samacharsecretary.com

वीबी-जी राम-जी का सकारात्मक प्रभाव- आदिवासी एवं वनांचल बहुल गांवों में आजीविका का सशक्त नया अध्याय

रायपुर वीबी-जी राम-जी (VB-G RAM G) योजना (विकसित भारत-रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन-ग्रामीण) का सकारात्मक प्रभाव ग्रामीण रोजगार और आजीविका को सशक्त बनाना, मनरेगा का स्थान लेकर 125 दिन के रोजगार की गारंटी देना है।  बुनियादी ढांचे (जैसे जल संरक्षण, गाँव का विकास, स्वयं सहायता समूह) में सुधार करना, और पारदर्शिता व जवाबदेही (बायोमेट्रिक हाजिरी, जियो-टैगिंग, त्वरित भुगतान) बढ़ाकर भ्रष्टाचार कम करना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सशक्तिकरण और विकास को बढ़ावा मिलेगा।   मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला छत्तीसगढ़ के उन विशिष्ट अंचलों में शामिल है जहाँ घने वन क्षेत्र, पहाड़ी भू-आकृति और आदिवासी बहुल आबादी ने विकास को सदैव प्रकृति- अनुकूल और समावेशी स्वरूप प्रदान किया है। यहाँ की ग्रामीण अर्थव्यवस्था परंपरागत रूप से वर्षा आधारित कृषि, वनोपज संग्रह और मौसमी श्रम पर आधारित रही है। ऐसे परिदृश्य में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम ने वर्ष 2006 से जिले के हजारों ग्रामीण परिवारों के लिए आजीविका सुरक्षा की एक मजबूत आधारशिला रखी। मनरेगा ने न केवल न्यूनतम आय का भरोसा दिया, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में ग्रामीणों को उनके गांव में ही सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराकर सामाजिक स्थिरता को भी मजबूती दी। समय के साथ यह अनुभव सामने आया कि रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ यदि उसे स्थायी परिसंपत्तियों और दीर्घकालिक आजीविका से जोड़ा जाए, तो उसका प्रभाव कई गुना बढ़ सकता है। इसी सोच के विस्तार के रूप में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अर्थात वीबी-जी राम-जी सामने आया है, जिसने मनरेगा को एक नए, परिणामोन्मुख और भविष्यदृष्टा स्वरूप में ढालने का मार्ग प्रशस्त किया है। एमसीबी जैसे जिले के लिए यह पहल इसलिए भी विशेष महत्व रखती है क्योंकि यहाँ रोजगार की आवश्यकता के साथ-साथ टिकाऊ आजीविका और सुदृढ़ ग्रामीण परिसंपत्तियों की संभावना भी प्रचुर मात्रा में विद्यमान है। जमीनी अनुभवों से सीख और सशक्त भविष्य की दिशा जिले में मनरेगा के तहत बीते वर्षों में बड़ी संख्या में परिवारों को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। औसतन रोजगार दिवस भले ही 50 के आसपास रहे हों, किंतु इसने यह स्पष्ट कर दिया कि जिले में श्रम की उपलब्धता, कार्य करने की इच्छा और योजना के प्रति विश्वास मजबूत है। यह स्थिति भविष्य में रोजगार दिवसों के विस्तार और गुणवत्ता सुधार के लिए एक सकारात्मक आधार प्रदान करती है। मजदूरी भुगतान प्रणाली, कार्य स्वीकृति और योजना निर्माण में हुए अनुभवों ने प्रशासन को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और उत्तरदायी तंत्र विकसित करने की दिशा में प्रेरित किया है। मनरेगा के माध्यम से जिले में जल संरक्षण, ग्रामीण सड़क, भूमि सुधार और अन्य आधारभूत कार्यों ने गांवों के भौतिक स्वरूप को बदला है। अब