samacharsecretary.com

बिना भेदभाव विकास ही असली सेकुलरिज्म, योजनाओं को लेकर पीएम का बड़ा संदेश

लखनऊ  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रेरणा स्थल का लोकार्पण करने के बाद कहा कि बिना भेदभाव सभी को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। यही असली सेकुलरिज्म है। राजधानी लखनऊ में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के मौके पर पीएम मोदी ने यहां बनी तीन विभूतियों पूर्व पीएम भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीन दयाल उपाध्याय की कांस्य की भव्य प्रतिमाओं का अनावरण किया। प्रतिमाओं पर पुष्प डालकर श्रद्धांजलि अर्पित की। मूर्तियों का अनावरण करने के बाद पीएम मोदी भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद म्यूजियम पहुंचे। यहां तीनों महापुरुषों के जीवन पर केंद्रित चलचित्र को देखा। मंच पर पीएम मोदी के पहुंचते ही वंदेमातरम से स्वागत किया गया। सीएम योगी ने अटल जी की मूर्ति देकर पीएम मोदी का अभिनंदन किया। पीएम मोदी के साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, यूपी भाजपा के अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी के साथ ही दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। यहां से मंच पर पहुंचे और प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने कहा कि यूपी में सुहेलदेव का स्मारक तब बना जब भाजपा की सरकार बनीं। राजा महेंद्र प्रताप सिंह से लेकर चौरीचौरा के शहीदों को भाजपा की सरकार ने ही पूरी श्रद्धा से याद किया। परिवारवादियों की सरकार की विशेष पहचान होती है। दूसरो की लकीर छोटी करने की सोच ने ही भारत में राजनीति को दूषित किया है। कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने भाजपा को अछूत बनाए रखा लेकिन हमने सभी का सम्मान करना सिखाते हैं। पिछले 11 वर्षों में नरसिंहराव और प्रणव बाबू को भारत रत्न दिया गया। यह हमारी सरकार है जिसने मुलायम सिंह और तरुण गोगोई जैसे नेताओं को सम्मान दिया है। यहां सपा से कोई ऐसा उम्मीद भी नही कर सकता है। इनके राज में भाजपा नेताओं को केवल अपमान ही मिलता था। पीएम मोदी ने कहा कि हमें नहीं भूलना चाहिए कि आजादी के बाद कैसे एक ही परिवार के गुणगान की परंपरा चली है। एक ही परिवार की मूर्तियां, एक ही परिवार की किताब बनाई गई। आज हमारी सरकार हर किसी को सम्मान दे रही है। आज नेताजी की प्रतिमा दिल्ली में है। दिल्ली में कांग्रेस के शाही परिवार ने अपमान किया। यही काम सपा ने यहां किया। भाजपा ने आंबेडकर की विरासत को मिटने नहीं दिया। आजादी के बाद से ही सरदार पटेल के कद को छोटा करने का काम किया। भाजपा ने सरदार पटेल की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा बनाई। पीएम मोदी ने कहा कि यूपी एक्सप्रेसवे के रूप में पहचान बना रहा है। अटल जी ने ही दिल्ली में मेट्रो की शुरुआत की थी। आज मेट्रो देशभर में फैल रहा है। अटल जी, दीनदयाल, श्यामा