samacharsecretary.com

लुधियाना में एनकाउंटर: पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रोहित गोदारा गैंग के 2 बदमाश ढेर होने से बचे

लुधियाना लुधियाना में पुलिस व गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, औद्योगिक नगरी में पुलिस कमिश्नरेट की टीम  और लॉरेंस बिश्नोई के खासमखास रोहित गोदारा गैंग के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई है। इस क्रॉस-फायरिंग में पुलिस की गोलियों का शिकार होकर गैंग के 2 खतरनाक गुर्गे घायल हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को इन गैंगस्टरों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। जैसे ही पुलिस ने इन्हें घेरने की कोशिश की, गैंगस्टरों ने पुलिस पार्टी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों बदमाशों को दबोच लिया है। मौके से 2 अवैध पिस्तौल और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और घायल गैंगस्टरों को कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस इस मामले में अब आगे की जांच कर रही है कि इनके तार और कहां-कहां जुड़े हैं।

पंजाब सरकार की नई सौगात: 22 जनवरी से शुरू होगी योजना, 3 करोड़ लोग होंगे लाभान्वित

फतेहगढ़ पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के तहत पंजाब में करीब 3 करोड़ लोगों के 10 लाख रुपए तक के बीमा कार्ड बनाए जाएंगे। इस योजना को जिला स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पंजाब सरकार की ओर से 22 जनवरी से विशेष कैंप लगाकर इसकी शुरुआत की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इसके लिए विशेष कमेटियों का गठन किया गया है और लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए घर-घर जाकर पर्चियां वितरित की जाएंगी, ताकि बीमा कार्ड बनवाने की प्रक्रिया आसान हो सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत जिला फतेहगढ़ साहिब में विभिन्न स्थानों पर 169 कैंप लगाए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर इनकी संख्या और भी बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि बीमा कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड और पंजाब का वोटर कार्ड होना अनिवार्य है। साथ ही बच्चों के लिए आश्रित कार्ड होना भी जरूरी है। स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि इस योजना के तहत करीब 650 अस्पतालों को इम्पैनल किया गया है, जिनमें मेडिकल कॉलेज, सभी सरकारी अस्पताल और निजी अस्पताल शामिल हैं। फिलहाल पंजाब सरकार ने इस योजना के लिए 1200 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया है, जिसे जरूरत पड़ने पर 1500 करोड़ रुपए तक बढ़ाया जा सकता है। योजना के लागू होने से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और मरीज निजी अस्पतालों में भी बिना झिझक इलाज करवा सकेंगे। उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पतालों में लिवर ट्रांसप्लांट शुरू हो चुके हैं, जबकि किडनी ट्रांसप्लांट जल्द ही शुरू किए जाएंगे। नशे के खिलाफ मुहिम और ठंड से बचाव की अपील स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत शुरू की गई दूसरी मुहिम में नशे की दलदल में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चे, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाएं, जो किसी न किसी बीमारी से पीड़ित हैं, वे खुद को ठंड से बचाकर रखें और सुबह-सुबह सैर पर जाने से परहेज करें। स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी चेतावनी दी कि सर्दी से बचने के लिए घरों में अंगीठी जलाने से जहरीली गैसें निकलती हैं, जिससे मौतों के मामलों में भी बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी घटनाओं से बचने के लिए घरों की खिड़कियां खुली रखें, ताकि जहरीली गैसों का असर न हो।

सीएम भगवंत मान ने प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग के मिशन प्रगति का किया शुभारंभ

