samacharsecretary.com

बेलफास्ट टी20 में भारतीय बल्लेबाजी बिखरी, 183 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम 148 पर ऑलआउट

नई दिल्ली नए टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में पहली बार मैदान पर उतरी भारतीय टीम को आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले में पराजय का मुंह देखना पड़ा. शुक्रवार (26 जून) को बेलफास्ट में खेले गए सीरीज के पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में भारत को 34 रनों से हार मिली. 183 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 18.5 ओवर में सिर्फ 148 रनों पर सिमट गई. यह हार किसी एक खिलाड़ी या एक विभाग की वजह से नहीं हुई. टॉप ऑर्डर बुरी तरह फ्लॉप रहा, मिडिल ऑर्डर दबाव में बिखर गया और टेलेंडर्स चमत्कार नहीं कर सके. भारतीय टीम की गेंदबाजी भी डेथ ओवर्स में उतनी खास नहीं रही. प्रसिद्ध कृष्णा ने तो चार ओवरों के स्पेल में 57 रन लुटा दिए. यही भारत की हार की सबसे बड़ी कहानी रही. 183 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को पहले ही झटके लग गए. विकेटकीपर बैटर संजू सैमसन सिर्फ 5 रन बनाकर डेब्यूटेंट जय मूंदरा का शिकार बने. इसके बाद ईशान किशन भी महज 1 रन बनाकर लौट गए. नए कप्तान श्रेयस अय्यर से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह भी सिर्फ 3 रन बनाकर पवेलियन चलते बने. भारत ने 60 रनों के स्कोर तक अपने तीन बड़े विकेट गंवा दिए थे. ऐसे में टीम दबाव में आ गई. सिर्फ अभिषेक शर्मा चल पाए एक छोर पर विकेट गिरते रहे, लेकिन अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी थी. उन्होंने आयरिश गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला और महज 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया. अभिषेक ने 20 गेंदों पर 50 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल थे. पावरप्ले में भारत के 68 रनों में से 47 रन अकेले अभिषेक के बल्ले से आए. हालांकि अभिषेक शर्मा का विकेट गिरते ही भारतीय पारी की रफ्तार भी थम गई. मिडिल ऑर्डर में उप-कप्तान तिलक वर्मा (19) और वॉशिंगटन सुंदर (9 रन) ने निराश किया. नतीजा यह हुआ कि 100 रनों के स्कोर तक भारत के 6 विकेट गिर गए. यहीं से मुकाबला भारत के हाथ से निकलता दिखाई देने लगा. शिवम दुबे और अक्षर पटेल ने सातवें विकेट के लिए 35 रन जोड़कर कुछ देर के लिए भारतीय उम्मीदों को जिंदा रखा. शिवम ने 25 रन बनाए, जबकि अक्षर ने 15 रनों का योगदान दिया. जब शिवम से बड़े शॉट्स की दरकार थी, तब जय मूंदरा ने उन्हें कॉट एंड बोल्ड कर दिया. इसके बाद अक्षर भी बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए. यहीं से भारत की आखिरी उम्मीद भी खत्म हो गई. शिवम दुबे और अक्षर पटेल के आउट होने के बाद हर्षित राणा (8 रन) और अर्शदीप सिंह (2 रन) भी ज्यादा देर नहीं टिक सके. निचले क्रम के बल्लेबाज लक्ष्य के दबाव को झेल नहीं पाए और पूरी टीम 148 रनों पर सिमट गई. डेब्यूटेंट खिलाड़ियों ने काटा गदर आयरलैंड की जीत के सबसे बड़े नायक उसके दो डेब्यूटेंट खिलाड़ी रहे. तेज गेंदबाज मैथ्यू हॉलार्ड ने तीन विकेट लेकर भारतीय टॉप ऑर्डर की कमर तोड़ दी, जबकि लेफ्ट-आर्म पेसर जय मूंदरा ने दो बड़े विकेट हासिल किए. स्पिनर मैथ्यू हम्प्रीज ने भी तीन विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी को बिखेर दिया. मुकाबले में भारत ने प्रसिद्ध राणा की शानदार गेंदबाजी की बदौलत आयरलैंड को शुरुआती झटके जरूर दिए थे. लेकिन कप्तान लोर्कन टकर (50) और गैरेथ डेलानी (49) की पारियों ने मैच का रुख बदल दिया. खासकर 17वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा के खिलाफ आए 27 रन भारत पर भारी पड़ गए. यही रन बाद में जीत और हार का अंतर साबित हुए. सूर्यकुमार यादव के बाद टी20 टीम की कमान संभाल रहे श्रेयस अय्यर के लिए यह शुरुआत निराशाजनक रही. कप्तान बल्ले से भी फ्लॉप रहे और टीम भी हार गई. उधर, 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका नहीं मिला, जिससे करोड़ों भारतीय फैन्स का इंतजार और बढ़ गया.

