samacharsecretary.com

पंत के बल्ले से इतिहास की आहट, 6 छक्के और लगते ही बनेगा बड़ा रिकॉर्ड

चंडीगढ़  भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज ऋषभ पंत के पास अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले के दौरान एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका है। विकेटकीपर ने भारत के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाए हैं और उनके पास 100 छक्के तक पहुंचने वाला पहला भारतीय बल्लेबाज बनने का सुनहरा मौका है। आईपीएल में निराशाजनक प्रदर्शन को भुलाकर पंत आगामी टेस्ट में नई शुरुआत करने उतरेंगे। उनका फॉर्म खेल के सबसे बड़े प्रारूप में सवालों के घेरे में था, जिसके बाद उन्हें उपकप्तानी के पद से भी हटा दिया गया। भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच शनिवार से होने जा रहा है। भारत के टेस्ट में सर्वाधिक छक्के भारत के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड ऋषभ पंत के नाम है। उन्होंने भारत के लिए 49 टेस्ट मैच में 94 छक्के लगाए हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज ने टीम के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग को इस लिस्ट में पीछे छोड़ा था, जिन्होंने 104 मैचों में 90 छक्के मारे थे। पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने 67 मैचों में 88 छक्के जड़े हैं। वह इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने 89 मैचों में 80 छक्के जड़े हैं। इसके अलावा दिग्गज एमएस धोनी भी इस लिस्ट में मौजूद हैं। धोनी ने 90 मैच खेलते हुए 78 छक्के ठोके थे। सचिन तेंदुलकर ने 200 मैचों में भारत के लिए 69 छक्के लगाए हैं। ऋषभ पंत ने भारत के लिए अब तक 49 टेस्ट मैच खेले हैं और वह शनिवार को 50 टेस्ट मैच खेलने उतरेंगे। पंत ने 49 टेस्ट मैच में 3476 रन बनाए हैं। उनका औसत 42.91 का है। विकेटकीपर बल्लेबाज ने टेस्ट फॉर्मेट में आठ शतक और 18 अर्धशतक लगाए हैं। हालांकि अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में ऋषभ पंत नए रूप में दिख सकते हैं और थोड़ा संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए दिखेंगे। क्योंकि टीम मैनेजमेंट ने उनसे मैच के हिसाब से खेलने के लिए कहा है। आईपीएल 2026 में पंत का प्रदर्शन ऋषभ पंत के आईपीएल का 19वां सीजन बेहद खराब रहा। पिछले सीजन की तरह इस बार भी टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी और 10 टीमों के टूर्नामेंट में अंतिम पायदान पर रही। ऋषभ पंत बतौर बल्लेबाज भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। सीजन खत्म होने के बाद उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी के पद से इस्तीफा दे दिया था। भारत के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के ऋषभ पंत – 94 वीरेंद्र सहवाग-90 रोहित शर्मा-88 रविंद्र जडेजा-80 एम एस धोनी-78 सचिन तेंदुलकर-69

डेब्यू का मौका और नए संयोजन की तैयारी, अफगानिस्तान मुकाबले के लिए भारत की संभावित XI

