samacharsecretary.com

खरगोन पुलिस की मानवीय पहल: जम्मू में मिले युवक को परिजनों से मिलाया, परिवार में लौटी खुशियां

खरगोन  मध्यप्रदेश पुलिस आमजन की सुरक्षा के साथ-साथ संकट की परिस्थितियों में लोगों की सहायता के लिए भी तत्परता से कार्य कर रही है। इसी क्रम में खरगोन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई, तकनीकी साक्ष्यों और अंतरराज्यीय समन्वय के माध्यम से घर से लापता हुए 24 वर्षीय युवक को जम्मू से सकुशल वापस लाकर उसके परिजनों से मिलाया। 06 सितंबर को थाना कोतवाली खरगोन में सूचना प्राप्त हुई कि 24 वर्षीय युवक 01 सितंबर 2026 को घर से चला गया है और परिजनों द्वारा तलाश किए जाने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली खरगोन में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। थाना प्रभारी कोतवाली श्री बनवारी लाल मंडलोई के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर युवक की तलाश प्रारंभ की गई। पुलिस टीम ने खरगोन एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया, जिससे युवक के खंडवा की ओर जाने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने खंडवा पहुँचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान युवक के ट्रेन से मथुरा-वृंदावन की ओर जाने की संभावना के आधार पर भी उसकी तलाश के प्रयास किए गए। युवक की तलाश के दौरान जम्मू के समाजसेवी श्री जितेंद्र सिंह से महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। उन्होंने सैनिक कॉलोनी, जम्मू क्षेत्र में मिले युवक को मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अपने घर पर सुरक्षित रखा तथा स्थानीय पुलिस थाने के माध्यम से खरगोन पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही खरगोन पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस से संपर्क स्थापित कर युवक की पहचान की पुष्टि की और उसे सकुशल वापस लाने की कार्यवाही प्रारंभ की। युवक की मौजूदगी की पुष्टि होने पर थाना कोतवाली खरगोन की पुलिस टीम लगभग 1600 किलोमीटर की दूरी तय कर जम्मू पहुँची। आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने के बाद युवक को सकुशल खरगोन लाया गया और उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। मध्यप्रदेश पुलिस आमजन की सुरक्षा, सहायता और सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। खरगोन पुलिस की यह कार्रवाई दर्शाती है कि पुलिस की तत्परता, समन्वित प्रयास और नागरिकों का सहयोग मिलकर कठिन परिस्थितियों में भी परिवारों को राहत और अपनों से पुनर्मिलन की खुशी प्रदान कर सकते हैं।  

तमिलनाडु में ₹13 हजार करोड़ की परियोजनाओं का हवाला देकर BJP का कांग्रेस पर निशाना, राहुल गांधी से पूछे सवाल