लंदन के ली वैली हॉकी सेंटर में भारत ने शुरुआती पिछड़ने के बाद पलटवार करते हुए पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में हराया

लंदन लंदन के ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर में खेले गए एफआईएच प्रो लीग के एक हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-1 के भारी अंतर से धूल चटा दी। मैच की शुरुआत में 0-1 से पिछड़ने के बाद कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई में भारतीय टीम ने मैदान पर वो आक्रामकता दिखाई कि पाकिस्तान का डिफेंस ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। यह पाकिस्तान के खिलाफ भारत की लगातार 17वीं ऐतिहासिक जीत है। इस धमाकेदार जीत के साथ ही भारत अंक तालिका में स्पेन को पछाड़कर 7वें स्थान पर पहुंच गया है। भारत के अब 15 मैचों में 17 अंक हो चुके हैं। मुकाबले के दौरान भारतीय मिडफील्डर्स और फॉरवर्ड्स ने कमाल का तालमेल दिखाया। कुल 36 बार विपक्षी सर्कल में सेंध लगाते हुए भारत ने मैच में पूरी तरह अपना दबदबा बनाए रखा। शानदार खेल के लिए हार्दिक सिंह को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। सुखजीत सिंह (19वां मिनट) जब भारतीय टीम शुरुआती क्वार्टर में 0-1 से पीछे चल रही थी, तब सुखजीत ने 19वें मिनट में मैदानी गोल दागकर भारत की मैच में वापसी कराई। इसके अलावा उन्होंने मैच के उत्तरार्ध में अभिषेक के गोल के लिए एक बेहतरीन असिस्ट भी किया। हरमनप्रीत सिंह (26वां मिनट) भारतीय टीम के कप्तान ने दूसरे क्वार्टर में अपने अनुभव का परिचय देते हुए 26वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया। उनके इस शानदार ड्रैग फ्लिक ने भारत को मैच में 2-1 की मजबूत बढ़त दिला दी। हार्दिक सिंह (34वां मिनट) मिडफील्ड में बेहतरीन खेल दिखाने वाले और 'प्लेयर ऑफ द मैच' रहे हार्दिक सिंह ने दूसरे हाफ की शुरुआत में मिले पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदला। 34वें मिनट में किए गए उनके इस गोल ने स्कोर को 3-1 कर दिया। जुगराज सिंह (35वां मिनट) हार्दिक के गोल के ठीक एक मिनट बाद, जुगराज सिंह ने भारतीय टीम के एक बेहद तेज काउंटर अटैक (जवाबी हमले) को अंजाम दिया। 35वें मिनट में उनके इस मैदानी गोल ने पाकिस्तान को पूरी तरह बैकफुट पर धकेलते हुए बढ़त 4-1 कर दी। अभिषेक (41वां मिनट) पाकिस्तान के डिफेंस पर लगातार दबाव बना रहे फॉरवर्ड खिलाड़ी अभिषेक ने 41वें मिनट में अपनी क्लास दिखाई। उन्होंने सुखजीत सिंह से मिले एक बेहतरीन और सटीक पास को सीधे गोल पोस्ट के अंदर भेजकर भारत का पांचवां गोल दागा। राज कुमार पाल (43वां मिनट) मैच के 43वें मिनट में जब कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिक मारा, तो पाकिस्तानी गोलकीपर से गेंद रिबाउंड होकर आई। वहां मुस्तैद खड़े राज कुमार पाल ने कोई गलती न करते हुए गेंद को गोल में तब्दील कर स्कोर 6-1 कर दिया। दिलप्रीत सिंह (53वां मिनट) मैच के आखिरी क्वार्टर में भी भारतीय आक्रमण थमा नहीं और 53वें मिनट में दिलप्रीत ने एक शानदार मूव बनाया। उन्होंने इस मूव को फिनिशिंग टच देते हुए मैच का सातवां और आखिरी गोल दागकर पाकिस्तान की हार पर अंतिम मुहर लगा दी।

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: वर्ल्ड कप 2026 में करो या मरो मुकाबला, लॉर्ड्स में होगा बड़ा टकराव