चंडीगढ़. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार मिशन प्रगति के तहत मुफ्त शैक्षणिक और शारीरिक प्रशिक्षण प्रदान करके युवाओं को भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के लिए ठोस प्रयास कर रही है। यहां जिला पुस्तकालय में छात्रों से बातचीत करते हुए, मान ने कहा कि यह पहल ग्रामीण और मेधावी छात्रों का समर्थन करने के लिए शुरू की गई है जो महंगी कोचिंग का खर्च वहन नहीं कर सकते हैं। उन्होंने आगे बताया कि सेवा चयन बोर्ड (एसएसबी), पुलिस और सशस्त्र बलों से संबंधित परीक्षाओं के लिए जिला पुस्तकालय में मुफ्त कोचिंग शुरू हो गई है। पहले बैच में 40 छात्रों का हुआ नामांकन मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले बैच में 40 छात्रों का नामांकन हो चुका है। कक्षा शिक्षण के साथ-साथ, पंजाब पुलिस के अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा छात्रों को शारीरिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है ताकि उनकी समग्र तैयारी सुनिश्चित हो सके। मान ने कहा कि पुस्तकालय सदस्य बनने पर छात्रों को पुस्तकों और अध्ययन सामग्री तक निःशुल्क पहुंच मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि यह कार्यक्रम मौजूदा बुनियादी ढांचे का उपयोग करके चलाया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप न्यूनतम व्यय हो रहा है। युवाओं को समान अवसर और मार्गदर्शन देने की पहल मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि मिशन प्रगति “युवाओं द्वारा युवाओं की मदद” के सिद्धांत पर काम करता है। इसमें मार्गदर्शक वे उम्मीदवार होंगे, जो पहले खुद प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम को शिक्षाविदों, विश्वविद्यालयों, पुलिस अधिकारियों, खिलाड़ियों और छात्रों का समर्थन मिला है। यह पहल “कोई भी पीछे न छूटे” के विचार पर आधारित है और इसका उद्देश्य युवाओं को समान अवसर देना और सरकारी नौकरियों में उनकी भागीदारी बढ़ाना है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि पंजाब सरकार का उद्देश्य शिक्षा सुधारों के जरिए युवाओं को सिर्फ पढ़ाई तक सीमित न रखते हुए उन्हें नौकरी और विकास के अवसर प्रदान करना है।

Toll Plaza में आज वाहन चालकों से नहीं वसूला जाएगा टोल

लुधियाना. पंजाब में आज चार घंटे के लिए टोल प्लाजा फ्री किए जाएंगे। जानकारी के अनुसार कौमी इंसाफ मोर्चा की ओर से आज सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक प्रदेश के टोल प्लाजा पर टोल वसूली नहीं होने दी जाएगी। इसी कड़ी में लाडोवाल टोल प्लाजा पर भी धरना दिया जाएगा। दरअसल, सिख बंदियों की रिहाई की मांग को लेकर कौमी इंसाफ मोर्चा के सदस्यों द्वारा आज लाडोवाल टोल प्लाजा पर 11 बजे से 3 बजे तक धरना लगाया जा रहा है। मोर्चा नेताओं का कहना है कि धरने के दौरान किसी भी वाहन चालक से टोल टैक्स नहीं वसूला जाएगा। कौमी इंसाफ मोर्चा के सदस्यों ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पिछले कई वर्षों से सिख बंदियों की रिहाई को लेकर कोई ठोस फैसला नहीं ले रही है। इसी के विरोध में आज कौमी इंसाफ मोर्चा और उसके सहयोगी संगठनों द्वारा पंजाब के सभी टोल प्लाजा पर धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। धरने के चलते कई स्थानों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है, वहीं प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

हरियाणा के सीएम सैनी बोले- ‘चुटकुलों से नहीं भरते पेट’

