samacharsecretary.com

गणपति बप्पा मोरया! दिल्ली में 12 दिन गूंजेगा जयकारा, 25 सितंबर को होगा विसर्जन

नई दिल्ली गणेश चतुर्थी के साथ आज से राजधानी में गणपति उत्सव की रौनक बढ़ जाएगी। मुंबई के प्रसिद्ध 'लाल बाग के राजा' की तर्ज पर दिल्ली में भी कई बड़े सार्वजनिक गणेश महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। पीतमपुरा से लेकर लक्ष्मी नगर तक इस बार धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक और पर्यावरण से जुड़े संदेश भी इस बार पंडालों में दिखाई देंगे। पीतमपुरा के डीडीए ग्राउंड में लाल बाग का राजा ट्रस्ट दिल्ली की ओर से 14 से 24 सितंबर तक 10वां गणपति पूजा महा महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों के मुताबिक 14 सितंबर शाम 6 बजे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गणपति प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस दौरान 2100 श्रद्धालु एक साथ शंखनाद कर रिकॉर्ड बनाने का प्रयास करेंगे। गणपति पंडाल में दिखेगी भारत की तकनीकी ताकत इसके साथ ही लक्ष्मी नगर में श्री गणेश सेवा मंडल की ओर से 14 से 25 सितंबर तक प्रियदर्शिनी विहार स्थित डीडीए मिनी क्रिकेट स्टेडियम, बैंक एन्क्लेव में 12 दिवसीय गणेशोत्सव का आयोजन होगा। इस बार यहां गणेश महोत्सव की सिल्वर जुबली है। ऐसे में इस बार की थीम 'विघ्नहर्ता से विकासकर्ता 25 वर्ष की आस्था, 2047 विकसित आधुनिक भारत का संकल्प' रखी गई है। गणपति बप्पा के हाथों में मेड इन इंडिया ड्रोन, ब्रह्मोस मिसाइल और सेमीकंडक्टर की प्रस्तुति इस बार खास आकर्षण होगी। पूजा में क्या क्या खास…     2100 श्रद्धालु पीतमपुरा में एक साथ करेंगे शंखनाद     12 दिनों का गणेशोत्सव लक्ष्मी नगर में मनाया जाएगा     12 ज्योतिर्लिंगों की झलक के साथ ही केदारनाथ मंदिर का डिजाइन भी यहां आएगा नजर इस बार 12 दिन गूंजेगा ‘गणपति बप्पा मोरया’ विघ्नहर्ता, प्रथम पूज्य और सिद्धियों के दाता भगवान श्री गणेश के स्वागत की तैयारी घरों और पंडालों में पूरी हो गई है। महापर्व इस बार 12 दिनों का होगा। अनंत चतुर्दशी यानी 25 सितंबर को गणपति विसर्जन होगा। आम तौर पर 11वें दिन विसर्जन होता था, लेकिन इस बार 12वें दिन होगा। बप्पा की स्थापना के तीन उत्तम मुहूर्त     मुंबई के प्रख्यात ज्योतिर्विद् आचार्य पं. घनश्याम तिवारी के अनुसार, 14 सितंबर को बप्पा की     आज से शुरू होगा गणेश महापर्व, 25 को अनंत चतुर्दशी पर होगा विसर्जन     तिथि बढ़ने से एक दिन ज्यादा मिलेगा पूजा का अवसर     स्थापना के तीन शुभ मुहूर्त हैं। पहला सुबह 7:15 से 7:59 बजे, दूसरा 9:30 से 11:02 बजे और तीसरा दोपहर 12:09 से 12:58 बजे तक रहेगा। क्या कहते हैं दिल्ली के ज्योतिषाचार्य वहीं, पंडितों की मानें तो दिल्ली में गणेश पूजा और मूर्ति स्थापना के लिए दोपहर का समय सबसे शुभ माना गया है। पंचांग के अनुसार सुबह 11:02 बजे से दोपहर 1:31 बजे तक गणेश पूजा का शुभ मुहूर्त रहेगा। इस दौरान श्रद्धालु गणपति की स्थापना कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सकते हैं। ज्योतिषाचार्य आशीष शास्त्री के मुताबिक इस बार गणेश चतुर्थी 14 सितंबर को मनाई जा रही है। चतुर्थी तिथि सोमवार सुबह करीब 7:07 बजे शुरू होकर 15 सितंबर की सुबह 7:44 बजे तक रहेगी। गणेश चतुर्थी पर मध्याह्न काल में पूजा को विशेष महत्व दिया जाता है। इसी वजह से गणपति की स्थापना के लिए दोपहर का समय रखा गया है।

