samacharsecretary.com

भारत-पाकिस्तान हाईवोल्टेज भिड़ंत, कोलंबो में मौजूद रहेंगे BCB चीफ अमीनुल इस्लाम

ढाका बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के प्रमुख अमीनुल इस्लाम ने कहा है कि वह भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को होने वाले टी20 विश्व कप मैच देखने के लिए कोलंबो में जाएंगे और उन्हें उम्मीद है कि पिछले कुछ सप्ताह से चल रहे तनावपूर्ण माहौल के बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के साथ उनके संबंध सुधरेंगे। इस्लाम ने बांग्लादेश के अखबार ‘प्रथम आलो’ से कहा कि इस हाई-प्रोफाइल मैच के लिए उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की तरफ से निमंत्रण मिला है। उन्होंने कहा, ‘‘आईसीसी ने एक फैसला लिया है। आईसीसी के प्रमुख हितधारक ये पांच एशियाई देश हैं तथा वह चाहते हैं कि भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को होने मैच के लिए सभी पांच एशियाई देशों के प्रतिनिधि एक साथ स्टेडियम में मौजूद रहें, मैच देखें और एक-दूसरे से बात करें।’’ भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान एशिया के आईसीसी में महत्वपूर्ण सदस्य हैं। इस्लाम से पूछा गया कि क्या इस बैठक से बीसीसीआई के साथ उसके तनावपूर्ण संबंध खत्म करने में मदद मिलेगी, उन्होंने कहा, ‘‘‘आप इसे कुछ इसी तरह मान सकते हैं।’’ बीसीसीआई और बीसीबी के बीच विवाद तब शुरू हुआ जब भारतीय बोर्ड ने कुछ अज्ञात परिस्थितियों के चलते बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स के आईपीएल अनुबंध से बाहर करने का आदेश दिया। ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि यह कदम बांग्लादेश में हुई राजनीतिक हिंसा से प्रेरित था जिसमें हिंदुओं को निशाना बनाया गया था। बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए विश्व कप मैचों के लिए भारत आने से इनकार कर दिया। बीसीसीआई के पूर्व सचिव जय शाह की अध्यक्षता वाली आईसीसी ने बांग्लादेश की चिंताओं को खारिज कर दिया था। बांग्लादेश हालांकि अपने रुख पर कायम रहा इसके बाद उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को दे दी गई। इस्लाम ने कहा कि बोर्ड यह सुनिश्चित करने के लिए एक समझौता ज्ञापन तैयार करेगा जिससे आईसीसी की तरफ से उन्हें मिले आश्वासनों को अंतिम रूप दे दिया जाए। उन्होंने कहा, ‘‘हम एक समझौता भी करेंगे। यह एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) जैसा दस्तावेज होगा, ताकि कोई अनिश्चितता न रहे। आईसीसी के साथ (समझौता ज्ञापन तैयार करने के संबंध में) चर्चा लगभग अंतिम पड़ाव पर है।’’  

महाकाल की भक्ति में सुविधा: महाशिवरात्रि पर चलेंगी तीन मेला स्पेशल ट्रेनें

उज्जैन  महाशिवरात्रि महापर्व पर बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं और सीहोर (कुबेरेश्वर धाम) जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उज्जैन से भोपाल और संत हिरदाराम नगर के मध्य तीन जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें (Special Mela Trains) चलाने का निर्णय लिया है। मंडल रेल प्रवक्ता मुकेश कुमार ने बताया कि ये ट्रेनें 13 से 23 फरवरी तक संचालित की जाएंगी। ट्रेनों का शेड्यूल -1. उज्जैन संत हिरदाराम नगर उज्जैन (09305/09306) संचालनः 13 से 22 फरवरी तक प्रतिदिन । समयः उज्जैन से सुबह 09:00 बजे चलकर दोपहर 13:30 बजे संत हिरदाराम नगर पहुंचेगी। वापसी में वहां से दोपहर 14:30 बजे चलकर शाम 19:30 बजे उज्जैन आएगी। स्टॉपेजः तराना रोड, मक्सी, बेरछा, कालीसिंध, अकोदिया, शुजालपुर, कालापीपल और सीहोर।     उज्जैन भोपाल उज्जैन (09307/09308) संचालनः 13 से 23 फरवरी तक प्रतिदिन। समयः उज्जैन से रात 21:00 बजे चलकर रात 02:10 बजे भोपाल पहुंचेगी। वापसी में भोपाल से सुबह 03:10 बजे चलकर सुबह 08:00 बजे उज्जैन आएगी। स्टॉपेजः उपरोक्त स्टेशनों के साथ संत हिरदाराम नगर पर भी ठहराव।     उज्जैन संत हिरदाराम नगर उज्जैन (09313/09314) – संचालनः 13-22 फरवरी तक रोज समयः उज्जैन से शाम 16:00 बजे चलकर रात 21:40 बजे संत हिरदाराम नगर पहुंचेगी। वापसी में रात 22:30 बजे चलकर अगले दिन रात 2 बजे उज्जैन पहुंचेगी। स्टॉपेजः तराना रोड, मक्सी, बेरछा, कालीसिंध, अकोदिया, शुजालपुर, कालापीपल और सीहोर। कोच और सुविधा रेलवे प्रशासन के अनुसार, इन मेला स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों की सुविधा के लिए सामान्य और स्लीपर श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे। इससे कम बजट में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलेगी। 

