samacharsecretary.com

हरियाणा में गरीब किसानों के लिए बड़ा ऐलान, वीटा खरीदेगा दूध; भैंस खरीदने पर मिलेगी आर्थिक मदद

चंडीगढ़ हरियाणा में 1.80 लाख रुपये तक सालाना आमदनी वाले अंत्योदय परिवारों के लिए रोजगार के नए साधन खड़े किए जाएंगे। अंत्योदय परिवारों को भैंस खरीदने के लिए पशुपालन विभाग 80 हजार रुपये तक की सब्सिडी दे रहा है, जबकि वीटा के माध्यम से 50 हजार रुपये की अतिरिक्त मदद दी जाएगी। इतना ही नहीं, इन गरीब किसानों से दूध भी वीटा खरीद लेगा और दूध की निर्धारित कीमत के साथ प्रति लीटर दस रुपये प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। सैनी सरकार का बड़ा तोहफा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना की समीक्षा बैठक में बैंक अधिकारियों को ऋण उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक हिदायतें दीं। महिला स्वयं सहायता समूहों तथा अनुसूचित जाति के परिवारों को ब्याज मुक्त ऋण प्रदान किया जाएगा। इनके ब्याज का भुगतान सरकार करेगी। मुख्यमंत्री ने पशुपालन विभाग को इस वर्ष कम से कम 15 हजार भैंसों पर ऋण उपलब्ध करवाने का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। नवंबर तक खुलेंगे नए वीटा बूथ अभी प्रदेश में 1450 हर हित स्टोर चल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को एक नवंबर तक 200 नए हर हित स्टोर तथा 300 नए वीटा बूथ, मिल्क बार तथा सांझा बाजार खोलने के निर्देश दिए। गांवों में पंचायती जमीन पर हर हित स्टोर व वीटा बूथ खुलवाने के लिए पंचायत विभाग तथा शहरी क्षेत्रों के लिए शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है। ‘सेवा’ विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डा. जी अनुपमा ने बताया कि अंत्योदय मेलों में भागीदारी करने वाले अंत्योदय परिवारों को रोजगार शुरू करवाने के लिए 19 विभागों की 47 स्कीमों के माध्यम से मदद की जाती है। 2021 में शुरू किए गए अंत्योदय मेलों के पहले चरण में 1.35 लाख परिवारों के ऋण स्वीकृत हुए हैं। दूसरे चरण की शुरुआत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पिछले साल 11 दिसंबर को की जिसके तहत अब तक सभी जिलों में एक-एक जिला स्तरीय अंत्योदय मेला आयोजित किया जा चुका है। अगले चरण में सभी विधानसभा क्षेत्रों में अंत्योदय मेले आयोजित किए जाएंगे। लोन देने से न कतराएं बैंक मुख्यमंत्री ने कहा कि बैंक गरीबों को लोन देने से न कतराएं। यदि जरूरत हुई तो बैंकों के ब्याज की भरपाई सरकार अपने स्तर पर करेगी। अगले एक साल के दौरान लगाए जाने वाले अंत्योदय मेलों को कलेंडर तैयार किया जाए। सभी विभाग समय की जरूरत के अनुसार ऐसे नए स्वरोजगारों की सूची बनाएं जिनके माध्यम से अंत्योदय परिवारों को नए रोजगारों से जोड़ा जा सके।

दिल्ली जाने वाली रद्द ट्रेनें फिर पटरी पर लौटीं, तेजस राजधानी और मगध एक्सप्रेस का परिचालन शुरू

पटना पटना से दिल्ली जाने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। दिल्ली में विपक्षी दलों के आंदोलन के कारण रद्द की गईं ट्रेनें शनिवार को फिर से बहाल कर दी गई हैं। इससे दिल्ली जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) सरस्वती चन्द्र ने ट्रेनों का परिचालन दोबारा शुरू होने की पुष्टि की है। रेलवे के अनुसार, बहाल की गई ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर संबंधित स्टेशन से गंतव्य के लिए रवाना होंगी। तेजस राजधानी और सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस भी शामिल बहाल की गई ट्रेनों में राजेन्द्र नगर से दिल्ली जाने वाली तेजस राजधानी एक्सप्रेस (12309) और सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस (12393) शामिल हैं। इनके अलावा अमृत भारत एक्सप्रेस(22361)  और इस्लामपुर से चलने वाली मगध एक्सप्रेस (20801) का परिचालन भी फिर शुरू कर दिया गया है। यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जांचें रेलवे की ओर से ट्रेनों को निर्धारित समय पर चलाने की जानकारी दी गई है। यात्रियों को सलाह है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन का समय और परिचालन की स्थिति आधिकारिक रेलवे माध्यमों से जांच लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।  