 नई दिल्ली कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने निशाना साधा। रविवार को उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह दावा पूरी तरह गलत है कि NEET लागू होने से तमिल भाषा पर हमला हो रहा है। त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में तमिल भाषा को काफी सम्मान दिया गया है। इसके विभिन्न पहलुओं को न केवल राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए भी प्रयास किए गए हैं। सुधांशु त्रिवेदी ने तमिलनाडु में केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि चेन्नई में 13,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की गईं। इनमें चेन्नई मेट्रो के लिए 4,900 करोड़ रुपये, राष्ट्रीय राजमार्गों के लिए 3,700 करोड़ रुपये और कराईकल-परमबूर रेल लाइन के लिए 7,750 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि चेन्नई के वीओसी और कामराजर बंदरगाहों समेत तीन बंदरगाहों पर माल ढुलाई और क्रूज सुविधाओं को बेहतर बनाने के काम भी किए जा रहे हैं। रूस के राष्ट्रपति को भेंट किया तिरुक्कुरल बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी के मुताबिक, तमिलनाडु में सागरमाला योजना के तहत 41 परियोजनाओं की पहचान की गई है और तीन बंदरगाहों पर नई परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि साल 2047 तक चेन्नई, कामराजर और कडलूर बंदरगाह समूह के लिए सालाना 30 करोड़ टन माल ढुलाई का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि पिछले महीने ही पीएम मोदी ने रूस के राष्ट्रपति को तमिल साहित्य की सबसे सम्मानित रचनाओं में शामिल ‘तिरुक्कुरल’ भेंट की थी। त्रिवेदी ने कहा कि भारत सरकार ने दुनिया के कई देशों में तिरुवल्लुवर सांस्कृतिक केंद्र शुरू किए हैं और पहला केंद्र सिंगापुर में स्थापित किया गया है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि 1967 से तमिलनाडु की सत्ता से बाहर रहने के दौरान पार्टी ने इस तरह के प्रयास क्यों नहीं किए। भाजपा नेता ने कहा कि केंद्र सरकार ने रक्षा उत्पादन और देश की रक्षा जरूरतों के लिए स्वदेशी क्षमता बढ़ाने को लेकर बड़ा नीतिगत फैसला लिया। इसके तहत 2 रक्षा गलियारे बनाए गए, जिनमें से एक उत्तर भारत और दूसरा दक्षिण भारत में स्थापित किया गया। उन्होंने बताया कि उत्तर भारत में उत्तर प्रदेश को रक्षा गलियारे का केंद्र बनाया गया, जबकि दूसरा गलियारा तमिलनाडु को दिया गया। त्रिवेदी ने कहा कि तमिलनाडु में उनकी पार्टी न तो सरकार में है और न ही विपक्ष में, इसके बावजूद राज्य को यह परियोजना दी गई। यह पीएम मोदी की संतुलित सोच और सकारात्मक नजरिए को दिखाता है। आखिर राहुल गांधी ने क्या था? कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को बीजेपी सरकार पर तमिलनाडु की भाषा, संस्कृति और इतिहास को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब परिसीमन के माध्यम से राज्य का संसद में प्रतिनिधित्व कम करने और यहां के लोगों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। राहुल ने कहा कि पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह तमिलनाडु की भाषाई और सांस्कृतिक पहचान पर हमला कर रहे हैं। शाह तमिलनाडु के लोगों पर हिंदी थोपने की बात करते हैं और तमिल भाषा व संस्कृति को कमतर मानते हैं। तमिलनाडु की भाषा, संस्कृति, इतिहास और परंपराओं पर किसी भी तरह का हमला स्वीकार नहीं किया जाएगा।