पठानकोट की बेटी अंशिका ने बढ़ाया देश का मान, जॉर्डन में एशियाई कराटे चैंपियनशिप में जीता सिल्वर

 पठानकोट  पंजाब के पठानकोट जिले के गाँव बड़ा भनवाल की होनहार बेटी अंशिका भारद्वाज ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का परचम लहराते हुए इतिहास रच दिया है। जॉर्डन की राजधानी अम्मान में 8 से 11 सितंबर तक आयोजित 24वीं एशियाई कराटे चैंपियनशिप में अंशिका ने अंडर-21 महिला 68 किलोग्राम भार वर्ग में देश के लिए रजत पदक (सिल्वर मेडल) हासिल किया। टूर्नामेंट के दौरान अंशिका ने असाधारण तकनीकी दक्षता और मानसिक दृढ़ता का परिचय दिया। उन्होंने ईरान, जॉर्डन और सऊदी अरब जैसी मजबूत टीमों की प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर फाइनल में जगह बनाई। कड़े खिताबी मुकाबले में सऊदी अरब की खिलाड़ी से हार का सामना करने के बाद उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि है। अंशिका के पिता भारतीय सेना में सेवारत हैं, जबकि उनकी माता एक शिक्षिका हैं। बचपन से ही घर में फौजी अनुशासन को देखकर बड़ी हुईं अंशिका ने 12वीं की पढ़ाई के साथ ही कराटे को अपना ध्येय बना लिया था। उसने 10वीं बीएस एम एस डी राजपूत पब्लिक स्कूल सुजानपुर 12वीं महाराणा प्रताप सीनियर सेकेंडरी स्कूल भनवाल से की है 22 सितंबर 2025 को वे केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में भर्ती हुईं और वर्तमान में 6वीं बटालियन, गोवा में तैनात हैं। अंतरराष्ट्रीय सफलता से पहले अंशिका ने नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित 5वीं केआईओ (KIO) सीनियर नेशनल कराटे चैंपियनशिप के -61 किग्रा वर्ग में देश भर के शीर्ष एथलीटों के बीच कांस्य पदक जीता था। अंशिका की इस शानदार सफलता पर सीआईएसएफ बल, खेल प्रेमियों और पठानकोट में खुशी की लहर है। अंशिका ने साबित कर दिखाया है कि कड़े अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।  

‘गरीब राजभर समाज में पैदा हुआ, इसलिए निशाना बनाते हैं’, ओम प्रकाश राजभर ने साधा विपक्ष पर निशाना

