samacharsecretary.com

इकाना में भिड़ंत: पंत बनाम गिल, किसका रहेगा पलड़ा भारी?

लखनऊ रविवार को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (जीटी) की मेजबानी करेगी। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 19वें मैच में एलएसजी की टीम जीत की हैट्रिक लगाना चाहेगी। एलएसजी को इस सीजन अपने पहले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच 5 विकेट से अपने नाम किया। अपने तीसरे मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ इस टीम ने 3 विकेट से जीत दर्ज की। गुजरात का कैसा रहा है प्रदर्शन दूसरी ओर, जीटी को अपने पहले मैच में पंजाब किंग्स के विरुद्ध 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद अगले मैच को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 6 रन से गंवाया। हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 1 रन के करीबी अंतर से जीत दर्ज करते हुए गुजरात टाइटंस अपना खाता खोलने में कामयाब रही। अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली शानदार जीत गुजरात टाइटंस के लिए एक टर्निंग प्वाइंट साबित हो सकती है। शुभमन गिल की कप्तानी में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वे लखनऊ में होने वाले अगले मुकाबले में इस लय को बरकरार रख पाते हैं या नहीं? हेड टू हेड में कैसा है दोनों टीमों का रिकॉर्ड हेड-टू-हेड रिकॉर्ड के मामले में गुजरात टाइटंस का लखनऊ सुपर जायंट्स पर थोड़ा पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीच अब तक 7 मैच खेले गए हैं, जिनमें से गुजरात टाइटंस ने चार जीते, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स को तीन मुकाबलों में जीत मिली है। दोनों टीमों का स्क्वाड गुजरात टाइटंस की टीम: शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र, ग्लेन फिलिप्स, राशिद खान, मानव सुथार, निशांत सिंधु, वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कगिसो रबाडा, रविश्रीनिवासन साई किशोर, जयंत यादव, ईशांत शर्मा, अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, टॉम बैंटन, ल्यूक वुड, साई सुदर्शन, राहुल तेवतिया, अरशद खान, अनुज रावत, कुलवंत खेजरोलिया, गुरनूर बरार, एम शाहरुख खान। लखनऊ सुपर जाइंट्स की टीम: ऋषभ पंत (कप्तान), मिशेल मार्श, एडेन मार्कराम, हिम्मत सिंह, मैथ्यू ब्रीत्जके, मुकुल चौधरी, अक्षत रघुवंशी, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, अर्शिन कुलकर्णी, आयुष बडोनी, मोहम्मद शमी, अवेश खान, एम. सिद्धार्थ, दिग्वेश सिंह, आकाश सिंह, प्रिंस यादव, अर्जुन तेंदुलकर, एनरिक नॉर्टजे, नमन तिवारी, मयंक यादव, मोहसिन खान।  