वीबी-जी राम-जी इन कार्यों को आगे बढ़ाते हुए उन्हें प्रत्यक्ष आजीविका और उत्पादकता से जोड़ने का अवसर प्रदान करता है, जिससे पलायन जैसी समस्याओं का समाधान स्वाभाविक रूप से संभव हो सके। वीबी-जी राम-जीरू वित्तीय स्थिरता और सुव्यवस्थित क्रियान्वयन वीबी-जी राम-जी के अंतर्गत केंद्र और राज्य के बीच 60-40 की स्पष्ट वित्तीय साझेदारी ने ग्रामीण रोजगार योजनाओं को नई स्थिरता प्रदान की है। यह व्यवस्था जिला प्रशासन और ग्राम पंचायतों को दीर्घकालिक योजना निर्माण, संसाधनों के बेहतर उपयोग और समयबद्ध क्रियान्वयन में सक्षम बनाती है। वित्त वर्ष 2026 के लिए 86 हजार करोड़ रुपये का ऐतिहासिक आवंटन यह दर्शाता है कि ग्रामीण रोजगार और आजीविका को अब देश के समग्र आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण स्तंभ माना जा रहा है। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में इस मिशन के अंतर्गत कार्यों को जल सुरक्षा, मुख्य अवसंरचना, आजीविका-संबंधी अवसंरचना और जलवायु-सहिष्णु परिसंपत्तियों जैसी स्पष्ट श्रेणियों में केंद्रित किया गया है। जिले की भौगोलिक विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए खेत-तालाब, चेकडैम, लघु सिंचाई संरचनाएँ और ग्रामीण सड़कें न केवल रोजगार सृजन का माध्यम बन रही हैं, बल्कि कृषि उत्पादकता, बाजार संपर्क और ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता को भी नई ऊँचाई दे रही हैं। ग्राम पंचायत स्तर की योजनाओं का पीएम गति-शक्ति ढांचे से जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि ग्रामीण विकास अब एक समग्र और दूरदर्शी दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ रहा है। 125 दिनों का रोजगाररू आत्मनिर्भरता की ओर सशक्त कदम वीबी-जी राम-जी के तहत रोजगार गारंटी को 100 से बढ़ाकर 125 दिनों तक विस्तारित करना ग्रामीण परिवारों के लिए एक सशक्त आश्वासन है। यह विस्तार केवल रोजगार के दिनों की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन दिनों में किए जाने वाले कार्यों को अधिक उपयोगी, टिकाऊ और परिणाम-उन्मुख बनाने पर केंद्रित है। इससे ग्रामीण श्रमिकों को न केवल अधिक आय का अवसर मिलेगा, बल्कि उनके श्रम से निर्मित परिसंपत्तियाँ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी लाभकारी सिद्ध होंगी। एमसीबी जिले के आदिवासी और वनांचल बहुल क्षेत्रों में, जहाँ आजीविका का गहरा संबंध प्रकृति और स्थानीय संसाधनों से है, यह मॉडल मनरेगा को स्थायी ग्रामीण जीवन का आधार बनाने की क्षमता रखता है। जल संरचनाओं से बढ़ी सिंचाई क्षमता, बेहतर सड़कों से आसान बाजार पहुँच और आजीविका-संबंधी परिसंपत्तियों से स्थानीय रोजगार के नए अवसर ग्रामीण समाज को आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर करेंगे। वीबी-जी राम-जी के माध्यम से मनरेगा का यह पुनर्गठन एमसीबी जिले के लिए केवल एक योजना सुधार नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास की सोच में आया एक सकारात्मक और दूरगामी परिवर्तन है। राज्य सरकार, जिला प्रशासन और ग्राम पंचायतों के समन्वित प्रयासों से यह मिशन जिले को रोजगार गारंटी के साथ-साथ टिकाऊ आजीविका का सशक्त मॉडल बना सकता है।