मिर्जापुर में पूर्व IAS दिव्या का बड़ा संकेत, नवरात्रि में करेंगी घोषणा

मिर्जापुर पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल इस्तीफे के बाद पहली बार मिर्जापुर में विध्ंयधाम पहुंची। इस दौरान दिव्या मित्तल ने अपनी नई पारी की ओर इशारा कर दिया। मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के बाद पत्रकारों से हुई बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि मैंने राजनीति में आने की घोषणा की है, लेकिन किसी पार्टी में शामिल नहीं होने जा रही हूं। नवरात्र में ही नए कदम को सार्वजनिक करूंगी। नवरात्र के पहले दिन रविवार को पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने मां विंध्यवासिनी का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। वह गेट नंबर दो पर पहुंचकर सामान्य कतार में खड़ी हुईं और करीब डेढ़ घंटे लाइन में लगे रहने के बाद गर्भगृह में मां का दर्शन किया। इसके बाद हवनकुंड में पहुंचकर आहुति अर्पित की। इसके बाद उन्होंने नौ दिनों का अनुष्ठान संकल्पित किया। विंध्यधाम के पुरोहित ने मां की चुनरी और माला पहनाकर उनका स्वागत किया। वहीं, दिव्या मित्तल ने मंदिर की छत पर पहुंचकर विशेष अनुष्ठान के लिए पुरोहित से संकल्प कराया।   मां के दर्शन को आई हूं : दिव्या पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने कहा कि नवरात्र के प्रथम दिन मां के दर्शन के लिए आई हूं। अभी मैं नौ दिनों तक विंध्याचल में ही रहूंगी। इन्हीं नौ दिनों में आगे की रूपरेखा तय करूंगी। मेरे आने वाले जीवन में जो भी नए कदम होंगे, उसकी घोषणा भी जल्द करूंगी। मैं जानती हूं कि मेरे राजनीति में आने की घोषणा के बाद आप लोगों की जिज्ञासा बढ़ गई है। इसकी जल्द घोषणा करूंगी। हां, इतना पक्का है कि किसी पार्टी में शामिल नहीं हो रही हूं। इस दौरान लहुरियादह की दुईजी देवी से भी भेंट करूंगी। उनकी तबीयत इन दिनों खराब है। उनका हमें आशीर्वाद मिला है। राहुल से नहीं हुई मुलाकात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात पर बोलीं कि मेरी कोई मुलाकात राहुल गांधी से नहीं हुई है। राजनीति एक ऐसी जगह है, जो देश को दिशा देती है। मैं सही दिशा में अपना पूरा समय लगाना चाहती हूं। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) से इस्तीफा देकर राजनीति में आने की घोषणा कर चुकीं उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल का रविवार को जिगना में समर्थकों ने भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने इस दौरान 'दिव्या मित्तल जिंदाबाद' और 'दिव्या दीदी जिंदाबाद' के नारे लगाए। राजनीति में आने की घोषणा के बाद मित्तल का इस क्षेत्र का यह पहला दौरा था। उनके पहुंचने पर महिलाओं ने गुलाब की मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया, जबकि लोगों ने उनकी गाड़ी पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाईं। मित्तल ने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, ‘आप लोगों ने मुझ पर इतने फूल बरसाये हैं। यह आपका प्यार है।’ उन्होंने कहा, 'आप हर बार मुझे भावुक कर देते हैं। ऐसा लगता है कि मिर्जापुर ने मुझे भावनाओं में रुलाने का ठेका ले लिया है। मिर्जापुर को हमेशा हंसते रहना चाहिए। किसी को रोना नहीं है।'

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप ने गन्ना किसानों को दी बधाई

रायपुर छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के गन्ना किसानों को नवरात्रि से पहले बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने गन्ना बोनस की गणना का आधार ₹355 से बढ़ाकर ₹425 प्रति क्विंटल कर दिया है। इस निर्णय से पेराई सत्र 2025–26 में प्रदेश के चारों सहकारी शक्कर कारखानों को गन्ना आपूर्ति करने वाले 31,022 किसानों को लगभग ₹51.09 करोड़ की बोनस राशि प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप ने इस अवसर पर प्रदेश के गन्ना किसानों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सहकारिता मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि गन्ना बोनस में बढ़ोतरी से किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनकी आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। बोनस की बढ़ी हुई राशि से किसानों को खेती की लागत वहन करने और आगामी फसल की बेहतर तैयारी में मदद मिलेगी। यह निर्णय प्रदेश में गन्ना उत्पादन को प्रोत्साहित करने के साथ सहकारी शक्कर कारखानों से जुड़े किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करेगा। पेराई सत्र 2025–26 के लिए बोनस गणना में एफआरपी ₹329.05 प्रति क्विंटल का आधार लिया गया है। नई व्यवस्था के अनुसार ₹425 में से एफआरपी घटाने पर किसानों को ₹95.95 प्रति क्विंटल की दर से बोनस मिलेगा।  इस निर्णय के तहत भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना, कवर्धा के 14,961 किसानों को लगभग ₹24.55 करोड़ तथा सरदार पटेल सहकारी शक्कर कारखाना, पंडरिया के 8,049 किसानों को लगभग ₹11.68 करोड़ की बोनस राशि मिलेगी। इसी प्रकार महामाया सहकारी शक्कर कारखाना, केरता के 7,250 किसानों को लगभग ₹11.35 करोड़ और दंतेश्वरी मैया सहकारी शक्कर कारखाना, बालोद के 762 किसानों को लगभग ₹3.52 करोड़ का बोनस प्राप्त होगा।