रोहित-हार्दिक पर जिम्मेदारी, पाटीदार-कोहली से टक्कर,आज होगा हाई-वोल्टेज मुकाबला

मुंबई  इंडियन प्रीमियर लीग में अपने अभियान की धीमी शुरुआत के बाद मुंबई इंडियंस रविवार को वानखेड़े स्टेडियम पर गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से खेलेगी तो उसका लक्ष्य अपने गढ में जीत की राह पर लौटने का होगा। तेरह सत्र में पहली बार मुंबई ने आईपीएल में जीत के साथ शुरुआत करते हुए दो सप्ताह पहले यहां कोलकाता नाइट राइडर्स को छह विकेट से हराया। पांच बार की चैम्पियन टीम हालांकि उसके बाद लय कायम नहीं रख सके और दूसरे मैदान पर दोनों मैच बड़े अंतर से हारने के बाद अब खराब रन रेट के साथ आठवें स्थान पर है। पहले मैच के बाद रोहित नहीं चले रोहित शर्मा को कुछ समय के लिये आरेंज कैप भी मिली लेकिन बल्लेबाजी मुंबई की चिंता का सबब है और आरसीबी जैसे दमदार प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ एक ईकाई के रूप में उसे अच्छी बल्लेबाजी करनी होगी। मैच टाइम कम रहने के बावजूद रोहित ने अब तक मुंबई के लिये सर्वाधिक रन बनाये हैं लेकिन मध्यक्रम में तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव नहीं चल पा रहे। सूर्यकुमार ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अर्धशतक बनाया लेकिन राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अगले मैच में नाकाम रहे। कप्तान हार्दिक पंड्या का बल्ला अभी तक चला नहीं है।गुवाहाटी में बल्लेबाजों की मददगार पिच पर मुंबई के बल्लेबाज लय को तरसते रहे जबकि रॉयल्स के यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक पारियां खेली। जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गज गेंदबाज की भी उन्होंने धुनाई कर दी और पावरप्ले के 3.2 ओवर में ही 59 रन जोड़ दिये। मुंबई के पास एक और विकल्प बायें हाथ के स्पिनर मिचेल सेंटनेर को लाने का है जबकि इंग्लैंड के हरफनमौला विल जैक्स अभी पहुंचे नहीं हैं। मुंबई को बखूबी पता है कि पिछला मैच हारने के बाद आरसीबी वापसी की पूरी कोशिश करेगी। सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल की बेहतरीन पारियों के दम पर रॉयल्स ने उसे छह विकेट से हराया है। बल्लेबाजों की मददगार पिच पर आरसीबी के पास कई बेहतरीन बल्लेबाज हैं। कप्तान रजत पाटीदार (142), विराट कोहली (129) और देवदत्त पडिक्कल (125) ने अच्छी पारियां खेली है जबकि टिम डेविड (99), रोमारियो शेफर्ड और वेंकटेश अय्यर फिनिशर की भूमिका निभा सकते हैं। जोश हेजलवुड की वापसी से गेंदबाजी मजबूत हुई है जो भुवनेश्वर कुमार के साथ नयी गेंद संभालेंगे। इस प्रकार हैं दोनों टीमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, फिल साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जैकब डफी, जोश हेज़लवुड, रसिख सलाम डार, वेंकटेश अय्यर, मंगेश यादव, विहान मल्होत्रा, विक्की ओस्तवाल, अभिनंदन सिंह, जैकब बेथेल, जॉर्डन कॉक्स, स्वप्निल सिंह, कनिष्क चौहान, सात्विक देसवाल मुंबई इंडियंस: हार्दिक पंड्या (कप्तान), क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), दानिश मालेवार, रॉबिन मिंज (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), शेरफेन रदरफोर्ड, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, अथर्व अंकोलेकर, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, विल जैक्स, मयंक रावत, नमन धीर, मिचेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, तिलक वर्मा, अश्विनी कुमार, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, एएम गजनफर, मयंक मार्कंडेय, मोहम्मद इज़हार, रघु शर्मा। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

स्लो ओवर रेट पड़ा भारी, कप्तान गायकवाड़ पर BCCI की कार्रवाई

चेन्नई एमए चिदंबरम स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए रोमांचक मुकाबले के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। जीत के जश्न के बीच कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर आईपीएल की आचार संहिता के उल्लंघन के लिए भारी जुर्माना लगाया गया है। शनिवार को हुए इस मैच में चेन्नई की टीम निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने कोटे के ओवर पूरे करने में नाकाम रही जिसके कारण बीसीसीआई ने यह कड़ा कदम उठाया। रुतुराज गायकवाड़ पर जुर्माना आईपीएल की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच नंबर 18 के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स ने स्लो ओवर रेट बनाए रखा। आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत यह इस सीजन में चेन्नई की टीम का पहला अपराध था। नियमों के अनुसार मैच के दौरान फील्डिंग टीम को तय समय में ओवर खत्म करने होते हैं जिसमें गायकवाड़ की कप्तानी वाली टीम चूक गई। 12 लाख का जुर्माना लगा चूंकि यह सीजन का उनका पहला अपराध था इसलिए आईपीएल के न्यूनतम ओवर-रेट नियमों के तहत कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। आईपीएल में समय की पाबंदी को लेकर नियम काफी सख्त हैं और पहली बार गलती होने पर कप्तान पर आर्थिक दंड का प्रावधान है। यदि टीम आगे भी यही गलती दोहराती है तो जुर्माने की राशि बढ़ सकती है और कप्तान पर मैच निलंबन का खतरा भी मंडरा सकता है। सीएसके को मिली पहली जीत सीएसके की टीम को इस सीजन की अपनी पहली जीत दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली है। सीएसके की टीम ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 23 रन से जीत हासिल की। पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके ने संजू सैमसन की शतकीय पारी के दम पर 212 रन का स्कोर बोर्ड पर लगाया। जवाब में दिल्ली की टीम सिर्फ 189 रन पर ऑलआउट हो गई।  

IPL 2026 में पहला शतक: संजू ने रचा इतिहास, चेन्नई ने दिल्ली को दिया 213 रनों का लक्ष्य