 मुल्लांपुर अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के साथ टीम इंडिया अपने 2026 के टेस्ट अभियान की शुरुआत करने जा रही है. 6 जून (शनिवार) से न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुकाबले में भारतीय टीम की प्लेइंग-11 क्या होगी, इस पर भी फैन्स की निगाहें हैं।  मैच से एक दिन पहले मुख्य कोच गौतम गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई अहम संकेत दिए, जिससे यह अंदाजा लगाना आसान हो गया कि अफगानिस्तान के खिलाफ भारत किस संयोजन के साथ उतर सकता है. खास बात यह है कि कुछ युवा खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है, जबकि कुछ बड़े नाम अपनी जगह पक्की कर चुके हैं।  भारतीय बल्लेबाजी की शुरुआत एक बार फिर यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की जोड़ी करेगी. जायसवाल इस समय भारत के सबसे भरोसेमंद टेस्ट बल्लेबाजों में गिने जाते हैं, जबकि राहुल को इस मैच के लिए उपकप्तान भी बनाया गया है।  गंभीर देंगे सुदर्शन को भी मौका IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 में बल्ले से धमाल मचाने वाले साई सुदर्शन को नंबर-3 पर मौका मिलना लगभग तय माना जा रहा है. गौतम गंभीर ने भी संकेत दिए हैं कि टीम मैनेजमेंट युवा बल्लेबाज को लंबी पारी खेलने की जिम्मेदारी सौंपने के मूड में है. साई ने IPL 2026 में 722 रन बनाए थे और अब वह उसी फॉर्म को टेस्ट क्रिकेट में भी जारी रखना चाहेंगे. साई के प्लेइंग-11 में जगह बनाने का मतलब यह है कि देवदत्त पडिक्कल को बाहर बैठना पड़ेगा।  गर्दन की चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछला टेस्ट नहीं खेलने वाले शुभमन गिल अब पूरी तरह फिट हैं और नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते नजर आएंगे. वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ के लिए यह मुकाबला बेहद खास रहने वाला है. पंत अपने करियर का 50वां टेस्ट मैच खेलने उतरेंगे और टीम उनसे बड़ी पारी की उम्मीद करेगी. नीतीश कुमार रेड्डी तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर की भूमिका में नजर आ सकते हैं. पिछले कुछ महीनों में उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावित किया है।  इसके अलावा वॉशिंगटन सुंदर का खेलना भी तय माना जा रहा है. सुंदर टीम को स्पिन के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी गहराई देंगे. कुलदीप यादव भारत के मुख्य स्पिनर होंगे. रवींद्र जडेजा की गैरमौजूदगी में कुलदीप पर बड़ी जिम्मेदारी होगी. वहीं घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले हर्ष दुबे को टेस्ट डेब्यू का मौका मिल सकता है।  हालांकि हाल के दिनों में मोहम्मद सिराज के वर्कलोड मैनेजमेंट को लेकर चर्चा हुई थी, लेकिन ताजा संकेतों के अनुसार वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा रह सकते हैं. सिराज वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप 2025-27 चक्र में भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं और अफगानिस्तान के खिलाफ तेज आक्रमण की अगुआई करेंगे. उनका साथ देने के लिए प्रसिद्ध कृष्णा सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं. ऐसे में पंजाब के युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को डेब्यू के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।  भारतीय टीम की संभावित प्लेइंग-11: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उप कप्तान), साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा। 

एक खिलाड़ी ने पलटा पूरा मैच! पाकिस्तान को हराकर भारतीय टीम फाइनल में, खिताब से एक कदम दूर

