samacharsecretary.com

पुलिस की बड़ी Raid से मचा हड़कंप, गुरदासपुर में अवैध शराब के अड्डे ध्वस्त

गुरदासपुर. आबकारी विभाग गुरदासपुर के सहायक आयुक्त करमबीर महला के निर्देशों पर अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए बड़ा एक्शन लिया गया। एक्साइज ऑफिसर हेमंत शर्मा (सर्कल-1) और दविंदर सिंह (सर्कल-2) की देखरेख में, एक्साइज इंस्पेक्टर दीपक कुमार (सर्कल गुरदासपुर), कश्मीर सिंह (सर्कल कादियां) तथा गुरदासपुर पुलिस ने डीएसपी कुलवंत सिंह मान और एक्साइज पुलिस की निगरानी में आज सुबह करीब 5:30 बजे सर्च ऑपरेशन शुरू किया। ब्यास दरिया के किनारे ली गई गहन तलाशी यह अभियान एक्साइज सर्कल गुरदासपुर के गांव मौजपुर, भैणी मियां खान, भैणी पसवाल, भैणी मीलवां, आलमा और नूना बरकतां के मंड इलाकों में चलाया गया। करीब आठ घंटे तक चले इस बड़े ऑपरेशन के दौरान ब्यास दरिया के किनारे पूरे मंड क्षेत्र की गहन तलाशी ली गई। सर्च अभियान के दौरान अज्ञात शराब तस्करों द्वारा जमीन और सरकंडों में छिपाकर रखे गए 25 टीन, 6 लोहे के ड्रम, 3 अवैध शराब की भट्टियां, 12 प्लास्टिक कैन और 105 तिरपाल बरामद किए गए। इन तिरपालों में प्रत्येक में करीब 500 किलो के हिसाब से कुल लगभग 53,900 किलो लाहन (कच्ची शराब बनाने का मिश्रण) और 125 लीटर अवैध शराब बरामद हुई, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। आबकारी व कर विभाग पूरी तरह सतर्क इस संबंध में इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि बरामद लाहन को तुरंत नष्ट कर दिया गया है और अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर ऐसे सर्च ऑपरेशन आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव नजदीक आते ही शराब तस्करों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं, इसलिए आबकारी व कर विभाग पूरी तरह सतर्क है और अवैध शराब के धंधे को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, धमाकों के बाद चंडीगढ़ पुलिस HQ में बुलेटप्रूफ गेट इंस्टॉल

चंडीगढ़. पंजाब में हाल ही में हुए धमाकों के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। इसी के तहत चंडीगढ़ स्थित पंजाब पुलिस मुख्यालय पर बुलेटप्रूफ गेट लगाए गए हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। ISI का हो सकता है हाथ: DGP उधर, डीजीपी गौरव यादव विभिन्न स्थानों का दौरा कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।अमृतसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा। प्रारंभिक जांच में ISI की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पंजाब इस समय प्रॉक्सी वॉर का सामना कर रहा है और ऐसी घटनाओं के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, अभी तक किसी संगठन ने आधिकारिक तौर पर जिम्मेदारी नहीं ली है।

पंजाब में सत्कार कानून लागू होने के बाद CM मान का बड़ा संदेश, “अब बेअदबी बर्दाश्त नहीं”