चेन्‍नई. चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ संजू सैमसन के शतक की बदौलत 20 ओवर में दो विकेट खोकर 212 रन बनाए हैं। संजू ने चेन्नई के लिए सर्वाधिक 113 रन बनाए। दिल्ली की ओर से अक्षर पटेल ने एक विकेट लिया। चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत अच्छी रही है। संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ के बीच पहले विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी हुई। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 18 गेंद में 15 रन बनाए। आयुष म्हात्रे 36 गेंद में 59 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। संजू सैमसन और शिवम दुबे क्रीज पर मौजूद हैं। चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल 2026 का 18वां मुकाबला शनिवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर फील्डिंग चुनी है। कैपिटल्स ने शुरुआती एकादश में आकिब नबी को मौका दिया है, जबकि सुपरकिंग्स की टीम में डेवाल्ड ब्रेविस की वापसी हुई है। टीम ने मैट हेनरी की जगह गुरजपनीत सिंह को मौका दिया है। आयुष म्‍हात्रे ने ठोका अर्धशतक आयुष म्‍हात्रे ने 27 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। अपनी इस पारी में वह 3 चौके और 4 छक्‍के लगाए। उनके और संजू सैमसन के बीच 80 से ज्‍यादा रनों की साझेदारी पूरी हो गई है। इस बीच संजू सैमसन अपने शतक की ओर बढ़ गए हैं।  10 ओवर का खेल समाप्‍त संजू सैमसन फिफ्टी लगाने के बाद और खतरनाक हो रहे हैं। 10 ओवर के बाद चेन्‍नई को स्‍कोर 1 विकेट के नुकसान पर 88 रन है। संजू 61 और आयुष 11 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों की नजर एक साझेदारी पर है।  संजू सैमसन की फिफ्टी संजू सैमसन ने 26 गेंदों पर फिफ्टी जड़ दी है। अपनी पारी में वह 9 चौके लगा चुके हैं। 19वें सीजन में संजू का यह पहला अर्धशतक है। टी20 विश्‍व कप में कमाल की बल्‍लेबाजी करने वाले संजू आईपीएल 2026 के पहले 3 मुकाबलों में कुछ खास नहीं कर पाए थे।  कप्‍तान ने कप्‍तान को किया आउट पावरप्‍ले समाप्‍त होने के बाद कप्‍तान ने कप्‍तान को आउट किया। 7वें ओवर की दूसरी गेंद पर अक्षर पटेल ने रुतुराज गायकवाड़ को पथुम निसांका के हाथों कैच आउट कराया। रुतुराज ने 18 गेंदों पर 15 रन की धीमी पारी खेली। अब आयुष म्‍हात्रे बल्‍लेबाजी करने के लिए आए हैं। 

PBKS vs SRH: पंजाब किंग्स ने रचा जीत का सिलसिला, बल्लेबाजों के दम पर हैट्रिक पूरी