गरीब राजभर समाज में पैदा हुआ, इसलिए मेरी पैदाइश पर टिप्पणी: ओम प्रकाश राजभर   ओम प्रकाश सिंह पर पलटवार, बोले, मैं भी अनर्गल टिप्पणी कर सकता हूं लेकिन माता-पिता का अपमान करना हमारे संस्कार नहीं   सपा पर भी साधा निशाना, कहा, विधानसभा टिकट के लिए अपमान का घूंट पीकर पड़े हैं   लखनऊ  कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अपनी पैदाइश को लेकर की गई टिप्पणी पर सपा नेता ओम प्रकाश सिंह पर तीखा पलटवार किया है। सोशल मीडिया पर उन्हें ‘मित्र ओम प्रकाश सिंह जी’ संबोधित करते हुए राजभर ने कहा कि पिछले दो दिनों से उनका बयान सामने आ रहा है। बयान सुनकर उन्हें हैरानी नहीं हुई, बल्कि ओम प्रकाश सिंह पर तरस आया। उन्होंने कहा कि उनकी पैदाइश पर टिप्पणी इसलिए की गई, क्योंकि वह किसी जमींदार या ऊंची जाति में नहीं, बल्कि बेहद गरीब और असहाय राजभर समाज में पैदा हुए हैं।   राजभर ने कहा कि उन्हें राजभर होने का कभी दुख नहीं रहा। बल्कि इस बात की खुशी है कि जिस समाज में पैदा हुए, उसके लिए कुछ करने की नीयत और हौसला उनके अंदर है। उन्होंने कहा कि चाहें तो वह भी ओम प्रकाश सिंह पर अनर्गल टिप्पणी कर सकते हैं, लेकिन छोटी जाति में पैदा होने के बावजूद राजभर समाज ने किसी व्यक्ति के माता-पिता पर गलत बयानबाजी करना नहीं सिखाया। उन्होंने ओम प्रकाश सिंह के माता-पिता को प्रणाम करते हुए कहा कि कौन कब, कहां, किस कुल और किस जाति में पैदा होगा, यह कोई व्यक्ति तय नहीं करता। इसे परमात्मा तय करते हैं।   इसके बाद राजभर ने सपा और ओम प्रकाश सिंह पर सियासी हमला तेज करते हुए कहा कि शायद वे लोग ईश्वर को नहीं मानते। अगर मानते होते तो भगवान राम, रघुकुल, सूर्यवंश और सनातन का अपमान करने वाली समाजवादी पार्टी में एक विधानसभा टिकट के लिए अपमान का घूंट पीकर नहीं पड़े रहते।   राजभर ने कहा कि वह कर्म करने में विश्वास रखते हैं और कर्म के फल की चिंता नहीं करते। उन्होंने राजभर समाज के साथ पिछड़ों, दलितों और शोषितों की आवाज बुलंद करने का प्रण लिया है और उसी को पूरा करने में लगे हैं। उन्होंने ओम प्रकाश सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें सपा का टिकट चाहिए तो बेशक लें। जनता सब देख रही है। वह उन्हें भी देख रही है और उनकी पार्टी को भी। समय आने पर नतीजा भी जनता ही देगी।   कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं है कि ओम प्रकाश सिंह अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगेंगे और वह उनसे माफी की अपेक्षा भी नहीं रखते। लेकिन एक बार अपने माता-पिता को याद करके जरूर सोचें कि उनके जैसे छोटी जाति में पैदा हुए व्यक्ति की पैदाइश को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना उचित है या नहीं।   राजभर ने आखिर में लिखा कि बाकी ईश्वर उनका भला करे। इसके साथ उन्होंने ‘जय श्रीराम’ लिखकर अपनी पोस्ट समाप्त की।

जालंधर में 27 अक्टूबर से एशियन चैंपियंस ट्रॉफी, भारत-Pak समेत 6 टीमें लेंगी हिस्सा; एंट्री फ्री

जालंधर एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 की शुरुआत 27 अक्टूबर से जालंधर से होगी। फाइनल मुकाबला 5 नवंबर को मोहाली में खेला जाएगा। टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, जापान, मलेशिया, चीन और कोरिया की टीमें हिस्सा लेंगी। ओमान और बांग्लादेश को रिजर्व टीमों के तौर पर रखा।  इस दौरान टूर्नामेंट का लोगो भी जारी किया गया। हॉकी इंडिया के खिलाड़ी भी मौजूद रहे। सरकार ने 25 करोड़ 40 लाख रुपए का बजट रखा है। पूरे टूर्नामेंट में दर्शकों की एंट्री फ्री रहेगी। सरकार की तरफ से सभी उचित इंतजाम किए जाएंगे। मोहाली में होंगे निर्णायक मुकाबले लीग चरण के बाद टूर्नामेंट के मुकाबले मोहाली में खेले जाएंगे। 4 नवंबर को सेमीफाइनल मुकाबले होंगे। इसके साथ ही तीसरे और चौथे स्थान के लिए भी मुकाबला खेला जाएगा। 5 नवंबर को शाम 7 बजे फाइनल मुकाबला होगा। इसी के साथ एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 के विजेता का फैसला होगा। खिलाड़ियों को इंडस्ट्री व मैदान घुमाएंगे टूर्नामेंट में आने वाले खिलाड़ियों को पंजाब की स्पोर्ट्स इंडस्ट्री से भी रूबरू करवाया जाएगा। उन्हें हॉकी के मैदानों से लेकर स्पोर्ट्स इंडस्ट्री तक ले जाया जाएगा। साथ ही, उन्हें पंजाब के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी चखाया जाएगा। खिलाड़ियों को सरसों का साग और मक्की की रोटी खिलाने के साथ अमृतसर, बाघा बॉर्डर और जलियांवाला बाग भी ले जाने की योजना है। कोशिश रहेगी कि खिलाड़ियों को पंजाब की संस्कृति और विरासत का पूरा अनुभव कराया जाए। पुराने हॉकी खिलाड़ी भी सम्मानित होंगे इस टूर्नामेंट में बच्चों पर भी विशेष ध्यान रहेगा। हर मैच के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पुराने और दिग्गज हॉकी खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। पंजाब सरकार अब जूनियर और सीनियर हॉकी लीग आयोजित करने की दिशा में भी काम कर रही है। इसके अलावा, हॉकी इंडिया लीग में महिला और पुरुष दोनों वर्गों की पंजाब की टीमें शामिल होंगी।