प्रसाद की प्रेरणा विकसित भारत का बहुत बड़ा आधार है। इन्ही प्रतिमाएं हमें उर्जा दे रही हैं। पीएम मोदी ने कहा कि बिना भेदभाव सभी को पक्का घाट, बिजली, शौचालय, गैस मिल रहा है। यही असली सेकुलरिज्म है। करोड़ों भारतीयों ने गरीबी को हराया है। यह इसलिए संभव हुआ क्योंकि भाजपा सरकार ने जो पीछे छूट गया था, उसे प्राथमिकता दी है। जो अंतिम पंक्ति में था, उसे प्राथमिकता दी है। पहले 25 करोड़ समाजिक सुरक्षा में थे और 85 करोड़ को लाभ मिल रहा है। पहले बैंक खाते कुछ ही लोगों के होते थे। उसी तरह बीमा भी कुछ ही लोगों को मिलता था। हमारी सरकार ने अंतिम व्यक्ति तक बीमा पहुंचाया गया है। आज इस स्कीम से 25 करोड़ से ज्यादा गरीब जुड़े हैं। पीएम मोदी ने कहा कि डॉक्टर मुखर्जी ने ही दो विधान… को खारिज किया था। जम्मू कश्मीर में यह व्यवस्था भारत की अखंडता के लिए चुनौती थी। हमारी सरकार को धारा 370 की दीवार को गिराने का सौभाग्य मिला। स्वतंत्र भारत के पहले उद्योग मंत्री के रूप मे भारत को औद्योगिक नीति दी। उसी नीति को हम नई बुलंदी दे रहे हैं। मेड इन इंडिया का सामान पूरी दुनिया में पहुंच रहा है। एक तरफ एक जनपद एक उत्पाद का अभियान चल रहा है। छोटी-छोटी इकाइयों का सामार्थ्य बढ़ रहा है। दूसरी तरफ डिफेंस कॉरिडोर के द्वारा आत्मसम्मान बढ़ रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि यहां पर पहले कूड़े का ढेर जमा था। उसे खत्म करने वालों को बहुत बहुत बधाई देता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि यह राष्ट्र प्रेरणा स्थल संदेश देता है कि हमारा हर प्रयास राष्ट्र निर्माण के लिए सम्मिलित है। सभी का प्रयास ही विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करेगा। पीएम मोदी ने कहा कि यह राष्ट्र प्रेरणा स्थल उस सोच का प्रतीक है जिसने भारत को आत्म सम्मान, एकता और सेवा का मार्ग दिखाया है। डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय जी और अटल जी की प्रतिमाएं जितनी ऊंची हैं, उससे मिलने वाली प्रेरणा उससे भी ऊंची हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन अटल बिहारी वाजपेयी और महामना मदन मोहन मालवीय की जयंती का अद्भुत संयोग लेकर आता है। दोनों ने राष्ट्र सेवा में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। आज ही महाराजा बिजली पासी की भी जन्म जयंती है। लखनऊ का प्रसिद्ध बिजली पासी ने वीरता और सुशासन की जो विरासत छोड़ी उसे हमारे पासी समाज ने गौरव केसाथ आगे बढ़ाया। यह भी संयोग है कि अटल जी ने ही महाराजा बिजली पासी के सम्मान में डाक टिकट जारी किया था। पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरूआत तीन बात भारत माता की जय के साथ की। उन्होंने कहा कि यह लखनऊ की धरती नई प्रेरणा की साक्षी बन रही है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने लोगों को क्रिसमस की बधाई भी दी। कहा कि क्रिसमस का उत्सव सभी के जीवन में खुशियां लाए, यह सभी की कामना है।

