samacharsecretary.com

झपटमारी गिरोह पर शिकंजा, झारखंड पुलिस ने 33 आरोपियों को किया गिरफ्तार

जमशेदपुर झारखंड के जमशेदपुर में पुलिस ने 26 महिलाओं समेत एक चेन झपटमारी गिरोह के 33 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि गिरोह के सदस्य दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान मोबाइल फोन, चेन और पर्स छीनने जैसे अपराध करने के लिए सोमवार को यहां पहुंचे थे तथा इस गिरोह में सात पुरुष सदस्य पश्चिम बंगाल के हुगली के निवासी हैं। बिष्टुपुर थाने के प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि मंगलवार को कालीबाड़ी मंदिर के पास चेन छीनने की वारदात की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के उपरांत पूछताछ के लिए 2 महिलाओं को हिरासत में लिया। थाना प्रभारी ने दावा किया कि सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों महिलाओं ने सारा सच उगल दिया एवं बताया कि वे एक गिरोह का हिस्सा हैं और यह गिरोह पूजा उत्सव के दौरान अपराध करने के लिए जुगसलाई आया था। दुबे ने बताया कि पुलिस की एक टीम जुगसलाई पहुंची और सात पुरुषों समेत 31 अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरोह के काम करने के तौर-तरीके के बारे में पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरोह के सदस्य शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाकर मोबाइल फोन, चेन और पर्स छीनते थे।  

कथा वाचिका के बिगड़े बोल ने बढ़ाई लड़ाई की आग, यूपी के कई गांवों में धार्मिक प्रतिबंध

आगरा उत्तर प्रदेश में आगरा जिले के शमशाबाद के गांव खेड़ा में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के दौरान कथावाचिका बाल विदुषी लक्ष्मी का बयान विवादों में आ गया है। कथा के दौरान कथावचिका लक्ष्मी ने मंच से मुसलमानों के गांवों में प्रवेश पर रोक लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर गांव में बोर्ड लगना चाहिए जिस पर लिखा हो कि यहां पर मुसलमानों का प्रवेश वर्जित है। उन्होंने कहा कि क्योंकि ये आएंगे तो क्या करेंगे। हमें कैसे पता चलेगा कि कौन अच्छा और कौन बुरा है। उन्होंने सनातनी को सावधान रहने की बात कही। लक्ष्मी का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लक्ष्मी ने सड़क पर आई लव मोहम्मद, लेकिन पैसा कमाने के लिए हिंदू नामों और देवी-देवताओं के नाम से ढाबे चलाते हैं। उन्होंने कहा कि देश-दुनिया से समाचार में कैसी-कैसी खबरें आ रही हैं। कथावाचिका ने कहा कि कहा कि मुसलमान खाने-पीने की वस्तुओं में और फलों में थूक मिलाकर हिंदुओं का धर्म भ्रष्ट करते हैं। इसलिए सर्तक रहना चाहिए। उनसे कुछ भी नहीं खरीदना चाहिए। इसी दौरान उन्होंने कहा कि व्यास पीठ से लक्ष्मी ने यह भी आरोप लगाया कि मुसलमान आतंकवादी गतिविधियों में शामिल पाए जाते हैं। हमारी बहन-बेटियों को झांसा देने की कोशिश करते हैं। इसलिए उनसे सावधान रहना जरूरी है। यह कार्यक्रम योगी यूथ ब्रिगेड धर्म रक्षा ट्रस्ट की ओर से आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का हिस्सा था। आयोजन स्थल पर ग्रामीणों की बड़ी भीड़ जुटी और कथावाचिका के बयानों पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। फिलहाल, लक्ष्मी के इस विवादित बयान को लेकर सोशल मीडिया पर कड़ी आलोचना और चर्चा हो रही है।  