महेंद्रगढ़ जिले में 15 खेलों के खुलेंगे खेलो इंडिया केंद्र

चंडीगढ़. भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने देश भर में 139 अतिरिक्त खेलों इंडिया केंद्रों को मंजूरी दी है। इसके तहत महेंद्रगढ़ जिले में भी विभिन्न 15 खेलों के केंद्र स्थापित किए जाएंगे। खेल विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि जिले में निम्नलिखित 15 खेल विधाओं में केंद्र स्थापित करने की योजना है। इनमें ताइक्वांडो, वुशु, कराटे, जू-जित्सु, कुराश, रोइंग, कयाकिंग और कैनोइंग, सेलिंग, शूटिंग, साइकिलिंग, जिम्नास्टिक, सेपकटकरा, इक्वेस्ट्रियन (घुड़सवारी), स्क्वैश और गोल्फ शामिल हैं। उन्होंने बताया कि केंद्रों की स्थापना के लिए उन संस्थानों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनके पास खेल के लिए पर्याप्त मैदान और आधुनिक ट्रेनिंग इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध हो।

75 किलोमीटर दूर खड़ी कार का कटा टोल!

भवानीगढ़. भवानीगढ़ में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां घर के बाहर खड़ी कार से 75 km दूर स्थित जगजीतपुरा टोल प्लाजा पर 120 रुपये टोल टैक्स कट गया। कार मालिक तब हैरान रह गया जब उसके मोबाइल पर फास्टैग के जरिए रकम कटने का मैसेज आया। इस बारे में कार मालिक अनीश गर्ग निवासी नई अनाज मंडी भवानीगढ़ ने बताया कि उसकी कार नंबर P.B. 13 AL 0831 पूरा दिन घर पर ही खड़ी रही। कार मालिक अनीश गर्ग ने बताया कि वह खुद कहीं बाहर नहीं गया। इसके अलावा उसका कोई दोस्त या रिश्तेदार भी कार लेकर नहीं गया, लेकिन इसके बावजूद जगजीतपुरा टोल प्लाजा से उसके अकाउंट से 120 रुपये कट गए। जिससे वह हैरान और परेशान है। मालिक ने कहा कि उसने कभी उस टोल प्लाजा का नाम तक नहीं सुना और न ही कभी अपनी गाड़ी वहां से गुजारी है। मालिक के मुताबिक, यह घटना FASTag सिस्टम में किसी टेक्निकल गड़बड़ी या गाड़ी का नंबर गलत पढ़ने की वजह से हुई होगी। उसने इस बारे में बैंक और संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने की तैयारी कर ली है। उसकी गाड़ी CCTV कैमरे की निगरानी में है, जिसकी फुटेज सबूत के तौर पर पेश की जाएगी। इस घटना से इलाके के लोगों में भी चिंता है। लोगों का कहना है कि अगर घर में खड़ी गाड़ियों से भी टोल काटा जाता है, तो यह एक गंभीर मामला है और संबंधित विभाग को ऐसे मामलों की जांच करनी चाहिए। लोगों ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर सच्चाई सामने लानी चाहिए और अगर कोई टेक्निकल खराबी है, तो उसे तुरंत ठीक किया जाना चाहिए ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।

