samacharsecretary.com

16 अक्टूबर को आईटीआई अलीगंज में वृहद रोजगार मेला, कंपनियां करेंगी चयन

लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए चलाए जा रहे रोजगार मिशन को लगातार गति मिल रही है। इसी क्रम में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज, लखनऊ में आगामी 16 अक्टूबर 2026 को वृहद रोजगार मेले (कैंपस प्लेसमेंट) का आयोजन किया जा रहा है। प्रातः 10 बजे से आयोजित होने वाले इस रोजगार मेले में प्रतिष्ठित औद्योगिक कंपनियों द्वारा कुल 800 रिक्त पदों पर युवाओं का चयन किया जाएगा। रोजगार मेले में ऑटोमोबाइल क्षेत्र की प्रमुख कंपनी हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की कंपनी बैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी। यह पहल प्रदेश के युवाओं को उनके तकनीकी कौशल और शैक्षिक योग्यता के अनुरूप सीधे उद्योगों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हीरो मोटोकॉर्प में 300 पदों पर चयन हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड द्वारा अप्रेंटिसशिप योजना एवं प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (पीएमआईएस) के तहत कुल 300 पदों पर चयन किया जाएगा। इनमें 150 पद पुरुष और 150 पद महिला अभ्यर्थियों के लिए हैं।आईटीआई अप्रेंटिस के 150 पदों पर फिटर, टर्नर, एमएमवी, मशीनिस्ट, वेल्डर और इलेक्ट्रीशियन ट्रेड से आईटीआई उत्तीर्ण 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थियों का चयन होगा। चयनित अभ्यर्थियों को ₹17,060 प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा। एक वर्ष की अप्रेंटिसशिप के बाद एक वर्ष टीटीएस के तहत ₹18,060 प्रतिमाह वेतन देय होगा। वहीं पीएमआईएस-स्टूडेंट ट्रेनी के 150 पदों पर 10वीं/12वीं उत्तीर्ण गैर-आईटीआई अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को कुल ₹23,321 प्रतिमाह का लाभ मिलेगा, जिसमें ₹15,221 कंपनी तथा ₹8,100 केंद्र सरकार द्वारा डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खाते में दिए जाएंगे। बैक्स एनर्जी में 500 पदों पर रोजगार नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में कार्यरत बैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सौर एवं पवन ऊर्जा परियोजनाओं के लिए 500 पुरुष अभ्यर्थियों का कंपनी रोल्स पर चयन किया जाएगा। इसके लिए 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी पात्र होंगे। द्वारका (गुजरात) सोलर प्रोजेक्ट तथा तमिलनाडु-कर्नाटक विंड पावर प्लांट के लिए आईटीआई तकनीकी एवं बीएससी ग्रेजुएट अभ्यर्थियों का टेक्नीशियन/हेल्पर पद पर ₹17,000 मासिक सीटीसी तथा मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स में डिप्लोमा धारकों का ट्रेनी/टेक्नीशियन पद पर ₹18,000 मासिक सीटीसी पर चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को पीएफ, ईएसआईसी सहित अन्य लागू सुविधाएं भी मिलेंगी। युवाओं के लिए रोजगार के साथ सुविधाएं भी हीरो मोटोकॉर्प में चयनित अभ्यर्थियों को रेवाड़ी, हरियाणा स्थित प्लांट के लिए तीन दिन का होटल स्टे, यूनिफॉर्म, सुरक्षा जूते, कैंटीन सुविधा, ₹1 लाख का मेडिक्लेम, सवेतन अवकाश और अनुभव प्रमाण पत्र जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। चयन में निर्धारित शारीरिक मानकों के साथ ड्राइविंग लाइसेंस धारकों को वरीयता दी जाएगी। 16 अक्टूबर को आईटीआई अलीगंज में पहुंचें अभ्यर्थी प्लेसमेंट अधिकारी एम. ए. खां ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 16 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10 बजे राजकीय आईटीआई, अलीगंज, लखनऊ परिसर में पहुंचकर साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपने साथ 10वीं, 12वीं, आईटीआई अथवा डिप्लोमा की अंकतालिका व प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति, पैन कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति तथा चार पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा। हीरो मोटोकॉर्प से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9118561562 जारी किया गया है।

पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने साझा किए खेती के अनुभव

कानपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कृषि क्षेत्र को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण आजीविका मजबूत बनाने के प्रयासों के बीच ‘उत्तर प्रदेश 2.0: कृषि से समृद्धि’ यूपी संवाद आयोजित किया गया। इसमें खेती की लागत कम करने, उत्पादन बढ़ाने, कृषि उत्पादों का बेहतर मूल्य दिलाने और सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने पर चर्चा हुई। कृषि विशेषज्ञों, जनप्रतिनिधियों और प्रगतिशील किसानों ने बताया कि तकनीक, फसल विविधीकरण, बाजार तक पहुंच और खेती के साथ दूसरे व्यवसाय अपनाकर किसानों के लिए आय के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं। पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सुनाए खेती के अनुभव प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने ‘किसान भाई-बंपर कमाई’ सत्र में अपने खेती-किसानी के दिनों के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि उनके खेत में एक-एक किलो वजनी आलू पैदा हुए थे। उन्होंने लहसुन की फसल में मेड़ों पर शलगम उगाने और पांच-पांच किलो तक के शलगम उपजने का भी जिक्र किया। मटर की पैदावार के बारे में उन्होंने बताया कि मंडी में उनकी उपज देखकर कारोबारियों को पहले विश्वास नहीं हुआ, लेकिन खेत देखने के बाद वे हैरान रह गए। उन्होंने मनहर धान का उल्लेख करते हुए इसे करीब 60 दिनों में तैयार होने वाली फसल बताया। अपने राजनीतिक सफर के बारे में राजभर ने कहा कि कांशीराम के विचारों और उनसे जुड़े कार्यक्रमों में भागीदारी ने राजनीति के प्रति उनकी रुचि बढ़ाई। इसके बाद वह धीरे-धीरे राजनीति में बढ़े। कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने निषाद समाज की प्रगति पर रखी बात प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने ‘पशु नहीं, प्रॉफिट पालन’ सत्र में निषाद समाज की सामाजिक और आर्थिक प्रगति पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने समाज को आगे बढ़ाने में शिक्षा, सरकारी सुविधाओं और रोजगार के अवसरों की भूमिका पर जोर दिया। मत्स्य पालन से जुड़े परिवारों की आजीविका मजबूत करने और मछली पालन को आय के साधन के रूप में विकसित करने की संभावनाएं भी इस चर्चा का हिस्सा रहीं। सत्र में समाज के लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उन्हें आर्थिक रूप से आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने का मुद्दा प्रमुख रहा। किसानों को बाजार से जोड़ने पर जोर ‘सरकार और बाजार मेरे द्वार’ सत्र में कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने किसानों की उपज के उचित मूल्य और बाजार तक उनकी पहुंच से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि खेती में उत्पादन बढ़ाने के साथ उपज की बिक्री की बेहतर व्यवस्था होना भी जरूरी है, ताकि किसानों को उनकी मेहनत का उचित लाभ मिल सके। सरकारी योजनाओं की जानकारी, कृषि उत्पादों की खरीद और बाजार से जुड़ाव के जरिए किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। आधुनिक तकनीक से खेती को लाभकारी बनाने पर चर्चा ‘खेती हाईटेक, लाइफ सेट’ सत्र में चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता, आईआईटी कानपुर के केमिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. जयंत कुमार सिंह और पद्मश्री सम्मानित प्रगतिशील किसान राम शरण वर्मा ने आधुनिक खेती की संभावनाओं पर चर्चा की। इसमें सेंसर आधारित तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के इस्तेमाल से मिट्टी की स्थिति समझने तथा फसल के लिए जरूरी पोषक तत्वों का आकलन करने पर जोर रहा। चर्चा के मुताबिक, सेंसर आधारित तकनीक से मिट्टी की जांच लगभग एक मिनट में की जा सकती है। इससे जरूरत के अनुसार खाद और अन्य कृषि संसाधनों का इस्तेमाल करने में मदद मिल सकती है। ऐसी तकनीकों का उद्देश्य खेती की लागत घटाने और संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने में किसानों की मदद करना है। सरकारी योजनाओं से लाभार्थियों के अनुभवों पर चर्चा ‘लाभार्थी लाइव’ सत्र में विधायक महेश त्रिवेदी और कल्याणपुर की विधायक नीलिमा कटियार ने किसानों तथा लाभार्थियों से बातचीत की। चर्चा में किसान सम्मान निधि, किसान दुर्घटना बीमा योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के लाभ का उल्लेख हुआ। नीलिमा कटियार ने महिला स्वयं सहायता समूहों और लखपति दीदियों की भूमिका पर चर्चा करते हुए ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक भागीदारी के महत्व को रेखांकित किया। महिला किसान नीतू देवी ने बताया कि मछली पालन, कृषि मशीनों और दूसरी सुविधाओं से उन्हें आजीविका के नए अवसर मिले। किसान सुनील कुमार ने बीज, खाद और कृषि उपकरणों से जुड़े अनुभव साझा किए तथा प्राकृतिक खेती के बारे में बताया। उन्होंने किसानों के समूहों के माध्यम से खेती की तकनीकी जानकारी साझा करने का भी उल्लेख किया। नए प्रयोगों से खेती में आय के अवसर बढ़ा रहे किसान ‘यूपी का स्मार्ट अन्नदाता’ सत्र में कानपुर में कश्मीर के सेब उगाने वाले किसान मंजीत, उन्नाव में नीदरलैंड के फूल उगाने वाले किसान शांतनु शुक्ला और बेंगलुरु में आईटी नौकरी छोड़कर कानपुर में जैविक खेती करने वाले किसान दंपती रश्मि और अंकुर सचान ने अपने अनुभव साझा किए। विधान परिषद सदस्य सलिल बिश्नोई भी चर्चा में शामिल हुए। इन किसानों के प्रयोगों से यह सामने आया कि पारंपरिक फसलों के अलावा सेब, फूलों और जैविक उत्पादों की खेती भी आय के नए अवसर खोल सकती है। हालांकि, ऐसी खेती में स्थानीय जलवायु के अनुकूल किस्मों का चयन, उत्पादन की गुणवत्ता और बाजार में बिक्री की व्यवस्था महत्वपूर्ण है। किसानों के अनुभवों के जरिए खेती में नवाचार और वैकल्पिक आजीविका की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

