samacharsecretary.com

महिला टी20 वर्ल्ड कप: ICC ने प्राइज मनी में बढ़ोतरी की, चैम्पियन को मिलेगा बड़ा इनाम

 नई दिल्ली क्रिकेट की दुनिया से बड़ी खबर सामने आई है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने सोमवार को महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए ₹82 करोड़ की रिकॉर्ड प्राइज मनी का ऐलान किया है. यह टूर्नामेंट दो महीने बाद इंग्लैंड और वेल्स में खेला जाएगा।  इस बार कुल इनाम राशि में 10% की बढ़ोतरी की गई है. पिछली बार UAE में खेले गए टूर्नामेंट में यह रकम करीब ₹74 करोड़ थी, जो अब बढ़कर ₹82 करोड़ हो गई है. टूर्नामेंट इस बार और बड़ा होगा, क्योंकि इसमें 12 टीमें हिस्सा लेंगी, जबकि 2024 में यह संख्या 10 थी. मुकाबले 12 जून से 5 जुलाई तक खेले जाएंगे और फाइनल ऐतिहासिक Lord’s Cricket Ground में होगा।  जानें चैम्पियन टीम को मिलेगी कितनी रकम अगर इनाम की बात करें तो चैंपियन टीम को करीब ₹21.8 करोड़ मिलेंगे, जबकि उपविजेता टीम को ₹10 करोड़ दिए जाएंगे. सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों को भी करीब ₹6.29 करोड़ मिलेंगे. वहीं, हर ग्रुप मैच जीतने पर टीम को लगभग ₹29 लाख मिलेंगे।  ICC ने यह भी साफ किया है कि टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली सभी 12 टीमों को कम से कम ₹2.06 करोड़ की गारंटी राशि मिलेगी. टूर्नामेंट का आगाज 12 जून को होगा, जहां मेजबान इंग्लैंड का मुकाबला श्रीलंका से Edgbaston में होगा।  इस मेगा इवेंट में ऑस्ट्रेलिया, भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज जैसी बड़ी टीमें भी खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी. कुल 33 मैच 24 दिनों में 7 अलग-अलग मैदानों पर खेले जाएंगे।  टूर्नामेंट से पहले ट्रॉफी टूर भी आयोजित किया जाएगा, जो मई में स्कॉटलैंड से शुरू होकर अलग-अलग शहरों में जाएगा और लंदन में खत्म होगा. ICC के CEO Sanjog Gupta ने कहा कि महिला क्रिकेट तेजी से आगे बढ़ रहा है और 12 टीमों के साथ यह टूर्नामेंट और ज्यादा प्रतिस्पर्धी और मजबूत बनेगा। 

वैभव सूर्यवंशी की वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर कदम, ध्वस्त होगा ये कीर्तिमान

नई दिल्ली  क्रिकेट वर्ल्ड में भूचाल लाने वाले टीनऐज सेंसेशन वैभव सूर्यवंशी जब भी किसी मैच में उतरते हैं तो सबका ध्यान सिर्फ इस बात पर रहता है वो कौन सा नया कीर्तिमान बनाएंगे. इंडियन प्रीमियर लीग में धमाके पर धमाका कर रहे इस युवा के पास टी20 रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराने का सुनहरा मौका है. राजस्थान रॉयल्स के विस्फोटक ओपनर वैभव सूर्यवंशी पहले ही कई रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं. अब उनके पास सबसे तेज 1,000 टी20 रन (पारी के हिसाब से) बनाने का मौका भी है।  फिलहाल यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज ब्रैड हॉज और शॉन मार्श के नाम है. हॉज ने 23 पारी में 1,000 टी20 रन पूरे किए थे. उन्होंने यह उपलब्धि जुलाई 2006 में हासिल की थी. जून 2008 में मार्श ने भी 23 पारी में यह कारनामा किया था. उस समय वे किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के लिए खेल रहे थे. अब तक सूर्यवंशी ने 22 पारी में 901 रन बनाए हैं. उनका औसत 42.90 और स्ट्राइक रेट 215.55 है. इसमें तीन शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं. अगर वे 13 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ शतक लगाते हैं, तो वे सबसे तेज 1,000 टी20 रन बनाने वाले संयुक्त खिलाड़ी बन जाएंगे।  यहां चूके फिर भी होगा मौका अगर सूर्यवंशी अगली पारी में यह रिकॉर्ड नहीं बना पाते, तो भी उनके पास एक और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के रिकॉर्ड की बराबरी करने का मौका रहेगा. मैथ्यू हेडन ने 2009 में अपनी 24वीं टी20 पारी में 1,000 रन पूरे किए थे. SRH के खिलाफ मैच के बाद रॉयल्स की अगली भिड़ंत 19 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से ईडन गार्डन्स में होगी।  पडिक्कल का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका फुल मेंबर देशों के खिलाड़ियों में अगला नाम देवदत्त पडिक्कल का है. आरसीबी के इस ओपनर ने 25 पारी में 1,000 टी20 रन पूरे किए थे. उन्होंने यह उपलब्धि अपने टी20 डेब्यू के एक साल के अंदर ही हासिल कर ली थी. सूर्यवंशी के पास सबसे कम पारी में 1,000 टी20 रन बनाने वाले भारतीय बनने का भी मौका है। 

