samacharsecretary.com

पंजाब में रेलवे लाइन पर धमाके से मालगाड़ी का इंजन क्षतिग्रस्त

फतेहगढ़/सरहिंद. सरहिंद क्षेत्र में रेलवे लाइन पर देर रात एक बड़ा धमाका होने की खबर सामने आई है। यह ब्लास्ट फतेहगढ़ सहिब-सरहद रेलवे स्टेशन से चार किलोमीटर दूर फ्रेट कॉरिडोर रेलवे लाइन पर हुआ। यह घटना रात करीब 11 बजे उस दौरान घटी जब जब एक मालगाड़ी फ्रंट कोरिडोर रेल लाइन से गुजर रही थी। जानकारी के मुताबिक, यह नई रेलवे लाइन विशेष रूप से मालगाड़ियों के संचालन के लिए बनाई गई है। जैसे ही मालगाड़ी का इंजन खानपुर फाटकों के पास पहुंचा, तभी अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके के कारण रेलवे लाइन का करीब 12 फीट हिस्सा पूरी तरह उड़ गया। लोको पायलट हुआ घायल इस धमाके में मालगाड़ी के लोको पायलट को भी चोटें आई हैं। घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और इस बाबत रेलवे अधिकारियों को जानकारी दी गई। वहीं, इसे लेकर डीजीपी लॉ ऑर्डर ने बताया की अलग अलग टीम मामले की जांच कर रही। धमाके में आरडीएक्स का इस्तेमाल किया गया या नहीं। यह अभी कहना मुश्किल है। मामले की जांच के लिए अलग-अलग टीम जुट गई हैं। धमाके में घायल लोको पायलट को चंडीगढ़ ले जाया गया है, क्षतिग्रस्त इंजनको अंबाला ले जाया गया है। आतंकी साजिश की ओर इशारा घटनास्थल पर पहुंचे डीआईजी रोपड़ डॉक्टर नानक सिंह ने बताया किइस घटना के पीछे आतंकवादी गतिविधि से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि फोरेंसिक सैंपल एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए गए हैं। रेलवे लाइन पर हुए ब्लास्ट के बाद डॉग स्क्वाडड और बम स्क्वाड ने रेलवे लाइन तथा आसपास के क्षेत्र में सघन जांच शुरू कर दी है। डीआईजी ने बताया की सभी जांच एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। आपसी तालमेल के साथ इस घटना की यह तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। डीआईजी ने बताया कि रेलवे लाइन पर हुआ ब्लास्ट ज्यादा घातक नहीं था। क्षतिग्रस्त इंजन में सवार एक रेल कर्मचारी मामूली रूप से घायल हुआ है। ब्लास्ट से रेल इंजन के शीशे टूट गए। क्षतिग्रस्त रेल इंजन को अंबाला भेज दिया गया है। देर रात चले सर्च अभियान के बाद अब दिन के उजाले में पंजाब पुलिस व एजेंसियां जांच में जुटी हैं।  

पंजाब के कई जिलों में आज फिर बारिश और जलभराव

लुधियाना. पंजाब, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में शुक्रवार को मौसम में बड़ा बदलाव आया। बर्फबारी ने पहाड़ी इलाकों को प्रभावित किया। पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में वर्षा ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। पंजाब के कई जिलों में तेज वर्षा हुई। जालंधर, लुधियाना व मुक्तसर में ओलावृष्टि भी हुई है। जालंधर में लगभग 15 घंटे तक वर्षा से जलभराव हो गया। पठानकोट में सबसे अधिक 59.8 मिमी रिकॉर्ड की गई। तापमान में भी 11 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। तेज हवा के कारण पेड़ गिरने से कई शहरों में 10 से 15 घंटे तक बिजली बंद रही। मौसम विभाग ने शनिवार को भी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पटियाला के नाभा में खंभे में करंट आने से आईटीआई के छात्र भावेश की मौत हो गई। गुरदासपुर के गांव तिब्बड़ में बिजली गिरने से शेड गिर गई, जिससे मलबे में दबने से करीब आठ हजार चूजे मर गए। हिमाचल के शिमला व मनाली शहर में सर्दी के सीजन में पहला हिमपात हुआ। वहां करीब एक फीट हिमपात हुआ। डल्हौजी में भी बर्फबारी हुई। पंजाब सहित कई राज्यों से पहुंचे पर्यटक बर्फ के साथ मस्ती करते रहे। मां वैष्णो देवी भवन पर भी हिमपात हुआ। श्रीनगर एयरपोर्ट पर बर्फ गिरने से उड़ानें रद रहीं। मौसम विभाग ने हिमस्खलन की चेतावनी भी जारी की है। कृषि विभाग ने इस वर्षा को गेहूं की खेती के लिए लाभकारी बताया है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि अगर ऐसे ही वर्षा जारी रही तो खेतों में पानी खड़ा होने पर यह वर्षा आलू की फसल के लिए हानिकारक हो सकती है।