 काकामिघारा भारतीय टीम मेन्स अंडर-18 हॉकी एशिया कप 2026 के फाइनल में पहुंच गई है. शुक्रवार (5 जून) को कावासाकी हेवी इंडस्ट्रीज हॉकी स्टेडियम में खेले गए हाईवोल्टेज सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने शानदार वापसी करते हुए पाकिस्तान को 5-3 से मात दी और खिताबी मुकाबले में जगह पक्की कर ली. मैच के सबसे बड़े हीरो रहे पूर्ति आशीष तानी रहे, जिन्होंने अकेले चार गोल दागकर पाकिस्तान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।  यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि एक समय भारत 2-3 से पीछे चल रहा था, लेकिन टीम ने शानदार जज्बा दिखाते हुए वापसी की और पाकिस्तान को मुकाबले से बाहर कर दिया. अब फाइनल में भारत का सामना जापान से होगा. खिताबी मुकाबला शनिवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा।  भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले की शुरुआत बेहद तेज रफ्तार रही. दोनों टीमों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और गोल करने के मौके तलाशते रहे. पहले क्वार्टर में भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला. पाकिस्तान ने रिव्यू लेकर फैसला बदलवाने की कोशिश की, लेकिन अंपायर का फैसला बरकरार रहा. इसके बाद पूर्ति आशीष तानी ने 12वें मिनट में गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी।  दूसरे क्वार्टर में पाकिस्तान ने जोरदार वापसी की. पाकिस्तानी टीम को लगातार पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय डिफेंस और गोलकीपर ने शानदार बचाव किया. हालांकि 27वें मिनट में अदील ने बेहतरीन फिनिश के साथ गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया. हाफ टाइम तक दोनों टीमें बराबरी पर थीं और मुकाबला पूरी तरह खुला हुआ था।  तीसरे क्वार्टर में भारत ने फिर से आक्रमण की धार तेज की. 35वें मिनट में अली शाहरुख ने गोल कर भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई. लेकिन पाकिस्तान ने भी तुरंत जवाब दिया और महज दो मिनट बाद मुहम्मद फरहान असलम ने गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया. इसके बाद पाकिस्तान ने मैच में पहली बार बढ़त हासिल की. 42वें मिनट में उजैर अहमद ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर पाकिस्तान को 3-2 से आगे कर दिया. इस समय मुकाबला पूरी तरह पाकिस्तान की ओर झुकता नजर आ रहा था।  आखिरी क्वार्टर में भारतीय टीम ने ऐसा खेल दिखाया जिसने पूरे मैच की कहानी बदल दी. पूर्ति आशीष तानी ने पहले भारत को बराबरी दिलाई और फिर 53वें मिनट में अपना तीसरा गोल दागकर हैट्रिक पूरी की. इस गोल ने भारत को 4-3 की बढ़त दिला दी और पाकिस्तान दबाव में आ गया. मैच खत्म होने से पहले तानी ने अपना चौथा गोल भी दाग दिया और भारत की जीत को पूरी तरह सुनिश्चित कर दिया,. उनके चार गोलों के दम पर भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से हराकर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। 

वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है बड़ा इनाम, टीम इंडिया में एंट्री की तैयारी पूरी

नई दिल्ली  15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में खत्म हुए इंडियन प्रीमियर लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में टॉप किया. अब आयरलैंड और इंग्लैंड में होने वाली T20I सीरीज के लिए पहली बार भारत की टीम में शामिल होने जा रहे हैं. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के चयनकर्ता शनिवार (6 जून) को मुंबई में मिलेंगे. यहां आयरलैंड और इंग्लैंड में होने वाली दो T20 सीरीज के लिए भारत की टीम का चयन करेंगे. उम्मीद की जा रही है कि सूर्यवंशी इन दोनों टीमों का हिस्सा होंगे।  ESPNCricinfo की रिपोर्ट के अनुसार, “वैभव सूर्यवंशी को पहली बार टीम इंडिया में मौका मिलने जा रहा है. चयनकर्ता 2028 में लॉस एंजिल्स ओलंपिक और उसी साल ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले अगले T20 वर्ल्ड कप की तैयारी कर रहे हैं।  बिहार के बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव ने इस साल की शुरुआत में U19 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार जीता था. IPL 2026 में अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया. उन्होंने 237.30 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और 16 मैचों में कुल 776 रन बनाकर टूर्नामेंट में रिकॉर्ड बनाया. राजस्थान रॉयल्स के लिए ओपनिंग करते हुए 16 मैचों में उन्होंने 72 छक्के लगाए. यह किसी भी खिलाड़ी द्वारा T20 सीरीज या टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा हैं।  इस साल के IPL में वैभव की शानदार बल्लेबाजी को सचिन तेंदुलकर, पैट कमिंस और अन्य दिग्गज खिलाड़ियों ने खूब सराहा. अब वह इंटरनेशनल मैचों में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बनने जा रहे हैं. जहां वैभव के टीम इंडिया में शामिल होने की खबर है, वहीं T20 वर्ल्ड कप 2026 विजेता टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव को बाहर किया जा सकता है।  सूर्या IPL 2026 में बेहद खराब फॉर्म में रहे और पिछले 18 महीनों में टीम इंडिया के लिए भी उनकी बल्लेबाजी प्रभावित नहीं कर पाई. लगभग तय है कि श्रेयस अय्यर सूर्यकुमार की जगह भारत के नए कप्तान बनेंगे. उन्होंने दिसंबर 2023 के बाद से तीन बार T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के लिए 20 ओवर के फॉर्मेट में कोई मैच नहीं खेला है। 