ACA ने ग्राउंड स्टाफ को दिया 25 लाख का इनाम, शानदार काम की सराहना

गुवाहाटी आईपीएल 2026 के जारी रोमांच के बीच असम क्रिकेट एसोसिएशन (ACA) ने बारसापारा स्टेडियम के ग्राउंड स्टाफ और क्यूरेटर्स को 25 लाख रुपये का नकद इनाम देने का ऐलान किया है. ये इनाम लगातार बारिश के बीच भी शानदार तरीके से पिच और आउटफील्ड तैयार रखने के लिए दिया गया है. गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के तीनों होम मैचों के दौरान बारिश ने बार-बार खलल डाला. मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच 11-11 ओवर का करना पड़ा, जबकि आरसीबी और सीएसके के खिलाफ मुकाबले भी मौसम से प्रभावित रहे. इसके बावजूद ग्राउंड स्टाफ ने मैदान को मैच के लिए पूरी तरह तैयार रखा और खेल बिना बड़े देरी के हो सका. ACA ने अपने बयान में कहा कि मुश्किल मौसम के बावजूद क्यूरेटर और ग्राउंड स्टाफ ने बेहतरीन काम किया. उनके प्रयासों की वजह से मैच सुचारु रूप से हो पाए और गुवाहाटी के इस मैदान की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और मजबूत हुई. इस सीजन में गुवाहाटी, राजस्थान रॉयल्स का दूसरा होम ग्राउंड बना था, क्योंकि जयपुर में स्टेडियम के रेनोवेशन का काम चल रहा है. अब गुवाहाटी के मैच खत्म होने के बाद टीम 25 अप्रैल से अपने असली होम ग्राउंड सवाई मान सिंह में वापसी करेगी. जयपुर स्टेडियम में हुए कई बदलाव जयपुर के इस स्टेडियम में बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं. इसमें नए स्टैंड, लिफ्ट, LED फ्लडलाइट्स और मॉडर्न ड्रेसिंग रूम जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं. फैंस के लिए भी बेहतर इंतजाम किए गए हैं, जिससे यह मैदान IPL 2026 के बाकी मैचों की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है. फिलहाल राजस्थान रॉयल्स शानदार फॉर्म में है और पॉइंट्स टेबल में टॉप पर बनी हुई है. टीम ने अपने चारों मैच जीते हैं और कप्तान रियान पराग की अगुवाई में दमदार प्रदर्शन कर रही है. अब टीम 13 अप्रैल को हैदराबाद से भिड़ेगी. सनराइजर्स हैदराबाद की हालत उतनी अच्छी नहीं है. टीम 4 में से सिर्फ 1 मैच जीत पाई है और पॉइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर है.    