चंडीगढ़. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि झूठे वादों और खोखली बातों की राजनीति करने वालों को सत्ता से बाहर करना अब पंजाब के लोगों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राजनीति सत्ता सुख का साधन नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम होनी चाहिए, लेकिन पंजाब में मौजूदा सरकार ने इसे मजाक बना दिया है। आप और कांग्रेस ने पंजाब के लोगों को किया निराश: सीएम सैनी रविवार को लुधियाना के समराला में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम सैनी ने कहा कि पंजाब में पहले कांग्रेस और अब आम आदमी पार्टी, दोनों सरकारें लोगों से किए वादे निभाने में पूरी तरह विफल रही हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में डबल इंजन सरकार ने विधानसभा चुनावों के दौरान 217 वादे किए थे, जिनमें से एक साल के भीतर 54 वादे पूरे कर दिए गए, जबकि पंजाब में चार साल बीतने के बावजूद घोषणाएं ही घोषणाएं हैं। सीएम सैनी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि चुटकुलों से पेट नहीं भरता है। पंजाब सरकार ने चार साल निकाल दिए, लेकिन धरातल पर कोई ठोस काम नजर नहीं आता। बुजुर्गों को 2500 रुपये मासिक पेंशन देने का वादा आज तक अधूरा है, जबकि हरियाणा में बुजुर्गों को 3200 रुपये प्रति माह भत्ता दिया जा रहा है। इसी तरह महिलाओं को 1100 रुपये महीना देने का वादा भी सिर्फ कागजों तक सीमित रह गया। किसानों के मुद्दे पर सीएम सैनी ने कहा कि खराब फसलों के मुआवजे को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री झूठ की राजनीति कर रहे हैं। सीएम ने वीबी-जी राम जी को लेकर पंजाब विधानसभा में पारित प्रस्ताव को बेतुका करार देते हुए कहा कि उसमें न तो कोई तथ्य है, न आंकड़े और न ही सुधार का कोई सुझाव। सीएम सैनी ने सोशल ऑडिट का हवाला देते हुए कहा कि 13,304 ग्राम पंचायतों में से 5,915 पंचायतों के ऑडिट में 10,663 वित्तीय गबन के मामले सामने आए, लेकिन किसी पर कार्रवाई नहीं हुई। पंजाब का युवा नशे और बेरोजगारी से परेशान होकर अवैध रास्तों से विदेश जाने को मजबूर है, लेकिन सरकार के पास इसका कोई स्थायी समाधान नहीं है। तो हमारा इतिहास कुछ और ही होता – सीएम सीएम सैनी ने लुधियाना के माछीवाड़ा स्थित गुरुद्वारा चरण कंवल साहिब में माथा टेका। उन्होंने कहा कि इस पवित्र स्थल पर आकर वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि गुरुओं के बलिदानों ने ही भारत की पहचान गढ़ी है। यदि ये कुर्बानियां न होतीं, तो इतिहास कुछ और ही होता। उन्होंने सभी से गुरुओं की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।इसके बाद सीएम सैनी ने प्राचीन श्री मुक्तेश्वर शिव मंदिर (मुक्तिधाम) चहिला में जाकर पूजा अर्चना कर जलाभिषेक किया।

2 फरवरी से शुरू होंगे 8वीं-10वीं और 12वीं के बोर्ड एग्जाम

लुधियाना. पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पी.एस.ई.बी.) ने फरवरी/मार्च 2026 में होने वाली वार्षिक परीक्षाओं के लिए प्रैक्टिकल परीक्षाओं का शैड्यूल और विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। बोर्ड द्वारा जारी पत्र के अनुसार, 8वीं, 10वीं और 12वीं श्रेणी की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 2 से 12 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं में नियमित विद्यार्थियों के साथ-साथ ओपन स्कूल, कंपार्टमैंट, री-अपीयर और अतिरिक्त विषय वाले परीक्षार्थी भी शामिल होंगे।इस बार बोर्ड ने बड़ा फैसला लेते हुए शैक्षणिक सत्र 2025-26 से 12वीं श्रेणी के कम्प्यूटर साइंस विषय की प्रैक्टिकल परीक्षा भी एक्सटर्नल परीक्षकों (बाहरी स्टाफ) द्वारा लेने का निर्णय लिया है। ये परीक्षाएं विद्यार्थियों के 'सैल्फ सैंटर' में ही होंगी और इनके प्रश्न पत्र ऑनलाइन लिंक के माध्यम से भेजे जाएंगे। वहीं, 10वीं श्रेणी की कम्प्यूटर साइंस प्रैक्टिकल परीक्षा स्कूल स्तर पर ही होगी जिसके लिए परीक्षकों को परीक्षा की छोटी वीडियो क्लिप बनाकर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर बोर्ड को भेजी जा सकें। इन विषयों के लिए नियुक्त होंगे एक्सटर्नल परीक्षक 12वीं श्रेणी के मुख्य विषयों जैसे फिजिक्स, कैमिस्ट्री, बायोलॉजी, अकाऊंटैंसी-2, फंडामैंटल्स ऑफ ई-बिजनैस, होम साइंस और कम्प्यूटर एप्लीकेशन के लिए बोर्ड द्वारा एक्सटर्नल परीक्षक नियुक्त किए जाएंगे। इसके लिए जिला शिक्षा अफसर सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के कम्प्यूटर लेक्चरर/अध्यापकों की ड्यूटी इंटरचेंज करके दूसरे स्कूलों में लगाएंगे। बाकी बचे अन्य विषयों की प्रैक्टिकल परीक्षाएं स्कूल स्तर पर ही संबंधित विषयों के अध्यापकों द्वारा तैयार प्रश्न पत्रों के आधार पर ली जाएंगी। बोर्ड ने समूह जिला शिक्षा अफसर (स), समूह जिला मैनेजर (क्षेत्रीय दफ्तर) और पंजाब राज्य के समूह स्कूल प्रमुखों को इन हिदायतों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