चंडीगढ़  पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने आईपीएल 2026 में जीत की हैट्रिक लगा दी है। पंजाब ने शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ 220 रनों का टारगेट चेज करते हुए छह विकेट से विजयी परचम फहराया। यह पंजाब द्वारा चेज किया गया दूसरा सबसे बड़ा टारगेट है। मुल्लापुर के मैदान पर कप्तान श्रेयस अय्यर समेत तीन खिलाड़ियों ने पंजाब के लिए अर्धशतक जमाया। अय्यर 33 गेंदों में 69 रन बनाकर नाबाद लौटे। उन्होंने पांच चौके और पांच छक्के जमाए। प्रियांश आर्य (20 गेंदों में 57) और प्रभसिमरन सिंह (25 गेंदों में 51) ने पंजाब को जबर्दस्त शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी की। प्रियांश सातवें ओवर में आउट हुए। उन्होंने पांच चौके और इतने ही सिक्स लगाए। प्रभसिमरन ने नौवें ओवर में विकेट गंवाया। उनके बल्ले से चार चौके और चार सिक्स निकले। कूपर कोनोली (11) सस्ते में आउट हुए। पंजाब को तीनों झटके शिवांग कुमार ने दिए। ऐसे में अय्यर ने नेहल वढेरा (14) के साथ मोर्चा संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 69 रनों की पार्टनरशिप की। उन्होंने शशांक सिंह (नाबाद 14) के साथ 26 रन जोड़कर पंजाब को जीत की दहलीज पार कराई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-17 में शनिवार (11 अप्रैल) को पंजाब किंग्स (PBKS) का सामना सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से हुआ। मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़) के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित इस मैच में पंजाब किंग्स ने 6 विकेट से जीत हासिल की। मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को जीत के लिए 220 रनों का टारगेट दिया था, जिसे उसने 18।5 ओवर में हासिल कर लिया। पंजाब किंग्स के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर ने 5 चौके और 5 छक्के की मदद से 33 बॉल पर नाबाद 69 रन बनाए। पंजाब किंग्स की मौजूदा सीजन में तीसरी जीत रही। पंजाब किंग्स की मौजूदा आईपीएल सीजन में शुरुआत शानदार रही। पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटन्स (GT) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को पराजित किया था, जबकि कोलकाता नाइट राइर्स (KKR) संग उसका मुकाबला बारिश के चलते धुल गया। दूसरी ओर सनराइजर्स हैदराबाद को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के हाथों हार मिली, वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स को उसने शिकस्त दी थी। प्रभसिमरन-प्रियांश भी चमके रनचेज में पंजाब किंग्स की शुरुआत धमाकेदार रही। प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह के बीच पहले विकेट के लिए 38 गेंदों पर 99 रनों की पार्टनरशिप हुई। इस साझेदारी के दौरान प्रियांश ने सिर्फ 16 गेंदों पर फिफ्टी पूरी कर ली। स्पिनर शिवांग कुमार ने प्रियांश को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। प्रियांश ने 20 गेंदों पर 57 रन बनाए, जिसमें पांच छक्के और पांच चौके शामिल रहे। शिवांग कुमार ने इसके बाद प्रभसिमरन सिंह को अपनी फिरकी में फंसाया, जो अर्धशतक पूरा कर चुके थे। प्रभसिमरन ने 4 छक्के और 4 चौके की मदद से 25 गेंदों पर 51 रन बनाए। शिवांग कुमार ने फिर कूपर कोनोली (11 रन) को पवेलियन रवाना किया, जो बड़ा शॉट मारना चाहते थे। यहां से कप्तान श्रेयस अय्यर और 'इम्पैक्ट सब' नेहाल वढेरा (14 रन) ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी की, जिसने मैच को पंजाब किंग्स की तरफ पूरी तरह झुका दिया। ऐसी रही सनराइजर्स हैदराबाद की पारी मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट पर 219 रन बनाए। सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद तूफानी रही। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड के बीच 49 गेंदों पर 120 रनों की पार्टनरशिप हुई। अभिषेक ने 5 चौके और 5 छक्के की मदद से सिर्फ 18 बॉल पर फिफ्टी जमा दी। इस पार्टनरशिप को शशांक सिंह ने तोड़ा, जिन्होंने हेड का विकेट लिया। हेड ने 5 चौके और तीन छक्के की मदद से 23 बॉल पर 38 रन बनाए। शशांक सिंह ने फिर 9वें ओवर में अभिषेक शर्मा को भी आउट किया। अभिषेक शर्मा ने 28 गेंदों पर 74 रन बनाए, जिसमें 8 छक्के और पांच चौके शामिल रहे। इसके बाद हेनरिक क्लासेन और कप्तान ईशान किशन के बीच तीसरे विकेट के लिए 47 रनों की पार्टनरशिप हुई। ईशान 27 रनों के निजी स्कोर अर्शदीप सिंह का शिकार बने। अनिकेत वर्मा कुछ खास नहीं कर पाए और 18 रन बनाकर रन आउट हुए। सलिल अरोड़ा ने भी निराश किया और वो 9 रन बनाकर अर्शदीप सिंह का शिकार बने। हेनरिक क्लास आउट होने वाले छठे बल्लेबाज रहे। क्लासेन को जेवियर बार्टलेट ने आखिरी ओवर में आउट किया। क्लासेन ने 1 चौके और 1 छक्के की मदद से 33 बॉल पर 39 रन बनाए। पंजाब किंग्स की ओर से अर्शदीप सिंह और शशांक सिंह ने दो विकेट झटके। सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के बीच अब तक इंडियन प्रीमियर लीग में 25 मुकाबले खेले गए हैं। इस दौरान सनराइजर्स हैदराबाद ने 17 मुकाबले जीते। जबकि पंजाब किंग्स को 8 मैचों में सफलता नसीब हुई। पिछले सीजन में दोनों टीमों के बीच एक मुकाबला खेला गया था, जिसमें सनराइजर्स हैदराबाद ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। हैदराबाद vs पंजाब h2h कुल IPL मैच: 25 हैदराबाद ने जीते: 17 पंजाब ने जीते: 8 सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग-11: ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर/कप्तान), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल और ईशान मलिंगा। इम्पैक्ट सब: जयदेव उनादकट पंजाब किंग्स की प्लेइंग-11: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसेन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाक, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल। इम्पैक्ट सब: नेहाल वढेरा