249 रन बनाकर भी हारा भारत, वेस्टइंडीज से पहले ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका भी दे चुके हैं झटके

नई दिल्ली टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में बड़ा स्कोर बनाना जीत की गारंटी नहीं है। भारतीय टीम को रांची में इसका ताजा उदाहरण देखने को मिला, जब 249 रन बनाने के बावजूद वेस्टइंडीज ने 250 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। इससे पहले भी टीम इंडिया बड़े स्कोर बनाने के बाद हार का सामना कर चुकी है। आइए, ऐसे पांच मुकाबलों पर नजर डालते हैं। 249 रन vs वेस्टइंडीज रांची में भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 5 विकेट पर 249 रन बनाए। वेस्टइंडीज ने 19वें ओवर में ही टारगेट हासिल कर लिया। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में यह भारत के खिलाफ चेज किया गया सबसे बड़ा टारगेट है। 222 रन vs ऑस्ट्रेलिया 2023 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच गुवाहाटी में टी20 मैच हुआ था। भारत ने रुतुराज गायकवाड़ के शतक की मदद से 222 रन बनाए। ग्लेन मैक्सवेल ने आखिरी ओवर में 23 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी थी। उन्होंने 104 रनों की पारी खेली थी। 211 रन vs साउथ अफ्रीका ऋषभ पंत की कप्तानी में भारतीय टीम ने अरुण जेटली स्टेडियम में 2022 में 4 विकेट पर 211 रन बनाए थे। डेविड मिलर ने सिर्फ 31 गेंदों पर नाबाद 64 रन ठोके और साउथ अफ्रीका को 5 गेंद रहते जीत दिला दी थी। 208 रन vs ऑस्ट्रेलिया मोहाली में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 2022 में टी20 मैच हुआ थआ। हार्दिक पंड्या ने 30 गेंदों पर 71 रनों की पारी खेलकर भारत को 208 रनों तक पहुंचा दिया। कैमरून ग्रीन और मैथ्यू वेड की विस्फोटक बैटिंग से ऑस्ट्रेलिया ने टारगेट चेज कर लिया। 199 रन vs साउथ अफ्रीका रोहित शर्मा ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का पहला शतक 2015 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ धर्मशाला में ठोका था। भारत ने इसकी मदद से 199 रन बनाए। एबी डिविलियर्स और जेपी डुमिनी ने साउथ अफ्रीका को जीत दिला दी।

शारदीय नवरात्रि 2026: पूजा से पहले घर से हटा दें ये 5 चीजें, मां दुर्गा के स्वागत की करें तैयारी

