samacharsecretary.com

आधी राह पर इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन, अधूरे ब्रिज-फ्लाईओवर से अटका काम; 2027 तक पूरा करने का दावा

इंदौर उज्जैन में होने वाले वर्ष 2028 के सिंहस्थ महाकुंभ को ध्यान में रखते हुए इंदौर से उज्जैन को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क को चार लेन से छह लेन में बदलने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। पिछले साल जनवरी में शुरू हुए इस निर्माण कार्य को अब एक वर्ष पूरा हो चुका है। विभाग का दावा है कि अब तक परियोजना का लगभग 47 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है, हालांकि पुलों और फ्लाईओवर का काम अभी भी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। तय समय सीमा और लक्ष्य इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमि पूजन 15 जनवरी 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया था। लक्ष्य के अनुसार, इस सिक्स लेन सड़क का निर्माण 15 जनवरी तक पूरा किया जाना है। वर्तमान प्रगति को देखते हुए अधिकारियों का मानना है कि आने वाले एक साल में निर्माण की गति को और अधिक बढ़ाना होगा ताकि समय सीमा में प्रोजेक्ट को जनता को समर्पित किया जा सके। एमपीआरडीसी के डिविजनल मैनेजर गगन भंवर ने बताया कि सड़क और ब्रिज का काम तेजी से चल रहा है और लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है।   48 किलोमीटर का कायाकल्प गौरतलब है कि वर्ष 2016 के सिंहस्थ से पहले इस मार्ग को फोर लेन किया गया था। अब लवकुश चौराहा (इंदौर) से हरिफाटक ब्रिज (उज्जैन) तक की 48 किलोमीटर लंबी सड़क के दोनों ओर एक-एक अतिरिक्त लेन जोड़ी जा रही है। इस पूरी परियोजना में यातायात को सुगम बनाने के लिए तीन फ्लाईओवर, आठ अंडरपास और तीन बड़े ब्रिज का निर्माण शामिल है। फिलहाल निनौरा से बारोली के बीच सड़क चौड़ीकरण का कार्य दोनों दिशाओं में समानांतर रूप से चल रहा है। शुरुआती अड़चनें और मानसून का प्रभाव परियोजना की शुरुआत में निर्माण एजेंसी को कई जटिलताओं का सामना करना पड़ा। ट्रैफिक डायवर्जन की योजना बनाने, अतिक्रमण हटाने और स्थानीय व्यवस्थाओं के तालमेल के कारण शुरुआती महीनों में काम की गति प्रभावित हुई। इसके बाद मानसून की बारिश ने भी निर्माण कार्यों में बाधा डाली। हालांकि, अधिकारियों का दावा है कि अब सभी तकनीकी और प्राकृतिक अड़चनों को पार कर लिया गया है और एक साथ कई हिस्सों में निर्माण कार्य को गति दी गई है।   अतिक्रमण हटाने की चुनौती सड़क चौड़ीकरण के लिए राहत की बात यह है कि नई जमीन के अधिग्रहण की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि विभाग के पास पहले से ही पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। हालांकि, वर्षों से खाली पड़ी इस जमीन पर कई स्थानों पर अतिक्रमण हो गया है। विशेषकर लवकुश चौराहा से बारोली तक के हिस्से में सड़क के दोनों ओर कई अवैध निर्माण खड़े हो गए हैं। प्रशासन का मानना है कि अतिक्रमण हटने के बाद ही इस महत्वपूर्ण हिस्से में काम तेजी पकड़ सकेगा। इसके लिए एमपीआरडीसी ने जिला प्रशासन को औपचारिक पत्र लिखकर अतिक्रमण हटाने की मांग की है।

कोहरे की चादर में लिपटा बिहार: 20 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी, राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें

पटना बिहार में एक बार फिर घने कोहरे ने दस्तक दे दी है। कई जिलों धूप पूरी तरह नहीं निकली इस कारण सुबह में पिछले चार दिनों की अपेक्षा अधिक ठंड महसूस हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना की ओर से आज कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई जिलों में अगले तीन घंटे के दौरान घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसे देखते हुए पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली, पटना, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, दरभंगा और मधुबनी जिलों के कुछ हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, सहारसा, मधेपुरा, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार जिलों के कुछ स्थानों पर घने कोहरे की आशंका को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि इन क्षेत्रों में दृश्यता काफी कम हो सकती है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खासकर सुबह और देर रात यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। 20 जनवरी के बाद और बढ़ेगी ठंड मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से बिहार के मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। इसका असर राज्य के उत्तरी और पश्चिमी इलाकों में ज्यादा देखने को मिलेगा। आने वाले चार दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाने की आशंका बनी रहेगी। कई जिलों में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, 20 और 21 जनवरी के बाद एक बार फिर ठंड का असर तेज होने की संभावना है। इसके बाद अगले कुछ दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। पटना में सुबह कोहरा, दिन में खिली धूप राजधानी पटना में अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरा और धुंध छाए रहने की संभावना है, जबकि दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ और धूप खिली रहेगी। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार 18 से 22 जनवरी तक शहर में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है। 18 जनवरी को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 19 जनaवरी को तापमान बढ़कर 23 डिग्री, जबकि 20 जनवरी को 24 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके बाद 21 और 22 जनवरी को अधिकतम तापमान क्रमश: 23 और 22 डिग्री रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री के आसपास बना रहेगा। सुबह सूर्योदय करीब 6:37 बजे और सूर्यास्त शाम 5:26 बजे के आसपास होगा। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और देर रात यात्रा करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।

शेयर बाजार में वापसी या और गिरावट? बजट 2026 से पहले Q3 नतीजे तय करेंगे दिशा

नई दिल्ली  घरेलू शेयर बाजारों में पिछले सप्ताह प्रमुख सूचकांकों के सपाट रहने के बाद आने वाले सप्ताह में कंपनियों के तिमाही परिणामों से बाजार की दिशा तय होगी। आईटी कंपनियों के अच्छे तिमाही परिणामों से इस सेक्टर में तेजी बनी हुई है जो आने वाले सप्ताह में जारी रहने की संभावना है। अगले सप्ताह सेंसेक्स की कंपनियों में इंडिगो, कोटक महिंद्रा बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के वित्तीय परिणाम जारी होने हैं। संसद में 01 फरवरी को पेश होने वाले बजट से पहले निवेशक सतर्कता बरत सकते हैं। पिछले सप्ताह मुंबई नगर निगम चुनाव को कारण गुरुवार को बाजार में अवकाश रहा था। सोमवार और शुक्रवार को प्रमुख सूचकांकों में तेजी रही जबकि मंगलवार और बुधवार को गिरावट देखी गई। पिछले सप्ताह शेयर बाजार में दिखा था हाहाकार बीएसई का सेंसेक्स 5.89 अंक की साप्ताहिक गिरावट में शुक्रवार को 83,570.35 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 11.05 अंक की बढ़त के साथ सप्ताहांत पर 25,694.35 अंक पर रहा। प्रमुख सूचकांकों के विपरीत मझौली और छोटी कंपनियों के लिए बीता सप्ताह अच्छा रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक में 0.29 प्रतिशत की तेजी रही। निफ्टी स्मॉलकैप-100 सूचकांक भी 0.46 अंक ऊपर बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 में से 19 के शेयर पिछले सप्ताह टूट गये जबकि अन्य 11 में साप्ताहिक तेजी दर्ज की गयी। एलएंडटी का शेयर सबसे ज्यादा 4.24 फीसदी लुढ़का। मारुति सुजुकी में 3.91 प्रतिशत, सन फार्मा में 3.51, एशियन पेंट्स में 2.39, आईटीसी में 2.33, इंडिगो में 2.19 और बीईएल में 2.08 प्रतिशत की गिरावट रही। टाटा के इस शेयर का भी रहा बुरा हाल ट्रेंट का शेयर 1.86 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक का 1.67, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 1.20, बजाज फाइनेंस का 1.05 और अडानी पोर्ट्स का 0.99 प्रतिशत फिसल गया। एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनीलिवर, भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा और पावर ग्रिड के शेयर भी साप्ताहिक गिरावट में रहे। टेक महिंद्रा में सबसे अधिक 5.65 प्रतिशत की तेजी रही। टाटा स्टील का शेयर भी 5.50 प्रतिशत, इंफोसिस 4.62, भारतीय स्टेट बैंक 4.23, अल्ट्राटेक सीमेंट 3.52 और एनटीपीसी 3.04 प्रतिशत मजबूत हुआ। एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर 2.20 फीसदी, एक्सिस बैंक के 1.78 और इटरनल के 1.11 प्रतिशत की साप्ताहिक बढ़त में रहे। आईसीआईसीआई बैंक और बजाज फिनसर्व के शेयर भी हरे निशान में रहे।