नई दिल्ली  महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने चौथे मुकाबले में बांग्लादेश को 5 विकेटों मात देकर भारतीय टीम ने सेमीफाइनल की उम्मीदों को मजबूत कर लिया है। अगले चरण में जगह पक्की करने के लिए ऑस्ट्रेलिया को मात देना जरूरी है। दक्षिण अफ्रीका से हार झेलने के बाद यह भारत के लिए करो या मरो मुकाबला होने वाला है। इससे पहले भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने ऑस्ट्रेलिया को चेता दिया है। उन्होंने पिछले साल वर्ल्ड कप में कंगारू टीम के खिलाफ जीत का जिक्र किया है। हरमनप्रीत कौर ने ऑस्ट्रेलिया को लेकर दिया बयान हरमनप्रीत कौर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले से पहले हुंकार भर दी है। उन्होंने वर्ल्ड कप 2025 में नवी मुंबई के मैदान पर मिली जीत को याद करते हुए कहा कि टीम इंडिया की खिलाड़ियों का आत्म विश्वास बढ़ा हुआ है। हरमन ने कहा, 'उनके खिलाफ हुए आखिरी मैच में हमने जीत दर्ज की थी। इससे सभी खिलाड़ियों के आत्म विश्वास बढ़ा हुआ है। मेरे लिए ऑस्ट्रेलिया सबसे पसंदीदा टीमों में से एक है। उम्मीद करती हूं कि सभी खिलाड़ी अपना बेस्ट खेल दिखाएं और हम जीतने वाली साइड पर हों।' ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड भारत और ऑस्ट्रेलिया के टी20 फॉर्मेट में हेड टू हे़ड की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी नजर आता है। दोनों टीमों के बीच अबतक 38 टी20 मुकाबले खेले जा चुके हैं। जिसमें से कंगारू टीम ने 27 बार नतीजा अपने पक्ष में किया है। जबकि भारते खाते में सिर्फ 9 जीत आई है। इस दौरान एक मैच बेनतीजा भी रहा है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया अबतक अपराजित है। ऐसे में टीम इंडिया के लिए उनकी चुनौती से पार पाना आसान नहीं होगा। कब और कहां खेला जाएगा मैच ? इसके साथ ही आपको बता दें कि भारत और ऑस्ट्रेलिया की भिड़ंत रविवार यानि 28 जून को होने वाली है। लंदन का ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान इस टक्कर का गवाह बनने वाला है। भारतीय समय के अनुसार शाम 7 बजे मुकाबले की पहली गेंद फेंकी जाएगी। इससे पहले 6:30 बजे टॉस होगा।  

इंडिया ए की मजबूत पकड़, जुरेल 141; श्रीलंका ए ने 17 रन पर गंवाया पहला विकेट*

गाले  इंडिया ए वर्सेस श्रीलंका ए दो मैच की अनौपचारिक टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गाले में खेला जा रहा है। भारत ए बनाम श्रीलंका ए लाइव स्कोर नीचे देखें। दूसरे दिन की शुरुआत भारत के लिए अच्छी नहीं रही। शेख राशीद 63 रन बनाकर आउट हुए। बारिश से प्रभावित दूसरे दिन कप्तान ध्रुव जुरेल ने शतक लगाया है। साई सुदर्शन और जुरेल के शतकों की बदौलत इंडिया ए ने पहली पारी में 111.4 ओवर में 6 विकेट खोकर 452 रन बनाकर पारी घोषित की। ध्रुव जुरेल 215 गेंद में 141 रन बनाकर नाबाद लौटे। श्रीलंका ने निरोशन डिकवेल का विकेट गंवा दिया है। उन्होंने 13 गेंद में 10 रन बनाए। मैच के पहले दिन भारत ने टॉस जीतकर बैटिंग करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 333 रन बनाए। साई सुदर्शन ने पारी का आगाज करते हुए शानदार शतक जड़ा। उन्होंने 19 चौकों की मदद से 132 रनों की शानदार पारी खेली। देवदत्त पडिक्कल (12) और रुतुराज गायकवाड़ (22) के फेल होने पर एक समय पर भारतीय पारी लड़खड़ाती हुई नजर आई थी। मगर फिर कप्तान ध्रुव जुरेल ने शेख रशीद के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाज फिफ्टी जड़ी और पांचवें विकेट के लिए उनके बीच 116 रनों की पार्टरनशिप भी की। भारत की नजरें मैच के दूसरे दिन स्कोर को 500 के पार पहुंचाने पर होगी। वहीं ध्रुव जुरेल भी शतक जड़ना चाहेंगे। टीम इंडिया इस अनौपचारिक टेस्ट सीरीज से पहले ट्रॉई सीरीज जीतकर आ रही है। यह ट्राई सीरीज भारत, श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच हुई थी। भारत और श्रीलंका की टीम फाइनल तक पहुंची थी, जहां वैभव सूर्यवंशी की 29 गेंदों पर 94 रनों की धुआंधार पारी के दम पर टीम इंडिया ने जीत दर्ज की थी। इस टेस्ट सीरीज में जरूर इंडिया ए को वैभव सूर्यवंशी की कमी खेलेगी क्योंकि वह इस समय सीनियर टीम के साथ आयरलैंड दौरे पर है। आज आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 में उनके डेब्यू की उम्मीद है। इंडिया ए वर्सेस श्रीलंका ए अनौपचारिक टेस्ट सीरीज का लाइव प्रसारण भारत में नहीं हो रहा है। IND A vs SL A लाइव स्कोर के लिए लाइवहिंदुस्तान के साथ बने रहें। इंडिया ए वर्सेस श्रीलंका ए प्लेइंग XI- इंडिया ए- साई सुदर्शन, आयुष पांडे, देवदत्त पडिक्कल, ऋतुराज गायकवाड़, ध्रुव जुरेल (कप्तान) (विकेट कीपर), शेख रशीद, हर्ष दुबे, सारांश जैन, अंशुल कंबोज, यश ठाकुर, औकिब नबी डार श्रीलंका ए- पवनथा वीरसिंघे, निरोशन डिकवेला (विकेट कीपर), नुवानिदु फर्नांडो, एशेन बंडारा, सहान अराचिगे (कप्तान), रविन्दु फर्नांडो, अंजला बंडारा, कविन्दु पथिरत्ने, दुलाज समुदिता, चमिका गुणसेकरा, दिलुम सुदीरा