झारखंड में रावण को मिला एक दिन का जीवनदान, 65 फीट ऊंचा पुतला आज होगा दहन

रांची बीते गुरुवार को हुई बारिश ने दशहरे के उत्सव को फीका कर दिया। सिंदरी के ऐतिहासिक शहरपुरा शिव मंदिर परिसर में दशकों से चली आ रही राम-रावण युद्ध इस साल बारिश की वजह से एक दिन टल गया है। जानकारी के मुताबिक शिव मंदिर परिसर में आज रावण दहन होगा क्योंकि बीते गुरुवार को लगातार मूसलाधार बारिश से 65 फीट ऊंचा रावण का पुतला पूरी तरह भीग गया। लोगों का कहना है कि सुबह से ही लोग रावण दहन को लेकर काफी उत्साहित थे, लेकिन सुबह से लगातार बारिश के कारण सभी का उमंग फीका पड़ गया है। लोगों ने बताया कि यह सब स्वयं इंद्र देव के हस्तक्षेप के कारण हुआ है। परिसर में खड़े रावण के पुतले को एक दिन का और जीवनदान मिल गया है। शहरपुरा मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि मौसम को देखते हुए अब रावण दहन कार्यक्रम अगले दिन आयोजित किया जाएगा। सुरक्षा व श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रख यह निर्णय लिया गया है।  

देवभोग के 36 गांव बारिश की मार से अलग-थलग, बाढ़ और फसल संकट से तनाव बढ़ा

रायपुर छत्तीसगढ़ के अधिकतर हिस्सों में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना जताई है. बीते कुछ दिनों से हो रही बारिश से कई इलाकों में नदी-नाले फिर से उफान पर आ गए हैं. कहीं 36 गांवों का ब्लॉक मुख्यालय से संपर्क टूट गया है, तो कहीं बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. इधर फसलों को लेकर किसानों की भी टेंशन बढ़ गई है. 36 गांव का टूटा ब्लॉक मुख्यालय से संपर्क, बाढ़ जैसे हालत गरियाबंद जिले में मानसूनी गतिविधि का असर देखने को मिला है. लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं. बेलाट नाले का जल स्तर बढ़ गया है. इसके कारण देवभोग के झाखरपारा क्षेत्र के 36 गांव का सम्पर्क ब्लॉक मुख्यालय से टूट गया है. इसके अलावा तहसील मुख्यालय अमलीपदर का सुख तेल नदी में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. वहीं देर रात बिजली के पोल टूटने से 100 गांव में ब्लेक आउट की स्थिति निर्मित हो गई. तहसीलदार देवभोग अजय चंद्रवंशी ने बताया कि जिले में गुरुवार को 7 तहसीलों में 471 मिमी बारिश हो गई. आज दूसरे दिन भी बारिश जारी है. सबसे ज्यादा अमलीपदर तहसील में 101 मिमी बारिश दर्ज हुई है. बारिश के बार नदी नाला में निर्मित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन एलर्ट मोड पर है. देवभोग के बेलाट नाला पर तहसीलदार अमले के साथ पहुंच रस्सी से बेरिकेटिंग कर दिया है, ताकि कोई आवाजाही न कर सके. बलरामपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में भी हो रही बारिश प्रदेश के बलरामपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में भी तेज बारिश हो रही है. अगले दो दिन बारिश होने की संभावना जताई गई है. ऐसे में किसान की अपनी फसलों को लेकर चिंता बढ़ गई है.