अचानक संन्यास लेकर चौंकाया! केएस भरत ने विराट और रोहित को कहा शुक्रिया

  नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट से एक परिचित चेहरा दूर हो गया है. विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत ने गुरुवार (4 जून) को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया. भरत ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए अपने फैसले की जानकारी दी. उनके इस ऐलान के बाद क्रिकेट जगत में उनके सफर को याद किया जा रहा है।  32 साल के केएस भरत उन खिलाड़ियों में रहे, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में वर्षों तक लगातार मेहनत की और शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम तक का सफर तय किया।. हालांकि उनका अंतरराष्ट्रीय करियर लंबा नहीं रहा, लेकिन भारतीय टीम की टेस्ट कैप हासिल करना उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल रहा।  संन्यास की घोषणा करते हुए भरत ने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'गर्व और कृतज्ञता के साथ मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा करता हूं. अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है.' भरत ने अपने संदेश में भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI), आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन, वाइजैग डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (VDCA) और अपने परिवार का आभार जताया. उन्होंने पूर्व कप्तान विराट कोहली, रोहित शर्मा और पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया, जिन्होंने उनके करियर में अहम भूमिका निभाई।  कैसा रहा भरत का टेस्ट करियर? केएस भरत को लंबे इंतजार के बाद भारतीय टेस्ट टीम में मौका मिला था. उन्होंने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 के दौरान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया. विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर उन्हें ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी में टीम में शामिल किया गया था. भरत ने भारतीय टीम के लिए कुल 7 टेस्ट मैच खेले, जिनमें उन्होंने 20.09 की औसत 221 रन बनाए. उनका आखिरी टेस्ट मैच फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ विशाखापत्तनम में था. इसके बाद युवा खिलाड़ियों की एंट्री और कड़ी प्रतिस्पर्धा के चलते वह टीम में अपनी जगह बरकरार नहीं रख सके।  अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भले ही केएस भरत को ज्यादा मौके नहीं मिले, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड शानदार रहा. आंध्र प्रदेश के लिए खेलते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण पारियां खेलीं और विकेटकीपर के रूप में भी अपनी अलग पहचान बनाई. भरत भारतीय घरेलू क्रिकेट के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर राष्ट्रीय टीम का दरवाजा खटखटाया. उनकी मेहनत और संघर्ष को हमेशा याद किया जाएगा।  केएस भरत इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का भी हिस्सा रहे. उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए खेलते हुए अपनी उपयोगिता साबित की. आईपीएल में उन्होंने 10 मैचों में 199 रन बनाए और कुछ यादगार पारियां भी खेलीं. आरसीबी के लिए खेलते हुए उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं. भरत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है, लेकिन घरेलू क्रिकेट और भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान को लंबे समय तक याद रखा जाएगा। 

भारतीय टी-20 क्रिकेट की कमान अब श्रेयस अय्यर के हाथों में, सूर्यकुमार यादव की छुट्टी

 नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट में एक बड़ा बदलाव हो गया है. श्रेयस अय्यर को टीम इंडिया का नया T20 कप्तान बना दिया गया है. अब तक यह जिम्मेदारी सूर्यकुमार यादव के पास थी, लेकिन अब उनकी जगह श्रेयस अय्यर टीम की कमान संभालेंगे।  कुछ समय से सूर्यकुमार यादव की कप्तानी और उनके खेल को लेकर काफी सवाल उठ रहे थे. T20 वर्ल्ड कप में और उसके बाद के मैचों में उनका अपना खेल उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. इसके अलावा आईपीएल में भी वो वैसा नहीं खेल पाए जैसी उनसे उम्मीद थी. इन सब बातों को देखते हुए टीम के चुनाव करने वालों ने यानी सेलेक्टर्स ने सोचा कि अब नए कप्तान की तलाश करनी होगी।  श्रेयस अय्यर को क्यों चुना गया? श्रेयस अय्यर काफी समय से भारतीय क्रिकेट में एक भरोसेमंद बल्लेबाज के तौर पर जाने जाते हैं. घरेलू क्रिकेट में और IPL में वो पहले भी कप्तानी कर चुके हैं. मैदान पर वो अच्छी सोच के साथ खेलते हैं और दबाव में भी सही फैसले लेते हैं. इन्हीं खूबियों की वजह से टीम मैनेजमेंट की नजर में वो सबसे सही उम्मीदवार थे।  अब आगे क्या होगा? श्रेयस अय्यर के कप्तान बनने के साथ भारतीय T20 टीम में एक नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है. सबकी नजर अब इस पर रहेगी कि उनके नेतृत्व में टीम आने वाली सीरीज और बड़े टूर्नामेंट में कैसा खेलती है. इसके अलावा टीम में खिलाड़ियों के चुनाव और बल्लेबाजी के क्रम में भी कुछ जरूरी बदलाव देखने को मिल सकते हैं।  बड़ी जिम्मेदारी है अय्यर के कंधों पर अब श्रेयस अय्यर के सामने सिर्फ रन बनाने की चुनौती नहीं है. उन्हें पूरी टीम को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है. यह फैसला भारतीय क्रिकेट के लिए आने वाले वक्त की दिशा तय करने वाला माना जा रहा है।   

ट्रायल्स से बाहर होने के बावजूद WFI की जिद पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, विनेश फोगाट केस में अहम टिप्पणी

सोनीपत  सुप्रीम कोर्ट ने पहलवान विनेश फोगाट के एशियन गेम्स के ट्रायल्स में हिस्सा लेने के खिलाफ कुश्ती संघ की याचिका पर सुनवाई गुरुवार (4 जून, 2026) को बंद कर दी है. कोर्ट को बताया गया कि विनेश ट्रायल्स में हिस्सा ले चुकी हैं और हारकर बाहर भी हो चुकी हैं. इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने आगे सुनवाई को गैरजरूरी बताया।  कुश्ती संघ (WFI) ने हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी थी जिसमें विनेश को ट्रायल्स में जाने की अनुमति दी गई थी. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि मामले से जुड़े कानूनी सवाल खुले हैं. हाईकोर्ट चाहे तो उन पर विचार कर सकता है।  बार एंड बेंच की रिपोर्ट के अनुसार कुश्ती संघ ने दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर रोक लगाने की मांग की है. कुश्ती संघ की तरफ से सीनियर एडवोकेट डीएन गोवर्धन ने कोर्ट से अनुरोध किया है कि पैरा नंबर 31 से आगे का हाईकोर्ट का आदेश रद्द कर दिया जाना चाहिए, क्योंकि इसमें तो यहां तक कह दिया गया है कि डब्ल्यूएफआई की कार्रवाई दुर्भावनापूर्ण और निंदनीय है. हालांकि, कोर्ट ने आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है।  सुप्रीम कोर्ट ने कुश्ती संघ से कहा है कि हाईकोर्ट की इन टिप्पणियों का सिंगल बेंच के पास लंबित मामले की सुनवाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा. कोर्ट ने यह भी कहा कि हाईकोर्ट के निष्कर्षों को सुप्रीम कोर्ट ने नहीं दोहराया है और मुद्दे अभी भी अनसुलझे हैं।  यह मुद्दा विनेश फोगाट को एशियन गेम्स के ट्रायल्स में शामिल होने के लिए इजाजत देने से जुड़ा है. पहले हाईकोर्ट ने विनेश फोगाट को ट्रायल्स में जाने की अनुमति दे दी थी और फिर 29 मई को सुप्रीम कोर्ट ने भी फैसले को बरकरार रखा. हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने विनेश को इजाजत देने के लिए हाईकोर्ट की तरफ से अपनाए गए दृष्टिकोण पर विचार करने के लिए मामले को लंबित रखा था।  कोर्ट ने कहा कि हाईकोर्ट ने आदेश में मातृत्व पर पन्ने दर पन्ने खर्च कर दिए, जबकि असली मुद्दा इंटरनेशनल टेस्टिंग एजेंसी (ITA) के मानदंडों से जुड़ा है क्योंकि विनेश फोगाट डोपिंग टेस्ट में शामिल नहीं हुईं।  सुप्रीम कोर्ट ने विनेश को फटकार भी लगाई थी कि वह 2024 से गायब हैं, कभी मातृत्व और कभी  बतौर विधायक हरियाणा विधनासभा की कार्यवाही में व्यस्त होने का हवाला दिया. 2026 के डोपिंग टेस्ट में भी शामिल नहीं हुईं. कोर्ट ने उनसे कहा था कि हमें समझना होगा कि भारतीय खेल, विश्व खेलों से जुड़े हुए हैं. खिलाड़ी की उपलब्धियों का सम्मान होना चाहिए, लेकिन देश हर बात से पहले है. हाईकोर्ट ने विनेश फोगाट को घरेलू प्रतियोगिताओं और 2026 के एशियन गेम्स के ट्रायल्स के लिए अयोग्य ठहराए जाने की डब्ल्यूएफआई की कार्रवाई को निंदनीय और बदले की भावना से प्रेरित बताया था. उन्होंने कहा था कि मातृत्व अवकाश के बाद वापसी कर रही खिलाड़ी से ऐसा व्यवहार अस्वीकार्य है। 