साई सुदर्शन की शतकीय पारी से मजबूत हुई इंडिया ए की स्थिति गॉल टेस्ट में

गॉल  भारत ए और श्रीलंका ए के बीच गाले में खेले जा रहे पहले चार दिवसीय अनाधिकारिक टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम ने अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली है। पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए इंडिया ए की टीम ने 99 ओवर के खेल में 5 विकेट खोकर 381 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा कर लिया है। टीम के लिए कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल क्रीज पर डटे हुए हैं और वह अपने शतक के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। जुरेल 177 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौकों की मदद से 97 रन बनाकर खेल रहे हैं। दूसरे दिन उनका साथ हर्षल दुबे दे रहे हैं, जो 7 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। जुरेल से पहले साई सुदर्शन का कमाल इससे पहले कल के स्कोर 4 विकेट पर 333 रन से आगे खेलते हुए कप्तान ध्रुव जुरेल और शेख रशीद ने पारी को आगे बढ़ाया। शेख रशीद ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन वह 113 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 63 रन बनाकर चामिका गुणसेकरा की गेंद पर आउट हो गए। इस मैच में भारत के लिए सबसे बड़ी पारी ओपनर साई सुदर्शन ने खेली, जिन्होंने 175 गेंदों में 19 चौकों की बदौलत 132 रनों की शतकीय पारी खेली। अन्य बल्लेबाजों में आयुष पांडे ने 25 रन, ऋतुराज गायकवाड़ ने 22 रन और देवदत्त पडिक्कल ने 12 रनों का योगदान दिया। श्रीलंकाई गेंदबाजों ने खाए खूब सारे रन श्रीलंका ए के गेंदबाजों को भारतीय बल्लेबाजों को रोकने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी और उन्होंने जमकर रन लुटाए। मेजबान टीम की तरफ से दिलुम सुदीरा और चामिका गुणसेकरा सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 2-2 विकेट अपने नाम किए। हालांकि, इसके लिए दिलुम सुदीरा ने अपने 31 ओवरों के स्पेल में 3.40 की इकोनॉमी से 105 रन खर्च किए। वहीं चामिका गुणसेकरा ने 14 ओवर गेंदबाजी की और 5.00 की महंगी इकोनॉमी से 70 रन लुटाए। अन्य गेंदबाजों की बात करें तो रविन्दु फर्नांडो ने सबसे ज्यादा 22 ओवर फेंके और 4.00 की इकोनॉमी से 87 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। इसके अलावा दुलज समुदिथा ने 16 ओवर में 59 रन और कविंदु पाथिरत्ने ने 13 ओवर में 49 रन दिए, लेकिन इन दोनों को कोई सफलता हाथ नहीं लगी। कप्तान सहान अराचिगे ने भी 3 ओवर की किफायती गेंदबाजी की और मात्र 8 रन दिए।

