samacharsecretary.com

पटना पुलिस ने 9 महीने में 14 के पैर में मारी गोली और 1 बदमाश को किया ढेर

पटना. बिहार पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपना रही है। यही कारण है कि पिछले 9 महीने में 15 एनकाउंटर हुए हैं, जिसमें से एक को ढेर कर दिया गया। हाल ही में पुलिस ने जेपी गंगा पथ पर पीएमसीएच के पास एक अपराधी का एनकाउंटर किया। उसकी पहचान वैशाली के हाजीपुर निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ वैशाली और पटना में पहले से आर्म्स एक्ट, हत्या का प्रयास सहित चार केस दर्ज हैं। 28 जनवरी को अमित अपने साथी पीयूष के साथ सिविल कोर्ट में पेशी के लिए आए कुख्यात सुबोध सिंह गैंग के तातिया नाम के एक आरोपित की हत्या करने आया था। पुलिस ने उसके साथी को तो गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन अमित फरार था। तब से पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। तलाश में वैशाली से लेकर उसके सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। दो दिन पहले पुलिस को सूचना मिली कि वह पटना में छिपा है। जिसके बाद पुलिस उसके इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर भी नजर रख रही थी। जैसे ही उसने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट खोला, पुलिस को उसके लोकेशन की जानकारी मिल गई। उसका लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस की टीम जेपी गंगा पथ पर पहुंच गई। वहां उसने पुलिस को देखकर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारी और उसे दबोच लिया। पुलिस ने अब तक 15 एनकाउंटर किए 11 जून 2025 बिहटा में पुलिस हिरासत से भाग रहे हत्यारोपित को पैर में मारी थी गोली। 13 जून खुशरूपुर में पुलिस टीम पर फायरिंग। अपराधी के पैर में गोली मारी गई। 13 जून दानापुर में आरोपित ने की फायरिंग कर दी। पुलिस ने उसके पैर में मारी गोली। 25 जून जेपी गंगा पथ पर एसटीएफ ने आठ मामलों में वांछित अपराधी के पैर में मारी गोली। 7 जुलाई मालसलामी में ईंट-भट्ठे के पास पुलिस मुठभेड़ में विकास उर्फ राजा हुआ ढेर। 13 जुलाई रानी तालाब में लूटपाट के मामले में गिरफ्तार आरोपित के पैर में मारी गई गोली। 6 अगस्त कुख्यात को पकड़ने गई पुलिस पर फुलवारी क्षेत्र में फायरिंग। जवाब में अपराधी के पैर में मारी गोली। 15 अगस्त रानी तालाब में आरोपित और पुलिस के बीच मुठभेड़, पुलिस ने आरोपित के पैर में मारी गोली। 17 अगस्त आलमगंज में पुलिस और कुख्यात के बीच एक मुठभेड, पैर में मारी गई गोली। 16 नवंबर खुशुरूपुर में पुलिस और इनामी अपराधी के बीच मुठभेड़। अपराधी के पैर मे लगी गोली। 10 दिसंबर जानीपुर में बैंककर्मी से रंगदारी मांगने वाले आरोपित के साथ मुठभेड़, पैर में लगी गोली। 2 जनवरी 2026 खगौल में इनामी अपराधी के साथ मुठभेड़, पुलिस ने उसके पैर में मारी गोली। 15 जनवरी मनेर में पुलिस मुठभेड़ के बाद लूटकांड के आरोपित के पैर में गोली मार दी गई। 22 जनवरी मसौढ़ी में लारेंस विश्नोई गैंग के अपराधी के साथ मुठभेड़, पुलिस ने पैर में मारी गोली। 1 मार्च जेपी गंगा पथ पर पुलिस मुठभेड़, जवाबी कार्रवाई में अपराधी के पैर में लगी गोली।

