samacharsecretary.com

अम्बिकापुर हवाई सेवा पर सांसद चिंतामणि का स्वागत, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से भेंट

सरगुजा. सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने आज नई दिल्ली में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य भेंट कर दरिमा-अम्बिकापुर से दिल्ली तक हवाई सेवा प्रारंभ करने तथा नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में हो रहे प्रभावी प्रयासों के लिए उनका अंबिकापुर में निर्मित मक्का की धानी से निर्मित पारंपरिक माला पहनाकर स्वागत किया एवं हृदय से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए पर्यटन एवं आधारभूत विकास को गति देने, शासकीय संस्कृत महाविद्यालय की स्थापना, बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा व्यवस्था तथा आदिवासी समाज के आश्रमों के विकास के संबंध में आग्रह रखा। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी को पूज्य पिताजी गहिरा गुरु जी द्वारा स्थापित संत समाज के पावन धाम में भी पधारने हेतु आमंत्रित किया ।प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिल रही है।

एमपी में ई-बसों का विस्तार: इंदौर से रतलाम-बुरहानपुर तक सफर, 64 EV स्टेशन तैयार होंगे

इंदौर से उज्जैन, भोपाल, खरगोन, सेंधवा, खंडवा, बुरहानपुर, रतलाम, धार-मांडू और महेश्वर के लिए शुरू होंगी इलेक्ट्रिक बसें इंदौर. बीते दौर के मप्र परिवहन निगम (रोडवेज) की तर्ज पर एआइसीटीएस का विस्तार होगा। इंदौर में पहले सिटी बस से शुरुआत करने वाली कंपनी अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड (एआईसीटीएसएल) का विस्तार पूरे संभाग में होगा। यह कंपनी मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (एमपीवायपीआईएल) की सहायक कंपनी के रूप में काम करेगी। इसका पुनर्गठन करते हुए इंदौर संभाग में विस्तार किया जाएगा। शनिवार को एआईसीटीएसएल की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। एआईसीटीएसएल को नई इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा भी मिला। 26 नई इलेक्ट्रिक बसें जल्द शुरू होंगी। इनका संचालन इंदौर से जुड़े मालवा-निमाड़ के शहरों तक किया जाएगा। इसी के साथ बोर्ड बैठक में नए डिपो बनाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। वीसी के जरिए हुई बैठक वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक की अध्यक्षता बोर्ड के अध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के प्रबंध निदेशक मनीष सिंह ने की। बोर्ड बैठक में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्टर एवं कंपनी निदेशक शिवम वर्मा एवं संभाग के जिलों के कलेक्टर एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में नगर निगम आयुक्त एवं कंपनी निदेशक क्षितिज सिंघल, स्मार्ट सिटी कंपनी के सीईओ अर्थ जैन, आइडीए बोर्ड के सीईओ एवं कंपनी निदेशक डॉ. परीक्षित झाड़े व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बस सेवाओं का विस्तार बैठक में सार्वजनिक बस परिवहन को सुदृढ़ एवं विस्तारित करने की दिशा में कंपनी का इंदौर संभाग के सभी जिलों में औपचारिक पुनर्गठन किया गया। संभाग में विस्तार के साथ ही कंपनी का लक्ष्य संभाग में बस सेवाओं का व्यापक विस्तार भी करना है। इलेक्ट्रिक बस सेवा इंदौर से उज्जैन, भोपाल, खरगोन, सेंधवा, खंडवा, बुरहानपुर, रतलाम, धार-मांडू एवं महेश्वर के लिए शुरू की जाएगी। बोर्ड ने इस सेवा को अतिशीघ्र आरंभ करने हेतु निर्देशित किया। बताया गया कि ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की पीए ई-बस सेवा के अंतर्गत इंदौर को प्रथम चरण में 150 इलेक्ट्रिक बसें प्राप्त होने जा रही हैं। इन बसों के संचालन हेतु आइएसबीसी नायता मुंडला एवं देवास नाका पर दो इलेक्ट्रिक बस डिपो का निर्माण शुरू कर दिया गया है। बोर्ड द्वारा इंदौर शहर में 500 इलेक्ट्रिक साइकिलों के संचालन हेतु निविदा प्रक्रिया की स्वीकृति प्रदान की गई। ईवी चार्जिंग स्टेशन बनेंगे यह परियोजना यात्रियों को सुविधाजनक लास्ट माइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के साथ-साथ कंपनी को वित्तीय आय भी प्रदान करेगी। बोर्ड बैठक में पीएम ई-ड्राइव योजना के अंतर्गत इंदौर शहर में सार्वजनिक उपयोग हेतु 64 ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। बोर्ड द्वारा इस संबंध में प्रस्ताव प्रेषित किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई। सिटी बस डिपो में सीएनजी ईंधन सुविधा उपलब्ध कराने हेतु अवंतिका गैस लिमिटेड के साथ संपादित अनुबंध एवं प्रस्ताव को बोर्ड ने स्वीकृति प्रदान की।