आसमान से फुहार: बिहार में बारिश के संकेत, जानें अगले दिनों का मौसम

पटना बिहार के सभी जिलों में आज यानी शुक्रवार को भी बारिश और वज्रपात के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने बिहार के अधिकांश भागों में एक या दो स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवा के साथ बक्सर, भोजपुर, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, बांका, जमुई, जहानाबाद, शेखपुरा, पटना, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद में एक या दो स्थानों पर बारिश का यलो का अलर्ट जारी किया है। वहीं पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, रोहतास, औरंगाबाद और नवादा में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इधर, गयाजी, कैमूर और पश्चिमी चंपारण में अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटे में पटना, बक्सर, समस्तीपुर, पूर्णिया समेत कई जिलों में बारिश हुई। आज सुबह से ही कई जिलों में बारिश हो रही है। कुछ जिलों धूप छांव का खेल जारी है। अगले 48 घंटे में तीन डिग्री तक गिर सकता है अधिकतम तापमान मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी प्रक्रिया शुरू हो गई है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और उससे जुड़ी ट्रफ रेखा के कारण भारी वर्षा की संभावनाएं बनी हुई हैं। तीन अक्टूबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इस कारण बिहार के अधिकांश हिस्सों में लगातार हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है। तीन, चार और पांच अक्टूबर को पूरे बिहार में अधिकतम स्थानों पर बारिश होगी। वहीं छह से आठ अक्टूबर के बीच वर्षा की तीव्रता धीरे-धीरे घटकर कुछ स्थानों तक सीमित हो जाएगी। अगले 48 घंटे में राज्य के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री तक कमी होने का पूर्वानुमान हैं। तीन अक्टूबर     गया, कैमूर और पश्चिम चंपारण में अत्यंत भारी बारिश के आसार हैं। इन जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है     पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, रोहतास, औरंगाबाद, नवादा में भारी बारिश के आसार हैं। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।     अधिकांश जिलों में तेज हवा चलने और वज्रपात के आसार हैं। चार अक्टूबर     गोपालगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, पश्चिम चंपारण और पूर्वी चंपारण में अत्यंत भारी बारिश के आसार हैं। इन जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।     सीवान, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज में भारी बारिश के आसार हैं। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पांच अक्टूबर     पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, मधुबनी, अररिया, किशनगंज, भागलपुर, बांका, जमुई में अति भारी बारिश के आसार हैं। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। छह अक्टूबर     पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं। इन जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के जिलों  तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है।

देशभर में गांधी जयंती और अहिंसा का उत्सव: शिल्पी नेहा तिर्की

रांची झारखंड में स्वर्गीय सोमा टाना भगत स्मारक समिति के सौजन्य से बीजुपाड़ा चौक पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री एवं स्वर्गीय सोमा टाना भगत जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, स्मारक समिति के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र की जनता मौजूद रही। स्मारक समिति के द्वारा मंच से कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के हाथों टाना भगत, सामाजिक कार्यकर्ता, जन जनप्रतिनिधि, मूर्तिकार, शिल्पकार और पत्रकारों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में मनीष उरांव नमक युवक भी शामिल था जिसने पिछले दिनों भारी बारिश के बाद बांध में बह रहे अपने दो साथियों की जान बचाई। सम्मान के तौर पर मनीष को साइकल का उपहार मिला। इस मौके पर कृषि मंत्री तिर्की ने कहा कि देश में गांधी की जयंती को अहिंसा दिवस के तौर पर मनाया जाता है, लेकिन आज ही के दिन एक संगठन अपना 100 साल पूरे होने का जश्न मना रही है। ये वही लोग है जिन्होंने महात्मा गांधी की हत्या की। तिर्की ने कहा कि उनका जश्न देश की जनता को धर्म – जाति में बांटने, देश में नफरत फैलाने, देश को कमजोर करने का है। वही दूसरी तरफ गांधी को मनाने वाले लोग देश को एक जुट रखने, देश के तानाबाना को गढ़ने, सामूहिकता में जीने पर विश्वास रखते है। मंत्री ने कहा कि समाज में लोगों को ऐसी विघटनकारी शक्तियों से सावधान रहने और उनका जवाब देने के लिए तैयार रहने की जरूरत है। समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि वर्तमान हालात में युवाओं की भूमिका बढ़ गई है। उन्हें इस को समझना होगा की उनके भविष्य को लेकर केंद्र में बैठी सरकार कैसे बेपरवाह है। वोट चोरी का नारा सिर्फ वोट तक समिति नहीं है बल्कि ये युवाओं के रोजगार, उनके अधिकार, उनकी शिक्षा, उनके भविष्य से जुड़ा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने जो सत्य – अहिंसा के साथ अपने अधिकार के लिए लड़ने का संदेश दिया है उसे अपने जीवन में उतारना होगा।  

हरियाणा में गृहमंत्री अमित शाह का मजेदार बयान, रोहतक में किया दूध-छाछ प्रेम की तारीफ