कराटे में विंध्य की बेटी का कमाल, राज्य स्तर पर सफलता के बाद राष्ट्रीय मंच पर चुनौती

शहडोल खेल की बात हो और शहडोल का नाम ना आए ऐसा हो नहीं सकता है. शहडोल जिले में क्रिकेट ही नहीं बल्कि और भी खेलों के गजब टैलेंट है. अभी हाल ही में शहडोल से काव्या सिंह वैश्य कराटे के खेल में नेशनल खेलने देहरादून गई हुई हैं, जिनसे गोल्ड मेडल की आस है. 4 जून से 7 जून तक उत्तराखंड के देहरादून में कराटे का नेशनल होना है।  ये फेडरेशन नेशनल है, जिसे बहुत ही अहम चैंपियनशिप माना जा रहा है. इस नेशनल गेम्स में काव्या सिंह वैश्य से गोल्ड मेडल की उम्मीद जताई जा रही है. उनके कोच रामकिशोर चौरसिया का मानना है कि, काव्या की तैयारी पूरी है और जिस तरह से उसने स्टेट में गोल्ड मेडल जीता है, ठीक उसी तरह से नेशनल में भी इससे बेहतर की उम्मीद है।  कौन हैं काव्या सिंह वैश्य? काव्या सिंह वैश्य शहडोल जिले की उभरती हुई युवा कराटे खिलाड़ी हैं. जिनकी उम्र अभी लगभग 15 साल के करीब है. हाल ही में देहरादून में होने वाले नेशनल गेम्स में 14 से 15 कैडेट वर्ग में हिस्सा लेंगी. जिसमें 61 किलोग्राम वर्ग में खेलेंगी. ये नेशनल फेडरेशन उनके करियर के लिए अहम मानी जा रही है. काव्या सिंह वैश्य बताती हैं कि, ''वो पिछले 5 साल से कराटे सीख रही हैं. अब तक तीन स्टेट और दो नेशनल खेल चुकी हैं. जिसमें नेशनल में एक गोल्ड मेडल और एक सिल्वर मेडल है।  काव्या सिंह कहती हैं कि, ''वो कराटे में शुरुआत से ही अपना 100 परसेंट दे रही हैं. उनके जीवन का लक्ष्य बेस्ट कराटे प्लेयर बनना है और देश का नाम रोशन करना है.'' वो कहती है कि, ''उनकी प्रैक्टिस बहुत ही अच्छी चल रही है. किसी भी खिलाड़ी के करियर में सबसे बड़ा सपोर्ट उनकी फैमिली का होता है और उनकी फैमिली इस खेल के लिए उनका पूरा सपोर्ट कर रही है. इसीलिए वह चाहती है कि इस खेल में वह कुछ बेहतर करके दिखाएं, जिससे उनकी फैमिली और देश का नाम रोशन हो सके।  कई सालों से कर रहीं कोचिंग काव्या सिंह के कोच रामकिशोर चौरसिया बताते हैं कि, ''काव्या उनके पास चार-पांच साल पहले आई थी और जब से आई है तब से बड़े ही डिसिप्लिन तरीके से कोचिंग कर रही है. उसमें खास बात यह है कि वह मेहनत करती हैं और उससे भागती नहीं है. ज्यादातर बच्चों में देखने को आता है कि जब वह ट्रेनिंग करने आते हैं जब तक ध्यान न दो प्रैक्टिस नहीं करते. लेकिन काव्या के साथ ऐसा नहीं है. अगर उसे कोई टास्क दिया गया है तो उसे वो ईमानदारी से पूरा करती है और यही उसकी सफलता का राज है। 