CM मान आज स्टार्टअप पंजाब कॉन्क्लेव में होंगे शामिल

जालंधर. पंजाब CM भगवंत मान आज जालंधर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह स्टार्टअप पंजाब कॉन्क्लेव में हिस्सा लेंगे। इसमें प्रदेश के कई बड़े व्यापारी-उद्योगपति हिस्सा लेंगे। कॉन्क्लेव में युवाओं के लिए नए स्टार्टअप और इन्वेस्टमेंट की घोषणा कर सकते हैं। इससे पहले स्टार्टअप के लिए पंजाब सरकार कई उपाय कर चुकी 500 करोड़ का 'पंजाब स्टार्टअप फंड: सरकार ने सूबे के उभरते उद्यमियों के लिए 500 करोड़ रुपए के विशेष फंड की घोषणा की थी। यह फंड मुख्य रूप से कृषि-तकनीक और मैन्यूफैक्चरिंग स्टार्टअप पर फोकस्ड होगा। आसान कारोबार पोर्टल: उद्यमियों को सरकारी कागजी कार्रवाई से बचाने के लिए एक सिंगल विंडो डिजिटल पोर्टल लॉन्च किया गया। अब स्टार्टअप रजिस्ट्रेशन और सब्सिडी का पैसा सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर होता है। महिला उद्यमियों के लिए विशेष कोटा: मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि स्टार्टअप फंड का 25% हिस्सा विशेष रूप से महिला उद्यमियों द्वारा शुरू स्टार्टअप के लिए रिजर्व रहेगा। मशीन लर्निंग और AI हब: मोहाली को उत्तर भारत के सबसे बड़े AI और रोबोटिक्स हब के रूप में विकसित करने की योजना पेश की गई। पहले भी हुए कॉन्क्लेव खेती को हाई-टेक बिजनेस बनाने पर चर्चा हो चुकी है। इसके लिए 2026 के अंत तक पंजाब से कम से कम 5 नए यूनिकॉर्न निकालने का लक्ष्य रखा गया। पंजाब में मिशन प्रगति की शुरुआत: सीएम भगंवत मान बोले- प्रतियोगी परिक्षाओं के लिए दी जाएगी निशुल्क कोचिंग चंडीगढ़. युवाओं को करियर निर्माण के लिए तैयार करने पर और अधिक ध्यान केंद्रित करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को बठिंडा की जिला पुस्तकालय में मिशन प्रगति के तहत नामांकित अभ्यर्थियों एवं विद्यार्थियों से संवाद किया। इस पहल के अंतर्गत नौकरी तलाशने वालों को नौकरी देने वालों में बदलने के व्यापक प्रयासों के हिस्से के रूप में एसएसबी, पुलिस और सशस्त्र बलों सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं की तैयारी हेतु ग्रामीण और मेधावी विद्यार्थियों को मुफ्त अकादमिक एवं शारीरिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। बठिंडा जिला पुस्तकालय में मिशन प्रगति के अंतर्गत विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ठंड के बावजूद उपस्थित लोगों का स्वागत किया और इस कार्यक्रम को पंजाब के बच्चों के लिए उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा पंजाब सरकार ने जिला पुस्तकालय में मिशन प्रगति के तहत यह कोचिंग कार्यक्रम शुरू किया है, जहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग दी जा रही है। इसका उद्देश्य विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को सुविधा प्रदान करना है, जिन्हें गुणवत्तापूर्ण और किफायती कोचिंग सुविधाओं तक पहुंच नहीं मिल पाती। 40 छात्रों को दिया गया प्रवेश इस पहल के बारे में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले बैच में 40 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया है। उन्होंने आगे कहा अकादमिक कोचिंग के साथ-साथ विद्यार्थियों को शारीरिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है ताकि वे पूरी तरह स्वस्थ रहें। यह शारीरिक प्रशिक्षण पंजाब पुलिस और सी-पाइट के अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा सी-पाइट मैदान में दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को एसएसबी, पंजाब पुलिस, सीपीओ, सशस्त्र बलों तथा अन्य केंद्रीय और राज्य स्तरीय भर्ती परीक्षाओं के लिए तैयार किया जाएगा। प्रतिस्पर्धी माहौल में अभ्यर्थियों के समक्ष आने वाली चुनौतियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि आवश्यक अध्ययन सामग्री और महंगी किताबें अक्सर विद्यार्थियों की पहुंच से बाहर होती हैं। उन्होंने कहा विद्यार्थियों को पुस्तकालय के सदस्य के रूप में चुना जाएगा और आवश्यक पुस्तकें मुफ्त उपलब्ध कराई जाएंगी। यह कार्यक्रम मौजूदा बुनियादी ढांचे और संसाधनों का उपयोग करके शुरू किया गया है, जिससे महत्वपूर्ण वित्तीय बचत होती है। इस ढांचे का वर्णन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम शिक्षक-मार्गदर्शक मॉडल का अनुसरण करता है, जिसमें फैकल्टी सदस्य स्वयं वे अभ्यर्थी होते हैं जिन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लिया है। उन्होंने कहा यह पहल युवाओं की मदद करने वाले मॉडल के रूप में उभरी है और इसे शिक्षाविदों, विश्वविद्यालयों, पुलिस, खिलाड़ियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों और समाज के हर वर्ग का समर्थन प्राप्त है। इस सामूहिक भागीदारी ने कार्यक्रम को एक समुदाय-संचालित और सहयोगात्मक मॉडल में परिवर्तित कर दिया है। मिशन प्रगति के मार्गदर्शक दर्शन को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कोई भी पीछे न रहे के सिद्धांत पर आधारित है और युवा सशक्तिकरण, समान शैक्षिक अवसरों तथा सरकारी सेवाओं में बठिंडा के विद्यार्थियों की प्रतिनिधित्व बढ़ाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने उपस्थित लोगों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा और पंजाब के सर्वांगीण विकास तथा लोगों की खुशहाली के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है। राज्य सरकार के व्यापक दृष्टिकोण पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को नौकरी खोजने वालों के बजाय नौकरी देने वालों में बदलकर उनकी किस्मत बदलने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा पंजाब शिक्षा क्रांति के एक नए युग में प्रवेश कर चुका है और यह क्रांति विद्यार्थियों को भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार कर तथा उन्हें जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने में सक्षम बनाकर परिणाम दे रही है। युवाओं को नौकरियां प्रदान करने के लिए अभूतपूर्व कदम उठाए गए हैं, वहीं उनकी असीम ऊर्जा को सही दिशा देने के लिए समानांतर प्रयास भी किए जा रहे हैं। उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि जिस प्रकार एक रनवे विमान को सुचारु रूप से उड़ान भरने में सक्षम बनाता है, उसी प्रकार राज्य सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है। अतीत को याद करते हुए उन्होंने कहा कि यह निराशाजनक है कि एक समय गलत नीतियों के कारण गरीब बच्चों को शिक्षा के अधिकार से वंचित रखा गया, लेकिन अब यह सुनिश्चित करने के लिए दृढ़ प्रयास किए जा रहे हैं कि पंजाब के बच्चे अपने सपनों को हकीकत में बदल सकें और जीवन में नई ऊंचाइयों को छू सकें।