चेपॉक में CSK का जलवा जारी रखने की कोशिश, KKR पर दबाव

चेपॉक पिछले मैच में जीत से उत्साहित चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की टीम मंगलवार को यहां होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में अब तक एक भी मैच नहीं जीतने वाली कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम के खिलाफ दबदबा बनाने की कोशिश करेगी. सीएसके ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करके सत्र की अपनी पहली जीत दर्ज की. उसकी इस जीत के नायक संजू सैमसन रहे जिन्होंने 56 गेंद पर नाबाद 115 रन की पारी खेली. इसके बाद उसके गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया. डेवाल्ड ब्रेविस के फिट होकर वापसी करने से सीएसके को अपने गेंदबाजी संयोजन में बदलाव करने की छूट मिली जिससे वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 212 रन का बचाव करने में सफल रही. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह ने अपने आईपीएल पदार्पण पर प्रभावित किया. उन्होंने अपनी अतिरिक्त उछाल से बल्लेबाजों को चौंकाया. जेमी ओवरटन ने भी शानदार प्रदर्शन किया और लगातार अच्छी गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए. सत्र का अपना पहला मैच खेल रहे बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन ने पावरप्ले में सीएसके के गेंदबाजी आक्रमण को एक और आयाम प्रदान किया. बल्लेबाजी की बात करें तो सैमसन सीएसके के लिए अपने पदार्पण सत्र में आखिर रन बनाने में सफल रहे. उन्होंने पहले छह ओवर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करके अपना असली रंग दिखाया. सीएसके के लिए हालांकि कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है. वह संघर्ष कर रही केकेआर के खिलाफ एक बड़ी पारी खेलकर लय हासिल करने की कोशिश करेंगे. टूर्नामेंट की शुरुआत में यह घोषणा की गई थी कि महेंद्र सिंह धोनी पिंडली में खिंचाव के कारण कुछ हफ्तों के लिए बाहर रहेंगे. पिछले मैच में गायकवाड़ ने संकेत दिया था कि यह स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जल्द वापसी करेगा. दूसरी ओर केकेआर जीत के लिए बेताब है। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ वह लगभग जीत के करीब पहुंच गया था, लेकिन मुकुल चौधरी की शानदार पारी ने अजिंक्य रहाणे और उनकी टीम को पहली जीत से वंचित कर दिया. कैमरन ग्रीन ने पिछले मैच में केकेआर के लिए गेंदबाजी की. यह ऑलराउंडर चेपॉक में शानदार प्रदर्शन करके अपनी मोटी कीमत को सही साबित करने की कोशिश करेगा. इसी तरह रिंकू सिंह मध्य क्रम में रन बनाने के लिए बेताब हैं और मंगलवार का दिन उनके लिए खास हो सकता है. रहाणे ने बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया है जबकि अंगकृष रघुवंशी ने भी प्रभाव छोड़ा है. रोवमैन पॉवेल और ग्रीन ने भी एलएसजी के खिलाफ कुछ रन बनाए, जो टीम के लिए सकारात्मक संकेत है. केकेआर को अगर सीएसके को उसके गढ़ में हराना है तो उसके गेंदबाजों को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा. उसके प्रमुख गेंदबाज अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं जिसका असर परिणाम में देखने को मिल रहा है. टीम इस प्रकार हैं: सीएसके: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, एमएस धोनी, उर्विल पटेल, संजू सैमसन, शिवम दुबे, आयुष म्हात्रे, श्रेयस गोपाल, जेमी ओवरटन, खलील अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजपनीत सिंह, नूर अहमद, अकील हुसैन, प्रशांत वीर, कार्तिक शर्मा, मैथ्यू शॉर्ट, अमन खान, सरफराज खान, मैट हेनरी, राहुल चाहर, जैकरी फॉल्क्स, स्पेंसर जॉनसन, रामकृष्ण घोष, मुकेश चौधरी केकेआर: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, अंगकृष रघुवंशी, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, वरुण चक्रवर्ती, फिन एलन, मथीशा पथिराना, राहुल त्रिपाठी, टिम सीफर्ट, तेजस्वी दहिया, रचिन रवींद्र, आकाश दीप, ब्लेसिंग मुजाराबानी, नवदीप सैनी, प्रशांत सोलंकी, सार्थक रंजन, कार्तिक त्यागी, कैमरन ग्रीन, सौरभ दुबे, दक्ष कामरा।

अर्जेंटीना दौरे से पहले भारतीय महिला हॉकी टीम में सविता पूनिया की वापसी, सलीमा टेटे बाहर

