samacharsecretary.com

एशिया कप में जगह पाकर चौंके रिंकू सिंह, कहा- फॉर्म सही नहीं थी

नई दिल्ली  बीसीसीआई ने आगामी एशिया कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया है, जिसमें विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह का नाम भी शामिल है। भारतीय टीम के लिए 33 टी20 मैच खेल चुके रिंकू सिंह को उम्मीद नहीं थी कि उन्हें एशिया कप के लिए भारतीय स्क्वॉड में जगह मिलेगी। रिंकू सिंह ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट में हाल में खराब प्रदर्शन के कारण वह अपने चयन को लेकर आश्वस्त नहीं थे।   एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चयन होने के बाद रिंकू सिंह ने एक दमदार शतक भी लगाया है। रिंकू ने मेरठ मावर्रिक्स के लिए खेलते हुए शानदार पारी खेली। मेरठ की टीम ने 168 रनों के लक्ष्य का पीछा किया। इस दौरान मेरठ मावर्रिक्स ने 8 ओवर के अंदर 4 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद रिंकू ने पारी को संभाला। रिंकू सिंह ने रेवस्पोर्ट्स से बातचीत में कहा, ''एशिया कप के लिए टीम में अपना नाम देखने के बाद मैं प्रेरित हुआ। मैंने पिछले साल अच्छा नहीं किया और मुझे लगा था कि मुझे बाहर रखा जाएगा। लेकिन चयनकर्ताओं ने मुझ पर भरोसा जताया और मुझे चुना, इससे मेरा आत्मविश्वास बढ़ा। यूपी टी20 लीग में खेली गई पारी ने मेरा आत्मविश्वास बढ़ाया है और मैं इसे वहां भी ले जाऊंगा।'' उन्होंने आगे कहा, ''आज गेंदबाजी महत्वपूर्ण है। चयनकर्ता चाहते हैं कि टीम में आपकी कई भूमिकाएं हों। अगर आप बल्ले से मैच को प्रभावित नहीं कर सकते, तो गेंद से करें।'' आठ बार की एशिया कप विजेता टीम भारत अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में यूएई के खिलाफ करेगी। एशिया कप के लिए भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, जितेश शर्मा, शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह, संजू सैमसन, हर्षित राणा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव। स्टैंडबाय खिलाड़ी: प्रसिद्ध कृष्णा, वॉशिंगटन सुंदर, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, यशस्वी जायसवाल।  

केनेडी सेंटर में होगा फीफा वर्ल्ड कप 2026 का ड्रॉ : ट्रंप

वॉशिंगटन अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को घोषणा की कि वॉशिंगटन स्थित जॉन एफ. केनेडी सेंटर फॉर द परफॉर्मिंग आर्ट्स फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ड्रॉ की मेजबानी करेगा। ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, “इस वर्ष 5 दिसंबर को 2026 फीफा वर्ल्ड कप ड्रॉ केनेडी सेंटर में आयोजित किया जाएगा।” इस मौके पर फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैंटिनो भी मौजूद रहे। राष्ट्रपति ट्रंप इस समय केनेडी सेंटर के 257 मिलियन डॉलर के नवीनीकरण कार्य की देखरेख कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह सेंटर अगले साल होने वाले अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ समारोह का प्रमुख आकर्षण होगा। फीफा वर्ल्ड कप 2026 अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको संयुक्त रूप से आयोजित करेंगे। यह पहला वर्ल्ड कप होगा जिसमें 48 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 104 मैच खेले जाएंगे। कनाडा में 13 मुकाबले होंगे, जिनमें से 10 ग्रुप स्टेज के होंगे और ये टोरंटो व वैंकूवर में बराबर बांटे जाएंगे। मैक्सिको को भी 13 मैचों की मेजबानी मिलेगी, जिनमें ग्रुप स्टेज के 10 मैच मेक्सिको सिटी, ग्वाडलजारा और मॉन्टेरी में होंगे। बाकी मुकाबले अमेरिका के 11 शहरों में आयोजित किए जाएंगे। फीफा ने इस भव्य आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। संगठन ने अमेरिका में अपने फील्ड ऑफिस मियामी और न्यूयॉर्क के ट्रंप टॉवर में स्थापित किए हैं।  