पंजाब के CM भगवंत मान को जान से मारने की धमकी

गुरदासपुर. श्री हरिमंदिर साहिब, राज्य की अदालतों, जिलामुख्यालयों व स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी के बाद अब शुक्रवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी जान से मारने की धमकी दी गई है। गुरदासपुर के दस स्कूलों और पठानकोट के एक स्कूल को भेजी गई ईमेल में कहा गया कि आज दोपहर एक बजते ही जिले के दस स्कूलों में बम धमाके होंगे। मेल में यह भी लिखा गया था कि मुख्यमंत्री भगवंत मान भी हमारे निशाने पर हैं क्योंकि वे हमारे साथियों को गैंगस्टर कहकर मार रहे हैं। अज्ञात मेल मिलने के बाद तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी गई और पुलिस ने संबंधित स्कूलों को खाली करवाने के साथ ही वहां जांच शुरू की। जांच के लिए डाग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया लेकिन गहन जांच के बाद कहीं कुछ नहीं मिला। इससे पहले मेल से नहीं दी गई धमकी खास बात यह है कि इससे पहले जब भी धमकी भरी ईमेल भेजी गई तब कभी भी इसमें मुख्यमंत्री को धमकी नहीं दी गई थी। यही नहीं, इन धमकियों के बाद पुलिस अभी तक यह पता नहीं लगा पाई है कि यह धमकी कौन और कहां से भेज रहा है। शुक्रवार की सुबह वर्षा के बीच बहुत कम बच्चे स्कूल पहुंचे थे। इसी बीच स्कूलों को एक ईमेल प्राप्त हुई जिसमें स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसकी सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को सूचित करने के साथ ही बच्चों के अभिभावकों को अपने बच्चों को तुरंत ले जाने के संदेश भेजने शुरू कर दिए। स्कूल से संदेश मिलते ही वर्षा के बीच अभिभावन स्कूल पहुंचने लगे। वहीं पुलिस टीमों ने भी स्कूलों में पहुंचकर जांच शुरू की। स्कूल परिसरों की गहनता से हुई जांच मौके पर बम निरोधक दस्ते और डाग स्क्वायड को भी बुलाया गया। स्कूल परिसरों की गहन जांच के बाद पाया गया कि वहां पर कुछ भी संदिग्ध वस्तु नहीं है। पुलिस का दावा है कि शरारती तत्वों ने केवल दहशत फैलाने के लिए ऐसा किया था। फिलहाल जांच जारी है। साइबर क्राइम की विशेषज्ञ टीम ई-मेल के आइपी एड्रेस को ट्रैक करने में जुटी हुई हैं। उधर गुजरात के अहमदाबाद के एक दर्जन स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली। हिमाचल में हमीरपुर व कांगड़ा कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, लेकिन जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