नेशनल लोक अदालत में श्रीराम जनरल इंश्योरेंस ने निपटाए 400 प्रकरण

नेशनल लोक अदालत में श्रीराम जनरल इंश्योरेंस ने निपटाए 400 प्रकरण मुरैना  नेशनल लोक अदालत में श्रीराम जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड ने दुर्घटना में घायल व्यक्तियों और मृतकों के परिजनों द्वारा प्रस्तुत क्षतिपूर्ति दावों के निराकरण में सराहनीय सहयोग किया। 12 सितंबर 2026 को आयोजित लोक अदालत में कंपनी के लीगल हेड अश्वनी धनावत, डीजीएम लीगल घनश्याम भारद्वाज एवं मुरैना के विधि अधिकारी महेश गहलोत की मौजूदगी में प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया पूरी की गई। कंपनी के सहयोग से मध्यप्रदेश में करीब 400 प्रकरणों, जबकि मुरैना जिले में करीब 20 प्रकरणों का राजीनामा के माध्यम से निराकरण कराया गया। इसके चलते दुर्घटना पीड़ितों और मृतकों के परिजनों को क्षतिपूर्ति राशि प्राप्त होने का रास्ता आसान हुआ। लोक अदालत के माध्यम से प्रकरणों के त्वरित निराकरण से पीड़ित परिवारों को राहत मिली। कंपनी की ओर से कहा गया कि दुर्घटना में घायल या मृत व्यक्ति के परिवार को हुई क्षति की पूरी भरपाई संभव नहीं है, लेकिन क्षतिपूर्ति राशि के माध्यम से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहारा देने का प्रयास किया गया है।

वैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई, 24.44 बल्क लीटर अवैध मदिरा जप्त, 3 प्रकरण दर्ज

वैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई, 24.44 बल्क लीटर अवैध मदिरा जप्त, 3 प्रकरण दर्ज मुरैना  सागर जिले में जहरीली शराब की शिकायत के मद्देनजर कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ एवं उपायुक्त आबकारी संभागीय उड़नदस्ता ग्वालियर श्री संदीप शर्मा के निर्देशन में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।     इसी क्रम में 11 सितम्बर को जिला आबकारी अधिकारी श्री पारस गौतम के नेतृत्व में वृत्त सबलगढ़ के ग्राम कोलिया, घुरजा, चंदपुरा सलाई, चंदपुरा, जारोली, रायपुर नहर एवं बंधरेंटा क्षेत्र में संयुक्त दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत 3 प्रकरण दर्ज कर कुल 24.44 बल्क लीटर अवैध मदिरा जप्त की गई।    आबकारी विभाग द्वारा अवैध एवं जहरीली शराब के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