भागीदारी भवन में पहली एल्यूमिनाई मीट, मंत्री असीम अरुण ने दिया समाज को लौटाने का संदेश

लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में समाज कल्याण विभाग की पहल रंग ला रही है। इसी क्रम में रविवार को गोमतीनगर स्थित भागीदारी भवन में पहली एल्यूमिनाई मीट का आयोजन किया गया। इस दौरान समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने सफल अभ्यर्थियों से अपने अनुभव और ज्ञान को दूसरे विद्यार्थियों के साथ साझा करने का आह्वान किया। इस वर्ष समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित कोचिंग संस्थानों से यूपीपीएससी में 74 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। यह उपलब्धि विभाग की तैयारी संबंधी व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों के परिश्रम को दर्शाती है। सफलता के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान मंत्री असीम अरुण ने कहा कि भागीदारी भवन से सफलता हासिल करना कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। वास्तविक सफलता तभी सार्थक होती है, जब उससे समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए। उन्होंने सफल अभ्यर्थियों से ‘गिव बैक टू सोसाइटी’ की भावना के साथ आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि चयनित अधिकारी वर्तमान विद्यार्थियों को नियमित मार्गदर्शन दें और अपनी तैयारी के अनुभव साझा करें, ताकि अधिक से अधिक युवा प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकें। मेंटरशिप और डिजिटल शिक्षा से मजबूत होगी तैयारी कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों को ऑनलाइन और ऑफलाइन मेंटरशिप सत्र आयोजित करने, मॉक इंटरव्यू कराने तथा अध्ययन सामग्री और परीक्षा रणनीति से जुड़ी जानकारी साझा करने के लिए प्रेरित किया गया। दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले प्रतिभाशाली युवाओं तक गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन पहुंचाने के लिए ऑनलाइन कक्षाओं, वीडियो रिकॉर्डिंग और डिजिटल संसाधनों के माध्यम से निरंतर ‘चेन रिएक्शन’ व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया। इसके तहत सफल अभ्यर्थियों से मिले मार्गदर्शन का लाभ आगे अन्य विद्यार्थियों तक पहुंचाने की परिकल्पना की गई है। पारदर्शी प्रशासन और युवाओं के सहयोग का संकल्प एल्यूमिनाई मीट में चयनित अभ्यर्थियों ने जरूरतमंद विद्यार्थियों को निरंतर मेंटरशिप देने और अध्ययन सामग्री, परीक्षा रणनीति तथा साक्षात्कार के अनुभव साझा करने के लिए स्थायी नेटवर्क तैयार करने का संकल्प लिया। मंत्री ने प्रशासनिक सेवाओं में कार्यरत अधिकारियों से वंचित, ग्रामीण और जरूरतमंद वर्गों की समस्याओं को संवेदनशीलता से समझने तथा निष्पक्षता, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ दायित्व निभाने की अपेक्षा की। इस दौरान समाज कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग यादव, एडिशनल एसपी संजय सागर, उप निदेशक आनंद कुमार सिंह, जॉइंट कमिश्नर (राज्य कर) सुरेंद्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी पवन कुमार यादव और शैलेश राम सहित कई अधिकारी, शिक्षक एवं अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

