल और उसके बाद आयरलैंड तथा जिम्बाब्वे के साथ सात मैचों की त्रिकोणीय सीरीज भी शामिल है. हालांकि जिम्बाब्वे ने अपने क्रिकेट बोर्ड से जुड़े अंदरूनी मसलों के कारण पाकिस्तान दौरे पर जाने में असमर्थता जताई है. ऐसे में PCB के सामने चुनौती सिर्फ राइट्स बेचने की नहीं, बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट के लिए ब्रॉडकास्टर्स, स्पॉन्सर्स और विज्ञापनदाताओं का भरोसा दोबारा हासिल करने की भी है. 60 करोड़ का रिजर्व प्राइस और सिर्फ 35 करोड़ की बोली का यह अंतर पाकिस्तान क्रिकेट के मौजूदा कमर्शियल हालात की तस्वीर जरूर दिखाता है.

बाबर आजम को T20 टीम से किया गया बाहर, एशियन गेम्स के कप्तान साहिबजादा फरहान को मिली जिम्मेदारी

नई दिल्ली पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की T20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. टीम में बड़ा बदलाव करते हुए साहिबजादा फरहान को नया T20 कप्तान बनाया गया है, जबकि बाबर आजम को टीम से बाहर कर दिया गया है. फरहान ने सलमान अली आगा की जगह कप्तानी संभाली है. सलमान को भी T20 टीम में जगह नहीं मिली है. श्रीलंका के खिलाफ तीनों मुकाबले 9, 11 और 13 अक्टूबर को रावलपिंडी में खेले जाएंगे. एशियन गेम्स के बाद फरहान को मिली बड़ी जिम्मेदारी 30 साल के साहिबजादा फरहान हाल ही में एशियन गेम्स में पाकिस्तान की T20 टीम के कप्तान थे. उनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने सिल्वर मेडल जीता था और फाइनल में उसे भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. अब PCB ने उन्हें सीनियर T20 टीम की कमान भी सौंप दी है. बाबर आजम की T20 टीम से छुट्टी बाबर आजम का T20 टीम से बाहर होना सबसे बड़ा फैसला है. हालांकि, उन्हें इंग्लैंड और श्रीलंका के खिलाफ होने वाली ODI ट्राई-सीरीज की टीम में शामिल किया गया है, यानी वनडे में उनके लिए दरवाजा अभी बंद नहीं हुआ है. 2026 T20 वर्ल्ड कप में बाबर का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था. उन्होंने चार पारियों में सिर्फ 91 रन बनाए थे. इसके बाद घरेलू फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में भी उनकी शुरुआत खराब रही. प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी में शुरुआती तीन पारियों में उनके नाम केवल 37 रन रहे. नसीम शाह की वापसी पाकिस्तान की T20 टीम में तेज गेंदबाज नसीम शाह की वापसी भी हुई है. घुटने की चोट से उबरने के बाद उन्होंने घरेलू क्रिकेट और CPL के जरिए अपनी फिटनेस और गेंदबाजी लय हासिल की. वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू में शानदार प्रदर्शन करने वाले रजाउल्लाह को पहली बार पाकिस्तान की व्हाइट-बॉल टीम में जगह मिली है. उन्होंने एजबेस्टन टेस्ट में दूसरी पारी में 81 रन बनाए थे और गेंद से भी योगदान दिया था.  पाकिस्तान की T20 टीम: साहिबजादा फरहान (कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, अराफात मिन्हास, फखर जमान, हसन नवाज, मुहम्मद इमरान रंधावा, ख्वाजा नफे (विकेटकीपर), माज सदाकत, नसीम शाह, रजाउल्लाह, सैम अयूब, मोहम्मद सलमान मिर्जा, शादाब खान और सुफियान मोकीम. इंग्लैंड-श्रीलंका के खिलाफ वनडे ट्राई सीरीज के लिए पाकिस्तानी टीम: शाहीन शाह आफरीदी (कप्तान), अबरार अहमद, सलमान अली आगा, अराफात मिन्हास, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, मुहम्मद गाजी गोरी (विकेटकीपर), हारिस रउफ, हसन नवाज, नसीम शाह, रजाउल्लाह, साद बेग (विकेटकीपर), सैम अयूब, शादाब खान और सुफियान मोकीम.