विंबलडन से पहले सिनर का दमदार प्रदर्शन, नारी को सीधे सेटों में हराया

लंदन  दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी जानिक सिनर ने कहा कि वह विम्बलडन में अपने खिताब का बचाव करने को लेकर आश्वस्त हैं। बुधवार को लंदन की भीषण गर्मी में खेले गए प्रदर्शनी मुकाबले में उन्होंने ब्रिटेन के कैमरन नारी को 6-3, 6-3 से हराया। फ्रेंच ओपन में शारीरिक परेशानी के बाद यह उनका पहला मुकाबला था। घास के कोर्ट पर खेले जाने वाले ग्रैंड स्लैम विंबलडन की शुरुआत सोमवार से होगी। सिनर ने इस टूर्नामेंट से पहले किसी भी एटीपी टूर स्तर के मुकाबले में हिस्सा नहीं लिया है। ऐसे में जार्जियो अरमानी टेनिस क्लासिक में मिली यह जीत उनके लिए अच्छी तैयारी साबित हुई। सिनर ने कहा कि आज काफी गर्मी थी, लेकिन शारीरिक रूप से मैं अच्छा महसूस कर रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि फ्रेंच ओपन में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्होंने कई चिकित्सकीय परीक्षण कराए। बुधवार को आल इंग्लैंड क्लब में अभ्यास के दौरान सिनर ने कूलिंग वेस्ट पहनी थी। हालांकि, नारी के विरुद्ध मुकाबले में उन्होंने पहले की तरह बर्फ की थैलियों का इस्तेमाल नहीं किया। फुलहम में दोपहर के समय तापमान 33 डिग्री सेल्सियस था, जबकि सोमवार को विम्बलडन के पहले दिन तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। फ्रेंच ओपन में सिनर दो सेट और तीसरे सेट में 5-1 की बढ़त के बावजूद अर्जेंटीना के जुआन मैनुअल सेरुंडोलो से 3-6, 2-6, 7-5, 6-1, 6-1 से हार गए थे।

तन्वी शर्मा और किदांबी श्रीकांत ने यूएस ओपन में आसान जीत से किया आगाज

फुलर्टन (अमेरिका)  विश्व जूनियर चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता तन्वी शर्मा और अनुभवी खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने आसान जीत के साथ यूएस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत की। तन्वी ने बुधवार को महिला सिंगल्स के पहले दौर में जर्मनी की यवोन ली को 23-21, 21-16 से, जबकि थाईलैंड मास्टर्स की मौजूदा चैंपियन देविका सिहाग ने पेरू की इनेस लूसिया कैस्टिलो को 21-14, 21-14 से हराया। पुरुष सिंगल्स में भारतीय खिलाड़ियों के बीच खेले गए मैच में रौनक चौहान ने एस शंकर मुथुसामी को 23-21, 21-16 से हराया। पांचवीं वरीयता प्राप्त श्रीकांत ने भी हमवतन डी सानीथ के विरुद्ध केवल 30 मिनट में 21-14, 21-12 से जीत हासिल की। महिला सिंगल्स में रक्षिता श्री ने भी चेक गणराज्य की टेरेजा स्वाबिकोवा पर 21-15, 21-8 से आसान जीत हासिल करके अगले दौर में प्रवेश किया। ध्रुव रावत और के मनीषा की जोड़ी ने मिक्स्ड डबल्स में इंडोनेशिया के विरावण इहसान आदम और सेरेना कानी को महज 26 मिनट में 21-15, 21-16 से हराया।

कनाडा का बड़ा फैसला! FIFA फैंस के हजारों वीजा आवेदन खारिज, देखें किस देश के कितने लोगों को मिला प्रवेश