रोहतक  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज हरियाणा दौरे पर हैं। वह रोहतक की महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (MDU) के खेल मैदान में पहुंचे। यहां उन्होंने डेयरी प्लांट का उद्घाटन किया। उनके साथ सीएम नायब सैनी भी मौजूद हैं। उनके आगमन से पहले MDU के छात्र संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इसके बाद अमित शाह कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे, जहां ब्रह्मसरोवर के किनारे मेला ग्राउंड में एक रैली आयोजित की गई है। इस रैली में तीन नए आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके अतिरिक्त, वह प्रदेश के 12 जिलों में कुल 825 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सैनी समेत मंत्री और विधायक भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। पाक बॉर्डर से पकड़ा हरियाणा का युवक, पूछताछ में ये बात आई सामने अमित शाह ने कहा कि आने वाले दिनों में हम डेयरी के प्लांट को निर्माण की दृष्टि से भी आत्मनिर्भर बनाएंगे। प्लांट बनाने का काम हम तीन गुना स्तर पर करेंगे। दुनिया के सबसे आधुनिक प्लांट हमारे भारत में हों, इस पर भी हम काम कर रहे हैं। 75 हजार डेयरी समितियां बनाई जाएंगीः शाह अमित शाह ने कहा कि आने वाले समय में 75 हजार डेयरी समितियां बनाई जाएंगी। मैं आज देश को बताना चाहता हूं कि हम दूध प्रेक्योरमेंट 1 हजार लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। जब प्रोक्योरमेंट बढ़ता है तो इसका फायदा सीधा पशुपालकों को मिलता है। अब तक देश में 31 हजार सहकारिता समितियां बनाई जा चुकी हैं। तीन समितियां राष्ट्रीय स्तर पर बनाई जा चुकी हैं। ये सभी का पैसा किसानों के बैंक खाते में जाएगा। मोदी सरकार ने राष्ट्रीय गोकुल धाम मिशन चलाया। डेयरी सेक्टर पिछले 11 साल में 70% तक बढ़ाः अमित शाह अमित शाह ने कहा कि भारत का डेयरी सेक्टर पिछले 11 साल में 70% तक बढ़ा है। हमारे दूध देने वाले पशुओं की संख्या 86 मिलियन थी, जो दस सालों में बढ़कर 112 मिलियन हो गई। देसी नस्ल की गाय का दूध का उत्पादन 29 मिलियन टन से बढ़कर 50 मिलियन टन तक बढ़ चुका है। 11 साल में डेयरी सेक्टर ने ढेर सारे बदलाव हुए हैं। जिसके कारण हमारा किसान समृद्ध हुआ है। हमारा हरियाणा प्रति व्यक्ति दूध उपलब्धता में अच्छा रहता है। भारत आज विश्व का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश बन चुका है। प्लांट से उत्तर भारत में सप्लाई होगीः गृह मंत्री केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पूरे एनसीआर और उत्तर भारत में यहां से सप्लाई की जाएगी। आज डेयरी के प्लांट कई राज्यों में लग चुके हैं। इससे किसानों और पशु पालकों की आय में बहुत बढ़ी वृद्धि होगी। मैं हरियाणा के पशुपालकों के साथ सरकार को कहना चाहता हूं कि भ्रूण स्थानांतरण और लिंग निर्धारण की तकनीक हर पशुपालक को उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही प्रदेश में जैविक खेती को भी बढ़ावा देने पर सरकार को काम करना चाहिए। हरियाणा में सबसे ज्यादा दूध और छाछ पी जाती है अमित शाह ने कहा कि साबर डेयरी वालों ने यहां प्लांट क्यों डाला है, मैं बताता हूं कि दूध और छाछ सबसे ज्यादा कहीं पी जाती है तो वह हरियाणा है। साबर डेयरी ने बहुत छोटे स्तर से काम शुरू किया जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैल चुका है। आज सहकारिता डेयरी के माध्यम से 35 लाख बहनें 85 हजार करोड़ का गुजरात में व्यापार करती हैं। यही हाल अब हरियाणा में भी होने वाला है। सहकारिता क्षेत्र में खूब विकास किया उन्होंने कहा कि मैं सबसे पहले प्रधानमंत्री का सहकारिता क्षेत्र की ओर से धन्यवाद करता हूं। उन्होंने सहकारिता मंत्रालय बनाकर सालों पुरानी मांग को पूरा किया है। इन चार सालों में सहकारिता मंत्रालय ने देश के सभी राज्यों को साथ लेकर सहकारिता क्षेत्र में खूब विकास किया है। 2030 से पहले पूरे देश में सहकारिता समिति का गठन होगा। सेना में सबसे ज्यादा हरियाणा के युवा अमित शाह ने कहा कि सबसे पहले हरि की इस भूमि हरियाणा को मैं प्रणाम करता हूं। यहीं पर श्रीकृष्ण ने गीता को पहली बार गाया और विश्व को एक ऐसा ज्ञान दिया कि जिसके आधार पर पलायन भाव के बगैर व्यक्ति ईश्वर से जुड़ सकता है।हरियाणा की महान भूमि को प्रणाम करता हूं। मैं जब भी हरियाणा आता हूं तो हरियाणा की मातृ शक्ति को विशेष प्रणाम करता हूं। ये छोटा सा हरियाणा है, लेकिन सबसे ज्यादा सेना में हरियाणा के युवा हैं। आज हरियाणा के कई लाल देश की सुरक्षा में दिन रात लगे हुए हैं। जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल होते हैं तो मेरे हरियाणा के खिलाड़ी मेडल लेकर आते हैं। इसके अलावा यहां के किसानों से देश का अनाज भंडार भरता है। "इस प्लांट से दूध की मांग पूरी की जाएगी": नायब सैनी हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि रोहतक में स्थापित इस आधुनिक डेयरी प्लांट के माध्यम से दिल्ली, एनसीआर और समूचे उत्तर भारत में दूध की बढ़ती मांग को पूरा किया जाएगा।  