झारखंड में SIR ड्यूटी को लेकर सख्ती, लापरवाह शिक्षकों पर होगी अनुशासनिक कार्रवाई

रांची  मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में प्रतिनियुक्त शिक्षकों को इसमें लापरवाही महंगी पड़ेगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने एसआइआर के लिए प्रतिनियुक्त सभी शिक्षकों की उपस्थिति तथा एसआइआर के कार्यों में उनकी पूरी सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही इसमें रुचि नहीं लेने तथा जानबूझकर लापरवाही बरतनेवाले शिक्षकों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई करने के निर्देश सभी निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों को दिए है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों को पत्र भेजकर कहा है कि बच्चों के पठन-पाठन में अनावश्यक व्यवधान नहीं होना चाहिए। साथ ही एसआइआर की प्रक्रिया भी निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाना आवश्यक है। दोनों महत्वपूर्ण दायित्वों के बीच संतुलन स्थापित करते हुए उपलब्ध मानव संसाधन का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग किया जाना आवश्यक है। इसलिए शिक्षकों की आवश्यकता के अनुसार ही एसआइआर के लिए प्रतिनियुक्ति की जाए। साथ ही प्रतिनियुक्त शिक्षकों के समय एवं सेवाओं का पूर्ण एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अतिरिक्त शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति समाप्त करने के भी निर्देश दिए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रतिनियुक्त शिक्षकों के लिए प्रत्येक दिन रजिस्टर में उपस्थिति दर्ज कराने के भी निर्देश दिए हैं। उनके अनुसार, इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिक्षक प्रतिनियुक्ति अवधि में निर्धारित निर्वाचन कार्य का वास्तविक रूप से निर्वहन कर रहे हैं अथवा नहीं। उन्होंने यह भी कहा है कि यदि कोई शिक्षक एसआईआर के लिए विधिवत प्रतिनियुक्त किए जाने के बावजूद निर्धारित कार्य का निष्पादन नहीं करता है, कार्य के प्रति अपेक्षित रुचि नहीं लेता है अथवा जानबूझकर कार्य में लापरवाही करता है, तो तथ्यात्मक रिपोर्ट उपलब्ध कराते हुए उसके विरुद्ध नियमानुसार तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारंभ की जाए। उन्होंने सभी जिलों में प्रतिनियुक्त शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों की सूची विधानसभा क्षेत्रवार तैयार कर दिनांक 16 सितंबर शाम पांच बजे तक उपलब्ध कराने को भी कहा है। कई शिक्षक न तो पढ़ा रहे और न ही SIR का कार्य कर रहे दरअसल, एसआईआर में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी तथा स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह के बीच विमर्श हुआ था। इसमें शिक्षा सचिव ने उन्हें अवगत कराया कि विभिन्न विद्यालयों में कुछ शिक्षक मतदाता सूची का एसआइआर के लिए प्रतिनियुक्ति के नाम पर विद्यालय में नियमित शिक्षण कार्य नहीं कर रहे हैं और अनधिकृत रुप से अनुपस्थित हैं। इस कारण विद्यालयों में पठन-पाठन का कार्य प्रभावित हो रहा है।  

उदयपुर में BJP के प्रमोद सामर जीते, सलूंबर में बोर्ड बनाने के करीब पहुंची भाजपा

 उदयपुर उदयपुर नगर निगम चुनाव की मतगणना सूरजपोल स्थित राजस्थान कृषि महाविद्यालय (RCA) में सुबह 8 बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है। 80 वार्डों के 220 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज हो रहा है। शुरुआती दौर में सबसे पहले डाक मतपत्रों की गणना की गई। निगम के सभी 80 वार्डों की मतों की गिनती के लिए 5 अलग-अलग गणना कक्ष बनाए गए हैं, जहां अधिकतम 8 टेबल पर तेजी से गिनती चल रही है। चुनाव के शुरुआती रुझानों और परिणामों में बड़े उलटफेर और कड़े मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। महापौर पद के लिए भाजपा के सबसे प्रबल दावेदार प्रमोद सामर ने वार्ड नंबर 51 से शानदार जीत हासिल की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के गजेंद्र सिंह को शिकस्त दी। वहीं दूसरी ओर, वार्ड 17 से कांग्रेस के शहर जिला अध्यक्ष फतेह सिंह राठौर की पत्नी पूनम कंवर (डॉ. पूनम राठौड़) ने जीत का परचम लहराया है। अब तक घोषित प्रमुख परिणामों में भाजपा के जतिन श्रीमाली (वार्ड 33) और दीपक नागदा (वार्ड 49) विजयी रहे हैं। वहीं कांग्रेस के संजय शर्मा (वार्ड 1), हर्षवर्धन सिंह केलावत (वार्ड 2) और किशन गमेती (वार्ड 65) ने अपने-अपने वार्डों में जीत दर्ज की है। मतगणना स्थल के बाहर समर्थकों का जमावड़ा लगा हुआ है और अंतिम नतीजों की घोषणा जल्द होने की उम्मीद है। प्रतापगढ़: धरियावद में भाजपा-कांग्रेस बराबरी पर, सलूंबर में भाजपा बोर्ड की संभावना धरियावद नगर पालिका चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिला। कुल 20 सीटों में से भाजपा ने 10 और कांग्रेस ने भी 10 सीटों पर जीत दर्ज की। ऐसे में दोनों दल बराबर सीटों पर हैं और मुकाबला टाई हो गया है। अब बोर्ड गठन को लेकर निर्दलीय या अन्य समीकरण महत्वपूर्ण होंगे। वहीं, सलूंबर नगर परिषद के 25 वार्डों के चुनाव परिणाम में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई है। भाजपा ने 12 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को 11 सीटें मिली हैं। इसके अलावा एक सीट पर निर्दलीय और एक सीट पर बीएपी प्रत्याशी विजयी हुआ है। सलूंबर में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है, लेकिन निर्दलीय विजेता को भाजपा समर्थक माना जा रहा है। ऐसे में यदि निर्दलीय पार्षद भाजपा के साथ जाता है तो भाजपा के पास 13 पार्षदों का समर्थन हो सकता है। इस स्थिति में भाजपा के बोर्ड बनाने की संभावना मजबूत हो गई है।