39 की उम्र में जोकोविच का कमाल, बीजिंग में ज्वेरेव को मात देकर बनाया नया रिकॉर्ड

 बीजिंग 24 बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविक ने एक बार फिर अपने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। चाइना ओपन मुकाबले के पुरुष वर्ग में जोकोविक ने टूर्नामेंट में अपना शानदार रिकॉर्ड बरकरार रखते हुए क्वार्टर फाइनल में यूएस ओपन चैंपियन अलेक्जेंडर ज्वेरेव को 4-6, 6-4, 6-4 से हराया। जोकोविक चाइना ओपन का सातवां खिताब जीतने की कोशिश में हैं। अब जोकोविक सेमीफाइनल में डेनियल मेदवेदेव का सामना करेंगे। बीजिंग में यह उनकी लगातार 32वीं जीत है। इसके साथ ही उन्होंने ओपन युग में किसी टूर-स्तरीय टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ शुरुआत के मामले में राफेल नडाल के फ्रेंच ओपन में 31-0 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। खुश हो गए जोकोविक सर्बियाई खिलाड़ी ने मुकाबले की धीमी शुरुआत की। उन्होंने मैच के पहले ही गेम में अपनी सर्विस गंवा दी और अंततः पहला सेट भी हार गए। लेकिन इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए अगले दोनों सेट अपने नाम किए और जीत दर्ज की। जोकोविक ने कहा कि मैंने शुरुआत में ही अपनी सर्विस गंवा दी और इसके बाद पहले सेट में वापसी करना मुश्किल था। जब वह 5-4 पर सेट के लिए सर्व कर रहे थे, तब मेरे पास कुछ ब्रेक प्वाइंट थे, लेकिन मैं उनका फायदा नहीं उठा सका। हालांकि, मुझे पहले सेट के बीच से ही महसूस होने लगा था कि मेरी लय अच्छी हो रही है। खाचानोव की जीत इससे पहले ह्यूबर्ट हुरकाच ने कारेन खाचानोव को 7-6 (2), 6-2 से हराया। अब वह दूसरे सेमीफाइनल में एलेक्स डी मिनौर से भिड़ेंगे। डी मिनौर ने आंद्रे रुबलेव को 1-6, 6-2, 6-3 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।  

Delhi Capitals का बड़ा फैसला, सौरव गांगुली को मिली हेड कोच की जिम्मेदारी; IPL 2027 पर नजर

 नई दिल्ली दिल्ली कैपिटल्स ने आगामी आईपीएल 2027 सीजन से पहले अपने नए हेड कोच का ऐलान कर दिया है। पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को डीसी ने अपना नया हेड कोच बनाया है। सोशल मीडिया पर दादा की एक वीडियो जारी कर दिल्ली की टीम ने यह जानकारी फैंस को दी। वीडियो के साथ लिखा ‘दिल्ली, अब दादागिरी का समय है।’ बता दें, दिल्ली कैपिटल्स ने सोमवार को ही 2027 आईपीएल सीजन से पहले अपने मौजूदा कोचिंग स्टाफ से अलग होने का आधिकारिक एलान किया था। गांगुली दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ में हेमंग बदानी की जगह लेंगे, जो 2025 और 2026 सीजन में टीम के हेड कोच थे। दिल्ली कैपिटल्स की कोचिंग टीम में पूर्व भारतीय खिलाड़ी हेमांग बदानी मुख्य कोच, वेणुगोपाल राव क्रिकेट निदेशक, मुनाफ पटेल गेंदबाजी कोच, इयान बेल सहायक कोच और जॉन मूनी फील्डिंग कोच के तौर पर शामिल थे। 2024 में जीएमआर और सह-मालिक जेएसडब्ल्यू के बीच हुए संचालन समझौते के तहत इन दो सत्रों में टीम का संचालन जीएमआर के पास था। दो साल पूरे होने के बाद इन सभी की छुट्टी हो गई है और अब डीसी को नया कोचिंग स्टाफ मिलेगा। सौरव गांगुली का दिल्ली कैपिटल्स से है पुराना नाता सौरव गांगुली का दिल्ली कैपिटल्स के साथ काफी पुराना नाता है। 2019 में वह पहली बार इस टीम के साथ बतौर सलाहकार जुड़े थे। उस समय वह सीएबी के अध्यक्ष थे और बाद में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष बने। तब गांगुली ने कहा था कि सीएबी अध्यक्ष के तौर पर उनकी भूमिका मानद थी और वह आईपीएल से जुड़ी गतिविधियों को प्रभावित नहीं कर सकते थे। गांगुली ने इस साल की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका की एसए20 लीग में प्रिटोरिया कैपिटल्स के मुख्य कोच के तौर पर काम किया था। यह बतौर कोच उनका पहला अनुभव था। वह महिला प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स की टीम से भी जुड़े रहे हैं। गांगुली के बाद युवराज सिंह को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी रिपोर्ट्स हैं कि दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ में युवराज सिंह की भी एंट्री हो सकती है। युवी ने पर्दे के पीछे से कई खिलाड़ियों को तैयार किया है, मगर वह अब डीसी के कैंप में कोचिंग करते नजर आ सकते हैं। उन्हें दिल्ली कैपिटल्स बतौर बैटिंग कोच अपने कोचिंग स्टाफ में शामिल कर सकता है। उन्होंने अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ी तैयार किए हैं जो इस समय भारत के लिए इंटरनेशनल मंच पर धमाल मचा रहे हैं।