3 लाख लोगों को लगाना होगा 5 किमी का चक्कर

भोपाल शहर में एक के बाद एक रास्ते बंद होने से पुराने भोपाल के कई इलाकों के रहवासियों की परेशानी बढ़ गई है। बरखेड़ी रेलवे फाटक बंद होने के बाद वाहन चालकों के लिए बाग उमराव दूल्हा अंडरब्रिज ही प्रमुख वैकल्पिक रास्ता था, लेकिन अब रेलवे ने इस रास्ते पर भी आवाजाही बंद कर दी है। इससे बाग उमरावदूल्हा, सोनिया कॉलोनी, महामाई का बाग, पुष्पा नगर, बरखेड़ी, ऐशबाग और जहांगीराबाद सहित आसपास के इलाकों के लोगों को लंबा चक्कर लगाकर जाना पड़ रहा है। कई वाहन चालकों का सफर करीब पांच किलोमीटर तक बढ़ गया है। परेशानी इसलिए भी बढ़ गई है, क्योंकि बोगदा पुल से बरखेड़ी फाटक की ओर जाने वाली सड़क का करीब 100 मीटर हिस्सा मेट्रो निर्माण के चलते पहले से बंद है। वहीं, 90 डिग्री का ब्रिज बनकर तैयार होने के बावजूद उस पर यातायात शुरू नहीं हो सका है। ऐसे में लोगों के पास वैकल्पिक रास्तों के सीमित विकल्प बचे हैं। बैरल लंबाई और सुधार के लिए 6 दिसंबर तक बंद रहेगा रास्ता रेलवे ने पुल नंबर 835/1 की बैरल लंबाई बढ़ाने और संरचनात्मक सुधार के लिए आठ अक्टूबर से छह दिसंबर तक 63 दिन का ट्रैफिक ब्लाक लिया है। सुरक्षा के मद्देनजर अंडरब्रिज पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। अब वाहन चालकों को सुभाष नगर अंडरब्रिज और ओवरब्रिज से होकर निकलना पड़ रहा है। इसका असर रोजाना काम पर जाने वालों से लेकर विद्यार्थियों और मरीजों को अस्पताल ले जाने वाले परिजनों तक पर पड़ रहा है। सुभाष नगर अंडरब्रिज और ओवरब्रिज ही अब एकमात्र विकल्प अंडरब्रिज बंद होने के बाद आसपास के वाहन चालकों को सुभाष नगर अंडरब्रिज और ओवरब्रिज की ओर भेजा जा रहा है। यातायात पुलिस ने भी लोगों से निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की है। खासकर अंडरब्रिज के आसपास के दोपहिया और तीन पहिया वाहन चालकों को भी सुभाष अंडरब्रिज का उपयोग करना होगा।  

अग्निवीरों के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस में नौकरी का मौका

रायपुर राज्य सरकार ने गृह विभाग में आरक्षक के 36 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी है। इन पदों पर भर्ती में पूर्व अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत श्रेणीवार आरक्षण का प्रविधान पहले ही किया जा चुका है। उनके अनुभव और दक्षता का लाभ राज्य सेवाओं में लेने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में रविवार को हुई कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया। कैबिनेट ने राज्य शासन कार्य (आवंटन) नियम में संशोधन को भी मंजूरी दी। इसके तहत 'आदिम जाति विकास विभाग' का नाम बदलकर ‘जनजातीय कार्य विभाग’ किया जाएगा। पीएम मोदी की 25 वर्षों की निरंतर जनसेवा पर कैबिनेट में अभिनंदन प्रस्ताव पारित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में निरंतर 25 वर्ष पूरे होने पर बैठक में अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया। मुख्यमंत्री साय ने इसे राष्ट्र प्रथम, जनसेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और अंत्योदय के सिद्धांतों को समर्पित कर्मयात्रा का ऐतिहासिक पड़ाव बताया। अनुच्छेद 370 और राम मंदिर जैसे ऐतिहासिक फैसलों के लिए केंद्र का आभार कैबिनेट ने जैम, जीएसटी, अनुच्छेद 370 की समाप्ति, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और माओवादी हिंसा से मुक्ति सहित राष्ट्रहित में केंद्र सरकार के ऐतिहासिक निर्णयों का अभिनंदन किया। सहकारी संघवाद के जरिए छत्तीसगढ़ को अधिक संसाधन और भागीदारी देने तथा आवास, नल-जल, स्वच्छता, राशन, स्वास्थ्य और स्वच्छ ईंधन जैसी सुविधाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहयोग के लिए केंद्र का आभार भी जताया।