मिशन ‘प्रगति यात्रा’, मुख्यमंत्री आज वाल्मीकि नगर में करेंगे गंडक नहर और लव-कुश पार्क का निरीक्षण, पर्यटन को लगेंगे पंख

 वाल्मीकि नगर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज यानी रविवार को वाल्मीकि नगर के दौरे पर आ रहे हैं। उनके इस दौरे को लेकर पूरे इलाके में जबरदस्त हलचल है। माना जा रहा है कि सीएम आज उत्तर बिहार के इस अहम पर्यटन केंद्र को करोड़ों रुपये की योजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण वाल्मीकि नगर हवाई अड्डे के विस्तार का शिलान्यास हो सकता है, जिससे अब बड़े विमानों की उड़ान का रास्ता भी साफ हो जाएगा। हवाई अड्डे के लिए 38.64 करोड़ का प्लान सीएम के इस ड्रीम प्रोजेक्ट के लिए 38.64 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है। इसके तहत हवाई अड्डे के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा। वर्तमान में उपलब्ध जमीन के अलावा करीब 12 एकड़ अतिरिक्त जमीन का अधिग्रहण होना है। जैसे ही जमीन की प्रक्रिया पूरी होगी, निर्माण कार्य में तेजी आएगी। इससे न सिर्फ कनेक्टिविटी बढ़ेगी, बल्कि पर्यटकों के लिए वाल्मीकि नगर पहुंचना और भी आसान हो जाएगा। 2:30 बजे पटना हवाई अड्डे से रवाना होंगे CM तय कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री दोपहर करीब 2:30 बजे पटना हवाई अड्डे से रवाना होंगे और सीधे वाल्मीकि नगर पहुंचेंगे। वहां पहुंचकर वे 'मुख्यमंत्री प्रगति यात्रा' के तहत दोन नहर सेवा पथ के बहाली कार्यों का जायजा लेंगे। इसके साथ ही गंडक नहर शाखा के निरीक्षण का भी प्रोग्राम है। इसके अलावा वे लव-कुश पार्क का निरीक्षण करेंगे और वाल्मीकि नगर सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। सीएम इको टूरिज्म पार्क और गिद्ध संरक्षण केंद्र का उद्घाटन भी करेंगे। क्या बगहा बनेगा नया राजस्व जिला? सीएम के आगमन के साथ ही बगहा को 'राजस्व जिला' बनाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि चुनाव से पहले सीएम इस पर कोई बड़ा संकेत दे सकते हैं। फिलहाल, शनिवार को ही डीएम और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हवाई अड्डे और कन्वेंशन सेंटर का बारीकी से निरीक्षण कर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

अपराधियों पर नकेल कसने की तैयारी, नीतीश सरकार ने पुलिस के लिए नए हथियारों और गोला-बारूद के प्रस्ताव को दी मंजूरी