IND vs AFG: हैमस्ट्रिंग इंजरी ने बढ़ाई टीम इंडिया की चिंता, वनडे सीरीज नहीं खेलेंगे विराट कोहली

मुंबई   टीम इंडिया को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से पहले बड़ा झटका लगा है. न्यूज एजेंसी पीटीआई ने रिपोर्ट किया है कि स्टार बल्लेबाज विराट कोहली हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के कारण इस तीन मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं. हालांकि BCCI ने अभी तक इस सीरीज के लिए कोहली के रिप्लेसमेंट की पुष्टि नहीं की है।  कोहली को कब लगी थी चोट? कोहली को यह चोट IPL 2026 के फाइनल के दौरान लगी थी, जब उन्होंने RCB को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 156 रनों का लक्ष्य हासिल करते समय नाबाद 75 रनों की शानदार पारी खेली थी. मैच के दौरान कोहली को रन बनाते समय कुछ परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसकी वजह से उन्हें कई बार मेडिकल टीम से भी मदद लेनी पड़ी थी।  बता दें कि अफगानिस्तान एक टेस्ट और तीन वनडे मैच खेलने के लिए भारत के दौरे पर है. टेस्ट मैच 6-10 जून तक न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा. जबकि तीन वनडे मैच 13 जून से 20 जून तक खेले जाएंगे. इसके बाद टीम इंडिया इंग्लैंड के दौरे पर जाएगी, जहां उसे 14 जुलाई से 19 जुलाई के बीच तीन वनडे मैच खेलने हैं।  गलत समय पर लगी चोट यह चोट इस स्टार बल्लेबाज के लिए बिल्कुल गलत समय पर आई है. विराट कोहली टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट से संन्यास लेने के बाद सिर्फ वनडे फॉर्मेट ही खेल रहे हैं, और वो इस समय इस फॉर्मेट में अपने सबसे शानदार फॉर्म से भी गुजर रहे हैं. 2025 में इस फॉर्मेट में कोहली 13 मैचों में 651 रन बनाकर भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे, जिसमें तीन शतक और चार अर्धशतक शामिल थे. उन्होंने इस फॉर्म को 2026 में भी जारी रखा और न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में 240 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था।  विराट फैंस को बड़ा झटका विराट कोहली के करोड़ों फैंस चाह रहे हैं कि ये स्टार बल्लेबाज 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेले और सेंचुरी की सेंचुरी भी पूरी करे, जिससे वो सिर्फ 15 शतक दूर हैं. कोहली के टेस्ट में 30 वनडे में 54 और टी20 इंटरनेशनल में 1 शतक हैं. अगर कोहली वनडे में अपनी शानदार फॉर्म को बरकरार रख पाते हैं तो फिर वो सचिन तेंदुलकर के सेंचुरी की सेंचुरी के रिकॉर्ड को भी तोड़ सकते हैं।  अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम इंडिया का वनडे स्क्वाड शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे।  इस स्क्वाड में से रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या को सब्जेक्टेड टू फिटनेस की कैटेगरी में रखा गया है. जिसका मतलब साफ है कि इन दोनों स्टार खिलाड़ियों को सीरीज शुरू होने अपनी फिटनेस साबित करनी होगी। 