शासकीय उचित मूल्य की दुकान के सेल्समैन ने बायोमेट्रिक लेकर भी नहीं दिया राशन

रायपुर/आरंग. शासन की सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत योजनाओं को जमीनी स्तर पर कैसे पलीता लगाया जाता है, इसकी एक तस्वीर ग्राम पंचायत नारा में देखने को मिली है. ग्रामीणों की माने तो यहां के शासकीय उचित मूल्य की दुकान के सेल्समैन रामलाल रात्रे ने न केवल नियमों की धज्जियां उड़ाई हैं, बल्कि लगभग 300 गरीब परिवारों के मुंह से निवाला छीनकर एक बड़े भ्रष्टाचार को अंजाम दिया है. ग्रामीणों ने अपना दुखड़ा सुनाते हुए बताया कि सेल्समैन ने चालाकी से सभी हितग्राहियों के बायोमेट्रिक (अंगूठा) मशीन पर ले लिए, ताकि रिकॉर्ड में वितरण ‘सफल’ दिखाई दे. लेकिन जब राशन देने की बारी आई, तो हितग्राहियों को खाली झोला लेकर घर लौटना पड़ा. पिछले 3 महीनों से यही खेल चल रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि सेल्समेन रामलाल रात्रे बायोमेट्रिक मशीन पर अंगूठा लगवा लेने के बाद कहते थे कि ऊपर से राशन नहीं आया है, जब आएगा तब देंगे, लेकिन महीना बीत जाने के बाद भी राशन नहीं मिलता था. ऑडिट में फूटा ‘घोटाले का फोड़ा’ ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद जब फूड इंस्पेक्टर ने दुकान का औचक निरीक्षण और स्टॉक ऑडिट किया, तो भ्रष्टाचार की परतें उखड़ती चली गईं. जांच के दौरान सेल्समैन रामलाल रात्रे डर के मारे फरार रहा, जो स्वयं उसके गुनाह की पुष्टि करता है. राशन दुकान के ताले को कटर मशीन से तोड़ा गया फिर जांच कार्यवाही शुरू हो सकी. सूत्रों के अनुसार, दिसंबर और जनवरी माह के लिए नागरिक आपूर्ति निगम ने जो आबंटन भेजा था, वह कागजों में तो बंट गया, लेकिन भौतिक रूप से गायब है. शासकीय उचित मूल्य की दुकान संख्या 442003103 में 495.94 क्विंटल चावल, 16.39 क्विंटल शक्कर और 16.22 क्विंटल नमक का आबंटन हुआ है. लेकिन हितग्राहियों को अभी तक राशन का वितरण नहीं हो पाया है. निरीक्षण के दौरान राशन दुकान में चावल ही नहीं मिला है. प्रशासन की चुप्पी और ग्रामीणों का आक्रोश हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में राशन का गबन बिना किसी ऊंचे संरक्षण के संभव नहीं है. ग्रामीण पिछले कई महीनों से दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं, लेकिन अब तक आरोपी सेल्समैन की गिरफ्तारी नहीं होना प्रशासनिक सुस्ती पर सवाल खड़े करता है. खाद्य विभाग के सूत्रों के अनुसार, सेल्समैन पर आवश्यक वस्तु अधिनियम और गबन की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने की तैयारी की जा रही है. दुकान की जांच में सामने आई गड़बड़ियां निरीक्षण करने पहुंची खाद्य निरीक्षक पुष्पा चौधरी ने बताया कि हितग्राहियों की शिकायत पर ग्राम पंचायत नारा स्थित शासकीय उचित मूल्य का निरीक्षण किया गया है, जिसमें कई गड़बड़ियां सामने आई है. मौके पर कुछ हितग्राही आए थे जिनका बायोमेट्रिक लेकर उन्हें अभी तक राशन नहीं दिया गया है. अन्य हितग्राहियों की जानकारी लेते हुए बीते महीनों में राशन दुकान को आबंटित चावल, शक्कर और नमक की मात्रा का आंकलन किया जा रहा है. जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगी, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

एमपी में रेलवे विस्तार पर पर्यावरण चिंता, लाखों पेड़ों की कटाई को केंद्र की हरी झंडी बाकी