रहस्यमय ढंग से गायब हुईं बिहार की 5 नाबालिग बच्चियां, लखनऊ में बरामद

सहरसा बिहार के सहरसा जिले से लापता हुई पांच लड़कियों का मामला सुलझा लिया गया है। ये पांचों लड़कियां उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन से सुरक्षित बरामद कर ली गई हैं। 27 फरवरी को घास काटने के लिए घर से निकली इन लड़कियों के अचानक गायब होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसआईटी (SIT) का गठन किया था। ऐसे मिली सफलता जांच के दौरान पुलिस को संदेह था कि लड़कियां ट्रेन के जरिए कहीं बाहर जा सकती हैं। इसी संभावना को देखते हुए एसआईटी ने प्रदेश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अलर्ट जारी कर दिया था और लड़कियों की तस्वीरें जीआरपी (GRP) और आरपीएफ (RPF) को साझा की थीं। 28 फरवरी को जब ये लड़कियां लखनऊ के ऐशबाग स्टेशन पर देखी गईं, तो रेलवे पुलिस और आरपीएफ के जवानों ने तुरंत उनकी पहचान कर ली और उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। आखिर लखनऊ कैसे पहुंचीं लड़कियां? लड़कियों के सकुशल मिलने की खबर मिलते ही उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है। वहीं, सहरसा पुलिस की एक टीम उन्हें लाने के लिए लखनऊ रवाना हो चुकी है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि घास काटने निकली ये पांच लड़कियां बिहार से इतनी दूर लखनऊ कैसे पहुंचीं? क्या इसके पीछे कोई साजिश है या वे स्वयं घर से निकली थीं? इन तमाम सवालों के जवाब अब बिहार पुलिस लड़कियों से पूछताछ के बाद ही साफ कर पाएगी। जांच में जुटी पुलिस सहरसा पुलिस का कहना है कि लड़कियों के सुरक्षित मिलने के बाद अब प्राथमिकता इस बात की जांच करना है कि वे घर से कैसे निकलीं और लखनऊ तक किन परिस्थितियों में पहुंचीं। पुलिस इस पूरे मामले के हर पहलू को खंगाल रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

झारखंड में चढ़ता तापमान: 34 डिग्री तक पहुंची गर्मी, मौसम विभाग का अलर्ट

रांची झारखंड में मौसम का मिजाज अभी बदल रहा है। एक तरफ दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है, वहीं रात के समय कुछ इलाकों में अभी भी ठंडक महसूस होती है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। रांची, खूंटी, लोहरदगा जैसे जिलों में रात के समय लोगों को ठंडक महसूस हो रही है। यहां न्यूनतम तापमान लगभग 10 डिग्री के आसपास था, लेकिन आज के लिए तापमान बढ़ने की उम्मीद है। वहीं, दिन का तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है। पलामू, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, गढ़वा जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में जंगलों की वजह से पहले तापमान थोड़ा कम रहता था, लेकिन अब यहां भी गर्मी महसूस होने लगी है। उदाहरण के लिए लोहरदगा में जहां कल न्यूनतम तापमान 10 डिग्री था, आज यह 18 डिग्री रहने का अनुमान है। पाकुड़, साहिबगंज, जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा जैसे जिलों में भी न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है। अब इन जगहों का न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री तक पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में सबसे गर्म जगह चाईबासा रही, जहां अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, लोहरदगा सबसे ठंडा रहा, यहां न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री रहा और रात में ठंडी हवा ने राहत दी। होली पर मौसम आगामी 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। दोपहर में तेज धूप और उमस रहेगी, जबकि शाम में हल्की ठंडी हवा चलेगी। यानी होली के दिन मौसम गर्म रहेगा।  

होली पर रंगों की मस्ती में कानून तोड़ा तो नहीं बख्शेगी बिहार पुलिस, जानें पूरा सुरक्षा इंतज़ाम