रूपनगर/चंडीगढ़. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को खालसा पंथ की जन्मस्थली श्री आनंदपुर साहिब से राज्यव्यापी शुकराना यात्रा की शुरुआत की। मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस और आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र से सांसद मलविंदर सिंह कंग भी मौजूद रहे। यात्रा शुरू करने से पहले मुख्यमंत्री ने तख्त श्री केसगढ़ साहिब में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। यह यात्रा पंजाब सरकार द्वारा हाल ही में लागू “जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार कानून संशोधन 2026” के लागू होने के बाद निकाली जा रही है। सरकार का कहना है कि इस नए कानून का उद्देश्य श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूपों की बेअदबी रोकना और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इसी को लेकर सरकार ने इसे श्रद्धा और धन्यवाद से जुड़ी “शुकराना यात्रा” का नाम दिया है। सरकार ने लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखा मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार श्री गुरु ग्रंथ साहिब की गरिमा और सम्मान की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लोग बेअदबी की घटनाओं पर सख्त कानून की मांग कर रहे थे और अब सरकार ने लोगों की भावनाओं के अनुसार कदम उठाया है। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब की धरती गुरुओं, पीरों और संतों की भूमि है, इसलिए यहां धार्मिक भावनाओं का सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि परमात्मा ने उनसे सेवा ली है और अब कोई गुरु ग्रंथ साहिब का अपमान नहीं कर पाएगा।  तीन दिनों तक चलेगी ये यात्रा ये शुकराना यात्रा पंजाब में तीन दिन तक चलेगी और इस दौरान कई जिलों से होकर गुजरेगी। जानें किस दिन कहां से गुजरेगी ये यात्रा- पहला दिन- श्री आनंदपुर साहिब से शुरू होकर रूपनगर, बलाचौर, बंगा और फगवाड़ा पहुंचेगी। दूसरा दिन- जालंधर, बाबा बकाला, अमृतसर, तरनतारन, जीरा, फरीदकोट और कोटकपूरा से होकर निकलेगी। तीसरा दिन- मुख्यमंत्री का काफिला बठिंडा, तख्त श्री दमदमा साहिब तलवंडी साबो, सरदूलगढ़, मानसा, बरनाला, सुनाम, संगरूर, समाना और पटियाला पहुंचेगा। यात्रा का समापन श्री फतेहगढ़ साहिब में होगा। यात्रा को लेकर विभिन्न जिलों में प्रशासन और पुलिस द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं। रास्तों में स्वागत द्वार बनाए गए हैं और बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए पहुंच रहे हैं। धार्मिक संगठनों और स्थानीय लोगों में भी यात्रा को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में नया खुलासा, जांच में जीवनजोत पर लगे आरोप गलत निकले

चंडीगढ़. मशहूर दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या से जुड़ी अहम खबर सामने आई है। दरअसल, हत्याकांड में साजिश में शामिल एक आरोपी पुलिस जांच में बेगुनाह पाया गया है। पंजाब पुलिस की SIT ने मानसा कोर्ट में बताया कि जांच में आरोपी जीवनजोत को बेगुनाह पाया गया है। मुसेवाला के पिता बलकौर सिंह  के वकील सतिंदर पाल मित्तल ने बताया कि, शुक्रवार को कोर्ट में पुलिस ने अपनी बात रखते हुए कहा कि, आरोपी जीवनजोत सितंबर में बेगुनाह पाया गया था। बता दें, मूसेवाला हत्या वाले दिन सोशल मीडिया पर शेयर की गई पोस्ट ''आज शाम मानसा में एक बहुत बड़ा तूफान आने वाला है'' को लेकर 4 आरोपियों नवजोत सिंह उर्फ ज्योति पंढेर, कंवरपाल सिंह ग्रेवाल, अवतार सिंह और जीवनजोत को नामजद किया गया था। पुलिस ने कोर्ट  में बताया कि, आरोपी जीवनजोत की फेसबुक प्रोफाइल और अन्य सोशल मीडिया की साइबर जांच करवाई थी। इस जांच के दौरान कुछ भी सबूत न मिलने पर जीवनजोत के खिलाफ कोई अपराध साबित नहीं हुआ है। वहीं 3 अन्यों की जांच चल रही है। इन चारों पर आईपीसी के सेक्शन 120-बी के तहत मामला दर्ज किया गया था। मिली जानकारी के अनुसार कोर्ट में अब इस मामले में अगली सुनवाई 22 मई को होगी। आपको बता दें कि, 29 मई 2022 को मानसा के जवाहर के गांव में गाड़ी में बैठे सिद्धू मूसेवाला की ताबड़तोड़ फायरिंग करके बेरहमी से हत्या कर दी थी।  इस हत्याकांड में पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस, गोल्डी बराड़ सहित 34 लोगों को नामजद किया था। वहीं उक्त आरोपी जगजीवन को मानसा पुलिस ने अप्रैल 2025 में दिल्ली एयरपोर्ट पर काबू किया था, जो उस समय विदेश भागने की फिराक में था।