इंदौर मध्यप्रदेश में महत्वाकांक्षी महू-खंडवा गेज परिवर्तन परियोजना के तहत घने जंगलों में निर्माण शुरू करने के लिए रेलवे ने केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से अंतिम स्वीकृति मांगी है। अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद दो जिलों में फैले घने जंगलों में बड़ी रेल लाइन के निर्माण का रास्ता साफ हो जाएगा। दरअसल, भारतीय रेलवे ने मध्य प्रदेश में महू-खंडवा लाइन का गेज बदलने का काम शुरू करने के लिए केंद्र से आखिरी मंजूरी मांगी है। इस काम में 1.24 लाख से ज्यादा पेड़ों को काटा जाएगा। एक बार केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से मंजूरी मिल जाने के बाद, दो जिलों के जंगलों में ब्रॉड गेज लाइन के लिए पेड़ों की कटाई शुरू हो जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि 156 km की ब्रॉड-गेज लाइन, आज़ादी से पहले रियासतों के समय बिछाए गए 118 km के नैरो-गेज ट्रैक की जगह लेगी.गेज बदलने का काम चल रहा है और अगले दो साल में पूरा होने की उम्मीद है.एक बयान में वेस्टर्न रेलवे के रतलाम डिवीजन के PRO मुकेश कुमार ने कहा, लगभग 90 km के महू (डॉ. अंबेडकर नगर)-ओंकारेश्वर रोड सेक्शन के बाकी गेज बदलने के काम के लिए केंद्रीय मंत्रालय से आखिरी मंज़ूरी की जरूरत है.उन्होंने कहा, “महू और मुख्त्यारा-बलवाड़ा के बीच करीब 454 हेक्टेयर जंगल की जमीन पर कंस्ट्रक्शन होगा. जमीन खरीदने के लिए, रेलवे ने पहले ही फॉरेस्ट डिपार्टमेंट में 100.08 करोड़ रुपये जमा कर दिए हैं और मिनिस्ट्री से इन-प्रिंसिपल मंजूरी ले ली है.” दो साल में पूरा होगा काम अधिकारियों ने बताया कि 156 किमी की ब्रॉड-गेज लाइन, आजादी से पहले रियासतों के समय बिछाए गए 118 किमी के नैरो-गेज ट्रैक की जगह लेगी। गेज बदलने का काम चल रहा है और अगले दो साल में पूरा होने की उम्मीद है। वन विभाग को मिले 100.08 करोड़ एक बयान में वेस्टर्न रेलवे के रतलाम डिवीजन के पीआरओ मुकेश कुमार ने कहा कि लगभग 90 किमी के महू (डॉ. अंबेडकर नगर)-ओंकारेश्वर रोड सेक्शन के बाकी गेज बदलने के काम के लिए केंद्रीय मंत्रालय से आखिरी मंजूरी की जरूरत है। महू और मुख्त्यारा-बलवाड़ा के बीच 454 हेक्टेयर जंगल की जमीन पर कंस्ट्रक्शन होगा। जमीन खरीदने के लिए, रेलवे ने पहले ही वन विभाग में 100.08 करोड़ रुपए जमा कर दिए हैं और मिनिस्ट्री से इन-प्रिंसिपल मंजूरी ले ली है। मुआवजे के तौर पर लगाएंगे डबल पौधे रेलवे अधिकारियों ने कहा कि महू-खंडवा गेज कन्वर्जन से उत्तरी और दक्षिणी भारत के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी, जिससे पैसेंजर सर्विस और माल ढुलाई दोनों में सुधार होगा। वहीं वन विभाग के एक अधिकारी ने अनुमान लगाया कि इंदौर और पड़ोसी खरगोन जिलों में बाकी कंस्ट्रक्शन के लिए 1.24 लाख पेड़ काटने पड़ सकते हैं। डिपार्टमेंट ने पर्यावरण पर असर कम करने और बड़ी संख्या में पेड़ों को बचाने के लिए एक डिटेल्ड प्लान तैयार किया है। एनवायरनमेंटल नुकसान की भरपाई के लिए प्रभावित एरिया से दोगुने एरिया में मुआवजे के तौर पर पेड़ लगाए जाएंगे।