सबसे बड़ी पार्टी की कमान नितिन नवीन के हाथ, निर्विरोध अध्यक्ष नियुक्त

नई दिल्ली नितिन नवीन भारतीय जनता पार्टी (BJP) के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए हैं। रिटर्निंग ऑफिसर के लक्ष्मण ने बताया कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नितिन नवीन के पक्ष में 37 सेट नॉमिनेशन पेपर फाइल किए गए। बीजेपी अध्यक्ष पद के लिए नितिन नवीन के नाम का प्रस्ताव करने वालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल थे। सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए। नामंकन में मौजूद रहे बीजेपी के दिग्गज नितिन नवीन के नामांकन में बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष अध्यक्ष जेपी नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद्र यादव और किरेन रिजिजू सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में रिटर्निंग ऑफिसर के. लक्ष्मण को कागजात का पहला सेट सौंपा, जबकि अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और कई राज्यों के नेताओं द्वारा अतिरिक्त नामांकन प्रस्तुत किए गए, जो नबीन के लिए समर्थन की व्यापकता को रेखांकित करता है।   कैसे होता है भाजपा अध्यक्ष का चुनाव? भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव पार्टी की राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषदों के प्रतिनिधियों से मिलकर बने निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है। इस पूरे प्रकिया की देखरेख पार्टी के राष्ट्रीय प्रतिवेदक द्वारा की जाती है। किसी राज्य के निर्वाचक मंडल के कोई भी 20 सदस्य संयुक्त रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए ऐसे व्यक्ति का नाम प्रस्तावित कर सकते हैं जो चार कार्यकाल तक पार्टी का सक्रिय सदस्य रहा हो और उससकी सदस्यता के 15 साल हो चुके हों। लेकिन ऐसा संयुक्त प्रस्ताव कम-से-कम पांच ऐसे राज्यों से आना चाहिए, जहां राष्ट्रीय परिषद के लिए चुनाव हो चुके हों।  

योगी सरकार की पहल से प्रदेश के युवाओं को विदेश में भी मिल रहे रोजगार के अवसर

2,600 निर्माण श्रमिकों की टेस्टिंग प्रक्रिया प्रगति पर, विदेश में उपलब्ध कराया जाएगा रोजगार जर्मनी, जापान, इज़राइल और यूएई से मिल रहीं केयरिंग व नर्सिंग से जुड़ी नौकरियां प्रदेश भर में विभिन्न रोजगार मेलों के माध्यम से भी विदेश में खुल रहे नौकरियों के रास्ते अंतरराष्ट्रीय रोजगार के जरिए आय बढ़ाना और कौशल निखारना योगी सरकार का लक्ष्य लखनऊ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं, श्रमिकों को रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में श्रम एवं सेवायोजन विभाग द्वारा विदेश में रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों को अंतरराष्ट्रीय अवसर उपलब्ध कराने की कार्यवाही प्रभावी ढंग से शुरू की गई है। सरकार की इस पहल से न केवल युवाओं को रोजगार मिल रहा है, बल्कि उनके कौशल को वैश्विक पहचान भी मिल रही है। इज़राइल में निर्माण श्रमिकों को मिला रोजगार प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन एम.के. शनमुगा सुंदरम ने बताया कि जनवरी से मार्च 2024 के दौरान सेवायोजन विभाग द्वारा निर्माण श्रमिकों की टेस्टिंग, प्रशिक्षण एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर उन्हें इज़राइल भेजने की प्रक्रिया संचालित की गई। इस योजना के तहत अब तक लगभग 5,978 निर्माण श्रमिकों को इजराइल भेजा जा चुका है, जहां वे बेहतर वेतन और सुरक्षित माहौल में कार्य कर रहे हैं। यह प्रदेश के श्रमिकों के लिए बड़ी उपलब्धि है। हजारों श्रमिक प्रक्रिया में शामिल वर्तमान में 1,336 निर्माण श्रमिकों को प्रशिक्षण प्रदान करने के बाद इज़राइल भेजने की कार्यवाही प्रगति पर है। इसके अलावा 2,600 निर्माण श्रमिकों की टेस्टिंग प्रक्रिया चल रही है, जिन्हें आवश्यक मानकों पर खरा उतरने के बाद विदेश में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इससे स्पष्ट है कि आने वाले समय में और अधिक युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम करने का अवसर मिलेगा। कई देशों से मिल रहे रोजगार के अवसर योगी सरकार के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम यह है कि श्रम एवं सेवायोजन विभाग को जर्मनी, जापान, इज़राइल और यूएई जैसे देशों से भी रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। इन देशों में विशेष रूप से केयरिंग और नर्सिंग सेक्टर में रिक्तियां सामने आई हैं, जिससे प्रदेश के प्रशिक्षित युवाओं के लिए नए द्वार खुल रहे हैं। रोजगार मेलों से भी मिले विदेश में नौकरियों के अवसर इसी क्रम में 26-28 अगस्त, 2025 को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित रोजगार महाकुंभ में कुल 16,212 युवाओं का चयन किया गया, जिनमें से 1,612 युवाओं को विदेश में रोजगार के लिए चुना गया। इसके अतिरिक्त 14-15 अक्टूबर, 2025 को जनपद गोरखपुर में आयोजित इंटरनेशनल प्लेसमेंट इवेंट के माध्यम से 279 अभ्यर्थियों का विदेश में रोजगार हेतु चयन हुआ। वहीं 09-10 दिसंबर, 2025 को वाराणसी में आयोजित काशी सांसद रोजगार महाकुंभ के जरिए 8,054 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जिसमें 85 युवाओं को विदेशी रोजगार का अवसर प्राप्त हुआ। युवाओं और औद्योगिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से 22 अगस्त, 2025 को नोएडा में एचआर मीट तथा 18 दिसंबर, 2025 को वाराणसी में इंटरनेशनल मोबिलिटी कॉन्क्लेव-2025 का आयोजन किया गया, जिससे प्रदेश के युवाओं को वैश्विक रोजगार बाजार से जोड़ने की दिशा में योगी सरकार के प्रयास और अधिक सशक्त हुए हैं। आय और कौशल दोनों में बढ़ोतरी का लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय रोजगार को बढ़ावा देने के पीछे योगी सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि प्रदेश के युवाओं की आय में वृद्धि हो, उनका कौशल वैश्विक मानकों के अनुरूप निखरे और वे आत्मनिर्भर बनें। सरकार द्वारा पारदर्शी चयन प्रक्रिया, प्रशिक्षण और टेस्टिंग के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि योग्य अभ्यर्थियों को ही विदेश में रोजगार के अवसर मिलें।

