samacharsecretary.com

तेजस्वी यादव की सीट पर आग का तांडव, शॉर्ट सर्किट से मची अफरातफरी, 20 घर जले

वैशाली वैशाली जिले के राघोपुर दियारा इलाके में भीषण आग लगने से करीब 20 घर जलकर राख हो गए। यह घटना देर रात जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के जुड़ावनपुर करारी पंचायत अंतर्गत माली टोला में हुई। जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। सबसे पहले दिनेश भगत के घर में शॉर्ट सर्किट से आग लगी, जिसके बाद तेज पछुआ हवा के चलते आग ने देखते ही देखते आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलते ही कई अग्निशामक वाहन मौके पर पहुंचे और दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक 20 घर पूरी तरह जल चुके थे। इस हादसे में गोरख भगत, कृष्ण भगत, रंजीत कुमार मालाकार, नीतीश कुमार, नमेधारी राय, चनारीक राय, दिलीप राय, मुन्नी देवी, कन्हैया कुमार, सन्नी कुमार, मनीष कुमार, पुतुल कुमारी, सिमरन कुमारी, अंजली कुमारी समेत कई परिवारों के घर जलकर राख हो गए। आगजनी में लगभग 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। सभी अग्नि पीड़ित परिवार मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे, ऐसे में इस घटना ने उनकी रोजी-रोटी पर गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। स्थानीय प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता देने की तैयारी की जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो महीने पहले भी इसी गांव में भीषण आग लगी थी, लेकिन अब तक पीड़ितों को कोई ठोस सहायता नहीं मिल पाई है, जिससे लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

बोर्ड छात्रों के लिए बड़ी खबर: 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से