पंजाब के लोगों को मुख्यमंत्री सेहत योजना से मिलेगा 10 लाख तक का मुफ्त इलाज

चंडीगढ़. मुख्यमंत्री सेहत योजना के पंजीकरण का काम शुरू हो गया है। राज्य में तीन करोड़ लोगों को इसका लाभ मिलेगा। इसमें पंजीकरण करवाने के लिए परिवार के कम से कम दो सदस्यों एक साथ जाना पड़ेगा। बाद में बाकी सदस्य अपना नाम जुड़वा सकते हैं। पंजीकरण से पहले अप्वाइंटमेंट पर्ची का होना अनिवार्य है। इसके लिए यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के साथ अनुबंध किया गया है। इस महत्वाकांक्षी योजना को लेकर लोगों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं। तो आइए जानें इन सवालों का जवाब… सेहत योजना के तहत कौन-कौन कवर होगा? पंजाब का कोई भी निवासी और उसके परिवार के सदस्य इस योजना के पात्र होंगे। योजना में पंजीकरण के लिए आधार कार्ड और निवास प्रमाण के रूप में वोटर आइडी कार्ड होना चाहिए। 18 वर्ष से कम आयु के लाभार्थियों के लिए स्वयं का आधार कार्ड तथा माता-पिता में से किसी एक का वोटर आइडी कार्ड या अभिभावक का वोटर आइडी कार्ड पर्याप्त होगा। केंद्र और राज्य प्रायोजित आयुष्मान भारत योजना के तहत पंजीकृत लाभार्थियों को इस योजना में अतिरिक्त पांच लाख का टॉप अप मिलेगा। इस योजना के तहत पंजीकरण कैसे करें? सरकार ने लाभार्थियों के पंजीकरण के लिए यूथ क्लब और आम पार्टी के यूथ विंग को कमान सौंपी है। वार्ड और गांव स्तर पर यूथ लोगों के घर-घर जाकर अप्वाइंटमेंट की पर्चियां बांटेंगे। इसके बाद लाभार्थी कामन सर्विस सेंटर पर जाकर अपना पंजीकरण करवा सकता है। पंजीकरण के लिए कामन सर्विस सेंटर पर परिवार के कम से कम दो सदस्य जरूर पहुंचे। शेष बचे सदस्यों का नाम बाद में भी दर्ज हो सकता है। इसके बाद लाभार्थियों को कार्ड जारी किए जाएंगे। लगभग 16.60 लाख परिवार, जिनका फंड केंद्र से आता है और जो आयुष्मान भारत योजना के तहत पंजीकृत हैं, उन्हें राष्ट्रीय स्वास्थ्य एजेंसी के दिशा निर्देश के अनुसार कार्ड जारी किए जाएंगे। योजना के तहत परिवार की परिभाषा क्या है? परिवार में मुखिया पति/पत्नी, या तलाकशुदा व्यक्ति और उनके नाबालिग बच्चे तथा विधवा बहू और उसके नाबालिग बच्चे शामिल होंगे। पंजीकृत परिवार के आकार की कोई सीमा नहीं होगी। सभी इसके पात्र होंगे। इसके लिए परिवार के मुखिया को पंजीकरण के समय घोषणा पत्र देना होगा। कोई भी व्यक्ति एक से अधिक परिवारों में पंजीकृत नहीं हो सकता। सरकारी और निजी क्षेत्र के कर्मचारी कवर होंगे? पंजाब सरकार के सभी विभागों, संगठनों, सोसायटियों, निगमों और ट्रस्टों में आउटसोर्सिंग, ठेका कर्मचारी सभी योजाना के पात्र होंगे। इसके अलावा पंजाब सरकार के पेशनभोगी और नियमित कर्मचारी भी योजना के अंतर्गत आएंगे। हईएसआइसी, सीजीएचएस या अन्य केंद्रीय, राज्य सरकारी बीमा के तहत कदर लाभार्थी किसी एक योजना का ही लाभ ले सकेंगे। पांच लाख रुपये वाली पिछली योजना से यह कैसे अलग है? स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के अनुसार यह योजना आयुष्मान भारत योजना के लिए हेल्थ बेनिफिट पैकेज (एचबीपी 2.2) को अपनाती है। पिछली योजना में 1,669 बीमारियों का इलाज फ्री था। वहीं मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना में 2,300 से अधिक उपचार पैकेज शामिल हैं। इनमें ऑर्थोपेडिक्स, जनरल मेडिसिन, कार्डियोलाजी, न्यूरोलाजी, नेफ्रोलाजी, न्यूरोलाजी और आन्कोलाजी जैसी चिकित्सा विशेषज्ञताओं के अंतर्गत सेकेंडरी और टर्शियरी स्तर की सेवाएं शामिल हैं। हृदय शल्य चिकित्सा, कैंसर उपचार, किडनी डायलिसिस एवं ट्रांसप्लांट, मस्तिष्क और रीढ़ की सर्जरी, घुटना एवं कूल्हा प्रत्यारोपण, मोतियाबिंद सर्जरी, प्रसूति एवं नवजात देखभाल, दुर्घटना एवं आपातकालीन सेवाएं, आइसीयू देखभाल तथा अस्पताल में भर्ती से पहले और बाद की सेवाएं शामिल हैं। लाभार्थी 824 से अधिक इम्पैनल्ड अस्पतालों में इसका लाभ उठा सकेंगे। इनमें 212 सार्वजनिक अस्पताल, पीजीआइ चंडीगढ़ सहित भारत सरकार के आठ अस्पताल और 600 से अधिक निजी अस्पताल शामिल हैं। आवश्यकता पड़ने पर राज्य से बाहर इलाज की सुविधा भी उपलब्ध होगी। योजना के वितीय निहितार्थ क्या हैं? यह योजना हाइब्रिड मॉडल में लागू की गई है, जिसमें चयनित बीमा कंपनी यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस सरकारी और निजी दोनों अस्पतालों में एक लाख रुपये तक के दावों का निपटारा करेगी। एक लाख से अधिक के दावों में बीमा कंपनी दावों के प्रमाणीकरण और प्रोसेसिंग की जिम्मेदारी निभाएगी, जबकि एक लाख से अधिक की देनदारी राज्य स्वास्थ्य एजेंसी वहन करेगी।