ट्रंप का बड़ा दावा, रूस-यूक्रेन में ऊर्जा संघर्षविराम

वॉशिंगटन रूस और यूक्रेन के बीच रविवार को एनर्जी सीजफायर हो गया है। यानी कि दोनों देश अब एक-दूसरे के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर कोई हमला नहीं करेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस सीजफायर का ऐलान किया है। ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल नेटवर्क पर बिना ज्यादा जानकारी के लिखा, "तुरंत लागू, रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध में एनर्जी सीजफायर है। दोनों पक्ष सहमत हो गए हैं। इसे मत तोड़ना।'' इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन को अब एक नए राष्ट्रपति की जरूरत है। ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की पर रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए पर्याप्त प्रयास न करने का आरोप लगाया और अमेरिका में डीजल की बढ़ती कीमतों के लिए भी उन्हें ही जिम्मेदार ठहराया। टेनसी प्रांत के लिए रवाना होने से पहले व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा, "मेरा सुझाव है कि यूक्रेन को नया नेता चुनना चाहिए, जो समझौता कर सके। जेलेंस्की कई समझौते कर सकते थे, लेकिन न जाने क्यों उन्होंने ऐसा कभी नहीं किया।" रूस ने ट्रंप के इस बयान का स्वागत किया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आर्थिक दूत किरिल दिमित्रिव ने 'एक्स' पर लिखा, "राष्ट्रपति ट्रंप भी अब उन लोगों में शामिल हो गए हैं, जिनका मानना है कि यूक्रेन को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है, जो शांति पर ध्यान केंद्रित करे, न कि जेलेंस्की की तरह युद्ध भड़काने पर।" डोनाल्ड ट्रंप का यह बयान जेलेंस्की के अमेरिका-रूस के बीच हुए डीजल समझौते की तीखी आलोचना के बाद आया है। होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले ईंधन की बढ़ती कीमतों पर काबू पाने के लिए अमेरिका ने रूस से डीजल खरीदने का सौदा किया है। यूरोपीय देशों के अधिकारियों ने भी इस सौदे पर निराशा व्यक्त करते हुए चेतावनी दी है कि इससे रूस को युद्ध के लिए वित्तीय मदद मिलेगी। पुतिन से बातचीत के बाद ट्रंप ने घोषणा की थी, "रूस अमेरिकी और वैश्विक बाजार में तुरंत तीन लाख टन से अधिक डीजल ईंधन की आपूर्ति करेगा, जबकि नवंबर महीने में पांच लाख टन अतिरिक्त डीजल दिया जाएगा।"

भोजपुर में 31 सड़कों का भूमिपूजन- हर गांव को सड़क से जोड़ना हमारा लक्ष्य- शिवराज सिंह चौहान