अजमेर राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं का टाइम टेबल घोषित कर दिया है। 10वीं की परीक्षा 12 फरवरी से 28 फरवरी तक आयोजित होगी। वहीं, 12वीं की परीक्षा 12 फरवरी से 11 मार्च तक परीक्षा होगी। परीक्षा में कुल 19 लाख 86 हजार 422 परीक्षार्थी भाग लेंगे। बोर्ड सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि इन परीक्षाओं के दौरान करीब 6 अवकाश रहेंगे, जिसमें चार रविवार और दो अवकाश होली और धुलण्डी के रहेंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा के लिए 19 लाख 86 हजार 422 परीक्षार्थी पंजीकृत किए गए हैं। इनमें सेकेंडरी के 10 लाख 68 हजार 610, सीनियर सेकेंडरी के 9 लाख 5 हजार 872 परीक्षार्थी शामिल हैं। वरिष्ठ उपाध्याय के 4123 और प्रवेशिका के 7817 परीक्षार्थी हैं। कुल 6193 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।   सचिव ने बताया कि सुरक्षा को लेकर पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। प्रश्न पत्र पुलिस थानों और चौकियों में रखे जाएंगे। सेंटर्स पर नकल न हो, इसे लेकर सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी। साथ ही वीडियोग्राफी भी होगी। बोर्ड ने संवेदनशील और अति संवेदनशील परीक्षा केन्द्र चिन्हित किए हैं। इनमें विशेष तौर पर वीडियोग्राफी की जाएगी। परिणाम जल्द घोषित करने के प्रयास किए जाएंगे। जयपुर में हाई पावर कमेटी की बैठक आयोजित राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के सफल आयोजन के लिए राज्य स्तरीय उच्चाधिकार प्राप्त परीक्षा समिति की बैठक शासन सचिव स्कूल शिक्षा कृष्ण कुणाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। शिक्षा संकुल में आयोजित बैठक में गृह विभाग, शिक्षा विभाग एवं सामान्य प्रशासन विभाग से संबंधित प्रमुख बिन्दुओं, कानून व्यवस्था, प्रश्न-पत्रों के सुरक्षित वितरण व उनकी परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा, जिला स्तरीय परीक्षा संचालन समितियों का गठन व परीक्षा संचालन के लिए रेस्मा कानून आदि बिन्दुओं पर चर्चा की गई। इसके साथ ही अति संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों पर अनुचित साधनों की रोकथाम के लिए विशेष व्यवस्थाओं पर बात की गई। परीक्षाओं को पारदर्शी बनाए रखने के लिए प्रश्न पत्र केंद्रों की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने व एकल केंद्र बनाने से यथासंभव बचने के लिए कहा। साथ ही उन्होंने गत वर्षों के परिणाम के आंकड़ों की समीक्षा कर इसके आधार पर केंद्रों की सुरक्षा रणनीति बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी सत्र एक अप्रैल से शुरू किए जाने के मद्देनजर इस बार दसवीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम पहले जारी करने के निर्देश दिए, जिससे विद्यालयों में 11वीं कक्षा की प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित न हो।   यह रहेगा टाइम टेबल माध्यमिक, माध्यमिक व्यावसायिक एवं प्रवेशिका परीक्षा वर्ष 2026- गुरुवार 12 फरवरी को अंग्रेजी, शनिवार 14 फरवरी को ऑटोमोटिव/सौंदर्य एवं स्वास्थ्य/स्वास्थ्य देखभाल/सूचना प्रौद्योगिकी व सूचना प्रौद्योगिकी की समर्पित सेवाएं (आईटी एण्ड आईटीज), फुटकर बिकी/ट्यूरिज्म एण्ड हॉस्पिटैलिटी/निजी सुरक्षा/अपैरल मेड-अप्स एंड होम फर्निशिंग/इलेक्ट्रोनिक्स एण्ड हार्डवेयर/कृषि/प्लम्बर/टेलिकॉम/बैंकिंग फाईनेंशियल सर्विस एण्ड इन्श्योरेंस/कन्स्ट्रक्शन/फूड प्रोसेसिंग, मंगलवार 17 फरवरी को सामाजिक विज्ञान, गुरुवार 19 फरवरी को हिंदी, शनिवार 21 फरवरी को विज्ञान, मंगलवार 24 फरवरी को गणित, गुरुवार 26 फरवरी को संस्कृत (प्रथम प्रश्न पत्र), शुक्रवार 27 फरवरी को तृतीय भाषा संस्कृत/उर्दू/गुजराती/सिन्धी/पंजाबी, शनिवार 28 फरवरी को संस्कृत (द्वितीय प्रश्न पत्र) की परीक्षा होगी।   