बड़ा आतंकी अलर्ट! पंजाब में RDX धमाका, ट्रेन निशाना, रेलवे लाइन के उड़े परखच्चे

  फतेहगढ़ पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद इलाके में शुक्रवार की आधी रात को बड़ा धमाका हुआ. यह घटना रेलवे लाइन पर हुई, जहां आरडीएक्स जैसे शक्तिशाली विस्फोटक से मालगाड़ी को निशाना बनाया गया. धमाके की तीव्रता इतनी तेज थी कि रेलवे ट्रैक के परखच्चे उड़ गए. सूत्रों का कहना है कि आरडीएक्स से ही ट्रेन को उड़ाने की कोशिश हुई. इस धमाके में मालगाड़ी का इंजन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी. रेलवे अधिकारियों और पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक रिपोर्ट्स में इसे आतंकी हमला माना जा रहा है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि बाकी है. दरअसल, घटना रात करीब 11 बजे की है. सरहिंद के खानपुर फाटक के पास नई बनी नई रेलवे लाइन से एक मालगाड़ी गुजर रही थी. यह लाइन विशेष रूप से माल परिवहन के लिए बनाई गई है, जो राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए अहम है. जैसे ही इंजन फाटक के नजदीक पहुंचा, तभी जोरदार ब्लास्ट हुआ. विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि ट्रैक का 3-4 फीट का हिस्सा पूरी तरह नष्ट हो गया. यह धमाका तभी हुआ, जब मालगाड़ी गुजर रही थी. धमाके से मालगाड़ी पटरी से उतर गई चश्मदीदों का कहना है कि मालगाड़ी के इंजन के आगे का हिस्सा उड़ गया और मालगाड़ी पटरी से उतर गई. आसपास की जमीन पर मलबा बिखर गया. इसके बाद तो हड़कंप मच गया. इस ब्लास्ट में चालक को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं. उसे तुरंत लोकल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. डॉक्टरों का कहना है कि समय पर इलाज से उसकी जान बच गई. 26 जनवरी से पहले आतंकी साजिश देखने को मिली है. ट्रायल पर है यह रेलवे लाइन रेलवे सूत्रों के अनुसार, यह नई लाइन अभी ट्रायल पर थी. मालगाड़ी में कोई खास सामान नहीं था, लेकिन धमाके से बड़ा हादसा टल गया. अगर पैसेंजर ट्रेन होती, तो जानमाल का भारी नुकसान हो सकता था. धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और मदद की. पुलिस ने इलाके को घेर लिया और फॉरेंसिक टीम को बुलाया. आरडीएक्स के इस्तेमाल का शक जताया जा रहा है, जो एक हाई-एक्सप्लोसिव है. यह कैसे लगा, किसने लगाया, यह जांच का विषय है. पंजाब पुलिस की मानें तो यह सुनियोजित साजिश लगती है. आतंकी संगठनों की भूमिका की जांच की जा रही है. कांग्रेस क्या बोली? रेलवे ट्रैक पर धमाको की घटना पर पंजाब कांग्रेस के अमरिंदर सिंह राजा वडिंग का पोस्ट भी सामने आया है. अमरिंदर सिंह राजा ने लिखा, ‘रेलवे ट्रैकों के पास RDX, सार्वजनिक स्थानों पर धमाके-यह कोई सामान्य अपराध नहीं है. यह पंजाब को अस्थिर करने और भय फैलाने के जानबूझकर किए गए प्रयास हैं. असल सवाल यह है: अराजकता से किसे लाभ होता है, और राज्य इसे रोकने में क्यों विफल है?’