AAP सरपंच हत्याकांड के फरार आरोपियों को पुलिस ने दबोचा

अमृतसर. अमृतसर में आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच जरमैल सिंह की हत्या के मामले में पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले दोनों शूटरों को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या के बाद दोनों आरोपी पंजाब से फरार हो गए थे और रायपुर में अपने एक रिश्तेदार के घर छिपे हुए थे। तकनीकी निगरानी और पुख्ता इनपुट के आधार पर उनकी लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद पंजाब पुलिस ने रायपुर पुलिस के सहयोग से राजेंद्र नगर स्थित ऋषभ अपार्टमेंट में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड हासिल कर उन्हें अमृतसर लाया गया। बताया जा रहा है कि यह वारदात 4 जनवरी को उस समय हुई, जब तरनतारन जिले के गांव वल्टोहा के सरपंच जरमैल सिंह अमृतसर के मैरी गोल्ड रिज़ॉर्ट में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। समारोह के दौरान जब वे खाना खा रहे थे, तभी हमलावरों ने बेहद नजदीक से उनके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल जरमैल सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। फिलहाल पंजाब पुलिस गिरफ्तार किए गए दोनों शूटरों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के जरिए हत्या के पीछे की पूरी साजिश, मास्टरमाइंड और इस मामले में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 1,746 नए कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र देकर शुरू किया रोजगार अभियान