उच्च माध्यमिक, उच्च माध्यमिक व्यावसायिक एवं वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा वर्ष 2026- गुरुवार 12 फरवरी को मनोविज्ञान, शुक्रवार 13 फरवरी को अंग्रेजी अनिवार्य, शनिवार 14 फरवरी को लोक प्रशासन, सोमवार 16 फरवरी को भूगोल/लेखाशास्त्र/भौतिक विज्ञान, मंगलवार 17 फरवरी को कम्प्यूटर विज्ञान/इन्फोरमेटिक्स प्रैक्टिसेस, बुधवार 18 फरवरी को संस्कृत साहित्य/संस्कृत वाङ्मय, गुरुवार 19 फरवरी को पर्यावरण विज्ञान, शुक्रवार 20 फरवरी को हिंदी अनिवार्य, शनिवार 21 फरवरी को दर्शन शास्त्र/सामान्य विज्ञान, सोमवार 23 फरवरी को राजनीति विज्ञान/भूविज्ञान/कृषि विज्ञान, मंगलवार 24 फरवरी को चित्रकला, बुधवार 25 फरवरी को गणित, गुरुवार 26 फरवरी को अंग्रेजी साहित्य/टंकण लिपि (हिन्दी), शुक्रवार 27 फरवरी को ऋग्वेद/शुक्ल यजुर्वेद/कृष्ण यजुर्वेद/सामवेद/अथर्ववेद/न्याय दर्शन/वेदान्त दर्शन/मीमांसा दर्शन/जैन दर्शन/निम्बार्क दर्शन/वल्लम दर्शन/सामान्य दर्शन/रामानन्द दर्शन/व्याकरण शास्त्र/साहित्य शास्त्र/पुराणेतिहास/धर्मशास्त्र/ज्योतिष शास्त्र/सामुद्रिक शास्त्र/वास्तुविज्ञान/पीरोहित्य शास्त्र, शनिवार 28 फरवरी को अर्थशास्त्र/शीप लिपि-हिन्दी/शीघ्र लिपि अंग्रेजी/कृषि जीव विज्ञान/जीव विज्ञान, बुधवार 4 मार्च को इतिहास/व्यवसाय अध्ययन/कृषि रसायन विज्ञान/रसायन विज्ञान, गुरुवार 5 मार्च को कंठसंगीत/नृत्य कथक/वाद्य संगीत (तबला), (पखावज), (सितार), (सरोद), (वायलिन). (दिलरुबा), (बांसुरी), (गिटार), शुक्रवार 6 मार्च को ऑटोमोटिव/सौदर्य एवं स्वास्थ्य/स्वास्थ्य देखभाल/सूचना प्रौद्योगिकी व सूचना प्रौद्योगिकी की समर्पित सेवाएं (आईटी एण्ड आईटीज)/फुटकर बिकी/ट्यूरिज्म एण्ड हॉस्पिटैलिटी (टेबल एण्ड ट्यूरिज्म)/अपैरल मेड-अप्स एण्ड होम फर्निशिंग/इलेक्ट्रोनिक्स एण्ड हार्डवेयर (इलैक्टि्रकल एण्ड इलेक्ट्रोनिक्स)/कृषि (सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली)/प्लम्बर/टेलीकॉम/बैंकिंग फाईनेशियल सर्विस एण्ड इन्श्योरेंस/कन्स्ट्रक्शन/फूड प्रोसेसिंग, शनिवार 7 मार्च को समाजशास्त्र, सोमवार 9 मार्च को गृह विज्ञान, मंगलवार 10 मार्च को हिन्दी साहित्य/उर्दू साहित्य/सिन्धी साहित्य/गुजराती साहित्य/पंजाबी साहित्य/राजस्थानी साहित्य/फारसी/प्राकृत भाषा/टंकण लिपि (अंग्रेजी), बुधवार 11 मार्च को शारीरिक शिक्षा की परीक्षा होगी।   माध्यमिक, माध्यमिक व्यावसायिक एवं प्रवेशिका मूक बधिर (CWSN) परीक्षा वर्ष 2026- गुरुवार 12 फरवरी को अंग्रेजी, शनिवार 14 फरवरी को ऑटोमोटिव/सौंदर्य एवं स्वास्थ्य/स्वास्थ्य देखभाल/सूचना प्रौद्योगिकी व सूचना प्रौद्योगिकी की समर्पित सेवाएं (आईटी एण्ड आईटीज), फुटकर बिक्री/ट्यूरिज्म एण्ड हॉस्पिटैलिटी/निजी सुरक्षा/अपैरल मेड-अप्स एण्ड होम फर्निशिंग/इलेक्ट्रोनिक्स एण्ड हार्डवेयर/कृषि/प्लम्बर/टेलीकॉम/बैंकिंग फाईनेंशियल सर्विस एण्ड इन्श्योरेंस/कन्स्ट्रक्शन/फूड प्रोसेसिंग, मंगलवार 17 फरवरी को सामाजिक विज्ञान, गुरुवार 19 फरवरी को हिन्दी अनिवार्य, शनिवार 21 फरवरी को विज्ञान, मंगलवार 24 फरवरी को गणित की परीक्षा होगी।   उच्च माध्यमिक, उच्च माध्यमिक व्यावसायिक मूक बधिर (CWSN) परीक्षा वर्ष 2026- शुक्रवार 13 फरवरी को अंग्रेजी अनिवार्य, शनिवार 14 फरवरी को लोक प्रशासन, सोमवार 16 फरवरी को भूगोल, शुक्रवार 20 फरवरी को हिन्दी अनिवार्य, सोमवार 23 फरवरी को राजनीतिक विज्ञान, मंगलवार 24 फरवरी को चित्रकला, बुधवार 4 मार्च को इतिहास, शुक्रवार 6 मार्च को ऑटोमोटिव/सौंदर्य एवं स्वास्थ्य/स्वास्थ्य देखभाल/सूचना प्रौद्योगिकी व सूचना प्रौद्योगिकी की समर्पित सेवाएं (आईटी एण्ड आईटीज)/फुटकर बिक्री/ट्यूरिज्म एण्ड हॉस्पिटैलिटी (ट्रैवल एण्ड ट्यूरिज्म)/अपैरल मेड-अप्स एण्ड होम फर्निशिंग/इलेक्ट्रोनिक्स एण्ड हार्डवेयर (इलैक्टि्रकल एण्ड इलेक्ट्रोनिक्स)/कृषि (सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली)/प्लम्बर/टेलीकॉम/बैंकिंग फाईनेंशियल सर्विस एण्ड इंश्योरेन्स/कन्स्ट्रक्शन/फूड प्रोसेसिंग, शनिवार 7 मार्च को समाज शास्त्र, सोमवार 9 मार्च को गृह विज्ञान, मंगलवार 10 मार्च को हिन्दी साहित्य की परीक्षा होगी।