इस साल शारदीय नवरात्रि की शुरुआत कल यानि 11 अक्टूबर 2026, रविवार से होने जा रही है. यह पर्व पूरे नौ दिनों तक चलता है, जिसमें मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाती है. इस दौरान कई भक्त व्रत रखते हैं और कलश स्थापना कर मां दुर्गा से सुखी जीवन की कामना करते हैं. वहीं, नवरात्रि आने से पहले घरों में साफ-सफाई और पूजा की तैयारियां शुरू हो जाती हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार,  घर में मौजूद कई चीजों की वजह से नकारात्मकता बढ़ सकती है. इसलिए नवरात्रि शुरू होने से पहले घर के मंदिर से लेकर दूसरे कमरों तक की सफाई कर लेनी चाहिए. अगर आपके घर में भी ये चीजें रखी हैं, तो नवरात्र शुरू होने से पहले इन्हें घर से हटा देना चाहिए. तो आइए जानते हैं, नवरात्रि से पहले घर से कौन-कौन सी चीजें हटा देनी चाहिए. टूटी हुई भगवान की मूर्तियां नवरात्रि से पहले घर के मंदिर की अच्छी तरह सफाई कर लें. वहां रखी मूर्तियों को भी देखें. अगर कोई मूर्ति टूटी हुई है, तो उसे पूजा घर से हटा दें. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, टूटी हुई मूर्तियों को मंदिर में नहीं रखना चाहिए. इसलिए उन्हें पूरे सम्मान के साथ विसर्जित कर दें. सूखे और मुरझाए पौधे घर की सुंदरता बढ़ाने के लिए लोग कई तरह के पौधे लगाते हैं, लेकिन समय पर देखभाल न होने की वजह से कुछ पौधे सूख जाते हैं. इसलिए नवरात्रि से पहले ऐसे पौधों को देखें और जो पौधे पूरी तरह सूख चुके हैं, उन्हें हटा दें. पुरानी और टूटी झाड़ू हिंदू धर्म में झाड़ू को मां लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है.  इसलिए इसे सही तरीके से रखना चाहिए. अगर घर की झाड़ू टूट गई है या खराब हो गई है, तो उसकी जगह नई झाड़ू ले आएं. इस बात का भी ध्यान रखें कि पुरानी झाड़ू को भी घर में इधर-उधर बिखेरकर न रखें.  बंद घड़ी और खराब इलेक्ट्रॉनिक सामान अगर घर में कोई घड़ी लंबे समय से बंद पड़ी है, तो उसे ठीक करवा लें या घर से हटा दें. इसी तरह खराब बिजली के उपकरणों को भी घर में जमा करके न रखें. वास्तु के अनुसार, बंद घड़ी को तरक्की में रुकावट से जोड़कर देखा जाता है. टूटे बर्तन और खराब कांच का सामान नवरात्रि से पहले रसोई और घर के बाकी हिस्सों की भी अच्छी तरह सफाई कर लें. टूटे बर्तन, चटका हुआ कांच और बेकार सामान घर में जमा न रखें. इससे घर में जगह घिरती है और टूटे कांच से चोट लगने का खतरा भी रहता है. इसलिए सफाई करते समय ऐसे सामान को सावधानी से हटाएं. नवरात्रि से पहले घर की सफाई क्यों है जरूरी? नवरात्रि में भक्त अपने घरों में घटस्थापना करते हैं. इसलिए पूजा घर और उसके आसपास की जगह को साफ रखें. घर से बेकार सामान हटा दें और पूजा की सामग्री को सही तरीके से रखें. इससे घर साफ रहेगा और त्योहार की तैयारी करना भी आसान होगा. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, साफ-सुथरे घर में पूजा-पाठ करना शुभ माना जाता है. इसलिए नवरात्रि शुरू होने से पहले घर को व्यवस्थित करें. साथ ही,  मां दुर्गा की पूजा की तैयारी श्रद्धा के साथ करें.  

Starlink विवाद: भारत में सर्विस शुरू होने से पहले अटकी मंजूरी, चीन-रूस समेत कई देशों में बैन