धड़ाम से गिरे सोने के दाम, 22 कैरेट सोना सस्ता हुआ, चांदी के रेट में भी गिरावट

इंदौर  13 फरवरी 2026 को सोना और चांदी के भाव में बड़ी गिरावट आई है. इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, गुरुवार शाम को 916 शुद्धता यानी 22 कैरेट गोल्ड का दाम ₹1,42,575 प्रति 10 ग्राम था, जो शुक्रवार को घटकर ₹1,33,920 प्रति 10 ग्राम आ गया है. वहीं, चांदी (999, प्रति किलो) के रेट में भी शुक्रवार को 17 हजार रुपये से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है.सोने चांदी का भाव में आज यानि 13 फरवरी 2026 को बड़ी गिरावट रिकॉर्ड हो रही है। अंतर्राष्ट्रीय कमोडिटी मार्केट कॉमेक्स पर मार्केट ओपन होते ही गोल्ड और सिल्वर रेट में बड़ी गिरावट देखने, को मिली है। एमसीएक्स पर भी कल यानि 12 फरवरी को मार्केट क्लोज होने तक चांदी के भाव में 9% से ज्यादा की गिरावट रिकॉर्ड हुई थी। सोने का भाव भी 4% से ज्यादा गिर गए। मार्केट के जानकारों का कहना है कि भू राजनीतिक तनाव, अमेरिकी फेडरल रिजर्व बैंक की नीतियों और महंगाई के आंकड़ों से सोने चांदी की चाल तय होगी। इसके अलावा डॉलर की स्थिति भी कमोडिटी मार्केट को प्रभावित कर रही है। Gold-Silver Price Today: सोना-चांदी का लेटेस्ट रेट                               शुद्धता               गुरुवार शाम का रेट     शुक्रवार सुबह का रेट     जानें कितना सस्ता हुआ गोल्ड/सिल्वर सोना (प्रति 10 ग्राम)     999 (24 कैरेट)     155650                         152751                     ₹2899 सस्ता सोना (प्रति 10 ग्राम)     995 (23 कैरेट)     155027                         152139                     ₹2888 सस्ता सोना (प्रति 10 ग्राम)     916 (22 कैरेट)     142575                         133920                     ₹8655 सस्ता सोना (प्रति 10 ग्राम)     750 (18 कैरेट)     116738                         114563                     ₹2175 सस्ता सोना (प्रति 10 ग्राम)     585 (14 कैरेट)     91055                           89359                       ₹1696 सस्ता चांदी (प्रति 1 किलो)     999                    259133                         241945                      ₹17188 सस्ता IBJA रेट (गुरुवार, 12 फरवरी 2026) गुरुवार को सोने का भाव (999 शुद्धता): सुबह का रेट: ₹156147 प्रति 10 ग्राम शाम का रेट: ₹155650 प्रति 10 ग्राम गुरुवार को चांदी का भाव (999 शुद्धता): सुबह का रेट: ₹260614 प्रति किलो शाम का रेट: ₹259133 प्रति किलो कॉमेक्स पर कैसा है सोना चांदी का हाल कॉमेक्स पर मार्केट ओपन होने के बाद सोने का भाव $4,953.00 प्रति औन्स से नीचे आ गया। कल गोल्ड रेट $5,081.50 प्रति औन्स और सिल्वर रेट $82.515 प्रति औन्स के साथ ओपन हुए थे, लेकिन उसके बाद भी गिरावट जारी रही। आज सिल्वर रेट गिरावट के साथ $74.865 प्रति औन्स पर ओपन हुआ है। घरेलू कमोडिटी मार्केट का हाल MCX पर गुरुवार को 02 अप्रैल 2026 डिलीवरी वाला सोना एक दिन में 4.07% की गिरावट के बाद 1,52,300 रुपये प्रति दस ग्राम पर क्लोज हुआ था। इसके अलावा 05 मार्च 2025 डिलीवरी वाली चांदी MCX पर एक दिन में 9.84% की बड़ी गिरावट के बाद 2,37,136 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। कमोडिटी मार्केट में जारी है उठापटक इस महीने की शुरुआत से ही सोने, चांदी, तांबे जैसी कीमती धातुओं की कीमतों में वोलैटिलिटी बनी हुई है। निवेशकों के साथ ही आम जनता भी स्थिरता का इंतजार कर रहे हैं। फेड रिजर्व बैंक की पॉलिसी, भू राजनीतिक तनाव में कमी, डॉलर की कीमतों में उतार चढ़ाव से मार्केट काफी प्रभावित होता है इसीलिए बाजार के जानकारों द्वारा निवेशकों को यह सलाह दी जाती है कि ऐसे वोलेटाइल मार्केट में निवेश करने से पहले हर छोटी बड़ी अपडेट पर नजर बनाकर रखें। इस समय सतर्क रुख अपनाना जरूरी है।  इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन द्वारा जारी किए गए दाम देश में सर्वमान्य हैं लेकिन इनकी कीमतों में जीएसटी शामिल नहीं होती है. गहने खरीदते समय सोने या चांदी के रेट टैक्स समेत होने की वजह से ज्यादा होते हैं. IBJA की ओर से केंद्र सरकार द्वारा घोषित रेट शनिवार और रविवार के साथ-साथ केंद्र सरकार की छुट्टियों पर जारी नहीं किए जाते. इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन की ओर से जारी कीमतों से अलग-अलग प्योरिटी के सोने के स्टैंडर्ड भाव की जानकारी मिलती है. ये सभी रेट टैक्स और मेकिंग चार्ज के पहले के हैं.