बजट सत्र से पहले देवनानी ने गहलोत और जूली को दिया खरा जवाब

जयपुर. राजस्थान विधानसभा के 28 जनवरी से शुरू हो रहे बजट सत्र से पहले प्रश्न लगाने, मंत्रियों के जवाब और सदन की कार्यवाही से जुड़े नियमों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रविवार को प्रेस वार्ता की। उन्होंने दावा किया है कि विधानसभा सचिवालय की ओर से अब जारी किए गए बुलेटिन में वही प्रावधान हैं, जो वर्ष 2020 में तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष सी.पी. जोशी के कार्यकाल में जारी किए गए थे। देवनानी ने कहा कि इन नियमों के बारे में विस्तृत जानकारी वे सदन के भीतर ही देंगे। वासुदेव देवनानी ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विधानसभा से जारी होते आ रहे बुलेटिन को यदि वे पढ़ते, तो शायद इस तरह के बयान नहीं आते। उन्होंने कहा कि यह धारणा बनाई जा रही है कि ये नियम पहली बार लागू हुए हैं, जबकि ऐसा नहीं है। वर्ष 2020 में जारी बुलेटिन संख्या-20 का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा बुलेटिन में कोई नया प्रावधान नहीं जोड़ा गया है। विस्तारित प्रश्न न हों और पांच साल से अधिक पुरानी जानकारी संभवतः नहीं मांगी जाए ये सभी नियम पहले से ही लागू हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि 2020 के बाद अब 2026 में ही इन नियमों पर आपत्ति क्यों जताई जा रही है, जबकि जूली उस समय की सरकार में कैबिनेट मंत्री थे। 90 से 95 फीसदी सवालों के जवाब समय पर मिल रहे वासुदेव देवनानी ने कहा कि जवाबदेही बढ़ाने के लिए उनके कार्यकाल में लगातार मॉनिटरिंग की गई है, जिसका नतीजा यह है कि अब 90 से 95 फ़ीसदी सवालों के जवाब समय पर मिल रहे हैं जो पहले नहीं होता था। पिछली विधानसभा में पर्ची व्यवस्था बंद कर दी गई थी। जिसे उन्होंने अध्यक्ष बनने के बाद फिर शुरू किया। उनका मकसद लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करना है न किसी पर पाबंदी लगाना है ‘तुच्छ’ शब्द पर भी सफाई विपक्ष की ओर से ‘तुच्छ’ शब्द पर जताई गई आपत्ति पर देवनानी ने कहा कि यह शब्द लोकसभा की व्यवस्था से लिया गया है। पिछले चार सत्रों में न तो इस पर कोई आपत्ति आई और न ही कोई चर्चा हुई। ऐसे में सवाल यह है कि क्या पहले बुलेटिन पढ़े ही नहीं गए या अब राजनीतिक आधार पर बयान दिए जा रहे हैं।