अगरकर और गंभीर लेंगे बड़ा फैसला, T20 टीम की कप्तानी की रेस में श्रेयस सबसे आगे

नई दिल्ली टीम इंड‍िया को टी20 वर्ल्ड कप 2026 ज‍िताने के बावजूद कप्तान सूर्यकुमार यादव पर संकट है, उनकी हाल‍िया फॉर्म गड़बड़ रहा, जिस वजह से उनकी स्थिति पूरी तरह सुरक्षित नहीं मानी जा रही है।  टी20 वर्ल्ड कप में उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा, जबकि आईपीएल 2026 में भी उनका बल्ला लगातार संघर्ष करता नजर आया. यही वजह है कि टीम  सेलेक्टर्स अब भविष्य को ध्यान में रखते हुए टी20 टीम के लिए नए नेतृत्व विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।   जानकारी के अनुसार टीम इंड‍िया की अगली टी20 सीरीज, जो आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर खेली जानी है, उससे पहले कप्तानी को लेकर अहम चर्चा हो सकती है. इस रेस में श्रेयस अय्यर सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं. हालांकि अंतिम फैसला लेने से पहले सूर्यकुमार यादव के भविष्य और टीम की दिशा को लेकर हेड कोच गौतम गंभीर से भी राय-मशविरा किया जाएगा।  सूत्रों का कहना है कि सेलेक्टर्स की प्राथमिकता केवल अगली सीरीज नहीं, बल्कि अगले दो टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए एक दीर्घकालिक कप्तान चुनना है. इसी वजह से ऐसे खिलाड़ी की तलाश हो रही है जो लंबे समय तक टीम का नेतृत्व कर सके।  श्रेयस अय्यर के पक्ष में सबसे बड़ा तर्क उनका नेतृत्व अनुभव और हालिया प्रदर्शन है. आईपीएल में कप्तानी करते हुए उन्होंने खुद को एक सफल लीडर के रूप में स्थापित किया है. साथ ही बल्लेबाजी में भी लगातार रन बनाकर उन्होंने अपनी दावेदारी मजबूत की है. माना जा रहा है कि टीम प्रबंधन उन्हें टी20 टीम में नए नंबर-4 बल्लेबाज के रूप में भी देख रहा है. यदि ऐसा होता है तो वह प्लेइंग इलेवन में सूर्यकुमार यादव की जगह ले सकते हैं।  क्या केवल अय्यर ही हैं टी20 कप्तानी की रेस में…  हालांकि कप्तानी की दौड़ केवल अय्यर तक सीमित नहीं है. शुभमन गिल, अक्षर पटेल, तिलक वर्मा और इशान किशन भी सेलेक्टर्सओं की नजर में हैं. इनमें तिलक और ईशान ऐसे नाम बताए जा रहे हैं जो अंतिम समय में बड़ा उलटफेर कर सकते हैं. अगर अय्यर को कप्तानी मिलती है तो इन दोनों में से किसी एक को उप-कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।  इस बीच टीम सेलेक्शन और भविष्य की रणनीति को लेकर मुख्य सेलेक्टर्स अजीत अगरकर और हेड कोच गौतम गंभीर के बीच कई मुद्दों पर अलग-अलग राय होने की भी चर्चा है. खासकर नेशनल टीम में विशेषज्ञ खिलाड़ियों की भूमिका को लेकर दोनों की सोच अलग बताई जाती है. सूत्रों के मुताबिक अगरकर चयन समिति में बेहद प्रभावशाली भूमिका निभा रहे हैं और कप्तानी से जुड़े फैसले में उनकी राय अहम रहने वाली है।  आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले टीम इंड‍ियाीय क्रिकेट में सबसे बड़ी चर्चा अब यही है कि क्या सूर्यकुमार यादव टी20 कप्तान बने रहेंगे या फिर टीम इंडिया एक नए दौर की शुरुआत श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में करेगी।