गणतंत्र दिवस से पहले आतंकी योजना नाकाम, पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार

अमृतसर गणतंत्र दिवस से ठीक पहले पंजाब पुलिस ने स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल (SSOC) के जरिए एक बड़े आतंकी हमले को टाल दिया। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर में बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, एक मॉडर्न पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी किसी सुरक्षा प्रतिष्ठान पर बड़े हमले की तैयारी कर रहा था। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी विदेशी आतंकी हैंडलरों के इशारों पर काम कर रहा था। इनमें निशान जौरियन, आदेश जमाराई और सिम्मा देओल शामिल हैं, जो विदेश से पंजाब में आतंकी गतिविधियों को संचालित कर रहे थे। ये हैंडलर आरोपी को हथियार उपलब्ध करवाने और हमले की साजिश रचने में शामिल थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस आतंकवाद और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में अमन-चैन बनाए रखने के लिए हर साजिश पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

हाइवे के बीच खड़ा था घर, किसान ने हटाने की बजाय पूरा खिसकाया

चंडीगढ़ पंजाब के एक किसान का अपनी कोठी से अनोखा प्यार सामने आया है। कोठी की जगह हाईवे पर आने से किसान ने उसे आगे खिसाने का फैसला लिया। आप भी ये पूरा मामला पढ़ चौंक जाएंगे। जी हां… बरनाला के किसान सुखप्रीत सिंह की 3 साल की मेहनत, जिंदगी भर की कमाई और सपनों का 2 मंजिला घर सब कुछ तैयार था, बस रंग-रोगन बाकी था। किसा ने 2017 से कोठी बनाना शुरू किया और 2020 में बनकर तैयार हुई। लेकिन तभी एक नोटिस ने किसान सुखप्रीत सिंह की दुनिया हिला दी। नोटिस में बताया गया कि उसकी आलीशान कोठी भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत बनने वाले लुधियाना-बठिंडा हाईवे के रास्ते में आ रही है और इसे हटाना होगा।   यह खबर सुनते ही किसान के पैरों तले से जमीन खिसक गई। पूरा परिवार टेंशन में आ गया कि, वर्षों की मेहनत से बनाए गए घर को टूटते देखने का ख्याल उन्हें बेचैन कर रहा था। रिश्तेदारों, जानकारों और अधिकारियों से सलाह ली गई, लेकिन सवाल वही था, क्या सपनों का आशियाना तोड़ दिया जाए? इस दौरान किसान के सामने 2 ही विकल्प थे या तो घर गिरा दिया जाए, या फिर नामुमकिन को मुमकिन बनाया जाए। आखिरकार किसान ने हिम्मत दिखाते हुए दूसरा रास्ता चुना।   