झामुमो में शामिल हुए पूर्व नेता उत्तम यादव

रांची. झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं का झामुमो से जुड़ने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में झाविमो के पूर्व नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता उत्तम यादव ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ झामुमो की सदस्यता ग्रहण की। रांची के किशोरगंज स्थित एक स्कूल में सदस्यता ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री एवं झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए उत्तम यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली। झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डेय की मौजूदगी में सभी नव-प्रवेशी सदस्यों ने औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। 'समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प' इस अवसर पर विनोद कुमार पाण्डेय ने सभी नए कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में झामुमो की विचारधारा, नीति और सिद्धांतों की जानकारी दी तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने हेमंत सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। साथ ही राज्य के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी दिलाया। झामुमो की सदस्यता लेने के बाद क्या बोले उत्तम? झामुमो की सदस्यता लेने के बाद उत्तम यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विकास कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने अपने समर्थकों के साथ झामुमो की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सिद्धांतों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाना उनका उद्देश्य रहेगा। साथ ही उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में पूरी राजधानी झामुमोमय होगी और बड़ी संख्या में युवाओं को पार्टी से जोड़ा जाएगा। इस कार्यक्रम से यह स्पष्ट संदेश गया कि झारखंड की जनता का विश्वास तेजी से झामुमो और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व पर मजबूत हो रहा है।

नीचे से ऊपर तक चुनाव भाजपा में, बाकी दल हैं परिवारवाद के एजेंट– अनिल विज

चंडीगढ़ हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में ही युवाओं के लिए काम करने के लिए बहुत अच्छा स्थान है क्योंकि भाजपा एक संगठनात्मक पार्टी है। उन्होंने कहा कि कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नितिन नबीन के आने के बाद युवाओं में बहुत आकर्षण है और जेन-जी को यह लगता है कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है जहां पर युवाओं का सम्मान किया जाता है। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि "मेरा मानना है जिस पार्टी के अंदर डेमोक्रेसी नहीं है, वो पार्टी देश के प्रजातंत्र की रक्षा नहीं कर सकती है" । विज नई दिल्ली में मीडिया कर्मियों के सवालों के जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि बाकी पार्टियों में रिटायरमेंट के आसपास राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाता है या पारिवारिक बुजुर्ग स्वर्ग सिधार जाए तो उसकी औलाद को बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि देशभर में केवल भारतीय जनता पार्टी में ही प्रजातंत्र है, जिसमें चुनाव नीचे से ऊपर होते है। जबकि अन्य पार्टियों में ऊपर से नीचे होते है।उन्होंने कहा कि भाजपा में पहले वार्ड का चुनाव होगा, फिर मंडल का चुनाव होगा और फिर जिला का चुनाव होगा, फिर प्रदेश का चुनाव होगा। उसके बाद राष्ट्रीय चुनाव होता है, जबकि बाकी पार्टियों में राष्ट्रीय अध्यक्ष तय ही हैं, क्योंकि वे परिवारिक है। ये तो एक प्रकार से एजेंसियां है और इनमें डिस्ट्रीब्यूटरशिप है। भारतीय जनता पार्टी में व्यक्ति नहीं बल्कि टीम मायने रखती है: विज राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के कार्यकाल की सफलता के संबंध में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में विज ने कहा कि नितिन नबीन का बहुत अनुभव है और कई बार ये बिहार से विधायक और मंत्री रहे है तथा इनके पास संगठन को संचालित करने का बहुत अनुभव है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में व्यक्ति नहीं बल्कि टीम मायने रखती है क्योंकि हमारे पास प्रशिक्षित और अनुभवी कार्यकर्ता और अधिकारियों की एक बेहतरीन फेहरिस्त है इसलिए यहां पर सब मिलकर विकेंद्रीकरण के माध्यम से काम करते हैं और यही कारण है कि आज भारतीय जनता पार्टी का फूल खिलता ही जा रहा है। पश्चिम बंगाल की स्थिति बहुत ही चिंताजनक: विज पश्चिम बंगाल में हाल ही में बीएलओ की मृत्यु के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की स्थिति बहुत ही चिंताजनक है वहां पर कानून का राज नहीं चलता है वहां पर ममता का राज चलता है। उन्होंने बताया कि किस प्रकार से बंगाल में संवैधानिक संस्थाओं पर प्रहार किए जा रहे है यह पूरे देश से छुपा हुआ नहीं है और ऐसी गतिविधियों से ये लोग देश के प्रजातंत्र को स्वतंत्र और आजाद नहीं रख पाएंगे। उन्होंने बताया कि बीएलओ मृत्यु की जांच जारी है और उसके तथ्य जुटाए जा रहे है तथा जो भी तथ्य सामने आयेंगे उन्हें बताया जाएगा। कांग्रेस सारे देश में टुकड़े-टुकड़े हो चुकी: विज कांग्रेस द्वारा प्रदेश में नगर निगम की कमेटियां बनाए जाने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस सारे देश में टुकड़े-टुकड़े हो चुकी है ये जब भी बैठते हैं तो टुकड़ों को जोड़ने की कोशिश करते हैं लेकिन टुकड़े जुड़ नहीं पा रहे और टूटे हुए टुकड़ों से कुछ बनाया नहीं जा सकता।