भारतीय फैन्स के लिए तोहफा, मेसी के नेतृत्व में अर्जेंटीना टीम खेलेगी केरल में फ्रेंडली मैच

कोलकाता लियोनेल मेसी का शुमार दुनिया के महानतम फुटबॉलरों में होता है. अर्जेंटीना के कप्तान मेसी की फैन फॉलोइंग भारत में भी है और युवा फुटबॉलर्स के लिए वो रोल मॉडल से कम नहीं हैं. अब भारतीय फैन्स के लिए एक शानदार खबर सामने आई है. मेसी का भारत दौरा कन्फर्म हो गया है. मेसी नवंबर में भारत आएंगे और वो अर्जेंटीना की ओर से एक फीफ फ्रेंडली मैच में भी हिस्सा लेंगे. अर्जेंटीना फुटबॉल फेडरेशन (AFA) ने पुष्टि की है कि यह फ्रेंडली मैच 10 से 18 नवंबर के बीच केरल में खेला जाएगा. 14 साल बाद जब अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम भारत में खेलने उतरेगी. पिछली बार साल 2011 में कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में अर्जेंटीना और वेनेजुएगला का मुकाबला हुआ था. उस मैच में मेसी ने भी हिस्सा लिया था. तब मेसी ने निकोलस ओटामेंडी को गोल करने में सहायता (असिस्ट) की थी. AFA ने अपने बयान में कहा, 'अर्जेंटीना फुटबॉल टीम 2025 में लियोनेल स्कालोनी के अंडर दोस्ताना मुकाबले खेलेगी. छह से 14 अक्टूबर के दौरान यूएसए में फ्रेंडली मैच खेले जाएंगे. फिर 10 से 18 नवंबर के बीच अंगोला के लुआंडा और भारत के केरल में मुकाबले होंगे. इन मैचों के लिए प्रतिद्वंद्वी टीमों और शहरों के नाम बाद में बताए जाएंगे.' अर्जेंटीना फुटबॉल फेडरेशन ने फीफा विश्व कप 2022 का खिताब जीतने के बाद केरल से मिले समर्थन के लिए भी धन्यवाद दिया. केरल के खेलमंत्री वी. अब्दुरहमान ने भी इस खबर को फैन्स संग शेयर किया. उन्होंने X पर लिखा, 'वर्ल्ड चैम्पियन लियोनेल मेसी की टीम नवंबर 2025 में केरल में खेलेगी.' अर्जेंटीना फुटबॉल टीम की भारत यात्रा को लेकर संशय था क्योंकि दौरे की पुष्टि नहीं हुई थी. समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट में बताया गया था कि लियोनेल मेसी कोलकाता, अहमदाबाद, मुंबई और दिल्ली का दौरा करेंगे और प्रधानमंत्री मोदी से भी मिलेंगे. उस रिपोर्ट में बताया गया था कि लियोनेल मेसी केरल नहीं जाएंगे. लेकिन अब AFA ने साफ कर दिया है कि अर्जेंटीना का मैच केरल में ही होगा. लियोनेल मेसी ने मेजर लीग सॉकर (MLS) में इंटर मियामी के लिए धमाकेदार प्रदर्शन किया है. वे इस क्लब के लिए सर्वाधिक गोल और असिस्ट करने वाले खिलाड़ी बन चुके हैं. मेसी ऐसे पहले फुटबॉलर हैं, जिन्होंने तीन अलग-अलग क्लबों के लिए सबसे ज्यादा गोल और असिस्ट का रिकॉर्ड अपने नाम किया है.