बेमेतरा में गणतंत्र दिवस की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, कलेक्टर ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बेमेतरा 26 जनवरी को होने वाले गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय मुख्य समारोह के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस सिलसिले में, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने बेमेतरा के बेसिक ग्राउंड में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का गहन निरीक्षण किया और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परेड, झांकियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मंच व्यवस्था, ध्वजारोहण, अतिथि स्वागत, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा जैसे सभी आवश्यक पहलुओं पर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समारोह की गरिमा और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। कलेक्टर ममगाई ने परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम के नियमित रिहर्सल, मंच व मैदान की आकर्षक सजावट, ध्वनि, प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। पुलिस व होमगार्ड विभाग को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने, स्वास्थ्य विभाग को आपात चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने, नगर पालिका को साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही  उन्होंने आम नागरिकों, विद्यार्थियों और अतिथियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। अधिकारियों को दायित्व सौंपते हुए, कलेक्टर ने आपसी समन्वय से कार्य करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।

वसंत पंचमी 2026: करियर को मिले रॉकेट जैसी रफ्तार, अपनाएं ये 5 खास उपाय

हिंदू धर्म में वसंत पंचमी का दिन केवल ऋतु परिवर्तन का संकेत नहीं है, बल्कि यह ज्ञान, कला और बुद्धि की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती की साधना का महापर्व है। साल 2026 में यह शुभ अवसर 1 फरवरी को आ रहा है। ज्योतिष शास्त्र और प्राचीन मान्यताओं के अनुसार, वसंत पंचमी का दिन अबूझ मुहूर्त होता है यानी इस दिन किया गया हर शुभ कार्य और खरीदी गई विशेष वस्तुएं जीवन में सकारात्मकता का संचार करती हैं। माना जाता है कि वसंत पंचमी में कुछ विशेष प्रतीकात्मक चीजों को घर लाना आपके भाग्य के द्वार खोल सकता है। ये वस्तुएं न केवल आपके घर के वातावरण को शुद्ध करती हैं, बल्कि मानसिक स्पष्टता और एकाग्रता बढ़ाकर आपको अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने में मदद करती हैं। तो आइए जानते हैं वसंत पंचमी के दिन कौन सी चीजों को घर लेकर आना चाहिए। मां सरस्वती की मूर्ति या तस्वीर वसंत पंचमी के दिन घर में मां सरस्वती की नई प्रतिमा या तस्वीर लाना सबसे शुभ माना जाता है। इसे अपने घर के उत्तर-पूर्व  या अध्ययन कक्ष में स्थापित करें। ध्यान रहे कि देवी सरस्वती बैठी हुई मुद्रा में हों। इससे एकाग्रता बढ़ती है और करियर में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। वीणा वीणा मां सरस्वती का अति प्रिय वाद्य यंत्र है। वास्तु के अनुसार, घर में वीणा रखने से सुख-शांति बनी रहती है और रचनात्मक ऊर्जा का विकास होता है। यदि आप कला, संगीत या मीडिया के क्षेत्र में सफल होना चाहते हैं, तो एक छोटी प्रतीकात्मक वीणा घर लाएं और उसे साफ स्थान पर रखें। मोरपंख विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए मोरपंख घर लाना बहुत फायदेमंद होता है। इसे अपनी किताबों के बीच या स्टडी टेबल के पास लगाने से नकारात्मकता दूर होती है और बौद्धिक क्षमता में वृद्धि होती है। यह करियर की राह में आने वाले मानसिक तनाव को कम करने में मदद करता है। सफेद या पीले फूल के पौधे वसंत ऋतु प्रकृति के खिलने का उत्सव है। इस दिन घर के आंगन या बालकनी में पीले गेंदे या सफेद चमेली का पौधा लगाना समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। पीला रंग गुरु का प्रतीक है, जो करियर में स्थिरता और ऊंचाइयां प्रदान करता है। नई कलम और पुस्तक कलम को ज्ञान का शस्त्र माना जाता है। वसंत पंचमी के दिन एक अच्छी नई कलम और कोई ज्ञानवर्धक पुस्तक खरीदकर लाएं। सबसे पहले इस कलम की पूजा मां सरस्वती के चरणों में करें और फिर उससे अपने लक्ष्यों को एक डायरी में लिखें। माना जाता है कि इस दिन शुरू किया गया लेखन कार्य भविष्य में बड़ी सफलता दिलाता है। क्रिस्टल या स्फटिक की माला यदि आप बार-बार करियर में फोकस खो देते हैं, तो इस दिन स्फटिक की माला घर लाना और उससे 'ॐ ऐं सरस्वत्यै नमः' का जाप करना आपके लिए चमत्कारिक साबित हो सकता है। यह मन को शांत रखता है और भ्रम की स्थिति को दूर करता है।