पटना बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने शनिवार को होली से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के लिए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए। होली चार मार्च को मनाई जाएगी। डीजीपी कंट्रोल रूम को हर 2 घंटे में मिलेगी अपडेट कुमार ने बताया कि होली पर उपद्रव नहीं किया जायेगा और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को नियंत्रित करने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पुलिस थानों को संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने और कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, "प्रत्येक जिले में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं और अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे हर दो घंटे में डीजीपी नियंत्रण कक्ष को स्थिति की रिपोर्ट दें।" असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश एडीजी (विधि-व्यवस्था) पंकज कुमार दराद ने निर्देश दिया है कि पुलिस पिछले तीन वर्षों की घटनाओं का विश्लेषण करे। अक्सर देखा गया है कि होली की आड़ में पुरानी दुश्मनी या भूमि विवाद को लेकर वारदातों को अंजाम दिया जाता है। असामाजिक तत्वों के खिलाफ धारा-126 और BNSS के तहत कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर सीसीए (CCA) की धारा-3 और बीएनएसएस की धारा-170 के तहत गिरफ्तारी भी हो सकती है। संदिग्ध लोगों से धारा-135 के तहत बॉन्ड भरवाया जाएगा, जिसका मिलान अनुमंडल दंडाधिकारी कार्यालय से होगा। राज्य में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात राज्यभर में होली को लेकर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी जिलों में 12 कंपनी रेंज रिजर्व बल, 31 कंपनी बीसैप (बिहार सशस्त्र पुलिस बल), 2768 पीटीसी प्रशिक्षु सिपाही और 5100 होमगार्ड तैनात किए गए हैं। इसके अलावा तीन कंपनी केंद्रीय पुलिस बल की भी तैनाती की गई है। राजधानी पटना में सबसे अधिक सुरक्षा बल लगाए गए हैं। यहां तीन कंपनी रेंज रिजर्व बल, तीन कंपनी बीसैप, 535 नवनियुक्त सिपाही और 400 होमगार्ड तैनात रहेंगे। इसके अतिरिक्त दरभंगा, बेगूसराय, जमुई, मुंगेर, रोहतास, बक्सर, गया और मोतिहारी में भी अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे आपसी सौहार्द बनाए रखें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि होली का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जा सके।

केंद्र की सैद्धांतिक मंजूरी, देवघर में ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण इकाई स्थापित होगी

देवघर झारखंड के देवघर में केंद्र सरकार ने ब्रह्मोस मिसाइल बनाने की यूनिट स्थापित करने की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इससे राज्य में रक्षा उत्पादन को नई गति मिलने की उम्मीद है। सांसद निशिकांत दुबे ने बताया कि उन्होंने 13 जनवरी को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर देवघर में ब्रह्मोस यूनिट स्थापित करने की मांग की थी। इसके बाद रक्षा मंत्रालय की ओर से सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई। देवघर के मोहनपुर प्रखंड के तिलौना क्षेत्र में करीब 300 एकड़ सरकारी जमीन पहले से चिन्हित है, जिसे लगभग आठ साल पहले आरक्षित किया गया था। इससे राज्य में औद्योगिक निवेश बढ़ेगा विशेषज्ञों का कहना है कि ब्रह्मोस यूनिट बनने से देवघर पूर्वी भारत का प्रमुख रक्षा उत्पादन केंद्र बन सकता है। इससे राज्य में औद्योगिक निवेश बढ़ेगा और स्थानीय युवाओं के लिए तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर पैदा होंगे। साथ ही ऑटो पार्ट्स, प्रिसिजन इंजीनियरिंग, लॉजिस्टिक्स और अन्य सहायक उद्योगों का विकास भी होगा, जिससे क्षेत्रीय औद्योगिक इकोसिस्टम मजबूत होगा। यह कदम आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में अहम माना जा रहा है। ब्रह्मोस मिसाइल की हालिया सफलताओं के बाद इसकी मांग लगातार बढ़ रही है।  