क्रिसमस से पहले मैग्नेटो मॉल में हंगामा, भीड़ ने सजावट को पहुंचाया नुकसान

रायपुर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मैग्नेटो मॉल में बुधवार को एक चौंकाने वाली घटना हुई। लाठी-डंडों से लैस करीब 80-90 लोगों की भीड़ मॉल में घुस आई और क्रिसमस की सजावट को तहस-नहस कर दिया। यह घटना उस दिन हुई जब राज्य में धार्मिक रूपांतरण के आरोपों के खिलाफ बंद का आह्वान किया गया था। भीड़ ने नहीं मानी सुरक्षा गार्ड्स की रोक खबर के मुताबिक, भीड़ ने क्रिसमस ट्री, लाइट्स और अन्य सजावट को तोड़ दिया। सुरक्षा गार्ड्स ने रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन वे असफल रहे। मॉल के एक कर्मचारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, 'हम पिछले 16 साल से हर बंद का समर्थन करते आए हैं, लेकिन ऐसा व्यवहार कभी नहीं देखा। भीड़ ने हमें धमकाया और हिंसा की।' एक अन्य कर्मचारी ने बताया, 'कई महिलाएं रोने लगीं। जो भी रोकने की कोशिश करता, भीड़ उस पर टूट पड़ती। लोग बार-बार चिल्ला रहे थे कि वे सांता नहीं देखना चाहते। फिल्म देखने आए दर्शक डरकर भागने लगे।' बंद की वजह सरवा हिंदू समाज ने कथित धार्मिक रूपांतरण के खिलाफ राज्यव्यापी बंद बुलाया था। इसका मुख्य कारण कांकेर जिले के बड़ेतेवड़ा गांव में हुआ विवाद था। 16 दिसंबर को गांव के सरपंच राजमन सलाम ने अपने पिता का शव ईसाई रीति से अपनी निजी जमीन पर दफनाया। इससे नाराज भीड़ ने प्रेयर हॉल में तोड़फोड़ की और सामान जला दिया। 18 दिसंबर को दो समुदायों में झड़प हुई। पत्थरबाजी में 20 से ज्यादा पुलिसकर्मी सहित कई लोग घायल हो गए। बाद में कानूनी प्रक्रिया से शव निकालकर कब्रिस्तान में दफनाया गया। इस घटना ने पूरे राज्य में तनाव बढ़ा दिया। राज्य में बंद का मिला-जुला असर बंद को शहरों में अच्छा समर्थन मिला। रायपुर सहित कई शहरी इलाकों में दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में इसका असर कम रहा। कुछ जगहों पर तोड़फोड़ की छिटपुट घटनाएं हुईं, लेकिन ज्यादातर इलाकों में शांति बनी रही।  

ग्राम पंचायत बना डोबड़ा, विकास रथ पर सवार मंत्री मदन दिलावर का 51 फीट साफा और फूलों की बारिश से स्वागत

रामगंजमंडी (कोटा) राजस्थान की भाजपा सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का विकास रथ लेकर गांव-गांव घूम रहे मदन दिलावर ने आज रथ यात्रा के कारवें की शुरुआत नवगठित ग्राम पंचायत डोबड़ा से की | ग्राम पंचायत बनने के बाद पहली बार डोबड़ा गांव पहुंचे शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर का ग्राम वासियों ने जबरदस्त स्वागत किया| ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और गुलाब की पंखुड़ियों की पुष्प वर्षा कर पूरे गांव में दिलावर के विकास रथ को घुमाया गया| सभा स्थल पर पहुंचने पर मंच पर ग्रामीणों ने 51 फीट लंबा साफा पहनकर दिलावर के प्रति कृतज्ञ और आभार प्रकट किया| गांव के युवाओं की ओर से दिलावर को 51 किलो पुष्प से बना भारी भरकम हार पहनाया गया| कार्यक्रम में स्वागत भाषण करते हुए भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश महामंत्री मोतीलाल मीणा से की मुलाकात है इसी गांव के रहने वाले हैं ने डोबड़ा गांव को ग्राम पंचायत बनाए जाने पर पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि कि हमारे विधायक और राजस्थान सरकार के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री के कारण ही ग्राम डोबड़ा आज पंचायत बन गया है| हम सब इस गांव के निवासी मदन दिलावर के सदैव ऋणी रहेंगे| भाजपा नेता मोतीलाल मीणा ने एक-एक कर मदन दिलावर द्वारा दो वर्षों में गांव के विकास के लिए कराए गए कामों को गिनाया| मोतीलाल मीणा ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस गांव से हमेशा भारतीय जनता पार्टी चुनाव हारती है उसके बावजूद विधायक और सरकार के मंत्री मदन दिलावर ने जितना दिल खोलकर विकास का काम किया है उतना कोई नेता नहीं कर सकता| गांव के लोगों को यह सोचना चाहिए केवल बीजेपी के नेता और सरकार ही है जो लगातार उनका भला कर रही है| शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि डोबड़ा वासियों को बधाई देता हूं अब आपका गांव ग्राम पंचायत बन गया है| अब आपको अपने कामों के लिए ग्राम पंचायत कालिया खेड़ी नहीं जाना पड़ेगा| सरपंच भी आपका अपना होगा और विकास अधिकारी भी अब यही बैठेगा तो आपके सारे काम यही गांव में ही हो जाएंगे| मदन दिलावर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आपकी ग्राम पंचायत में 750 परिवारों को निःशुल्क खाद्य सुरक्षा योजना का गेहूं देते हैं और 850 लोगों को 1250 रूपये पेंशन हर महीने मिलती है| मदन दिलावर ने कालिया खेड़ी से डोबड़ा तक सड़क निर्माण से लेकर गांव में इंटरलॉकिंग, श्मशान घाट का विकास, स्कूल में मरम्मत के कार्य,सामुदायिक भवन में निर्माण सहित 2 वर्षों में गांव में कराए गए विकास कार्यों की सूची बताई| विकास रथ यात्रा के साथ भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश महामंत्री मोतीलाल मीणा,कोटा जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, मंडाना मंडल भाजपा अध्यक्ष नंदलाल मेघवाल, युवा मोर्चा के देहात जिला अध्यक्ष युधिष्ठिर खटाना, ग्राम पंचायत कालिया खेड़ी की सरपंच बजरंगी भाई मीणा,पूर्व मंडल अध्यक्ष जगदीश हाडा पूर्व मंडल अध्यक्ष हुकम चंद शर्मा,पूर्व मंडल महामंत्री तेजस शर्मा, दरा के सरपंच रामगोपाल सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता और नेता शामिल थे |  