ब्यूनस आयर्स स्टार गोलकीपर और पूर्व कप्तान सविता पूनिया अर्जेंटीना के खिलाफ आज  से यहां शुरू होने वाली चार मैचों की श्रृंखला से 10 महीने बाद राष्ट्रीय महिला हॉकी टीम में वापसी करेंगी, लेकिन कप्तान सलीमा टेटे अस्वस्थ होने के कारण नहीं खेल पाएंगी। सविता निजी कारणों से खेल से विश्राम लेने के कारण जून 2025 के बाद से किसी प्रतियोगिता में नहीं खेली है जबकि मिडफील्डर सलीमा अभी ‘चिकन पॉक्स’ से उबर रही हैं। यह दौरा भारत के लिए एफआईएच नेशंस कप, बेल्जियम और नीदरलैंड में इस साल होने वाले एफआईएच हॉकी विश्व कप और एशियाई खेलों को देखते हुए बेहद महत्वपूर्ण है। भारतीय महिला टीम गुरुवार शाम को अर्जेंटीना के लिए रवाना हुई। इससे पहले उसने बेंगलुरु में अभ्यास शिविर में भाग लिया था। हैदराबाद में विश्व कप क्वालीफायर 2026 में उपविजेता रहने वाली भारतीय टीम अपनी लय को बरकरार रखने की कोशिश करेगी। सलीमा की अनुपस्थिति में अनुभवी फॉरवर्ड नवनीत कौर इस दौरे में टीम की कप्तानी संभालेंगी। नवनीत ने हाल ही में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर प्लेयर ऑफ द ईयर पुरस्कार हासिल किया था। अनुभवी भारतीय गोलकीपर सविता पूनिया की वापसी से टीम को काफी मजबूती मिलेगी। बिचु देवी खारिबाम उनके साथ गोलकीपिंग की जिम्मेदारी निभाएंगी। हाल ही में अपना 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली निक्की प्रधान और अनुभवी सुशीला चानू रक्षापंक्ति की कमान संभालेंगी। भारतीय टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने इस दौरे के बारे में कहा, 'हम 23 खिलाड़ियों के साथ यहां आए हैं और सभी को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। हम इस दौरे का उपयोग विभिन्न टीम संयोजन को आजमाने और जीत हासिल करने के तरीके खोजने के लिए करेंगे। मैं विश्व की दूसरे नंबर की टीम के खिलाफ व्यक्तिगत और टीम के प्रदर्शन को देखने के लिए उत्सुक हूं।' इशिका चौधरी, मनीषा चौहान, ज्योति और उदिता जैसी खिलाड़ी भी भारत की रक्षापंक्ति में शामिल हैं। सीनियर टीम में चयन होने के बाद लालथंतलुआंगी को भी अपना कौशल दिखाने का मौका मिलेगा। सलीमा के टीम से बाहर होने के कारण नेहा, वैष्णवी विट्ठल फाल्के और सुनेलिता टोप्पो पर मध्यपंक्ति की जिम्मेदारी होगी। साक्षी राणा, रुतुजा दादासो पिसल, इशिका और दीपिका सोरेंग जैसी खिलाड़ी अपनी छाप छोड़ने और टीम में अपनी जगह पक्की करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगी। अग्रिम पंक्ति में बलजीत कौर, दीपिका और ब्यूटी डुंगडुंग पर दारोमदार होगा। मुमताज खान की भी टीम में वापसी हुई है और उनकी उपस्थिति से भारतीय टीम की गोल करने की संभावना बढ़ जाएगी।  