किसान ने हरियाणा के ठेकेदार से सम्पर्क किया और उसकी मदद से करीब 60 लाख रुपये की लागत से बनी इस 2 मंजिला कोठी को अब मशीनों की मदद से 350 फुट आगे खिसकाया जा रहा है। बीते 2 महीनों से कोठी को शिफ्ट करने का काम चल रहा है और इसे पूरा होने में अभी करीब 3 महीने और लगेंगे। इस पूरी प्रक्रिया पर लगभग 10 लाख 60 हजार रुपये का खर्च आएगा, लेकिन किसान का कहना है कि मेहनत से बनाए गए सपनों के घर को बचाने के लिए यह कीमत उसे मंजूर है। मिली जानकारी के अनुसार सुखप्रीत सिंह ने 60 लाख में कोठी तैयार करवाई थी। लेकिन प्रोजेक्ट में आई इस जमीन के लिए उसे सिर्फ 60 लाख रुपए मुआवजा मिल रहा था। किसान ने बताया कि उसकी जमीन और उस पर बनी कोठी की कीमत दोगुनी थी लेकिन उसे मुआवजा बहुत कम मिल रहा था, वह कि वह कहीं और कोठी नहीं बना सकता था। इसी कारण वह परेशान था। इस दौरान लोग भी उसे कहते थे कि, 25-30 लाख रुपए में कोई नई कोठी बन जाएगी, लेकिन उसकी कोठी की कीमत 60 लाख रुपए की कीमत से तैयार हुई थी। ऐसी कोठी बनना उसकी सबसे बड़ा सपना था। कई बार प्रशासन को कोठी हटाने से मना किया लेकिन आखिर में उक्त फैसला लिया गया। किसान ने  बताया कि उसने कोठी को खिसकाने का फैसला इंस्टाग्राम पर रील देखकर लिया। उसने बताया कि एक दिन रात के समय इंस्टाग्राम पर रील देखी जिसमें कोठी को तोड़ने की बजाय खिसकाया जा सकता है। इसके बाद उसने कोठी को शिफ्ट करवाने का फैसला लिया। इस दौरान उन्होंने एक कमरा बनवाया जिसमें परिवार वालों को रखा। इस दौरान कई लोगों ने बाते भी की। कोठी को खिसकाने पर उसमें दरारें आ जाएंगी। किसान ने बताया जो हरियाणा के ठेकेदार उसकी कोठी को शिफ्ट करवा रहा है, वह यमुनागर से काम सीख कर आया है। ये काम बहुत ही मुश्किल है, जरा सी चूक होने पर कोठी को नुकसान हो सकता है। ठेकेदार ने कहा कि अगर कोठी में दरारें आए तो उसका पूरा मुआवजा दिया जाएगा। अप्रैल महीने तक पूरी कोठी शिफ्ट हो जाएगी, जिसके वह और उनका परिवार राहत की सांस लेंगे।

प्रशासनिक सर्जरी: पंजाब पुलिस के 4 अधिकारियों का ट्रांसफर, जानें किसे कहां भेजा गया

पंजाब पुलिस विभाग के सब-डिवीजन सुलतानपुर लोधी के अंतर्गत आने वाले चार पुलिस थानों के सभी एस.एच.ओ. अचानक बदल दिए गए हैं। एक साथ सभी एस.एच.ओ. के स्थानांतरण से पुलिस विभाग में हैरानी का माहौल है। जानकारी के अनुसार, जिला कपूरथला के एस.एस.पी. गौरव तूर के आदेश पर थाना फत्तूढींगा के एस.एच.ओ. इंस्पेक्टर हरिंदर सिंह को थाना सुलतानपुर लोधी का नया एस.एच.ओ. नियुक्त किया गया है। थाना तलवंडी चौधरी के एस.एच.ओ. इंस्पेक्टर निर्मल सिंह को थाना कबीरपुर का एस.एच.ओ. नियुक्त किया गया, थाना साइबर कपूरथला की एस.एच.ओ. इंस्पेक्टर अमनदीप कौर को थाना फत्तूढींगा का एस.एच.ओ. बनाया गया, और पुलिस लाइन से इंस्पेक्टर अनिल कुमार को थाना तलवंडी चौधरी का एस.एच.ओ. नियुक्त किया गया। इसके अलावा, थाना सुलतानपुर लोधी की पहली एस.एच.ओ. इंस्पेक्टर सोनमदीप कौर को थाना सदर फगवाड़ा का एस.एच.ओ. नियुक्त किया गया।  