त्योहारों के दौरान सुरक्षा कड़ी: झारखंड में होली और रमजान को लेकर हाई अलर्ट

रांची झारखंड में आगामी होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने सभी जिलों में हाई अलर्ट जारी किया है। स्पेशल ब्रांच ने राज्य के सभी जिलों के डीसी और एसपी को पत्र लिखकर विशेष सतकर्ता बरतने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। इस वर्ष तीन मार्च को होलिका दहन और चार मार्च को होली मनाई जाएगी। खास बात यह है कि मुस्लिम समुदाय का पवित्र रमजान माह भी चल रहा है। शाम के समय जहां एक ओर इफ्तार होता है, वहीं दूसरी ओर होली मिलन समारोह आयोजित किए जाते हैं। ऐसे में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन को अतिरिक्त सतकर्ता बरतने को कहा गया है। फेसबुक, व्हाट्सएप सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। नफरत फैलाने वाले ग्रुप एडमिन के नाम और मोबाइल नंबरों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। दूसरे संप्रदाय के लोगों पर जबरन रंग डालने या धार्मिक स्थलों के पास हुड़दंग करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। साल 2021 से 2025 के दौरान होली पर हुई सांप्रदायिक घटनाओं का पूरा विवरण तैयार करने को कहा गया है। जिन क्षेत्रों में पहले लाउडस्पीकर या डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ है, वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। त्योहार के दौरान अवैध और नकली शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए छापेमारी के निर्देश दिए गए हैं। होलिका दहन के समय झोपड़ी, गुमटी या दुकान में आगजनी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सघन गश्ती की जाएगी। जिला और थाना स्तर पर शीघ्र शांति समिति की बैठकें आयोजित कर स्थानीय समस्याओं के समाधान पर जोर दिया गया है। पशु तस्करी, अवैध पशुवध और प्रतिबंधित मांस की बिक्री पर सख्त रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा नशे में तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति त्योहार की समाप्ति तक सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि होली और रमजान दोनों पर्व शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हो सकें।  

PU छात्र संघ चुनाव: NSUI का दबदबा, शीर्ष दो पदों पर किया कब्जा

पटना पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं, जिसमें NSUI ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। अध्यक्ष और महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर जीत दर्ज की है। देर रात परिणाम घोषित होते ही विश्वविद्यालय परिसर में समर्थकों के बीच जश्न का माहौल बन गया। अध्यक्ष पद के मुकाबले में NSUI के शांतनु शेखर ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को भारी मतों के अंतर से पछाड़ दिया। शांतनु को कुल 2896 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी छात्र जदयू के प्रिंस कुमार को महज 1400 और ABVP की अनुष्का कुमारी को 924 वोटों से संतोष करना पड़ा। महासचिव पद पर खुशी कुमारी का कब्जा महासचिव पद के लिए भी NSUI की खुशी कुमारी ने निर्णायक बढ़त बनाए रखी। उन्होंने 2164 वोट हासिल कर अपनी जीत सुनिश्चित की। हालांकि, अन्य पदों पर मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। उपाध्यक्ष पद के मुकाबले में निर्दलीय प्रत्याशी शिफत फैज ने 1571 वोटों के साथ बाजी मारी। वहीं ABVP के अभिषेक कुमार 2143 वोट पाकर संयुक्त सचिव का पद हासिल करने में विजयी रहे। जबकि ABVP के ही हर्ष वर्धन को 1519 मत मिले और उन्होंने जीत दर्ज की। कोषाध्यक्ष के पद पर कब्जा करने में सफल हो गए। मतदान में छात्राओं ने लिया बढ़ चढ़ कर हिस्सा इस बार के चुनाव में खास बात यह रही कि छात्राओं ने लोकतंत्र के इस उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार कुल 65% मतदान दर्ज किया गया।

मरीन ड्राइव पर एनकाउंटर: पुलिस ने मोस्ट वांटेड अपराधी को दबोचा, पैर में लगी गोली

पटना बिहार के पटना में कई आपराधिक मामलों में वांछित एक अपराधी को संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।   मिली जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ पटना के पीरबहोर इलाके में हुई है। आरोपी की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई है। पटना की पुलिस अधीक्षक (मध्य) ममता कल्याणी ने बताया, ''यह घटना रविवार तड़के हुई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अमित कुमार मरीन ड्राइव पर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम ने जाल बिछाया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने उन पर गोलियां चलाना शुरू कर दिया जिसके बाद पुलिस ने भी नियंत्रित जवाबी कार्रवाई कर उसे पकड़ लिया।'' उन्होंने बताया, ''मुठभेड़ के दौरान कुमार के पैर में गोली लगी है और सरकारी अस्पताल में उसका उपचार जारी है।'' पुलिस ने बताया कि इस साल जनवरी में पटना की एक दीवानी अदालत परिसर में दो सशस्त्र अपराधियों द्वारा घुसने के प्रयास से जुड़े एक मामले में अमित कुमार भी वांछित था। उसने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