पटना बिहार में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। बिहार पुलिस अब अत्याधुनिक हथियारों और गोला-बारूद से लैस होने जा रही है। गृह विभाग ने पुलिस मुख्यालय के उस प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है, जिसमें करीब 43.42 करोड़ रुपये की लागत से नए हथियार और ट्रेनिंग के लिए गोला-बारूद खरीदने की बात कही गई है। 9mm की पिस्टल से लैस होंगे जवान इस बड़ी खरीद में सबसे खास है '(9mm) सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल'। गृह विभाग के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के ईशापुर स्थित राइफल फैक्ट्री से इन पिस्टलों की सप्लाई होगी। पुलिस इसे दो चरणों में खरीदेगी। पहले चरण में 2,500 पिस्टल और दूसरे चरण में 1,500 पिस्टल ली जाएंगी। सिर्फ इन पिस्टलों की खरीद पर ही करीब 42 करोड़ 28 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। ट्रेनिंग के लिए आएंगी 1.20 लाख विशेष गोलियां बिहार पुलिस ने प्रैक्टिस के लिए 1.20 लाख ब्लैंक गोलियां खरीदने का फैसला किया है। इन गोलियों का इस्तेमाल ट्रेनिंग के दौरान किया जाएगा। पुणे की खड़की फैक्ट्री से 60 हजार गोलियां और महाराष्ट्र के जलगांव फैक्ट्री से 60 हजार गोलियां आएंगी। इन विशेष गोलियों पर करीब 1 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बता दें कि बिहार पुलिस इन हथियारों और गोला-बारूद की खरीद सीधे देश की प्रतिष्ठित फैक्ट्रियों से करेगी। इसके लिए पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र की फैक्ट्रियों को चुना गया है। गृह विभाग की मंजूरी मिलने के बाद अब खरीद की प्रक्रिया में तेजी आएगी।

हरियाणा के कई इलाकों में बारिश और ओले, 7-8 अप्रैल को फिर बदलेगा मौसम

हिसार. पश्चिमी विक्षोभ के असर से हिसार, सिरसा व अन्य जिलों में दिनभर बादलों की लुकाछिपी जारी रही। दोपहर बाद सिरसा, फतेहाबाद, फरीदाबाद, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, पलवल और झज्जर के साल्हावास क्षेत्र में तेज वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। सिरसा में वर्षा के साथ ओलावृष्टि होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विशेषज्ञ डा. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान में सक्रिय एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण शनिवार रात को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बिखराव वाली वर्षा हो सकती है। वहीं रविवार को भी उत्तरी जिलों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। इसके बाद यह मौसम प्रणाली हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली से आगे निकल जाएगी। 7-8 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में सक्रिय होगा। जिसके प्रभाव से एक बार फिर मौसम करवट लेगा। इसके चलते जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में 7 से 9 अप्रैल के बीच गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा और बर्फबारी की संभावना है। साथ ही 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसका असर मैदानी राज्यों में भी देखने को मिलेगा। पंजाब, हरियाणा, एनसीआर, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 7 और 8 अप्रैल को गरज-चमक, तेज हवाओं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि के साथ वर्षा की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए भारतीय मौसम विभाग ने हरियाणा और एनसीआर-दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस मौसम प्रणाली के गुजरने के बाद प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। जिससे गर्मी के बीच ठंड का अहसास हो सकता है। शनिवार को दिन व रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जहां रात का तापमान सामान्य से अधिक और दिन का तापमान सामान्य से नीचे बना रहा। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे तेज हवाओं और ओलावृष्टि को देखते हुए कटाई कर खेतों में रखी फसलों का बचाव करें। तापमान (डिग्री सेल्सियस में) जिला – न्यूनतम – अधिकतम     सोनीपत – 16.8 – 32.6     रोहतक – 17.1 – 32.2     अंबाला – 20.1 – 32.3     महेंद्रगढ़ – 18.5 – 31.6     हिसार – 17.9 – 32.6     करनाल – 17.8 – 32.6    शनिवार शाम तक के आंकड़े (मिलीमीटर में)     पानीपत – 15.5     गुरुग्राम – 9.5     करनाल – 6.0     भिवानी – 4.8     सिरसा – 4.5     सोनीपत – 4.0     जींद – 1.50