बसपा परिवार में खुशियों की बहार: आकाश आनंद के घर नन्हीं परी का आगमन, मायावती ने दी बधाई

लखनऊ  बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के परिवार से एक खुशखबरी सामने आई है। बसपा के राष्ट्रीय संयोजक और मायावती के भतीजे आकाश आनंद के घर बच्ची के रूप में एक नई सदस्य का आगमन हुआ है। मायावती ने सोशल मीडिया के जरिए खुद ही इस बात की जानकारी दी है। वहीं, इस खबर के बाद बसपा समर्थकों और परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है। मायावती ने सोशल मीडिया एक्स लिखा, "बसपा के राष्ट्रीय संयोज आकाश आनन्द को पुत्री के रूप में परिवार में नई सदस्य की प्राप्ति पर सभी लोगों में खुशी की लहर है। उनके लिए इससे भी ज़्यादा हर्ष व गौरव की बातयह है कि श्री आकाश ने अपनी बेटी को माननीय बहनजी की तरह ही बहुजन समाज के मिशन के प्रति समर्पित करने के लिये तैयार करने की इच्छा व्यक्त की है, जिसका भरपूर स्वाग है। मां और बेटी दोनों पूरी तरह से स्वस्थ हैं।" बांग्लादेश में हुई हिंसा पर जताई चिंता मायावती ने एक अन्य पोस्ट में बांग्लादेश में हुई हिस्सा पर चिंता जताई। उन्होंने एक्स (ट्विटर) पर लिखा, "अपने पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिन्दू अल्पसंख्यकों के जान, माल व मज़हब को जिस प्रकार से साम्प्रदायिक हिंसा का शिकार बनाकर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। उससे अपने देश में ही नहीं बल्कि अन्यत्र भी चिन्ता की लहर है। अभी हाल ही में वहां एक दलित युवक की जिस प्रकार से नृशंस हत्या की गयी है। उसको लेकर भारत भर में लोगों का सड़कों पर फूटा आक्रोश स्वाभाविक है, जिसका भारत सरकार को तुरन्त समुचित संज्ञान लेकर आगे हर स्तर पर कुछ और भी अधिक सक्रिय भूमिका निभाने की देश को आशा है और यही समय की मांग भी लगती है।" बसपा सुप्रीमो ने आगे लिखा, “वैसे तो अपने देश में भी ख़ासकर दलितों व आदिवासियों पर सदियों से होने वाली जातिवादी द्वेष, जुल्म-ज़्यादती, शोषण व तिरस्कार आदि रुका नहीं है बल्कि हर स्तर पर लगातार जारी है तथा उनकी सुरक्षा को लेकर बने क़ानूनों को एक प्रकार से निष्क्रिय ही बना दिया गया है, किन्तु पड़ोसी देश बांग्लादेश में इसी प्रकार की होने वाली जुल्म-ज्यादती कोई कम गंभीर बात नहीं है बल्कि यह अति-दुखद व चिन्ता की बात है। साथ ही, पड़ोसी देशों में अल्पसंख्यकों की दयनीय स्थिति को लेकर ख़ासकर देश में लोगों की चिंताएं लगातार बनी रहती हैं और इस मामले में सरकार अपनी भूमिका भी निभाने का प्रयास करती रहती है, किन्तु हाल के दिनों में बांग्लादेश में जिस प्रकार से भारत व हिन्दू विरोधी घटनायें घटित हो रही हैं। उसको लेकर केन्द्र सरकार को लोगों की अपेक्षा के अनुसार और भी अधिक सक्रियता एवं प्रभावी कदम उठाने की ज़रूरत लग रही है जिसको लेकर जनता का समर्थन अवश्य ही सरकार के साथ होगा।”  