पटना में 32 करोड़ की लागत से होगा जगजीवन स्टेडियम का जीर्णोद्धार

पटना. पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने शनिवार को दानापुर स्थित मधुविहार रेलवे कॉलोनी एवं जगजीवन स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कॉलोनी में साफ-सफाई, बुनियादी सुविधाओं एवं रेलकर्मियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कॉलोनी की स्वच्छता व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने रेल आवासों में रहने वाले कर्मचारियों के लिए कम्यूनिटी हाल निर्माण तथा बच्चों के लिए खेल पार्क विकसित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। इसके बाद महाप्रबंधक ने 32 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित जगजीवन स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं विस्तारीकरण की योजना की ड्राइंग का अवलोकन किया और अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। योजना के तहत स्टेडियम में आधुनिक हास्टल, पैवेलियन एवं अन्य खेल सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। महाप्रबंधक ने कहा कि स्टेडियम के उन्नयन से रेलवे कर्मचारियों, उनके परिवारों और स्थानीय युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी। इससे खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा कर्मचारियों में टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल यातायात सेवा के साथ-साथ सामाजिक एवं मानवीय विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में हाजीपुर के कोनहारा घाट रेलवे कॉलोनी में 7.14 करोड़ रुपये की लागत से अमृत भारत रेलवे स्टेडियम के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई है, जहां क्रिकेट और फुटबाल के लिए आधुनिक मैदान विकसित किए जाएंगे। इस अवसर पर दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार सहित मुख्यालय एवं मंडल के अधिकारी उपस्थित थे।

हाथियों के हमलों से निपटने 18 जिलों में खुलेंगे रेस्क्यू सेंटर

रांची. झारखंड के 18 वन जिलों में हाथियों का विचरण होता है। पिछले छह महीने में हाथियों का मानव के साथ संघर्ष भी बढ़ा है और इसमें 25 से अधिक लोगों की जान गई है। सप्ताह भर पहले झुंड से बिछड़ा एक हाथी तो रांची में विधानसभा से तीन किलोमीटर की दूरी तक पहुंच गया था। अब वन विभाग ने इन 18 जिलों के वन प्रमंडलों में एलिफेंट रेस्क्यू सेंटर बनाने का निर्णय लिया है। चार से अधिक रेस्क्यू सेंटर हाथियों के मूवमेंट पर नजर रखेंगे। प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने राज्य में 680 से अधिक हाथियों के रहने की जानकारी दी है। इनकी सुरक्षा के साथ इनके कॉरिडोर को निर्बाध बनाने की तैयारी भी वन विभाग ने की है। इसके साथ ही सभी रेस्क्यू सेंटर पर क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) की तैनाती होगी। टीम में हाथी को ट्रैंक्युलाइज करने का सामान भी रहेगा। जंगल में हाथियों के लिए भोजन उपलब्ध कराना चुनौती आबादी वाले क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही की मुख्य वजह भोजन की तलाश है। वन्य प्राणी विशेषज्ञ रवींद्र प्रसाद ओझा ने बताया कि जंगल कटने की वजह से इनके मुख्य भोजन बांस के पेड़ खत्म हो रहे हैं। जंगलों के पास बसी बस्ती में धान, गन्ना जैसे दूसरे फसल आसानी से मिल जाता है। इस वजह से हाथी यहां पहुंच जाते हैं। हाल ही में रांची में जो हाथी आया था वह देर रात तक धुर्वा डैम में रहा। इसके बाद वह शांत हो गया और बिना किसी नुकसान के वापस जंगल लौट गया। यानि जंगल में भी अगर पर्याप्त पानी हो तो हाथी उग्र होकर आबादी वाले क्षेत्र में नहीं आएगा। एलिफेंट कॉरिडोर को मुक्त करना आवश्यक राज्य में हाथियों के पारंपरिक कॉरिडोर को काफी हद तक अतिक्रमण मुक्त किया गया है। लेकिन खनन कार्यों और ट्रांसपोर्टिंग की वजह से रात में तेज रोशनी और आवाज से हाथी परेशान रहते हैं। हजारीबाग में हाथियों का बढ़ा आतंक इसी का परिणाम है। वन एवं पर्यावरण विभाग एलिफेंट कॉरिडोर में मानवों की गतिविधियों को रोकने में लगा है। इसके लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी आवश्यक निर्देश दिए हैं। खनन प्लान के साथ ही वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए किए जाने वाले उपाय देने को अब आवश्यक बनाया गया है।