बहादुर बच्चों के लिए बड़ा सम्मान: राज्य स्तरीय वीरता पुरस्कार, आवेदन की अंतिम तारीख आज

रायपुर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा अदम्य साहस, शौर्य, वीरता और बुद्धिमत्ता का परिचय देने वाले बच्चों को सम्मानित करने के लिए प्रतिष्ठित राज्य वीरता पुरस्कार के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. यह पुरस्कार उन बालक-बालिकाओं को समर्पित है, जिन्होंने किसी विशेष घटना में निःस्वार्थ भाव से किसी जीवन को बचाने या गंभीर क्षति से संरक्षित करने का साहसिक कार्य किया हो. पुरस्कार के लिए पात्रता में आवेदक की आयु 18 वर्ष से कम होना अनिवार्य है. घटना की अवधि 1 जनवरी 2025 से 15 दिसंबर 2025 के बीच की होनी चाहिए. चयनित बच्चों को 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा. इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन 20 दिसंबर 2025 तक संबंधित जिला महिला एवं बाल विकास कार्यालय में जमा कर सकते हैं. पुरस्कार से संबंधित विस्तृत जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.cgwcd.gov.in पर उपलब्ध है.

मध्य प्रदेश में शीत लहर का असर: 20 जिलों में घना कोहरा, ट्रेन और फ्लाइट सेवाएं बाधित

भोपाल मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से में घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। ग्वालियर-चंबल, रीवा, सागर संभाग सहित करीब 20 जिलों में कोहरा छाया हुआ है, जहां कई जगहों पर विजिबिलिटी मात्र 50 मीटर तक रह गई है। ठंड भी बढ़ गई है और कई जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने ग्वालियर, भिंड, मुरैना सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि जबलपुर, कटनी, शहडोल में येलो अलर्ट है। सुबह 10 बजे तक कोहरे के छाए रहने की संभावना जताई गई है। कोहरे का असर सुबह और देर रात सबसे ज्यादा रहता है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो रहा है। प्रभावित जिले और अलर्ट     ऑरेंज अलर्ट: ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर आदि।     येलो अलर्ट: जबलपुर, कटनी, शहडोल, सिंगरौली आदि। कुल 20 जिलों में कोहरा और ठंड का असर ज्यादा है। ट्रेन सेवाओं पर असर घने कोहरे के कारण उत्तर भारत से आने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। शताब्दी एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, पंजाब मेल समेत कई महत्वपूर्ण ट्रेनें प्रभावित हैं। देरी 30 मिनट से लेकर 8 घंटे तक दर्ज की गई है। दिल्ली से भोपाल, ग्वालियर और इंदौर आने वाली ट्रेनें सबसे ज्यादा लेट हैं। फ्लाइट्स प्रभावित इंदौर से दिल्ली और मुंबई की उड़ानें कोहरे के कारण प्रभावित हो रही हैं। कई फ्लाइट्स देरी से उड़ान भर रही हैं या रद्द हो रही हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरलाइंस से संपर्क कर लेटेस्ट अपडेट लें।