जालंधर  जब अधिकांश राज्यों में युवाओं के लिए सरकारी नौकरी एक खूबसूरत सपना बनकर रह गई है, तब पंजाब इसके विपरीत तस्वीर पेश कर रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज जालंधर के पीएपी ग्राउंड में 1,746 पुलिस कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र वितरित किए, जो एक रिकॉर्ड है और यह घोषणाओं के बजाय परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण को दर्शाता है। पंजाब सरकार 16 मार्च 2022 से औसतन प्रतिदिन 45 युवाओं को सरकारी नौकरियाँ प्रदान कर रही है, जिससे चार वर्षों से भी कम समय में 63,027 नियुक्तियाँ कर इतिहास रचा गया है। यह सामूहिक भर्ती न केवल पंजाब पुलिस को मजबूत करती है, बल्कि योग्यता-आधारित और पारदर्शी भर्ती के स्पष्ट संदेश को भी सुदृढ़ करती है। साथ ही, नव-शामिल बल को नशों, साइबर अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ लड़ाई में निर्णायक भूमिका निभाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।  पंजाब पुलिस के सशस्त्र और जिला कैडर के 1,746 कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “यह अत्यंत गर्व और संतोष की बात है कि इस सरकार के कार्यकाल के दौरान कुछ युवाओं ने दो या तीन सरकारी नौकरियाँ भी प्राप्त की हैं। अपने कार्यकाल के पहले दिन से ही मैंने यह सुनिश्चित किया कि योग्य युवाओं को उनका हक मिले और इसी कारण अब तक 63,027 युवाओं को सरकारी नौकरियाँ दी गई हैं। आज 1,746 और युवा पंजाब सरकार के परिवार में शामिल हुए हैं, जो अब राज्य की सामाजिक और आर्थिक प्रगति में सक्रिय भागीदार बनेंगे।” इन नियुक्तियों को कोई एहसान न बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “पंजाब के युवा अपनी योग्यता के आधार पर इन नौकरियों के हकदार हैं। दुर्भाग्यवश पिछली सरकारों ने कभी उनकी परवाह नहीं की। मुझे संतोष है कि ये भर्तियाँ पूरी तरह मेरिट के आधार पर की गई हैं। मैं नव-भर्ती युवाओं से अपील करता हूँ कि वे शासन का अभिन्न अंग बनकर मिशनरी भावना से जनता की सेवा करें।” नव-भर्ती उम्मीदवारों पर विश्वास व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि आप अपने पदों का उपयोग जरूरतमंदों और वंचितों की सहायता के लिए करेंगे। आपका कर्तव्य अधिकतम जनकल्याण सुनिश्चित करना है, ताकि समाज के हर वर्ग को लाभ मिल सके। ये भर्तियाँ पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से की गई हैं और उम्मीदवारों का चयन प्रतियोगी परीक्षाएँ उत्तीर्ण करने के बाद ही किया गया है।” सरकार के मुख्य एजेंडे को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “पहले दिन से ही इस सरकार का एकमात्र उद्देश्य सरकारी नौकरियों के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाना रहा है। आज जिला कैडर के 1,261 कांस्टेबलों और सशस्त्र कैडर के 485 कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। यह आपके जीवन की एक नई शुरुआत है और मैं आप सभी को पंजाब पुलिस में शामिल होने पर बधाई देता हूँ।” पुलिस बल की मजबूती पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा, “पिछले चार वर्षों में 10,264 युवाओं को पंजाब पुलिस के विभिन्न रैंकों में भर्ती किया गया है। यह हम सभी के लिए गर्व का क्षण है। पंजाब पुलिस ने हमेशा देश की एकता और अखंडता की रक्षा की है और इस सीमावर्ती राज्य में शांति बनाए रखी है। हमारे पुलिस कर्मियों के बलिदानों के कारण ही पंजाब आज एक शांतिप्रिय राज्य के रूप में जाना जाता है।” मुख्यमंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि चुनौतियाँ अभी भी बनी हुई हैं। उन्होंने कहा, “सीमावर्ती राज्य होने के नाते पंजाब को गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। हमारी पुलिस फोर्स समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ इनका सामना कर रही है। पड़ोसी देशों द्वारा हमारे युवाओं को गुमराह करने और पंजाब को आतंकवाद के अंधकारमय दौर में वापस धकेलने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिन्हें किसी भी सूरत में सफल नहीं होने दिया जाएगा।” नशों के खिलाफ लड़ाई का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “पंजाब नशों के खिलाफ जंग लड़ रहा है। हमारी पुलिस ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम में योद्धाओं की तरह काम कर रही है। नशा तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है और नशे के पैसे से बनाई गई संपत्तियों को ध्वस्त किया जा रहा है। ऐसे तत्व समाज के दुश्मन हैं और सरकार उन्हें किसी भी हालत में बख्शेगी नहीं।” उन्होंने आगे कहा, “‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम का दूसरा चरण शुरू कर दिया गया है। जब तक पंजाब से नशों का पूरी तरह खात्मा नहीं हो जाता, हम चैन से नहीं बैठेंगे। उभरती चुनौतियों का सामना करने के लिए यह आवश्यक है कि पुलिस बल को उन्नत जांच विधियों, विज्ञान और प्रौद्योगिकी से निरंतर अपग्रेड किया जाए। मुझे विश्वास है कि पंजाब पुलिस अपनी गौरवशाली विरासत को पूर्ण पेशेवर प्रतिबद्धता के साथ बनाए रखेगी।” नव-भर्ती जवानों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “यह आपके लिए एक यादगार अवसर है क्योंकि आप पंजाब पुलिस परिवार का हिस्सा बन रहे हैं। अपनी ड्यूटी को समर्पण, कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता के साथ निभाएँ तथा राज्य की प्रगति और इसके लोगों की खुशहाली में सार्थक योगदान दें। आपको जन शिकायतों के निवारण और न्याय प्रदान करने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।”