असदुद्दीन ओवैसी का ताज़ा बयान: महिलाओं पर हिंसा करने वालों के लिए पैगंबर का उदाहरण

नई दिल्ली  सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने 'आई लव मोहम्मद' वाले पोस्टर लेकर प्रदर्शन करने वाले लोगों को बड़ी नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि यदि आप पोस्टर उठाकर प्रदर्शन करने जाते हैं तो उसे फेंककर लौट नहीं जाना चाहिए। ओवैसी ने कहा कि आप आई लव मोहम्मद बोलते हो तो पोस्टर को दिल से लगाकर रखो। यह नहीं कि प्रदर्शन किया और फिर फेंक कर चले गए। पोस्टर उठाना आसान है, लेकिन उनसे कुछ सीखना भी चाहिए। आखिर कितने शादीशुदा लोग हैं, जो अपनी पत्नियों पर हाथ उठाते हैं। पैगंबर मुहम्मद ने कभी किसी महिला पर उंगली तक नहीं उठाई थी। ओवैसी ने कहा कि यह याद रखने की जरूरत है कि पैगंबर मुहम्मद घर में अपना काम खुद करते थे। आपका हाल यह है कि आप पहुंचते हैं तो कहते हैं कि चाय लाओ, पानी लाओ। ऐसा लगता है कि जैसे आप कोई बहुत बड़ा जिहाद करके आए हैं। AIMIM लीडर ने कहा कि यह सोचने की बात है कि पैगंबर मोहम्मद के दौर में महिलाएं कैसे रहती थीं। तब महिलाओं को पूरे अधिकार मिले थे और वे पढ़ सकती थीं। उन्हें कोई देख नहीं सकता था, लेकिन उन्हें रोका नहीं गया कि वे तालीम हासिल न करें। हैदाराबाद के सांसद ने कहा कि हमें देखना होगा कि हमारी बेटियां पढ़ें। आई लव मोहम्मद का पोस्टर उठाने से ही सब कुछ नहीं होता। असल में पूछ तो अशर के मैदान में होगी कि आपने जिंदगी में क्या किया। महाराष्ट्र में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने यह भी कहा कि आज बहुत से लोग अपने मां-बाप को ही बुजुर्ग होने पर बोझ समझते हैं। जमीन के लिए लड़ते हैं और खानदान में दीवारें उठ जाती हैं। असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि हमें हर दिन नमाज पढ़नी चाहिए। यह सिर्फ जुमे तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए। इसके अलावा रमजान में हर दिन रोजा रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि ढाई पर्सेंट जकात का नियम है तो फिर उसमें डंडी नहीं मारनी चाहिए। इसके अलावा असदुद्दीन ओवैसा ने मुस्लिम युवाओं से नशे से दूर रहने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि यदि आप नशा करके शरीर को कमजोर कर लेंगे तो फिर कौम की दीवार ही गिर जाएगी। यदि किसी घर की दीवार गिर जाती है तो लोग घर बना लेते हैं। ऐसे ही आप गिर जाएंगे तो कौम कमजोर हो जाएगी।  