मुंबई इंडियंस और RCB के बीच कांटे की टक्कर, हेड-टू-हेड MI का पलड़ा भारी

मुंबई इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 20वें मैच में मुंबई इंडियंस (MI) का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से 12 अप्रैल को होगा। रजत पाटीदार की कप्तानी वाली टीम ने 2 मैच जीते हैं और 1 में हार झेली है। वहीं, हार्दिक पांड्या के नेतृत्व वाली MI ने 1 मुकाबला जीता है और 2 में शिकस्त का सामना किया है। अब वानखेड़े स्टेडियम में RCB और MI आमने-सामने होंगे। आइए मैच से जुड़ी जरूरी बातों पर एक नजर डालते हैं। MI का पलड़ा रहा है भारी दोनों देशों की भिड़ंत में MI का पलड़ा भारी रहा है। अब तक दोनों टीमें IPL में कुल 34 मैचों में आपस में भिड़ी हैं, जिसमें से 19 मैच MI ने जीते हैं, जबकि 15 मुकाबले RCB ने अपने नाम किए हैं। पिछले सीजन की इकलौती भिड़ंत में RCB ने 12 रन से जीत दर्ज की थी। दोनों टीमों के बीच मैच में सर्वोच्च स्कोर का रिकॉर्ड RCB (235) के नाम पर दर्ज है। ऐसी हो सकती है MI की प्लेइंग इलेवन MI को अपने पिछले मैच में RR के खिलाफ हार मिली थी। इस सीजन में जसप्रीत बुमराह गेंदबाजी में कोई विकेट नहीं ले सके हैं। ऐसे में MI को अपने प्रमुख गेंदबाज से फॉर्म में वापसी की उम्मीद होगी। बुमराह अपने प्रदर्शन से मैच में अंतर पैदा करना चाहेंगे। संभावित एकादश: रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, एएम गजनफर, ट्रेंट बोल्ट, और जसप्रीत बुमराह। इस संयोजन के साथ उतर सकती है RCB RCB को भी अपने पिछले मैच में RR से हार मिली थी। उस मैच में RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 201/8 का स्कोर बनाया था। जवाब में RR ने यह लक्ष्य आसानी से हासिल किया था। ऐसे में RCB अपने गेंदबाजों से उम्दा प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। संभावित एकादश: विराट कोहली, फिलिप साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्‍वर कुमार, अभिनंदन सिंह, और जोश हेजलवुड। ये हो सकते हैं इम्पैक्ट प्लेयर MI: शेरफेन रदरफोर्ड, कॉर्बिन बॉश, रॉबिन मिंज, मिचेल सैंटनर, और मयंक मारकंडे। RCB: सुयश शर्मा, जैकब बेथेल, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, और सात्विक देसवाल। कैसा है वानखेड़े स्टेडियम की पिच का मिजाज? वानखेड़े स्टेडियम को बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है। यहां की पिच उन्हें काफी रास आती है। यहां की सीमा रेखा अन्य स्टेडियम के मुकाबले थोड़ी छोटी है। दूसरी ओर एक गेंदबाज के दृष्टिकोण से पिच स्पिनरों को कुछ हद तक सहायता प्रदान करती है, लेकिन ज्यादा उम्मीद रखना बेमानी होगी। तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवर में मदद मिलती है, ऐसे में वह जल्दी विकेट लेना चाहेंगे। हाउस्टेट के मुताबिक, यहां पहली पारी का औसत स्कोर 170 रन है। कैसा रहेगा मुंबई का मौसम? एक्यूवेदर के अनुसार, 12 अप्रैल को मुंबई का मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 26 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की कोई संभावना नहीं है। इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें IPL 2026 में पाटीदार ने अब तक 3 पारियों में 71.00 की औसत और 200.00 की स्ट्राइक रेट के साथ 142 रन बनाए थे। अपने पिछले मैच में उन्होंने 63 रन बनाए थे। दिग्गज बल्लेबाज कोहली ने MI के खिलाफ 34 मैचों में 31.79 के औसत और 128.77 की स्ट्राइक रेट से 922 रन बनाए हैं। रोहित ने RCB के खिलाफ 34 मैचों में 27.35 के औसत और 136.99 की स्ट्राइक रेट से 848 रन बनाए हैं। कब और कहां देखें मुकाबला? MI और RCB के बीच यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।  

गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहम मुकाबला, राशिद खान बन सकते हैं बड़ी चुनौती