ग्राहक को मिला इंसाफ, पार्सल खोने पर DTDC एक्सप्रेस पर लगा जुर्माना

जालंधर. पार्सल गुम होने के मामले में उपभोक्ता को आखिरकार न्याय मिल ही गया। उपभोक्ता फोरम में दायर एक केस में फैसला उपभोक्ता के पक्ष में सुनाया, जिसके बाद डी.टी.डी.सी. एक्सप्रैस कंपनी को उपभोक्ता को कुल 28,915 रुपए का भुगतान करना पड़ा। यह राशि कंपनी ने ड्राफ्ट के माध्यम से अदा की है। प्रीत नगर, सोढल रोड निवासी रजत शर्मा ने बताया कि 22 अक्तूबर 2022 को उन्हें एक पार्सल डिलीवर किया जाना था। लेकिन निर्धारित तिथि पर पार्सल उन्हें प्राप्त नहीं हुआ। इसके बाद जब उन्होंने कंपनी से संपर्क किया, तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उपभोक्ता का आरोप है कि कंपनी की लापरवाही के चलते उनका पार्सल रास्ते में ही गुम हो गया। कंपनी अपनी जिम्मेदारी निभाने में रही असफल  रजत शर्मा ने कई बार डी.टी.डी.सी. एक्सप्रैस के अधिकारियों से संपर्क कर पार्सल की जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन उन्हें हर बार टालमटोल का सामना करना पड़ा। लगातार निराशा हाथ लगने के बाद उन्होंने उपभोक्ता फोरम का दरवाजा खटखटाया और न्याय की मांग की। फोरम में सुनवाई के दौरान उपभोक्ता द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों और तथ्यों को ध्यान में रखते हुए यह स्पष्ट हुआ कि कंपनी जिम्मेदारी निभाने में असफल रही है। फोरम ने इसे सेवा में कमी मानते हुए कंपनी को उपभोक्ता को मुआवजा देने का आदेश दिया। कंपनी ने ड्राफ्ट के जरिए किया भुगतान फोरम के आदेश के बाद कंपनी ने उपभोक्ता को 28,915 का ड्राफ्ट भेजकर भुगतान कर दिया। इस मामले ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि यदि उपभोक्ता अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और सही मंच का सहारा लें, तो उन्हें न्याय अवश्य मिल सकता है। साथ ही, यह फैसला कुरियर कंपनियों के लिए भी एक चेतावनी है कि वे अपनी सेवाओं में पारदर्शिता और जिम्मेदारी बनाए रखें, अन्यथा उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

पंजाब DGP ने संभाली जांच की कमान, अमृतसर धमाके में ISI एंगल पर शक

अमृतसर. पंजाब में हाल ही में हुए धमाकों के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और पूरे मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। इसी के चलते पंजाब के डीजीपी गौरव यादव आज अमृतसर पहुंचे। शुरुआती जांच में इस घटना के पीछे साजिश की आशंका जताई जा रही है, जिससे प्रदेश में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ISI का हो सकता है हाथः DGP डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि रात करीब 10:50 बजे धमाके की सूचना मिली, जिसके तुरंत बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने कहा कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा। प्रारंभिक जांच के आधार पर डीजीपी ने संदेह जताया कि इस घटना के पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI का हाथ हो सकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब इस समय प्रॉक्सी वॉर का सामना कर रहा है और ऐसी घटनाओं के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, अभी तक किसी संगठन द्वारा आधिकारिक रूप से जिम्मेदारी नहीं ली गई है। CCTV फुटेज से कुछ मिले अहम सुराग  उन्होंने जानकारी दी कि जांच के लिए मल्टीपल टीमें काम कर रही हैं, जिनमें ह्यूमन इंटेलिजेंस, टेक्निकल इंटेलिजेंस और फॉरेंसिक टीमें शामिल हैं। शुरुआती तौर पर यह लो-इंटेंसिटी ब्लास्ट प्रतीत होता है और मौके से कुछ शार्पनल भी बरामद हुए हैं, जिससे IED के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। डीजीपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से कुछ अहम सुराग मिले हैं, लेकिन जांच प्रभावित न हो, इसलिए उन्हें अभी सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। इसके अलावा मोबाइल फोन डेटा और अन्य डिजिटल सबूतों की भी गहन जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जालंधर में हुई घटना से इसका सीधा संबंध अभी तक सामने नहीं आया है।