यूएस ओपन में जीत आसान नहीं, सिनर ने टूर्नामेंट को बताया बेहद चुनौतीपूर्ण

नई दिल्ली गत विजेता जानिक सिनर एक बार फिर से यूएस ओपन 2025 में पुरुष एकल वर्ग का खिताब जीतने के लिए तैयार हैं। लगातार दो साल यूएस ओपन जीतना आसान नहीं होता। लेकिन, इस कठिन उपलब्धि को हासिल करने के लिए सिनर कड़ी मेहनत कर रहे हैं। बीमारी की वजह से सिनसिनाटी ओपन के फाइनल के बीच से हटने वाले सिनर यूएस ओपन के लिए न्यूयॉर्क पहुंचकर खुश हैं। एटीपी के मुताबिक सिनर ने कहा, “मैं यहां वापस आकर बहुत खुश हूं। यह एक शानदार टूर्नामेंट है। सीजन का यह आखिरी ग्रैंड स्लैम है, इसलिए हमारा उत्साह ज्यादा है। शारीरिक रूप से मैं अच्छा महसूस कर रहा हूं। मैं लगभग पूरी तरह से ठीक हो गया हूं। टूर्नामेंट शुरू होने से पूर्व में फिटनेस के उच्चतम स्तर पर पहुंचना चाहता हूं।” सिनर से पूछा गया कि हाल के वर्षों में यूएस ओपन में खिताब बचाना इतना मुश्किल क्यों रहा है? उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि यहां रात में या दिन में खेलने से बहुत कुछ बदल जाता है। इस ग्रैंड स्लैम में कई छोटी-छोटी बातें भी फर्क डालती हैं। यह बेहद मुश्किल टूर्नामेंट है, जीतना कभी भी आसान नहीं है।” रोजर फेडरर एकमात्र ऐसे खिलाड़ी रहे हैं, जिन्होंने लगातार पांच साल (2004 से 2008) तक यूएस ओपन का खिताब जीता। टेनिस में मौजूदा समय में जानिक सिनर और कार्लोस अल्काराज के बीच कड़ी प्रतियोगिता देखने को मिलती है। पिछले सात ग्रैंड स्लैम इन्हीं दोनों खिलाड़ियों ने जीते हैं। ऐसे में यूएस ओपन के पुरुष वर्ग का फाइनल भी इन्हीं दोनों के बीच होने की प्रबल संभावना है। अल्काराज के साथ अपने रिश्ते पर सिनर ने कहा, “प्रतिद्वंद्विता होना बहुत अच्छी बात है, यह खेल के लिए अच्छा है। यह व्यक्तिगत दृष्टिकोण के लिए भी अच्छा है, क्योंकि कभी-कभी जब आप अभ्यास में थक जाते हैं, तो आप कुछ चीजों की नकल करने की कोशिश करते हैं, क्योंकि वे असली मैच में भी हो सकती हैं। इस समय मैं और कार्लोस बड़ी ट्रॉफियां साझा कर रहे हैं, लेकिन चीजे बदल भी सकती हैं। आप कभी नहीं जानते। मैदान पर बहुत ही शानदार खिलाड़ी हैं और फाइनल तक पहुंचना बहुत मुश्किल है। मैं हमेशा कहता हूं कि हमें सुधार करना होगा, क्योंकि खिलाड़ी अब हमें समझते हैं कि हम कैसे हैं।”  

एशिया कप से पहले BCCI की सर्जरी, 15 साल पुराने सपोर्ट स्टाफ को दिखाया बाहर का रास्ता