उप मुख्यमंत्री साव ने बघेल पर निशाना साधा, कहा- ऐसे लोग सवाल उठाएं तो…

रायपुर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए जाने पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तंज कसते हुए कहा कि 5 साल तक कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को भयभीत करके रखा था. ऐसे लोग सवाल उठाए तो अच्छा नहीं है. नशे-नक्सलवाद के खिलाफ लगातार कार्रवाई हुई है. घटना हो रही है, उस पर त्वरित कार्रवाई हो रही है. अपराधी कितना भी बड़ा बख्शा नहीं जा रहा है. भोपाल रवाना होने से पहले उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मीडिया से चर्चा में कहा कि शहरी आवास भारत सरकार की बैठक में शामिल होने जा रहा हूं. चार राज्यों के शहरी आवास मंत्रियों की बैठक है. केंद्र परिवर्तित योजना की समीक्षा होगी. वहीं नया रायपुर को तहसील बनाने की प्रस्ताव पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नया रायपुर को तहसील बनाने के लिए सूचना का प्रकाशन हुआ है. लोगों से दावा-आपत्ति भी मंगाया गया है. बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में छत्तीसगढ़ की भागीदारी पर अरुण साव ने कहा कि पार्टी के संविधान में एक प्रक्रिया है. राष्ट्रीय परिषद के सदस्य मतदाता होते हैं. चुनाव के लिए विधिवत रूप से पूरी प्रक्रिया होगी. लोकतांत्रिक तरीके से पार्टी में चुनाव होता है.

ठिठुरता झारखंड! रांची सहित इन इलाकों में अगले 4 दिन छाया रहेगा घना कोहरा, मौसम विभाग की चेतावनी

रांची झारखंड के कुछ हिस्सों में अगले चार दिनों तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता बुरी तरह प्रभावित होगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने  इसकी जानकारी दी। इन जिलों में घने कोहरे की संभावना मौसम विभाग के अनुसार, पलामू, देवघर, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो और धनबाद में घने कोहरे का अलर्ट हैं। इसमें कहा गया है कि इन जिलों में सुबह के समय दृश्यता में काफी कमी आ सकती है और यह 50 से 200 मीटर के बीच रहेगी। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया, "झारखंड के निचले क्षोभमंडल में हल्की दक्षिण-पूर्वी से पूर्वी हवाएं चल रही हैं। उत्तरी और कुछ मध्य जिलों के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। यह स्थिति 23 दिसंबर तक बनी रहेगी।" उन्होंने कम दृश्यता के कारण सुबह-सुबह यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी।  अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की खिचड़ी मेला, गोरखपुर महोत्सव की तैयारियों और विकास कार्यों की समीक्षा

गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार देर शाम गोरखनाथ मंदिर के बैठक कक्ष में प्रशासन, पुलिस, नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर मकर संक्रांति पर गोरखनाथ मंदिर में लगने वाले विश्व प्रसिद्ध खिचड़ी मेला, गोरखपुर महोत्सव की तैयारियों तथा जिले में जारी विकास कार्यों की समीक्षा की। खिचड़ी मेले की तैयारियों को लगभग पूर्ण जानकर उन्होंने संतोष जताया। साथ ही कहा कि नववर्ष के पहले दिन उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ प्रशासन के लिए खिचड़ी मेला के प्रबंध के रिहर्सल के रूप में होगी। इस दिन के प्रबंध से खिचड़ी मेला की तैयारियों को भी भौतिक रूप से परखने का अवसर मिल जाएगा।  समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने खिचड़ी मेला के प्रबंध को लेकर सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों से उनकी तैयारी की जानकारी ली। मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में तय की गई समय सीमा 20 दिसंबर के पूर्व ही सभी तैयारियां संतोषजनक मिलीं। उन्होंने तैयारियों पर निरंतर ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि खिचड़ी मेला से पहले नववर्ष के पहले दिन एक जनवरी को भी मंदिर में गुरु गोरखनाथ जी के दर्शन को भारी भीड़ उमड़ेगी। यह मेला की तैयारियों के रिहर्सल का अच्छा मौका होगा। खिचड़ी मेला में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाने आते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सुविधा और सहूलियत में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। गोरखपुर महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को मिले भरपूर मौका 11 से 13 जनवरी तक आयोजित होने वाले गोरखपुर महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महोत्सव में स्थानीय कलाकारों, प्रतिभाओं को भरपूर मौका दिया जाए। पारंपरिक वाद्य, गायन व नृत्य कलाओं को महोत्सव के जरिये प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जाएं। कहा कि महोत्सव को लेकर जो भी कार्य शेष रह गए हैं, उन्हें शीघ्रता से पूरा कर लिया जाए। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर महोत्सव में हरेक सेक्टर के विकास, योजनाओं और उपलब्धियों पर गोष्ठी कराने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।  नववर्ष के पहले दिन रामगढ़ताल क्षेत्र में हों सुरक्षा और सुविधा के पर्याप्त इंतजाम मुख्यमंत्री ने नववर्ष के पहले दिन शहर के खास पर्यटन केंद्र रामगढ़ताल क्षेत्र में भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद को देखते हुए लोगों की सुविधा और सहूलियत के लिए पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर आए नववर्ष के पहले दिन इस क्षेत्र में सीसी कैमरों से निगरानी की जाए ताकि कोई अराजकता न फैलाने पाए। उन्होंने इस अवसर विशेष पर रामगढ़ताल क्षेत्र में पार्किंग की अतिरिक्त व्यवस्था करने और इसका समय रहते प्रचार करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कहीं भी सड़क पर वाहन न खड़े होने पाएं।  सड़क निर्माण की परियोजनाओं को तेजी से पूर्ण कराएं जनपद में जारी विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए सीएम ने कहा कि सड़क निर्माण की जितनी भी परियोजनाएं जारी हैं, उनको गुणवत्तापूर्ण तरीके से तेजी से पूर्ण कराया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा सुगम यातयात व्यवस्था देना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विरासत गलियारा की भी समीक्षा की और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि विरासत गलियारा के दायरे में आने से जो दुकान पूरी तरह प्रभावित हुईं हों, उनके स्वामियों को दुकान उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम और जीडीए की तरफ से पहल की जाए। प्रभावित दुकानदारों का व्यवस्थित पुनर्वास किया जाना सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने शीतलहर में आमजन की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में अलाव जलवाने के भी निर्देश दिए। बैठक में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह सहित प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट: पति ने 2 साल तक खर्च नहीं दिया तो मुस्लिम महिला ले सकती है तलाक