युवकों पर बेल्ट से हमला, आरोपी ने लगाई ‘भगवाराज जिंदाबाद’ की घोषणा; पुलिस जांच में जुटी

कोरबा छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के खरमोरा अटल आवास में दशहरा के दिन एक युवक ने दो युवकों को करीब आधे घंटे तक बेल्ट से दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक नशे की हालत में था। पीड़ित युवक मुड़ापार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वीडियो में आरोपी "भगवाराज जिंदाबाद" कहते हुए पिटाई करता नजर आ रहा है। मार खा रहे युवक हाथ जोड़कर आरोपी से छोड़ने की गुहार लगाते रहे, यहां तक कि बीमार माँ का हवाला भी दिया, लेकिन हमलावर नहीं माना। स्थानीय लोग मौके पर तमाशबीन बने रहे और कुछ ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। मारपीट के दौरान पीड़ितों का खाना भी छीनकर फेंक दिया गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अटल आवास में नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का अड्डा बन चुका है। यहां आए दिन मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से नियमित छापेमारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और शिकायत के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दुकान पर झाडू लागने की बात को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद , 2 घंटे रहा चक्का जाम

चंदला चंदला में दो पक्षों में विवाद हो गया विवाद का कारण आपसी बुराई बताया जा रहा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार बाला वर्मा चंदला के महावीर ऑटो पार्ट्स के सामने एक मिठाई की दुकान संचालित करता है सौरभ जैन अपनी जानकारी देते हुए बताया कि आज सुबह बाला वर्मा का पुत्र अमन वर्मा जब दुकान खोलने आया तो मैं भी अपनी दुकान के बाहर झाड़ू लगा रहा था तभी अमन बुरी बुरी गालियां देने लगा जिसको लेकर विवाद हो गया विवाद इस कदर बढ़ा कि अमन ने फोन लगाकर अपने दोस्तों और भाइयों को मौके पर बुला लिया जिससे अमन और उसके भाई पिता और साथियों ने जैन परिवार के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दे डाला वहीं गुस्साए परिजनों ने मुख्य सड़क पर जाम की स्थिति निर्मित कर दी जैसे ही पूरे मामले की जानकारी चंद्ला पुलिस को लगी तो मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम हटवाने का प्रयास किया मगर जैन समाज के लोग एक नहीं माने और देखते ही देखते सैकड़ो की तादाद में महिलाएं और पुरुष एकत्रित होते गए वहीं जब यह मामला तूल पकड़ता दिखाई दिया तो पुलिस ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एसडीओपी नवीन दुबे और चंदला थाना प्रभारी उदयवीर सिंह तोमर की समझाइए इसके बाद जाम में बैठे लोग मान गए और थाने पहुंचकर पूरे मामले की एफआईआर दर्ज करवाने को तैयार हुए वही चंदला पुलिस ने बताया कि फरियादी राजेश जैन की रिपोर्ट पर बाला वर्मा अमन वर्मा गोलू वर्मा दीपू वर्मा नायक श्रीवास संकल्प मिश्रा शिवकुमार वर्मा सचिन सांसिया  सुमित भुर्जी सहित 9 लोगों पर विभिन्न धाराओं पर मामला पंजीबद्ध किया गया है पूरे मामले पर पांच से अधिक लोग घायल हुए हैं दोनों पक्षों पर विवाद हुआ था दोनों पक्षों के लोग घायल है अभी एक पक्ष के घायलों की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई किंतु अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन निष्पक्ष जांच करके आरोपी गणों को कब तक सलाखों के पीछे धकेला जाएगा जो शासन प्रशासन के लिए चुनौती का विषय बना हुआ है