सेंट पाउली पर 5-0 की जीत के साथ बायर्न का धमाका, बुंडेसलिगा में नया कीर्तिमान

 बर्लिन बायर्न म्यूनिख ने जर्मन फुटबॉल लीग बुंडेसलिगा में एक सत्र में सर्वाधिक गोल करने का अपना ही 54 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। लियोन गोरेत्जका का गोल बायर्न का लीग में इस सत्र का का 102वां गोल था जिससे उसने नया रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले का रिकॉड (101 गोल) भी बायर्न के नाम पर ही दर्ज था जो उसने 1971-72 में बनाया था। बायर्न ने इस मैच में सेंट पाउली को उसके घरेलू मैदान पर 5-0 से करारी शिकस्त दी। इस जीत से बायर्न ने रियाल मैड्रिड के खिलाफ होने वाले चैंपियंस लीग मैच के लिए अपनी तैयारी का पुख्ता सबूत भी पेश किया और बोरुसिया डॉर्टमुंड पर 12 अंकों की बढ़त बनाकर बुंडेसलिगा में खिताब जीतने की अपनी उम्मीदों को मजबूत किया। प्रतियोगिता में अभी पांच दौर के मैच खेले जाने बाकी हैं। जमाल मुसियाला ने नौवें मिनट में हेडर से गोल करके फ्रैंज बेकेनबॉयर और गेर्ड मुलर की मौजूदगी वाली बायर्न की 1971-72 की टीम के 101 गोल के रिकॉर्ड की बराबरी की। गोरेत्जका ने 53वें मिनट में वॉली से गोल करके रिकॉर्ड तोड़ दिया। इसके ठीक एक मिनट बाद माइकल ओलिस ने गोल संख्या को 103 तक पहुंचाया। निकोलस जैक्सन ने बायर्न के लिए चौथा गोल दागा और राफेल गुएरेइरो ने इस सत्र में उसकी गोल संख्या 105 कर दी। बायर्न 29 मैच में 76 अंक लेकर शीर्ष पर काबिज है। डॉर्टमुंड 29 मैच में 64 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है।  

एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप: अमन सहरावत और मुकुल दहिया को फाइनल में हार, भारत को दो रजत

बिश्केक भारतीय पहलवान अमन सहरावत और मुकुल दहिया एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में अपना-अपना फाइनल मुकाबला हार गए और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। ओलंपिक पदक विजेता अमन सहरावत को एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक से संतोष करना पड़ा, जबकि मुकुल दहिया भी रविवार को अपना फाइनल हार गए जिससे भारत ने 17 पदक (दो स्वर्ण सहित) से अपने अभियान का समापन किया। भारत ने कुल दो स्वर्ण, छह रजत और नौ कांस्य पदक जीते। दोनों ही मुक्केबाज फाइनल में हारे गैर ओलंपिक पुरुषों के फ्रीस्टाइल 61 किग्रा वर्ग में मुकाबला करते हुए अमन को फाइनल में कोरिया के क्वांग म्योंग किम के हाथों 10-13 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद पुरुषों के 86 किग्रा फ्रीस्टाइल फाइनल में मुकुल को ईरान के कामरान जी घासेमपोर के हाथों 0-7 से हार मिली जिससे उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। फिर दिनेश ने 125 किग्रा वर्ग में किर्गिस्तान के अर्स्लानबेक तुरदुबेकोव पर तकनीकी श्रेष्ठता (12-1) से जीत दर्ज करते हुए अपना कांस्य प्लेऑफ मुकाबला जीत लिया। टीम रैंकिंग में ईरान 178 अंकों के साथ शीर्ष पर रहा, जबकि भारत 162 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा और जापान 127 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।  

आयुष शेट्टी का शानदार सफर, एशियन चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर रचा इतिहास