बजट सरप्राइज: शादीशुदा दंपतियों को मिल सकती है भारी टैक्स छूट

नई दिल्ली  केंद्र सरकार यूनियन बजट 2026 से पहले शादीशुदा टैक्सपेयर्स को बड़ी राहत देने पर विचार कर रही है। खबर है कि वित्त मंत्रालय वैकल्पिक जॉइंट टैक्सेशन सिस्टम लाने की तैयारी में है। अगर यह प्रस्ताव पास होता है, तो पति-पत्नी मिलकर एक साथ इनकम टैक्स रिटर्न फाइल कर सकेंगे। इसका सबसे ज्यादा फायदा उन परिवारों को होगा, जहां एक ही कमाने वाला सदस्य है। अभी ऐसे परिवार दूसरे जीवनसाथी की छूट और टैक्स स्लैब का पूरा फायदा नहीं उठा पाते, जिससे टैक्स का बोझ बढ़ जाता है। क्या है सिस्टम फिलहाल भारत में टैक्स सिस्टम ऐसा है कि शादीशुदा होने या न होने से कोई फर्क नहीं पड़ता। पति और पत्नी दोनों को अलग-अलग टैक्स देना पड़ता है, अलग PAN, अलग छूट और अलग कटौती मिलती हैं। अगर पत्नी की इनकम नहीं है, तो उसकी बुनियादी छूट सीमा बेकार चली जाती है। इसी समस्या को देखते हुए भारतीय चार्टर्ड लेखाकार संस्थान (ICAI) ने सरकार को सुझाव दिया है कि USA और Germany की तरह भारत में भी जॉइंट टैक्स फाइलिंग का विकल्प होना चाहिए, जहां परिवार को एक इकोनॉमिक यूनिट माना जाता है। जॉइंट टैक्सेशन में पति-पत्नी की कुल इनकम जोड़कर टैक्स लगाया जाएगा और इसके लिए अलग टैक्स स्लैब हो सकते हैं। माना जा रहा है कि बुनियादी छूट सीमा को भी बढ़ाया जा सकता है। जैसे अभी अगर एक व्यक्ति को ₹3 लाख तक टैक्स छूट मिलती है, तो जॉइंट फाइलिंग में यह सीमा ₹6 लाख या उससे ज्यादा हो सकती है। इससे मिडिल क्लास फैमिली को सीधा फायदा मिलेगा। इसके अलावा होम लोन ब्याज, मेडिकल इंश्योरेंस और दूसरे कटौती को भी बेहतर तरीके से एडजस्ट किया जा सकेगा। अगर दोनों पति-पत्नी कमाते हैं, तो भी उन्हें अलग-अलग स्टैंडर्ड डिडक्शन मिलने की बात कही जा रही है। सरचार्ज पर भी राहत मिल सकती है साथ ही, सरचार्ज को लेकर भी राहत मिल सकती है। अभी ₹50 लाख से ज्यादा इनकम पर सरचार्ज लगता है, लेकिन जॉइंट टैक्सेशन में इसकी सीमा ₹75 लाख या उससे ज्यादा की जा सकती है। इससे हाई टैक्स ब्रैकेट में आने वाले परिवारों को भी राहत मिलेगी। अब सबकी नजरें यूनियन बजट 2026-27 पर टिकी हैं, जो 1 फरवरी को संसद में पेश किया जाएगा। बजट सेशन 28 जनवरी से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेगा। अगर यह प्रस्ताव लागू होता है, तो यह भारत के टैक्स सिस्टम में एक बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव माना जाएगा।