 टोरंटो FIFA World Cup 2026 के दौरान कनाडा में मैच देखने के लिए दुनियाभर से आए हजारों फुटबॉल प्रशंसकों की वीज़ा अर्जियां खारिज कर दी गईं. कनाडा के इमिग्रेशन, रिफ्यूजीज़ एंड सिटिजनशिप कनाडा (IRCC) के आंकड़ों के अनुसार, 14 नवंबर 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच World Cup से जुड़े लगभग 17,000 विजिटर आवेदन प्रोसेस किए गए, लेकिन इनमें से केवल 41 प्रतिशत को ही मंजूरी मिली। सबसे ज्यादा आवेदन घाना से आए थे. टोरंटो में पनामा के खिलाफ अपनी टीम का मैच देखने के लिए 1,725 घानाई प्रशंसकों ने आवेदन किया था, लेकिन इनमें से सिर्फ 185 लोगों को ही वीज़ा मिला यानी लगभग 89 प्रतिशत आवेदन खारिज कर दिए गए।  पाकिस्तान के आवेदकों की स्थिति भी काफी खराब रही. कुल 1,250 आवेदनों में से केवल 110 को मंजूरी मिली, जबकि 1,140 आवेदन रिजेक्ट कर दिए गए. भारत से आए 1,225 आवेदनों में 355 को स्वीकृति मिली और 870 लोगों को वीज़ा नहीं मिला।  इसके विपरीत, कोलंबिया के प्रशंसकों को बड़ी राहत मिली. हालांकि कोलंबिया की टीम कनाडा में कोई ग्रुप स्टेज मैच नहीं खेल रही है, फिर भी वहां से आए 1,630 आवेदनों में 1,130 को मंजूरी दी गई. पनामा के 910 आवेदनों में से 850 को स्वीकृति मिली, जो सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले देशों में शामिल रहा।  IRCC के मुताबिक, कनाडा में प्रवेश के लिए यात्रियों को या तो Temporary Resident Visa (TRV) या Electronic Travel Authorization (eTA) की जरूरत होती है. eTA प्रक्रिया अपेक्षाकृत आसान और तेज होती है, जबकि विजिटर वीज़ा के लिए यात्रा कार्यक्रम, वित्तीय दस्तावेज और अन्य प्रमाण देने पड़ते हैं।  आंकड़ों से पता चला कि eTA पात्र देशों के नागरिकों की स्वीकृति दर 96 प्रतिशत रही, जबकि वीज़ा की आवश्यकता वाले देशों के लिए यह दर केवल 32 प्रतिशत थी. ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, क्रोएशिया और न्यूजीलैंड जैसे देशों के सभी आवेदन मंजूर कर दिए गए, जबकि सीरिया, युगांडा और श्रीलंका जैसे देशों के एक भी आवेदक को वीज़ा नहीं मिला।  IRCC का कहना है कि कनाडा FIFA World Cup 2026 के दौरान दुनिया भर से आने वाले खिलाड़ियों, अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और प्रशंसकों का स्वागत करने के लिए तैयार है. हालांकि सुरक्षा और आव्रजन नियमों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।  बिलकुल। नीचे सभी देशों की पूरी टेबल दी गई है, जिसे आप अपनी खबर में शामिल कर सकते हैं। देश मंजूर रिजेक्ट घाना 185 1,540 कोलंबिया 1,130 500 पाकिस्तान 110 1,140 भारत 355 870 पनामा 850 60 नाइजीरिया 110 675 चीन 420 260 हैती 35 575 मिस्र 225 325 मेक्सिको 200 270 इक्वाडोर 260 140 डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो 15 370 ब्राजील 250 105 ऑस्ट्रेलिया 345 0 बांग्लादेश 45 240 वेनेजुएला 100 145 अल्जीरिया 65 180 ब्रिटेन 215 15 केन्या 20 205 जॉर्डन 40 175 तुर्की 90 95 जर्मनी 170 0 सेनेगल 25 145 ग्वाटेमाला 100 60 पेरू 110 45 इथियोपिया 30 110 कैमरून 15 100 होंडुरास 50 60 अल सल्वाडोर 50 45 ईरान 10 85 गिनी 5 80 सीरिया 0 85 युगांडा 0 85 मोरक्को 35 45 लेबनान 20 60 जमैका 45 30 ट्यूनीशिया 40 30 क्रोएशिया 65 0 इराक 10 55 श्रीलंका 0 65 न्यूजीलैंड 60 0 नेपाल 20 40 कोस्टा रिका 50 5 फिलीपींस 40 15 सूडान 0 55 यमन 0 55 मलेशिया 45 5 डोमिनिकन रिपब्लिक 25 25 वियतनाम 25 25 सऊदी अरब 45 0 आइवरी कोस्ट 15 30 पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ कांगो 0 45 लीबिया 0 45 बेल्जियम 40 0 स्विट्जरलैंड 40 0 अर्जेंटीना 35 5 निकारागुआ 20 20 रूस 20 20 उज्बेकिस्तान 10 30 फिलिस्तीन 5 35 फ्रांस 35 0 इटली 35 0 दक्षिण अफ्रीका 25 10 जिम्बाब्वे 25 10 मंगोलिया 15 20 अज़रबैजान 5 30 जॉर्जिया 5 30 स्पेन 30 0 इंडोनेशिया 20 10 बुरुंडी 0 30 पुर्तगाल 25 0 रवांडा 5 20 बोलीविया 20 0 कतर 20 0 अल्बानिया 10 10 यूक्रेन 10 10 बुर्किना फासो 0 20 सिएरा लियोन 0 20 तंजानिया 0 20 आयरलैंड 15 0 इजराइल 15 0 मॉरीशस 15 0 नीदरलैंड 15 0 रोमानिया 15 0 स्वीडन 15 0 त्रिनिदाद एवं टोबैगो 15 0 कजाखस्तान 10 5 थाईलैंड 10 5 अफगानिस्तान 0 15 क्यूबा 0 15 माली 0 15 आर्मेनिया 10 0 चिली 10 0 मैसेडोनिया 10 0 नॉर्वे 10 0 सर्बिया 10 0 गाम्बिया 0 10 लाइबेरिया 0 10 ताजिकिस्तान 0 10 ऑस्ट्रिया 5 0 बहरीन 5 0 बुल्गारिया 5 0 कंबोडिया 5 0 डेनमार्क 5 0 गुयाना 5 0 हांगकांग 5 0 मकाऊ 5 0 अंगोला 0 5 बेलारूस 0 5 चाड 0 5 डोमिनिका 0 5 कोसोवो 0 5 मॉरिटानिया 0 5 म्यांमार 0 5 सेंट किट्स एंड नेविस 0 5 राज्यविहीन (Stateless) 0 5 टोगो 0 5 जिन देशों के सभी आवेदन रिजेक्ट हुए सीरिया, युगांडा, श्रीलंका, सूडान, यमन, लीबिया, अफगानिस्तान, क्यूबा, माली, पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ कांगो, बुर्किना फासो, सिएरा लियोन और तंजानिया इन देशों के किसी भी आवेदक को वीज़ा नहीं मिला. जिन देशों के सभी आवेदन मंजूर हुए ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, क्रोएशिया, न्यूजीलैंड, सऊदी अरब, फ्रांस, इटली, स्पेन, पुर्तगाल, आयरलैंड, इजराइल, नीदरलैंड, स्वीडन, रोमानिया और नॉर्वे समेत बेल्जियम, स्विट्जरलैंड, मॉरीशस, त्रिनिदाद एंड टोबैगो, आर्मेनिया, चिली, मैसेडोनिया, सर्बिया, ऑस्ट्रिया, बहरीन, बुल्गारिया, कंबोडिया, डेनमार्क, गुयाना, हांगकांग, मकाऊ, बोलीविया और कतर के सभी आवेदनों को मंजूरी दी गई.  