निंगबो (चीन)  बैडमिंटन एशियन चैंपियनशिप के मेंस सिंगल्स फाइनल में भारतीय शटलर आयुष शेट्टी को चीन के दूसरी वरीयता प्राप्त शी यू की से हार का सामना करना पड़ा। रविवार को सीधे गेम में शिकस्त के साथ आयुष का सफर उपविजेता के तौर पर समाप्त हुआ। निंगबो ओलंपिक सेंटर में खेले गए फाइनल में विश्व रैंकिंग में 25वें स्थान पर काबिज 20 वर्षीय भारतीय शटलर को मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन यू की के हाथों 8-21, 10-21 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, सिल्वर मेडल के साथ आयुष साल 2018 में एचएस प्रणॉय के बाद इस महाद्वीपीय चैंपियनशिप में पोडियम पर जगह बनाने वाले पहले भारतीय मेंस सिंगल्स खिलाड़ी बन गए हैं। आयुष शेट्टी सेमीफाइनल में कुनलावुत विटिडसर्न को हराया था सेमीफाइनल में थाईलैंड के मौजूदा चैंपियन कुनलावुत विटिडसर्न पर मिली जीत के साथ ही, आयुष बैडमिंटन एशियन चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे भारतीय मेंस सिंगल्स खिलाड़ी (कुल मिलाकर तीसरे खिलाड़ी) बन गए थे। अगर आयुष फाइनल जीतते, तो दिनेश खन्ना की बराबरी कर लेते, जो 1965 में मेंस सिंगल्स चैंपियन बने थे।कर्नाटक के कारकला के पास स्थित एक छोटे से शहर सानूर के रहने वाले यूएस ओपन 2025 के चैंपियन आयुष का यह सफर किसी फिल्मी कहानी के जैसा रहा है, जिन्होंने फाइनल तक पहुंचने के रास्ते में टूर्नामेंट में कई बड़े उलटफेर किए। कुछ ऐसा रहा इस टूर्नामेंट में आयुष का सफर आयुष शेट्टी का दिग्गज खिलाड़ियों को हराने का सिलसिला पहले दौर से ही शुरू हो गया था, जहां उन्होंने ली शी फेंग को चौंकाते हुए मात दी, जो दुनिया के नंबर 7 खिलाड़ी और मौजूदा एशियन गेम्स चैंपियन थे। इसके बाद उन्होंने ची यू जेन पर जीत दर्ज करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। वहां उन्होंने एक और शानदार प्रदर्शन करते हुए वर्ल्ड नंबर-4 जोनाथन क्रिस्टी को हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में वर्ल्ड नंबर-1 कुनलावुत विटिडसर्न को खिताबी रेस से बाहर कर दिया। विमेंस सिंगल्स फाइनल में एन से-यंग ने वांग झीयी को 21-12, 17-12, 21-18 से हराकर एकमात्र बड़ा खिताब भी अपने नाम कर लिया, जो अब तक उनके पास नहीं था। 24 वर्षीय एन से यंग बैडमिंटन इतिहास की पहली विमेंस सिंगल खिलाड़ी बन गई हैं, जिन्होंने खेल के सभी बड़े खिताबों का करियर स्वीप पूरा किया, उन्होंने ओलंपिक गेम्स, वर्ल्ड चैंपियनशिप, वर्ल्ड टूर फाइनल्स, ऑल इंग्लैंड ओपन, एशियन गेम्स और एशियन चैंपियनशिप में खिताब अपने नाम किया है। लेखक के बारे मेंराहिल सैयदराहिल सैयद नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। वह स्पोर्ट्स सेक्शन के साथ जुड़े हुए हैं। राहिल क्रिकेट, फुटबॉल, टेनिस, हॉकी, रेसलिंग, बैडमिंटन आदि सभी प्रकार के खेलों को कवर करते हैं। खेल से जुड़ी किसी भी प्रकार की खबर को दर्शकों तक सबसे पहले पहुंचाना इनकी प्रायोरिटी होती है। नवभारत टाइम्स ऑनलाइन से राहिल फरवरी 2023 में जुड़े थे। संस्थान में अपनी जर्नी के दौरान इन्होंने आईपीएल, 2023 का वनडे वर्ल्ड कप, 2024 का टी20 वर्ल्ड कप और 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी भी कवर की है। इसके अलावा इन्होंने 2024 का यूरो कप, कोपा अमेरिका 2024 और फुटबॉल के अन्य बड़े टूर्नामेंट भी कवर किए हैं। टेनिस में ऑस्ट्रेलिया ओपन, विंबलडन जबकि ओलंपिक 2024 जैसे बड़े इवेंट्स भी कवर कर चुके हैं। पत्रकारिता का अनुभव- 2021 में राहिल ने डिजिटल पत्रकारिता का अपना सफर तेज तरार न्यूज चैनल से शुरू किया था। जहां उन्होंने सभी प्रकार की बीट पर काम किया था, जिसमें क्राइम, मनोरंजन, खेल आदि सभी बीट शामिल थीं। उसके बाद उन्होंने 2022 की शुरुआत में स्पोर्ट्जविकी जॉइन किया था। स्पोर्ट्जविकी में राहिल मुख्य रूप से क्रिकेट पर खबरें बनाते थे। इनको डिजिटल मीडिया में साढ़े चार साल हो गए हैं। राहिल सैयद ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी हॉनर्स किया है। उसके बाद उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से टीवी जर्नलिज्म में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया था