हाई कोर्ट में नई व्यवस्था: जनहित याचिकाओं की सुनवाई चीफ जस्टिस की बेंच करेगी

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के रोस्टर में 8 अप्रैल से बदलाव हो रहा है। अब तीन डिवीजन बेंच के अलावा तेरह सिंगल बेंचों में नियमित सुनवाई की जाएगी। पहली डीबी में चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा व जस्टिस रविन्द्र कुमार अग्रवाल सभी जनहित याचिकाओं, हेबियस कार्पस पिटीशन, 2020 तक की क्रिमिनल अपील, अवमानना याचिका क्रिमिनल, सेक्शन 482 के तहत आवेदन, 419, 378 पर सुनवाई करेंगे। दूसरी डीबी में जस्टिस संजय के अग्रवाल और जस्टिस सचिन सिंह राजपूत सभी सिविल मामले , कंपनी अपील टेक्स मामले , अल्ट्रा वायरस मामले 2022 तक सुनेंगे। यह डिवीजन बेंच मामलों का कमर्शियल अपीलेट भी रहेगा। जस्टिस संजय अग्रवाल और जस्टिस एन के व्यास की तीसरी डीबी उन क्रिमिनल मामलों को देखेगी जो किसी डीबी को नहीं दिए गये हैं। 2016 तक की इक्विटल अपील और 2022 तक के अल्ट्रा वायरस मामलों पर भी यही बेंच सुनवाई करेगी। इसके अलावा चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की स्पेशल सिंगल बेंच समेत कुल 13 सिंगल बेंच निर्धारित की गईं हैं।

मलबे में फंसे पिता को निकालने बेटे ने लगाया प्रयास, अनूपपुर में NDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

अनूपपुर. अनूपपुर जिले के कोतमा नगर पालिका क्षेत्र में शनिवार शाम करीब 5:36 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। यहां स्थित एक लॉज की पुरानी इमारत अचानक जमींदोज हो गई। चश्मदीदों के मुताबिक, बगल में नए निर्माण के लिए खुदाई चल रही थी, तभी दीवार भरभराकर गिर पड़ी। पास की दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में लोग अपनी जान बचाने के लिए भागते हुए नजर आ रहे हैं। इमारत गिरते ही चारों ओर धूल का गुबार छा गया। रेस्क्यू में जुटा रहा बेटा, मलबे में दबे थे पिता हादसे में मरने वालों में हरिदीन यादव (50 वर्ष) और रामकृपाल यादव (55 वर्ष) शामिल हैं। हृदयविदारक बात यह है कि नगर पालिका का जेसीबी चालक हरपाल यादव घटनास्थल पर मलबा हटाने का काम कर रहा था। करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे अस्पताल से फोन आया कि जिस मलबे को वह हटा रहा है, उसी के नीचे दबने से उसके पिता हरिदीन और मामा की जान चली गई है। मृतक हरिदीन वहां टाइल्स लगाने का काम कर रहे थे। बिना अनुमति चल रहा था निर्माण कार्य प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रामनरेश गर्ग द्वारा किए जा रहे नए निर्माण कार्य के लिए प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। लॉज के चौथे फ्लोर पर भी पाइप फिटिंग और टाइल्स का काम चल रहा था, जिसके कारण वहां कोई यात्री नहीं रुका था, अन्यथा हताहतों की संख्या और बढ़ सकती थी। प्रशासनिक मुस्तैदी और मुआवजा हादसे की खबर मिलते ही प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार, राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल, कमिश्नर सुरभि गुप्ता और कलेक्टर हर्षल पंचोली पूरी रात मौके पर डटे रहे। भिलाई और बनारस से आई एनडीआरएफ की टीमें स्निफर डॉग्स की मदद से मलबे में अन्य लोगों की तलाश कर रही हैं। कलेक्टर ने बताया कि पीड़ितों के लिए मुआवजे की घोषणा मुख्यमंत्री द्वारा की जाएगी, वहीं प्रभारी मंत्री ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।

सावधान, आगरा और नोएडा समेत इन जिलों में 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, आईएमडी ने जारी किया भारी चेतावनी