Elon Musk की स्टारलिंक को लाइलेंस को लेकर उठा विवाद बढ़ता जा रहा है. मस्क लगातार भारत पर तीखे बयान जारी कर रहे हैं. इस पर भारत भी अपनी प्रतिक्रिया दे चुका है. हालांकि भारत कोई इकलौता देश नहीं है, जहां स्टारलिंक की सर्विस नहीं मिलती है. चीन से लेकर रूस तक ना जाने कितने देश हैं, जहां ये स्टारलिंक सर्विस बैन है. और बहुत से देशों में अप्रूवल का इंतजार किया जा रहा है. ऐसे में सिर्फ भारत को लेकर Elon Musk के बयान कई लोगों को हैरान कर रहे हैं. Starlink ने बताया कहां-कहां उपलब्ध है सर्विस Starlink का ऑफिशियल पोर्टल है, जहां ग्लोबल मैप की मदद से खुद कंपनी ने दिखाया है कि कहां-कहां पर सर्विस उपलब्ध है, किन देशों जल्द शुरू होगी और कहां पर स्टारलिंक सर्विस को बैन किया जा चुका है. स्टारलिंक पोर्टल पर दिखाया है कि कनाडा, अमेरिका, ब्राजील, स्वीडन, लंदन, ऑस्ट्रिया जैसे देशों सर्विस उपलब्ध है. भारत, पाकिस्तान, नेपाल, ईरान समेत कई देशों में स्थानीय अथॉरिटी की तरफ से अप्रूवल का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद जल्द ही स्टारलिंक की सर्विस शुरू होगी. चीन, रूस, अफगानिस्तान, सीरिया का नाम शामिल हैं, जहां पर स्टारलिंक की सर्विस बैन है. फरवरी 2026 में एलॉन मस्क ने बताया था कि स्पेसएक्स ने अपनी सर्विस को रूस में बैन कर दिया है. यह कदम स्टारलिंक के अनाधिकृत इस्तेमाल को रोकने के लिए लिया गया है. ईरान में भी सरकार की पाबंदी मौजूद रान में इंटरनेट और कम्युनिकेशन सर्विस पर सरकारी कंट्रोल के बीच स्टारलिंक अहम टॉपिक बन चुका था. ईरान में इंटरनेट बंद होन के बाद बहुत से लोग स्टारलिंक सर्विस का इस्तेमाल करते थे. स्टारलिंक पोर्टल पर ईरान में सर्विस को बंद दिखाया है. जनवरी में रॉयटर्स ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि ईरान में सरकारी इंटरनेट बंद होने की वजह से कई लोग चोरी-छिपे स्टारलिंक की मदद से इंटरनेट एक्सेस कर रहे हैं. चीन में क्यों नहीं चलता है Starlink? चीन में विदेशी सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर के लिए सख्त नियम हैं. देश का दूरसंचार और इंटरनेट सिस्टम सख्त सरकारी कंट्रोल में है. ऐसे में स्टारलिंक को चीन में मंजूरी नहीं मिल पाई है. सरकार दे चुकी है अपनी प्रतिक्रिया भारत सरकार के मंत्रालय ने बताया है कि भारत के नियम सभी के लिए एक समान हैं. साथ ही तीन कंपनियों को लाइसेंस जारी किया है, जिसमें Elon Musk की स्टारलिंक कंपनी भी शामिल है. अभी सिक्योरिटी अप्रूवल मिलना बाकी है. Starlink क्या है? Starlink, असल में बिना मोबाइल टावर के घर तक या कहें कि यूजर तक हाई स्पीड इंटरनेट सर्विस को पहुंचाती है. इसके लिए वह सैटेलाइट का इस्तेमाल करती है. स्टारलिंक अमेरिकी कंपनी है.

सूर्य का चित्रा नक्षत्र में गोचर, 24 अक्टूबर तक मेष समेत 5 राशियों को मिल सकता है बड़ा लाभ