Shardiya Navratri 2026: CM मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को दी बधाई, मां शैलपुत्री के चरणों में किया नमन

भोपाल मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों और सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने मां दुर्गा से प्रार्थना की कि यह पवित्र पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा लेकर आए। मुख्यमंत्री ने नवरात्रि को शक्ति, श्रद्धा और आस्था का महत्वपूर्ण पर्व बताते हुए लोगों के जीवन में इसके आध्यात्मिक महत्व को रेखांकित किया। मुख्यमंत्री ने मां शैलपुत्री के चरणों में किया नमन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री के श्रीचरणों में नमन किया। उन्होंने मां से प्रदेश की खुशहाली, नागरिकों के कल्याण और सभी के जीवन में सकारात्मकता बनाए रखने की कामना की। नवरात्रि का पर्व मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना को समर्पित है। इन नौ दिनों में श्रद्धालु पूजा-पाठ, व्रत और धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से माता रानी की उपासना करते हैं। देशभर में मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर विशेष आयोजन किए जाते हैं। सेवा, सद्भाव और जनकल्याण का दिया संदेश मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि मां दुर्गा की आराधना के साथ सभी लोगों को सेवा, सद्भाव और जनकल्याण के संकल्प को और मजबूत करना चाहिए। उन्होंने इस पावन पर्व को सकारात्मक विचारों, सामाजिक समरसता और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का अवसर बताया। नवरात्रि का त्योहार बुराई पर अच्छाई की विजय और शक्ति की उपासना का प्रतीक माना जाता है। यह पर्व लोगों को सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की शुभकामनाओं के साथ प्रदेश में शारदीय नवरात्रि का धार्मिक उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

म्यांमार से भारत लाई जा रही थी 53.94 किलो ड्रग्स, NCB ने मणिपुर के दो आरोपियों को पकड़ा

 दिसपुर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने असम के गुवाहाटी में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 43 करोड़ की नशीली दवाओं की खेप जब्त की है। यह खेप म्यांमार से भारत के अन्य हिस्सों में भेजी जा रही थी। इस मामले में मणिपुर के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एनसीबी की गुवाहाटी टीम ने 6 अक्टूबर को एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। अधिकारियों ने रास्ते में दो ट्रकों को रोककर उनकी सघन तलाशी ली। जांच के दौरान कुल 53.94 किलोग्राम मेथामफेटामाइन टैबलेट्स बरामद की गईं। इस मामले में पकड़े गए दोनों आरोपी मणिपुर के बिष्णुपुर जिले के रहने वाले हैं। तेल टैंक में बने गुप्त केबिन में छिपाई गई थी नशीली दवा एनसीबी के अनुसार, तस्करों ने ड्रग्स छिपाने के लिए ट्रकों के फ्यूल टैंकों में खास तरह के गुप्त केबिन बना रखे थे। तलाशी के दौरान अधिकारियों को इन टैंकों के अंदर से ड्रग्स के पैकेट मिले, जिन्हें तुरंत जब्त कर लिया गया। शुरुआती जांच से पता चला है कि ड्रग्स की यह खेप म्यांमार से भारत लाई गई थी। एनसीबी का कहना है कि इस जब्ती से एक बड़े अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क को झटका लगा है। एजेंसी अब इस पूरे नेटवर्क, अंतरराष्ट्रीय सप्लायर्स, भारत में माल मंगाने वालों, फाइनेंसरों और ट्रांसपोर्टरों का पता लगाने में जुटी है, ताकि इस गिरोह को पूरी तरह खत्म किया जा सके। 6 अन्य फरार आरोपी भी गिरफ्तार एनसीबी की गुवाहाटी टीम ने एब्सकॉन्डर ड्राइव फोर्टनाइट यानी फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष पखवाड़ा के तहत एनडीपीएस मामलों में वांटेड 6 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पकड़े गए इन आरोपियों में 2 असम के, जबकि 1-1 आरोपी बिहार, मध्य प्रदेश, मणिपुर और त्रिपुरा के रहने वाले हैं।