पंजाब में धमाकों पर सियासत तेज, CM मान ने भाजपा को ठहराया माहौल बिगाड़ने का जिम्मेदार

चंडीगढ़. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब में हाल ही में हुए बम धमाकों को लेकर विपक्ष पर हमला बोल दिया है। श्री आनंदपुर साहिब से शुकराना यात्रा शुरू करने के दौरान मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि ये धमाके भाजपा की चुनावी तैयारी का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव से पहले लोगों में डर और तनाव का माहौल बनाकर राजनीतिक फायदा लेने की कोशिश करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद भाजपा नेताओं ने खुद कहा था कि अब पंजाब की बारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का तरीका यही रहा है कि जहां चुनाव आते हैं, वहां पहले लोगों को आपस में लड़ाया जाता है और फिर डर का माहौल बनाकर वोट हासिल करने की कोशिश की जाती है। छोटे-मोटे धमाकों से पंजाब डरने वाला नहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के लोग समझदार हैं और छोटे-मोटे धमाकों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब पहले भी कठिन और काले दौर देख चुका है, लेकिन यहां के लोगों ने हमेशा शांति और भाईचारे को बनाए रखा है। उन्होंने साफ कहा कि पंजाब एक शांतिप्रिय प्रदेश है और यहां नफरत की राजनीति सफल नहीं होगी। बेदअदबी पर सख्त हुई सरकार मुख्यमंत्री ने हाल ही में लागू किए गए श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार कानून संशोधन 2026 का जिक्र करते हुए कहा कि इस कानून से भाजपा परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले बेअदबी की घटनाओं के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश की जाती थी, ताकि दो समुदायों के बीच तनाव पैदा हो सके। लेकिन अब नए कानून के तहत सख्त सजा का प्रावधान होने के कारण ऐसी घटनाओं पर रोक लगेगी। उन्होंने मोहाली में हुई बेअदबी की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ नए कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसी भी दोषी को बख्शने वाली नहीं है और धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठे सवाल पश्चिम बंगाल के चुनावों पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि वहां चुनाव प्रक्रिया को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ममता बेनर्जी की ओर से यह आरोप लगाया गया है कि भाजपा ने 100 से अधिक सीटों में गड़बड़ी की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग को किसी राजनीतिक दल की तरह व्यवहार नहीं करना चाहिए, बल्कि स्थिति को स्पष्ट करते हुए लोगों के सवालों का जवाब देना चाहिए। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद पंजाब की राजनीति में नया विवाद खड़ा होने की संभावना जताई जा रही है। भाजपा की ओर से भी इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया आने की संभावना है। बीजेपी पर लगाए आरोप वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा, 'भाजपा एक सांप्रदायिक पार्टी है. बंगाल चुनाव अब खत्म हो चुके हैं और अब वे कह रहे हैं कि पंजाब की बारी है. ये धमाके भाजपा की साजिश हैं. मैं भाजपा से कहना चाहता हूं कि इस तरह की हरकतें बंद करे. जहां-जहां भाजपा चुनाव लड़ना चाहती है, वहां इस तरह की घटनाएं होने लगती हैं.' उन्होंने आगे कहा, 'क्या भाजपा ऐसे धमाकों के जरिए वोट लेना चाहती है? पंजाब में जो हो रहा है, वह भाजपा की तैयारी का हिस्सा है। शिरोमणि अकाली दल ने सीएम के बयान को बताया राष्ट्र विरोधी शिरोमणि अकाली दल ने पंजाब में धमाकों को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. शिरोमणि अकाली दल ने सीएम के बयान को “राष्ट्रविरोधी” करार दिया है. अकाली दल की ओर से कहा गया कि बिना किसी जांच के मुख्यमंत्री इस तरह का आरोप कैसे लगा सकते हैं. पार्टी ने सवाल उठाया कि क्या सीएम मान अपने इस बयान के जरिए राष्ट्रविरोधी तत्वों को फायदा पहुंचाना चाहते हैं? अकाली दल ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री के पास किसी तरह की खुफिया या पुख्ता जानकारी है तो उसे सार्वजनिक करें और एजेंसियों के सामने रखें. पार्टी नेताओं ने कहा कि इस तरह के संवेदनशील मामलों में राजनीतिक आरोप लगाने से पंजाब का माहौल खराब हो सकता है. साथ ही अकाली दल ने राज्य सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। बता दें कि जालंधर के बीएसएफ चौक पर बीएसएफ मुख्यालय पर भीड़भाड़ वाले इलाके में खड़ी एक स्कूटर में ब्लास्ट हुआ था. चश्मदीदों ने बताया कि ब्लास्ट के कुछ ही देर बाद स्कूटर में आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के कुछ घंटों बाद, मंगलवार देर रात अमृतसर के खासा इलाके में बीएसएफ ठिकानों के पास स्थित एक आर्मी कैंप के बाहर दूसरा धमाका हुआ. शुरुआती शक के आधार पर माना जा रहा है कि मोटरसाइकिल पर सवार किसी हमलावर ने कथित तौर पर उस जगह पर ग्रेनेड फेंका था. यह इलाका अटारी-वाघा अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