भारत में Apple पर संकट के बादल, सरकार की चेतावनी से बढ़ी टेंशन

  नई दिल्ली भारत की प्रतिस्पर्धा नियामक संस्था यानी कि Competition Commission of India (CCI) ने Apple को एक कड़ी चेतावनी जारी की है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक ऐपल 2021 से चल रही एंटीट्रस्ट जांच में देरी करने की कोशिश कर रही है। इससे नाराज होकर CCI ने कंपनी को आखिरी चेतावनी दी है। यह मामला इन ऐप पेमेंट से जुड़ा है और कंपनी पर 38 बिलियन डॉलर यानी कि लगभग 32 लाख करोड़ रुपये का जुर्माना लग सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक ऐपल बार-बार जवाब देने में देरी कर रही है, जिससे जांच प्रक्रिया बाधित हो रही है। अब CCI ने साफ कर दिया है कि अगर अगले हफ्ते तक Apple ने जवाब नहीं दिया, तो वह एकतरफा कार्रवाई करेगी। क्या है पूरा मामला? भारत में ऐपल 2021 से एक एंटीट्रस्ट मामले में फंसी है, जो कि इन-ऐप पेमेंट से संबंधित है। इस कानूनी लड़ाई में कंपनी पर 38 बिलियन डॉलर का जुर्माना लग सकता है। वहीं ऐपल ने भारत के नए एंटीट्रस्ट दंड कानून को चुनौती दी है। दरअसल यह कानून CCI को जुर्माने की राशि तय करने के लिए ऐपल के ग्लोबल टर्नओवर का इस्तेमाल करने की मंजूरी देता है। इसके जवाब में CCI ने ऐपल से जांच पर अपनी आपत्तियां दर्ज करने के लिए कहा था। इस पर ऐपल को लंबे समय से मौका दिया जा रहा है। CCI की सख्त चेतावनी 31 दिसंबर 2025 एक आदेश में CCI ने कहा है कि साफ निर्देश के बाद भी बार-बार समय बढ़ाना सही नहीं है और इससे नियम-कानून कमजोर होते हैं। साथ ही ऐसा करने से मामले को समय पर खत्म करने में समस्या आती है। ऐपल को लेकर CCI का यह भी कहना है कि ऐसी छूट हमेशा के लिए नहीं दी जा सकती। अब CCI ने फैसला किया है कि अगर अगले हफ्ते तक Apple की ओर से जवाब नहीं मिलता, तो वह खुद ही आगे बढ़ेगी और फैसला लेगी। बता दें कि लंबे समय से ऐपल सरकारी आदेश के जवाब देने में सुस्ती दिखा रही है, जिससे मामले को आगे बढ़ाने में समस्या हो रही है। ऐपल का रुख और आगे क्या? रिपोर्ट के मुताबिक Apple का मानना है कि CCI अदालती कार्यवाही को रोकने की कोशिश कर रही है। इस मामले में अगली सुनवाई 27 जनवरी को है और इससे पहले ऐपल की ओर से CCI को जवाब दिया जाना संभव नहीं है। ऐसे में साफ है कि ऐपल अदालत के फैसले के इंतजार में है। हालांकि अगर Apple जवाब नहीं देती है, तो भारत सरकार सख्त कदम उठा सकती है और भारी जुर्माना लगा सकती है।