ठिठुरन बढ़ेगी! छत्तीसगढ़ में 3 दिन में लुढ़केगा पारा, उत्तर-मध्य हिस्सों में शीतलहर का असर

रायपुर छत्तीसगढ़ में ठंड का असर लगातार बना हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर चली. अगले 3 दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक हल्की गिरावट होने और उत्तर-मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है. बीते दिन ऐसा रहा प्रदेश का मौसम मौसम विभाग के अनुसार दुर्ग जिले के एक–दो स्थानों पर शीतलहर चली है. प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ. रायपुर का तापमान सामान्य के आसपास राजधानी रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है. वहीं न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है. शहर में दिन के समय हल्के बादल और शाम के समय ठंडक महसूस की गई. हवा की औसत गति 2 किमी प्रति घंटा रही. रायपुर में ऐसा रहेगा मौसम मौसम विभाग ने बताया कि 25 दिसंबर को रायपुर शहर में कुहासा छाए रहने की संभावना है. इस दिन अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने लोगों को ठंड को देखते हुए सावधानी बरतने और आवश्यक एहतियात अपनाने की सलाह दी है. प्रदेश में मौसम शुष्क, बारिश के आसार नहीं मौसम विभाग ने बताया कि पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई. अगले एक से दो दिनों तक भी प्रदेश में सूखा मौसम बने रहने की संभावना है.

पंजाब में हरियाली की रक्षा का आदेश, हाई कोर्ट ने बिना इजाज़त पेड़ कटाई पर लगाया प्रतिबंध

चंडीगढ़  पंजाब में अब पेड़ काटना आसान नहीं होगा। पूरे पंजाब में कहीं भी पेड़ काटने से पहले अब कोर्ट की विशेष परमिशन लेनी होगी। पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि केस में अगली सुनवाई या विशेष अनुमति के बिना पूरे राज्य में कोई पेड़ नहीं काटा जाएगा। दरअसल, मोहाली की एयरपोर्ट रोड पर सरकार ने 250 पेड़ों को काटने का फैसला लिया था। मामले में मोहाली निवासी शुभम सेखों ने पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर की। याचिका में आरोप लगाया गया कि विकास योजनाओं के नाम पर पेड़ काटने का फैसला बिना मानकों को ध्यान में रखकर लिया गया है।   मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर तलब किया। कोर्ट ने सरकार ने पूछा कि विकास के लिए इन पेड़ों के कटाई के लिए क्या रिसर्च या वैधानिक परमिशन ली गई थी। मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने प्रदेशभर में पेड़ न काटने का फैसला सुनाया। मामले की अगली सुनवाई पर पंजाब सरकार विस्तार से अपना पक्ष रखेगी। हाई कोर्ट का फैसला इसलिए ज्यादा अहम है क्योंकि अरावली पर्वत श्रंखला पर पूरे देश में विवाद चल रहा है। सोशल मीडिया से लेकर जमीनी तक लोग भारी संख्या में विरोध में उतर आए। सुप्रीम कोर्ट के फैसले और केंद्र सरकार की सिफारिश पर काफी विरोध चल रहा है। इससे लोगों में पर्यावरण को लेकर काफी जागरुकता देखी जा रही है। ऐसे में पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट का इस फैसले ने लोगों की ध्यान आकर्षित किया है।  