नई दिल्ली  लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को मुकुल चौधरी के रूप में एक नया स्टार मिल गया है, लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में गुजरात टाइटंस के खिलाफ रविवार को होने वाले मुकाबले से पहले उसके लिए घरेलू मैदान पर खराब रिकॉर्ड बड़ी चिंता का विषय बना हुआ है. एलएसजी और गुजरात टाइटंस ने अपने पिछले दोनों मैच जीते हैं, जिससे उनका मनोबल बढ़ा होगा. गुजरात ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक रन की रोमांचक जीत दर्ज की थी जिससे उसने अपना खाता भी खोला. एलएसजी ने सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ उनके मैदानों पर प्रभावशाली जीत दर्ज की. हालांकि एलएसजी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया है. उसे अगर इसे अपना मजबूत गढ़ बनाना है तो खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा घरेलू मैदान पर लखनऊ रिकॉर्ड है खराब एलएसजी ने पिछले सत्र में यहां खेले गए आठ मैचों में से छह में हार झेली थी. इसमें लगातार पांच मैचों में हार शामिल हैं. यही कारण रहा कि वह पिछले साल सातवें स्थान पर रहा था. उसने इस मैदान पर खेले गए 22 मैचों में से केवल नौ में ही जीत हासिल की है. मौजूदा सत्र में भी उसके घरेलू मैदान पर पहले मैच में बल्लेबाजों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और दिल्ली कैपिटल्स ने उसे 141 रन पर आउट करके छह विकेट से जीत हासिल की थी. एलएसजी का यह घरेलू मैदान पर इस सत्र का दूसरा मैच होगा और वह यहां अपना जीत का रिकॉर्ड सुधारने के लिए बेताब होगा. एलएसजी का केकेआर के खिलाफ पिछला मैच विशेष रूप से यादगार रहा, जिसमें मुकुल के रूप में एक नए ‘फिनिशर’ का उदय हुआ. राजस्थान के 21 वर्षीय बल्लेबाज मुकुल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और अपने आदर्श महेंद्र सिंह धोनी का पसंदीदा हेलीकॉप्टर शॉट सहित कई तरह के शॉट लगाकर क्रिकेट जगत का अपनी तरफ खींचा. LSG के लिए मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज कर रहे हैं कमाल एलएसजी के लिए एक और सकारात्मक पहलू आयुष बडोनी की फॉर्म में वापसी है, जिन्होंने केकेआर के खिलाफ अर्धशतक लगाया था. इस तरहसे एलएसजी का बल्लेबाजी क्रम काफी मजबूत नजर आ रहा है जिसमें मिचेल मार्श, एडन मार्क्रम, कप्तान ऋषभ पंत और निकोलस पूरन भी शामिल हैं. यह मैच दोपहर में खेला जाएगा और यहां की धीमी पिच पर गुजरात के राशिद खान और वाशिंगटन सुंदर का मुकाबला करना आसान नहीं होगा. राशिद ने दिल्ली के खिलाफ 17 रन देकर तीन विकेट लिए और अपनी टीम की एक रन से जीत में अहम भूमिका निभाई. टीम इस प्रकार हैं: लखनऊ सुपर जायंट्स: ऋषभ पंत (कप्तान), मिचेल मार्श, एडन मार्क्रम, हिम्मत सिंह, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, मुकुल चौधरी, अक्षत रघुवंशी, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, शाहबाज़ अहमद, अर्शिन कुलकर्णी, आयुष बडोनी, मोहम्मद शमी, अवेश खान, एम सिद्धार्थ, दिग्वेश सिंह, आकाश सिंह, प्रिंस यादव, अर्जुन तेंदुलकर, एनरिक नोर्किया, नमन तिवारी, मयंक यादव, मोहसिन खान. दिल्ली कैपिटल्स: अक्षर पटेल (कप्तान), अभिषेक पोरेल, करुण नायर, केएल राहुल, नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, आशुतोष शर्मा, माधव तिवारी, दुष्मंथा चमीरा, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, विप्राज निगम, मिचेल स्टार्क, त्रिपुराना विजय, डेविड मिलर, बेन डकेट, औकिब नबी डार, पथुम निसांका, लुंगी एनगिडी, पृथ्वी साव, काइल जैमीसन, टी नटराजन, अजय जादव मंडल, साहिल पारख. मैच शुरू होने का समय: दोपहर 3.30 बजे.  

अभिषेक शर्मा की धमाकेदार पारी, मुल्लांपुर में लगाए 8 छक्के, 5 चौके, पहुंचे जयसूर्या के स्तर पर