जयपुर यूपी के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से जारी खुशनुमा मौसम के बीच अब अचानक बदलाव की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने आगरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, नोएडा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में अगले 3 घंटे के भीतर गरज-चमक, तेज हवा और बारिश का अलर्ट जारी किया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के मुताबिक, पश्चिमी यूपी के कई जिलों में मौसम तेजी से बदल सकता है. जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है, उनमें आगरा, अलीगढ़, अमरोहा, बागपत, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, हाथरस, मथुरा, मेरठ और संभल शामिल हैं. IMD के अनुसार, इन इलाकों में मध्यम गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. यह बदलाव अगले 3 घंटे के भीतर देखने को मिल सकता है. इस बार अप्रैल की शुरुआत में मौसम सामान्य से अलग बना हुआ है. पश्चिमी यूपी में अभी तक तेज धूप या लू जैसे हालात नहीं बने हैं. पिछले कई दिनों से आसमान में बादल बने हुए हैं, हल्की हवाएं चल रही हैं और कुछ इलाकों में बूंदाबांदी भी दर्ज की गई है. इसी बदले हुए पैटर्न के बीच अब शॉर्ट-टर्म वेदर एक्टिविटी बढ़ने के संकेत मिले हैं. कानपुर में कल एकाएक बदल गया था मौसम कानपुर में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली और शाम होते-होते तेज आंधी-तूफान के साथ कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई.दोपहर बाद से ही आसमान में काले बादल छाने लगे थे और हवा का रुख बदलने लगा था. जैसे-जैसे शाम करीब आई, मौसम पूरी तरह सक्रिय हो गया और तेज झोंकों के साथ धूल भरी आंधी चली, जिसके बाद बारिश और ओले गिरने शुरू हो गए. शहर के कई हिस्सों में कुछ मिनटों तक ओले गिरने की खबर है, जिससे तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई और मौसम ठंडा हो गया.गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया. तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में पेड़ गिरने की सूचना है, जिससे सड़कों पर आवागमन प्रभावित हुआ.इसके अलावा कुछ स्थानों पर बिजली के खंभे गिरने और तार टूटने की भी जानकारी सामने आई है, जिसके चलते लोकल स्तर पर बिजली आपूर्ति बाधित रही. बाजारों और सड़कों पर मौजूद लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए.वहीं, वाहन चालकों को भी तेज हवा और कम विजिबिलिटी के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ा.हालांकि ओलावृष्टि और बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है, लेकिन नुकसान और अव्यवस्था के चलते प्रशासन सतर्क है.विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के अचानक बनने वाले सिस्टम आने वाले दिनों में भी देखने को मिल सकते हैं, इसलिए मौसम को लेकर सावधानी जरूरी है.मौसम विभाग का मानना है कि पश्चिमी यूपी में भी इसी तरह का बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने जारी किया संभावित असर  तेज हवा से पेड़ या होर्डिंग गिरने का खतरा  गरज-चमक के दौरान बिजली गिरने की आशंका  बारिश से ट्रैफिक और विजिबिलिटी प्रभावित IMD ने जारी की सलाह मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. बताया गया है कि  खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें और पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक इसी तरह का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. दिन में हल्का मौसम और शाम के समय आंधी-बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते यह बदलाव देखने को मिल रहा है. यही वजह है कि दिन में गर्मी और शाम या रात में आंधी-बारिश का सिलसिला बन रहा है. यह पैटर्न आने वाले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है.

पुलिस की छापेमारी में चार जालसाज गिरफ्तार, बाजारों में खपाए जा रहे थे 500 के नकली नोट

बहराइच उत्तर प्रदेश के बहराइच में पुलिस ने नकली करंसी छापने और उसे बाजार में खपाने वाले एक गैंग का पर्दाफाश किया है. हैरानी की बात यह है कि आरोपी किसी हाईटेक मशीन का नहीं, बल्कि एक साधारण कलर प्रिंटर का इस्तेमाल कर नकली नोट तैयार कर रहे थे और उन्हें स्थानीय बाजारों में चला भी रहे थे. एजेंसी के मुताबिक, इस गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है. इनके कब्जे से 11,500 रुपये की नकली करंसी बरामद हुई है, जिसमें 500 रुपये के 23 नकली नोट शामिल हैं. साथ ही एक कलर प्रिंटर भी जब्त किया गया है, जिससे ये नोट छापे जा रहे थे. बहराइच के पुलिस अधीक्षक विजयजीत श्रीवास्तव ने बताया कि खैरिघाट इलाके में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात सूचना के आधार पर छापेमारी की गई. इसी दौरान चारों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरूचरण सिंह उर्फ विजय, सलीम उर्फ सूरज, हरिराम लोधी और अर्जुन के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान सभी ने स्वीकार किया कि वे कलर प्रिंटर की मदद से नकली नोट तैयार करते थे और फिर उन्हें बाजारों में खपाते थे. पुलिस का कहना है कि आरोपी नकली नोटों को असली जैसा दिखाने की कोशिश करते थे और छोटे-छोटे लेनदेन में इन्हें इस्तेमाल करते थे, ताकि किसी को शक न हो. खासकर भीड़भाड़ वाले बाजार और दुकानों को निशाना बनाया जाता था, जहां जल्दी में लोग नोटों की बारीकी से जांच नहीं कर पाते. इस खुलासे के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह गैंग कब से सक्रिय था और अब तक कितनी नकली करंसी बाजार में खपा चुका है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस नेटवर्क में और लोग भी शामिल हैं. मामले में केस दर्ज कर चारों आरोपियों के खिलाफ एक्शन शुरू हो गया है. पुलिस का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जा रही है और आगे भी ऐसे गैंग्स के खिलाफ अभियान जारी रहेगा. आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, खासकर बड़े नोट लेते समय उनकी जांच जरूर करनी चाहिए.  