हैदराबाद में बड़ा मुकाबला, शीर्ष स्थान मजबूत करने उतरेगी राजस्थान रॉयल्स

 हैदराबाद बेहतरीन फॉर्म में चल रही राजस्थान रॉयल्स की टीम इंडियन प्रीमियर लीग में सोमवार को यहां जब सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी तो उसकी नजरें शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत करने पर टिकी होंगी। रॉयल्स ने मौजूदा सत्र में लगभग हर विभाग में अपना दबदबा दिखाया है। चार मैच में चार जीत टीम के दबदबे को दिखाती है। टीम के पास खतरनाक शीर्षक्रम और बेहद संतुलित गेंदबाजी आक्रमण है। टीम की सफलता में यशस्वी जायसवाल और किशोर स्टार वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार सलामी जोड़ी की अहम भूमिका रही है जिन्होंने पावरप्ले में लगातार विरोधी टीम के आक्रमण को ध्वस्त किया है। जायसवाल और सूर्यवंशी की निडर बल्लेबाजी ने उन्हें मौजूदा सत्र की सबसे खतरनाक जोड़ियों में से एक बना दिया है। तीसरे नंबर पर ध्रुव जुरेल ने स्थिरता दी है और यह सुनिश्चित किया है कि टीम लय नहीं खोए। कप्तान रियान पराग की अगुआई वाले मध्य क्रम की अब तक अधिक परीक्षा नहीं हुई है। जोफ्रा आर्चर ने तेजी और सटीकता के साथ गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई की है जबकि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर ने कोण और उछाल का इस्तेमाल करके विरोधी बल्लेबाजों को काफी परेशान किया है। संदीप शर्मा और तुषार देशपांडे ने उनका अच्छा साथ दिया है। बीच के ओवरों में रवि बिश्नोई सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं। वह नौ विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाजों की सूची में सबसे ऊपर हैं जबकि रविंद्र जडेजा के टीम से जुड़ने से स्पिन विभाग को और मजबूती मिली है। इसके उलट सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव वाला रहा है। टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में विफल रही है। अपने चार में से तीन मैच हारने के बाद पूर्व चैंपियन टीम छठे स्थान पर हैं। टीम अपनी पुरानी रणनीति पर चल रही है। वे तेज शुरुआत के लिए ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की तूफानी जोड़ी पर निर्भर हैं लेकिन दोनों ही लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। कार्यवाहक कप्तान इशान किशन भी अपनी शुरुआती पारी के बाद खराब फॉर्म में हैं। रन बनाने की जिम्मेदारी अधिकतर समय हेनरिक क्लासेन ने निभाई है जिन्होंने चार पारियों में 184 रन बनाए हैं और सनराइजर्स को कछ मौकों पर वापसी दिलाने में सफल रहे हैं। गेंदबाजी हालांकि टीम का कमजोर पक्ष है और नियमित कप्तान पैट कमिंस की गैरमौजूदगी ने टीम की परेशानियों को बढ़ा दिया है। गेंदबाजी आक्रमण विरोधी बल्लेबाजों को रोकने में जूझ रहा है विशेषकर बल्लेबाजी के अनुकूल हालात में जिससे बल्लेबाजों पर और दबाव पड़ रहा है। सनराइजर्स को अगर रॉयल्स की लय बिगाड़नी है तो शुरुआती विकेट और चटकाने होंगे तथा गेंदबाजी में एकजुट प्रदर्शन करना होगा। टीम इस प्रकार हैं सनराइजर्स हैदराबाद: इशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, अमित कुमार, सलिल अरोड़ा, ब्राइडन कार्स, पैट कमिंस, हर्ष दुबे, क्रेन्स फुलेट्रा, ट्रेविस हेड, प्रफुल हिंगे, हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन, इशान मलिंगा, कामिंदु मेंडिस, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षल पटेल, डेविड पेन, साकिब हुसैन, शिवम मावी, शिवांग कुमार, रविचंद्रन स्मरण, ओंकार तरमाले, जयदेव उनादकट, अनिकेत वर्मा और जीशान अंसारी। राजस्थान रॉयल्स: रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रवि सिंह, अमन पेराला, शिमरोन हेटमायर, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, रविंद्र जडेजा, सैम करेन, एडम मिल्ने, बृजेश शर्मा, जोफ्रा आर्चर, कुलदीप सेन, क्वेना मफाका, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और संदीप शर्मा। समय: मैच शाम सात बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा।