Republic Day सुरक्षा कवच: चप्पे-चप्पे पर निगरानी, दिनभर शहर में कड़ी पाबंदियां

मालेरकोटला जिला मजिस्ट्रेट विराज एस. तिड़के ने पंजाब उत्पाद शुल्क अधिनियम, 1914 की धारा 54 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए गणतंत्र दिवस, सोमवार, 26 जनवरी , 2026 को सुबह 7:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक मालेरकोटला जिले की हदूद में ड्राई डे घोषित किया है । जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) पूरे भारत में बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। इस दिन शराब के सेवन के बाद लोगों के बीच मारपीट और झगड़े होने से कानून-व्यवस्था बिगड़ने का खतरा रहता है। इसलिए गणतंत्र दिवस को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए शराबबंदी घोषित करना आवश्यक हो जाता है। उन्होंनें कहा कि शराबबंदी के दौरान मालेरकोटला जिले की हदूद में  किसी भी शराब की दुकान (स्थानीय और अंग्रेजी), होटल, दुकान, रेस्तरां, क्लब, बीयर बार, ऐसे परिसर जहां शराब की बिक्री और सेवन कानूनी रूप से अनुमत है या अन्य सार्वजनिक स्थानों आदि में शराब की बिक्री, उपयोग, सेवन/परोसना और भंडारण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

KCF हैंडलर के ग्रुप में सैकड़ों युवा, पंजाब पुलिस का खुलासा: जर्मनी-यूके से फैल रहा नेटवर्क

जालंधर  खालिस्तान कमांडो फोर्स (KCF) से जुड़े नेटवर्क पर पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लुधियाना के दो युवकों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों की पहचान हैबोवाल कलां निवासी करनबीर सिंह (34) और न्यू शिमलापुरी निवासी अवतार सिंह (25) के रूप में हुई थी।  दोनों आरोपियों से पुलिस को एक 9 MM पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तारी 7 जनवरी को की गई थी। सूचना है कि पाकिस्तान और यूके में बैठे मास्टरमाइंड कुलदीप सिंह इंस्टाग्राम के जरिए युवाओं की भर्ती कर आतंकी नेटवर्क फैला रहे है।पाकिस्तान में बैठे आतंकी रिंदा और यूके में छिपे आतंकी कुलवंत सिंह उर्फ कांता (मान सिंह) के साथ इनके लिंक जुड़े थे। स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) मोहाली और काउंटर इंटेलिजेंस लुधियाना की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए दोनों आरोपी जर्मनी और यूके में बैठे KCF हैंडलरों के संपर्क में थे और उनके निर्देश पर लुधियाना में सरकारी और प्रमुख संस्थानों की रेकी कर चुके थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों किसी टारगेट किलिंग की साजिश रच रहे थे। KCF हैंडलर ने कई वॉट्सऐप​​ ग्रुप बनाए पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि जर्मनी स्थित KCF हैंडलर ने कई वॉट्सऐप​​ ग्रुप बनाए हुए हैं, जिनमें सैकड़ों युवाओं को जोड़ा गया है। इन्हें सोशल मीडिया के जरिए कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित किया जा रहा था। 5 महीने से भड़काए जा रहे आरोपी एक अधिकारी ने बताया कि विदेश में बैठे हैंडलर इंस्टाग्राम पर कट्टरपंथी कंटेंट पोस्ट करते थे, जिसे अवतार और करनबीर देखते थे। इसके बाद उन्हें ग्रुप में जोड़ लिया गया, जहां करीब 5 महीने से उन्हें लगातार भड़काया जा रहा था। कई वॉट्सऐप​​ ग्रुपों को ट्रैक करेगी पुलिस पुलिस ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि ऐसे और भी कई वॉट्सऐप​​ ग्रुप मौजूद हैं, जिनमें बड़ी संख्या में युवा जुड़े हुए हैं। अब इन सभी को ट्रैक कर नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ने की कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में हरियाणा से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल आरोपियों को किसी तरह की फंडिंग मिलने के सबूत नहीं मिले हैं, लेकिन इसकी जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि KCF हैंडलर ने उन्हें पैसों का लालच जरूर दिया होगा। इस मामले में थाना SSOC एसएएस नगर में BNS की धारा 113(5) और 61(2) के तहत केस दर्ज किया गया है।