शेफाली वर्मा के दम पर भारत की बांग्लादेश पर शानदार जीत, सेमीफाइनल की उम्मीद मजबूत

मैनचेस्टर  महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को आसानी से हरा दिया है। ग्रुप ए का यह मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला गया। टॉस जीतने के बाद पहले बैटिंग करते हुए बांग्लादेश ने 8 विकेट पर 136 रन बनाए। भारतीय टीम ने 17वें ओवर में मैच को 5 विकेट से जीत लिया। यह महिला टी20 विश्व कप में भारत का दूसरा सबसे बड़ा रन चेज है। चार मैचों में हरमनप्रीत कौर की टीम ने तीसरी जीत हासिल की है। 6 पॉइंट के साथ ग्रुप ए में भारत दूसरे नंबर पर है। बांग्लादेश की चार मैचों में दूसरी हार है। डेथ ओवर्स में जूझी बांग्लादेश की बैटिंग इस मैच में बांग्लादेश की शुरुआत खराब रही थी और 8 के स्कोर पर टीम को पहला झटका लगा था। दिलारा अख्तर 4 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद जुरैया फिरदौस और सोभना मोस्तरी ने दूसरे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी की। यह साझेदारी 41 गेंदों पर आई थी। फिरदौस 59 के स्कोर पर दूसरे विकेट के रूप में आउट हुईं। फिरदौस ने 31 गेंदों पर 33 रन बनाए। मोस्तरी तीसरे विकेट के रूप में 79 के स्कोर पर आउट हुईं। उन्होंने 26 गेंदों पर 22 रन बनाए। इन दोनों को भारतीय फील्डर्स ने चार जीवनदान दिए। आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया रवाना इसके बाद कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज निगार सुल्ताना ने पारी को संभालने की कोशिश की। सुल्ताना ने 27 गेंदों पर 32 रन बनाए। सुल्ताना चौथे विकेट के रूप में 106 के स्कोर पर आउट हुईं। पारी के आखिर में बांग्लादेश ने लगातार विकेट भी गंवाए जिससे स्कोर 20 ओवर में 8 विकेट पर 136 तक पहुंच सका। बांग्लादेश ने अपने आखिरी 4 विकेट पारी की आखिरी 13 गेंदों पर गंवाए। राधा यादव ने भारत की तरफ से शानदार गेंदबाजी की। राधा ने 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट लिए। श्री चरणी ने 2 विकेट लिए। शेफाली वर्मा प्लेयर ऑफ द मैच रहीं भारतीय टीम को शेफाली वर्मा ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई लेकिन स्मृति मंधाना सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गईं। पावरप्ले में शेफाली की तेज पारी से भारतीय टीम 63 रनों तक पहुंच गई। 29 गेंदों पर शेफाली ने अपनी फिफ्टी पूरी की। वह 53 रन बनाकर आउट हुईं। 34 गेंदों की पारी में शेफाली ने 8 चौके और एक छक्का लगाया। यास्तिका भाटिया ने 23 और ऋचा घोष ने 10 रन बनाए। जेमिमा रोड्रिग्स ने सिर्फ 15 गेंदों पर 26 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। दीप्ति शर्मा ने 19 गेंद रहते चौका मारकर भारत को जीत दिला दी।  

नेमार के कमबैक मैच में ब्राजील का जलवा, विनीसीयस ने दागे दो गोल, स्कॉटलैंड को 3-0 से हराया