हैदराबाद में आज SRH और राजस्थान रॉयल्स की भिड़ंत, प्लेऑफ की रेस तेज

हैदराबाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 21वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का सामना राजस्थान रॉयल्स (RR) से 13 अप्रैल को होगा। RR ने अपने चारों मैच जीते हैं और रियान पराग की कप्तानी वाली टीम अपनी जीत की लय को बरकरार रखना चाहेगी। SRH ने 1 मैच जीता है और 3 में शिकस्त झेली है। ईशान किशन की कप्तानी में टीम अपनी दूसरी जीत दर्ज करना चाहेगी। आइए मैच से जुड़ी जरूरी बातों पर एक नजर डालते हैं। SRH का पलड़ा रहा है भारी IPL में दोनों टीमों की भिड़ंत में अब तक SRH का पलड़ा भारी रहा है। RR और SRH के टीमों के बीच IPL के इतिहास में अब तक कुल 21 मैच खेले गए हैं। इन मुकाबलों में 12 मैच SRH ने अपने नाम किए हैं और 9 मैच में RR को जीत मिली है। IPL 2025 में इकलौती भिड़ंत में SRH ने RR को 44 रन से हराया था। इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है SRH की टीम SRH को अपने पिछले मैच में PBKS के खिलाफ हार मिली थी। उस मैच में SRH ने पहले खेलते हुए 219/6 का स्कोर बनाया था। इसके बावजूद SRH के गेंदबाज इस स्कोर का बचाव करने में नाकाम रहे थे। ऐसे में SRH के गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे। संभावित एकादश: ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (कप्तान/विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट और ईशान मलिंगा। इस संयोजन के साथ उतर सकती है RR RR ने अपने पिछले मैच में RCB को 6 विकेट से हराया था। उस मैच में RR ने जीत के लिए मिले 202 रन के लक्ष्य को 4 विकेट के नुकसान पर हासिल किया था। RR एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। संभावित एकादश: वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, रविंद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई, और बृजेश शर्मा। ये हो सकते हैं इम्पैक्ट सब्स प्लेयर SRH: हर्ष दुबे, लियाम लिविंगस्टोन, शिवम मावी, और जीशान अंसारी। RR: शुभम दुबे, तुषार देशपांडे, एडम मिल्ने, और दासुन शनाका। कैसी होगी पिच की स्थिति? राजीव गांधी क्रिकेट स्‍टेडियम की पिच पर गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिलती है। हालांकि, तेज गेंदबाजों की तुलना में स्पिन गेंदबाज थोड़े असरदार साबित होते हैं। तेज गेंदबाजों को विकेट चटकाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होंगे। एक बार बल्लेबाजों की यहां नजरें जम जाती है तो आसानी से बड़े-बड़े शॉट लगते हैं। हाउस्टेट के मुताबिक, यहां पहली पारी का औसत स्कोर 162 रन है। यहां सर्वोच्च स्कोर SRH (286/6 बनाम RR, 2025) ने ही बनाया है। कैसा रहेगा मौसम का हाल? एक्यूवेदर के मुताबिक, 13 अप्रैल को हैदराबाद में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने की उम्मीद है। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। मैच के दौरान बारिश की संभावना नहीं है। इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें IPL 2026 में सूर्यवंशी अब तक 4 पारियों में 50.00 की औसत और 266.66 की स्ट्राइक रेट के साथ 200 रन बना चुके हैं। उन्होंने 2 अर्धशतक भी लगाए हैं। क्लासेन ने 4 पारियों में 46.00 की औसत और 140.45 की स्ट्राइक रेट से 184 रन अपने नाम किए हैं। गेंदबाजी में रवि बिश्नोई ने 12.66 की औसत और 8.76 की इकॉनमी रेट के साथ 9 विकेट लिए हैं। कब और कहां देखें मुकाबला? SRH और RR के बीच यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।