नई दिल्ली  भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) का सपोर्ट स्टाफ पर फिर चाबुक चला है। बीसीसीआई ने एशिया कप 2025 से पहले टीम इंडिया के 15 साल पुराने सपोर्ट स्टाफ मेंबर राजीव कुमार को निकाल दिया है। वह टीम के मालिशिए थे। राजीव इंग्लैंड दौरे पर टीम के साथ गए थे लेकिन अब उन्हें नया कॉन्ट्रैक्ट नहीं दिया जाएगा। एशिया कप 9 सितंबर से यूएई में शुरू होगा। गौतम गंभीर के हेड कोच बनने के बाद से बीसीसीआई ने अभिषेक नायर, अरुण कनाडे और सोहम देसाई सहित कई सहयोगी स्टाफ सदस्यों को हटाया है। हालांकि, उपयुक्त रिप्लेसमेंट नहीं मिलने के कारण बोर्ड को फील्डिंग कोच टी दिलीप को फिर से नियुक्त करना पड़ा। मालिशिए राजीव कुमार खिलाड़ियों के साथ बेहतरीन तालमेल के लिए जाने जाते थे, खासकर खासकर तेज गेंदबाजों के साथ। ऐसा माना जा रहा है कि भारतीय टीम के थिंक टैंक के एक प्रभावशाली सदस्य को लगता ​​है कि सपोर्ट स्टाफ के टीम के साथ बहुत लंबे समय तक बने रहने से टीम को मिलने वाला लाभ कम होता है। एक सोच यह भी है कि लंबे समय तक सहयोगी स्टाफ के साथ रहने से सभी खिलाड़ियों के साथ एक निश्चित सहजता का स्तर बढ़ जाता है और यह टीम के विकास के लिए हानिकारक है। मैचों के दौरान राजीव अक्सर बाउंड्री रोप पर गर्मजोशी से मुस्कुराते हुए चलते नजर आते थे। खिलाड़ी अपनी अकड़ती और दर्द भरी मांसपेशियों को आराम दिलाने के लिए सबसे पहले उन्हीं की ओर रुख करते थे। टीम प्रबंधन की सिफारिश के बाद उनकी जगह एक नए मालिशिया को लाया गया है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड के एक सूत्र ने बताया, "बीसीसीआई ने राजीव की सेवाएं बंद करने का फैसला किया है। भारतीय टीम के लिए एक मालिशिए की नियुक्ति की जा चुकी है, जिसकी सिफारिश टीम प्रबंधन ने पहले ही कर दी थी।" बता दें कि बीसीसीआई ने हाल ही में एशिया कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा की है।स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को शानदार फॉर्म के बावजूद टीम में शामिल नहीं किया गया, जिसने फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट को हैरान कर दिया। शुभमन गिल की भारतीय टी20 टीम में वापसी हुई। उन्हें उपकप्तान बनाया गया है। एशिया कप 2025 के लिए भारतीय स्क्वॉड: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुबमन गिल, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा, अक्षर पटेल, जसप्रित बुमरा, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन, हर्षित राणा, रिंकू सिंह। रिजर्व: प्रसिद्ध कृष्णा, वॉशिंगटन सुंदर, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, यशस्वी जायसवाल

स्टार बैटर शुभमन गिल बीमार, एशिया कप में नहीं खेल पाएंगे मैच

नई दिल्ली  भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान और स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल एशिया कप 2025 से पहले बीमार पड़ गए हैं। वह बीमार होने के कारण आगामी दलीप ट्रॉफी में नहीं खेलेंगे। दलीप ट्रॉफी 28 अगस्त से 15 सितंबर तक बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में आयोजित होगी। यह प्रथम श्रेणी क्रिकेट टूर्नामेंट है। 25 वर्षीय गिल को नॉर्थ जोन का कप्तान चुना गया था। एक रिपोर्ट के मुताबिक, उपकप्तान अंकिम कुमार अब नॉर्थ जोन की कमान संभालेंगे। गिल टी20 फॉर्मेट में खेले जाने वाले एशिया कप के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम का हिस्सा हैं। उन्हें भारतीय टी20 टीम का उपकप्तान बनाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, गिल दलीप ट्रॉफी में नहीं खेलेंगे क्योंकि वह अस्वस्थ हैं। फिजियो ने हाल ही में उनकी जांच की और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को हेल्थ स्टेटस रिपोर्ट सौंपी। फिलहाल, गिल चंडीगढ़ में हैं और घर पर आराम कर रहे हैं। बीसीसीआई और चयन समिति (राष्ट्रीय और क्षेत्रीय) के अधिकारियों ने गिल की उपलब्धता के बारे में पूछे गए सवालों का तुरंत जवाब नहीं दिया लेकिन भारतीय टेस्ट कप्तान के करीबी सूत्रों ने इसकी पुष्टि की। गिल वैसे भी पूरी दलीप ट्रॉफी नहीं खेल पाते क्योंकि उन्हें एशिया कप के लिए टीम इंडिया से जुड़ना है। वह सिर्फ शुरुआती मैच के लिए ही उपलब्ध होते। एशिया कप 9 सितंबर से यूएई में शुरू होगा। गिल इस महीने की शुरुआत में इंग्लैंड के बेहद सफल दौरे से लौटे। उन्होंने एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पांच टेस्ट मैचों में 754 रन बनाए थे, जो सीरीज में सर्वधिक हैं। उनकी अगुवाई में भारत ने रोमांचक टेस्ट सीरीज 2-2 से ड्रॉ कराई। गिल ने पहली बार टेस्ट टीम की बागडोर संभाली थी। नॉर्थ जोन के चयनकर्ताओं ने गिल के प्रतियोगिता से बाहर होने की स्थिति में उनके रिप्लेसमेंट की व्यवस्था पहले ही कर ली थी। टीम की घोषणा के समय शुभम रोहिल्ला को बैकअप में रखा गया था। नॉर्थ जोन का सामना 28 अगस्त को दलीप ट्रॉफी के पहले मैच में ईस्ट जोन से होगा। वहीं, एशिया कप स्क्वॉड में शामिल अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा पहले मैच के बाद नॉर्थ जोन से अलग हो जाएंगे।  