 मियामी गार्डन्स फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup 2026) में ब्राजील ने अपना दबदबा बरकरार रखते हुए स्कॉटलैंड को 3-0 से हराया और ग्रुप-C में टॉप स्थान हासिल कर नॉकआउट राउंड में एंट्री कर ली. गुरुवार को मियामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा नेमार की लंबे समय बाद वर्ल्ड कप में वापसी रही, लेकिन मैच के असली हीरो विनीसियस जूनियर साबित हुए, जिन्होंने दो गोल दागकर स्कॉटिश टीम की उम्मीदों को पूरी तरह खत्म कर दिया।  मुकाबले से पहले मियामी में एक अजीबोगरीब भविष्यवाणी चर्चा का विषय बनी हुई थी. एक ब्राजीलियाई ज्योतिषी ने दावा किया था कि मैच के दौरान एलियन स्टेडियम में उतर सकते हैं. हालांकि मैदान पर जो सबसे असाधारण नजारा देखने को मिला, वह कार्लो एंसेलोटी (ब्राजील की टीम के हेड कोच)की ब्राजील टीम का प्रदर्शन था।  64,478 दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में ब्राजील ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया. स्कॉटलैंड के कोच स्टीव क्लार्क ने मैच से पहले ब्राजील के शुरुआती दबाव को लेकर चिंता जताई थी और उनकी आशंका महज 10 मिनट के भीतर सही साबित हो गई।  स्कॉट मैककेना की एक गलती स्कॉटलैंड पर भारी पड़ गई. रायन ने शानदार प्रेसिंग करते हुए गेंद छीनी और विनीसियस जूनियर को पास दिया. रियल मैड्रिड स्टार ने गोलकीपर एंगस गन को चकमा देते हुए आसानी से गेंद को नेट में पहुंचा दिया. यह टूर्नामेंट में उनका चौथा गोल था और लगातार तीसरा ग्रुप मैच था जिसमें उन्होंने स्कोर किया।  इसके बाद विनीसियस ने एक और गोल दागा, लेकिन VAR समीक्षा में फाउल पाए जाने के कारण उसे रद्द कर दिया गया. हालांकि इससे मैच की तस्वीर नहीं बदली. ब्राजील लगातार स्कॉटलैंड पर दबाव बनाता रहा, जबकि स्कॉटिश टीम पहले हाफ में एक भी शॉट टारगेट पर नहीं लगा सकी।  पहले हाफ के आखिर में ब्राजील ने बढ़त दोगुनी कर दी. ब्रूनो गुइमारेस के शानदार क्रॉस पर विनीसियस जूनियर ने हेडर के जरिए गेंद गोल में पहुंचा दी. इस गोल ने स्कॉटलैंड की वापसी की उम्मीदों को लगभग खत्म कर दिया।  दूसरे हाफ में भी ब्राजील का नियंत्रण कायम रहा. गुइमारेस ने एक और बेहतरीन मूव बनाया और मैथियस कुन्हा को शानदार पास दिया. वॉल्वरहैम्प्टन वांडरर्स के स्ट्राइकर ने मौके का पूरा फायदा उठाते हुए ब्राजील का तीसरा गोल दाग दिया. यह टूर्नामेंट में उनका तीसरा गोल था।  हालांकि मैच का सबसे भावुक पल तब आया जब चौथे अधिकारी ने सब्स्टीट्यूशन बोर्ड पर नेमार का नंबर दिखाया. अक्टूबर 2023 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप मंच पर लौटे ब्राजील के रिकॉर्ड गोलस्कोरर का पूरे स्टेडियम ने खड़े होकर स्वागत किया।  34 वर्षीय नेमार ने अपने छोटे से कैमियो में शानदार टच दिखाए और कुछ अच्छे मूव भी बनाए. उनकी वापसी नॉकआउट राउंड से पहले कोच कार्लो एंसेलोटी के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।  फिर भी यह मुकाबला एक और सच को सामने लेकर आया. ब्राजील अब सिर्फ नेमार पर निर्भर टीम नहीं रही. टीम को नया चेहरा और नया लीडर मिल चुका है. विनीसियस जूनियर ने लगातार तीसरे ग्रुप मैच में गोल करके साबित कर दिया कि मौजूदा ब्राजील टीम की धड़कन अब वही हैं।  ग्रुप-C में ब्राजील ने सात अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया. दूसरी ओर, अटलांटा में मोरक्को ने हैती को 4-2 से हराकर दूसरे स्थान पर कब्जा जमाया. स्कॉटलैंड का सफर ग्रुप राउंड में ही समाप्त हो गया।  मियामी में दर्शक आसमान में किसी चमत्कार का इंतजार कर रहे थे, लेकिन असली चमत्कार मैदान पर हुआ, जहां ब्राजील की नंबर-7 जर्सी पहने विनीसियस जूनियर ने एक बार फिर पूरी दुनिया को अपना दीवाना बना दिया।