HC ने 28 सप्ताह की गर्भावस्था में 13 साल की लड़की को अबॉर्शन की मंजूरी दी, विवादित फैसला

जबलपुर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने 24 हफ्ते की सीमा पार हो जाने के बाद भी 13 साल की एक रेप पीड़िता को अबॉर्शन कराने की इजाजत दी है। बच्ची 28 सप्ताह की प्रेग्नेंट है। पीड़िता और उसके परिवार की इच्छा को तरजीह देते हुए अदालत ने डॉक्टरों को सुरक्षित तरीके से अबॉर्शन करने को कहा है। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की जबलपुर बेंच में जस्टिस विशाल मिश्रा ने कहा कि कानून 24 सप्ताह के बाद मेडिकल टर्मिनेशन (MTP) को बाधित करता है, पर गर्भ को जारी रखने का फैसला गर्भवती पर निर्भर है। इस केस में नाबालिग बच्ची और उसके माता-पिता ने साफ तौर पर कहा है कि वे गर्भ को जारी नहीं रखना चाहते हैं। इस मामले को सागर जिले के खुराई स्थित एक अदालत ने हाई कोर्ट के सामने पेश किया था। सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए अदालत ने रेखांकित किया कि गर्भ को जारी रखने और जन्म देने के लिए गर्भवती की सहमति सबसे ऊपर है, नाबालिग के मामले में भी। अदालत ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के मेडिकल बोर्ड के विचार का भी संज्ञान लिया जिसमें कहा गया है कि चिकित्सकीय गर्भपात संभव है। हालांकि, कुछ जोखिम जरूर है। अदालत ने मेडिकल बोर्ड से कहा है कि बच्ची और उसके परिजनों को जोखिमों के बार में बताया जाए और एक्सपर्ट डॉक्टरों की टीम के द्वारा गर्भपात कराया जाए।

जबलपुर में सरेराह भिड़ंत: वर्दीधारी पुलिसकर्मी से हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

जबलपुर  मध्य प्रदेश के जबलपुर में सरेराह वर्दीधारी पुलिसकर्मी के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में दो युवक एक वर्दीधारी पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और चप्पल से मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस घटना के दौरान सड़क पर चलते राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस बीच कुछ लोगों ने बीच-बचाव का भी प्रयास किया। हालांकि विवाद की वजह अभी तक सामने नहीं आई है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। बताया जा रहा जिस वर्दीधारी पुलिसकर्मी से मारपीट की गई वह कोर्ट में तैनात है। वहीं पिटाई करने वाले दोनों युवक कोर्ट में ही काम करने वाली एक महिला के परिजन बताए जा रहे है। पुलिस इस मामले में जांच-पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की बात कह रही है। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने लाकर की पूछताछ जबलपुर के ओमती थाना क्षेत्र के सिविक सेंटर में गुरुवार उस समय हड़कंप मच गया, जब एक वर्दीधारी पुलिसकर्मी की दो युवकों ने सरेराह कथित तौर पर पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, विवाद अचानक बढ़ा और मारपीट शुरू हो गई, आसपास मौजूद लोगों ने बीच बचाव का प्रयास किया और मामले की सूचना पुलिस की दी गई। सूचना मिलते ही अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और संबंधित पक्षों को ओमती थाने ले जाया गया। हालांकि पुलिस ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि संबंधित पुलिसकर्मी किस थाने या यूनिट में पदस्थ है और विवाद की वास्तविक वजह क्या थी। ओमती थाना के एसआई श्रीराम सनोदिया ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है और घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना पर क्या बोले पुलिस अधिकारी सीएसपी रितेश कुमार शिव ने बताया कि कॉन्स्टेबल का नाम रंजीत कौरव है, जो कोर्ट में तैनात है। वहीं, मारपीट के आरोपी कोर्ट में काम करने वाली एक महिला के परिजन हैं। महिला और कॉन्स्टेबल किसी काम के सिलसिले में एक ही जगह पर मौजूद थे। इसी बात को लेकर महिला के परिजन और कॉन्स्टेबल के बीच विवाद हुआ। मारपीट करने वाले दोनों युवक सिवनी जिले के रहने वाले हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अंबाला में भ्रूण लिंग जांच गिरोह चला रहे अस्पताल के दो स्टाफ गिरफ्तार