भोपाल केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र भोजपुर और मंडीदीप के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने भोजपुर के विनेका में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण का शुभारंभ किया। साथ ही रायसेन जिले में 84 किलोमीटर से अधिक लंबाई की 31 सड़कों का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास, गरीबी उन्मूलन, किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए सरकार की योजनाओं और कार्ययोजना पर विस्तार से संवाद किया। दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण भी किया। इसके अलावा सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों को आवश्यक सामग्री वितरित की और अलग-अलग शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किए। नवरात्रि के पावन अवसर पर शिवराज सिंह चौहान रायसेन स्थित कंकाली मंदिर भी पहुंचे। यहां उन्होंने मां कंकाली के दर्शन-पूजन कर देशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। हर गांव को सड़क से जोड़ना हमारा लक्ष्य केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, हमारा प्रयास है कि हर गांव सड़क से जुड़े और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों। भोजपुर में आज 31 सड़कों का भूमिपूजन किया गया है, जो आसपास के छोटे-छोटे मजरा-टोलों को जोड़ने में मदद करेंगी। उन्होंने कहा कि अभी 30 सड़कें और शेष हैं। उनके लिए भी प्रयास किए जाएंगे। हालांकि, सड़क निर्माण के लिए आबादी सहित निर्धारित मापदंडों का ध्यान रखना पड़ता है, लेकिन हमारा प्रयास है कि अधिक से अधिक गांवों और बस्तियों तक सड़क सुविधा पहुंचे। रायसेन जिले को गरीबी मुक्त गांव का पहला मॉडल बनाएंगे केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि हमारा संकल्प गांवों को गरीबी से मुक्त बनाना है। गरीबी मुक्त गांव का अर्थ केवल योजनाओं का लाभ पहुंचाना नहीं, बल्कि हर परिवार को स्थायी आजीविका से जोड़ना है। हर परिवार के पास कोई न कोई काम-धंधा और कमाई का साधन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह काम कठिन जरूर है, लेकिन असंभव नहीं है। इसी उद्देश्य से भारत सरकार की टीम को भेजा गया है और इसी महीने रायसेन में बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें भारत सरकार और प्रदेश सरकार के अधिकारी शामिल होंगे। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बैठक में हर गांव की मैपिंग की जाएगी। यह पता लगाया जाएगा कि किन परिवारों के पास आजीविका का कोई साधन नहीं है और उन्हें किस प्रकार रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा जा सकता है। खेती से संबंधित प्रोसेसिंग, पशुपालन, मछली पालन, बकरी पालन, गाय पालन, मधुमक्खी पालन और व्यापार सहित विभिन्न क्षेत्रों में आजीविका के मॉडल तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रायसेन जिले में गरीबी मुक्त गांव का देश का पहला मॉडल विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। गरीबी किसी के माथे पर कलंक बनकर नहीं रहनी चाहिए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गरीबी और मजबूरी में जीवन बिताना बहुत कठिन होता है। हमारा प्रयास है कि किसी भी परिवार को मजबूरी में जीवन न जीना पड़े। गरीबी किसी के माथे पर कलंक बनकर नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान को गति देने के लिए विधायक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला प्रशासन, प्रदेश सरकार और भारत सरकार की टीमें मिलकर काम करेंगी। हमारा लक्ष्य है कि हर परिवार को आजीविका का साधन मिले और उसकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो। किसानों को उन्नत खेती का प्रशिक्षण दिलाएगी सरकार केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और खेती को बेहतर बनाने के लिए उन्हें आधुनिक कृषि पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। किसानों के एक समूह को हाल ही में भुवनेश्वर भेजा गया है। किसानों के आने-जाने, रहने, खाने और प्रशिक्षण की व्यवस्था सरकार की ओर से की जा रही है। किसानों को दिल्ली, भुवनेश्वर, पंजाब और देश के अन्य उन क्षेत्रों में ले जाया जाएगा, जहां खेती के बेहतर तरीके अपनाए जा रहे हैं। वहां कृषि वैज्ञानिक किसानों को नई तकनीकों, आधुनिक पद्धतियों और खेती के नए प्रयोगों की जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को उन्नत खेती के तरीके सीखने होंगे। सरकार प्रशिक्षण और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों की मदद करेगी, ताकि खेती की लागत, उत्पादन और आमदनी से जुड़ी चुनौतियों का समाधान किया जा सके। फल, फूल और सब्जियों की खेती को बढ़ावा शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केवल सोयाबीन और धान की खेती से किसानों की सभी जरूरतें पूरी नहीं हो सकतीं। अब खेती में विविधता लाने की आवश्यकता है। किसानों को फल, फूल, सब्जियों और औषधीय पौधों की खेती की ओर भी बढ़ना होगा।

खाने में छिपकली मिलने का दावा, 13 बच्चे बीमार

भोपाल मुगालिया छाप-नीलबड़ स्थित शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय में रात का खाना खाने के बाद 13 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी और पेट दर्द की शिकायत के बाद 11 बच्चों को जेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीमार बच्चों में छठवीं से नौवीं कक्षा तक के विद्यार्थी शामिल हैं। बच्चों ने दावा किया कि उन्हें परोसे गए खाने में छिपकली मिली थी। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच की जा रही है। खाने में छिपकली मिलने का दावा और अस्पताल में भर्ती बच्चे जानकारी के अनुसार, शनिवार रात छात्रावास में भोजन करने के बाद बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए जेपी अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता और उसकी निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, बच्चों की तबीयत बिगड़ने का वास्तविक कारण जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। बच्चों ने खाने में छिपकली मिलने की बात कही है। घटना से संबंधित एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें भोजन की कढ़ाई में छिपकली जैसी वस्तु दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। पुलिस ने भी खाने में छिपकली मिलने की पुष्टि नहीं की है। भोजन के नमूनों की जांच से घटना के कारणों का पता लगाने में मदद मिल सकती है। पुलिस जांच और डॉक्टर का बयान रातीबड़ थाना प्रभारी रासबिहारी शर्मा ने बताया कि शनिवार रात बच्चों की तबीयत बिगड़ने और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की सूचना मिली थी। मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विद्यालय की प्राचार्य रतना दुबे से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।  