कोरबा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे डीआरएम, धीमे कामकाज पर अधिकारियों को लगाई फटकार

कोरबा रेलवे स्टेशन कोरबा में यार्ड री-मॉडलिंग का काम शुरू करने की प्रक्रिया एक साल से जारी है। मानिकपुर कोल साइडिंग व इमलीड्रङ्ग्गू रेलवे फाटक पर बनने वाला ओवरब्रिज यार्ड विस्तार में बड़ा बाधक है। यह काम तीन माह चलेगा। विसंगतियों से हम कैसे निपटेंगे, ताकि उसका कोई नुकसान रेलवे और यात्रियों को न हो, इसको ध्यान में रखना होगा। ऐसी छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखते हुए हम यार्ड री-मॉडलिंग के काम में तेजी कैसे ला सकते हैं, यह देखना होगा। यह बातें बुधवार को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राकेश रंजन ने कहीं। वे पदभार संभालने के दूसरे ही दिन कोरबा प्रवास पर पहुंचे थे। उन्होंने इमलीडुग्गू रेलवे फाटक के समीप यार्ड री-मॉडलिंग के लिए बनाए गए मैप प्लान को देखने के बाद इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते कोल डिस्पैच के दबाव से राहत पाने क्या प्रयास किए जा सकते हैं, यह सोचना सभी की जिम्मेदारी है। स्टेशन में क्रू लॉबी का निरीक्षण करने के दौरान रनिंग स्टाफ क्रू लॉबी में स्टाफ से चर्चा किया चर्चा कर परेशानियों को जाना।  उन्हें ड्यूटी इमानदारी का सजगता के साथ निभाने को कहा। डीआरएम रंजन ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशन पर चल रहे कामों की धीमी गति पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने प्लेटफार्म पर चल रहे काम का जायजा लिया। अधूरे एफओबी, पुराने एआरएम रूम के पास सेफ्टीवॉल की कमी, प्लेटफार्म पर बिखरी निर्माण सामग्री को व्यवस्थित करने और अधूरे कामों को जल्द पूरा करने कहा। डीआरएम रंजन गेवरारोड स्टेशन भी गए। यहां स्टेशन परिसर के साथ कोल साइडिंग को देखा। गेवरारोड स्टेशन के संभावित विस्तार कार्यों की जानकारी ली। पेंड्रारोड रेल कॉरिडोर की लाइन से जुड़ने की योजना के तहत लाइन विस्तार और यार्ड को नए सिरे से विकसित करने के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की। निरीक्षण कर शाम 4 बजे बिलासपुर लौट गए। डीआरएम के प्रवास पर रेल संघर्ष समिति कोरबा के संयोजक रामकिशन अग्रवाल ने कहा कि नए डीआरएम रंजन पहली बार कोरबा आए। उनके प्रवास की योजना अधिकारियों ने पहले से ही बना रखी थी, जिसे गोपनीय रखकर यात्रियों के हितों को दरकिनार किया गया। समिति का प्रतिनिधि मंडल उनसे मिलकर यात्री समस्याओं पर चर्चा कर सुझाव देना चाहता था।