इस तेल कंपनी का झटका, महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल

नई दिल्ली अगर पेट्रोल या डीजल भरवाने के लिए पंप पर जा रहे हैं तो ये खबर आपके काम की हो सकती है। दरअसल, रिलायंस इंडस्ट्रीज की सपोर्ट वाली जियो-बीपी ने अपने पंप पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी की है। इससे पहले, नायरा एनर्जी ने भी अपने पंप पर तेल की कीमतों में इजाफा किया था। कहने का मतलब है कि नायरा एनर्जी या जियो-बीपी के पंप पर बिना जानकारी के जाएंगे तो आपको अपनी जेब ढीली करनी पड़ सकती है। कितनी हुई बढ़ोतरी मिंट की खबर के मुताबिक जियो-बीपी ने पेट्रोल की कीमतों में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। फ्यूल रिटेलर्स के मुताबिक रविवार से लागू हुई इस बढ़ोतरी के बाद पंजाब में पेट्रोल लगभग 108.54 रुपये प्रति लीटर और डीजल 99.19 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। हरियाणा में जियो-बीपी पंप पेट्रोल लगभग 109.80 रुपये प्रति लीटर और डीजल 97.75 रुपये प्रति लीटर की दर से बेच रहे हैं। बता दें कि रोजनेफ्ट (Rosneft) की सपोर्ट वाली नायरा एनर्जी ने 3 अक्टूबर को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में क्रमशः 5 रुपये और 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। साल में पहली बार बढ़े दाम ईरान और अमेरिका के बीच फरवरी में जंग छिड़ने के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) को बंद कर दिया गया। इसके बाद तेल की सप्लाय चेन पर बड़ा असर पड़ा। इस माहौल में अन्य तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ाई थीं लेकिन जियो-बीपी ने इस साल पहली बार कीमतें बढ़ाई हैं। जियो-बीपी, मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज और ब्रिटेन की बीपी का ज्वाइंट वेंचर है और देश में इसके 2,227 पेट्रोल पंप हैं। ईंधन की बिक्री पर पाबंदियां जियो-बीपी ने सितंबर में डीजल की बिक्री पर प्रति ट्रांजैक्शन 50 लीटर की सीमा तय की थी। जियो-बीपी ने हाल में कहा था कि उसके सभी पेट्रोल पंप चालू हैं और वहां पर्याप्त ईंधन उपलब्ध है। उसने कहा था कि मौजूदा मांग को देखते हुए वह परिवहन और अन्य जरूरतों के लिए ईंधन की समान उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठा रही है।

यूपी कांग्रेस में नए पदाधिकारियों के पदभार ग्रहण से पहले बवाल, समर्थकों ने जूते लेकर जताया विरोध

लखनऊ लखनऊ में कांग्रेस मुख्यालय में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और ममता चौधरी के समर्थकों के बीच हंगामा हो गया. दोनों गुटों के बीच विवाद के दौरान जमकर विरोध हुआ. बता दें कि आज यूपी कांग्रेस की नई प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. कार्यक्रम के दौरान अजय राय के कांग्रेस मुख्यालय पहुंचने पर ममता चौधरी की तरफ से अजय राय को लेकर अपशब्दों के इस्तेमाल किए जाने का आरोप है. इसके बाद अजय राय के समर्थकों ने ममता चौधरी के खिलाफ जमकर हंगामा किया. समर्थकों ने हाथों में जूते लेकर विरोध जताया. मामले को लेकर अजय राय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद से शिकायत की. अजय राय ने कहा कि ऐसे लोग पार्टी की छवि को खराब कर रहे हैं और ऐसे लोग पार्टी में रहेंगे तो पार्टी का माहौल खराब होगा. उन्होंने ममता चौधरी को पार्टी से बाहर करने की मांग की है. अजय राय को मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है. इस बात पर मचा बवाल प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे. इसी दौरान वहां मौजूद भीड़ को देखते हुए अजय राय के समर्थकों ने कहा कि 'अध्यक्ष जी निकलेंगे, रास्ता दे दीजिए.' इस पर ममता चौधरी की तरफ से पूछा गया, 'कौन अध्यक्ष?' इसके बाद दोनों गुटों के बीच विवाद बढ़ गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के बाद अजय राय और ममता चौधरी के समर्थकों के बीच झगड़ा और मारपीट हुई. इस दौरान जूता फेंके जाने की भी बात सामने आई है. पूरे घटनाक्रम के बाद अजय राय ने मामले की शिकायत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से की और ममता चौधरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