मध्यप्रदेश में बड़ा पुलिस फेरबदल, 10 IPS समेत 137 अफसरों का ट्रांसफर; मनीष भारद्वाज को इंदौर की कमान

भोपाल  मध्यप्रदेश में रविवार रात पुलिस विभाग में बड़े फेरबदल किए गए हैं. गृह विभाग ने 10 IPS अधिकारियों और 127 राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों समेत कुल 137 पुलिस अफसरों के ट्रांसफर किए हैं. सभी अधिकारियों को आगामी आदेश तक नई पदस्थापना पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।  2023-24 बैच के 10 आईपीएस यहां से वहां मध्यप्रदेश में 10 IPS समेत 137 पुलिस अफसरों के तबादला सूची जारी हो गई है. तबादला सूची में 2023 बैच के 4 और 2024 बैच के 6 IPS अधिकारी शामिल हैं. कई अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय से मैदानी जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कुछ अधिकारियों को एक जिले से दूसरे जिले में नई जिम्मेदारी दी गई है।  IPS अधिकारियों की नई पदस्थापना आईपीएस मनीष भारद्वाज को पुलिस मुख्यालय की साइबर शाखा से हटाकर ACP कोतवाली, नगरीय इंदौर की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं मनोज कुमार को ACP एमपी नगर, नगरीय भोपाल पदस्थ किया गया है. इसके अलावा आलोक कुमार वर्मा को देवास से CSP रीवा की जिम्मेदारी दी गई है. वैभव प्रिया को रतलाम से SDOP नेपानगर, शुभम सिंह ठाकुर को जबलपुर से SDOP गाडरवारा और अमित कुमार को खंडवा से SDOP सिंगरौली पदस्थ किया गया है।  प्रमुख आईपीएस अफसरों की नई पदस्थापना  अधिकारी का नाम    वर्तमान पदस्थापना नई पोस्टिंग मनीष भारद्वाज डीएसपी, साइबर पुलिस मुख्यालय, भोपाल सहायक पुलिस आयुक्त (ACP), कोतवाली, नगरीय इंदौर आलोक कुमार वर्मा  सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP), देवास नगर पुलिस अधीक्षक (CSP), रीवा वैभव प्रिया सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP), रतलाम SDOO नेपानगर, बुरहानपुर शुभम सिंह ठाकुर सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP), जबलपुर SDOO गाडरवारा, नरसिंहपुर मनोज कुमार सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP), ग्वालियर सहायक पुलिस आयुक्त (ACP), एमपी नगर, नगरीय भोपाल लेखराज मीना सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP), छतरपुर SDOP सैलना, रतलाम काजल सिंह सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP), उज्जैन SDOP खुरई, सागर राजीव अग्रवाल सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP), रीवा SDOP कुक्षी, धार दीपांशु सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP), सागर SDOP मनावर, धार अमित कुमार सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP), खंडवा SDOP सिंगरौली   127 DSP स्तर के अधिकारियों का भी फेरबदल IPS अधिकारियों के साथ ही राज्य पुलिस सेवा के 127 अधिकारियों की पदस्थापना में बदलाव किया गया है. इनमें उप पुलिस अधीक्षक (DSP), SDOP, नगर पुलिस अधीक्षक (CSP), सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) और सहायक सेनानी स्तर के अधिकारी शामिल हैं. तबादला सूची में कई ऐसे अधिकारी भी हैं, जिन्हें पुलिस मुख्यालय से मैदानी जिम्मेदारियां दी गई हैं. वहीं अलग-अलग जिलों में तैनात SDOP और नगर पुलिस अधीक्षकों को भी दूसरी जगह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।     सूची में प्रशिक्षु DSP और कार्यवाहक DSP स्तर के अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं. बड़े स्तर पर हुए इस फेरबदल के बाद प्रदेश के कई जिलों और नगरीय पुलिस क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल गई हैं।  2024 बैच के इन आईपीएस के तबादले 2024 बैच के IPS अधिकारियों में लेखराज मीना को सहायक पुलिस अधीक्षक छतरपुर से एसडीओपी सैलाना, काजल सिंह को सहायक पुलिस अधीक्षक उज्जैन से एसडीओपी खुरई (सागर) पदस्थ किया गया है। वहीं राजीव अग्रवाल को सहायक पुलिस अधीक्षक रीवा से एसडीओपी कुक्षी (धार), दीपांशु को सहायक पुलिस अधीक्षक सागर से एसडीओपी मनावर (धार) और अमित कुमार को सहायक पुलिस अधीक्षक खंडवा से एसडीओपी सिंगरौली भेजा गया है। 127 राज्य पुलिस सेवा अधिकारियों के भी तबादले IPS अधिकारियों के साथ राज्य पुलिस सेवा के 127 अधिकारियों की पदस्थापना में भी बदलाव किया गया है। इनमें पुलिस मुख्यालय, जिलों और नगरीय पुलिस इकाइयों में विभिन्न पदों पर तैनात अधिकारी शामिल हैं। इसी क्रम में रजनीश काश्यप को सहायक पुलिस आयुक्त मिसरोद से स्थानांतरित कर उप पुलिस अधीक्षक, पुलिस मुख्यालय पदस्थ किया गया है।  