300 रुपये के लिए चली गोली! बिहार में बदमाशों का कहर, दुकानदार से 10 हजार लूटे

बाढ़ बाढ़ अनुमंडल के पंडारक थाना क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ गया है कि मात्र 300 रुपये मांगने पर किराना दुकानदार को गंभीर चोटें आई हैं। ताजा मामला लेमुआबाद गांव का है, जहां तीन बदमाशों ने एक जनरल स्टोर संचालक पर गोली चला दी। जानकारी के अनुसार, लेमुआबाद गांव निवासी जवाहर साह अपनी जनरल स्टोर की दुकान पर बैठे थे। तभी तीन युवक दुकान में आए और कुछ सामान खरीदा। सामान की कुल कीमत 300 रुपये थी। जब दुकानदार ने पैसे माँगे, तो बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए भुगतान से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने हथियार निकालकर दुकानदार पर फायरिंग कर दी। गोली जवाहर साह के हाथ में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक अपराधी फरार हो चुके थे। परिजनों और ग्रामीणों ने घायल दुकानदार को तुरंत बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल दुकानदार ने बताया कि उसके काउंटर में रखे दस हजार रुपये भी अपराधियों ने लूट लिए। घटना के बारे में मुखिया प्रतिनिधि सुमित कुमार ने बताया कि वह दुकान के पास खड़े थे। उन्होंने कहा कि तीन युवक दुकान से सामान खरीदने आए और तीन सौ रुपये के सामान का भुगतान मांगने पर दुकानदार को गोली मार दी। साथ ही काउंटर में रखे रुपए लूट लिए। उन्होंने कहा कि एक आरोपी की पहचान हो चुकी है। थाना अध्यक्ष नवनीत राय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तीन युवक दुकान में आए और तीन सौ रुपये के उधार सामान लेने के बाद दुकानदार पर गोली चलाई गई। सभी आरोपी गांव के ही निवासी हैं और उनकी पहचान की जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। हमलावरों की तलाश जारी है।  

मासूम के लिए वरदान बनी एयर एंबुलेंस: रीवा से भोपाल AIIMS तक मिनटों में पहुंचाई बच्ची

रीवा   विंध्य क्षेत्र में शुरू की गई एयर एंबुलेंस सेवा लगातार जिंदगियां बचाने में अहम अपनी भूमिका निभा रही है. हाली ही में रीवा से एक बार फिर एयर एंबुलेंस ने समय रहते एक मासूम की जान बचाने का काम किया है. मऊगंज निवासी 6 साल की बच्ची गंभीर लीवर फेल्योर की समस्या से पीड़ित थी और उसकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी. बच्ची को तत्काल उच्च स्तरीय इलाज की आवश्यकता थी, जिसके बाद स्थानीय डॉक्टरों ने उसे भोपाल एम्स रेफर कर दिया. इसके बाद बच्चे के लिए पीएम श्री एयर एंबुलेंस बुधवार को रीवा पहुंची और उसे तत्काल एयर लिफ्ट कर भोपाल एम्स मे भर्ती कराया गया. बिना समय गंवाए मंगाई गई एयर एंबुलेंस मऊगंज निवासी रोहित दुबे की 6 वर्षीय बच्ची अनवी दुबे को बीते दिनों संजय गांधी अस्पताल में एडमिट कराया गया था. डॉक्टर्स ने पाया कि बच्ची का लिवर फेल होने की स्थिति में आ गया है और बिना समय गंवाए उसे भोपाल एम्स भेजना होगा. रीवा के डॉक्टर्स ने परिवार की सहमति ली, जिसके बाद बिना समय गंवाए एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई. मेडिकल टीम की निगरानी में बच्ची को सुरक्षित रूप से रीवा हॉस्पिटल से डॉ. अभिनव अवस्थी और 108 एम्बुलेंस चालक आजाद शाह सावधानी के साथ रीवा एयरपोर्ट ले गए. यहां एयर एम्बुलेंस पहुंचते ही बच्ची को एयर लिफ्ट कर भोपाल के एम्स हॉस्पिटल ले जाया गया. संजय गांधी हॉस्पिटल के अधीक्षक राहुल मिश्रा ने बताया, " मऊगंज निवासी 6 वर्षीय अनवी दुबे को लिवर फेलियर हुआ था. दो दिनों तक उसका इलाज संजय गांधी हॉस्पिटल में हुआ, जिसके बाद गंभीर अवस्था होने पर बच्ची उसे स्पेशल ट्रीटमेंट देने की जरूरत थी. इसके लिए डिप्टी सीएम के निर्देश से कलेक्टर प्रतिभा पाल और मेडिकल कॉलेज के डीन सुनील अग्रवाल की सहमति के बाद एयर एम्बुलेंस बुलवाई गई और बच्ची को एयर लिफ्ट करके भोपाल एम्स हॉस्पिटल मे इलाज के लिए रेफर किया.'' बच्ची के परिजनों ने शासन और प्रशासन का जताया आभार डॉक्टर्स के मुताबिक भोपाल के एम्स हॉस्पिटल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा बच्ची का इलाज शुरू कर दिया गया है.चिकित्सकों का कहना है कि ऐसे गंभीर मामलों में समय पर एयर एंबुलेंस की सुविधा मिलना जीवन रक्षक साबित होता है. वहीं, परिजनों ने इस त्वरित और संवेदनशील व्यवस्था के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला के साथ ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया है.