सेवा संकल्प से संवरती ज़िंदगी: अब नारायणपुर के दूरस्थ अबुझमाड़ (कुतुल) के नयापारा में भी पहुंचेगा शुद्ध पेयजल

रायपुर.  ​छत्तीसगढ़ सरकार के 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत राज्य के अंतिम छोर पर बसे वनांचल और दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाओं का विस्तार अब ज़मीनी हक़ीकत बनता जा रहा है। इसी कड़ी में नारायणपुर जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र ग्राम परपा (कुतुल) के नयापारा में नलकूप खनन का कार्य तेज़ी से प्रारंभ कर दिया गया है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित आवागमन के बावजूद शुरू की गई इस पहल से स्थानीय ग्रामीणों को जल्द ही घर के समीप शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की सौगात मिलने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र में विकास की एक नई किरण जगी है। ​वनांचल के दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वच्छ पेयजल पहुँचाना केवल एक बुनियादी सुविधा का विस्तार नहीं है, बल्कि यह ग्रामीणों के स्वास्थ्य और जीवन स्तर को सीधे तौर पर बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। कुतुल जैसे दुर्गम क्षेत्रों में जहाँ भौगोलिक विसंगतियाँ और आवागमन की दुश्वारियाँ विकास कार्यों के क्रियान्वयन को बेहद चुनौतीपूर्ण बना देती हैं, वहाँ प्रशासन की यह पहल स्थानीय लोगों के जीवन को सुगम बनाने का सशक्त माध्यम बन रही है। पारंपरिक स्रोतों से पानी ढोने की मजबूरी झेल रहे परिवारों के लिए यह नलकूप खनन किसी वरदान से कम साबित नहीं होगा। ​इस महत्वपूर्ण पहल के धरातल पर उतरने से ग्रामीण महिलाओं और परिवारों को अपनी दैनिक ज़रूरतों के लिए पानी जुटाने की लंबी और श्रमसाध्य मशक्कत से राहत मिलेगी। घर के नज़दीक ही स्वच्छ जल उपलब्ध होने से न केवल उनका बहुमूल्य समय बचेगा, बल्कि वे अपनी ऊर्जा का उपयोग अन्य रचनात्मक व आजीविका संबंधी कार्यों में कर सकेंगे। इसके साथ ही, सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से जलजनित बीमारियों के खतरे को कम करने तथा ग्रामीण आंचल में बेहतर स्वास्थ्य संबंधी आदतों को बढ़ावा देने में भी बड़ी मदद मिलेगी। ​नारायणपुर जिले के इन दूरस्थ अंचलों में जल स्रोतों का विकास और उनका सुचारू रखरखाव इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि राज्य शासन हर नागरिक तक बुनियादी सुविधाएँ पहुँचाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। नलकूप खनन का कार्य पूरा होने के बाद पानी की गुणवत्ता की विशेष रूप से जाँच की जाएगी ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि ग्रामीणों को पूरी तरह शुद्ध और सुरक्षित पेयजल प्राप्त हो। यह सकारात्मक पहल न केवल नयापारा के निवासियों के जीवन को आसान बना रही है, बल्कि यह विश्वास भी दिलाती है कि विकास की धारा अब राज्य के हर कोने तक पहुँच रही है।

CM मोहन यादव का संकल्प, बच्चे और युवा हैं सुनहरे भविष्य के सितारे, विकास में नहीं आएगी कोई रुकावट

भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बच्चे ही हमारे देश-प्रदेश के भावी कर्णधार हैं। बच्चे और युवा हम सबके सुनहरे भविष्य के चमकते सितारे हैं। हम इनकी शिक्षा-दीक्षा, प्रतिभा प्रोत्साहन और तरक्की में कोई बाधा नहीं आने देंगे। राज्य सरकार आधुनिक शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के साथ युवाओं को रोजगार और विकास के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मध्यप्रदेश में विकास का कारवां निरंतर आगे बढ़ता रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को नरसिंहपुर में 42.52 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित शासकीय सांदीपनि विद्यालय भवन के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत प्रदेश के 35.56 लाख से अधिक हितग्राहियों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक से 213.41 करोड़ रुपए की पेंशन राशि अंतरित की। मुख्यमंत्री ने रविवार को नवरात्र शुभारंभ के अवसर पर नरसिंहपुर जिलेवासियों को नये विकास कार्यों की भी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने यहां लगभग 175.14 करोड़ रुपए लागत के 31 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसमें सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण भी शामिल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन योजना- 2026 के अंतर्गत करीब 10 हितग्राहियों को उनके मालिकाना पट्टे की नि:शुल्क रजिस्ट्री की कॉपी (चेक सहित) तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय की 15 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर सांदीपनि बस सेवा का शुभारंभ किया। गुरुकुल परम्परा का ही आधुनिक स्वरूप हैं हमारे सांदीपनि विद्यालय मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गुरु हो, तो सांदीपनि जैसा। शिष्य हो, तो कृष्ण जैसा और मित्रता हो, तो कृष्ण-सुदामा जैसी। प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे सांदीपनि विद्यालय हमारी प्राचीन गुरुकुल शिक्षा पद्धति और गुरु-शिष्य परंपरा का ही आधुनिक स्वरूप हैं। राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता और शैक्षणिक परिवेश को बेहतर बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालय भवन, स्कूल बस, पुस्तकें, यूनिफॉर्म और साइकिल उपलब्ध कराई जा रही हैं। पचहत्तर प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप तथा स्कूल टॉपर्स को स्कूटी प्रदान की जा रही है। राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को आगे बढ़ने के समान अवसर देना है। सफलता के दिए अनमोल टिप्स, सपनों को पूरा करने के लिए किया प्रेरित मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों को सफलता के महत्वपूर्ण सूत्र बताते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर सीखने की भावना आवश्यक है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य तय कर पूरी लगन से पढ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में आगे बढ़ने की क्षमता है और सही दिशा में किए गए प्रयास सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं। बहनों, किसानों और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध सरकार मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। लाड़ली बहनों को प्रतिमाह 1500 रुपए की सहायता दी जा रही है। मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप की राशि और ग्रामीण परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल रहा है। सरकार ने 50 लाख संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री कराने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल, सिंचाई, अधोसंरचना और औद्योगिक विकास के कार्य तेजी से हो रहे हैं। भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और आने वाले समय में वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा। नरसिंहपुर को मिलेंगी नये विकास कार्यों की सौगातें मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां नरसिंहपुर से पिपरिया मार्ग के उन्नयन के लिए सरकार द्वारा 540 करोड़ रुपए उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने नरसिंहपुर में नगर वन कॉरिडोर विकसित करने, नगरपालिका क्षेत्र में खैरीनाका से रेलवे स्टेशन तक पक्की सुसज्जित सड़क बनाने तथा नगर क्षेत्र में ही एक गीता भवन भी बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नर्मदा नदी के बरमान घाट पर रिवर फ्रंट विकसित किया जाएगा। जिले के सभी विकासखंडों में पशुपालकों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमश: एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपए के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नरसिंहपुर को जबलपुर मेट्रोपोलिटन एरिया का लाभ मिलेगा। जिले के 50 गांवों में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 23.17 करोड़ रुपए की लागत से नल से जल की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जिले में चार सड़कों और शासकीय हाईस्कूल कल्याणपुर का लोकार्पण भी किया गया। इसके अतिरिक्त लगभग 95 करोड़ रुपए लागत के 21 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। युवाओं के लिए रोजगार और चिकित्सा शिक्षा का विस्तार मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 को युवा वर्ष घोषित किया गया है। अगले वर्ष पीएससी की परीक्षाएं दो बार आयोजित की जाएंगी। प्रदेश में 85 हजार नई नियुक्तियां की गई हैं और बहुत जल्द एक लाख से अधिक नवीन पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष प्रदेश में 12 नये मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे, जिससे चिकित्सा शिक्षा के अवसरों का विस्तार होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी अपने सेवा संकल्प के महाअभियान में भारत को दुनिया में अग्रणी राष्ट्र बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। विकसित भारत की यात्रा में मध्यप्रदेश हर कदम पर प्रधानमंत्री के साथ खड़ा है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रदेश में सांदीपनि विद्यालय शुरू किए गए हैं, ये विद्यालय हमें भगवान श्रीकृष्ण के शिक्षाकाल का स्मरण कराते हैं। श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता से हमें शिक्षा लेकर मित्र की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। सांदीपनि विद्यालय और बस सेवा की सौगात बच्चों के चेहरों पर साफ नजर आ रही है। शासकीय स्कूलों में ड्रापआउट दर 14 प्रतिशत से कम होते हुए आज शून्य पर आ गई है। प्रदेश में सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नरसिंहपुर की पवित्र धरती को मां नर्मदा का विशेष स्नेह मिला है। यह आदिगुरु … Read more