ज्योतिष शास्त्र में ग्रहों के राजा सूर्य देव का स्थान बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है.  सूर्य के राशि परिवर्तन के साथ-साथ उनके नक्षत्र गोचर का प्रभाव भी सभी 12 राशियों के जीवन पर सीधा असर डालता है. 11 अक्टूबर को सूर्य देव अपनी स्थिति में बदलाव करते हुए मंगल के स्वामित्व वाले चित्रा नक्षत्र में प्रवेश करने जा रहे हैं.  इस नक्षत्र परिवर्तन से अगले 14 दिनों तक यानी 24 अक्टूबर तक कुछ चुनिंदा राशियों के जातकों को चौतरफा लाभ मिलने के योग बन रहे हैं. जब भी सूर्य ग्रह ऊर्जा के कारक मंगल के नक्षत्र में गोचर करते हैं, तो जातकों के आत्मबल और नेतृत्व क्षमता में जबरदस्त वृद्धि होती है.  इस अवधि में व्यक्ति बिना किसी हिचकिचाहट के साहसी निर्णय लेते हैं, जिससे उन्हें करियर, बिजनेस और प्रॉपर्टी के मामलों में बंपर सफलता हाथ लगती है.  आइए जानते हैं कि सूर्य के इस महत्वपूर्ण नक्षत्र गोचर से किन 5 भाग्यशाली राशियों की किस्मत चमकने वाली है: 1. मेष राशि (Aries) सूर्य का यह नक्षत्र गोचर मेष राशि के जातकों के लिए आत्मविश्वास में जबरदस्त बढ़ोतरी लेकर आएगा.  कार्यक्षेत्र में आपको कोई बड़ी और नई जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है.  लंबे समय से रुके हुए कार्य गति पकड़ेंगे, जिससे मन प्रसन्न रहेगा.  आर्थिक मोर्चे पर भी राहत मिलने के पूरे आसार हैं. 2. कर्क राशि (Cancer) चंद्रमा के स्वामित्व वाली कर्क राशि के लोगों के लिए यह गोचर करियर में तरक्की के नए द्वार खोलेगा.  ऑफिस में आपके काम और मेहनत की खुलकर सराहना होगी.  यदि कोई सरकारी काम अटका हुआ था, तो उसमें सफलता मिलने से बड़ी राहत महसूस होगी.  इस दौरान परिवार का पूरा सहयोग आपके साथ रहेगा. 3. वृश्चिक राशि (Scorpio) वृश्चिक राशि के जातकों को इस अवधि में अपनी छिपी हुई प्रतिभा को दुनिया के सामने साबित करने का सुनहरा मौका मिलेगा.  नौकरीपेशा और व्यवसाय से जुड़े लोगों को आगे बढ़ने के नए और बेहतरीन अवसर प्राप्त होंगे.  इसके साथ ही पैतृक संपत्ति या प्रॉपर्टी से जुड़ा कोई विवाद सुलझ सकता है, जिससे किसी अच्छी खबर की प्राप्ति होगी. 4. धनु राशि (Sagittarius) सूर्य के नक्षत्र परिवर्तन से धनु राशि वालों के जीवन में एक नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार होगा.  आलस्य दूर होगा. अटके हुए कार्य तेजी से पूरे होंगे.  नौकरी कर रहे जातकों को प्रमोशन या करियर में ग्रोथ के बेहतरीन मौके मिल सकते हैं, और आपकी लीडरशिप स्किल्स में भी निखार आएगा. 5. मीन राशि (Pisces) मीन राशि के जातकों के लिए यह 14 दिन का समय आर्थिक दृष्टि से बेहद लाभदायक रहने वाला है.  नौकरी में आ रही बाधाएं दूर होंगी.  यदि आपने पहले कहीं निवेश किया था, तो उससे अब अच्छा रिटर्न मिलने की उम्मीद है.  जमीन-जायदाद से जुड़े मामलों में भी आपको अनुकूल परिणाम देखने को मिलेंगे.

कोर्ट के निर्णय के अनुरूप होगी अगली विधिक कार्रवाई, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कही बड़ी बात

न्यायालय के निर्णय के संदर्भ में आगामी विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करेगी सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि माननीय उच्‍च न्‍यायालय ने ओबीसी को 27% आरक्षण देने से जुड़े प्रकरण में वर्ष 2019-22 के बीच की गई नियुक्तियों के संबंध में महत्‍वपूर्ण निर्णय दिया है। राज्‍य सरकार मान. उच्‍च न्‍यायालय के इस निर्णय का विधिक परीक्षण कर आगामी विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 'एक्स' पर कहा कि माननीय न्‍यायालय ने 13% अतिरिक्‍त नियुक्तियों को संरक्षित करते हुए आगामी भर्ती में समायोजित करने का निर्देश दिया है। माननीय न्‍यायालय ने वर्ष 2022 के पश्‍चात निर्णय दिनांक तक की गई भर्तियों के संबंध में 13% होल्‍ड किए पदों पर सामान्‍य वर्ग के अभ्‍यर्थियों को नियुक्ति प्रदान करने का निर्देश दिया है। तत्‍कालीन सरकार द्वारा अध्‍यादेश के माध्‍यम से लागू 27% आरक्षण का नोटिफिकेशन लचर और त्रुटिपूर्ण था। यह माननीय न्‍यायालय के इस निर्णय से सिद्ध हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि तत्‍कालीन सरकार ने कतिपय कारणों से अत्‍यंत जल्‍दबाजी में यह अध्‍यादेश लाने का कार्य किया था। इस संबंध में राष्‍ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग से भी सलाह नहीं ली गई थी। माननीय न्‍यायालय के फैसले से तत्कालीन सरकार के 27% आरक्षण देने की मंशा पर संदेह उत्‍पन्‍न हुआ है।  

चांडिल-झाड़ग्राम रेल परियोजना को मिली रफ्तार, 343 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी नई रेललाइन