कड़ाके की सर्दी ने बढ़ाई परेशानी, राजस्थान में पारा 7 डिग्री तक गिरा

जयपुर उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर खत्म होते ही राजस्थान में एक बार फिर उत्तरी हवाएं सक्रिय हो गई हैं। बुधवार को सर्द हवाओं के चलते प्रदेश में तापमान में 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। सीकर, फतेहपुर और माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया, जबकि शेखावाटी क्षेत्र में कड़ाके की ठंड के कारण ओस की बूंदें जम गईं। मौसम विभाग ने चूरू, झुंझुनूं, सीकर और नागौर जिलों के लिए अगले दो दिनों तक कोल्ड-वेव की चेतावनी जारी की है। हालांकि बुधवार को घने कोहरे से राहत रही और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहा, जिससे दिन में तेज धूप खिली। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, पिछले 24 घंटे में फतेहपुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री दर्ज हुआ। नागौर में 3.4, माउंट आबू में 4 और सीकर में 5 डिग्री तापमान रहा। वहीं सिरोही में बुधवार को प्रदेश का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान केवल 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा और सर्द हवाओं के चलते ठंड का असर बना रहेगा। अगले दो दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक और गिरावट आने की संभावना है। प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान (24 दिसंबर): अजमेर अधिकतम 24.3 व न्यूनतम 12.2 डिग्री, भीलवाड़ा अधिकतम 24.4 व न्यूनतम 10.5, अलवर अधिकतम 22 व न्यूनतम 8.6, जयपुर अधिकतम 22.3 व न्यूनतम 11, पिलानी अधिकतम 24.8 व न्यूनतम 7.2, सीकर अधिकतम 20.5 व न्यूनतम 5, कोटा अधिकतम 23.3 व न्यूनतम 12.2, चित्तौड़गढ़ अधिकतम 27 व न्यूनतम 11.6, उदयपुर अधिकतम 25 व न्यूनतम 11.6, बाड़मेर अधिकतम 27.9 व न्यूनतम 13, जैसलमेर अधिकतम 25.4 व न्यूनतम 8.8, जोधपुर अधिकतम 25.7 व न्यूनतम 11.5, बीकानेर अधिकतम 23.8 व न्यूनतम 8.8, चूरू अधिकतम 23.6 व न्यूनतम 5.8, श्रीगंगानगर अधिकतम 23.5 व न्यूनतम 10.3, नागौर अधिकतम 24.4 व न्यूनतम 3.4, बारां अधिकतम 22.6 व न्यूनतम 10.5, जालोर अधिकतम 25.7 व न्यूनतम 12.8, सिरोही अधिकतम 19.5 व न्यूनतम 9.3, फतेहपुर अधिकतम 22.6 व न्यूनतम 2.6, करौली अधिकतम 22.7 व न्यूनतम 6.9, दौसा अधिकतम 23.8 व न्यूनतम 8.1, प्रतापगढ़ अधिकतम 25.3 व न्यूनतम 14.1, झुंझुनूं अधिकतम 22.8 व न्यूनतम 6.8, पाली अधिकतम 24.9 व न्यूनतम 6.8 डिग्री सेल्सियस।