लियोनेल मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना का भारत दौरा, तय हुआ फ्रेंडली मैच

तिरुवनंतपुरम क्रिकेट के दीवाने देश भारत में फुटबॉल का बुखार चढ़ने वाला है। दुनिया के सर्वकालिक महान फुटबॉलर में शामिल लियोनेल मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना फुटबॉल टीम का भारत में दोस्ताना मैच खेलने का कार्यक्रम तय हो चुका है। इस साल नवंबर में मेसी की कप्तानी वाली अर्जेंटीना एक दोस्ताना मैच खेलने के लिए केरल पहुंचेगी। इसकी जानकारी राज्य के खेल मंत्री वी. अब्दुरहीमान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से दी। खेल मंत्री ने बताया कि अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (एएफए) की तरफ से आधिकारिक मेल के माध्यम से अर्जेंटीना टीम के केरल आकर दोस्ताना मैच खेलने की पुष्टि की है। मेसी के भारत आने की खबर ने भारत में फुटबॉल प्रेमियों में जोश और रोमांच भर दिया है। केरल में दक्षिण अमेरिकी फुटबॉल टीम को लेकर बड़ी दीवानगी है। यहां मेसी और अर्जेंटीना फुटबॉल टीम की बड़ी लोकप्रियता है। अब यह राज्य उस पल की तैयारी कर रहा है, जिसे कई लोग ‘सपना सच होने’ का क्षण कह रहे हैं। 2022 में फीफा विश्व कप जीतने के बाद अर्जेंटीना फुटबॉल ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में केरल के फुटबॉल फैंस को विशेष धन्यवाद दिया था। केरल फुटबॉल संघ (केएफए), अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के साथ मिलकर, आयोजन स्थल के चयन सहित अंतिम तैयारियों पर काम कर रहा है। मैच तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में हो सकता है। यह आगामी मैच 2026 फीफा विश्व कप क्वालीफायर से पहले अर्जेंटीना के तैयारी कार्यक्रम का हिस्सा होगा। कतर में 2022 में अर्जेंटीना को विश्व कप दिलाने वाले लियोनेल मेसी के टीम की कप्तानी करने की उम्मीद है, हालांकि टीम की सूची की औपचारिक पुष्टि मैच की तारीख के करीब आने पर ही की जाएगी। राज्य सरकार से भी सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और आतिथ्य सत्कार की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण सहयोग की उम्मीद है। पर्यटन अधिकारियों का मानना है कि लियोनेल मेसी के आगमन से केरल की अंतरराष्ट्रीय छवि को बढ़ावा मिलेगा और देश-दुनिया भर से प्रशंसक और पर्यटक आकर्षित होंगे। केरल सरकार ने दोस्ताना मैच के लिए विशेष तौर पर अर्जेंटीना टीम को निमंत्रण भेजा था।  