बिहार के दो नए औद्योगिक पार्कों में 95 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार, 20 हजार करोड़ निवेश

मुजफ्फरपुर दरभंगा और मुजफ्फरपुर में विकसित हो रहे दो नए औद्योगिक पार्क में 95 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। रोजगार यहां स्थापित होने वाली इकाइयों में मिलेगा। औद्योगिक पार्क विकसित करने के लिए डीपीआर तैयार कर ली गई है। केंद्र सरकार की भारत औद्योगिक विकास योजना (भाव्या) के तहत बिहार सरकार ने इसका प्रस्ताव किया है। इसकी डीपीआर और मास्टर प्लान सहित निवेश-रोजगार का पूरा ब्योरा केंद्र सरकार को भेज दिया गया है। दरभंगा में विकसित हो रहे औद्योगिक पार्क में 32 हजार 900 और मुजफ्फरपुर में 59 हजार 600 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। यहां बीस हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्रस्तावित है। दोनों औद्योगिक पार्क में प्लग एंड प्ले योजना के तहत औद्योगिक इकाइयों को भूमि आवंटित की जानी है। दरभंगा के बहादुरपुर और हनुमान नगर प्रखंड में 385 एकड़ और मुजफ्फरपुर के पारू में 700 एकड़ में औद्योगिक पार्क विकसित हो रहा है। दोनों जगह भूमि अधिग्रहण का काम चल रहा है। दरभंगा के बहादुरपुर और हनुमान नगर के तरलाही, मोटनाजा, बिहारीमुकुंद, अम्माडीह में औद्योगिक पार्क के लिए जमीन ली जाएगी। वहीं, मुजफ्फरपुर के पारू में चानपुर-चिहुटहा, भोजपट्टी, चतुर्पट्टी, विष्णुपुर-सरैया में जमीन ली जाएगी। दरभंगा में भूमि अधिग्रहण पर 601 करोड़ और मुजफ्फरपुर में 474.55 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। डीपीआर के अनुसार दोनों औद्योगिक इकाइयों में मिश्रित श्रेणी के उद्योग लगेंगे। प्लग एंड प्ले योजना के तहत स्थापित होने वाली इकाइयों में 6000 से 8100 करोड़ रुपये के बीच निवेश प्रस्तावित है। वहीं, मुजफ्फरपुर में 11 हजार करोड़ से 13500 करोड़ रुपये निवेश प्रस्तावित है। दोनों औद्योगिक पार्क में प्रशिक्षण केंद्र भी होंगे। साथ ही उत्पादों की टेस्टिंग के लिए भी सेंटर की स्थापना की जाएगी। ● दोनों औद्योगिक पार्क की डीपीआर तैयार, मिश्रित उद्योग लगेंगे ● दरभंगा में 385 और मुजफ्फरपुर में 700 एकड़ में बनेगा पार्क ● भारत औद्योगिक विकास योजना के तहत किया जाना है विकसित