राज्यपाल द्वारा आदिशक्ति की आरती से हुआ शुभारंभ

भोपाल   राज्यपाल मंगुभाई पटेल की गरिमामय उपस्थिति में लोक भवन में नवरात्रि पर्व का आयोजन रविवार को किया गया। राज्यपाल श्री पटेल ने महोत्सव का शुभारंभ माँ दुर्गा की आरती से किया। उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएँ दीं। प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। भारतीय लोक संस्कृति, सामूहिक सहभागिता और सामाजिक समरसता के सुंदर संगम गरबा महोत्सव के इस आयोजन में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डा. नवनीत मोहन कोठारी, अखिल भारतीय गुजराती समाज अध्यक्ष श्री संजय पटेल, लोक भवन के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक सपरिवार उपस्थित थे। गरबा महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या ने लोक भवन परिसर को भक्ति, आस्था और उल्लास के रंगों से सराबोर कर दिया। सुमधुर संगीत और मनमोहक स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। पारंपरिक गरबा की लय और ताल पर बच्चों, लोक भवन परिसर के निवासियों, भोपाल गुजराती समाज के सदस्यों तथा अन्य आमंत्रित गणमान्यजनों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ गरबा में सहभागिता की। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों, सुरों की मधुरता और गरबा के मनोहारी दृश्यों ने सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया।  

झारखंड में SIR को लेकर प्रशासन अलर्ट, BLO घर-घर जाकर करेंगे वोटर लिस्ट का सत्यापन

 पाकुड़  मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) कार्य में तेजी लाने और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम सूची में दर्ज कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में मतदाता सूची पुनरीक्षण में शत-प्रतिशत लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आगामी 12 से 16 अक्टूबर तक गांवों और टोलों में एक विशेष आउटरीच अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को जागरूक करेंगे। शुक्रवार को कमिश्नर के सचिव सह आरटीए सचिव झुनू कुमार मिश्रा ने अमड़ापाड़ा प्रखंड कार्यालय में पुनरीक्षण कार्य की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की कार्यप्रणाली, मतदाताओं को दी जा रही सुविधाओं तथा नाम जोड़ने, सुधारने व सत्यापन की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। समीक्षा बैठक में 10 अक्टूबर को प्रखंड क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष सहायता शिविर लगाने के भी निर्देश दिए गए थे। जहां बीएलओ और सुपरवाइजरों ने उपस्थित रहकर लोगों की समस्याओं का समाधान किया। 12 से 16 अक्टूबर तक चलने वाले विशेष आउटरीच अभियान के दौरान बीएलओ सीधे गांवों और टोलों में पहुंचेंगे। वे मतदाताओं को सूची में अपना नाम जांचने, छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम जुड़वाने और गलत प्रविष्टियों में सुधार कराने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही, अधिकारियों को प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया गया है। समीक्षा बैठक में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने और सूची की त्रुटियों को दूर करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को बताया गया कि नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-छह, नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार और निवास स्थान बदलने के लिए फॉर्म-आठ, तथा नाम हटाने या आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-सात का उपयोग किया जाता है। इसके अलावा, ऑनलाइन पोर्टल और वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से मिलने वाले आवेदनों की तुरंत जांच, भौतिक सत्यापन और समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।