सीएम भजनलाल ने नमन कर कहा- ‘राष्ट्रधर्म की अद्वितीय मिसाल हैं महाराणा प्रताप’

जयपुर. महाराणा प्रताप मेवाड़ के शासक थे, साथ ही वे भारतीय इतिहास में शौर्य, स्वाभिमान और मातृभूमि प्रेम के प्रतीक भी हैं। आज 19 जनवरी को राजस्थान में महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि मनाई जा रही है। इस मौके पर सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि मेवाड़ मुकुट' वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी की पुण्यतिथि पर शत-शत नमन! उनका जीवन स्वाभिमान, स्वतंत्रता और राष्ट्रधर्म की अद्वितीय मिसाल है। नई पीढ़ी प्रेरणा ले – अशोक गहलोत महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि पर कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि स्वाभिमान एवं अदम्य शौर्य के प्रतीक, मातृभूमि के गौरव के लिए संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले महान योद्धा महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि पर कोटि-कोटि नमन। उनके त्याग, साहस और देशभक्ति से नई पीढ़ी को प्रेरणा लेकर देश और समाज के लिए समर्पित भाव से आगे बढ़ना सीखना चाहिए। राष्ट्रभक्ति की जीवंत मिसाल – सचिन पायलट वहीं कांग्रेस के दिग्गज नेता सचिन पायलट ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि शौर्य, साहस, स्वाभिमान एवं राष्ट्रभक्ति की जीवंत मिसाल, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। पुण्यतिथि पर कोटि-कोटि नमन- गोविंद सिंह डोटासरा – कांग्रेस नेता गोविंद सिंह डोटासरा ने महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि पर सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि हूं लड्यो घणो हूं सह्यो घणो, मेवाड़ी मान बचावण नै। हूं पाछ नहीं राखी रण में, बैर्यां री खात खिडावण में।। अपने अदम्य साहस, अटूट स्वाभिमान और अप्रतिम वीरता से राजस्थान के स्वर्णिम इतिहास को गौरव प्रदान करने वाले मेवाड़ रत्न, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। महाराणा प्रताप जी ने जीवन भर मातृभूमि की आन-बान-शान की रक्षा हेतु संघर्ष किया और विपरीत परिस्थितियों में भी कभी स्वाभिमान से समझौता नहीं किया। उनकी राष्ट्रभक्ति, पराक्रम और त्याग की अमर गाथाएं सदैव देशवासियों को प्रेरणा देती रहेंगी तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए शौर्य और आत्मसम्मान का मार्गदर्शन करती रहेंगी।

जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमला जारी, मुठभेड़ में कमांडो की शहादत, कल 8 सुरक्षाकर्मी घायल

जम्मू-कश्मीर जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आंतकियों के साथ चल रही मुठभेड़ में विशेष दल का एक कमांडो शहीद हो गया है। सेना ने इसकी पुष्टी की है। शहीद कमांडो की पहचान उत्तराखंड निवासी गजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक गजेंद्र रविवार को आतंकियों की गोलीबारी में घायल नौ जवानों में शामिल थे। अत्याधिक घायल होने की वजह से उन्होंने इलाज के दौरान अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।   नाग्रोटा स्थित व्हाइट नाइट कोर ने सोमवार को शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी। सेना ने कहा, "व्हाइट नाइट कोर के जीओसी और सभी रैंक हवलदार गजेंद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिन्होंने चल रहे ऑपरेशन त्राशी I के दौरान एक आतंकवाद विरोधी अभियान को बहादुरी से अंजाम देते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।" इसमें आगे कहा गया, "हम उनके अदम्य साहस को नमन करते हैं और इस गहरे दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।" रविवार दोपहर करीब चतरू के उत्तर-पूर्व में स्थित सोनार वन क्षेत्र में सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान गोलीबारी शुरू हो गई। अधिकारियों के अनुसार, तलाशी दल ने जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध दो से तीन विदेशी आतंकवादियों को रोका, जिन्होंने ग्रेनेड का इस्तेमाल करते हुए जवाबी हमला किया। किश्तवाड़ में दूसरे दिन भी सर्च ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, स्थानीय जंगलों में पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद से जुड़े 2 से 3 आतंकी छिपे हुए हैं। आतंकियों को पकड़ने के लिए सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बोलं की कई टीमें इलाके में तैनात हैं। ड्रोन और आर्मी के स्पेशल कुत्तों की मदद से भी आतंकियों की खोजबीन की जा रही है।  

सीएम मान ने की शिक्षा को बढ़ावा, अजनाला में उच्च शिक्षा के नए अवसर, बिक्रौर कॉलेज का शुभारंभ

अमृतसर/अजनाला पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के अमृतसर दौरे का आज (19 जनवरी 2026) दूसरा दिन है। इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सीमावर्ती क्षेत्र अजनाला के निवासियों को विकास का एक बड़ा उपहार देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री अजनाला की दाना मंडी में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान सरकारी डिग्री कॉलेज, बिक्रौर की आधारशिला रखेंगे। दशकों पुरानी मांग होगी पूरी अजनाला और इसके आसपास के सीमावर्ती गांवों के लोग लंबे समय से क्षेत्र में एक सरकारी उच्च शिक्षा संस्थान की मांग कर रहे थे। अब तक युवाओं को ग्रेजुएशन और अन्य उच्च शिक्षा के लिए अमृतसर या अन्य दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता था। इस कॉलेज के बनने से न केवल समय और पैसे की बचत होगी, बल्कि ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्र भी अपने घर के पास बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। दाना मंडी में विशाल जनसभा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर अजनाला की दाना मंडी में व्यापक तैयारियां की गई हैं। यहाँ एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया है, जिसमें अजनाला के अलावा आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों लोगों के जुटने की उम्मीद है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए हैं। विकास की नई इबारत लिखेगा 'बिक्रौर' कॉलेज मुख्यमंत्री भगवंत मान इस अवसर पर जनसभा को संबोधित भी करेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि वे शिक्षा के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे (Infrastructure) और रोजगार को लेकर कुछ और बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं। सरकार का मानना है कि यह कॉलेज इस उपेक्षित क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। सरकार का विजन : मुख्यमंत्री मान ने पहले भी कई मंचों से स्पष्ट किया है कि 'आप' सरकार का मुख्य फोकस शिक्षा और स्वास्थ्य है। अजनाला के इस कॉलेज का शिलान्यास उसी विजन का हिस्सा है, ताकि पंजाब के अंतिम छोर पर बैठे छात्र को भी आधुनिक शिक्षा मिल सके।