नहीं रहे गीतकार चन्न गोराया वाला, पंजाबी इंडस्ट्री में शोक की लहर

जालंधर. मशहूर गीतकार चन्न गोराया वाला का निधन हो गया। उनके अचानक निधन से कला और साहित्य जगत में गहरा दुख पाया जा रहा है। चन्न गोराया वाला ने अपने गीत लिखने के शुरुआती दिनों में सबसे पहले सतगुरु रविदास महाराज जी की महिमा को अपनी कलम के जरिए प्रकट किया। उनके द्वारा लिखे धार्मिक और भावनात्मक गीत आज भी घर-घर और गुरु घरों में श्रद्धा से सुने जाते हैं और लोगों के दिलों में बसते हैं। पंजाब के मशहूर गायकों और लेखकों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। मशहूर सिंगर कंठ कलेर, फिरोज खान, रणजीत राणा, गीतकार महिंदर संधू, रत्तू रंधावा, गायक नीलम जस्सल, दलजीत हंस, हरमेश रसीला, रमेश नुस्सीवाल, जॉनी महे, रमेश महे, बलदेव राही और लेखक मदन बांगड़ समेत कई हस्तियों ने कहा कि चन्न गोराया वाला का जाना पंजाबी संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनका अंतिम संस्कार आज गोराया के श्मशान घाट, तहसील फिल्लौर, जालंधर जिले में किया जाएगा।

सोहाना एयरपोर्ट रोड पर बेअदबी का मामला, आक्रोशित संगत ने किया चक्का जाम

मोहाली. मोहाली के सोहाना एयरपोर्ट रोड पर बीती रात किसी ने गुटका साहिब की बेअदबी कर उनके अंगों को सड़क किनारे बिखेर दिया। गुरुद्वारा सिंह शहीदां सोहाना से एक किलोमीटर दूर एयरपोर्ट रोड के किनारे गुरुद्वारा माता सुंदरी जी के आसपास सड़क किनारे गुटका साहिब के अंग संगत ने इक्टठा किए है। इससे रात को संगत में रोष फैल गया। उन्होंने 200 फिट सड़क को जाम कर बंद कर दिया। इसी बीच मौके पर डीएसपी हरसिमरन सिंह बल पुलिस अधिकारियों सहित पहुंचे। भाजपा नेता संजीव वशिष्ठ को जब इस घटना बारे पता चला तो वे भी मौके पर पहुंचे।उन्होंने कहा कि पंजाब में ऐसा कभी नहीं हुआ, किसी शरारती तत्वों की ओर से लोगों की भावनाओं को भड़काया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस घटना की पुलिस को बारीकी से जांच करनी चाहिए जिससे मुख्य आरोपी को पकड़ कर कड़ी सजा दी जा सके। मटौर के गुरजीत ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11 बजे गुरुद्वारा साहिब के एक सेवादार को इस घटना बारे पता चला। उसके बाद संगत ने पहले सड़क जाम की और उसके बाद सड़क किनारे गुटका साहिब के अंगों को खोजा। उन्होंने बताया कि गुटका साहिब के कई अंग सड़क किनारे संगत ने खोज कर रूमाला साहिब में जमा किए। वहां खड़े लोगों ने आशंका जताई की किसी ने गुरुद्वारा सिंह शहीदां से गुटका साहिब को उठा कर यहां लाकर बेअदबी की। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर संगत को समझाया। डीएसपी ने संगत को इस घटना के आरोपी को पकड़ने का भरोसा जताया।