लुधियाना में युवक को नंगा कर पीटने का आरोपी नाबालिग हिरासत में

चंडीगढ़. लुधियाना। जीवन नगर इलाके में एक लड़के को पकड़कर कपड़े उतारकर मारपीट के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई उस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद की गई। बताया जाता है कि जीवन नगर इलाके में एक 16 वर्षीय नाबालिग बाइक पर तेज रफ्तार से घूमकर लोगों को डराने-धमकाने और लूटपाट की वारदातें करता था। समाज सेवक करण का आरोप है कि उक्त नाबालिग से इलाके के लोग काफी परेशान थे। बुजुर्गों और राहगीरों के लिए सड़क पर चलना तक मुश्किल हो गया था। आरोप है कि वीरवार को इसी नाबालिग व उसके साथियों ने एक अन्य लड़के को पकड़ लिया और उसे जीवन नगर स्थित एक पार्क में ले गए। वहां ठंड के मौसम में उसके कपड़े उतरवाकर डंडों से बेरहमी से पिटाई की। इस दौरान उन्होंने पीटते हुए अपने मोबाइल पर वीडियो भी बनाई। आरोप यह भी है कि पीड़ित नाबालिग से पैसे भी छीने ले गए। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में रोष फैल गया। लड़के के पिता ने इलाका पार्षद को इस बारे में बताया। लोगों ने वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले नाबालिग की पहचान की और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने उस मारपीट करने वाले नाबालिग को हिरासत में लिया। घटना से नाराज जीवन नगर के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर चौकी जीवन नगर के बाहर एकत्र होकर पकड़े गए नाबालिग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर सोनू लाला, गणपति, नवीन, बबलू, अमित, विक्की, बंटी लाला, सुरेंद्र गर्ग, अंकुश कुमार, इंद्र, उपेंद्र लाला, संजय कुमार, आवेश कुमार और भारी संख्या में दुकानदार उपस्थित रहे। पूछताछ की जा रही है सूचना मिलने पर एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -कुलबीर सिंह, एसएचओ, थाना फोकल प्वाइंट