महिला क्रिकेट विश्व कप: रीमा मल्होत्रा ने बताया, अब तक की सर्वश्रेष्ठ भारतीय टीम

नई दिल्ली  पूर्व ऑलराउंडर रीमा मल्होत्रा ने भारतीय महिला टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों के मिश्रण को शानदार करार देते हुए कहा कि यह वर्ल्ड कप में अब तक की सबसे मजबूत और घरेलू परिस्थितियों में चैंपियन बनने की दावेदार टीम है। भारत और श्रीलंका की मेजबानी में आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का आयोजन 30 सितंबर से दो नवंबर तक होगा। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम अपने अभियान का आगाज शुरुआती दिन गुवाहाटी में श्रीलंका के खिलाफ करेगी। भारत की 15 सदस्यीय टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के शानदार मिश्रण का जिक्र करते हुए रीमा ने ‘भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘ यह किसी भी महिला विश्व कप को देखे तो भारत की सबसे मजबूत टीम है। इसमें हरमनप्रीत (कौर), स्मृति मंधाना, जैमी (जेमिमा रोड्रिग्स), दीप्ति (शर्मा) जैसी अनुभवी खिलाड़ी है तो वहीं अमनजोत कौर, क्रांति गौड़, श्री चरणी और ऋचा घोष जैसे दमखम वाले युवा भी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘टीम में जोश और होश का अच्छा मिश्रण है। मुझे नहीं लगता कि आपको विश्व कप के लिए इससे अच्छी टीम मिलेगी।’’ आक्रामक बल्लेबाज शेफाली वर्मा टीम में जगह बनाने में नाकाम रही लेकिन रीमा ने उनकी जगह प्रतिका रावल के चयन को सही करार देते हुए कहा कि दिल्ली की इस बल्लेबाज के प्रदर्शन में निरंतरता रही है। प्रतिका ने भारत के लिए 14 एकदिवसीय में 54.07 के औसत से 754 रन (एक शतक और पांच अर्धशतक) रन बनाये हैं। शेफाली के नाम 29 एकदिवसीय में लगभग 23 के औसत से 644 रन (चार अर्धशतक) है। इस दौरान शेफाली का स्ट्राइक रेट 83.20 का रहा है तो वहीं प्रतिका ने इस मामले में भी बेहतर करते हुए 87.43 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। भारत के लिए 41 एकदिवसीय और 22 टी20 अंतरराष्ट्रीय खेलने वाली रीमा ने कहा, ‘‘शेफाली बड़ा नाम है। वह ऐसा एक्स फैक्टर (अपने दम पर मैच पासा पलटने वाला खिलाड़ी) है जिसे आप अपनी टीम में चाहते हैं। जब एक्स फैक्टर का सामना प्रदर्शन में निरंतरता से होता है तो मुझे लगता है कि कप्तान और चयनकर्ताओं ने नियमित अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को तरजीह दी है और यह सही भी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रतिका ने मौकों को भुनाकर टीम में अपनी जगह बनाई है। उन्होंने पिछली कुछ श्रृंखलाओं में खुद को साबित किया है। उन्होंने दिखाया है कि उनके पास वनडे में भारत के प्रतिनिधित्व के लिए जरूरी तकनीक और मानसिकता है।’’ रीमा ने कहा कि भारत की बल्लेबाजी हमेशा मजबूत रही है लेकिन मौजूदा टीम में अब तेजी से रन बनाने वाले बल्लेबाज के साथ गेंदबाजी भी में काफी विविधता है। उन्होंने कहा , ‘‘ इस टीम में तेज गेंदबाजी में रेणुका सिंह ठाकुर, अमनजोत और अरुंधति रेड्डी का विकल्प है तो वहीं स्पिन में दीप्ति और राधा यादव के साथ स्नेह राणा भी है। स्नेह राणा सफेद गेंद के मैचों के लिए काफी परिपक्व हो चुकी है और उन्हें पता है कि वनडे में कैसी गेंदबाजी करनी है। भारतीय परिस्थितियों में यह तिकड़ी काफी कारगर साबित होगी।’’ भारत दो बार फाइनल में पहुंचने के बावजूद महिला क्रिकेट विश्व कप अभी तक नहीं जीत पाया है। 2017 के फाइनल में भारत को इंग्लैंड के खिलाफ नौ रनों से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि 2005 के फाइनल में उसे ऑस्ट्रेलिया ने 98 रनों से हराया था। आईसीसी टूर्नामेंटों में भारत के निराशाजनक प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर रीमा ने कहा, ‘‘ हम कुछ मौकों पर खिताब के करीब पहुंचे लेकिन चैंपियन बनने से दूर रह गए। लेकिन यह अलग टीम है। जब आप अच्छा करके बड़े टूर्नामेंट में जाते है तो आपका आत्मविश्वास काफी बढ़ा होता है। आईसीसी टूर्नामेंट जीतने के लिए आपको मजबूत आत्मविश्वास चाहये। इस टीम के पास विश्व कप जीतने का आत्मविश्वास है।’’ भारतीय टीम ने हाल ही में श्रीलंका दौरे और इंग्लैंड दौरे पर वनडे में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत की टीम यह टीम कागजों पर इस टूर्नामेंट की सबसे मजबूत टीम दिख रही है। टीम ने हाल में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। ऑस्ट्रेलिया के अलावा न्यूजीलैंड और इंग्लैंड की टीमें भी काफी मजबूत है लेकिन आईसीसी टूर्नामेंटों में खुद पर भरोसा रखना और दबाव को हावी नहीं होने देना जरूरी है।’’ दिल्ली प्रीमियर लीग में कमेंट्री कर रही रीमा ने कहा कि विश्व कप में भारत का प्रदर्शन काफी हद तक कप्तान हरमनप्रीत के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘भारत के लिए हरमनप्रीत कौर का प्रदर्शन काफी अहम होगा। वह ऐसी मैच विजेता है जो दबाव में और बेहतर प्रदर्शन करती है। भारत को अगर विश्व कप जीतना है तो कप्तान को कुछ बड़ी पारियां खेलनी होगी।’’ उन्होंने कहा कि टीम प्रबंधन पिछले कुछ समय से जेमिमा रोड्रिग्स से पांचवें क्रम पर बल्लेबाजी करा रहा है और इससे बल्लेबाजी में गहराई आई है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पहले भी लगता था कि जेमिमा को तीसरे नंबर पर खेलना चाहिए। उनके पास तेजी से रन बनाने के साथ बड़ी पारी खेलने की क्षमता है। टीम ने हालांकि एक माहौल बनाया है जहां आपको अपनी सुविधा से बाहर निकल कर प्रदर्शन करना होगा और जेमी ने पांचवें नंबर पर भी अच्छा किया है।  