 मुल्लांपुर   इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में शनिवार (11 अप्रैल) को पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने तूफानी प्रदर्शन किया. मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़) के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित इस मैच में अभिषेक ने 8 छक्के और पांच चौके की मदद से 28 गेंदों पर 74 रन बनाए।  बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने इस दौरान सिर्फ 18 गेंदों पर फिफ्टी जमा दी. पंजाब किंग्स के खिलाफ लगातार तीसरे मैच में अभिषेक ने 50 प्लस स्कोर बनाया है. अभिषेक को पार्टटाइम स्पिनर शशांक सिंह ने अर्शदीप सिंह के हाथों कैच आउट कराया. पावरप्ले में अभिषेक ने तेज गेंदबाजों अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट और विजयकुमार वैशाक की जमकर खबर ली।  पारी के पांचवें ओवर में तो अभिषेक शर्मा ने विजय कुमार वैशाक को चार छक्के लगाए. अभिषेक ने अपनी इनिंग्स के दौरान 8 में से सात छक्के पावरप्ले में जड़े. अभिषेक किसी आईपीएल मैच के दौरान पावरप्ले में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से पहले नंबर पर आ चुके हैं. अभिषेक ने सनथ जयसूर्या, जोस बटलर और जॉनी बेयरस्टो की बराबरी कर ली।  पावरप्ले में सबसे अधिक छक्के (IPL मैच) 7- सनथ जयसूर्या (मुंबई इंडियंस) बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, वानखेड़े, 2008 7- जोस बटलर (राजस्थान रॉयल्स) बनाम दिल्ली कैपिटल्स, दिल्ली, 2018 7- जॉनी बेयरस्टो (पंजाब किंग्स) बनाम आरसीबी, ब्रेबोर्न, 2022 7- अभिषेक शर्मा (सनराइजर्स हैदराबाद) बनाम पंजाब किंग्स, मुल्लांपुर, 2026 देखा जाए तो अभिषेक शर्मा ने ट्रेविस हेड के साथ मिलकर पावरप्ले में 105 रन बनाए. यह किसी आईपीएल मैच में तीसरा बेस्ट पावरप्ले स्कोर रहा. अभिषेक और ट्रेविस हेड ने कुल मिलाकर 49 गेंदों पर 120 रनों की साझेदारी की. हेड का भी विकेट पार्टटाइम स्पिनर शशांक सिंह ने लिया।  पावरप्ले में सर्वाधिक स्कोर (IPL) 125/0- सनराइजर्स हैदराबाद बनाम दिल्ली कैपिटल्स, दिल्ली, 2024 107/0- सनराइजर्स हैदराबाद बनाम एलएसजी, हैदराबाद, 2024 105/0- सनराइजर्स हैदराबाद बनाम पंजाब किंग्स, मुल्लांपुर, 2026 105/0- कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम आरसीबी, बेंगलुरु, 2017 100/2- चेन्नई सुपर किंग्स बनाम पंजाब किंग्स, वानखेड़े, 2014

भारतीय शटलर आयुष शेट्टी का कमाल, टॉप सीड को हराकर फाइनल में एंट्री

निंगबो भारत के आयुष शेट्टी ने शीर्ष वरीयता प्राप्त और गत चैंपियन कुन्लावत वितिदसर्न को शनिवार को तीन गेम के मुकाबले में हराकर बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के फाइनल में प्रवेश कर लिया। दुनिया के 25वें नंबर के खिलाड़ी आयुष ने पेरिस ओलंपिक रजत पदक विजेता और 2023 विश्व चैम्पियन वितिदसर्न पर 10-21, 21-19, 21-17 से जीत दर्ज की। वह दिनेश खन्ना के बाद इस टूर्नामेंट के पुरुष एकल फाइनल में पहुंचने वाले पहले भारतीय बन गए। खन्ना ने 1965 में पुरुष एकल स्वर्ण जीता था। सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने 2023 में खिताब जीता था। अमेरिकी ओपन सुपर 300 चैंपियन आयुष का सामना अब चीनी ताइपै के चौथी वरीयता प्राप्त चोउ तियेन चेन या दूसरी वरीयता प्राप्त चीन के शि यू की से होगा। आयुष ने फाइनल तक के सफर में एक भी गेम नहीं गंवाया था। वितिदसर्न ने उन्हें आर्कटिक ओपन में पिछले साल सीधे गेम में हराया था। वितिदसर्न ने शुरुआत में 4-0 की बढ़त बना ली। ब्रेक के समय स्कोर 11-5 था और पहला गेम उन्होंने आसानी से जीत लिया। दूसरे गेम में आयुष ने दमदार वापसी की और कूदकर स्मैश लगाते हुए 3-1 की बढत बनाई। यह जल्दी ही 7-1 की हो गई चूंकि वितिदसर्न ने कई सहज गलतियां की। ब्रेक के समय स्कोर 11-4 था। आयुष ने बीच में कुछ गलतियां की जिससे वितिदसर्न ने 13-11 से वापसी की लेकिन जल्दी ही क्रॉसकोर्ट स्मैश से वापसी करते हुए स्कोर 16-11 कर लिया। बैकहैंड पर फ्लिक से आयुष ने छह अंक बनाए और दूसरा गेम अपने नाम किया। तीसरे गेम में उन्होंने 4-1 से शुरुआत की और वितिदसर्न को दबाव में ला दिया। उनकी बढ़त 17-10 की हो गई और आक्रामक स्ट्रोक्स से वह 19-13 से आगे हो गए। इसके बाद लगातार मैच प्वाइंट बनाकर उन्होंने जीत दर्ज की। आयुष शेट्टी ने शुक्रवार को इंडोनेशिया के दुनिया के नंबर चार खिलाड़ी जोनाथन क्रिस्टी को हराकर उलटफेर करते हुए अपने करियर की सबसे बड़ी जीत हासिल करने के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। उन्होंने एक कड़े मुकाबले वाले क्वार्टरफाइनल में ऊंची रैंकिंग पर काबिज क्रिस्टी पर लगातार दबदबा बनाते हुए जोरदार स्मैश की बदौलत 23-21, 21-17 से जीत दर्ज की। यह क्रिस्टी और शेट्टी के बीच टूर पर पहली भिड़ंत थी। शेट्टी कोच इरवानस्याह आदि प्रतामा के साथ मिलकर रणनीति रूप से पूरी तरह तैयार दिखे जो पहले क्रिस्टी के भी कोच थे।

वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बैटिंग पर थरूर बोले- “होश उड़ा देने वाला टैलेंट”

नई दिल्ली  महज पंद्रह साल की उम्र में ही वैभव सूर्यवंशी ने मानो वो मुकाम हासिल कर लिया है, जो बड़े-बड़े क्रिकेटरों को भी नहीं मिल पाता। जी हां, वैभव ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी के दम पर क्रिकेट फैंस को अपना मुरीद बना लिया है। जिस तरह से आईपीएल 2026 के इस सीजन में उनका बल्ला बोल रहा उसकी तारीफ खेल जगत की हस्तियां ही नहीं कर रही, बल्कि राजनीति के दिग्गज भी इस युवा खिलाड़ी के दमखम को जमकर सराह रहे हैं। हम बात कर रहे कांग्रेस सांसद शशि थरूर की जिन्होंने युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की प्रशंसा में बेहद खास पोस्ट लिखी है। शशि थरूर ने वैभव सूर्यवंशी को सराहा केरल के तिरुवनंतपुरम से सांसद थरूर ने अपनी पोस्ट में वैभव की जबरदस्त बैटिंग को जमकर सराहा है। उन्होंने लिखा- जब भी वह स्ट्राइक लेते हैं, तो बाहर की दुनिया मानो थम सी जाती है: मैं सब कुछ छोड़कर बस उनकी हर गेंद को देखने लगता हूं। थरूर ने ये वैभव की तारीफ में ये पोस्ट गुरुवार देर रात उस समय लिखी जब आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ वैभव ने 26 गेंद में 78 रन बनाकर राजस्थान रॉयल्स को छह विकेट से जीत दिलाई। वैभव ने इस दौरान जिस तरह से गेंद बाउंड्री के पार पहुंचाई उसे देखकर शशि थरूर बेहद उत्साहित नजर आए। 'वह सचमुच होश उड़ा देने वाला है' कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने एक्स पर पोस्ट में लिखा 'अरे! वैभव सूर्यवंशी, अभी-अभी आउट हुए हैं। उन्हें विराट कोहली ने कैच किया। अब तो कुछ और काम शुरू कर ही देना चाहिए, जैसे कि ट्वीट करना!' इसके बाद कांग्रेस नेता ने आगे लिखा कि 'युवा सूर्यवंशी की जबरदस्त तरक्की को देखना सचमुच एक कमाल की बात है। 15 साल के इस अद्भुत खिलाड़ी को क्रीज पर खेलते देखना, खेल के विकास का एक बेहतरीन उदाहरण है। उनके बल्ले की जो जबरदस्त रफ्तार है, साथ ही टाइमिंग और ताकत का जो लगभग जादुई अंदाज़ है, वह सचमुच होश उड़ा देने वाला है।' थरूर बोले- सचमुच बेहद रोमांचक वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए शशि थरूर ने आगे लिखा, 'वह सिर्फ क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं; वह असल में नई पीढ़ी के लिए बैटिंग की कला को एक नया रूप दे रहे हैं। जब भी वह स्ट्राइक लेते हैं, तो बाहर की दुनिया मानो थम सी जाती है। मैं सब कुछ छोड़कर बस उनकी हर गेंद को देखने लगता हूं। हम अपनी आँखों के सामने एक दुर्लभ, अपनी पीढ़ी के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी को उभरते हुए देख रहे हैं। सचमुच बहुत रोमांचक!#IPL2026' 15 गेंद में अर्धशतक, वैभव बने मैन ऑफ द मैच     आईपीएल 2026 के 16वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की भिड़ंत शुक्रवार को बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के साथ हुई।     इस मैच में 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक लगाया।     उन्होंने अपनी ताबड़तोड़ पारी में कई बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम किए।     वैभव ने मात्र 26 गेंदों पर 7 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 78 रनों की पारी खेली।     अपनी टीम को 6 विकेट से जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई।     वैभव को उनकी विस्फोटक पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।     वैभव अब ऑरेंज कैप होल्डर भी हैं। उन्होंने सीजन में अब तक खेले 4 मैचों में 200 रन बनाए हैं।