शूटिंग के दिग्गज आज दिखाएंगे कमाल, नेशनल ट्रायल्स दिल्ली में शुरू

नई दिल्ली भारतीय घरेलू शूटिंग सीजन सोमवार को शुरू होने जा रहा है। दिल्ली स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 19 से 25 जनवरी तक नेशनल सिलेक्शन ट्रायल्स होंगे। इसमें देश के टॉप राइफल और पिस्टल शूटर शामिल होंगे। पुरुषों और महिलाओं के लिए खास 50 मीटर राइफल प्रोन इवेंट होंगे। पहले दिन दो टी1 प्रोन फाइनल होंगे। पुरुषों के 25 मीटर रैपिड-फायर पिस्टल टी1 क्वालिफिकेशन का पहला दिन होगा। पुरुषों के रैपिड-फायर पिस्टल इवेंट में सबसे कम प्रतिभागी हैं, जिसमें ओलंपियन और वर्ल्ड चैंपियनशिप सिल्वर मेडलिस्ट अनीश भानवाला सहित भारत के लगभग एक दर्जन टॉप प्रतियोगी शामिल हैं। डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में हिस्सा लेने वाले अन्य टॉप शूटरों में पुरुषों के 10 मीटर एयर पिस्टल में मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन सम्राट राणा, डबल ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट मनु भाकर और उनके साथी पेरिस ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट स्वप्निल कुसाले और सरबजोत सिंह, जो पुरुषों के एयर पिस्टल प्रतियोगिता में भी हिस्सा ले रहे हैं, शामिल होंगे। पूर्व मिक्स्ड टीम वर्ल्ड चैंपियन और पिछले साल की व्यक्तिगत वर्ल्ड चैंपियनशिप ब्रॉन्ज मेडलिस्ट ईशा सिंह, मनु भाकर के साथ महिलाओं के दोनों पिस्टल इवेंट्स में हिस्सा लेंगी। इसके अलावा, 10 मीटर एयर राइफल के पूर्व वर्ल्ड चैंपियन रुद्रांक्ष बालासाहेब पाटिल पुरुषों के दोनों राइफल इवेंट्स में हिस्सा लेंगे। वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडलिस्ट अंजुम मौदगिल, मेहुली घोष और अखिल श्योरान के अलावा, प्रतिभागी महिलाएं एयर राइफल और 3पी इवेंट्स में भी हिस्सा लेंगी। इसमें वर्ल्ड नंबर दो और वर्ल्ड कप फाइनल की विजेता सुरुचि फोगाट एयर पिस्टल इवेंट ट्रायल्स का मुख्य आकर्षण रहेंगी। नेशनल ट्रायल्स में ग्रुप A के नए खिलाड़ी शामिल होंगे जिन्होंने हाल ही में अच्छा प्रदर्शन किया है और एलीट लेवल पर पहुंचे हैं। पुरुषों के पिस्टल इवेंट में जोनाथन गेविन एंटनी, पुरुषों और महिलाओं के 3पी में क्रमशः एड्रियन कर्माकर और मोहित संधू और पुरुषों के रैपिड फायर पिस्टल में सूरज शर्मा जैसे प्रतियोगियों से अनुभवी सितारों को चुनौती देने की उम्मीद है। अनुभवी निशानेबाजों में, ओलंपियन और पूर्व एशियाई खेलों की चैंपियन रही सरनोबत महिलाओं के दोनों पिस्टल इवेंट्स में हिस्सा लेंगी। उनके साथ एशियाई खेलों में कांस्य पदक विजेता ओएनजीसी की श्वेता सिंह भी रहेंगी। इसके अलावा नौसेना के ओमकार सिंह और गुजरात की लज्जा गोस्वामी जैसे जाने-माने एथलीट भी होंगे, जो दो दशकों से भारत और जूनियर इंडिया टीमों का हिस्सा रहे हैं और इस खेल में प्रमुख बने हुए हैं। नए साल के पहले हफ्ते में 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता खत्म होने के साथ ही टॉप निशानेबाज, खासकर वे जो स्कोर के मामले में नेशनल में जगह नहीं बना पाए, वे मजबूत वापसी करने की कोशिश करेंगे, क्योंकि इंटरनेशनल सीजन मार्च में खत्म होकर फिर अप्रैल में शुरू होगा और भारतीय टीम में जगह बनाने की होड़ तेज हो जाएगी। 2026 की पहली नेशनल टीम के लिए क्वालिफाई करने के लिए शुरुआती दो ट्रायल्स के स्कोर जरूरी हैं। टॉप निशानेबाज अपने कौशल का आकलन करने और सुधार के क्षेत्रों की पहचान करने के लिए शुरुआती प्रमुख इंटरनेशनल इवेंट्स में प्रतिस्पर्धा करना चाहेंगे। यह तैयारी साल के दूसरे व्यस्त हिस्से से पहले महत्वपूर्ण है, जिसमें एशियाई खेल और विश्व चैंपियनशिप शामिल हैं।