भुवनेश्वर के बराबर पहुंचे ताहिर, 46 की उम्र में रचा इतिहास

साउथ अफ्रीका  साउथ अफ्रीका के पूर्व स्पिनर इमरान ताहिर के लिए उम्र महज एक नंबर है। वह 46 साल के होने के बावजूद क्रिकेट के मैदान पर तहलका मचा रहे हैं। ताहिर इन दिनों कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) 2025 में गुयाना अमेजन वॉरियर्स की कमान संभाल रहे हैं। उन्होंने टूर्नामेंट के नौवें मैच में एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स के खिलाफ कातिलाना गेंदबाजी करते हुए 'पंजा' मारा। ताहिर ने अपने चार ओवर के स्पेल में 21 रन देकर पांच विकेट चटकाए और इतिहास रच डाला। उन्होंने ना सिर्फ अपने टी20 करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया बल्कि एक वर्ल्ड रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर डाला है। दरअसल, ताहिर टी20 क्रिकेट में पांच विकेट हॉल लेने वाले सबसे उम्रदराज कप्तान बन गए हैं। उन्होंने 46 साल और 148 दिन की उम्र में यह कारनामा अंजाम दिया। ताहिर ने मलावी के कप्तान मोअज्जम अली बेग का रिकॉर्ड तोड़ा है। मोअज्जम ने सितंबर 2024 में कैमरून के खिलाफ 'पंजा' खोला था। उन्होंने 1.5 ओवर में चार रन खर्च करने के बाद पांच विकेट हासिल किए थे। मोअज्जम फिलहाल 40 साल के हैं। वहीं, ताहिर टी20 क्रिकेट इतिहास में फाइफर लेने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। ताहिर ने टी20 करियर में पांचवीं बार फाइफर झटका। वह टी20 इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा फाइफर लेने वाले गेंदबाजों की सूची में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने भारत के अनुभवी पेसर भुवनेश्वर कुमार की बराबरी कर ली है। ताहिर, भुवी के अलावा श्रीलंका के पूर्व दिग्गज पेसर लसिथ मलिंगा, बांग्लादेश के ऑलराउंडर शाकिब अल हसन और पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने भी पांच-पांच फाइफर झटके। टी20 में सर्वाधिक फाइफर का वर्ल्ड रिकॉर्ड नामीबिया के ऑलराउंडर डेविड विसे के नाम दर्ज है। मैच की बात करें तो ताहिर के घातक 'पंजे' की बदौलत गुयाना अमेजन वॉरियर्स ने 82 रनों से धमाकेदार जीत दर्ज की। गुयाना ने 211/3 का स्कोर खड़ा करने के बाद एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स को 15.2 ओवर में 128 रनों पर ढेर किया। फाल्कन्स के सात प्लेयर 15 का आंकड़ा नहीं छू सके। गुयाना के लिए ड्वेन प्रिटोरियस और रोमारियो शेफर्ड ने दो-दो विकेट लिए। ताहिर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।  