 बिलासपुर छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने मुस्लिम कानून के तहत दिए गए एक अहम फैसले में स्पष्ट किया है कि यदि पति लगातार दो वर्ष तक पत्नी को भरण-पोषण नहीं देता है, तो पत्नी को तलाक लेने का कानूनी अधिकार है। कोर्ट ने फैमिली कोर्ट द्वारा पारित तलाक की डिक्री को सही ठहराते हुए पति की याचिका खारिज कर दी। हालांकि, पत्नी द्वारा लगाए गए क्रूरता के आरोप को कोर्ट ने स्वीकार नहीं किया। यह मामला झारखंड के बोकारो जिले की एक मुस्लिम महिला से जुड़ा है, जिसका निकाह छत्तीसगढ़ निवासी व्यक्ति से 30 सितंबर 2015 को मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। निकाह के 15 दिन बाद ही दंपती के बीच विवाद शुरू हो गया। इसके बाद पत्नी मायके चली गई और तब से वहीं रह रही है। इस दौरान पति-पत्नी के बीच अलगाव बना रहा। पत्नी ने फैमिली कोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया कि पति ने मई 2016 से अब तक उसे कोई भरण-पोषण नहीं दिया। मुस्लिम विवाह विच्छेद अधिनियम, 1939 की धारा 2(II) के तहत दो वर्ष तक भरण-पोषण न देना तलाक का वैध आधार है। फैमिली कोर्ट ने दस्तावेजों के आधार पर पत्नी की याचिका स्वीकार करते हुए तलाक की डिक्री पारित कर दी। इस फैसले को पति ने हाई कोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन डिवीजन बेंच ने तलाक के आधार को सही मानते हुए याचिका खारिज कर दी। भरण-पोषण न देना बना तलाक का आधार हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया कि मुस्लिम कानून में पत्नी का भरण-पोषण पति की कानूनी जिम्मेदारी है। यदि पति लगातार दो वर्ष तक यह जिम्मेदारी नहीं निभाता, तो पत्नी को तलाक मांगने का अधिकार है, चाहे वह पति से अलग रह रही हो। कोर्ट ने पाया कि लगभग आठ वर्षों तक पति ने कोई भरण-पोषण नहीं दिया, जो कानूनन गंभीर चूक है। क्रूरता के आरोप से राहत कोर्ट ने यह भी कहा कि पत्नी द्वारा लगाए गए क्रूरता के आरोप पर्याप्त साक्ष्यों के अभाव में साबित नहीं हो सके। इससे पहले ट्रायल कोर्ट भी पति और उसके स्वजन को आईपीसी की धारा 498ए सहित अन्य धाराओं में बरी कर चुका था। इसी आधार पर हाई कोर्ट ने क्रूरता के आरोप को खारिज करते हुए पति को इस बिंदु पर राहत दी, लेकिन तलाक की डिक्री को बरकरार रखा।

जनता दर्शन में आई शिकायत पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को दिए निर्देश

कड़ाके की ठंड में भी सीएम योगी ने किया जनता दर्शन, 250 लोगों की समस्याएं सुनीं सीएम ने  गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियों को दो टूक हिदायत दी है कि लोगों को विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाय। ऐसे एजेंटों से पीड़ितों का पूरा पैसा भी वापस कराया जाय। उन्होंने विदेश भेजने के नाम पर फ्राॅड करने वालों को चिन्हित करने और उनके खिलाफ कड़ा एक्शन लेने के निर्देश दिए।  मुख्यमंत्री ने यह निर्देश शनिवार सुबह कड़ाके की ठंड में आयोजित जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनते हुए दिए। गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित जनता दर्शन में सीएम योगी आदित्यनाथ ने करीब 250 लोगों से मुलाकात की। सीएम योगी ने सभी को आश्वस्त किया कि किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है। हर समस्या का प्रभावी निराकरण कराया जाएगा। जनता दर्शन में आई एक महिला ने परिवार के एक सदस्य को विदेश भेजने के नाम पर एजेंट द्वारा ठगी किए जाने का मामला मुख्यमंत्री को बताया। इस पर मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को एजेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित का पैसा दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला को भी समझाते हुए कहा, विदेश जाने के नाम पर एजेंटों के चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए। गलत तरीके से जाने पर लोगों को वहां जेल में रहना पड़ जाता है।  जनता दर्शन में आए पुलिस से जुड़े मामलों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि पीड़ितों की मदद में विलंब और लापरवाही कतई नहीं होनी चाहिए। जनता की समस्याओं के समाधान में  किसी तरह की लापरवाही हुई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी तय है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। हर पीड़ित की त्वरित मदद की जाए। उन्होंने जमीन कब्जाने की शिकायतों पर विधिसम्मत कठोर कदम उठाने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में हर बार की तरह इस बार भी कुछ लोग इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। इस पर सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि जल्द से जल्द अस्पताल के इस्टीमेट की प्रक्रिया पूर्ण कराकर शासन को उपलब्ध करा दें। इलाज के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त मदद की जाएगी। जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों को प्यार-दुलारकर सीएम योगी ने उन्हें स्कूल जाने के लिए प्रेरित करते हुए चॉकलेट दिया।

मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप और स्पष्ट निर्देशों के बाद जागा राजस्व परिषद, आयोग को भेजा जाएगा संशोधित अधियाचन

सभी विभागों को मुख्यमंत्री को दो टूक चेतावनी, भर्तियों में लंबवत और क्षैतिज हर तरह के आरक्षण प्रावधानों का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित हो: मुख्यमंत्री लखनऊ राजस्व लेखपाल भर्ती में आरक्षण संबंधी विसंगतियों का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजस्व परिषद को कड़ी चेतावनी दी है और साफ निर्देश दिए हैं कि आरक्षण प्रावधानों में किसी भी प्रकार की त्रुटि, लापरवाही या मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री के स्पष्ट हस्तक्षेप के बाद राजस्व परिषद अब श्रेणीवार रिक्तियों के आंकड़ों की दोबारा समीक्षा कर रहा है और संशोधित अधियाचन तैयार कर उसे एक सप्ताह के भीतर अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) को भेजने की तैयारी कर रहा है ताकि भर्ती पूर्णतः नियमसम्मत और आरक्षण प्रावधानों के शत-प्रतिशत अनुपालन के साथ आगे बढ़े। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि सरकारी भर्तियों में आरक्षण व्यवस्था का अक्षरशः पालन अनिवार्य है। लंबवत और क्षैतिज दोनों तरह के आरक्षण का सम्मान न केवल कानूनी दायित्व है बल्कि सामाजिक न्याय की मूल भावना भी है। उन्होंने सभी विभागों को दो टूक संदेश देते हुए चेतावनी दी है कि आरक्षण से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की विसंगति पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और ऐसी त्रुटियाँ शासन के स्तर पर कदापि स्वीकार नहीं होंगी। बता दें कि राजस्व लेखपाल के 7,994 पदों के लिए 16 दिसंबर 2025 को जारी विज्ञापन के बाद यह तथ्य सामने आया कि जनपदों से भेजे गए श्रेणीवार आंकड़ों में स्पष्ट विसंगतियाँ थीं। मुख्यमंत्री द्वारा संज्ञान लिए जाने के बाद अब राजस्व परिषद श्रेणीवार कार्यरत एवं रिक्त पदों की गणना को पुनः सत्यापित कर रहा है, ताकि संशोधित अधियाचन पूरी तरह त्रुटिरहित स्वरूप में आयोग को भेजा जा सके। राजस्व परिषद की सचिव कंचन वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद परिषद ने प्राथमिकता से सभी आंकड़ों की समीक्षा प्रारंभ कर दी है। उन्होंने कहा कि संशोधित अधियाचन आयोग को भेजे जाने के उपरांत लेखपाल भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी, विवाद-मुक्त और आरक्षण प्रावधानों के पूर्ण अनुपालन के साथ आगे बढ़ेगी। प्रदेश सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि आरक्षण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ स्वीकार नहीं की जाएगी, विसंगतियों पर कड़ी कार्रवाई अनिवार्य है, और युवाओं के भविष्य से जुड़ी भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और कानून सम्मत आचरण सर्वोच्च प्राथमिकता है। लेखपाल भर्ती में हुआ यह हस्तक्षेप न केवल वर्तमान प्रक्रिया को सुधारने वाला कदम है, बल्कि आने वाली सभी भर्तियों के लिए भी सख्त संदेश है कि आरक्षण संबंधी नियमों के पालन में जरा भी ढिलाई नहीं चलेगी।