सिरपुर महोत्सव 2026 की धूम: बॉलीवुड और छालीवुड कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियां, कलेक्टर ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की

महासमुंद छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में माघ पूर्णिमा पर सिरपुर महोत्सव का आगाज होने जा रहा है. तीन दिवसीय महोत्सव में बॉलीवुड कलाकारों से लेकर छत्तीसगढ़ के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समा बाधेंगे. 1 से 3 फरवरी तक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की आकर्षक छटा देखने को मिलेगी. कार्यक्रम की तैयारियां अब अंतिम रूप में आ चुकी हैं, जिसका जायजा लेने जिला कलेक्टर विनय कुमार लंगेह और अन्य अधिकारी कार्यक्रम स्थल पहुंचे. कार्यक्रम स्थल पहुंचे कलेक्टर, तैयारियों का लिया जायजा कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कायक्रम की अंतिम चरण में पहुंच चुकी तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंगे जिम्मेदार अधिकारियों को महोत्सव स्थल, स्टेज, डोम में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, पार्किंग, विद्युत व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने मुख्य मंच तक पहुंचने वाले मार्गों को पर्याप्त चौड़ा रखने, सुगम आवागमन तथा दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए. बॉलीवुड और छॉलीवुड सितारों से सजेगी शाम कार्यक्रम का आयोजन हर दिन शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक होगा. इस अवसर पर प्रतिदिन महानदी आरती भी होगी. कलेक्टर ने मुख्य मंच को आकर्षक और सांस्कृतिक थीम आधारित सजावट देने के निर्देश दिए. महोत्सव परिसर में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.

शेखावाटी को सर्दी से राहत, मौसम करवट लेने को तैयार, बारिश के संकेत

सीकर शेखावाटी क्षेत्र में पिछले करीब दो सप्ताह से कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है, लेकिन अब लोगों को इस तेज ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। प्रदेश में एक के बाद एक दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने के कारण तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शनिवार सुबह शेखावाटी के कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रहे। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी मामूली बढ़ोतरी देखी गई। शेखावाटी के सबसे ठंडे इलाकों में शामिल फतेहपुर में शनिवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वर्तमान में प्रदेश में एक कमजोर वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय है। इसके प्रभाव के चलते बारिश की संभावना बेहद कम है, हालांकि आगामी दो दिनों तक बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, इस सिस्टम का असर खत्म होने के बाद 22 जनवरी से एक मजबूत वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा। इस मजबूत वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से 22 से 25 जनवरी के बीच शेखावाटी क्षेत्र और जयपुर संभाग के कई इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। बारिश के दौरान तापमान में खास उतार-चढ़ाव नहीं होगा, लेकिन सिस्टम के कमजोर पड़ते ही मौसम साफ होने लगेगा और उत्तरी हवाओं का असर बढ़ेगा। मौसम साफ होते ही एक बार फिर शेखावाटी में सर्दी का असर तेज हो सकता है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मौजूदा वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर है, इसलिए इससे बारिश की संभावना कम है, लेकिन 22 से 25 जनवरी के बीच सक्रिय होने वाला वेस्टर्न डिस्टरबेंस प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश करा सकता है।