 जमशेदपुर  चांडिल को झाड़ग्राम को जोड़ने के लिए नई रेल परियोजना का फाइनल सर्वे शुरू हो गया है। इस परियोजना के तहत 127 किलोमीटर नया रेललाइन तैयार होगा जिससे झाड़ग्राम के लिए नई बाईपास भी बन जाएगा। जिससे रांची की ओर से आने वाली ट्रेनों को सहूलियत होगी और ट्रैफिक कम होगी। सांसद बिद्युत वरण महतो की पहल पर रेल मंत्रालय ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में इस परियोजना को हरी झंड़ी दिखाते हुए 343.97 करोड़ रुपये आवंटित किए थे। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर चांडिल और नीमडीह क्षेत्र के अलावा बोड़ाम व पटमदा प्रखंड, कटिन, बांदवान और झाड़ग्राम क्षेत्र के सुदूर गांव भी रेललाइन से जुड़ जाएंगे। फाइनल लोकेशन सर्वे का काम शुरू इस परियोजना के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे का काम शुरू हो गया है। इसके लिए रेल मंत्रालय द्वारा 3.81 करोड़ रुपये आवंटित किए गए है। इसके तहत रेलवे की तकनीकी टीम रूट का एलाइनमेंट तय करने, स्टेशनों के लिए स्थानों का चयन, ड्रोन व सैटेलाइट इमेज से जमीन का सर्वे शुरू किया है। फाइनल लोकेशन सर्वे का काम अगस्त 2027 तक चलेगी। इसमें मिट्टी की जांच से लेकर नदियों-नालों में बनने वाले पुलों के लोकेशन और प्रस्तावित स्टेशनों की जमीन की मापी कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा। इस प्रोजेक्ट के तहत झारखंड में सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम बंगाल में झाड़ग्राम में प्रभावित होने वाले रैयती सहित सरकारी जमीन का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। चांडिल से झाड़ग्राम के लिए नई रेललाइन बनने की मांग मैंने ही रेल मंत्रालय से की थी। इस क्षेत्र में रेललाइन बनने से चांड़िल को बोड़ाम, पटमदा, कटिन और बांदवान जैसे सुदूर ग्रामीण क्षेत्र रेल सेवा से जुड़ जाएंगे। रेल मंत्रालय से स्वीकृति के बाद इसमें फाइनल लोकेशन का काम शुरू हुआ है। बिद्युत बरण महतो, सांसद, पूर्वी सिंहभूम  

हार में शराब तस्करी का खुलासा, पटना में दवा की आड़ में बेच रहे थे शराब; तीन आरोपी पकड़े गए

पटना बिहार की राजधानी पटना के शहरी इलाके में दवा की आड़ में दारू के धंधे का खुलासा हुआ है। राज्य औषधि नियंत्रक (ड्रग कंट्रोलर) ने शुक्रवार को कंकड़बाग पीसी कॉलोनी स्थित निजी दवा दुकान में छापेमारी की। दुकान में पहुंची छापेमारी टीम उस समय भौंचक्का रह गईं जब दुकान से एक्सपायर दवाओं के साथ-साथ बीयर और शराब की बोतलें मिलने लगीं। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। दुकान के मुख्य द्वार को सील कर दिया। छानबीन में पता चला कि दुकानदार पुलिस और प्रशासन की आंख में धूल झोंककर दवा की दुकान से ही दारू का धंधा किया जा रहा था। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राज्य औषधि नियंत्रक ने पीसी कॉलोनी के डी-167 स्थित मेसर्स सेलुलस फार्मा प्राइवेट लि का कंकड़बाग थाने के साथ संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान दुकान मालिक मृत्युंजय कुमार सिंह उपस्थित रहे। विभाग ने बताया कि निरीक्षण के दौरान दवाओं की खरीद-बिक्री रिकॉर्ड एवं आवश्यक दस्तावेज पेश नहीं किए गए। लाइसेंस की शर्तों के अनुरूप साइनबोर्ड प्रदर्शित नहीं पाया गया। औषधियों के भंडारण की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। प्रतिष्ठान के पास एक कमरे के लिए ड्रग लाइसेंस था, जबकि दवाएं चार कमरों में थीं। राज्य औषधि नियंत्रक ने बताया कि दो एक्सपायर दवाएं जब्त की गईं, जबकि सात के नमूने संग्रहित किए गए। प्रतिष्ठान को आवश्यक अभिलेख पांच दिनों के भीतर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। प्रतिष्ठान के औचक निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान परिसर में बड़ी मात्रा में शराब की बोतले मिलीं जिससे ड्रग कंट्रोलर और उनकी टीम भौंचक रह गई। उन्होंने तुरंत पुलिस एवं उत्पाद विभाग को सूचित किया। पुलिस मौकेपर पहुंची और कार्रवाई की गई। शराब की बिक्री से जुड़े आरोपों के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। बिहार में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। यहां शराब का उत्पादन,भंडारण, बिक्री, पीना या पिलाना सब गैर कानूनी है। शराबबंदी कानून के तहत अबतक लाखों लोग जेल जा चुके हैं और लाखों लीटर शराब को नष्ट किया जा चुका है। लेकिन, शातिर धंधेबाज भी मानने को तैयार नहीं हैं। तरह तरह के उपाए और जुगाड़ लगाकर शराब का धंधा कर रहे हैं। फल, सब्जी, बालू, गिट्टी, दवा जैसे सामानों के बीच छिपाकर पड़ोसी राज्यों से शराब बिहार में मंगाया जा रहा है। शराब की होम डिलेवरी धड़ल्ले से हो रही है। इस बीच राज्य के विभिन्न जिलों में जहरीली और मिलावटी शराब पीकर सैकड़ों की संख्या में लोगों की मौत भी हो चुकी है।

महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, नवरात्रि में देवी मंदिरों की 24 घंटे CCTV और ड्रोन से निगरानी

लखनऊ  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र, छठ पर्व और विजय दशमी के दृष्टिगत कड़े सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित कराए जाने के साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार रात वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक में कहा कि महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। नवरात्रि पर प्रमुख देवी मंदिरों में 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों के जरिए कड़ी निगरानी सुनिश्चित किए जाने का निर्देश भी दिया। कहा कि ड्रोन से भी सघन निगरानी की जाए। मुख्यमंत्री ने शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा, सुगम यातायात और जनसुविधाओं में किसी स्तर पर कोई लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि बीट आरक्षी से लेकर पुलिस अधीक्षक तक हर अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी तत्परता और ईमानदारी से निभाए। कस्बों और नगरों में यातायात जाम की स्थिति न बने। शारदीय नवरात्र से छठ महापर्व तक जोन और रेंज स्तर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी व पुलिस अधीक्षक फील्ड में भ्रमण करें और गश्त में शामिल हों। अधिकारी लोगों से सीधा संवाद करें। संवेदनशील क्षेत्रों व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पूरी सतर्कता बरती जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 अक्तूबर से शुरू हो रही शारदीय नवरात्रि, 18 अक्तूबर को दुर्गा अष्टमी, 19 अक्ब्तूबर को महानवमी और 20 अक्तूबर को विजयादशमी के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा में कहीं कोई चूक न हो। विंध्याचल धाम, देवीपाटन शक्तिपीठ, सिद्धपीठ मां शाकुंभरी देवी, मां ललिता देवी शक्तिपीठ, नैमिषारण्य समेत सभी प्रमुख देवी मंदिरों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। इन स्थलों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति और सीसीटीवी कैमरों के से 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाए। सभी पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हों, यह प्रशासन और पुलिस की सामूहिक जिम्मेदारी है। सीएम के निर्देश- -मिशन शक्ति केंद्र प्रभावी ढंग से संचालित हो -महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई हो -स्टंटबाजी करने वालों के विरुद्ध सघन अभियान चले -एंटी रोमियो स्क्वॉड की कार्रवाई तेज की जाए -पीस कमेटियों की बैठकें समय से कर ली जाएं -पंडालों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था हो -डीजे का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप ही हो -प्रतिमाओं की ऊंचाई सुरक्षित मानकों के अनुसार ही रहे -माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रहे -शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जन मार्गों पर झूलते व ढीले बिजली तार ठीक किए जाएं -प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर मजबूत बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक व नाव का प्रबंध रहे -विसर्जन मार्गों पर चिकित्सा शिविर, एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन मौजूद रहें -सोशल मीडिया पर भी 24 घंटे कड़ी नजर रखी जाए -शिकायतकर्ता को 24 घंटे में संतोषजनक जवाब मिले -निर्विवाद राजस्व मामलों का निस्तारण अधिकतम 15 दिन में हो -किसानों के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता हो -कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगे -कोई सहकारी समिति खाद के अभाव में स्टॉक विहीन न रहे।