गृह निर्माण ऋण गबन केस: तत्कालीन मैनेजर हिरासत में, 7 अप्रैल तक रिमांड मंजूर

रायपुर. 26 साल पुराने गृह निर्माण ऋण घोटाले में सहकारी आवास संघ मर्यादित भोपाल के तत्कालीन प्रबंधक को आज एंटी करप्शन ब्यूरो ने गिरफ्तार किया है. वर्ष 2000 में दर्ज अपराध में पूर्व में 18 मार्च को दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. आज तत्कालीन प्रबंधक प्रदीप कुमार निखरा को भी गिरफ्तार किया गया है. उन्हें सात अप्रैल तक के लिए पुलिस रिमांड में लिया गया है. आधुनिक गृह निर्माण सहकारी समिति मर्यादित रायपुर के 186 सदस्यों के नाम पर एक– एक लाख रुपए,कुल 1 करोड़ 86 लाख रुपए का गृह निर्माण ऋण स्वीकृत करवाया गया है. प्रकरण की जांच में पता चला कि भौतिक सत्यापन में ऋण अभिलेखों में दर्शाए गए स्थलों पर ना तो मकान निर्मित पाया गया और ना ही संबंधित ऋणधारी वहां मिले. जांच में कूटरचित दस्तावेजों,फर्जी प्रमाण पत्रों तथा आपराधिक षड्यंत्र के माध्यम से ऋण राशि के गबन किए जाने के तथ्य सामने आए. जिस पर ब्यूरो में विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज हुआ. क्या है पूरा मामला ? ब्यूरो में दर्ज अपराध क्रमांक 19/2000, धारा 120बी, 406, 409, 420, 467, 468, 471 भादवि तथा धारा 13 (1) (सी), 13 (2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के प्रकरण में जांच के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि वर्ष 1995 से 1998 के बीच शासन की सरकारी आवासीय योजना के अंतर्गत जरूरतमंद व्यक्तियों को मकान निर्माण हेतु ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाती थी. जांच में पाया गया कि ‘आधुनिक गृह निर्माण सहकारी समिति मर्यादित रायपुर’ के तत्कालीन अध्यक्ष थावरदास माधवानी, ‘सहकारी आवास संघ मर्यादित रायपुर’ के तत्कालीन आवास पर्यवेक्षक बसंत कुमार साहू एवं ‘सहकारी आवास संघ मर्यादित भोपाल’ के तत्कालीन प्रबंधक प्रदीप कुमार निखरा द्वारा आपराधिक षड्यंत्र कर आपस में मिलकर योजनाबद्ध तरीके से सहकारी आवास संघ के पैसे का बंटरबाट किया और प्रदीप कुमार निखरा द्वारा पद का दुरूपयोग कर कूटरचित दस्तावेजों से फर्जी लोन तैयार कर लाखों रूपये प्राप्त किया गया. आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल कर आवास संघ से गृह निर्माण के नाम पर धोखाधड़ी से ऋण स्वीकृत कराया. इसके बाद करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपये की राशि का बंदरबांट कर आपस में बांट लिया. आज चार अप्रैल को प्रकरण में सहकारी आवास संघ मर्यादित भोपाल के तत्कालीन प्रबंधक प्रदीप कुमार निखरा को गिरफ्तार किया गया. कोर्ट ने पेशी के बाद गिरफ्तार आरोपी को सात अप्रैल तक पुलिस रिमाण्ड भेज दिया है.