डंपिंग ग्राउंड से निकलेगी ऊर्जा, चंडीगढ़ में 200 टन कचरे से हर दिन बनेगी बायोगैस

चंडीगढ़. डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड में स्थापित होने वाले सेग्रीगेटिड ऑर्गेनिक म्यूनिसिपल साॅलिड वेस्ट (एसओएमएसडब्ल्यू) पर आधारित कंप्रैस्ड बायोगैस (सीबीजी) प्लांट में प्रतिदिन 200 टन गीला कचरा प्रोसेस होगा। 200 टन कचरे के प्रोसेस होने के बाद आईओसीएल आठ टन सीबीजी उत्पन्न करेगी। यानी रोजाना आठ हजार किलोग्राम कंप्रैस्ड बायोगैस तैयार होगी। सीबीजी का रेट सीएनजी के बराबर ही रहेगा। मंगलवार को चंडीगढ़ में सीएनजी 91 रुपये प्रति किलोग्राम रही। इस हिसाब से प्रतिदिन करीब 7.28 लाख रुपये की सीबीजी प्लांट से आईओसीएल बेच सकेगी। प्रति माह करीब सवा दो करोड़ रुपये की सीबीजी बनेगी। आईओसीएल ने पूरे प्रोजेक्ट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर ली है। इसका आपरेशन माॅडल इस डीपीआर में शामिल है। इस डीपीआर पर केंद्र सरकार के अधिकारियों के साथ भी चर्चा होनी है। इसमें नगर निगम के अधिकारी भी शामिल रहेंगे। केंद्र सरकार ने इस मामले में कुछ सवाल किए थे जिसके बाद प्रोजेक्ट की समीक्षा होगी। आईओसीएल सीबीजी बेच खर्च करेगी पूरा कचरा प्रोसेस करने के बाद सीबीजी उत्पन्न होगी। इसे बेचकर आईओसीएल अपना खर्च पूरा करेगी। आईओसीएल डंपिंग ग्राउंड में ही रोड साइड सीबीजी के लिए रिटेल आउटलेट स्थापित करेगी। जो वाहन भरवा सकेंगे। नगर निगम के वाहन भी सीबीजी पर ही चलेंगे। खासकर कचरा एकत्र करने वाले वाहन सीबीजी पर आधारित होंगे। आइओसीएल यह प्लांट अपने खर्च पर लगा रही है। इस पर अनुमानित 125 करोड़ रुपये खर्च आएगा। निगम को अपना पैसा खर्च नहीं करना होगा। सीबीजी बेचकर आइओसीएल अपना खर्च पूरा करेगी। 33 प्रतिशत एरिया ग्रीन कवर डंपिंग साइट पर कुल 45 एकड़ जमीन है। अभी तक इसपर केवल कचरे के पहाड़ थे। लेकिन प्रस्तावित नई डंपिंग साइट एकदम अलग होगी। यह चारों तरफ हरियाली से घिरी होगी। 45 में से 14 एकड़ ग्रीन एरिया होगा। यह ग्रीन एरिया डड्डूमाजरा आबादी एरिया की तरफ होगा। प्लांट पटियाला की राव से सटकर लगेगा। डंपिंग साइट एरिया     कुल एरिया: 45 एकड़     कुल ग्रीन एरिया: 14 एकड़     कचरा डालने के लिए अभी इस्तेमाल: 08 एकड़     कचरा डालने के लिए प्रस्तावित: 08 एकड़     गीला कचरा सीबीजी प्लांट: 10 एकड़     भविष्य में प्लांट विस्तार: 05 एकड़ प्रोजेक्ट टाइमलाइन     एक्टिविटी लक्ष्य पूरा करने की तिथि     एमओयू साइन 20 नवंबर 2025     जमीन चिन्हांकन 19 जनवरी 2026     कन्सेसनेयर एग्रीमेंट साइन 30 जून 2026     प्री प्रोजेक्ट एक्टविटी एंड डिटेल्ड इंजीनियरिंग और मंजूरी 31 जनवरी 2027     निर्माण कार्य शुरू 01 अप्रैल 2027     प्लांट चालू करने की पूर्व प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2028     प्लांट चालू होगा 31 दिसंबर 2028