बांग्लादेश टीम का एशिया कप स्क्वाड घोषित, नुरुल हसन लौटे और लिटन दास होंगे कप्तान

ढाका  एशिया कप 2025 में बांग्लादेश की टीम भी भाग लेने जा रही है. अब इस टूर्नामेंट के लिए बांग्लादेशी क्रिकेट टीम का ऐलान हो गया है. एशिया कप के लिए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने 22 अगस्त (शुक्रवार) को 16 सदस्यीय टीम की घोषणा की, जिसकी कप्तानी लिटन कुमार दास को सौंपी गई है. बांग्लादेशी टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज काजी नुरुल हसन सोहन की भी वापसी हुई है. नुरुल हसन को लगभग तीन साल बाद बांग्लादेश की टी20 टीम में शामिल किया गया है. 31 वर्षीय नुरुल हसन ने बांग्लादेश के लिए इस फॉर्मेट में अपना आखिरी मुकाबला ऑस्ट्रेलिया में आयोजित आईसीसी मेन्स टी20 विश्व कप 2022 के दौरान खेला था. बता दें कि बांग्लादेशी टीम को एशिया कप से पहले नीदरलैंड्स के खिलाफ तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज भी खेलनी है. इस टी20 सीरीज में भी बांग्लादेश की ओर से वही खिलाड़ी भाग लेंगे, जिन्हें एशिया कप में खेलना है. बांग्लादेश और नीदरलैंड्स के बीच टी20 सीरीज के मुकाबले 30 अगस्त, 1 सितंबर और 3 सितंबर को सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होंगे. लिटन दास की कप्तानी में बांग्लादेश का शानदार प्रदर्शन लिटन दास की कप्तानी में बांग्लादेश ने श्रीलंका के खिलाफ पहली बार टी20 सीरीज जीती थी. उसके बाद लिटन दास के अंडर बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ अपने घर पर टी20 सीरीज जीती. टीम में मुस्तफिजुर रहमान और तस्कीन अहमद जैसे अनुभवी तेज गेंदबाज भी शामिल हैं. सौम्य सरकार, मेहदी हसन मिराज, तनवीर इस्लाम और हसन महमूद को एशिया कप के लिए स्टैंडबाय खिलाड़ियों में शामिल किया गया है. एशिया कप और नीदरलैंड्स के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए बांग्लादेश का स्क्वॉड: लिटन कुमार दास (कप्तान), तंजीद हसन, परवेज हुसैन इमोन, सैफ हसन, तौहीद हृदोय, जेकर अली अनिक, शमीम हुसैन, काजी नुरुल हसन सोहन, महेदी हसन, रिशाद हुसैन, नसुम अहमद, मुस्ताफिजुर रहमान, तंजीम हसन साकिब, तस्कीन अहमद, शोरिफुल इस्लाम, मोहम्मद सैफुद्दीन. स्टैंडबाय (केवल एशिया कप के लिए): सौम्य सरकार, मेहदी हसन मिराज, तनवीर इस्लाम, हसन महमूद. एशिया कप 2025 में बांग्लादेश को हॉन्ग कॉन्ग, अफगानिस्तान और श्रीलंका के साथ ग्रुप-बी में रखा गया है. एशिया कप की शुरुआत 9 सितंबर को होगी और इसका फाइनल 28 सितंबर को निर्धारित है. एशिया कप के मुकाबले इस बार संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दो शहरों अबू धाबी और दुबई में खेले जाएंगे.