अंबाला. कुरुक्षेत्र और अंबाला स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने भ्रूण लिंग जांच गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपी मोहित और रोहित गिरफ्तार हुए हैं, जबकि खुराना अस्पताल की स्टाफ नर्स नैना फरार है। पकड़ा गया मोहित छावनी के गार्जियन अस्पताल में कर्मी है। इस तरह दो निजी अस्पतालों का स्टाफ मिलकर भ्रूण लिंग जांच करवा रहा था। समाचार लिखे जाने तक स्वास्थ्य विभाग की टीम कार्रवाई में जुटी थी। शहर थाने में केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी। पकड़े गए आरोपी मोहित से 39 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं, जोकि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गर्भवती महिला को आरोपितों को देने के लिए दिए थे। आरोपित रोहित नैना और मोहित के कहने पर शहर के मदान अल्ट्रासाउंड केंद्र में महिला के गर्भ में पल रहे भ्रूण के लिंग की जांच करवाने गया था। कुरुक्षेत्र टीम को मिली थी सूचना जानकारी के अनुसार, कुरुक्षेत्र स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि अंबाला में भ्रूण लिंग जांच हो रही है। सूचना पर कुरुक्षेत्र सीएमओ के आदेशों पर पीएनडीटी टीम एक गर्भवती महिला को भ्रूण लिंग जांच करवाने के लिए तैयार किया। महिला ने नैना से संपर्क साधा। नैना और मोहित ने 75 हजार रुपये में सौदा तय किया। कुरुक्षेत्र टीम से नोडल अधिकारी डॉ. गौरव व राजीव और मनोज अपनी गाड़ी में कुरुक्षेत्र से वीरवार सुबह 10 बजे अंबाला के लिए रवाना हुए। अंबाला पहुंचने पर कुरुक्षेत्र टीम ने अंबाला स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना दी। अंबाला से पीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश कंडारा और डाक्टर ऋषिपाल ने टीम का साथ दिया और संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोच लिया। गीता गोपाल चौक पर मिले आरोपी डिकाय महिला को अंबाला छावनी के गीता गोपाल चौक पर बुलाया गया। यहां से आरोपित उसे अंबाला शहर के जगाधरी गेट पर ले गए। जहां रोहित की ड्यूटी लगाई गई गर्भ में पल रहे भ्रूण की लिंग जांच के लिए अल्ट्रासाउंड करवाने की। रोहित महिला को मदान अल्ट्रासाउंड केंद्र पर ले गया। वहां महिला का अल्ट्रासाउंड करवाया गया। यहां से निकलते हुए टीम ने रोहित को पकड़ लिया। इसके बाद मोहित को रोहित के जरिए पकड़ लिया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मदान अल्ट्रासाउंड केंद्र की जांच की तो महिला का अल्ट्रासाउंड नियमानुसार होना पाया गया। सभी दस्तावेज भी संलग्न किए गए थे। इसीलिए अल्ट्रासाउंड केंद्र पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस में केस दर्ज करवाया है – कुरुक्षेत्र और अंबाला स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपितों को पीएनडीटी एक्ट के तहत गिरफ्तार करवाया गया है। आरोपी मोहित गार्जियन अस्पताल में काम करता है जबकि फरार नैना खुराना नर्सिंग होम में स्टाफ नर्स है। आरोपित रोहित की ड्यूटी अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए आरोपितों ने लगाई थी। मोहित से 39 हजार रुपये कैश बरामद किए गए हैं। शहर थाना पुलिस में केस दर्ज करवा दिया गया है। – डॉ. मुकेश कंडारा, पीएनडीटी नोडल अधिकारी, अंबाला