iPhone Lovers के लिए खुशखबरी: Republic Day Sale में Croma दे रहा ₹48,000 की डील

भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स रिटेलर क्रोमा ने Republic Day Sale की घोषणा कर दी है. इस सेल में iPhone 17 और Galaxy S25 Ultra जैसे प्रीमियम फोन भारी छूट के साथ मिल रहे हैं. Croma की यह सेल 26 जनवरी तक ऑनलाइन और ऑफलाइन स्टोर्स पर जारी रहेगी. खास बात यह है कि सेल में एक्सचेंज, बैंक कैशबैक और बोनस ऑफर्स जैसे फायदे मिल रहे हैं.इसके अलावा लैपटॉप और टीवी पर भी दमदार डिस्काउंट मिल रहा है. iPhone 17 और iPhone 15 पर सबसे बड़ी कटौती Croma Republic Day Sale का सबसे बड़ा आकर्षण iPhone 17 है, जो अब ₹82,900 की लॉन्च कीमत से घटकर प्रभावी रूप से ₹47,990 में मिल रहा है. यह कीमत एक्सचेंज वैल्यू, ₹2,000 बैंक कैशबैक और ₹8,000 के अतिरिक्त एक्सचेंज बोनस जैसे फायदे मिलाकर होती है. हालांकि, एक्सचेंज का फायदा पुराने फोन की कंडीशन पर निर्भर करता है. वहीं iPhone 15 भी ग्राहकों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है और यह ₹59,900 की बाजार कीमत के मुकाबले ₹31,990 की प्रभावी कीमत पर उपलब्ध है. यह ऑफर उन यूजर्स के लिए खास है जो Apple इकोसिस्टम में एंट्री करना चाहते हैं. Samsung फ्लैगशिप फोन्स पर दमदार डील Apple के साथ-साथ Samsung स्मार्टफोन्स पर भी Croma ने जोरदार ऑफर पेश किए हैं. Galaxy S25 को Galaxy S24 के एक्सचेंज पर ₹50,499 में खरीदा जा सकता है. वहीं Galaxy S25 Ultra, Galaxy S24 Ultra के एक्सचेंज पर ₹79,999 की प्रभावी कीमत में उपलब्ध है. इसके अलावा फोल्डेबल फोन पसंद करने वालों के लिए Samsung Z Fold 7 भी शामिल है, जो Z Fold 6 के एक्सचेंज पर ₹1,09,999 में मिल सकता है. यहां भी कीमत फोन की कंडीशन पर निर्भर करेगी. Laptop पर मिल रहा Student Offers सिर्फ स्मार्टफोन ही नहीं, Croma Republic Day Sale में लैपटॉप खरीदारों के लिए भी खास ऑफर्स हैं. MacBook Air M4 स्टूडेंट प्राइस पर ₹55,911 में उपलब्ध है, जिसमें बैंक कैशबैक और एक्सचेंज ऑफर भी शामिल हैं. इसके अलावा HP OmniBook 5 (13th Gen) को ₹48,130 की प्रभावी कीमत पर खरीदा जा सकता है. ये डील्स खासतौर पर स्टूडेंट्स और वर्किंग प्रोफेशनल्स को ध्यान में रखकर लाई गईं हैं. TV और Home Appliances पर भारी छूट इस सेल में Samsung Neo QLED 65-इंच TV की कीमत ₹1,75,000 से घटकर ₹98,990 हो गई है. वहीं TCL का 55-इंच QLED TV ₹38,990 में मिल रहा है. फ्रंट-लोड वॉशिंग मशीनों की शुरुआती कीमत ₹31,290 रखी गई है. Marshall Bluetooth स्पीकर्स पर 35 प्रतिशत तक की छूट और चुनिंदा एयर कंडीशनर्स पर ₹11,500 तक के डिस्काउंट मिल रहे हैं.